9–11 minutes
1. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नई दिल्ली में विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास किया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 33,500 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया । इस कार्यक्रम में केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी उपस्थित रहे। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि इस परियोजना के अंतर्गत विशेष रूप से पिंक लाइन के पूरे होने के साथ ही दिल्ली को अब देश का पहला पूर्णतः संचालित ‘रिंग मेट्रो’ नेटवर्क प्राप्त हो गया है। इसके साथ ही, उन्होंने बताया कि मजेंटा लाइन के विस्तार तथा फेज-5A के अंतर्गत सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर और गोल्डन लाइन के विस्तार जैसे नए कॉरिडोरों का शिलान्यास भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए उठाया गया एक दूरदर्शी कदम है। रविवार को दिल्ली मेट्रो के दो नए कॉरिडोर का उद्घाटन किया गया। इनमें लगभग 12.3 किमी का मजलिस पार्क-मौजपुर बाबरपुर (पिंक लाइन) कॉरिडोर और लगभग 9.9 किमी का दीपाली चौक-मजलिस पार्क (मैजेंटा लाइन) कॉरिडोर शामिल है। प्रधानमंत्री ने दिल्ली मेट्रो के चरण 4 के अंतर्गत लगभग 16.10 किलोमीटर लंबे तीन नए कॉरिडोर की आधारशिला रखी। ये तीन नए कॉरिडोर हैं, आरके आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ, एयरोसिटी से इंदिरा गांधी हवाई अड्डे के टर्मिनल-1 और तुगलकाबाद से कालिंदी कुंज।
2. नेपाल आम चुनाव में पूर्व पीएम केपी शर्मा ओली हारे
नेपाल में आम चुनाव की मतगणना जारी है। 165 सीटों पर शुरुआती रुझान आ चुके हैं। रैपर और काठमांडू के मेयर रहे बालेन शाह ने पूर्व पीएम केपी शर्मा ओली को 50 हजार वोटों से हराया। राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (RSP) के बालेन शाह और ओली झापा-5 सीट से चुनाव लड़ रहे थे। बालेन शाह को 68,348 वोट मिले, जबकि केपी शर्मा ओली को 18,734 वोट मिले। ओली को भारत विरोधी नेता माना जाता है, उन्होंने झापा-5 सीट से 2017 और 2022 का चुनाव जीता था। बालेन शाह पहली बार 2022 में काठमांडू के मेयर बने थे। सितंबर 2025 में हुए हिंसक प्रदर्शनों के बाद 5 मार्च को नेपाल में चुनाव हुए थे। वोटों की गिनती पूरी होने में 3 से 4 दिन का समय लगता है। चुनाव आयोग ने कहा है कि 9 मार्च तक काउंटिंग पूरी करने की कोशिश की जाएगी।
3. एसबीआई ने महिला दिवस की पूर्व संध्या पर 50 करोड़ डॉलर के सिंडिकेटेड सामाजिक सावधि ऋण की घोषणा की
7 मार्च को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) ने महिलाओं के लिए $500 मिलियन (लगभग 4600 करोड़) की सिंडिकेटेड सोशल टर्म लोन सुविधा शुरू करने का ऐलान किया। देश के सबसे बड़े बैंक SBI ने इंटरनेशनल वुमेंस डे के मौके पर ये ऐलान किया है। सिंडिकेटेड सोशल टर्म लोन कई बैंकों का एक ग्रुप होता है, जो किसी सोशल रिफॉर्म या प्रोजेक्ट के लिए लोन देता है। सिंडिकेटेड सोशल टर्म लो न 10 लाख डॉलर या उससे ज्यादा के अमाउन्ट के लिए लाया जाता है। ये ग्रीनशू ऑप्शन के साथ 500 मिलियन अमेरिकी डॉलर का लोन है। ग्रीनशू यानी इस लोन की लिमिट को निवेशकों की मांग पर बढ़ाया जा सकता है। ये देश का पहला सिंडिकेटेड सोशल टर्म लोन है, जो महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए है। इस लोन का उद्देश्य महिला आंत्रप्रेन्योर्स को फाइनेंशियली सपोर्ट करना है। ऐसी महिलाएं जो अपना नया बिजनेस खड़ा करना चाहती हैं या अपने पुराने बिजनेस को बढ़ाना चाहती हैं उन्हें इस लोन का फायदा मिलेगा। जापान के टोक्यो में स्थित मित्सुबिशी यूएफजे फाइनेंशियल ग्रुप (MUFG) इस लोन का लीड अरेंजर है। संयुक्त राष्ट्र का सतत विकास लक्ष्य 5 लैंगिक समानता सुनिश्चित करने और महिलाओं तथा लड़कियों को सशक्त बनाने पर केंद्रित है, जो सतत विकास के लिए अनिवार्य है।
4. अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 2026 के उपलक्ष्य में कर्तव्य पथ पर ‘शक्ति वॉक #SheLeadsBharat’ का आयोजन किया गया
महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 2026 के उपलक्ष्य में नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर “शक्ति वॉक #SheLeadsBharat” का आयोजन किया। इस शक्ति वॉक ने नारी शक्ति की भावना का जश्न मनाया और प्रगतिशील एवं समावेशी भारत के निर्माण में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका को उजागर किया। यह कार्यक्रम केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी और महिला एवं बाल विकास मंत्रालय में राज्य मंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया था। इस पदयात्रा में दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय तथा रसायन और उर्वरक मंत्रालय में राज्य मंत्री श्रीमती अनुप्रिया पटेल की गरिमामय उपस्थिति रही। 8 मार्च को विश्व स्तर पर मनाया जाने वाला अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस, जीवन के सभी क्षेत्रों में महिलाओं की उपलब्धियों और नेतृत्व का जश्न मनाता है, साथ ही लैंगिक समानता, सुरक्षा, गरिमा और सशक्तिकरण के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता की पुष्टि करता है। यह पदयात्रा इंडिया गेट से विजय चौक तक कर्तव्य पथ पर लगभग 2 किलोमीटर के क्षेत्र में आयोजित की गई। मार्ग में महिलाओं के लिए प्रमुख सरकारी योजनाओं और पहलों के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं की प्रमुख उपलब्धियों को प्रदर्शित करने वाली प्रदर्शनियाँ लगाई गईं। इस कार्यक्रम में भारत भर की समृद्ध सांस्कृतिक विविधता और महिलाओं की शक्ति को दर्शाने वाली जीवंत सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी शामिल थीं। इनमें कर्नाटक की डोलू कुनिथा, केरल की कलरिपयट्टू और श्रृंगारिमेलम, असम की रंचंडी और राजस्थान की घूमर शामिल थीं, जिनमें से प्रत्येक अपने-अपने राज्य की अनूठी सांस्कृतिक विरासत को प्रतिबिंबित करती है।
5. UGC के पूर्व चेयरमेन एम जगदीश कुमार IIM कोलकत्ता बोर्ड के अध्यक्ष बने
7 मार्च को UGC के पूर्व चेयरमेन एम. जगदीश कुमार को इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट (IIM) कलकत्ता में बोर्ड ऑफ गवर्नर्स का अध्यक्ष नियुक्त किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने एम. जगदीश कुमार के अपॉइंटमेंट को मंजूरी दी। वे अगले 4 साल तक इस पद पर बने रहेंगे। मामिडाला जगदीश कुमार की नियुक्ति पूर्व बोर्ड अध्यक्ष श्रीकृष्ण कुलकर्णी के इस्तीफे के बाद की गई है। मामिडाला 2022 से 2025 तक यूनिवर्सिटी ग्रांट कमीशन यानी UGC के चेयरमेन रहे। मामिडाला इंडियन इस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (IIT) दिल्ली में प्रोफेसर भी रह चुके हैं। 26 जनवरी 2026 को मामिडाला जगदीश कुमार को पद्मश्री से सम्मानित किया गया था।
6. सेना और ITBP ने ‘सिनर्जी समिट’ आयोजित की
7 मार्च को इंडियन आर्मी की उत्तरी कमान ने भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) और सीमा सुरक्षा बल (BSF) के साथ एक ‘सिनर्जी समिट’ यानी तालमेल सम्मेलन आयोजित की। ‘सिनर्जी समिट’ जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में आयोजित की गई। सिनर्जी समिट को उत्तरी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा ने लीड किया। सिनर्जी समिट भारत की सीमाओं की रक्षा करने वाले बलों के बीच समन्वय बढ़ाने के उद्देश्य से की गई। आर्मी, ITBP और BSF मिलकर लाइन ऑफ कंट्रोल (LOC) खासकर पाकिस्तान और चीन से जुड़ी लाइन उत्तरी सीमाओं जैसे संवेदनशील सीमा क्षेत्रों में काम करते हैं।ITBP- चीन के साथ लाइन ऑफ एक्चुअल कंट्रोल (LAC) पर तैनात रहते हैं।BSF- भारत-पाकिस्तान सीमा और भारत-बांग्लादेश सीमा की रक्षा करते हैं।आर्मी- लाइन ऑफ कंट्रोल (LOC) और ज्यादा ऊंचाई वाले संघर्ष क्षेत्रों में सुरक्षा देते हैं।
7. GeM प्लेटफॉर्म ने ‘स्वायत्त’ पहल के सात वर्ष पूरे होने का मनाया जश्न
सरकारी ई-बाजार मंच (GeM) ने स्वायत्त पहल (SWAYATT Initiative) के सात वर्ष पूरे होने का उत्सव मनाया। यह एक प्रमुख कार्यक्रम है जिसका उद्देश्य पूरे भारत में समावेशी सरकारी खरीद प्रणाली (Inclusive Public Procurement) को बढ़ावा देना है। SWAYATT पहल की शुरुआत 19 फरवरी 2019 को की गई थी। इस पहल का मुख्य उद्देश्य स्टार्टअप, महिला उद्यमियों, युवाओं, स्वयं सहायता समूहों (SHGs) और सूक्ष्म उद्यमों को सरकारी खरीद बाजार तक पहुँच प्रदान करना है। GeM प्लेटफॉर्म के माध्यम से इन समूहों को सरकारी विभागों को सीधे सामान और सेवाएँ उपलब्ध कराने का अवसर मिला है। पिछले वर्षों में इस पहल के कारण इन उद्यमों की भागीदारी में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई है।
8. भारत ने तीसरी बार आईसीसी टी-20 विश्व कप जीतकर इतिहास रचा
भारत ने तीसरी बार आईसीसी टी-20 विश्व कप जीतकर इतिहास रचा है। इसके साथ ही उसने लगातार दो बार टी-20 विश्वकप जीतने का गौरव भी हासिल किया है। साथ ही भारत ने तीसरी बार टी20 विश्व कप की ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। इससे पहले भारतीय टीम 2007 और 2024 में भी यह ट्रॉफी जीत चुकी है। साथ ही टीम इंडिया घरेलू सरजमीं पर टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाला पहला देश भी बन गया है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर यह खिताब अपने नाम किया। सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट पर 255 रन बनाए। विश्व कप फाइनल में यह अब तक का यह सबसे बड़ा स्कोर है। संजू सैमसन ने 89, ईशान किशन ने 54 और अभिषेक शर्मा ने 52 रन की पारी खेली। 256 रन के विशाल लक्ष्य के जवाब में न्यूजीलैंड की पूरी टीम 19 ओवर में केवल 159 रन ही बना सकी। जसप्रीत बुमराह ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट लिए। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। संजू सैमसन को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया।
9. पूर्व पत्रकार नारायण बारेठ का निधन
6 मार्च को BBC समेत कई मीडिया ग्रुप्स में पत्रकारिता कर चुके सीनियर पत्रकार नारायण बारेठ का निधन हो गया। वे 68 साल के थे। बारेठ ने 1986 में अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत कोटा में नवभारत टाइम्स से की थी। अपने करियर के दौरान, बारेठ BBC हिंदी, द एशियन एज, डेक्कन क्रॉनिकल, दैनिक भास्कर और द पायनियर जैसे न्यूज ग्रुप से जुड़े रहे। पत्रकारिता के अलावा बारेठ राजस्थान विश्वविद्यालय और हरिदेव जोशी पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय में पत्रकारिता के प्रोफेसर के तौर पर भी जुड़े रहे। बारेठ ने दिसंबर 2020 से अक्टूबर 2022 तक राजस्थान राज्य सूचना आयुक्त के तौर पर भी काम किया।
VISIT TO YOUR WHATSAAP CHANNEL :https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F
VISIT TO YOUR YOUTUBE CHANNEL :https://youtube.com/@guruggkwala?si=TZD9ZVm9QJLjB9ed
VISIT TO YOUR TELEGRAM :https://t.me/guruggkwala1
THANKS TO SUPPORT GURUGGKWALA
