12–15 minutes
1. सम्राट चौधरी ने बिहार के 24 वे मुख्यमंत्री के रूप में ली शपथ
भारतीय जनता पार्टी के नेता सम्राट चौधरी ने पटना के लोक भवन में बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। इसके साथ ही सम्राट चौधरी राज्य के मुख्यमंत्री बनने वाले पहले भाजपा नेता बन गए हैं। वहीं, जदयू के कोटे से पार्टी के सबसे अनुभवी और नीतीश कुमार के सबसे भरोसेमंद रणनीतिकार विजय कुमार चौधरी को उपमुख्यमंत्री की कुर्सी सौंपी गई है। उनके साथ बिजेंद्र प्रसाद यादव ने भी उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली है। सम्राट चौधरी ने बिहार के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में बागडोर संभाल ली है। राज्यपाल सैयद अताउल हसनैन ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। बिहार में मुख्यमंत्री के पद से नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद सम्राट चौधरी के नाम पर आधिकारिक मुहर लगी थी। बिहार के नवनियुक्त मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी (राकेश कुमार) का जन्म 16 नवंबर 1968 को मुंगेर जिले के तारापुर प्रखंड स्थित लखनपुर गांव में हुआ था। वह एक प्रतिष्ठित राजनीतिक पृष्ठभूमि से आते हैं। उनके पिता शकुनी चौधरी सात बार विधायक और सांसद के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं, वहीं उनकी माता पार्वती देवी भी बिहार विधानसभा की सदस्य रही हैं। पिछड़ा वर्ग (कुर्मी समुदाय) से संबंध रखने वाले सम्राट चौधरी को राज्य की राजनीति में ओबीसी वोट बैंक पर पकड़ रखने वाला एक कद्दावर नेता माना जाता है।
2. आयकर विभाग ने ‘फॉर्म 141’ शुरू किया, चार अलग-अलग टीडीएस फॉर्म का लेगा स्थान
इनकम टैक्स विभाग ने फॉर्म 141 को शुरू किया है, यह एक कंसोलिडेटेड चालान-कम-स्टेटमेंट है, जो कि चार अलग-अलग टीडीएस फॉर्म का स्थान लेगा। यह नया फॉर्म, फॉर्म 26क्यूबी, फॉर्म 26क्यूसी, फॉर्म 26क्यूडी और फॉर्म 26क्यूई को मिलाकर बनाया गया है, जिनका उपयोग पहले क्रमशः संपत्ति की खरीद पर टीडीएस, किराए पर टीडीएस, ठेकेदारों या पेशेवरों को किए गए भुगतान पर टीडीएस और वर्चुअल डिजिटल एसेट्स के हस्तांतरण पर टीडीएस दाखिल करने के लिए किया जाता था। नए संशोधित नियमों के मुताबिक, फॉर्म 141 का उपयोग अब 50,000 रुपए प्रति महीने के भुगतान पर टीडीएस और 50 लाख रुपए की संपत्ति की खरीद पर टीडीएस जमा करने के लिए किया जा सकता है। इसके अलावा, इस फॉर्म का उपयोग उन व्यक्तियों या हिंदू अविभाजित परिवारों द्वारा एक वित्तीय वर्ष में 50 लाख रुपए से अधिक के पेशेवर, कमीशन या कॉन्ट्रेक्ट लेबर भुगतान की रिपोर्ट करने के लिए किया जा सकता है जो टैक्स ऑडिट के अधीन नहीं हैं।
3. महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा, 17-18 अप्रैल को सात शहरों में आयोजित होगी ‘नारी शक्ति वंदन रन’
महिला सशक्तिकरण और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से युवा मामले और खेल मंत्रालय 17 और 18 अप्रैल 2026 को देश के सात प्रमुख शहरों में “नारी शक्ति वंदन रन” का आयोजन करेगा। यह पहल विकसित भारत के विजन में महिलाओं की भागीदारी को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। यह दौड़ दिल्ली, कटक, पटना, मुंबई, इंदौर, बेंगलुरु और जयपुर में आयोजित की जाएगी। पटना और जयपुर में यह कार्यक्रम 17 अप्रैल को होगा, जबकि दिल्ली, कटक, मुंबई, इंदौर और बेंगलुरु में 18 अप्रैल को इसका आयोजन किया जाएगा। 2 से 3 किलोमीटर की यह दौड़ शहरों के प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर आयोजित की जाएगी, जिसका समापन प्रमाण पत्र वितरण के साथ होगा।
4. वित्त वर्ष 2025-26 में भारत का कुल निर्यात 4.22% बढ़कर 860 अरब डॉलर से अधिक हुआ
भारत का कुल निर्यात वित्त वर्ष 2025-26 में 4.22 प्रतिशत बढ़कर 860 अरब अमरीकी डॉलर से अधिक हो गया। इसमें वस्तु और सेवा क्षेत्र शामिल हैं। वहीं, आयात में लगभग 6.5 प्रतिशत की वृद्धि हुई और यह 979 अरब अमरीकी डॉलर तक पहुंच गया। इसके परिणामस्वरूप पिछले वित्त वर्ष में कुल व्यापार घाटा बढ़कर 119 अरब डॉलर से अधिक हो गया, जबकि वित्त वर्ष 2024-25 में यह 94 अरब डॉलर से कुछ अधिक था। वाणिज्य मंत्रालय द्वारा जारी अंतरिम आंकड़ों के अनुसार वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान वस्तुओं का कुल निर्यात लगभग 441 अरब अमरीकी डॉलर का रहा।
5. अमरीका: उत्तरी मारियाना द्वीप समूह में सुपर टाइफून सिनलाकु का कहर
अमरीका के उत्तरी मारियाना द्वीप समूह में एक शक्तिशाली तूफान सुपर टाइफून सिनलाकु के कारण भारी तबाही हुई। अमरीकी मौसम विभाग के अनुसार, सिनलाकु इस वर्ष का सबसे शक्तिशाली उष्णकटिबंधीय चक्रवात है। श्रेणी 5 के समकक्ष इस भीषण तूफान ने मारियाना द्वीप समूह के साइपन और टिनियन को लगभग 240 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से लगातार हवाओं के साथ प्रभावित किया। गुआम में भी तेज हवाएं और भारी बारिश हुई, जिससे अचानक बाढ़ आ गई।
6. पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया जा रहा पोइला बोइशाख
बंगाल के लोग पूरी दुनिया में पारंपरिक उत्साह और उमंग के साथ पोइला बोइशाख मना रहे हैं और नए साल 1433 का स्वागत कर रहे हैं। पश्चिम बंगाल में श्रद्धालु कालीघाट काली मंदिर और दक्षिणेश्वर काली मंदिर सहित कई मंदिरों में शांति, सुख और समृद्धि के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। राज्य के बाज़ारों में रौनक है। पोइला बैसाखका अर्थ है बैसाख का पहला दिन, बंगाली चंद्र-सौर कैलेंडर का प्रारंभिक महीना जो आमतौर पर प्रत्येक वर्ष 14 या 15 अप्रैल को पड़ता है। इसका इतिहास राजा शोशांगको (594 ई.) के शासनकाल, जब बंगाली कैलेंडर की शुरुआत हुई थी, से जुड़ा हुआ है। बैसाख महीने में अन्य क्षेत्रीय नव वर्ष समारोहों में पोहेला बोइशाख (बंगाल), रोंगाली बिहू (असम), पुथंडु (तमिलनाडु), विशु (केरल), पना संक्रांति (ओडिशा), और जूड शीतल (बिहार) शामिल हैं।
7. भारतीय रिज़र्व बैंक ने भुगतान परिकल्पना 2028 जारी की
भारतीय रिज़र्व बैंक ने भुगतान परिकल्पना 2028 जारी की। इसमें भारत की तेज़ी से बढ़ती डिजिटल भुगतान व्यवस्था को मज़बूत और विस्तारित करने की रूपरेखा प्रस्तुत की गई है। भारत के भुगतान क्षेत्र को आकार देना विषय पर आधारित यह दस्तावेज़ उपयोगकर्ता सशक्तिकरण, धोखाधड़ी से सुरक्षा, सीमा पार भुगतान प्रणालियों की दक्षता में सुधार और व्यापार करने में सुगमता को बढ़ावा देने पर केंद्रित है। विभिन्न पहलों के माध्यम से, यह दस्तावेज़ दिसंबर 2028 तक की कार्ययोजना का खाका प्रस्तुत करता है। केंद्रीय बैंक, भुगतान और निपटान प्रणाली अधिनियम, 2007 और विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम, 1999 के तहत दक्षता बढ़ाने और प्राधिकरण को सुव्यवस्थित करने के लिए सीमा पार भुगतान प्रणाली की समीक्षा करेगा। अनधिकृत डिजिटल लेनदेन से निपटने के लिए जारीकर्ता और लाभार्थी बैंकों के बीच एक साझा उत्तरदायित्व ढांचे पर भी विचार किया जाएगा।
8. भारत ब्रिक्स विदेश मंत्रियों की मेजबानी करेगा
भारत मई में ब्रिक्स (BRICS) विदेश मंत्रियों की बैठक की मेजबानी करेगा। रिपोर्ट के मुताबिक भारत इस बैठक के जरिए क्षेत्रीय तनाव कम करने और बातचीत को आगे बढ़ाने की कोशिश करेगा। ब्रिक्स मंच पर सुरक्षा और ऊर्जा से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा होने की संभावना है। ब्रिक्स समिट से पहले अध्यक्षता करने वाले देश को ब्रिक्स की मंत्रिस्तरीय बैठकें करना होती हैं। ब्रिक्स की मंत्री स्तरीय बैठक में ग्लोबल कनफ्लिक्ट, (खासकर पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव) कलाइमेट फाइनेंस और सस्टेनेबल डेवलपमेंट पर बातचीत हो सकती है। ब्रिक्स की ये बैठक 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन (2026) की रूपरेखा के लिए की जाएगी। 13 जनवरी को भारत ने ऑफिशियली 18वें ब्रिक्स 2026 की अध्यक्षता संभाली थी। इस साल ब्रिक्स की थीम ‘बिल्डिंग फॉर रिजिलेन्स, इनोवेशन कॉर्पोरेशन एंड सस्टेनेबिलिटी’ रखी गई है। 2026 में ब्रिक्स की स्थापना के 20 साल पूरे हुए हैं। 2009 में ब्रिक्स की पहली समिट रूस में हुई थी। ब्रिक्स नाम इसके संस्थापक सदस्य देशों- ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका के शुरुआती अक्षरों से बना है।
9. ऑस्ट्रिया के फेडरल चांसलर स्टॉकर भारत की यात्रा पर आए
15 अप्रैल को ऑस्ट्रिया के फेडरल चांसलर क्रिश्चियन स्टॉकर भारत के आधिकारिक दौरे पर नई दिल्ली पहुंचे। एयरपोर्ट पर युवा मामले और खेल मंत्री रक्षा खडसे ने उनका स्वागत किया। स्टॉकर का ये भारत का पहला आधिकारिक दौरा है। एयरपोर्ट पर युवा मामले और खेल मंत्री रक्षा खडसे ने उनका स्वागत किया। स्टॉकर इस यात्रा के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। इस बैठक में बिजनेस, इंवेस्टमेंट, ग्रीन टेक्नोलॉजी और जरूरी क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर बातचीत होगी। दोनों पक्षों से एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग, डिजिटल इनोवेशन और रिन्यूएबल एनर्जी जैसे क्षेत्र में सहयोग को लेकर बात होने की उम्मीद है। इसके साथ ही स्टाकर राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू और विदेश मंत्री एस जय शंकर से भी मुलाकात करेंगे। 2024 में पीएम मोदी ऑस्ट्रिया दौरे पर गए थे। इससे पहले 1983 में पूर्व पीएम इंदिरा गांधी ने ऑस्ट्रिया का दौरा किया था।
10. वास नरसिम्हन AI कंपनी एंथ्रोपिक के बोर्ड में शामिल
14 अप्रैल को भारतीय मूल के वास (वसंत) नरसिम्हन AI कंपनी एंथ्रोपिक के बोर्ड में शामिल हुए। नरसिम्हन फार्मा कंपनी नोवार्टिस के CEO हैं। फार्मा से जुड़े नरसिम्हन AI एंथ्रोपिक जॉइन करने वाले पहले हैं। हेल्थ साइंस के लिए AI एक बड़ी जरूरत है और इसके लिए नरसिम्हन काम करेंगे। कंपनी की प्रेसिडेंट डेनिएला अमोदेई ने कहा कि नरसिम्हन कठिन तकनीक को भी सुरक्षित तरीके से बड़े लेवल पर लागू करने का अनुभव रखते हैं। नरसिम्हन 2008 में नोवार्टिस के CEO बने। नरसिम्हन ने डिजिटल टेक्नोलॉजी को हेल्थकेयर में शामिल किया। COVID-19 के समय ग्लोबल हेल्थ में योगदान दिया। नोवार्टिस एक स्विस ग्लोबल फार्मा कंपनी है जिसका हेडक्वाटर बेसल, स्विट्जरलैंड में है।
11. पिरोजशा गोदरेज ग्रुप के नए चेयरपर्सन होंगे
14 अप्रैल को गोदरेज ग्रुप ने अपनी उत्तराधिकारी का औपचारिक ऐलान किया। पिरोजशा गोदरेज के नए उत्तराधिकारी होंगे। पिरोजशा 14 अगस्त 2026 से ‘गोदरेज इंडस्ट्रीज समूह’ और ‘गोदरेज इंडस्ट्रीज लिमिटेड’ के चेयरपर्सन का पद संभालेंगे। गोदरेज समूह के मौजूदा चेयरमैन नादिर गोदरेज हैं और वे अगस्त 2026 में अपने पद से रिटायर होंगे। नादिर की जगह उनके भतीजे (बड़े भाई आदि गोदरेज के बेटे) पिरोजशा गोदरेज समूह की कमान संभालेंगे। नादिर गोदरेज से रिटायरमेंट के बाद गोदरेज ग्रुप में ‘चेयरमैन एमेरिटस’ की भूमिका निभाएंगे। पिरोजशा फिलहाल समूह के प्रॉपर्टीज, कैपिटल और वेंचर्स बिजनेस के चेयरपर्सन के तौर पर काम कर रहे हैं। पिरोजशा ने साल 2004 में गोदरेज ग्रुप जॉइन किया था और 2012 में पिरोजशा गोदरेज प्रॉपर्टीज के CEO बने।
12. भारत ने यूरोपीय बालिका गणित ओलंपियाड 2026 में पहला स्वर्ण जीतकर रचा इतिहास
भारत ने फ्रांस के बोर्डो में आयोजित 15वें यूरोपीय बालिका गणित ओलंपियाड 2026 में अपना पहला स्वर्ण पदक जीतकर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। मुंबई की श्रेया शांतनु मुंधादा ने स्वर्ण पदक हासिल किया। वे चार सदस्यीय भारतीय टीम का हिस्सा थीं। केरल की संजना फिलो चाको ने रजत पदक और तमिलनाडु की शिवानी भरत कुमार ने कांस्य पदक जीता। भारत ने 67 प्रतिभागी देशों में छठा स्थान हासिल करके अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।
13. ब्लू वॉटर सेलिंग अभियान शुरू हुआ
14 अप्रैल को भारतीय सेना ने आर्टिलरी रेजिमेंट के 200वें समारोह के हिस्से के रूप में मुंबई के मार्वे से अपने पहले ब्लू वॉटर सेलिंग नौकायन अभियान ‘समुद्र साहस’ को शुरू किया।कोंकण तट के साथ 520 समुद्री मील का अभियान मुंबई से शुरू होगा और 4 चरणों में पूरा होगा। इस अभियान में सीबर्ड कैटेगरी की 21 फुट की सेलिंग बोट का उपयोग किया जाएगा। इस अभियान में अलग-अलग हवा की स्थिति में नेविगेट करते हुए, 7 समुद्री मील दूरी तय करेंगे। कैप्टन क्षितिज नायर और सूबेदार प्रकाश फंडे इस अभियान को लीड करेंगे। ये अभियान भारतीय नौसेना और भारतीय तटरक्षक बल के सहयोग से संचालित किया जा रहा है।
14. विश्व कला दिवस
प्रत्येक वर्ष 15 अप्रैल को मनाया जाने वाला विश्व कला दिवस की स्थापना अंतरराष्ट्रीय कला संघ (International Association of Art – IAA) द्वारा 2012 में शुरू की गई थी। 15 अप्रैल का चयन महान पुनर्जागरण कलाकार लियोनार्दो दा विंची के जन्मदिवस के रूप में किया गया, जो कला, विज्ञान और नवाचार के अद्वितीय संगम का प्रतीक हैं। यह दिवस कला की बहुआयामी प्रकृति को रेखांकित करता है। चाहे वह चित्रकला हो, संगीत, नृत्य, साहित्य या स्थापत्य। यह दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि एक वैश्विक आंदोलन है, जिसका उद्देश्य कला के महत्व को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाना, कलाकारों के अधिकारों की रक्षा करना और रचनात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करना है।
15. हिमाचल प्रदेश दिवस : 15 अप्रैल
देवभूमि हिमाचल प्रदेश स्थापना दिवस मना रहा है। 15 अप्रैल 1948 को 30 छोटी-बड़ी पहाड़ी रियासतों को मिलाकर एक मुख्य आयुक्त प्रांत के रूप में हिमाचल का गठन हुआ था। 25 जनवरी 1971 को इसे पूर्ण राज्य का दर्जा प्राप्त हुआ, लेकिन स्थापना का मुख्य दिवस 15 अप्रैल को मनाया जाता है। 1954 में पड़ोसी राज्य बिलासपुर को हिमाचल प्रदेश में शामिल किया गया। हिमाचल प्रदेश 1956 तक भारतीय संघ का ‘सी’ राज्य बना रहा था। 1956 में राज्य पुनर्गठन आयोग ने राज्यों को भाग ए, बी, सी आदि श्रेणियों में वर्गीकृत करने की प्रथा को समाप्त करने की सिफारिश की। 25 जनवरी 1971 को राज्य का दर्जा मिलने तक हिमाचल प्रदेश का केंद्रशासित प्रदेश का दर्जा बना रहा। 1960 में महासू जिले की सीमावर्ती चीनी तहसील को एक अलग प्रशासनिक इकाई के रूप में गठित किया गया और किन्नौर जिले का गठन हुआ, जिससे जिलों की कुल संख्या में वृद्धि हुई। 1 नवंबर, 1966 को तत्कालीन पंजाब राज्य का पुनर्गठन किया गया, जिसमें हरियाणा को एक अलग राज्य के रूप में गठित किया गया और कुल्लू, कांगड़ा, शिमला और होशियारपुर जिले के कुछ पहाड़ी क्षेत्रों तथा गुरदासपुर जिले के डलहौजी का हिमाचल प्रदेश में विलय कर दिया गया तथा चार नए जिले कुल्लू, लाहौल-स्पीति, कांगड़ा और शिमला बनाए गए।
VISIT TO YOUR WHATSAAP CHANNEL :https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F
VISIT TO YOUR YOUTUBE CHANNEL :https://youtube.com/@guruggkwala?si=TZD9ZVm9QJLjB9ed
VISIT TO YOUR TELEGRAM :https://t.me/guruggkwala1
THANKS TO SUPPORT GURUGGKWALA
