12 March 2026 Current Affairs -GurugGkwala

12–15 minutes


1. पीएम मोदी ने केरल और तमिलनाडु में प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन किया

11 मार्च को पीएम नरेंद्र मोदी ने केरल और तमिलनाडु का दौरा किया और लगभग 1600 करोड़ की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्‍यास किया। पीएम ने केरल के एर्नाकुलम में करीब 10,800 करोड़ और तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली में करीब 5,650 करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन और शिलान्यास किया। ये प्रोजेक्ट्स एनर्जी, हाईवे, रूरल इंफ्रास्ट्रक्चर और रेलवे से जुड़े हैं। पीएम ने तमिलनाडु के नीलगिरी और इरोड जिलों में 3680 करोड़ रुपए के भारत पेट्रोलियम और सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन यूनिट्स का शिलन्यास किया। 8.8 लाख घरों में PNG गैस कनेक्शन और 200 से ज्यादा CNG गैस स्टेशन बनाए जाएंगे। पीएम मोदी ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 89 गांवों के लिए 370 किमी की सड़क का उद्घाटन किया। केरल और तमिलनाडु राज्‍यों में इसी साल अप्रैल-मई में विधानसभा चुनाव होने हैं।

2. सुप्रीम कोर्ट ने देश में पहली इच्छामृत्यु को अनुमति दी

11 मार्च को सुप्रीम कोर्ट ने 31 साल के हरीश राणा को इच्छामृत्यु यानी पैसिव यूथेनेशिया की अनुमति दी। हरीश बीते 13 साल से ज्यादा वक्त से कोमा में हैं और लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर जीवित हैं। पैसिव यूथेनेशिया का मतलब होता है कि किसी गंभीर रूप से बीमार मरीज को जिंदा रखने के लिए उसे जो बाहरी लाइफ सपोर्ट या इलाज दिया जा रहा है, उसे रोक दिया जाए या हटा लिया जाए ताकि मरीज की प्राकृतिक रूप से मृत्यु हो सके। सुप्रीम कोर्ट की जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस केवी विश्वनाथन की बेंच ने हरीश राणा के पेरेंट्स की याचिका पर सुनवाई की। सुनवाई के बाद दिल्ली AIIMS को निर्देश दिया गया कि राणा को पैलियेटिव केयर (palliative care) में भर्ती किया जाए। SC ने ये फैसला संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत, ‘सम्मान के साथ मरने का अधिकार’ के तहत दिया है। ये भारत का पहला मामला है, जहां सुप्रीम कोर्ट ने किसी रोगी के लिए सीधे पैसिव यूथेनेशिया की अनुमति दी है। ये फैसला खंडपीठ ने राणा के परिवार, मेडिकल बोर्ड और परिवार के सदस्यों और केंद्र के वकील के साथ लंबी चर्चा के बाद लिया है। हालांकि, भारत में सक्रिय इच्छामृत्यु या एक्टिव यूथेनेशिया अवैध है यानी किसी इंजेक्शन या दवा के जरिए मृत्यु देना अवैध है। 2011 में हाईकोर्ट में मुंबई की पूर्व नर्स अरुणा शानबाग ने इच्छामृत्यु की मांग की थी। तब कोर्ट ने शानबाग को इच्छामृत्यु देने से इनकार कर दिया था। शानबाग यौन हमले की शिकार थीं और चार दशकों से ज्यादा समय से बिस्तर पर थीं। चार साल बाद, मई 2015 में शानबाग की मृत्यु हो गई। कनाडा में मेडिकल असिस्टेंस इन डाइंग प्रोग्राम (MAiD) में इच्छामृत्यु वैध है। गंभीर बीमारी की स्थिति में पेशेंट सक्रिय इच्छामृत्यु का विकल्प चुन सकता है।

3. तरनजीत सिंह संधू ने दिल्ली के 23वें उपराज्यपाल के रूप में ली शपथ

तरनजीत सिंह संधू ने दिल्ली के 23वें उपराज्यपाल के रूप में शपथ लिए। नई दिल्ली के लोक निवास में आयोजित एक समारोह में दिल्ली उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश देवेंद्र कुमार उपाध्याय ने उन्हें शपथ दिलाई। इस समारोह में केन्‍द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन, विदेश मंत्री डॉ० एस० जयशंकर और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता अपने मंत्रिमंडल के मंत्रियों के साथ उपस्थित रही।

4. अमरीका ने रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के साथ की 300 अरब डॉलर की साझेदारी

राष्ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रंप ने भारत की रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के साथ तीन सौ अरब अमरीकी डॉलर की ऐतिहासिक साझेदारी की घोषणा की है। इसके तहत अमरीका में 50 वर्षों में पहली नई बड़ी तेल रिफाइनरीअमरीका फर्स्ट रिफाइनिंग’ खोली जाएगी। ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर इस परियोजना की घोषणा की, जिसमें उन्होंने इसे अमरीकी ऊर्जा क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक सौदा बताया। टेक्सस के ब्राउनस्विल बंदरगाह पर स्थित इस सुविधा को अमरीकी इतिहास का सबसे बड़ा निवेश बताया जा रहा है। इससे हजारों रोजगार सृजित होने की उम्मीद है। यह दुनिया की सबसे स्वच्छ रिफाइनरी के रूप में भी काम करेगी।

5. ब्रिटेन की संसद ने हाउस ऑफ लॉर्ड्स से शेष वंशानुगत सांसदों को हटाने के विधेयक को मंजूरी दी

ब्रिटेन की संसद ने हाउस ऑफ लॉर्ड्स से शेष वंशानुगत सांसदों को हटाने के विधेयक को मंजूरी दे दी है। इससे कुलीन वर्ग को जन्म से ही उच्च सदन में सीट प्राप्त करने वाली सदियों पुरानी व्यवस्था का अंत हो गया है। सरकार ने कहा है कि उच्च सदन में सदस्यता जन्म के आधार पर सुनिश्चित नहीं होनी चाहिए। हाउस ऑफ लॉर्ड्स ने वंशानुगत पीयर्स विधेयक पारित किया। इसके साथ ही 25 वर्ष पहले शुरू किए गए सुधार और प्रधानमंत्री कीर स्टारमर सरकार के उच्च सदन के आधुनिकीकरण का प्रमुख वादा पूरा हो गया है। ब्रिटिश संसद के ऊपरी सदन में कुल 800 सदस्य हैं। इनमें से अधिकांश को प्रधानमंत्री राजनीतिक दलों या एक स्वतंत्र आयोग की सलाह पर आजीवन नियुक्त करते हैं। इनमें चर्च ऑफ इंग्लैंड के बिशप भी शामिल हैं।

6. भारतीय विशिष्ट पहचान ने आधार प्रणाली की सुरक्षा बढ़ाने के लिए बग बाउंटी कार्यक्रम शुरू किया

भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण ने आधार प्रणाली की सुरक्षा बढ़ाने के लिए बग बाउंटी कार्यक्रम की शुरूआत की है। इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने बताया कि यह कार्यक्रम साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों को प्राधिकरण के प्रमुख डिजिटल प्लेटफार्मों में संभावित कमजोरियों की पहचान करने की अनुमति देता है। मंत्रालय ने बताया कि इस पहल में भाग लेने के लिए 20 अनुभवी सुरक्षा शोधकर्ताओं और एथिकल हैकर्स का एक पैनल चुना गया है।

7. नीति आयोग ने राजकोषीय स्वास्थ्य सूचकांक 2026 का दूसरा वार्षिक संस्करण किया जारी

नीति आयोग ने नई दिल्ली में राजकोषीय स्वास्थ्य सूचकांक 2026 का दूसरा वार्षिक संस्करण जारी किया। रिपोर्ट में राज्यों के राजकोषीय स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने के लिए कई नीतिगत प्राथमिकताओं का उल्‍लेख किया गया है। इनमें राजस्व जुटाने में वृद्धि और राज्य की स्वयं की कर क्षमता को मजबूत करना और पूंजीगत व्यय की संरचना तथा गुणवत्ता में सुधार करना शामिल है। इस अवसर पर नीति आयोग के उपाध्यक्ष सुमन बेरी ने कहा कि राज्य स्तर पर राजकोषीय सुशासन को मजबूत करना, व्यापक आर्थिक स्थिरता बनाए रखने और भारत की विकास गति को बनाए रखने के लिए महत्वपूर्ण होगा। उन्होंने कहा कि राजकोषीय स्वास्थ्य सूचकांक जैसे व्यवस्थित बेंचमार्किंग उपकरण राज्यों को संरचनात्मक राजकोषीय चुनौतियों की पहचान करने और नीतिगत सुधारों को अपनाने में भी सहायता करेंगे।

8. पुद्दुचेरी विश्वविद्यालय और ज़ोहो कॉर्पोरेशन ने अनुसंधान को बढ़ावा देने के लिए समझौता ज्ञापन पर किए हस्ताक्षर

पुद्दुचेरी विश्वविद्यालय और ज़ोहो कॉर्पोरेशन ने पदार्थ विज्ञान और ऊर्जा प्रौद्योगिकी में अनुसंधान को बढ़ावा देने के लिए एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। इस साझेदारी का उद्देश्य पदार्थ विज्ञान और नैनो प्रौद्योगिकी में विश्वविद्यालय की अकादमिक विशेषज्ञता को ज़ोहो के दीर्घकालिक अनुसंधान पर कें द्रित दृष्टिकोण के साथ जोड़ना है। इस पहल से नवाचार को बढ़ावा, कुशल प्रतिभाओं के विकास और ग्रामीण तथा अर्ध-शहरी क्षेत्रों में उच्च वेतन वाले रोजगार के अवसर सृजित होने की उम्मीद है।

9. डीपीआईआईटी ने कूलिंग और स्मार्ट उपकरण प्रौद्योगिकियों में उद्योग-स्टार्ट-अप सहयोग को बढ़ावा देने के लिए वोल्टास लिमिटेड के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (डीपीआईआईटी) ने कूलिंग और स्मार्ट उपकरण तंत्र में उद्योग-स्टार्टअप सहयोग को बढ़ावा देने के लिए टाटा एंटरप्राइज की वोल्टास लिमिटेड के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस सहयोग का मकसद हीटिंग, वेंटिलेशन और एयर कंडीशनिंग (एचवीएसी), उन्नत नियंत्रण प्रणाली, पावर इलेक्ट्रॉनिक्स, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और मशीन लर्निंग आधारित निदान, आईओटी-सक्षम स्मार्ट उपकरण और विनिर्माण एवं सेवा संचालन में डिजिटलीकरण जैसे क्षेत्रों में प्रौद्योगिकियों पर काम कर रहे स्टार्टअप्स को शामिल करना है। इस पहल के तहत, डीपीआईआईटी और वोल्टास लिमिटेड के नेतृत्व में स्टार्टअप इंडिया पहल, भारत स्टार्टअप ग्रैंड चैलेंज के तहत नवाचार चुनौतियों का आयोजन करने और उद्योग जगतसे जुड़ी समस्याओं पर केंद्रित हैकथॉन आयोजित करने पर विचार करेगी।

10. ICC महिला ODI रैंकिंग: स्मृति मंधाना नंबर 1 पर बरकरार, जेमिमा रोड्रिग्स 12वें स्थान पर खिसकीं

स्मृति मंधाना ने नवीनतम ICC महिला वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में अपना नंबर-1 स्थान बरकरार रखा है, जिससे अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट में उनकी निरंतरता और शानदार प्रदर्शन की पुष्टि होती है। यह रैंकिंग अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (International Cricket Council) द्वारा जारी की गई है। मंधाना अपनी शानदार स्ट्रोक प्ले और पारी को संभालने की क्षमता के कारण वनडे प्रारूप में लगातार प्रभावशाली प्रदर्शन कर रही हैं। उनकी स्थिर और भरोसेमंद बल्लेबाजी ने उन्हें महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की अन्य शीर्ष बल्लेबाजों से आगे बनाए रखा है। वहीं भारतीय महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर नवीनतम ODI बल्लेबाजी रैंकिंग में आठवें स्थान पर बरकरार रहीं। भारतीय मध्यक्रम बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स रैंकिंग में गिरकर 12वें स्थान पर पहुंच गईं। यह गिरावट भारत की ऑस्ट्रेलिया महिला राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के खिलाफ ODI श्रृंखला में 0–3 की हार के बाद आई है।

11. T20 World Cup: ICC ने घोषित की प्राइज मनी, भारत को मिलेंगे 2.63 मिलियन डॉलर

आईसीसी ने मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए फाइनल प्राइज मनी घोषित कर दी है। न्यूजीलैंड को खिताबी मैच में 96 रन से मात देने के बाद भारत को 26,39,423 अमेरिकी डॉलर बतौर प्राइज मनी मिलेंगे। रनर-अप न्यूजीलैंड को 14,22,692 डॉलर की पुरस्कार राशि मिलेगी। इस बार की प्राइज मनी साल 2024 में घोषित आईसीसी टूर्नामेंट प्राइज मनी में इजाफे का दिखाती है। सेमीफाइनल गंवाने वाली साउथ अफ्रीकी टीम को 10,05,577 डॉलर, जबकि इंग्लैंड की टीम को 9,74,423 डॉलर प्राइज मनी के तौर पर मिलेंगे। चार टीमें, वेस्टइंडीज, पाकिस्तान, जिम्बाब्वे, श्रीलंका, जो सुपर 8 में पहुंचीं लेकिन नॉकआउट में आगे नहीं बढ़ पाईं, उन्हें क्रमशः 5,38,269 डॉलर, 5,22,692 डॉलर, 4,91,538 डॉलर और 4,75,962 डॉलर मिलेंगे। इस बीच, जो टीमें सुपर 8 स्टेज तक पहुंचीं लेकिन आगे नहीं बढ़ पाईं, जिनमें अफगानिस्तान, ऑस्ट्रेलिया और यूएसए शामिल हैं, उनमें से प्रत्येक टीम को 3,09,808 डॉलर दिए जाएंगे।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड-बीसीसीआई ने आईसीसी टी-20 विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम के लिए 131 करोड़ रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की है। बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने एक बयान में कहा कि यह पुरस्कार सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली विजेता टीम के 15 खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ और अन्य सहायक कर्मचारियों के बीच बांटा जाएगा।

12. 22 वर्ष बाद अंतरराष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा भारत

भारत 22 वर्ष बाद पहली बार शीर्ष अंतरराष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा। दिल्ली को 2027 में एशिया कप के दूसरे चरण की मेजबानी सौंपी गई है। वर्ष 2005 में आखिरी बार दिल्ली में एशियाई तीरंदाजी चैंपियनशिप के दौरान अंतरराष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता का आयोजन किया था। विश्‍व तीरंदाजी एशिया के अध्यक्ष काजी राजिब उद्दीन अहमद चापोल ने कोलकाता के तीन दिवसीय दौरे के दौरान यह घोषणा की।भारतीय तीरंदाजी संघ के महासचिव वीरेंद्र सचदेवा से आगामी अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों की मेजबानी पर चर्चा के बाद यह निर्णय लिया गया।

13. काइल वॉकर ने इंटरनेशनल फुटबॉल से संन्यास लिया

10 मार्च को इंग्लैंड के फुटबॉल खिलाड़ी काइल वॉकर ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास की घोषणा की। 36 वर्षीय काइल 2021 और 2024 में यूरोपीय चैम्पियनशिप फाइनल में पहुंचने वाली टीमों का हिस्सा थे। काइल ने 96 कैप जीते और पांच प्रमुख टूर्नामेंटों का हिस्सा रहे। वॉकर ने अपने देश के लिए आखिरी बार 2025 में सेनेगल के खिलाफ एक फ्रेंडली मैच खेला था। काइल ने 2011-2025 तक इंग्लैंड की नेशनल फुटबॉल टीम के लिए खेला।

14. नो स्मोकिंग डे 2026

हर साल मार्च के दूसरे बुधवार को नो स्मोकिंग डे (No Smoking Day) मनाया जाता है। नो स्मोकिंग डे 2026 11 मार्च को मनाया गया। इसका उद्देश्य दुनिया भर के लोगों को तंबाकू छोड़कर स्वस्थ जीवन की ओर कदम बढ़ाने के लिए प्रेरित करना है। यह दिन धूम्रपान के हानिकारक प्रभावों के बारे में जागरूकता फैलाने और निकोटिन की लत से मुक्त होने की कोशिश कर रहे लोगों को सहयोग देने पर केंद्रित होता है। हर साल स्वास्थ्य संगठन, समुदाय और सरकारें इस दिन को तंबाकू छोड़ने से जुड़े जागरूकता अभियानों के माध्यम से मनाती हैं। नो स्मोकिंग डे की शुरुआत 1984 में यूनाइटेड किंगडम में एक सार्वजनिक स्वास्थ्य पहल के रूप में हुई थी। इसका उद्देश्य तंबाकू के उपयोग को कम करना था।

15. मशहूर इंडोलॉजिस्ट पद्म श्री अवॉर्ड विजेता हरमन कुलके का निधन

प्रख्यात इतिहासकार और इंडोलॉजिस्ट हरमन कुलके का 87 वर्ष की आयु में निधन हो गया। जर्मनी में जन्मे इस विद्वान ने ओडिशा के इतिहास, संस्कृति और धार्मिक परंपराओं के अध्ययन में कई दशक समर्पित किए। उनके शोध ने भारतीय सभ्यता, मंदिर परंपराओं और क्षेत्रीय राजनीतिक व्यवस्थाओं के वैश्विक अध्ययन में महत्वपूर्ण योगदान दिया। कुलके का जन्म 1938 में बर्लिन में हुआ था। आगे चलकर वे दक्षिण एशियाई इतिहास और इंडोलॉजी के प्रमुख विशेषज्ञों में शामिल हुए। अपनी प्रसिद्ध 1975 की थीसिस “जगन्नाथ पंथ और गजपति राजत्व” में उन्होंने बताया कि जगन्नाथ मंदिर की परंपरा का उपयोग ओडिशा के गजपति वंश के शासकों ने अपनी राजनीतिक सत्ता को मजबूत करने के लिए कैसे किया। उनके शोध ने यह दिखाया कि धार्मिक संस्थान मध्यकालीन भारत में शासन और राज्य वैधता के महत्वपूर्ण साधन थे।

VISIT TO YOUR WHATSAAP CHANNEL :https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F

VISIT TO YOUR YOUTUBE CHANNEL :https://youtube.com/@guruggkwala?si=TZD9ZVm9QJLjB9ed

VISIT TO YOUR TELEGRAM :https://t.me/guruggkwala1

THANKS TO SUPPORT GURUGGKWALA

Leave a Comment

Shopping Cart
Scroll to Top