1 April 2026 Current Affairs -GurugGkwala

12–15 minutes


1. पीएम मोदी ने गांधीनगर में सम्राट संप्रति संग्रहालय का किया उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को भगवान महावीर की जयंती पर गांधीनगर के कोबा तीर्थ में स्थित सम्राट संप्रति संग्रहालय का उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद, पीएम मोदी ने दीर्घाओं का भ्रमण किया और विभिन्न प्रकार की प्रदर्शनियों का अवलोकन किया, जिनमें जटिल रूप से गढ़ी गई पत्थर और धातु की मूर्तियां, विशाल तीर्थ पट्टा और यंत्र पट्टा, लघु चित्र, चांदी के रथ, सिक्के और प्राचीन पांडुलिपियां शामिल थीं। अधिकारियों ने बताया कि संग्रहालय में विशाल हॉल में 2,000 से अधिक दुर्लभ कलाकृतियां प्रदर्शित की गई हैं, जो जैन दर्शन और प्रथाओं से जुड़ी सदियों पुरानी धरोहरों और पारंपरिक संग्रहों को संरक्षित करती हैं। गैलरियों में पारंपरिक प्रदर्शनों को आधुनिक डिजिटल और ऑडियो-विजुअल उपकरणों के साथ मिलाकर आगंतुकों, शोधकर्ताओं और विद्वानों के लिए एक गहन और आकर्षक अनुभव प्रदान किया गया है। आपको बता दें, महावीर जैन आराधना केंद्र परिसर में स्थित इस संग्रहालय में सात अलग-अलग खंड हैं, जिनमें से प्रत्येक भारत की सभ्यतागत परंपराओं के अनूठे पहलुओं को समर्पित है। यह आगंतुकों को सदियों पुराने ज्ञान और विरासत की एक व्यापक यात्रा के दर्शन कराता है।

2. पीएम मोदी ने गुजरात के साणंद में सेमीकंडक्टर ओएसएटी सुविधा का किया उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को गुजरात के साणंद में केन्स सेमीकॉन कीआउटसोर्स्ड सेमीकंडक्टर असेंबली और टेस्ट (ओएसएटी) सुविधा का उद्घाटन किया। इस प्लांट में अब कमर्शियल ऑपरेशन भी शुरू हो गए हैं। पीएम मोदी ने प्लांट का निरीक्षण किया और वहां के इंफ्रास्ट्रक्चर और चल रहे ऑपरेशंस का जायजा लिया।साणंद यूनिट लगभग 3,300 करोड़ रुपए के निवेश से स्थापित की गई है। यह प्लांट सेमीकंडक्टर असेंबली, पैकेजिंग और टेस्टिंग का काम करेगा, जो चिप मैन्युफैक्चरिंग वैल्यू चेन का अहम हिस्सा है। प्लांट में कमर्शियल प्रोडक्शन की शुरुआत इंटेलिजेंट पावर मॉड्यूल के निर्माण से हुई है। इन मॉड्यूल्स का इस्तेमाल इलेक्ट्रिक वाहनों, इंडस्ट्रियल सिस्टम और ऊर्जा-कुशल उपकरणों जैसे एप्लीकेशंस में बड़े पैमाने पर किया जाता है। हर मॉड्यूल में 17 चिप्स होंगे और इन्हें कैलिफोर्निया की कंपनी अल्फा और ओमेगा सेमीकंडक्टर को सप्लाई किया जाएगा। OSAT IPMs बनाने वाली देश की दूसरी सेमीकंडक्टर यूनिट होगी। पहली यूनिट माइक्रोन टेक्नोलॉजी है।

3. एयर डिफेंस सिस्टम होगा और मजबूत, वायुसेना के लिए माउंटेन रडार को मंजूरी

भारतीय वायुसेना के लिए लगभग 1,950 करोड़ रुपए की लागत से स्वदेशी माउंटेन रडार तैयार किए जाएंगे। ये अत्याधुनिक रडार दुर्गम क्षेत्रों में भी सटीकता के साथ काम करने में सक्षम हैं। विशेष रूप से पहाड़ी और कठिन सीमावर्ती इलाकों में भी दुश्मन की हवाई गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ये रडार उपयुक्त हैं। मंगलवार को रक्षा मंत्रालय और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड के बीच भारतीय वायुसेना के लिए दो माउंटेन रडार खरीदने को लेकर लगभग 1,950 करोड़ रुपए का यह महत्वपूर्ण समझौता हुआ है। यह समझौता 31 मार्च को नई दिल्ली में दोनों पक्षों के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ। रडार को DRDO की इलेक्ट्रॉनिक्स एंड रडार डेवलपमेंट इस्टैब्लिशमेंट (ERDE) यूनिट डिजाइन करेगी। वहीं, रडार को बनाने की जिम्मेदारी BEL को दी गई है। ये रडार 30°C से 55°C तक के टेम्परेचर में भी काम कर सकेंगे। रडार दुश्मन के ड्रोन, स्टील्थ फाइटर जेट को कैच कर सकता है। ये चीन और पाकिस्तान की सीमा पर नजर रखने के काम आएंगे। DRDO ने सेना के लिए ‘स्वाति’, ‘रोहिणी’, ‘अश्लेषा’, ‘भरणी’ और ‘राजेंद्र’ जैसे उन्नत रडार विकसित किए हैं, जो दुश्मन के ड्रोन, विमान और तोपखाने का पता लगाने में सक्षम हैं।

4. सरकार ने विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में नए सचिवों की नियुक्ति की

सरकार ने विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में नए सचिवों की नियुक्ति की। बिहार काडर के 1992 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा -आई ए एस अधिकारी चंचल कुमार को सूचना और प्रसारण मंत्रालय में सचिव नियुक्त किया गया है। सूचना और प्रसारण मंत्रालय के मौजूदा सचिव संजय जाजू को पूर्वोत्‍तर क्षेत्र विकास मंत्रालय में सचिव नियुक्त किया गया है। भुवनेश कुमार को पर्यटन सचिव और श्रीवत्स कृष्णा को अल्पसंख्यक मामलों का सचिव नियुक्त किया गया है। रोहित कंसल को ग्रामीण विकास विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है।

5. नई दिल्ली: ‘फेस्टिवल ऑफ लेटर्स’ साहित्य और भाषा का जीवंत उत्सव बना

नई दिल्ली के रवींद्र भवन परिसर, फिरोज़शाह मार्ग में आयोजित साहित्योत्‍सव – फेस्टिवल ऑफ लेटर्स, साहित्य, भाषा और अभिव्यक्ति का एक जीवंत उत्सव बनकर उभरा है। छह दिनों तक चलने वाला यह महोत्‍सव साहित्‍य अकादमी द्वारा आयोजित किया जा रहा है। इस आयोजन का उद्देश्य भारतीय भाषाओं की समृद्ध परंपरा को मंच देना,साहित्यिक संवाद को बढ़ावा देना और नई पीढ़ी को लेखन तथा रचनात्मकता से जोड़ना है। महोत्सव में हिंदी, उर्दू, अंग्रेज़ी, पंजाबी, बंगाली, मराठी और अन्य भारतीय भाषाओं को शामिल किया गया है। कार्यक्रम के तहत काव्य पाठ, साहित्यिक चर्चाएं, पुस्तक विमोचन, नाटक प्रस्तुति, संवाद सत्र और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जो साहित्य और कला के विविध आयामों को प्रस्तुत करते हैं।

6. आंध्र प्रदेश सरकार ने बुनकरों के लिए मुफ्त बिजली योजना शुरू की

आंध्र प्रदेश सरकार ने हथकरघा और बिजली से चलने वाले करघे बुनकरों के लिए मुफ्त बिजली योजना शुरू की है, जिसका उद्देश्य आर्थिक राहत प्रदान करना और संघर्ष कर रहे बुनाई क्षेत्र को मजबूत करना है। यह पहल  प्रभावी हो गई है। इस योजना के तहत, पात्र हथकरघा बुनकरों को प्रति माह 200 यूनिट तक बिजली मुफ्त मिलेगी, जबकि बिजली से चलने वाले करघे संचालकों को प्रति माह 500 यूनिट बिजली मुफ्त दी जाएगी। इस नीति से राज्य भर में लगभग 93 हजार हथकरघा परिवारों और 11 हजार 488 बिजली से चलने वाले करघे परिवारों को लाभ होने की उम्मीद है। इस योजना के क्रियान्वयन के लिए प्रतिवर्ष लगभग 150 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

7. मंगोलिया में, उचरल न्याम-ओसोर नए प्रधानमंत्री चुने गए

मंगोलिया में, उचरल न्याम-ओसोरनए प्रधानमंत्री चुने गए हैं। राजनीतिक अस्थिरता और आर्थिक दबावों के बढ़ते दौर में वे नौ महीने में देश के तीसरे प्रधानमंत्री बने हैं। संसद ने उन्हें भारी बहुमत से चुनकर सुधारवादी उम्मीदवार को जीत दिलाई। हफ्तों तक चले गतिरोध के बाद इनसे पहले के प्रधानमंत्री को इस्तीफा देना पड़ा था। उचरल पहले संसद अध्यक्ष और सत्तारूढ़ दल के नेता भी रह चुके हैं। एक पूर्व हिप-हॉप कलाकार से राजनेता बने उचरल ने बाद में डिजिटल विकास और संचार मंत्रालय संभाला, जहां उन्होंने पारदर्शिता और डिजिटल शासन सुधारों को बढ़ावा दिया।

8. नागोया प्रोटोकॉल के तहत आईआरसीसी जारी करने में भारत वैश्विक स्तर पर अग्रणी

नागोया प्रोटोकॉल (एबीएस) के तहत अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त अनुपालन प्रमाणपत्र (आईआरसीसी) जारी करने में भारत वैश्विक स्तर पर अग्रणी बन गया है। पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने बताया कि आईआरसीसी इस बात का आधिकारिक प्रमाण है कि आनुवंशिक संसाधनों के उपयोगकर्ताओं और प्रदाताओं के बीच पूर्व सूचित सहमति प्राप्त कर ली गई है और पारस्परिक रूप से सहमत शर्तें स्थापित की गई हैं। मंत्रालय ने कहा कि जैविक संसाधनों के उपयोग से उत्पन्न होने वाले लाभों की पारदर्शिता और उचित बंटवारे को सुनिश्चित करने में ये प्रमाणपत्र महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। एबीएस क्लियरिंग हाउस पर उपलब्ध नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, भारत ने विश्व स्तर पर जारी किए गए कुल 6,311 आईआरसीसी में से 3561 आईआरसीसी जारी किए हैं। यह सभी प्रमाणपत्रों का 56 प्रतिशत से अधिक है। इस प्लेटफॉर्म पर पंजीकृत एक सौ 42 देशों में से अब तक केवल 34 देशों ने ही आईआरसीसी जारी किए हैं। फ्रांस नौ सौ 64 प्रमाणपत्रों के साथ भारत के बाद दूसरे स्थान पर है। वहीं, स्पेन, अर्जेंटीना, पनामा और केन्या इससे पीछे हैं। भारत का सशक्त प्रदर्शन जैव विविधता अधिनियम 2002 के तहत पहुंच और लाभ-साझाकरण ढांचे के प्रभावी कार्यान्वयन को दर्शाता है।

9. भारतीय नौसेना को स्वदेशी स्टील्थ फ्रिगेट ‘दूनागिरी’ सौंपा गया- युद्धपोत निर्माण में आत्मनिर्भरता को एक बड़ा प्रोत्साहन

नीलगिरी श्रेणी (प्रोजेक्ट 17ए) के पांचवें और इस श्रेणी के दूसरे युद्धपोत, दूनागिरी (यार्ड 3023), को 30 मार्च 2026 को कोलकाता स्थित जीआरएसई में भारतीय नौसेना को सौंपा गया। इसका निर्माण गार्डन रीच शिपबिल्डिंग एंड इंजीनियर्स लिमिटेड (जीआरएसई) में किया गया है। प्रोजेक्ट 17ए फ्रिगेट बहुमुखी बहु-मिशन प्लेटफॉर्म हैं, जिन्हें समुद्री क्षेत्र में वर्तमान और भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए डिजाइन किया गया है। दूनागिरी, पूर्व में भारतीय नौसेना के बेड़े का हिस्सा रहे लिएंडर श्रेणी के फ्रिगेट आईएनएस दूनागिरी का नवीनतम स्वरूप है, जिसने 5 मई 1977 से 10 अक्टूबर 2010 तक 33 वर्षों तक राष्ट्र को गौरवशाली सेवा प्रदान की। युद्धपोत डिजाइन ब्यूरो (डब्ल्यूडीबी) द्वारा डिजाइन किए गए और युद्धपोत निरीक्षण दल (कोलकाता) द्वारा पर्यवेक्षित पी17ए फ्रिगेट स्वदेशी जहाज डिजाइन, स्टील्थ, उत्तरजीविता और युद्ध क्षमता में एक पीढ़ीगत उपलब्धि का प्रतीक हैं। पी17ए युद्धपोतों में पी17 (शिवालिक) श्रेणी के युद्धपोतों की तुलना में उन्नत हथियार और सेंसर लगे हैं । ये युद्धपोत संयुक्त डीजल या गैस (सीओडीओजी) प्रणोदन संयंत्रों से लैस हैं, जिनमें एक डीजल इंजन और एक गैस टरबाइन शामिल हैं जो प्रत्येक शाफ्ट पर एक नियंत्रणीय पिच प्रणोदक (सीपीपी) को संचालित करते हैं और अत्याधुनिक एकीकृत प्लेटफॉर्म प्रबंधन प्रणाली (आईपीएमएस) से सुसज्जित हैं।

10. मालवन का अंतरण – कोच्चि स्थित कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड द्वारा निर्मित उथले जल का दूसरा पनडुब्बी-रोधी युद्धपोत

कोच्चि स्थित कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड (सीएसएल) द्वारा निर्मित आठ उथले जल के पनडुब्बी-रोधी जहाजों (एएसडब्ल्यू एसडब्ल्यूसी) में से दूसरा युद्धपोत, ‘मालवान’, 31 मार्च 2026 को भारतीय नौसेना को सौंप दिया गया। इस पोत को कोच्चि स्थित सीएसएल द्वारा भारतीय नौसेना की विशिष्टताओं के अनुसार, डीएनवी के वर्गीकरण नियमों के तहत स्वदेशी रूप से डिजाइन और निर्मित किया गया है। ‘मालवन’ नाम महाराष्ट्र के ऐतिहासिक तटीय शहर मालवन से लिया गया है; यह क्षेत्र छत्रपति शिवाजी महाराज की गौरवशाली समुद्री विरासत से गहराई से जुड़ा हुआ है। यह पोत पूर्ववर्ती आईएनएस मालवन की विरासत को भी संजोए हुए है, जो भारतीय नौसेना का एक ‘माइनस्वीपर’ (बारूदी सुरंग हटाने वाला जहाज) था और 2003 तक सेवा में रहा था।

11. चौथे सर्वेक्षण पोत (विशाल) ‘संशोधक’ जीआरएसई कोलकाता में भारतीय नौसेना को सौंपा गया

भारतीय नौसेना के युद्धपोत डिजाइन ब्यूरो द्वारा संचालित अंतिम सर्वेक्षण पोत (विशाल) संशोधक (यार्ड 3028) को 30 मार्च 2026 को भारतीय नौसेना को सौंप दिया गया। इसका निर्माण गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स लिमिटेड (जीआरएसई) कोलकाता में किया गया है। चार बड़े सर्वेक्षण पोतों के लिए अनुबंध पर 30 अक्टूबर 2018 को हस्ताक्षर किए गए थे । इसी श्रेणी के पिछले पोत, आईएनएस संधायक, आईएनएस निर्देशक और आईएनएस इक्षक को क्रमशः 3 फरवरी 2024, 18 दिसंबर 2024 और 6 नवंबर 2025 को सेवा में शामिल किया गया था।

12. MS धोनी ने AI-ऑपरेटेड स्टोरीटेलिंग प्लेटफॉर्म कुकू में इंवेस्ट किया

31 मार्च को भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान एमएस धोनी ने AI-ऑपरेटेड स्टोरीटेलिंग प्लेटफॉर्म कुकू (Kuku) में निवेश किया। धोनी शॉर्ट-फॉर्म वीडियो और ड्रामा एप कुकू TV के ब्रांड एंबेसडर भी बन गए हैं। कुकू TV एप लाल चंद बिसु, विकास गोयल और विनोद कुमार मीना ने 2018 में स्थापित की थी। कुकू कई तरह की कहानियों का प्लेटफॉर्म है। इसमें शॉर्ट ड्रामा और ऑडियो पॉडकास्ट शामिल हैं। कंपनी ने हाल ही में अपनी पहली हिंदी फीचर फिल्म,’इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ जॉम्बीज’ (IIZ) रिलीज की है। इस प्लेटफॉर्म पर सात से ज्यादा भाषाओं और अलग-अलग तरह की 20,000 से ज्यादा कहानियां हैं, जिनमें से कई शो 100 मिलियन व्यूज का आंकड़ा पार कर चुके हैं। फरवरी में, कुकू ने AI-बेस्ड माइक्रोड्रामा की अपनी पहली सीरीज शुरू की थी। कुकू कंपनी के मुताबिक, अब तक 350 मिलियन से ज्यादा एप्स इंस्टॉल हो चुके हैं। धोनी ने कहा- कुकू TV प्लेटफॉर्म भारत के साथ-साथ ग्लोबल ऑडियंस के लिए भी एक अलग तरह का एंटरटेनमेंट देगा।

13. सूरीनाम के पूर्व राष्ट्रपति चंद्रिका प्रसाद संतोखी का निधन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सूरीनाम के पूर्व राष्ट्रपति चंद्रिका प्रसाद संतोखी के निधन पर दुख जताया और उनके व्यक्तिगत संबंध और भारत और सूरीनाम के बीच आपसी संबंधों को मजबूत करने में संतोखी की भूमिका को याद किया। सूरीनाम के पूर्व राष्ट्रपति चंद्रिकाप्रसाद संतोखी का 67 साल की उम्र में निधन हो गया है। संतोखी 2020 से 2025 तक राष्ट्रपति के पद पर अपनी जिम्मेदारी निभाते रहे। वह प्रोग्रेसिव रिफॉर्म पार्टी के नेता भी थे और इससे पहले देश में न्यायिक मंत्री का पद संभाल चुके थे। सूरीनाम केवानिका जिले के लेलीडॉर्प में जन्मे संतोखी एक इंडो-सूरीनाम हिंदू परिवार से थे और नौ भाई-बहनों में सबसे छोटे थे। उनके दादा-दादी 19वीं सदी में बिहार से बंधुआ मजदूर के तौर पर आए थे। उनके पिता पारामारिबो में बंदरगाह पर काम करते थे, जबकि उनकी मां एक दुकान में सहायक के तौर पर काम करती थीं।

VISIT TO YOUR WHATSAAP CHANNEL :https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F

VISIT TO YOUR YOUTUBE CHANNEL :https://youtube.com/@guruggkwala?si=TZD9ZVm9QJLjB9ed

VISIT TO YOUR TELEGRAM :https://t.me/guruggkwala1

THANKS TO SUPPORT GURUGGKWALA

Leave a Comment

Shopping Cart
Scroll to Top