9–11 minutes
1. भारत-यूके के बीच रक्षा संबंध मजबूत करने के लिए तीन दिवसीय दौरे पर पहुंचे ब्रिटेन के वायुसेना प्रमुख
उभरती वैश्विक सुरक्षा चुनौतियों के बीच भारत और यूनाइटेड किंगडम (यूके) के बीच रक्षा सहयोग को और मजबूत करने के उद्देश्य से ब्रिटेन के वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल सर हार्व स्माइथ भारत के तीन दिवसीय दौरे पर हैं। इस महत्वपूर्ण यात्रा को दोनों देशों के बीच सैन्य साझेदारी के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। अपनी यात्रा के दौरान उन्होंने भारतीय वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह से मुलाकात की। इस बैठक में दोनों देशों के बीच बदलते सुरक्षा परिदृश्य, आधुनिक खतरों और द्विपक्षीय सैन्य सहयोग को ज्यादा मजबूत करने के उपायों पर विस्तृत चर्चा हुई। गौरतलब है कि इसी वर्ष फरवरी में भारत और यूके के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता हुआ था, जिसके तहत भारतीय वायुसेना के तीन क्वालिफाइड फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर (क्यूएफआई) को यूके के रॉयल एयर फोर्स (आरएएफ) वैली में तैनात किया जाएगा। यह बेस ब्रिटिश फास्ट जेट पायलटों के प्रशिक्षण के लिए प्रमुख केंद्र है, जिससे दोनों देशों के बीच तकनीकी और प्रशिक्षण सहयोग को बढ़ावा मिलेगा।
2. अश्विनी वैष्णव ने लॉन्च की तीन बड़ी पहल, एआई कौशल और डिजिटल कंटेंट को मिलेगा बढ़ावा
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सुलभ प्रौद्योगिकी और मजबूत डिजिटल कंटेंट इकोसिस्टम को बढ़ावा देने के उद्देश्य से तीन नई पहलों का अनावरण किया। इन पहलों में एआई कौशल प्रशिक्षण, नागरिकों के लिए कंटेंट प्लेटफॉर्म और टीवी देखने की सुविधा को आसान बनाना शामिल है। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने गूगल और यूट्यूब के साथ साझेदारी में 15,000 रचनाकारों और मीडिया पेशेवरों के लिए राष्ट्रीय एआई कौशल प्रशिक्षण पहल शुरू की है। यह कार्यक्रम भारतीय सृजनात्मक प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईसीटी) के माध्यम से संचालित होगा। इस पहल का उद्देश्य एनीमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग, कॉमिक्स (एवीजीसी) और मीडिया टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में एआई क्षमताओं को मजबूत करना है। मंत्रालय ने वेव्स ओटीटी प्लेटफॉर्म के तहत ‘मायवेव्स’ फीचर लॉन्च किया है। यह एक यूजर-जनरेटेड कंटेंट प्लेटफॉर्म है, जहां नागरिक अपनी सामग्री बना, अपलोड और साझा कर सकेंगे। यह प्लेटफॉर्म शॉर्ट वीडियो, वर्टिकल वीडियो और एपिसोडिक कंटेंट जैसे कई फॉर्मेट को सपोर्ट करेगा और भारतीय भाषाओं में उपलब्ध होगा। इससे उभरते रचनाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच मिलेगा। सरकार ने टीवी देखने के अनुभव को सरल बनाने के लिए बिल्ट-इन सैटेलाइट ट्यूनर वाले टीवी और नया उन्नत प्रोग्राम गाइड (ईपीजी) भी पेश किया है। अब दर्शकों को डीडी फ्री डिश चैनल देखने के लिए अलग से सेट-टॉप बॉक्स की जरूरत नहीं होगी। इससे अतिरिक्त खर्च, वायरिंग और कई रिमोट के झंझट से राहत मिलेगी।
3. ग्रामीण विकास मंत्रालय ने लॉन्च किया रियल-टाइम ऑडिट पोर्टल, पारदर्शिता और जवाबदेही को मिलेगा बढ़ावा
डिजिटल-प्रथम शासन की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए ग्रामीण विकास मंत्रालय (एमओआरडी) ने रियल-टाइम आंतरिक लेखा परीक्षा पोर्टल लॉन्च किया है। यह प्लेटफॉर्म पारंपरिक मैन्युअल सिस्टम को बदलकर ऑडिट प्रक्रिया को केंद्रीकृत डिजिटल व्यवस्था में परिवर्तित करेगा, जिससे पारदर्शिता और जवाबदेही में उल्लेखनीय सुधार होगा। राष्ट्रीय सूचना केंद्र (एनआईसी) द्वारा विकसित इस पोर्टल की आधिकारिक समीक्षा की गई, जिसमें वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। इस डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए अब ऑडिट प्रक्रियाओं की निगरानी रीयल-टाइम में संभव हो सकेगी।
4. किन्नौर के शिपकी-ला दर्रे से भारत-चीन व्यापार बहाल, एक जून से फिर से शुरुआत
हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में स्थित शिपकी-ला मार्ग से भारत और चीन के बीच सीमा व्यापार एक जून से फिर से शुरू होने जा रहा है। व्यापार के सुचारू रूप से संचालन के लिए किन्नौर जिला प्रशासन ने तैयारी तेजी कर दी हैं। पूह उपमंडल की नामग्या पंचायत के छुपान क्षेत्र में व्यापारियों के लिए गोदाम और दुकानें बनाई जाएंगी। इस व्यापार व्यवस्था के अन्तर्गत 40 प्रकार के उत्पादों का आदान-प्रदान किया जायेगा। इसमें आटा, चावल, गुड़, तेल, हल्दी, मसाले, नमक, कालीन, बर्तन और सूखे मेवे जैसे स्थानीय उत्पाद शामिल हैं।
5. समय से पहले जन्म के बारे में एआई-आधारित समाधान विकसित करने के लिए भारत की 12,000 महिलाओं पर सबसे बड़ा प्रेग्नेंसी कोहोर्ट अध्ययन: डॉ. जितेंद्र सिंह
केंद्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी, पृथ्वी विज्ञान राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), और प्रधानमंत्री कार्यालय, कार्मिक, लोक शिकायत, पेंशन, परमाणु ऊर्जा और अंतरिक्ष मामलों के राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि GARBH-INi पहल के तहत 12,000 महिलाओं पर भारत के सबसे बड़े प्रेग्नेंसी कोहोर्ट अध्ययन का उद्देश्य प्रीटर्म जन्मों (समय से पहले जन्म) की समस्या को हल करने के लिए स्वदेशी, एआई-आधारित समाधान विकसित करना है। समय से पहले जन्म, नवजात मृत्यु दर और वयस्क अवस्था में रुग्णता (बीमारी) के प्रमुख कारणों में से एक है। डॉ. जितेंद्र सिंह नई दिल्ली स्थित इंडिया हैबिटेट सेंटर में “GARBH-INi (जन्म परिणामों पर उन्नत अनुसंधान के लिए अंतर्विषयक समूह) के निष्कर्षों और परिणामों का प्रसार” नामक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस पहल ने राष्ट्रीय बायो-रिपॉजिटरी और GARBH-INi-DRISHTI डेटा-साझाकरण मंच भी स्थापित किया है, जिससे अनुसंधान समुदाय के लिए व्यापक पहुंच संभव हुई है और वैश्विक वैज्ञानिक प्रकाशनों में योगदान मिल रहा है। इस अवसर पर, प्रमुख साझेदारियों और प्रौद्योगिकी हस्तांतरण कार्यक्रमों को औपचारिक रूप दिया गया; इनमें सुन्दयोता नुमांडिस प्रोबायोस्यूटिकल्स प्रा. लिमिटेड को माइक्रोबायोम-आधारित बायोथेराप्यूटिक्स प्रौद्योगिकी का हस्तांतरण, और GARBH-INi-AnandiMaa पहल के तहत एआई-सक्षम अल्ट्रासाउंड रिपोर्टिंग प्रणाली तथा जोखिम स्तरीकरण मंचों के लिए DOTO हेल्थ प्राइवेट लिमिटेड और Qure.ai टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड के साथ आशय पत्रों पर हस्ताक्षर शामिल हैं। मंत्री ने वैज्ञानिक अनुसंधान में उनके योगदान के लिए भाग लेने वाले परिवारों को सम्मानित भी किया।
6. रेलवे की नई पहल: QR कोड से पहचान योग्य फूड पैकेट, अनधिकृत वेंडिंग पर सख्ती
रेल यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भारतीय रेलवे ने एक बड़ा कदम उठाया है। अब ट्रेनों में कैटरिंग से जुड़े स्टाफ और वेंडर्स के लिए QR कोड आधारित आईडी कार्ड अनिवार्य कर दिए गए हैं। इस पहल का उद्देश्य अनधिकृत वेंडिंग पर रोक लगाना और यात्रियों को सुरक्षित व भरोसेमंद सेवा देना है। खाने को लेकर अधिकतर रेलवे यात्रियों की काफी ज्यादा समस्याएं रहती हैं। यात्रियों की पुरानी शिकायत यही रही है, कि उन्हें बासी या बेस्वाद खाना परोसा जा रहा है। IRCTC ने इसी समस्या को देखते हुए क्यूआर कोड (QR कोड) की सुविधा शुरू की है, जो फूड पैकेट्स पर लगा होगा। इन QR कोड को स्कैन करते ही खाना बनने का समय, पैकिंग की तारीख समेत अन्य जरूरी डिटेल्स सामने आ जाएंगी। यह फैसिलिटी अवैध वेंडरों पर रोक लगाने और यात्रियों की सुरक्षा भी सुनिश्चित करेगी।
7. ओडिशा: पहली राष्ट्रीय इंडोर एथलेटिक्स प्रतियोगिता कलिंगा स्टेडियम में होगी शुरू
भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में पहली राष्ट्रीय इंडोर एथलेटिक्स प्रतियोगिता शुरू होगी। इसके साथ ही देश में ट्रैक और फील्ड प्रतियोगिताओं के क्षेत्र में नए अध्याय की शुरूआत होगी। दो दिन की इस प्रतियोगिता में 97 महिला एथलीट सहित 278 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। आयोजकों के अनुसार यह चैंपियनशिप भारत में इंडोर एथलेटिक्स के कैलेंडर को सशक्त बनाने और खिलाडियों को सीजन के प्रारंभ में ही प्रतियोगिताओं के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ही विकसित की गई है।
8. विश्व मौसम दिवस
हर वर्ष 23 मार्च को विश्व मौसम विज्ञान दिवस बनाया जाता है। इस वर्ष का विषय है आज का अवलोकन, कल की सुरक्षा। यह दिवस विश्व मौसम विज्ञान संगठन – डब्ल्यूएमओ की स्थापना के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। डब्ल्यूएमओ की स्थापना 1950 में हुई थी। डब्ल्यूएमओ की महासचिव सेलेस्टे साउलो ने कहा कि प्रत्येक पूर्वानुमान के पीछे लाखों अवलोकन होते हैं
9. विश्व भालू दिवस
विश्व भालू दिवस एक वैश्विक आयोजन है जो प्रतिवर्ष 23 मार्च को मनाया जाता है ताकि भालू की सभी आठ प्रजातियों के संरक्षण और पृथ्वी की जैव विविधता में उनके महत्व की वकालत की जा सके। इसका उद्देश्य भालुओं की “संवेदनशीलता” को जगाना और उनके सिकुड़ते आवासों को संरक्षित करने की तत्काल आवश्यकता पर बल देना है। विश्व भालू दिवस 2026 के अवसर पर, वैश्विक संरक्षण समुदाय प्रकृति के सबसे लचीले लेकिन साथ ही सबसे अधिक संवेदनशील शीर्ष शिकारी जीवों में से एक को सम्मानित करता है। इस वर्ष का विषय,“पर्यावासों की रक्षा करना, संवेदनशीलता को संरक्षित करना,” भालुओं की भावनात्मक और संज्ञानात्मक जटिलता को पहचानने की दिशा में एक बदलाव को दर्शाता है।
10. महान स्वतंत्रता सेनानियों भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव का शहादत दिवस
भारत में शहीद दिवस 23 मार्च को मनाया जाता है, जिसमें भगत सिंह, शिवराम राजगुरु और सुखदेव थापर के बलिदान को याद किया जाता है। इन्हें ब्रिटिश सरकार ने 1931 में इसी दिन फांसी दी थी। यह दिन केवल इतिहास का स्मरण नहीं है, बल्कि साहस, युवाओं की शक्ति और स्वतंत्रता की भावना का प्रतीक है। इन्हें वर्ष 1931 आज ही के दिन लाहौर की केंद्रीय जेल में फांसी दी गई थी। इन तीनों क्रांतिकारियों पर 17 दिसंबर, 1928 को ब्रिटिश पुलिस अधिकारी सांडर्स की गोली मारकर हत्या करने का आरोप था।
VISIT TO YOUR WHATSAAP CHANNEL :https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F
VISIT TO YOUR YOUTUBE CHANNEL :https://youtube.com/@guruggkwala?si=TZD9ZVm9QJLjB9ed
VISIT TO YOUR TELEGRAM :https://t.me/guruggkwala1
THANKS TO SUPPORT GURUGGKWALA
