12–14 minutes
1. 7 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेशों के राज्यपाल बदले
राष्ट्रपति ने विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के राज्यपाल और उपराज्यपालों की नियुक्ति की है:-
- हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल श्री शिव प्रताप शुक्ला को तेलंगाना का राज्यपाल नियुक्त किया गया।
- तेलंगाना के राज्यपाल श्री जिष्णु देव वर्मा को महाराष्ट्र का राज्यपाल नियुक्त किया गया।
- श्री नंद किशोर यादव को नागालैंड का राज्यपाल नियुक्त किया गया।
- लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन को बिहार का राज्यपाल नियुक्त किया गया।
- तमिलनाडु के राज्यपाल श्री आर.एन. रवि को पश्चिम बंगाल का राज्यपाल नियुक्त किया गया।
- केरल के राज्यपाल श्री राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर तमिलनाडु के राज्यपाल के रूप में कार्यों का निर्वहन करेंगे।
- लद्दाख के उपराज्यपाल श्री कविंदर गुप्ता को हिमाचल प्रदेश का राज्यपाल नियुक्त किया गया।
- दिल्ली के उपराज्यपाल श्री विनय कुमार सक्सेना को लद्दाख का उपराज्यपाल नियुक्त किया गया।
- श्री तरनजीत सिंह संधू को दिल्ली का उपराज्यपाल नियुक्त किया गया।
यह नियुक्तियां उनके संबंधित कार्यालयों का कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावी होंगी।
2. 2006 बैच की आईएफएस अधिकारी अनीता शुक्ला होंगी इक्वाडोर की नई राजदूत
2006 बैच की आईएफएस अधिकारी अनीता शुक्ला को इक्वाडोर गणराज्य में भारत का अगला राजदूत नियुक्त किया गया है। यह आधिकारिक जानकारी विदेश मंत्रालय ने दी है। अनीता शुक्ला फिलहाल मंत्रालय में संयुक्त सचिव के तौर पर जिम्मेदारी संभाल रही हैं। वह जल्द ही अपनी नई जिम्मेदारी संभाल लेंगी।
3. गृह मंत्री अमित शाह ने ओडिशा में 3 हजार 770 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का किया उद्घाटन और शिलान्यास
केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने ओडिशा में 3 हजार 770 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें राष्ट्रीय दुग्ध विकास बोर्ड, ओडिशा राज्य सहकारी दुग्ध उत्पादक संघ की विकास पहल और राज्य सरकार की विभिन्न परियोजनाएं शामिल हैं। श्री शाह ने इंडियन फार्मर्स फर्टिलाइजर कोऑपरेटिव लिमिटेड की पारादीप इकाई में सल्फ्यूरिक एसिड के तीसरे संयत्र का भी उद्घाटन किया।
4. नोएडा अंतरराष्ट्रीय विमानपत्तन को हवाई अड्डा लाइसेंस प्रदान किया गया
नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड (वाईआईएपीएल) को उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर के जेवर में स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय विमानपत्तन (एनआईए) के लिएविमानपत्तन लाइसेंस प्रदान किया है। इस विमानपत्तन का विकास ज्यूरिख एयरपोर्ट इंटरनेशनल एजी की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी वाईआईएपीएल द्वारा उत्तर प्रदेश सरकार और भारत सरकार के साथ सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल के तहत किया गया है। इसके लिए रियायत अवधि 1 अक्टूबर, 2021 से 40 वर्षों के लिए शुरू हुई। इस विमानपत्तन को सार्वजनिक उपयोग श्रेणी के अंतर्गत सभी मौसमों में संचालन के लिए लाइसेंस प्राप्त है।
5. भारतीय वायु सेना का सुखोई Su‑30MKI फाइटर जेट क्रैश
5 मार्च को असम के कार्बी आंगलोंग इलाके में ट्रेनिंग के दौरान रडार से गायब हुआ भारतीय वायु सेना का सुखोई Su‑30MKI फाइटर जेट क्रैश हो गया। इस हादसे में दोनों पायलट स्क्वाड्रन लीडर अनुज और फ्लाइट लेफ्टिनेंट पूर्वेश दुरागकर की मौत हो गई। वायुसेना ने गुरुवार देर रात 1 बजे क्रैश की पुष्टि की थी। रिपोर्ट के मुताबिक, हादसा के दौरान सुखोई फाइटर जेट नियमित उड़ान पर था। इसी दौरान उसका ग्राउंड कंट्रोल से कॉन्टेक्ट टूटा था। रडार से संपर्क टूटने के बाद वायुसेना ने तुरंत अलर्ट जारी करते हुए घटना की जांच के लिए IAF टीम को असम रवाना किया। Su‑30MKI दो इंजन वाला मल्टीरोल फाइटर जेट है, जिसका इस्तेमाल वायु रक्षा, लंबी दूरी की स्ट्राइक और निगरानी जैसे महत्वपूर्ण मिशनों में किया जाता है। बीते 12 सालों में 8 सुखोई क्रैश हुए हैं। 4 जून 2024 में भारतीय वायुसेना का SU-30MKI जेट ट्रेनिंग के दौरान टेक्निकल गड़बड़ी के चलते क्रैश हुआ था। सुखोई Su‑30MKI भारतीय वायुसेना के सबसे उन्नत और ताकतवर लड़ाकू विमानों में से एक माने जाते हैं। सुखोई Su-30MKI दो इंजन वाला लड़ाकू विमान है जिसे भारतीय वायु सेना के लिए रूस के सुखोई डिजाइन ब्यूरो और भारत के हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड ने विकसित किया है।
6. इंडियन राइटर गुरुचरण दास को लाइफटाइम लिबर्टेरियन अवॉर्ड
5 मार्च को भारतीय लेखक, टिप्पणीकार और विचारक गुरुचरण दास को लाइफटाइम लिबर्टेरियन अवार्ड से सम्मानित किया गया। गुरुचरण दास ये अवॉर्ड पाने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। ये अवॉर्ड अमेरिका स्थित लिबर्टी इंटरनेशनल ऐसी हस्तियों को देता है, जिनके विचार और लीडरशिप ने दुनिया भर में स्वतंत्रता के विचार को आगे बढ़ाया हो। 82 वर्षीय दास को 40वें लिबर्टी इंटरनेशनल वर्ल्ड समिट में ये सम्मान दिया जाएगा, जो 7-9 अगस्त 2026 तक काठमांडू, नेपाल में होगा। इंडिया ग्रोज एट नाइट (2012) गुरुचरण की सबसे ज्यादा बिकने वाली किताब है। इसे फाइनेंशियल टाइम्स की 2013 की सर्वश्रेष्ठ किताबों की लिस्ट में भी शामिल किया गया था। लिबर्टी इंटरनेशनल 1969 में स्थापित किया गया था, ये 100 से ज्यादा देशों में शिक्षा और लीडरशिप को आगे बढ़ाने के लिए काम करता है। लाइफटाइम लिबर्टेरियन अवॉर्ड 2024 में शुरू किया गया था।
7. हट्टी रिसाला महोत्सव : महाराष्ट्र में 138 वर्षों की परंपरा का उत्सव
महाराष्ट्र के जालना में मनाया जाने वाला ऐतिहासिक हट्टी रिसाला महोत्सव (Hatti Risala Festival) इस वर्ष 138 वर्ष पूरे कर चुका है। यह उत्सव महाराष्ट्र की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा का महत्वपूर्ण प्रतीक माना जाता है। हर वर्ष होली के अगले दिन मनाए जाने वाले धुलिवंदन के अवसर पर इसका आयोजन किया जाता है। इस दौरान जालना शहर की मुख्य सड़कों पर भव्य शोभायात्रा निकाली जाती है, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग एकत्रित होते हैं। यह उत्सव शहर की सांस्कृतिक विरासत और साम्प्रदायिक सौहार्द का प्रतीक है, जिसमें सभी समुदायों के लोग मिलकर भाग लेते हैं और क्षेत्र की अनूठी परंपरा का उत्साहपूर्वक उत्सव मनाते हैं।
8. मोंटाना में माइक मैन्सफील्ड सेंटर में महात्मा गांधी की पहली प्रतिमा का अनावरण
मोंटाना में महात्मा गांधी की पहली प्रतिमा का अनावरण 4 मार्च 2026 को माइक मैन्सफील्ड सेंटर, मोंटाना विश्वविद्यालय, मिसूला में किया गया। इस समारोह का नेतृत्व मोंटाना के गवर्नर ग्रेग जियानफोर्ट और सिएटल में भारत के कौंसल जनरल प्रकाश गुप्ता ने किया। यह प्रतिमा भारत सरकार द्वारा उपहार के रूप में दी गई है, जो गांधीजी के शांति, अहिंसा और नैतिक नेतृत्व के स्थायी संदेश का प्रतिनिधित्व करती है।
9. herSTART 5.0 लॉन्च: गुजरात सरकार का बड़ा कदम, महिला स्टार्टअप्स को मिलेगा इनक्यूबेशन, मेंटरशिप और निवेश का मौका
गुजरात सरकार ने ‘herSTART 5.0’ नामक एक महत्वपूर्ण पहल शुरू की है, जिसका उद्देश्य राज्य में महिलाओं के नेतृत्व वाले स्टार्टअप और उद्यमिता को मजबूत करना है। इस कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने अहमदाबाद स्थित गुजरात विश्वविद्यालय में किया। इस अवसर पर एक नए अनुसंधान पार्क का भी शुभारंभ किया गया, जिसे क्षेत्र में नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए बनाया गया है। ‘herSTART 5.0 गुजरात’ कार्यक्रम का संचालन गुजरात विश्वविद्यालय स्टार्टअप और उद्यमिता परिषद द्वारा किया जाता है। यह कार्यक्रम महिला उद्यमियों को इनक्यूबेशन, मेंटरशिप और बाजार तक पहुंच प्रदान करने पर केंद्रित है।
10. खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स: 25 मार्च से 6 अप्रैल के बीच छत्तीसगढ़ में आयोजित
पहले खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स का आयोजन 25 मार्च से 6 अप्रैल के बीच छत्तीसगढ़ में आयोजित होगा। ये खेल राज्य के तीन शहरों – रायपुर, जगदलपुर और सरगुजा – में किया जाएगा। इसकी घोषणा गुरुवार को केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने की। इन खेलों में सात पदक स्पर्धाएं – एथलेटिक्स, फुटबॉल, हॉकी, वेटलिफ्टिंग, तीरंदाजी, तैराकी और कुश्ती- शामिल होंगी। इसके अलावा दो डेमो गेम– मल्लखंभ और कबड्डी – भी आयोजित किए जाएंगे। खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स (KITG) में भारत के अधिकांश राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। पहले खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स (KITG) का लोगो, थीम सॉन्ग और मैस्कॉट 23 दिसंबर को बिलासपुर के स्वर्गीय बी. आर. यादव स्पोर्ट्स स्टेडियम में औपचारिक रूप से लॉन्च किया गया था। खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 का आयोजन युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI), भारतीय ओलंपिक संघ, राष्ट्रीय खेल महासंघों और छत्तीसगढ़ राज्य आयोजन समिति द्वारा संयुक्त रूप से किया जाएगा। इन खेलों के तकनीकी मानक अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के अनुरूप रखे जाएंगे। आधिकारिक मैस्कॉट ‘मोरवीर’ का नाम छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत से जुड़ा है। यह दो शब्दों से बना है – ‘मोर’, जिसका छत्तीसगढ़ी में अर्थ ‘मेरा’ या ‘हमारा’ होता है, और ‘वीर’, जो साहस और पराक्रम का प्रतीक है।
11. T20 World Cup 2026: भारत पुरुष T20 विश्व कप के 4 फाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम
T20 World Cup 2026 में भारत ने इतिहास रचते हुए पुरुष T20 विश्व कप के चार फाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बनने का रिकॉर्ड बनाया। भारत ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड को 7 रन से हराया।भारत ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए चार बार पुरुष टी20 विश्व कप के फाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है। यह उपलब्धि वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए 2026 के सेमीफाइनल में इंग्लैंड को सात रनों से हराने के बाद मिली। इस जीत के साथ भारत ने टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में जगह पक्की कर ली है , जहां अहमदाबाद में उसका सामना न्यूजीलैंड से होगा। इस उपलब्धि के साथ भारत ने टूर्नामेंट में अपनी विरासत को और मजबूत किया है। इससे पहले भारतीय टीम 2007, 2014 और 2024 में फाइनल में पहुंच चुकी है। भारतीय टीम लगातार दो टी20 विश्व कप फाइनल खेलने वाली तीसरी टीम बन गई है। इससे पहले रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम इंडिया ने टी20 विश्व कप 2024 का फाइनल खेला था। उस मुकाबले में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को हराकर खिताब अपने नाम किया था। भारत से पहले टी20 विश्व कप में लगातार दो बार फाइनल खेलने का कारनामा पाकिस्तान और श्रीलंका ने किया है।
12. फिन एलन ने जड़ा T20 वर्ल्ड कप इतिहास का सबसे तेज शतक
न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज फिन एलन ने 4 मार्च 2026 को कोलकाता में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले सेमीफाइनल में इतिहास रच दिया है। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सेमीफाइनल मैच में वो कर दिखाया जो आजतक के क्रिकेट इतिहास में कोई नहीं कर सका। मात्र 33 गेंदों में फिन एलन ने शतक ठोककर ने केवल न्यूजीलैंड की टीम को फाइनल का टिकट दिलाया, बल्कि टी20 विश्व कप का सबसे तेज शतक लगाया। इस दौरान उन्होंने क्रिस गेल का 10 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। फिन ने महज 19 गेंदों में फिफ्टी ठोक दी औक इस तरह वो टी20 विश्व कप में सबसे तेज फिफ्टी जड़ने वाले बैटर बन गए। उन्होंने ग्लेन फिलिप्स के 22 गेंद में बनाए गए रिकॉर्ड को तोड़ डाला।
13. वर्ल्ड इंजीनियरिंग डे 2026 के लिए अडानी ग्रुप बना आधिकारिक पार्टनर
अडानी समूह को विश्व सतत विकास इंजीनियरिंग दिवस (डब्ल्यूईडी) 2026 के आधिकारिक भागीदार के रूप में चुना गया है। यह यूनेस्को द्वारा मान्यता प्राप्त और विश्व इंजीनियरिंग संगठन संघ (डब्ल्यूएफईओ) द्वारा समन्वित एक अंतरराष्ट्रीय दिवस है। यह घोषणा 5 मार्च, 2026 को की गई थी। यह पहली बार है जब किसी भारतीय संगठन को इस वैश्विक साझेदारी के लिए चुना गया है। यह मान्यता स्वच्छ ऊर्जा परिवर्तन और सतत इंजीनियरिंग समाधानों को बढ़ावा देने में अडानी की भूमिका को उजागर करती है। यह साझेदारी स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने में अदाणी ग्रुप की लीडरशिप और बड़े पैमाने पर सस्ती एवं विश्वसनीय बिजली प्रदान करने की क्षमता का प्रमाण है। अदाणी ग्रुप का यह प्रयास न सिर्फ भारत की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत बना रहा है बल्कि संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्य 7 (SDG 7) में भी योगदान दे रहा है। विश्व इंजीनियरिंग दिवस फॉर सस्टेनेबल डेवलपमेंट हर वर्ष 4 मार्च को मनाया जाता है।
14. नादस्वरम संगीतकार शेख महबूब सुभानी का निधन
4 मार्च को प्रसिद्ध भारतीय नादस्वरम संगीतकार शेख महबूब सुभानी का निधन हो गया। शेख महबूब सुभानी 71 साल के थे। वे कर्नाटक शास्त्रीय संगीत परंपरा से जुड़े थे। महबूब के पिता शेख मीरा साहिब और नाना शेख चिन्ना पीर साहिब भी प्रसिद्ध नादस्वरम संगीकार थे। शेख महबूब ने 7 साल की उम्र में नादस्वरम सीखना शुरू किया था। आर्थिक तंगी के चलते शेख ने एक तंबाकू कंपनी में क्लर्क के तौर पर भी काम किया। महबूब अपनी पत्नी कालीशाबी महबूब के साथ पूरे भारत और विदेशों में अपनी कला को प्रदर्शित किया है और वो एक प्रसिद्ध नादस्वरम जोड़ी बने। नादस्वरम पर कर्नाटक रागों और कृतियों को प्रस्तुत करने और त्यागराज आराधना सहित प्रमुख संगीत समारोहों में प्रदर्शन के लिए जाना जाता है। नादस्वरम एक भारतीय पवन वाद्य यंत्र है। सुभानी नादस्वरम आर्टिस्ट परिवार की 8वीं पीढ़ी के थे। 2020 में शेख महबूब और उनकी पत्नी कालीशाबी महबूब को पद्मश्री से सम्मानित किया गया था।
VISIT TO YOUR WHATSAAP CHANNEL :https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F
VISIT TO YOUR YOUTUBE CHANNEL :https://youtube.com/@guruggkwala?si=TZD9ZVm9QJLjB9ed
VISIT TO YOUR TELEGRAM :https://t.me/guruggkwala1
THANKS TO SUPPORT GURUGGKWALA
