17 March 2026 Current Affairs -GurugGkwala

11–14 minutes


1. भारत ने जैविक विविधता सम्मेलन में अपनी सातवीं राष्ट्रीय रिपोर्ट प्रस्तुत की

पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने जैविक विविधता पर सम्मेलन (सीबीडी) को भारत की सातवीं राष्ट्रीय रिपोर्ट (एनआर-7) प्रस्तुत की है, जिसमें सम्मेलन के तीन उद्देश्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की गई है: जैविक विविधता का संरक्षण, इसके घटकों का सतत उपयोग और आनुवंशिक संसाधनों से उत्पन्न होने वाले लाभों का निष्पक्ष और समान बंटवारा। एनआर-7 रिपोर्ट भारत की अद्यतन राष्ट्रीय जैव विविधता रणनीति और कार्य योजना (एनबीएसएपी 2024-2030) और कुनमिंग-मॉन्ट्रियल वैश्विक जैव विविधता ढांचा (केएमजीबीएफ) के अनुरूप एक व्यापक, संकेतक-आधारित राष्ट्रीय मूल्यांकन प्रस्तुत करती है। यह रिपोर्ट 23 राष्ट्रीय जैव विविधता लक्ष्यों (एनबीटी) की अपेक्षा 142 राष्ट्रीय संकेतकों पर आधारित है। इस मूल्यांकन में 33 केंद्रीय मंत्रालयों/विभागों, राज्य सरकारों, वैधानिक प्राधिकरणों, अनुसंधान संस्थानों और अन्य हितधारकों से प्राप्त समन्वित सुझावों को शामिल किया गया है।
भारत ने जैव विविधता को समाहित करने वाली भू-आकृति एवं समुद्री परिदृश्य योजना को काफी मजबूत किया है। दर्ज वन क्षेत्र 7,75,377 वर्ग किमी (भौगोलिक क्षेत्र का 23.59 प्रतिशत) है, जिसमें से वन आवरण 5,20,365 वर्ग किमी (15.83 प्रतिशत) है। कुल वन एवं वृक्ष आवरण 8,27,356.95 वर्ग किमी (25.17 प्रतिशत) तक पहुंच गया है, जो निरंतर स्थानिक योजना एकीकरण को दर्शाता है। अंतरराष्ट्रीय महत्व के अधिसूचित रामसर आर्द्रभूमियों की संख्या 2014 में 26 से बढ़कर 2026 तक 98 हो गई है।
भारत के संरक्षण नेटवर्क में अब 58 बाघ अभ्यारण्य, 33 हाथी अभ्यारण्य, 18 जीवमंडल अभ्यारण्य, 106 राष्ट्रीय उद्यान और 574 वन्यजीव अभ्यारण्य शामिल हैं। भारत में 3,682 बाघ हैं (वैश्विक बाघ आबादी का 70 प्रतिशत से अधिक)। पहले हिम तेंदुआ जनसंख्या आकलन के अनुसार, भारत में 4,014 एक सींग वाले गैंडे, 22,446 जंगली हाथी, 891 एशियाई शेर और लगभग 718 हिम तेंदुए हैं। डॉल्फिन परियोजना के तहत, नदी डॉल्फिन की आबादी के पहले आकलन की रिपोर्ट को अंतिम रूप देकर जारी किया गया है, जिसमें देश में 6,327 नदी डॉल्फिन की आबादी बताई गई है।
भारत ने 22 कृषि जैव विविधता हॉटस्पॉट का दस्तावेजीकरण किया है और विविधता, विशिष्टता और कृषि विरासत के आधार पर 171 देशी फसलों और 230 देशी पशु नस्लों, 769 जंगली पौधों (सीडब्ल्यूआर) के संरक्षण को प्राथमिकता दी है।

2. प्रसिद्ध लेखिका ममता कालिया और नवतेज सरना को मिला 2025 का साहित्य अकादमी पुरस्कार

साहित्य अकादमी ने 24 भारतीय भाषाओं में साहित्य अकादमी पुरस्कार 2025 के विजेताओं की घोषणा की। प्रतिष्ठित निर्णायक मंडल के सदस्यों द्वारा अनुशंसित इन पुरस्कारों को साहित्य अकादमी के सक्षम प्राधिकारी द्वारा अनुमोदित किया गया था। सभी पुरस्कार इस महीने की 31 तारीख को नई दिल्ली में प्रदान किए जाएंगे। इस वर्ष आठ काव्य संग्रह, चार उपन्यास, छह लघु कथाएँ और दो निबंधों को साहित्य अकादमी पुरस्कार 2025 से सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा, एक साहित्यिक आलोचना, एक आत्मकथा और दो संस्मरणों का भी चयन किया गया है। प्रख्यात लेखिका ममता कालिया को उनके हिंदी संस्मरण ‘जीते जी इलाहाबाद’ के लिए सम्मानित किया जाएगा। वहीं, प्रख्यात राजनयिक नवतेज सरना को उनके अंग्रेजी उपन्यास ‘क्रिमसन स्प्रिंग’ के लिए पुरस्कार मिलेगा। साथ ही, प्रीतपाल सिंह बेताब की उर्दू कविता ‘सफर जारी है’ को भी पुरस्कार दिया जाएगा। पुरस्कार के लिए चयनित अन्य लेखकों में देवब्रत दास, प्रसून बंद्योपाध्याय, खजूर सिंह ठाकुर और योगेश वैद्य शामिल हैं।

3. सर्वश्रेष्ठ फिल्म पुरस्कार लियोनार्डो डिकैप्रियो की फिल्म ‘वन बैटल आफ्टर अनदर’ को मिला

98 वें अकादमी पुरस्कार समारोह का समापन लॉस एंजिल्स के डॉल्बी थिएटर में हुआ। हास्य कलाकार और टेलीविजन कार्यक्रमों के प्रस्तुतकर्ता कॉनन ओ’ब्रायन ने लगातार दूसरे वर्ष ऑस्कर की मेजबानी की। सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार लियोनार्डो डिकैप्रियो की फिल्म ‘वन बैटल आफ्टर अनदर’ को मिला। इसी फिल्म के लिए पॉल थॉमस एंडरसन को सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार मिला।सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार ‘सिनर्स’ के लिए माइकल बी. जॉर्डन को दिया गया। सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार ‘हैमनेट’ में अभिनय के लिएजेसी बकले को मिला। सर्वश्रेष्ठ मूल गीत का ऑस्कर पुरस्कार के-पॉप बैंड डेमन हंटर्स के गीत गोल्डन को दिया गया। भारतीय अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा जोनास ने ऑस्कर विजेता जेवियर बार्डेम के साथ मिलकर सर्वश्रेष्ठ अंतर्राष्ट्रीय फीचर फिल्म का पुरस्कार प्रदान किया।

4. TIME ग्रेटेस्ट प्लेसेस ऑफ 2026 में भारत की 4 जगह शामिल

16 मार्च को ‘टाइममैग्जीन ने 100 ग्रेटेस्ट प्लेसेस ऑफ 2026 की सूची जारी की है। इस लिस्ट में भारत की 4 जगहों को शामिल किया गया है। ये लिस्ट अंतरराष्ट्रीय लेखकों और संवाददाताओं के फीडबैक के आधार पर तैयार की गई है, जिसमें नए और रोमांचक अनुभव देने वाले होटल और संग्रहालयों को प्राथमिकता दी गई है। इस लिस्ट में शामिल जगह –
जोधपुर का ‘म्हारो खेत’ : म्हारो खेत 40 एकड़ के रीजेनरेटिव फार्म पर बना है। इस परिसर में 10 लग्जरी सुइट्स हैं, जो मेहमानों को प्रकृति और खेती के करीब लाते हैं। म्हारो खेत में मेहमान खुद सब्जियां चुनने के साथ कुकिंग लेसन और फार्म वॉक का आनंद ले सकते हैं।
शक्ति प्राण लॉज : उत्तराखंड के कुमाऊं की पहाड़ियों में स्थित ‘शक्ति प्राण लॉज’ को भी टाइम्स ने अपनी लिस्ट में शामिल किया है। 7,000 फीट की ऊंचाई पर बने इस रिट्रीट तक केवल पैदल ही पहुंचा जा सकता है। शक्ति प्राण लॉज में सौर ऊर्जा से चलने वाले सिर्फ 7 सुइट्स हैं, जहां से नंदा देवी और पंचाचूली चोटियों के अद्भुत दृश्य दिखते हैं।
द ओबेरॉय राजगढ़ पैलेस : मध्य प्रदेश की मणियागढ़ पहाड़ियों में ‘द ओबेरॉय राजगढ़ पैलेस’ स्थित है। ये बुंदेला वंश के 350 साल पुराने निवास को रीस्टोर कर बनाया गया भव्य रिसॉर्ट है।
AABBCC बार : दिल्ली के वसंत विहार में स्थित ‘एएबीबीसीसी’ बार ड्रिंक्स का एक मॉडर्न म्यूजियम है। AABBCC की शुरुआत एक लैब से हुई थी, जहां जड़ी-बूटियों और शहद जैसे अनोखे प्रोडक्टस से ड्रिंक्स को नया स्वाद दिया जाता है। इसमें बैंगन भरते जैसे अनूठे कॉकटेल भी परोसे जाते हैं।

5. डाक विभाग शुरू करेगा ‘24 स्पीड पोस्ट’ सेवा, छह शहरों में अगले दिन डिलीवरी की गारंटी

भारतीय डाक विभाग 17 मार्च 2026 से ‘24 स्पीड पोस्ट’ सेवा शुरू करने जा रहा है। इस सेवा के तहत पार्सल और दस्तावेजों की तत्काल और समयबद्ध डिलीवरी के लिए अगले दिन वितरण की गारंटी दी जाएगी। ‘24 स्पीड पोस्ट’ सेवा के पहले चरण में दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, बेंगलुरु और हैदराबाद जैसे छह प्रमुख शहरों में यह सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इस सेवा के तहत भेजे गए पार्सल का अगले दिन वितरण सुनिश्चित किया जाएगा। नई सेवा के साथ ‘24’ और ‘48’ स्पीड पोस्ट सेवाएं समर्पित प्रोसेसिंग विंडो और प्राथमिकता वाले हवाई परिवहन के माध्यम से क्रमशः डी+1 और डी+2 वितरण समय-सीमा सुनिश्चित करेंगी। इससे ग्राहकों को तेज और भरोसेमंद डिलीवरी सुविधा मिलेगी। इन सेवाओं में ओटीपी आधारित सुरक्षित डिलीवरी, एसएमएस अलर्ट के साथ एंड-टू-एंड ट्रैकिंग, व्यावसायिक ग्राहकों के लिए बीएनपीएल सुविधा, बल्क बुकिंग के लिए नि:शुल्क पिकअप, एपीआई इंटीग्रेशन और केंद्रीकृत बिलिंग जैसी सुविधाएं भी शामिल होंगी।

6. भारत ने 9 से 15 मार्च तक महाराष्ट्र में की बिम्सटेक युवा पेशेवर विनिमय कार्यक्रम की मेजबानी

भारत ने 9 से 15 मार्च तक महाराष्ट्र में बिम्सटेक युवा पेशेवर विनिमय कार्यक्रम की मेजबानी की। कार्यक्रम का उद्देश्य ज्ञान के आदान-प्रदान को बढ़ावा देना, सहयोग को मजबूत करना और भारत के तेजी से बढ़ते नवाचार, स्टार्टअप, ज्ञान, अनुसंधान और प्रौद्योगिकी इकोसिस्‍टम से परिचित कराना था। विदेश मंत्रालय ने बताया कि कार्यक्रम में बिम्सटेक सदस्य देशों के 30 युवा नवोन्मेषक, प्रौद्योगिकी विकासकर्ता, उद्यमी और अन्य पेशेवर एक साथ आए। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा छठे बिम्सटेक शिखर सम्मेलन के दौरान घोषित किया गया था।

7. इंडियन वेल्स ओपन टेनिस टूर्नामेंट में इटली के जानिक सिनर ने फाइनल में रूस के डैनियल मेदवेदेव को हराया

इंडियन वेल्स टेनिस गार्डन, कैलिफ़ोर्निया में आयोजित इंडियन वेल्स ओपन टेनिस टूर्नामेंट में इटली के जानिक सिनर ने फाइनल में रूस के डैनियल मेदवेदेव को हराकर खिताब जीत लिया है। विश्व रैंकिंग में दूसरे पायदान वाले सिनर ने मेदवेदेव को पिछले 10 मुकाबलों में नौवीं बार हराते हुए इस टूर्नामेंट में अपना पहला खिताब जीता। महिला एकल के फाइनल में विश्व नंबर एक आर्यना सबलेंका ने एलेना रायबाकिना को हराकर अपना पहला इंडियन खिताब जीत लिया।

8. पूर्व पाकिस्तानी कप्तान सरफराज अहमद ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लिया

16 मार्च को पाकिस्तान के पूर्व कप्तान सरफराज अहमद ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का ऐलान किया। विकेटकीपर बल्लेबाज सरफराज ने नवंबर 2007 में जयपुर में भारत के खिलाफ वनडे से इंटरनेशनल डेब्यू किया था। सरफराज ने 100 इंटरनेशनल मैचों में पाकिस्तान की कप्तानी की। इनमें 50 वनडे, 37 T-20 और 13 टेस्ट शामिल हैं। सरफराज की कप्तानी में पाकिस्तान टी-20 इंटरनेशनल रैंकिंग में नंबर-1 बना और टीम ने लगातार 11 टी-20 सीरीज जीतने का वर्ल्ड रिकॉर्ड भी बनाया। तीनों फॉर्मेट मिलाकर सरफराज के नाम 6164 रन हैं, जिसमें 6 शतक और 35 अर्धशतक शामिल हैं। सरफराज की कप्तानी में पाकिस्तान ने 2017 चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में भारत को 180 रन से हराकर आठ साल बाद ICC खिताब अपने नाम किया था। 2006 में श्रीलंका में हुए अंडर-19 वर्ल्ड कप में भी सरफराज ने टीम को खिताब दिलाया था, जहां फाइनल में भारत को हराया था। सरफराज को 2018 में पाकिस्तान सरकार ने प्राइड ऑफ परफॉर्मेंस अवॉर्ड से सम्मानित किया था। वे ये सम्मान पाने वाले सबसे कम उम्र के पाकिस्तानी कप्तान हैं।

9. नेशनल वैक्सीनेशन डे

भारत में हर साल 16 मार्च को नेशनल वैक्सीनेशन डे मनाया जाता है। यह दिन बच्चों के स्वास्थ्य की रक्षा में टीकाकरण की अहम भूमिका को याद दिलाता है। टीके ने दुनिया भर में लाखों बच्चों की जान बचाई है और कई खतरनाक बीमारियों को खत्म कर दिया है या उन्हें पूरी तरह नियंत्रित कर लिया है। जन्म के समय दिए जाने वाले टीके की बात करें तो इसमें बीसीजी का टीका आता है, जो तपेदिक (टीबी) से बचाता है। दूसरा ओरल पोलियो वैक्सीन (ओपीवी) है, यह मुंह से दी जाने वाली पहली खुराक है, पोलियो वायरस से बचाता है और इसका कोई आम दुष्प्रभाव नहीं। तीसरा है हेपेटाइटिस बी जो लीवर के वायरल संक्रमण से बचाव में मददगार है। इंजेक्शन वाली जगह पर लालिमा और हल्का दर्द हो सकता है। 6 सप्ताह के बच्चे के टीके की बात करें तो इसमें ओपीवी – 1, पेंटावेलेंट – 1, रोटावायरस वैक्सीन – 1, पीसीवी – 1 है, ये टीके डिप्थीरिया, काली खांसी, टिटनेस, हेपेटाइटिस बी, हिब, रोटावायरस (गंभीर दस्त), निमोनिया, मेनिन्जाइटिस और पोलियो से बचाते हैं। 10 सप्ताह के बच्चे के टीके की बात करें तो पेंटावेलेंट – 2, ओपीवी – 2, रोटावायरस वैक्सीन – 2 शामिल है। वहीं, 14 सप्ताह के बच्चे के टीके में पेंटावेलेंट – 3, ओपीवी – 3, रोटावायरस वैक्सीन – 3, पीसीवी – 2 शामिल है। ये खुराक कई बीमारियों से लंबे समय तक सुरक्षा देती हैं। 9-12 महीने के बच्चे के टीके में खसरा-रूबेला (एमआर) – 1, जापानी इंसेफेलाइटिस (जेई-1), पीसीवी बूस्टर खसरा-रूबेला से बुखार, दाने और जटिलताओं से बचाव। जेई मच्छर से फैलने वाली गंभीर ब्रेन बीमारी रोकता है। वहीं, 16-24 महीने के बच्चे के टीके में एमआर-, जेई-2, डीपीटी बूस्टर-1, ओपीवी बूस्टर हैं। ये बूस्टर टीके पहले दिए गए टीकों की सुरक्षा को मजबूत करते हैं। 5-6 साल के बच्चे के टीके में डीपीटी बूस्टर-2, स्कूल जाने से पहले यह बूस्टर जरूरी है। साथ ही 10 साल और 16 साल के बच्चे के लिए टिटनेस और डिप्थीरिया (टीडी) – दोनों उम्र में एक-एक खुराक देना जरूरी है। यह टेटनस और डिप्थीरिया से बचाव करता है, जो घाव से हो सकते हैं।

10. बॉलीवुड एक्ट्रेस मधु मल्होत्रा का निधन

13 मार्च को बॉलीवुड सीनियर एक्ट्रेस मधु मल्होत्रा का 72 साल की उम्र में निधन हो गया मधु ने सत्ते पे सत्ता, कर्ज, हीरो जैसी फिल्मों में काम किया था। उनका निधन मुंबई में हुआ। मधु मल्होत्रा ने 1975 में रामसे ब्रदर्स की हॉरर फिल्म ‘अंधेरा’ से अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद शक्ति सामंत की फिल्म ‘द ग्रेट गैम्बलर’ में उन्होंने अमिताभ बच्चन की बहन की भूमिका निभाई। फिल्म कर्ज में उन्होंने पिंकी का किरदार निभाया था। वहीं फिल्म आस-पास में वह प्रेम चोपड़ा के साथ नजर आई थीं।

VISIT TO YOUR WHTSAAP CHANNEL :https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F

VISIT TO YOUR YOUTUBE CHANNEL :https://youtube.com/@guruggkwala?si=TZD9ZVm9QJLjB9ed

VISIT TO YOUR TELEGRAM :https://t.me/guruggkwala1

THANKS TO SUPPORT GURUGGKWALA

Leave a Comment

Shopping Cart
Scroll to Top