12–15 minutes
1. राष्ट्रपति मुर्मु ने मणिपुर में राष्ट्रपति शासन किया समाप्त
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मणिपुर में राष्ट्रपति शासन समाप्त कर दिया है। राज्य में राष्ट्रपति शासन पिछले वर्ष 13 फरवरी को लागू किया गया था। गृह मंत्रालय द्वारा इस संबंध में एक राजपत्र अधिसूचना जारी की गई। केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन द्वारा जारी अधिसूचना में कहा गया, संविधान के अनुच्छेद 356 के खंड (2) द्वारा प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए, मैं, द्रौपदी मुर्मु,भारत के राष्ट्रपति मणिपुर राज्य के संबंध में उक्त अनुच्छेद के तहत 13 फरवरी, 2025 को जारी उद्घोषणा को 4 फरवरी, 2026 से निरस्त करती हूं।” पिछले वर्ष 13 फरवरी को तत्कालीन मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह के इस्तीफे के बाद राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू करके मार्च 2027 तक के कार्यकाल वाली मणिपुर विधानसभा को निलंबित कर दिया गया था।
2. खेमचंद सिंह बने मणिपुर के मुख्यमंत्री, दो डिप्टी सीएम ने ली शपथ
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और मंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने बुधवार को मणिपुर के नये मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। उनके साथ नेमचा किपगेन और लोसी दिखो ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। यह शपथ ग्रहण समारोह भाजपा द्वारा नई दिल्ली में 61 वर्षीय मैतेई समुदाय के नेता युमनाम खेमचंद सिंह को नया विधानसभा दल नेता घोषित किए जाने के एक दिन बाद आयोजित किया गया। राज्यपाल अजय कुमार भल्ला ने लोक भवन में आयोजित समारोह में नए मुख्यमंत्री, दो उपमुख्यमंत्रियों और दो अन्य मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। पूर्व मंत्री नेमचा किपगेन ने नई दिल्ली स्थित मणिपुर भवन से ऑनलाइन माध्यम से उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। वहीं, नागा पीपुल्स फ्रंट के विधायक एल. दिखो ने भी उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की।
3. यंत्र इंडिया लिमिटेड मिनीरत्न कैटेगरी-1 में शामिल
2 फरवरी को रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने डिफेंस PSU (पब्लिक सेक्टर अंडरटेकिंग) यंत्र इंडिया लिमिटेड (YIL) को मिनीरत्न श्रेणी-I का दर्जा देने को मंजूरी दी। यंत्र इंडिया लिमिटेड 1 अक्टूबर, 2021 में बनी थी जो डिफेंस डिपार्टमेंट के तहत शेड्यूल ‘A’ DPSU है। यंत्र इंडिया लिमिटेड में कार्बन फाइबर कंपोजिट, मीडियम और बड़े-कैलिबर गोला-बारूद के लिए असेंबली, बख्तरबंद वाहन, तोपखाने बंदूकें, मुख्य युद्ध टैंक, ग्लास कंपोजिट और एल्यूमीनियम निर्माण किया जाता है। मई 2025 में भी रक्षा मंत्रालय ने 3 अन्य DPSU म्यूनिशन्स इंडिया लिमिटेड, आर्मर्ड व्हीकल्स निगम लिमिटेड और इंडिया ऑप्टेल लिमिटेड को मिनीरत्न कैटेगरी-I में शामिल किया गया था। मिनीरत्न कंपनी में 2 कैटेगरी होती हैं–
मिनीरत्न कैटेगरी -Iकोई भी PSU जिसने पिछले 3 सालों में लगातार लाभ कमाया हो।इनमें से कम से कम एक साल इसका प्रॉफिट 30 करोड़ रुपए हो।मिनिरत्न कंपनी सरकार की मंजूरी के बगैर 500 करोड़ रुपए या अपनी नेटवर्थ (जो भी कम हो) तक इन्वेस्ट कर सकती है।
मिनीरत्न कैटेगरी -IIऐसी कंपनी जो पिछले तीन साल से लगातार प्रॉफिट कमा रही हो।सरकार की मंजूरी के बगैर 300 करोड़ रुपए या नेटवर्थ का 50% (जो भी कम हो) तक इन्वेस्ट कर सकते हैं।
4. क्लाइमेट साइंटिस्ट वीरभद्रन रामनाथन को क्राफोर्ड पुरस्कार मिला
2 फरवरी को भारतीय मूल केक्लाइमेट साइंटिस्ट वीरभद्रन रामनाथन को रॉयल स्वीडिश एकेडमी ऑफ साइंसेज ने क्राफोर्ड पुरस्कार से सम्मानित किया। क्राफोर्ड को ‘नोबेल ऑफ जियोसाइंस’ भी कहा जाता है। ये पुरस्कार रामनाथन को एटमॉसफेरिक ब्राउन क्लाउड पर रिसर्च के लिए दिया गया है। इस रिसर्च में बताया गया है कि कैसे क्लोरोफ्लोरोकार्बन (CFCs), जिसका उपयोग रेफ्रिजरेशन में होता है, ये कार्बन डाइऑक्साइड की तुलना में वायुमंडल के लिए 10,000 गुना ज्यादा खतरनाक है। रामनाथन मदुरै में जन्मे और चेन्नई में पले-बढ़े हैं। उन्होंने अन्नामलाई यूनिवर्सिटी और इंडियन साइंस इंस्टीट्यूट से डिग्री हासिल की है। रामनाथन ने सिकंदराबाद में एक रेफ्रिजरेटर फैक्ट्री में इंजीनियर के रूप में अपना करियर शुरू किया, जहां उन्होंने पहली बार CFC संभाला। रामनाथन, स्क्रिप्स इंस्टीट्यूशन ऑफ ओशनोग्राफी, कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी में एड्वाइजर और सैन डियागो में प्रोफेसर रहे। क्लाइमेट चेंज के लिए रामनाथन को स्पेनिश नेशनल रिसर्च काउंसिल ने फाउंडेशन फ्रंटियर्स ऑफ नॉलेज अवार्ड दिया। क्राफोर्ड अवॉर्ड में 8 मिलियन स्वीडिश क्रोनर का कैश प्राइज और गोल्ड मेडल दिया जाता है।
5. भारत-किर्गिस्तान संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘खंज़र’ असम के मिसामारी में शुरू
भारत और किर्गिस्तान के बीच संयुक्त सैन्य अभ्यास खंज़र का 13वां संस्करण असम के सोनितपुर जिले के मिसामारी में शुरू हो रहा है। यह सैन्य अभ्यास द्विपक्षीय रक्षा सहयोग को मजबूत करेगा और दोनों देशों के बीच लंबे समय से चली आ रही सैन्य साझेदारी को मज़बूती प्रदान करेगा। 14 दिन तक चलने वाले इस सैन्य अभ्यास का उद्देश्य दोनों देशों के विशेष बलों के बीच आपसी समन्वय और परिचालन को बढ़ाना है। अभ्यास के दौरान संयुक्त राष्ट्र के आदेश के अंतर्गत शहरी युद्ध और आतंकावाद- रोधी अभियानों पर विशेष जोर दिया जाएगा। यह खंजर अभ्यास द्विपक्षीय रक्षा सहयोग को और मजबूत करेगा और भारत और किर्गिस्तान के बीच स्थायी सैन्य साझेदारी को गहरा करेगा। भारत और किर्गिस्तान 2011 से प्रतिवर्ष संयुक्त सैन्य अभ्यास आयोजित कर रहे हैं। किर्गिस्तान में मार्च 2025 में आयोजित 12वें संस्करण में स्नाइपिंग, जटिल भवन निर्माण, पर्वतीय कौशल और विशेष आतंकवाद-विरोधी अभ्यासों के साथ-साथ उच्च ऊंचाई वाले अभियानों और सांस्कृतिक आदान-प्रदान का गहन अभ्यास शामिल था।
6. भारत की यात्रा पर आएंगे ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा
ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा इस महीने भारत की यात्रा पर आएंगे। तेजी से बदलती वैश्विक व्यवस्था के बीच उनके इस दौरे से द्विपक्षीय संबंधों को और अधिक मजबूती मिलने की संभावना है। भारत में ब्राजील के राजदूत केनेथ एच. दा नोब्रेगा ने एक समाचार एजेंसी को दिए गये साक्षात्कार में यह बात कही। उन्होंने व्यापार, प्रौद्योगिकी और भू-राजनीति के क्षेत्र में दोनों देशों के बीच बढ़ते समन्वय को महत्वपूर्ण बताया है। राजदूत ने कहा कि राष्ट्रपति लूला दा सिल्वा की यह यात्रा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ब्राजील दौरे के एक वर्ष से भी कम समय में हो रही है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों ने 70 वर्षों से अधिक समय से राजनयिक संबंध बनाए रखे हैं और आज के वैश्विक परिवेश में इसका विशेष महत्व है।
7. ब्रिक्स औद्योगिक दक्षता केंद्र में शामिल हुआ भारत
भारत ब्रिक्स देशों में विनिर्माण कंपनियों और सूक्ष्म, लघु तथा मध्यम उद्यमों को एकीकृत सहायता सेवाएं प्रदान करने के लिए ब्रिक्स औद्योगिक दक्षता केंद्र (बी.सी.आई.सी.) में शामिल हो गया है। इसकी घोषणा नई दिल्ली में उद्योग और आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में की गई। वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने कहा कि राष्ट्रीय उत्पादकता परिषद- (एन.पी.सी.) को ब्रिक्स औद्योगिक दक्षता केंद्र के रूप में नामित किया गया है। मंत्रालय ने कहा कि एन.पी.सी.- बी.सी.आई.सी. के साथ देश की सहभागिता का नेतृत्व करेगा और क्षमता निर्माण, उत्पादकता वृद्धि और उन्नत विनिर्माण पद्धतियों को अपनाने में योगदान देगा। संयुक्त राष्ट्र औद्योगिक विकास संगठन के साथ साझेदारी में शुरू किए गए बी.सी.आई.सी. का उद्देश्य ब्रिक्स अर्थव्यवस्थाओं और उससे परे औद्योगिक नवाचार, आधुनिकीकरण और अंतर्राष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देना है।
8. भगवान बुद्ध के पवित्र देवनीमोरी अवशेष को श्रीलंका के कोलंबो ले जाया गया
भगवान बुद्ध के पवित्र देवनीमोरी अवशेष कोभारतीय वायु सेना के विशेष विमान से श्रीलंका के कोलंबो ले जाया गया। यह इन अवशेषों का पहला अंतर्राष्ट्रीय प्रदर्शन है। इसके साथगुजरात केराज्यपाल आचार्य देवव्रत और उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी के नेतृत्व में एक उच्च स्तरीय भारतीय प्रतिनिधिमंडल भी कोलंबो पहुंचा है। श्रीलंका के बुद्धशासन मंत्री सुनील सेनेवी और लोक प्रशासन मंत्री प्रो. ए.एच.एम.एच. अबेरथ्ना ने औपचारिक रूप से उनका स्वागत किया। अवशेषों कोगंगारामया मंदिर ले जाया गया है। पवित्र अवशेषों का आगमन श्रीलंका के राष्ट्रीय दिवस के अवसर पर हुआ है। पवित्र अवशेषों को 4 से 11 फरवरी तक कोलंबो के गंगारामया मंदिर में रखा जाएगा, और 5 फरवरी से सार्वजनिक पूजा शुरू होगी। 11 फरवरी 2026 को पवित्र अवशेष वापस लाया जाएगा। जिसकी घोषणा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अप्रैल 2025 में श्रीलंका यात्रा के दौरान की थी।
9. आई.एन.एस. सुदर्शनी अपनी यात्रा के पहले पड़ाव में ओमान के सलालाह बंदरगाह पर पहुंचा
भारतीय नौसेना का प्रशिक्षण पोत आई.एन.एस. सुदर्शनी अपनी यात्रा के पहले पड़ाव के अन्तर्गत ओमान के सलालाह बंदरगाह पर पहुंच गया है। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि इस तैनाती का उद्देश्य देश की समृद्ध समुद्री विरासत का प्रदर्शन करना और अंतरराष्ट्रीय समुद्री सहयोग को बढ़ावा देना है। मंत्रालय ने बताया कि तीन दिन की यात्रा के दौरान, ओमान की रॉयल नेवी के साथ वार्ता और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यह पोत स्कूली बच्चों और स्थानीय निवासियों के लिए भी खुला रहेगा। यह आई.एन.एस.सुदर्शनी की प्रतिष्ठित समुद्री यात्रा लोकयान 26 का पहला अंतरराष्ट्रीय पड़ाव है।
10. बाल विवाह मुक्त भारत: जागरूकता कार्यक्रमों के तीसरे चरण की शुरुआत
केंद्र सरकार ने27 नवंबर 2024 को ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ नामक राष्ट्रीय अभियान की शुरुआत की थी जिसका मुख्य उद्देश्य देश को बाल विवाह से पूरी तरह मुक्त बनाना है। इस पहल के तहत ‘समग्र सरकारी’ और ‘समग्र सामाजिक’ दृष्टिकोण अपनाते हुए ‘विकसित भारत’ के सपने को साकार करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इसके लिए लड़कियों और महिलाओं की शिक्षा, कौशल विकास, उद्यमिता और आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करना महत्वपूर्ण माना गया है। इस अभियान का मुख्य लक्ष्य बाल विवाह रोकने के लिए व्यापक जागरूकता फैलाना, माता-पिता, परिवार और समुदायों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना, बाल विवाह निषेध अधिकारियों (सीएमपीओ) की क्षमता और भूमिका को प्रभावी बनाना, बाल विवाह से जुड़े मामलों की समय पर रिपोर्टिंग को बढ़ावा देना, साथ ही उन किशोरियों की पहचान करना है जो स्कूल छोड़ चुकी हैं या जिन पर बाल विवाह का खतरा मंडरा रहा है। इसके माध्यम से उनकी शिक्षा, कौशल विकास और सशक्तिकरण को सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है। यह अभियान एक व्यवस्थित और चरणबद्ध कार्यान्वयन योजना के तहत संचालित है। पहले चरण में (27 नवंबर , 2025 से 31 दिसंबर, 2025) विद्यालयों, महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में वाद-विवाद, निबंध प्रतियोगिताओं और शपथ समारोहों के माध्यम से जागरूकता बढ़ाने की गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। दूसरे चरण (1 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026) का मुख्य उद्देश्य धार्मिक संस्थानों और विवाह संबंधित सेवा प्रदाताओं, जैसे मंदिर, मस्जिद, खानपान सेवाएं, टेंट हाउस और डीजे इत्यादि के साथ सहयोग स्थापित करना है, ताकि बाल विवाह को रोकने के लिए जागरूकता फैलाई जा सके और सूचनात्मक एवं शैक्षिक सामग्री प्रदर्शित की जा सके। तीसरे चरण (1 फरवरी 2026 से 8 मार्च 2026) में ग्राम पंचायतों और नगर पालिका वार्डों को संगठित करते हुए ऐसे क्षेत्र को बाल विवाह मुक्त घोषित करने के लिए प्रस्ताव पारित करने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
11. ईशा सिंह और भारतीय महिला टीम ने 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा के स्वर्ण पदक जीते
ईशा सिंह ने एशियाई निशानेबाज़ी चैंपियनशिप में 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीत लिया है। नई दिल्ली में फाइनल में उन्होंने चेंग येन-चिंग और यू ऐ-वेन को हराया। ईशा ने फाइनल में पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए दो सौ उनतालीस दशमलव आठ अंक हासिल किए और अपना दूसरा सीनियर एशियाई चैंपियनशिप स्वर्ण पदक अपने नाम किया। चेंग येन-चिंग ने 235.4 अंक के साथ रजत और यू ऐ-वेन ने 217.7 अंक के साथ कांस्य पदक जीता। वहीं, ईशा, मनु भाकर और सुरुचि सिंह ने महिला टीम स्पर्धा का भी स्वर्ण पदक जीता। वियतनाम ने रजत और चीनी ताइपे ने कांस्य पदक हासिल किया। पुरुष वर्ग में सम्राट राणा ने 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में कांस्य पदक अपने नाम किया।
12. भारत अफगानिस्तान को हराकर अंडर-19 क्रिकेट विश्व कप के फाइनल में पहुंचा
हरारे में, भारत ने अंडर-19 एकदिवसीय क्रिकेट विश्वकप के फाइनल में जगह बना ली है। दूसरे सेमीफाइनल में अफगानिस्तान के 311 रन के लक्ष्य को भारत ने 42वें ओवर में ही हासिल कर लिया। एरोन जॉर्ज ने 115, वैभव सूर्यवंशी ने 68, आयुष ने 62 और विहान मल्होत्रा ने नाबाद 38 रन की पारी खेली। भारत का सामना अब शुक्रवार को फाइनल में इंग्लैंड के साथ होगा।
13. विश्व कैंसर दिवस
विश्व कैंसर दिवस हर साल 4 फरवरी को मनाया जाता है। इसका उद्देश्य कैंसर के बारे में जागरूकता बढ़ाना और इसके इलाज में हो रही प्रगति को सामने लाना है। ICMR के राष्ट्रीय कैंसर रजिस्ट्रेशन के अनुमान के अनुसार, 2024 में भारत में 15.3 लाख से अधिक नए कैंसर मामले सामने आए, जबकि 8 से 8.7 लाख लोगों की मौत कैंसर के कारण हुई। वैश्विक स्तर पर 2022 में 2 करोड़ नए मामले और 97 लाख मौतें दर्ज की गईं।
VISIT TO YOUR WHATSAPP CHANNEL : https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F
VISIT TO YOUR TELGRAM CHANNEL : https://t.me/guruggkwala
VISIT TO YOUR YOUTUBE CHANNEL : https://youtube.com/shorts/NKfRxWPICRg?si=xr0tt_vDUi2ZQwz6
THNKS TO SUPPORT GURUGGKWALA
