20 March 2026 Current Affairs -GurugGkwala

10–13 minutes


1. वरिष्ठ राजनयिक विक्रम दुरईस्वामी को चीन में भारत का राजदूत नियुक्त किया

वरिष्ठ राजनयिक विक्रम दुरईस्वामी को चीन में भारत का राजदूत नियुक्त किया गया है। वे प्रदीप कुमार रावत का स्थान लेंगे। श्री दुरईस्वामी 1992 बैच के भारतीय विदेश सेवा अधिकारी हैं। वे वर्तमान में ब्रिटेन में भारतीय उच्चायुक्त के पद पर कार्यरत हैं।

2. सरकार ने पश्चिम एशिया संघर्ष से प्रभावित भारतीय निर्यातकों की सहायता के लिए रिजिलियेंस और लॉजिस्टिक हस्तक्षेप योजना शुरू की

सरकार ने पश्चिम एशिया संघर्ष से प्रभावित भारतीय निर्यातकों को सहायता प्रदान करने के लिए निर्यात प्रोत्साहन के लिए रिजिलियेंस और लॉजिस्टिक इंटरवेंशन योजना शुरू की है। विदेश व्यापार महानिदेशक लव अग्रवाल ने नई दिल्ली में संवाददाता सम्मेलन में बताया कि 14 फरवरी से 15 मार्च के बीच जारी किए गए बिलों के साथ समुद्री और हवाई मार्ग से भेजे जाने वाले शिपमेंट इस योजना के अंतर्गत आएंगे। इनमें प्रमुख मध्य पूर्व क्षेत्रों से आने-जाने वाले कार्गो भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि निर्यातकों को बिना किसी प्रीमियम वृद्धि के 100 प्रतिशत तक कवरेज प्राप्त होगा और अतिरिक्त लागत सरकार वहन करेगी। श्री अग्रवाल ने बताया कि यह योजना पूर्ण, आंशिक और रेफ्रीजरेटिड कंटेनरों को भी कवर करती है, जिससे विशेष रूप से सूक्ष्म, लघु तथा मध्यम उद्यमों को सहायता मिलेगी और आपूर्ति श्रृंखला की निरंतरता बनी रहेगी।

3. भारतीय सेना की दक्षिणी कमान ने अमोघ ज्वाला अभ्यास का संचालन किया

भारतीय सेना की दक्षिणी कमान ने बबीना फील्ड फायरिंग रेंज में अमोघ ज्वाला अभ्यास का संचालन किया। इस अभ्यास में बहु-क्षेत्रीय परिचालन वातावरण में हेलीकॉप्टर, लड़ाकू विमान, ड्रोन, ड्रोन-रोधी प्रणाली और उन्नत प्रौद्योगिकी के उपयोग के माध्यम से अभ्‍यास का प्रदर्शन किया गया। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि अभ्यास में समन्वित गोलाबारी और युद्धाभ्यास, वास्तविक समय में ड्रोन-आधारित निगरानी और लक्ष्य प्राप्ति, वायु रक्षा और रात्रि युद्ध क्षमताओं का प्रदर्शन निर्बाध रूप से किया गया। मंत्रालय ने कहा कि अभ्यास में भविष्य के लिए तैयार सेना की बढ़ती युद्ध क्षमता को दर्शाया गया।

4. एकीकृत रक्षा स्टाफ मुख्यालय और इसरो के अंतरिक्ष अनुप्रयोग केंद्र ने एक सहमति-पत्र पर हस्ताक्षर किए

एकीकृत रक्षा स्टाफ मुख्यालय और भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन- इसरो के अंतरिक्ष अनुप्रयोग केंद्र ने सशस्त्र बलों के लिए मौजूदा उपग्रह-आधारित दूरसंचार नोड्स के रख-रखाव और अतिरिक्त नोड्स की आपूर्ति के लिए एक सहमति-पत्र पर हस्ताक्षर किए हैं। रक्षा मंत्रालय ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि दोनों पक्षों ने मौजूदा उपग्रह-आधारित टेलीमेडिसिन व्यवस्था की समीक्षा की और अगली पीढ़ी के नोड्स के लिए कार्ययोजना पर चर्चा की।

5. दिल्ली विधानसभा में एआई चैटबॉट ‘विधान साथी’ लॉन्च

दिल्ली विधानसभा ने तकनीक की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए विधायकों के लिए एआई आधारित चैटबॉट ‘विधान साथी’ लॉन्च किया है। इसके साथ ही दिल्ली विधानसभा देश की पहली ऐसी विधानसभा बन गई है, जिसने इस तरह की तकनीकी सुविधा शुरू की है। विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि विधायकों को सीमित समय में जटिल कानूनों और नीतियों पर काम करना पड़ता है, ऐसे में ‘विधान साथी’ उन्हें स्पष्ट और विश्वसनीय जानकारी उपलब्ध कराएगा, जिससे सदन में चर्चा अधिक प्रभावी और तथ्य आधारित हो सकेगी। यह चैटबॉट आगामी 23 मार्च से शुरू होने वाले बजट सत्र से उपयोग के लिए उपलब्ध होगा। यह विधायकों को बिल, कानून और नीतिगत मुद्दों पर डेटा आधारित विश्लेषण और जानकारी प्रदान करेगा। सदस्य स्क्रीनशॉट अपलोड कर तुरंत उसका विश्लेषण भी प्राप्त कर सकेंगे।

6. जनजातीय मंत्रालय ने प्रीमियम सिग्नेचर ब्रांड “रीसा: टाइमलेस ट्राइबल” का शुभारंभ किया

भारत की समृद्ध आदिवासी विरासत कोवैश्विक फैशन और जीवनशैली में अग्रणी बनाने की दिशा में एक अभूतपूर्व पहल के तहत, जनजातीय कार्य मंत्री श्री जुएल ओराम ने 18 मार्च 2026 को नई दिल्ली के सुंदर नर्सरी में एक प्रीमियम सिग्नेचर ब्रांड, “रीसा: टाइमलेस ट्राइबल” का शुभारंभ किया। प्रीमियम सिग्नेचर ब्रांड रीसा का उद्देश्य जनजातीय करघों और शिल्प परंपराओं को संरक्षित करना और जनजातीय कपड़े/परिधान, कढ़ाई तथा हस्तशिल्प के प्रति जागरूक उपभोक्ताओं का ध्यान आकर्षित करना और उनमें रुचि पैदा करना है। इस पहल का लक्ष्य जनजातीय उत्पादों के लिए एक अनूठी ब्रांड पहचान बनाना है, जिससे भारत के जातीय समुदायों की शिल्पकारी को घरेलू और अंतरराष्ट्रीय प्रीमियम बाजारों में उचित स्थान मिल सके। रीसा को पारंपरिक तकनीकों और समकालीन मांग के बीच की खाई को पाटने के लिए डिजाइन किया गया है। जनजातीय कार्य मंत्रालय के उप-सचिव एनएस राजी के अनुसार, परियोजना के पहले चरण में 10 क्लस्टर शामिल होंगे, जिनमें पांच में जनजातीय बुनाई, दो में कढ़ाई और तीन में शिल्प शामिल होंगे।

7. भूपतिराजु अनमिश वर्मा ने सात ज्वालामुखी चोटियों पर सबसे तेज चढ़ाई का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया

भारत के भूपतिराजु अनमिश वर्मा ने सात ज्वालामुखी चोटियों पर सबसे कम समय में चढ़ाई करने का रिकॉर्ड बनाकर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराया है। आंध्रप्रदेश के विशाखापत्तनम निवासी अनमिश ने इन चोटियों पर 92 दिन, 4 घंटे और 45 मिनट में चढ़ाई की। उन्होंने 23 अक्टूबर 2024 को रूस में माउंट एल्ब्रस पर चढ़ाई शुरू की थी और 23 जनवरी 2025 को अंटार्कटिका में सातवीं चोटी माउंट सिडली पर पहुंचे।

8. शिक्षक और एडटेक उद्यमी अलख पांडे ने फोर्ब्स की विश्व अरबपतियों की फोर्ब्स सूची में जगह बनाई

भारतीय शिक्षक और एडटेक उद्यमी अलख पांडे ने फोर्ब्स की विश्व अरबपतियों की फोर्ब्स सूची में जगह बनाई है। वे इस वर्ष भारत के 229 अरबपतियों में शामिल हुए हैं। इस सूची में शामिल भारतीयों में सबसे अमीर मुकेश अंबानी और दूसरे सबसे अमीर गौतम अडानी हैं। ओ.पी. जिंदल समूह की प्रमुख सावित्री जिंदल देश की तीसरी अमीर महिला बन गई हैं। वे भारत की 20 महिला अरबपतियों के समूह का प्रतिनिधित्‍व कर रही हैं। सभी भारतीय अरबपतियों में सबसे अधिक कमाई देश के चौथे अमीर व्यक्ति लक्ष्मी मित्तल ने की है जो इस्पात कारोबार से जुड़े हैं। इस साल की टॉप 10 सूची में कोटक महिंद्रा बैंक के संस्थापक उदय कोटक भी शामिल हैं। इन्‍हें हाल ही में पद्म भूषण से सम्मानित किया गया है। पेटीएम के संस्थापक विजय शेखर शर्मा ने भी इस वर्ष फिर से इस सूची में जगह बनाई है।

9. भारत की ऊर्जा क्षमता जनवरी 2026 तक बढ़कर हुई 520.51 गीगावाट

भारत की ऊर्जा क्षमता बढ़कर जनवरी 2026 तक 520.51 गीगावाट हो गई है। बिजली की कमी दिसंबर 2025 में कम होकर 0.03 प्रतिशत हो गई है, जो वित्त वर्ष 14 में 4.2 प्रतिशत थी। यह जानकारी सरकार की ओर से गुरुवार को दी गई। सरकार की ओर से भारत इलेक्ट्रिसिटी समिट 2026 से पहले निकाले गए दस्तावेज में कहा गया कि वित्त वर्ष 26 में (31 जनवरी, 2026 तक ) देश की ऊर्जा क्षमता (सभी स्रोतों से) में 52,537 मेगावाट (52.53 गीगवाट) की वृद्धि हुई है। इसमें रिन्यूएबल एनर्जी की हिस्सेदारी 39,657 मेगावाट (39.65 गीगावाट) है, जिसमें 34,955 मेगावाट की सोलर क्षमता और 4,613 मेगावाट की विंड क्षमता शामिल है।

10. पुणे के कृषि महाविद्यालय में 20 से 23 मार्च तक गौ-तकनीक 2026 नामक भव्य प्रदर्शनी का आयोजन

महाराष्ट्र गोसेवा आयोग,ग्लोबल कॉन्फेडरेशन ऑफ काउ-बेस्ड इंडस्ट्रीज और विभिन्न संगठनों के सहयोग से, पुणे के कृषि महाविद्यालय में 20 से 23 मार्च तक गौ-तकनीक 2026 नामक भव्य प्रदर्शनी का आयोजन करेगा। प्रदर्शनी का उद्देश्य गौ-आधारित कृषि को बढ़ावा देना और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है। साथ ही ग्राम उद्योगों को प्रोत्साहित करना और बाजार के अवसरों को बढ़ाना भी है। यह पहल विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को प्राप्‍त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

11. HDFC बैंक के पार्ट टाइम चेयरमैन अतनु चक्रवर्ती ने इस्तीफा दिया

18 मार्च को HDFC बैंक के पार्ट टाइम चेयरमैन और स्वतंत्र डायरेक्टर अतनु चक्रवर्ती ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। अतनु ने नैतिक कारणों का हवाला देते हुए लिखा, ‘कुछ ऐसे अनैतिक काम हो रहे हैं, जो मेरे पर्सनल वैल्यू और एथिक्स के खिलाफ हैं, इसीलिए अब अलग होने का समय आ गया है।’ अतनु मई 2021 में HDFC बैंक के बोर्ड में शामिल हुए थे। अतनु गुजरात कैडर, 1985 बैच से रिटायर्ड IAS हैं। अतनु ने 2002 से लेकर साल 2007 तक वित्त मंत्रालय में अपनी सेवाएं दी। वे पहले डायरेक्टर और बाद में जॉइंट सेक्रेटरी भी रहे। अतनु के कार्यकाल में सबसे बड़ा HDFC लि. और HDFC बैंक का 40 बिलियन का मर्जर हुआ था। 2019-20 में अतनु मिनिस्ट्री ऑफ फाइनेंस सेक्रेटरी में इकोनॉमिक अफेयर के सेक्रेटरी रहे।

12. भारत ने ऑस्ट्रेलियन स्किल अथॉरिटी के साथ समझौता किया

नेशनल काउंसिल फॉर वोकेशनल एजुकेशन एंड ट्रेनिंग (NCVET) ने ऑस्ट्रेलियन स्किल अथॉरिटी (ASQA) के साथ नई दिल्ली में एक द्विपक्षीय बैठक की। इस बैठक का उद्देश्य बिजनेस एजुकेशन, ट्रेनिंग एंड स्किल (VETS) सेक्टर्स में कोलैबोरेट करना और नॉलेज एक्सचेंज करना था। कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय के मुताबिक, VETS की बैठक में इकोसिस्टम के भीतर रेगुलेटरी फ्रेमवर्क और ऑपरेशन्स में आने वाले चैलेंजेस को लेकर एक फ्रेमवर्क तैयार किया गया। दोनों देश मिलकर स्टूडेंट्स और वर्कर्स को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ग्रीन जॉब्स एंड एनर्जी, एडवांस मैन्युफैक्चरिंग, डिजिटल टेक्नोलॉजी और जॉइंट वोकेशनल प्रोग्राम सिखाएंगे।

13. Commonwealth Youth Games: अगले साल 29 अक्टूबर से 4 नवंबर तक माल्टा में आयोजन, 14 से 18 साल की उम्र के एथलीट्स लेंगे हिस्सा

कॉमनवेल्थ यूथ गेम्स 2027 का उद्घाटन 29 अक्टूबर को माल्टा में होगा, जिसके बाद 30 अक्टूबर से 4 नवंबर तक छह दिनों का खेल कार्यक्रम चलेगा। यूथ गेम्स में 14 से 18 साल की उम्र के करीब 1,200 एथलीट्स कॉमनवेल्थ के 74 देशों और क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करेंगे। कॉमनवेल्थ यूथ गेम्स 2027 में 8 खेल शामिल होंगे। इनमें तैराकी और पैरा तैराकी, एथलेटिक्स और पैरा एथलेटिक्स, नेटबॉल, नौकायन, स्क्वैश, ट्रायथलॉन, वाटर पोलो और भारोत्तोलन हैं। यह प्रतियोगिताएं माल्टा और गोजो द्वीपों पर स्थित 7 जगहों पर आयोजित की जाएंगी। इन वेन्यू में कॉटनरा इंडोर पूल, ताल-क्रोक नेशनल पूल, मार्स एथलेटिक्स स्टेडियम, मार्स स्पोर्ट्स सेंटर, मेलिहा बे, गोजो इंडोर स्पोर्ट्स पवेलियन और मार्सलफोर्न बे शामिल हैं। माल्टा 2027 कॉमनवेल्थ यूथ गेम्स के इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा पैरा गेम्स कार्यक्रम आयोजित करके एक महत्वपूर्ण माइलस्टोन स्थापित करने के लिए तैयार है। यह उपलब्धि 2023 में त्रिनिदाद और टोबैगो में हुए पिछले संस्करण में पैरा एथलेटिक्स को शामिल किए जाने की सफलता पर आधारित है।

14. वर्ल्ड एथलेटिक्स इंडोर चैम्पियनशिप 2028: भुवनेश्वर करेगा मेजबानी

वर्ल्ड एथलेटिक्स काउंसिल ने भारत को इंडोर चैंपियनशिप 2028 की मेजबानी के अधिकार दिए हैं। इसकी पुष्टि गुरुवार को एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एएफआई) के अध्यक्ष बहादुर सिंह सग्गू ने की। एएफआई अध्यक्ष ने कहा, “भारत भुवनेश्वर में वर्ल्ड एथलेटिक्स इंडोर चैंपियनशिप 2028 की मेजबानी करेगा। यह वैश्विक प्रतियोगिता कलिंगा इंडोर स्टेडियम में आयोजित की जाएगी।” भारत को गुरुवार को पोलैंड के टोरून में वर्ल्ड एथलेटिक्स काउंसिल की बैठक के दौरान वर्ल्ड एथलेटिक्स इंडोर चैंपियनशिप के 2028 संस्करण की मेजबानी सौंपी गई। टोरून 20 से 22 मार्च तक 2026 संस्करण की मेजबानी भी कर रहा है। इसके अलावा, भारत ने पहले 2004 में नई दिल्ली में वर्ल्ड हाफ मैराथन की मेजबानी की थी।

VISIT TO YOUR WHATSAAP CHANNEL :https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F

VISIT TO YOUR YOUTUBE CHANNEL :https://youtube.com/@guruggkwala?si=TZD9ZVm9QJLjB9ed

VISIT TO YOUR TELEGRAM :https://t.me/guruggkwala1

THANKS TO SUPPORT GURUGGKWALA

Leave a Comment

Shopping Cart
Scroll to Top