14–18 minutes
1. लोकसभा और राज्यसभा ने जन विश्वास (प्रावधानों में संशोधन) विधेयक, 2026 पारित किया
जन विश्वास (प्रावधानों में संशोधन) विधेयक, 2026 को लोकसभा और राज्यसभा द्वारा पारित किया गया है, जो देश में व्यापार सुगमता और जीवन सुगमता को और बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह विधेयक सरकार की विश्वास-आधारित शासन ढांचे को बढ़ावा देने और समानुपातिक नियमन सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। यह व्यक्तियों और व्यवसायों पर अनुपालन बोझ को कम करने के लिए छोटे अपराधों का अपराधमुक्तिकरण तथा मौजूदा कानूनी प्रावधानों को तर्कसंगत करने का प्रयास करता है। विधेयक के प्रावधानों के अनुसार, 23 मंत्रालयों द्वारा प्रशासित 79 केंद्रीय अधिनियमों के 784 प्रावधानों में संशोधन किया गया है। इनमें से 717 प्रावधानों का अपराधमुक्तिकरण व्यापार सुगमता को बढ़ावा देने के लिए किया गया है, जबकि 67 प्रावधानों में संशोधन जीवन सुगमता को सुगम बनाने के लिए किया गया है। कुल मिलाकर, विधेयक छोटे अपराधों को हटाकर 1,000 से अधिक अपराधों को तर्कसंगत करने का प्रयास करता है, जिससे समग्र नियामक वातावरण में सुधार होगा और व्यवसायों तथा नागरिकों के लिए अधिक अनुकूल पारिस्थितिकी तंत्र सक्षम होगा। यह विधेयक प्रारंभ में 18 अगस्त 2025 को लोकसभा में जन विश्वास (प्रावधानों में संशोधन) विधेयक, 2025 के रूप में पेश किया गया था। इसमें 10 मंत्रालयों/विभागों द्वारा प्रशासित 16 केंद्रीय अधिनियमों के 355 प्रावधानों में संशोधन प्रस्तावित था और इसे लोकसभा की एक चयन समिति को भेज दिया गया। श्री तेजस्वी सूर्या की अध्यक्षता वाली चयन समिति ने 49 बैठकें आयोजित कीं और 13 मार्च 2026 को अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की। समिति ने व्यापक हितधारक परामर्श किया और विचाराधीन प्रावधानों के अलावा उसी अधिनियमों के अन्य प्रावधानों की भी जांच की तथा 62 अतिरिक्त केंद्रीय अधिनियमों में अपराधमुक्तिकरण की सिफारिश की।
2. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूस के प्रथम उप प्रधानमंत्री डेनिस मंटुरोव से नई दिल्ली में मुलाकात की
रूस के प्रथम उप प्रधानमंत्री डेनिस मंटुरोव ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान श्री मंटुरोव ने प्रधानमंत्री मोदी को व्यापार और आर्थिक साझेदारी, उर्वरक, संपर्क और जन-संबंधों सहित पारस्परिक सहयोग के विभिन्न क्षेत्रों में हुई प्रगति की जानकारी दी। श्री मोदी ने पिछले वर्ष दिसंबर में 23वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन के लिए रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की सफल भारत यात्रा का स्मरण किया।
3. इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने लॉन्च की नई वेबसाइट, अब एआई असिस्टेंट ‘कर साथी’ के साथ टैक्स भरना होगा आसान
इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने गुरुवार को नई वेबसाइट लॉन्च की। इस वेबसाइट को एआई असिस्टेंट ‘कर साथी’ के साथ लॉन्च किया गया है। इससे टैक्स भरना पहले के मुकाबले आसान हो जाएगा। इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स ‘पर की गई एक पोस्ट में कहा गया कि नई इनकम टैक्स वेबसाइट शुरू हो चुकी है। यह नेविगेट करने में आसान और उपयोग करने में तेज है। इसमें इनकम टैक्स से जुड़ी सारी जानकारी एक ही स्थान पर मौजूद है।
4. होर्मुज को लेकर ब्रिटेन ने बुलाई 35 देशों की बैठक, भारत भी शामिल: विदेश मंत्रालय
होर्मुज स्ट्रेट को दोबारा खोलने की राह निकालने और इसे दुनिया के लिए सुरक्षित बनाने की मुहिम के तहत ब्रिटिश विदेश मंत्री यवेट कूपर की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें भारत भी शामिल हुआ है। इसमें नुमाइंदगी भारत के विदेश सचिव विक्रम मिस्री कर रहे हैं। बुधवार को होर्मुज पर अहम बैठक की घोषणा ब्रिटिश पीएम कीर स्टार्मर ने की थी। उन्होंने कहा था कि जल्द ही ये बैठक होगी। गुरुवार को ऑनलाइन मोड में इसका आयोजन किया गया। इस बैठक का मकसद होर्मुज स्ट्रेट को दोबारा खोलने के रास्ते तलाशना है।
5. वम्सी राम मोहन बुर्रा PGCIL के नए सीएमडी नियुक्त
1 अप्रैल को वम्सी राम मोहन बुर्रा पावर ग्रिड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (PGCIL) के चेयरमैन एंड मैनेजिंग डायरेक्टर (CMD) नियुक्त हुए। पावर मिनिस्ट्री के ऑर्डर के बाद बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने वम्सी को इस पद के लिए अपॉइंट किया। वम्सी राम मोहन बुर्रा 31 जुलाई 2030 तक ये पदभार संभालेंगे। इससे पहले वम्सी पावरग्रिड प्रोजेक्ट्स डिपार्टमेंट के डायरेक्टर थे।
6. राजा रवि वर्मा की पेंटिंग रिकॉर्ड 167 करोड़ रुपए में बिकी
1 अप्रैल को मुंबई के एक ऑक्शन में राजा रवि वर्मा की फेमस ‘यशोदा और कृष्णा‘ पेंटिंग रिकॉर्ड 167 करोड़ रुपए में बिकी। पेंटिंग को साइरस सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के फाउंडर साइरस एस पूनावाला ने सैफ्रनआर्ट स्प्रिंग लाइव एंड ऑनलाइन ऑक्शन से खरीदा है। रवि वर्मा की ‘यशोदा और कृष्णा’ 1890 के दशक की ऑयल पेंटिंग है। ऑक्शन में ये अपने बेस प्राइस के दोगुने से ज्यादा में बिका। इसका बेस प्राइस 80 से 120 करोड़ था। ‘यशोदा और कृष्ण’ ऑयल पेंटिंग ऑक्शन में बिकी मॉर्डन इंडियन आर्ट की सबसे महंगी पेंटिंग हो गई है। इससे पहले तक सबसे महंगी पेंटिंग एम.एफ. हुसैन की अनटाइटल्ड (ग्राम यात्रा) बिकी थी, जिसे 118 करोड़ रुपए में किरण नादर ने खरीदी थी। किरण नादर इंडियन आर्ट कलेक्टर और किरण नादर आर्ट म्यूजियम की चेयरपर्सन हैं। रवि वर्मा 1848 में जन्मे फेमस इंडियन पेंटर थे। वे मार्डन इंडियन आर्ट के जनक माने जाते हैं।
7. CBSE स्टूडेंट्स के लिए कम्प्यूटेशनल थिंकिंग और AI बेस्ड कोर्स लॉन्च
1 अप्रैल को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कक्षा 3 से 8वीं तक के स्टूडेंट्स के लिए कम्प्यूटेशनल थिंकिंग और AI बेस्ड नया कोर्स लॉन्च किया। ये कोर्स सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (CBSE) स्कूल्स में 2026-27 बैच से लागू होगा। इसके तहत शुरुआती कक्षाओं में स्टूडेंट्स की कम्प्यूटेशनल थिंकिंग और AI को लेकर बेहतर समझ विकसित करने पर जोर होगा। कम्प्यूटेशनल थिंकिंग एक प्रॉब्लम-सोल्विंग तकनीक है जो किसी भी प्रॉब्लम को व्यवस्थित तरीके से हल करने और सॉल्यूशन खोजने पर जोर देता है। इसका उद्देश्य स्टूडेंट्स में तार्किक सोच, प्रॉब्लम सोल्विंग और तकनीकी समझ को बढ़ाना है। इस कोर्स के अंतर्गत पढ़ाई में खेल, पहेलियां, प्रोजेक्ट और ग्रुप डिस्कशन जैसे तरीकों को शामिल किया गया है। ये कोर्स ‘AI फॉर एजुकेशन, AI इन एजुकेशन’ विजन के तहत बनाया गया है। इसके तहत टीचर स्टूडेंट्स को चार्ट-डायग्राम जैसे विजुअल टूल्स के जरिए उनकी समझ विकसित करने में मदद करेंगे। कोर्स में मूल्यांकन के लिए टीचर ऑब्जर्वेशन जर्नल, ग्रुप एक्टिविटिज और इंटरैक्टिव टास्क शामिल होंगे।
8. एनएमडीसी में निदेशक (वित्त) के रूप में श्री अनुराग कपिल ने पदभार किया ग्रहण
भारतीय रेलवे लेखा सेवा (आईआरएएस) के 1998 बैच के अधिकारी श्री अनुराग कपिल ने भारत के सबसे बड़े लौह अयस्क उत्पादक एनएमडीसी लिमिटेड में मंगलवार को निदेशक (वित्त) के रूप में पदभार ग्रहण किया। भारतीय रेलवे और सीपीएसयू में 26 वर्षों से अधिक के करियर के साथ , श्री कपिल वित्तीय प्रबंधन और सार्वजनिक क्षेत्र के अभिशासन में परिचालन विशेषज्ञता तथा रणनीतिक विजन का अनुभव रखते हैं।
9. श्री के. के. सिंह ने सेल (SAIL) के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार संभाला
सेल केनिदेशक (कार्मिक) श्री कृष्ण कुमार सिंह ने 02 अप्रैल, 2026 कोस्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार ग्रहण किया है। श्री सिंह प्रचालन (Operations), मानव संसाधन विकास (HRD), सतर्कता (Vigilance) और कार्मिक एवं प्रशासन (P&A) जैसे विविध क्षेत्रों में लगभग चार दशकों के गहन अनुभव के साथ सेल की विकास गाथा में एक महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।
10. पंजाब ने अपना पहला जाति सामाजिक-आर्थिक सर्वेक्षण शुरू किया
पंजाब ने अपना पहला जाति सामाजिक-आर्थिक सर्वेक्षण शुरू किया। इस सर्वेक्षण का उद्देश्य पूर्ण गोपनीयता बनाए रखते हुए सभी समुदायों के जीवन स्तर का आकलन करना है। यह सर्वेक्षण निष्पक्ष और लक्षित नीति निर्माण सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। सरकारी सूत्रों के अनुसार सर्वेक्षण के लिए ढाई सौ करोड़ रुपये का बजट रखा गया है। राज्य भर से आंकड़े एकत्र करने के लिए 28 हजार सर्वेक्षकों को तैनात किया जाएगा। सर्वेक्षण तीन महीने में पूरा होने की संभावना है।
11. भारत-ऑस्ट्रेलिया आर्थिक सहयोग और व्यापार समझौते ने चार वर्ष पूरे किए
भारत-ऑस्ट्रेलिया आर्थिक सहयोग और व्यापार समझौते ने चार वर्ष पूरे कर लिए हैं। 2 अप्रैल 2022 से इस समझौते ने दोनों देशों में व्यापार प्रवाह बढ़ाने, उद्योग संबंधों को मजबूत करने और व्यवसायों, उद्यमियों और रोजगार के नए अवसर सृजित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। 2024-25 में दोनों देशों का व्यापार 24 दशमलव एक अरब डॉलर तक पहुंच गया। ऑस्ट्रेलिया को निर्यात में पिछले वर्ष की तुलना में 8 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। वर्ष 2025-26 में फरवरी तक, ऑस्ट्रेलिया के साथ भारत का कुल व्यापार 19 दशमलव तीन अरब डॉलर रहा।
12. अमरीका ने नेब्रास्का राज्य में दिवाली उत्सव को मान्यता देने वाली प्रस्ताव को पारित किया
अमरीका ने नेब्रास्का राज्य में भारतीय त्योहार दिवाली को मान्यता देते हुए एक राज्य विधानमंडलीय प्रस्ताव को औपचारिक रूप से पारित कर दिया है। राज्य सीनेटर जॉन फ्रेडरिकसन द्वारा प्रस्तुत इस प्रस्ताव में दिवाली को भारतीय परंपरा के सबसे बड़े और व्यापक रूप से मनाए जाने वाले त्योहारों में से एक के रूप में स्वीकार किया गया है। यह त्योहार समुदायों को एकजुट करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और राज्य के सांस्कृतिक और सामाजिक परिदृश्य में नेब्रास्का के भारतीय समुदाय के योगदान को उजागर करता है।
13. केंद्रीय संचार मंत्री ने डाक प्रशिक्षण केंद्र सहारनपुर के 75 वर्ष पूरे होने पर एक स्मारक डाक टिकट जारी किया
केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने सहारनपुर स्थित डाक प्रशिक्षण केंद्र (पीटीसी) के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में स्मारक डाक टिकट जारी किया। यह कार्यक्रम आकाशवाणी भवन के रंग भवन सभागार में आयोजित हुआ। डाक प्रशिक्षण केंद्र सहारनपुर की स्थापना 2 अप्रैल 1951 को स्वतंत्र भारत के प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने के उद्देश्य से की गई थी। इसका मकसद डाक कर्मियों के लिए एक व्यवस्थित और पेशेवर प्रशिक्षण प्रणाली विकसित करना था। 56.71 एकड़ में फैला यह केंद्र आज 11 उन्नत कंप्यूटर लैब और एक विशेष ई-स्टूडियो से सुसज्जित है। यह हर साल करीब 3,000 कर्मचारियों को ई-कॉमर्स लॉजिस्टिक्स, डिजिटल ऑपरेशन और वित्तीय समावेशन जैसे क्षेत्रों में प्रशिक्षण देता है।
14. पश्चिम एशिया संघर्ष के कारण सरकार ने 30 जून तक 40 महत्वपूर्ण पेट्रोकेमिकल उत्पादों पर सीमा शुल्क से छूट दी
सरकार ने पश्चिम एशिया संघर्ष और इसके कारण दुनियाभर में कच्चे तेल की आपूर्ति में आई बाधाओं के बीच 30 जून तक महत्वपूर्ण पेट्रोकेमिकल उत्पादों पर सीमा शुल्क में छूट दी है। वित्त मंत्रालय ने कहा है कि यह उपाय घरेलू उद्योगों में आवश्यक पेट्रोकेमिकल की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए अस्थायी रूप में लिया गया है। मंत्रालय ने कहा कि इससे संबंधित क्षेत्रों पर लागत का दबाव कम होगा और आपूर्ति में स्थिरता आएगी और उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी। मंत्रालय ने कहा कि कुल चालीस वस्तुओं पर सीमा शुल्क में छूट दी गई है। इनमें मेथनॉल, अमोनिया, टोल्यून, स्टाइरीन, डाइक्लोरोमेथेन और विनाइल क्लोराइड मोनोमर शामिल हैं।
15. अडानी पोर्ट्स द्वारा भारत का पहला ‘पोर्ट ऑफ रिफ्यूज’ तंत्र लॉन्च किया गया
अडानी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक ज़ोन लिमिटेड (APSEZ) ने समुद्री सुरक्षा को सुदृढ़ करने के लिये भारत के पहले ‘पोर्ट ऑफ रिफ्यूज (PoR)’ तंत्र को संचालित किया है। APSEZ ने देश का पहला पोर्ट ऑफ रिफ्यूज (PoR) शुरू किया है, जिससे समुद्री आपात स्थितियों के प्रबंधन और संकटग्रस्त जहाजों की सहायता के लिये एक व्यवस्थित ढाँचा स्थापित हुआ है। अंतर्राष्ट्रीय समुद्री संगठन के अनुसार, पोर्ट ऑफ रिफ्यूज (PoR) वह निर्धारित स्थान होता है, जहाँ कठिनाइयों का सामना कर रहे जहाज़ शरण ले सकते हैं, अपनी स्थिति को स्थिर कर सकते हैं, मानव जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकते हैं और पर्यावरणीय क्षति को कम कर सकते हैं। यह PoR ढाँचा प्रारंभ में पश्चिमी तट पर दिघी बंदरगाह और पूर्वी तट पर गोपालपुर बंदरगाह के माध्यम से संचालित होगा, जिससे भारत के तटों पर रणनीतिक कवरेज सुनिश्चित होगा। यह पहल SMIT साल्वेज और मरीन इमरजेंसी रिस्पॉन्स सेंटर (MERC) के साथ त्रिपक्षीय समझौता ज्ञापन (MoU) के माध्यम से समर्थित है, जो समुद्री बचाव तथा आपात प्रतिक्रिया में अंतर्राष्ट्रीय विशेषज्ञता प्रदान करेगा। यह तंत्र समुद्री घटनाओं के दौरान समन्वित सेवाएँ जैसे बचाव कार्य, अग्निशमन, मलबा हटाना, प्रदूषण नियंत्रण और माल की स्थिरता सुनिश्चित करने में सक्षम होगा। अडानी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक ज़ोन लिमिटेड भारत का सबसे बड़ा निजी बंदरगाह संचालक है तथा अडानी समूह का हिस्सा है, जो पूरे देश में कई बंदरगाहों और लॉजिस्टिक्स अवसंरचना का संचालन करता है।
16. भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण ने मैपमाईइंडिया के साथ किया समझौता
भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण -यूआईडीएआई ने मैपमाईइंडिया के साथ एक समझौता किया है, जिसके अंतर्गत अधिकृत आधार केंद्रों को मैपल्स ऐप पर प्रदर्शित किया जा सकेगा। इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने बताया है कि यह सुविधा आने वाले महीनों में उपलब्ध हो जाएगी। इससे लोगों को अपने निकटतम अधिकृत आधार केंद्र का पता लगाने और उपलब्ध सेवाओं की जानकारी प्राप्त करने में मदद मिलेगी। मंत्रालय ने आगे बताया कि एक बार यह सुविधा प्रारंभ होने पर मैपल्स ऐप पर उपयोगकर्ताओं की खोज उन्हें अधिकृत आधार केंद्रों तक ले जाएगी। इसके अतिरिक्त, मैपमाईइंडिया, यूआईडीएआई द्वारा प्रदान की गई आधार केंद्र जानकारी को मैपल्स प्लेटफॉर्म में एकीकृत करेगा ताकि आधार केंद्रों का सटीक प्रतिनिधित्व, डिजिटल मैपिंग और अलग-अलग सूची सुनिश्चित की जा सके।
17. केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने आईएनएस सुनयना को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
भारतीय नौसेना का ऑफशोर पेट्रोल वेसल आईएनएस सुनयना अब “आईओएस सागर” के रूप में एक खास अंतरराष्ट्रीय मिशन पर रवाना हो गया है। केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने मुंबई में भारतीय नौसेना के अपतटीय गश्ती पोत आईएनएस सुनयना को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इंडियन ओशन शिप -आईओएस सागर पोत पर भारत और सोलह मित्र देशों की नौसेना के जवान सवार हैं। आईओएस सागर मिशन को हिंद महासागर क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए शुरू किया गया है। यह मिशन करीब 50 दिनों तक चलेगा और इस दौरान जहाज दक्षिण-पूर्वी हिंद महासागर क्षेत्र के कई देशों का दौरा करेगा। इस जहाज पर अलग-अलग देशों के नौसैनिक मौजूद हैं, जो एक साथ ट्रेनिंग लेंगे और समुद्र में एक्सरसाइज करेंगे। इस दौरान संयुक्त अभ्यास, प्रशिक्षण और आपसी संवाद के जरिए देशों के बीच तालमेल बेहतर होगा और एक-दूसरे की कार्यशैली को समझने का मौका मिलेगा। आईओएस सागर अपने मिशन के दौरान कई महत्वपूर्ण देशों के बंदरगाहों पर जाएगा। जहाज श्रीलंका के कोलंबो, थाईलैंड के फुकेट, इंडोनेशिया के जकार्ता, सिंगापुर, बांग्लादेश के चटगांव, म्यांमार के यांगून और मालदीव के माले जैसे स्थानों पर पहुंचेगा। इसके बाद यह मिशन कोच्चि में समाप्त होगा।
18. संसद ने केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सामान्य प्रशासन) विधेयक पारित किया
केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सामान्य प्रशासन) विधेयक, 2026 लोकसभा की मंजूरी मिलने के बाद संसद में पारित हो गया है। राज्यसभा विधेयक को पहले ही पारित कर चुकी है। विधेयक में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों- सीएपीएफ में महानिरीक्षक के 50 प्रतिशत पदों को प्रतिनियुक्ति द्वारा भरने का प्रावधान है। अपर महानिदेशक के न्यूनतम 67 प्रतिशत पदों को प्रतिनियुक्ति द्वारा भरा जाएगा। विशेष महानिदेशक और महानिदेशक के सभी पद केवल प्रतिनियुक्ति द्वारा ही भरे जाएंगे।
19. केंद्रीय पर्यटन मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने नई दिल्ली में इंडियन गोल्फ प्रीमियर लीग के आधिकारिक फ्रेंचाइजी लॉन्च में भाग लिया
श्री गजेंद्र सिंह शेखावत, केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री, भारत सरकार, ने नई दिल्ली में इंडियन गोल्फ प्रीमियर लीग के आधिकारिक फ्रेंचाइजी लॉन्च में भाग लिया। इंडियन गोल्फ प्रीमियर लीग के लॉन्च का विशेष महत्व इसके उस ऐतिहासिक संकल्प में निहित है, जिसके तहत पूरे देश में विश्व-स्तरीय गोल्फ पर्यटन अवसंरचना के विकास हेतु 2 बिलियन USD निवेशजुटाने का लक्ष्य रखा गया है। यह पहल भारत को एक प्रीमियम गोल्फ पर्यटन गंतव्य के रूप में बढ़ावा देने, खेल, पर्यटन तथा अवसंरचना विकास का समेकन करने तथा उच्च-मूल्य वाले अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों एवं निवेशों को आकर्षित करने का उद्देश्य रखती है। इसके अतिरिक्त, यह पहल टियर-2 तथा टियर-3 शहरों में पर्यटन अवसरों का विस्तार करेगी और खेल उत्कृष्टता, आतिथ्य तथा आर्थिक विकास के समेकन के साथ एक सतत इकोसिस्टम का निर्माण करेगी।
VISIT TO YOUR WHATSAAP CHANNEL :https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F
VISIT TO YOUR YOUTUBE CHANNEL :https://youtube.com/@guruggkwala?si=TZD9ZVm9QJLjB9ed
VISIT TO YOUR TELEGRAM :https://t.me/guruggkwala1
THANKS TO SUPPORT GURUGGKWALA
