17 April 2026 Current Affairs -GurugGkwala

13–16 minutes


1. प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने कर्नाटक के मांड्या में श्री क्षेत्र आदिचुंचनगिरि में श्री गुरु भैरवैक्य मंदिर का शुभारंभ किया

प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी ने कर्नाटक के मांड्या जिले के श्री क्षेत्र आदिचुंचनगिरि में श्री गुरु भैरवैक्य मंदिर का शुभारंभ किया। गुरु भैरवैक्य मंदिर का निर्माण श्री श्री श्री डॉ. बालगंगाधरनाथ महास्वामीजी की स्मृति में किया गया है, जो आदिचुंचनगिरी मठ के 71वें पीठाधीश्वर थे। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य और समाज सेवा के क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किए। यह स्मारक उनके योगदान को सम्मान देने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बनेगा। यह मंदिर पारंपरिक द्रविड़ वास्तुकला शैली में निर्मित किया गया है, जो भारत की प्राचीन मंदिर निर्माण परंपरा को दर्शाता है। इसकी संरचना में आध्यात्मिक प्रतीकों और कलात्मक शिल्प का सुंदर समन्वय देखने को मिलता है। यह स्थान न केवल श्रद्धालुओं के लिए आस्था का केंद्र होगा, बल्कि शोधकर्ताओं और पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बनने की संभावना है।

2. प्रधानमंत्री मोदी, ऑस्ट्रिया चांसलर डॉ. स्टॉकर के बीच वार्ता, कई समझौतों का आदान-प्रदान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली में ऑस्ट्रिया के चांसलर डॉक्टर क्रिश्चियन स्टॉकर से बातचीत की। इस दौरान, दोनों देशों ने खाद्य सुरक्षा पर एक समझौता ज्ञापन और सैन्य मामलों में सहयोग तथा आतंकवाद विरोधी संयुक्त कार्य समूह पर आशय पत्रों सहित कई समझौतों और दस्तावेजों का आदान-प्रदान किया। संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में श्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत और ऑस्ट्रिया अवसंरचना, नवाचार और स्थिरता के क्षेत्र में विश्वसनीय साझेदार रहे हैं। उन्होंने इस बात पर भी खुशी व्यक्त की कि श्री स्टॉकर ने यूरोप के बाहर अपनी पहली विदेश यात्रा के लिए भारत को चुना। श्री मोदी ने कहा कि यह श्री स्टॉकर की दूरदृष्टि और भारत-ऑस्ट्रिया संबंधों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने यह भी कहा कि श्री स्टॉकर की यह यात्रा दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश को बढ़ावा देगी। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत, अपनी गति और व्यापकता के साथ, ऑस्ट्रिया की विशेषज्ञता का संयोजन करके विश्व के लिए विश्वसनीय प्रौद्योगिकी सुनिश्चित करेगा। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि भारत की प्रतिभा ऑस्ट्रिया के नवाचार और उत्पादकता को बढ़ावा देने में सक्षम है। श्री मोदी ने कहा कि दोनों देशों के बीच युवा आदान-प्रदान को बढ़ावा देने के लिए भारत-ऑस्ट्रिया वर्किंग हॉलिडे प्रोग्राम भी शुरू किया जा रहा है। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि दोनों देश रक्षा, सेमीकंडक्टर, क्वांटम और जैव प्रौद्योगिकी सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी साझेदारी को मजबूत करेंगे।

3. इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने एआई गवर्नेंस एंड इकोनॉमिक ग्रुप का किया गठन

इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने एआई गवर्नेंस एंड इकोनॉमिक ग्रुप का गठन किया है। यह एक उच्च स्तरीय अंतर-मंत्रालयी निकाय है और एआईजी गवर्नेंस नीति विकास तथा समन्वय के लिए देश के केंद्रीय संस्थागत तंत्र के रूप में कार्य करेगा। इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव इस निकाय की अध्यक्षता करेंगे जबकि राज्य मंत्री जितिन प्रसाद उपाध्यक्ष के रूप में कार्य करेंगे। मंत्रालय ने बताया कि यह ग्रुप भारत के एआई गवर्नेंस संस्थागत ढांचे के भीतर सर्वोच्च अंतर-मंत्रालयी निकाय के रूप में कार्य करेगा।

4. धोलेरा में बनेगा भारत का पहला चिप प्लांट, केंद्र ने एसईजेड को दी मंजूरी

केंद्र सरकार ने गुजरात के धोलेरा में भारत का पहला चिप निर्माण संयंत्र स्थापित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने टाटा सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग प्राइवेट लिमिटेड द्वारा प्रस्तावित विशेष आर्थिक क्षेत्र (एसईजेड) को अधिसूचित कर मंजूरी दे दी है। इस संबंध में वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने गुरुवार को जानकारी दी। मंत्रालय के अनुसार, यह एसईजेड करीब 66.166 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित किया जाएगा। इस परियोजना से लगभग 21,000 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। यह संयंत्र इलेक्ट्रॉनिक हार्डवेयर, सॉफ्टवेयर और आईटी/आईटीईएस सेवाओं को समर्थन देगा और इसमें आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ आसान लॉजिस्टिक्स व्यवस्था भी विकसित की जाएगी। यह परियोजना देश का पहला सेमीकंडक्टर फैब्रिकेशन (चिप निर्माण) प्लांट होगी, जो भारत को वैश्विक इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माण के क्षेत्र में नई पहचान दिला सकती है।

5. विदेश मंत्रालय के सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज ने पुर्तगाल के स्वतंत्रता दिवस व संविधान की 50वीं वर्षगांठ पर भारत का प्रतिनिधित्व किया

विदेश मंत्रालय में पश्चिमी देश मामलों के सचिव सिबी जॉर्ज ने पुर्तगाल के स्वतंत्रता दिवस समारोह और पुर्तगाली संविधान की 50वीं वर्षगांठ के आयोजन में भारत का प्रतिनिधित्व किया। विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि कार्यक्रम के दौरान श्री जॉर्ज ने पारस्परिक हित के सभी क्षेत्रों में सहयोग सुदृढ़ बनाने और भारत-पुर्तगाल दीर्घकालिक साझेदारी की प्रतिबद्धता दोहराई।

6. प्रथम नौसेना कमांडर सम्मेलन नई दिल्ली के नौ सेना भवन में शुरू

प्रथम भारतीय नौसेना कमांडर सम्मेलन 2026 14 अप्रैल, 2026 को नौ सेना भवन में नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी के उद्घाटन भाषण के साथ शुरू हुआ। इस अवसर पर उन्होंने वरिष्ठ नौसेना नेतृत्व, बाहरी संचालन और क्षेत्र कमांडरों तथा कमांड मुख्यालय और नौसेना मुख्यालय के कर्मचारियों को संबोधित किया। नौसेना प्रमुख ने पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के बीच ऊर्जा सुरक्षा सहित भारत के समुद्री हितों की रक्षा करने, अभियानों की गति बढ़ाने और अंतर-सेवा समन्वय को मजबूत करने में नौसेना की उपलब्धियों की सराहना की। नौसेना प्रमुख ने भविष्य के लिए तैयार बल के निर्माण हेतु युद्ध की तैयारी पर निरंतर ध्यान केंद्रित करने और उभरती प्रौद्योगिकियों को अपनाने पर बल दिया।

7. एलआईसी ने ग्राहक अनुभव और डिजिटल पहुंच बढ़ाने के लिए ‘मायएलआईसी’ और ‘सुपर सेल्स साथी’ मोबाइल ऐप लॉन्च किए

श्री एम. नागराजू, आईएएस, सचिव, वित्तीय सेवा विभाग, वित्त मंत्रालय, ने मुंबई में एलआईसी के सीईओ और एमडी श्री आर. दोरायस्वामी, प्रबंध निदेशक श्री दिनेश पंत, श्री रत्नाकर पटनायक, श्री आर. चंदर और भारतीय जीवन बीमा निगम के वरिष्ठ प्रबंधन की उपस्थिति में एलआईसी के नए ग्राहक ऐप (मायएलआईसी) और बिक्री मध्यस्थों के लिए मोबाइल ऐप (सुपर सेल्स साथी) का शुभारंभ किया। 26 करोड़ से अधिक पॉलिसियों और भारत में सबसे व्यापक बीमा नेटवर्क के साथ, एलआईसी के ऐप अब पैमाना बढ़ाने, सेवा दक्षता में सुधार करने और जीवन बीमा के विकसित होते बाजार में प्रतिस्पर्धी समानता बनाए रखने में केंद्रीय भूमिका निभा रहे हैं।

8. भारत-उज्‍बेकिस्‍तान के बीच सैन्य अभ्‍यास दुस्‍तलिक शुरु हुआ

भारत-उज्‍बेकिस्‍तान के बीच 7वां सैन्य अभ्‍यास दुस्‍तलिक उज्‍बेकिस्‍तान के नामंगन स्थित गुरुम सराय फील्ड ट्रेनिंग एरिया में शुरु हो गया है। डस्टलिक का मतलब ‘मैत्री’ होता है। इसका उद्देश्‍य दोनों देशों की सेना के बीच तालमेल को मजबूत करना है। इस अभ्‍यास में अवैध हथियारबंद गुटों के खात्‍मे के लिए संयुक्‍त अभियानों पर विशेष ध्‍यान दिया जा रहा है। यह अभ्‍यास 25 अप्रैल तक चलेगा।

9. वित्तीय आसूचना इकाई ने सेबी, पीएफआरडीए के साथ समन्वय बढ़ाने हेतु किया समझौता

वित्तीय आसूचना इकाई-एफआईयू ने सूचना साझा करने और समन्वय को मजबूत करने के लिए भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड-एसईबीआई और पेंशन निधि नियामक तथा विकास प्राधिकरण-पीएफआरडीए के साथ व्यापक समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए हैं। वित्त मंत्रालय ने कहा कि इस समझौता ज्ञापन का उद्देश्य दोनों एजेंसियों को विनियमित या रिपोर्टिंग संस्थाओं के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने में सक्षम बनाना है। आगे बताया कि यह कदम धन शोधन निवारण और आतंकवाद के वित्तपोषण से निपटने की प्रणाली को उन्नत करने पर केंद्रित है।

10. भारत की पहली यात्री ट्रेन के 173 वर्ष, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने साझा की पुरानी तस्वीर

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने देश की पहली यात्री ट्रेन की 173वीं वर्षगांठ के अवसर पर ऐतिहासिक ठाणे रेलवे पुल और शुरुआती ट्रेन की एक तस्वीर साझा की। देश की पहली यात्री ट्रेन ने 16 अप्रैल 1853 को मुंबई के बोरी बंदर और ठाणे के बीच यात्रा की थी। सोशल मीडिया पर तस्वीर साझा करते हुए श्री वैष्णव ने कहा कि यह यात्रा अब भी जारी है, जो भारतीय रेल की स्थायी विरासत को दर्शाती है। उन्होंने एक कोलाज भी जारी किया, जिसमें ऐतिहासिक ठाणे रेलवे पुल की प्रमाणित अभिलेखीय तस्वीर के साथ आधुनिक अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन को दिखाया गया है। मध्य रेलवे द्वारा जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि उपयोग की गई अभिलेखीय तस्वीर ऐतिहासिक रूप से सटीक है। इससे पहले प्रसारित की गई गलत और भ्रामक तस्वीरों को लेकर लंबे समय से उठ रही चिंताओं का समाधान हुआ है।

11. प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल अनिल चौहान ने ‘सूर्य देवभूमि चैलेंज-2’ को हरी झंडी दिखाई

प्रमुख रक्षा अध्यक्ष, जनरल अनिल चौहान ने उत्तराखंड के गढ़वाल हिमालयी क्षेत्र में ‘सूर्य देवभूमि चैलेंज-दो को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।भारतीय सेना द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का उद्घाटन बद्रीनाथ से हुआ। 113 किलोमीटर की यह यात्रा तीन पवित्र केदारों – कल्पेश्वर, रुद्रनाथ और तुंगनाथ – को कवर करती है। इस पहल का उद्देश्य साहसिक खेलों के माध्यम से विरासत संरक्षण, पर्यटन और क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा देना है। जीवंत ग्राम कार्यक्रम के तहत, इस आयोजन से सीमावर्ती गांवों में पर्यटन को बढ़ावा मिलने और रोजगार के अवसर पैदा होने की आशा है। यह राष्ट्र निर्माण और जनभागीदारी के प्रति सेना की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है। यात्रा के दौरान, जनरल चौहान ने श्री बद्रीनाथ धाम में पूजा-अर्चना की और तीर्थयात्रियों के लिए यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। बाद में, उन्होंने उत्तरकाशी जिले के हरसिल का दौरा किया, जहां उन्होंने एक सांस्कृतिक और विरासत केंद्र की आधारशिला रखी। इस केंद्र का उद्देश्य क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करना, गढ़वाल के गौरवशाली इतिहास को प्रदर्शित करना है और पर्यटन को बढ़ावा देना है।

12. आईएनएस सुदर्शनी मोरक्को के कैसाब्लांका बंदरगाह पहुंचा, लोकयान 26 मिशन में अहम पड़ाव

भारतीय नौसेना का प्रशिक्षण पोत, आईएनएस सुदर्शनी, लोकयान 26 के तहत चल रही अपनी समुद्री तैनाती के अंतर्गत मोरक्को के कैसाब्लांका बंदरगाह पर पहुंचा। रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि कल बंदरगाह पर पोत का आगमन इस अभियान में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है और समुद्री गतिविधियों को बढ़ाने के लिए भारतीय नौसेना के निरंतर प्रयासों को दर्शाता है। मंत्रालय ने कहा है कि यह दौरा मोरक्को के ‘क्षेत्र में सुरक्षा और विकास के लिए पारस्परिक और समग्र उन्नति – महासागर’ के दृष्टिकोण के अनुरूप है और भारत तथा मोरक्को के बीच द्विपक्षीय संबंधों तथा नौसैनिक सहयोग को और मजबूत करता है। तीन दिवसीय दौरे के दौरान, आईएनएस सुदर्शनी का दल रॉयल मोरक्कन नौसेना के कर्मियों के साथ बातचीत करेगा, वरिष्ठ अधिकारियों तथा विशिष्ट अतिथियों की मेजबानी करेगा और नौसैनिक सहयोग, राजनयिक संबंधों तथा सद्भावना को और मजबूत करने के उद्देश्य से पेशेवर और सांस्कृतिक आदान-प्रदान में भाग लेगा।

13. तेलंगाना: सरकारी स्कूलों में 20 लाख विद्यार्थियों को एआई की जानकारी के लिए राज्यव्यापी पहल की

तेलंगाना सरकार ने सरकारी स्कूलों में लगभग 20 लाख विद्यार्थियों को ए.आई यानी यांत्रिक मेधा की जानकारी देने के लिए राज्यव्यापी पहल की है। इसके लिए राज्य सरकार ने अमेज़न फ्यूचर इंजीनियर और पाई जैम फाउंडेशन के साथ साझेदारी की है। राज्य सरकार ने एक विशिष्ट वेबसाइट telangana.codemitra.org शुरू की है, जहाँ विद्यार्थी डेटा और निर्णय लेने वाली प्रणालियों के साथ प्रयोग कर सकते हैं।

14. मेघालय मंत्रिमंडल का बड़ा फैसला, खासी और गारो को मिला आधिकारिक भाषा का दर्जा

मेघालय मंत्रिमंडल ने अंग्रेजी के साथ-साथ खासी और गारो भाषाओं को भी आधिकारिक दर्जा दे दिया है। राज्य मंत्रिमंडल ने मेघालय आधिकारिक भाषा अध्यादेश 2026 को मंजूरी दी और मेघालय राज्य अधिनियम 2005 को निरस्त कर दिया। मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा ने इस फैसले को ऐतिहासिक बताया और कहा कि इस कदम का शासन पर दूरगामी प्रभाव पड़ेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि इस फैसले से युवा सशक्त होंगे और स्वदेशी भाषाओं के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा।

15. केंद्रीय आयुष मंत्री श्री प्रतापराव जाधव ने ‘आयुष चिंतन शिविर 2026’ का उद्घाटन किया

आयुष मंत्रालय में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री श्री प्रतापराव जाधव ने नई दिल्ली में ‘चिंतन शिविर 2026’ का उद्घाटन किया। यह दो दिवसीय रणनीतिक विचार-विमर्श कार्यक्रम आयुष के विभिन्न क्षेत्रों पर केंद्रित सत्रों के साथ 17 अप्रैल 2026 तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रमुख नीतियों पर चर्चा, संस्थानों को सुदृढ़ करने और आयुष क्षेत्र के भविष्य की रूपरेखा तैयार करने पर विचार किया जाएगा। केंद्रीय आयुष मंत्री ने मंत्रालय का आधिकारिक व्हाट्सएप चैनल शुरू किया, जिससे वास्तविक समय में संवाद और नागरिक सहभागिता को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही ‘आयुष उपचारों के लिए बीमा कवरेज की मानक दरों में संशोधन तथा विभिन्न उपचारों/हस्तक्षेपों के दावों के निपटान’ शीर्षक दस्तावेज भी जारी किया गया, जिसका उद्देश्य पारदर्शिता, वहनीयता और मानकीकरण को बढ़ाना है। मंत्रालय ने आयुष बीमा के लिए टोल-फ्री नंबर (1800-11-0008) भी जारी किया।

16. हथकरघा विकास आयुक्त कार्यालय का “विश्व सूत्र – विश्‍व के लिए भारत की बुनाई” कार्यक्रम के लिए फेमिना मिस इंडिया के साथ सहयोग

केन्‍द्रीय वस्त्र मंत्रालय के हथकरघा विकास आयुक्त कार्यालय ने उल्‍लेखनीय पहल करते हुए समृद्ध भारतीय हथकरघा क्षेत्र और उसकी विविधता को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करने के लिए पहली बार फेमिना मिस इंडिया के साथ सहयोग किया है। “विश्व सूत्र – विश्‍व के लिए भारत की बुनाई” नाम की विशेष पहल के तहत, फेमिना मिस इंडिया सौंदर्य प्रतियोगिता के ग्रैंड फिनाले में विशेष हथकरघा संग्रह प्रस्‍तुत किया जाएगा। यह संग्रह भारतीय बुनकरों की कलात्मकता दर्शाएगा जिसमें हथकरघा क्षेत्र की संवहनीयता और सांस्कृतिक गहराई दिखेगी। इस पहल की विशेषता यह है कि इसमें राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों के विजेता भाग ले रहे हैं, जिनमें से प्रत्येक अपने क्षेत्र की बुनाई परंपरा से प्रेरित हथकरघा परिधानों का प्रदर्शन करेंगे और चयनित देश की सांस्कृतिक सौंदर्यशास्त्र को प्रतिबिंबित करने के लिए रचनात्मक रूप से प्रस्तुत करेंगे। यह नज़रिया प्रतीकात्मक रूप से भारत की वस्त्र विरासत को वैश्विक फैशन से जोड़ता है। भारत के लोकप्रिय बुनाई पहनावे में वाराणसी ब्रोकेड, लेप्चा, कांचीपुरम, कोटा डोरिया, माहेश्वरी, पटोला, इकत, कसावु, पैठानी, फुलकारी, जामदानी, कुल्लू शॉल, उप्पादा, खुन्न, पश्मीना, मूगा सिल्क, इलकल और अन्य क्षेत्रीय परंपराएं शामिल हैं।

VISIT TO YOUR WHATSAAP CHANNEL :https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F

VISIT TO YOUR YOUTUBE CHANNEL :https://youtube.com/@guruggkwala?si=TZD9ZVm9QJLjB9ed

VISIT TO YOUR TELEGRAM :https://t.me/guruggkwala1

THANKS TO SUPPORT GURUGGKWALA

Shopping Cart
Scroll to Top