8 January 2026 Current Affairs -GurugGkwala

13–16 minutes


1. उपराष्ट्रपति ने “गाओ, नाचो एवं नेतृत्व करो: श्रील प्रभुपाद के जीवन से नेतृत्व का सबक” नामक पुस्तक का विमोचन किया

उपराष्ट्रपति श्री सी. पी. राधाकृष्णन ने नई दिल्ली स्थित उपराष्ट्रपति आवास में आयोजित एक समारोह में हिंदोल सेनगुप्ता द्वारा लिखित “गाओ, नाचो एवं नेतृत्व करो: श्रील प्रभुपाद के जीवन से नेतृत्व का सबक” पुस्तक का विमोचन किया। उपराष्ट्रपति ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए भारत को एक सभ्यतागत नेता के रूप में वर्णित किया, जिसकी परंपराओं ने निरंतर मूल्यों, सेवा एवं आंतरिक अनुशासन पर आधारित नेतृत्व पर बल दिया है। उन्होंने कहा कि ए. सी. भक्तिवेदांत स्वामी प्रभुपाद का जीवन इस परंपरा में दृढ़ता के साथ खड़ा है, जो उद्देश्य, विनम्रता एवं नैतिक स्पष्टता पर आधारित नेतृत्व का उदाहरण प्रस्तुत करता है।

2. भारत और भूटान के सुप्रीम कोर्ट के बीच न्यायिक सहयोग समझौता

भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने सोमवार को कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने भूटान की शीर्ष अदालत के साथ युवा विधि पेशेवरों के आदान-प्रदान को सुविधाजनक बनाने के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किया है। इस समझौते के तहत, भूटान से दो विधि क्लर्कों को यहां सुप्रीम कोर्ट में तीन महीने की अवधि के लिए नियुक्त किया जाएगा। उन्हें भारतीय विधि क्लर्कों के समान मानदेय मिलेगा और उनके यात्रा व्यय का खर्च सुप्रीम कोर्ट उठाएगा। भारत के सुप्रीम कोर्ट ने नेपाल, भूटान, सिंगापुर, इज़राइल, बांग्लादेश, ट्यूनीशिया, ज़ाम्बिया, मोरक्को और मालदीव सहित कई देशों के साथ न्यायिक सहयोग और कानूनी पेशेवरों के आदान-प्रदान के लिए मेमोरेंडम ऑफ़ अंडरस्टैंडिंग (MoUs) पर साइन किए हैं।

3. संचार मंत्रालय ने कृषि और किसान कल्‍याण मंत्रालय तथा ग्रामीण विकास मंत्रालय के साथ दो समझौता ज्ञापनों पर हस्‍ताक्षर किए

संचार मंत्रालय ने नई दिल्‍ली में कृषि और किसान कल्‍याण मंत्रालय तथा ग्रामीण विकास मंत्रालय के साथ दो समझौता ज्ञापनों पर हस्‍ताक्षर किए हैं। इन समझौता ज्ञापनों का उद्देश्‍य गलत सूचना का निराकरण करके ग्रामीण नागरिकों और किसानों को लाभ और बैकिेंग सेवाएं प्रदान करना है। इस अवसर पर संचार मंत्री ज्‍योतिरादित्‍य सिंधिया ने कहा कि डाक विभाग और कृषि तथा किसान कल्‍याण मंत्रालय के बीच हस्‍ताक्षरित समझौता ज्ञापन लंबे समय से जारी नकली कीटनाशकों के मुद्दे का समाधान करेगा। उन्‍होंने कहा कि इस समझौते के अंतर्गत प्रत्‍येक कीटनाशक के नमूने में एक क्‍यूआर कोड होगा। उन्‍होंने कहा कि पहले की दस से 15 दिन की प्रक्रिया के स्‍थान पर अब नमूने परीक्षण प्रयोगशालाओं में दो से तीन दिनों में पहुंचेंगे। ग्रामीण विकास मंत्रालय के साथ हस्‍ताक्षरित समझौता ज्ञापन को लेकर श्री सिंधिया ने कहा कि यह समझौता भारत पोस्‍ट पेमेंट बैंक के साथ एकीकरण के जरिए स्‍व-सहायता समूहों से जुड़ी लगभग 12 करोड़ महिलाओं सहित ग्रामीण लोगों को सशक्‍त बनाने पर ध्‍यान केंद्रित करता है। उन्‍होंने कहा कि इस समझौता ज्ञापन के व्‍यापक प्रशिक्षण के अंतर्गत इलेक्ट्रॉनिक टैबलेट, नकदी अंतरण, बिक्री केन्द्र मशीनें और प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे।

4. इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र भारत की लोकप्रिय आवाजों के दस्तावेजीकरण के लिए ‘आवाज़ों के जुगनू’ का शुभारंभ करेगा

संस्कृति मंत्रालय के अंतर्गत स्वायत्त संस्था, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र (आई जी एन सी ए), भारत की चुनिंदा सबसे मशहूर आवाज़ों को रिकॉर्ड किए गए साक्षात्कारों और असली प्रकाशनों के माध्यम से डॉक्यूमेंट करने और उन्हें सहेजने के लिए एक विशेष पहल की शुरूआत करने जा रहा है। वर्षों से निरंतर चल रही तलाश और ऑडियो और वीडियो खंगालने की कोशिशों के बाद, इस पहल को 8 जनवरी 2026 को शाम 4.00 बजे ‘आवाज़ों के जुगनू‘ टाइटल के अंतर्गत पुस्तक और स्वर दोनों प्रारूप में औपचारिक रूप से लॉन्च किया जाएगा। इसमें आकाशवाणी, एफ एम चैनलों, वॉइस-ओवर इंडस्ट्री, प्रसारण और काव्य पाठ मंचन की परंपरा से जुड़े 31 लोगों के सफर को समेटने का प्रयास किया गया है।

5. महाराष्ट्र: सिंधुदुर्ग जिले में कोंकण तट पर देश की पहली यात्री पनडुब्बी पर्यटन परियोजना जल्द होगी शुरू

महाराष्ट्र, सिंधुदुर्ग जिले में कोंकण तट पर देश की पहली यात्री पनडुब्बी पर्यटन परियोजना शुरू करने जा रहा है। यह राज्य में तटीय और समुद्री पर्यटन को काफी बढ़ावा देगी। इस महत्वाकांक्षी परियोजना में 24 सीटों वाली, बैटरी से चलने वाली यात्री पनडुब्बी शामिल हैं। इसे मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड ने विकसित किया है। वर्ष 2018-19 के राज्य बजट में पहली बार घोषित इस परियोजना को नवंबर 2024 में केंद्र सरकार द्वारा ‘वैश्विक स्तर पर प्रतिष्ठित पर्यटन केंद्रों का विकास’ योजना के तहत धनराशि स्वीकृत किए जाने के बाद गति मिली। अधिकारियों का कहना है कि यह पहल पर्यावरण के प्रति संवेदनशील पर्यटन को बढ़ावा देगी, समुद्री जैव विविधता का समर्थन करेगी और सिंधुदुर्ग को वैश्विक समुद्री पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करेगी।

6. अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रंप ने संयुक्त राष्ट्र की जनसंख्या एजेंसी सहित दर्जनों अंतरराष्ट्रीय संगठनों से अलग होने की घोषणा की

अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रंप ने संयुक्त राष्ट्र की जनसंख्या एजेंसी सहित दर्जनों अंतरराष्ट्रीय संगठनों से अलग होने की घोषणा की है। ट्रंप ने एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर करके 66 संगठनों, एजेंसियों और आयोगों को अमरीका का समर्थन रोक दिया है। यह आदेश अमरीकी भागीदारी और वित्तपोषण की समीक्षा के बाद दिया गया है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि प्रशासन के अनुसार, यह संस्थाएं कुप्रबंधित, अनावश्यक, फिजूलखर्ची वाली हैं। यह अमेरिकी प्राथमिकताओं के अनुरूप नहीं हैं और देश की संप्रभुता तथा समृद्धि में खतरा बन सकती हैं। यह निर्णय ऐसे समय आया है जब ट्रंप प्रशासन ने कई विदेश नीतिगत कदम उठाए हैं, जिनमें वेनेजुएला के नेता निकोलस मादुरो को गिरफ्तार करना और ग्रीनलैंड पर कब्जा करने का इरादा शामिल है।

7. इसरो 12 जनवरी को पी.एस.एल.वी.-सी 62 मिशन का प्रक्षेपण करेगा

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन-इसरो 12 जनवरी को पी.एस.एल.वी.-सी 62 मिशन का प्रक्षेपण करेगा। इसरो ने सोशल मीडिया पोस्ट में घोषणा की है कि उपग्रह को आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से सवेरे 10 बजकर 17 मिनट पर प्रक्षेपित किया जाएगा। इसके अंतर्गत भारत सहित अन्य देशों के 18 उपग्रह भी प्रक्षेपित किये जाएंगे। इस मिशन का मुख्य पेलोड पृथ्वी अवलोकन उपग्रह, ईओएस-एन1 है। यह रक्षा अनुसंधान तथा विकास संगठन द्वारा रणनीतिक उद्देश्यों के लिए विकसित एक इमेजिंग उपग्रह है।

8. पटना उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश बने न्यायमूर्ति संगम कुमार साहू

न्यायमूर्ति संगम कुमार साहू ने बुधवार को पटना उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ग्रहण की। लोक भवन स्थित राजेंद्र मंडप में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। न्यायमूर्ति साहू फौजदारी मामलों के एक प्रतिष्ठित अधिवक्ता के रूप में जाने जाते रहे हैं और इस क्षेत्र में उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई। 2 जुलाई 2014 को उन्हें ओडिशा हाई कोर्ट का न्यायाधीश नियुक्त किया गया था, जहां उन्होंने कई वर्षों तक अपने दायित्वों का निर्वहन किया।

9. सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ी उपलब्धि: 50,000 से अधिक स्वास्थ्य संस्थान NQAS प्रमाणित

भारत सरकार ने सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रणाली की गुणवत्ता को मजबूत करने की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की है। 31 दिसंबर 2025 तक देशभर में 50,373 सार्वजनिक स्वास्थ्य संस्थानों को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) के तहत प्रमाणित किया जा चुका है। यह गुणवत्ता ढांचा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा लागू किया गया है, जिसका उद्देश्य सुरक्षित, प्रभावी और रोगी-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करना है। NQAS की शुरुआत वर्ष 2015 में केवल 10 जिला अस्पतालों से हुई थी। इसके बाद इसे चरणबद्ध तरीके से उप-जिला अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों तक विस्तारित किया गया। वर्तमान में प्रमाणित संस्थानों में 48,663 आयुष्मान आरोग्य मंदिर (SHC, PHC, UPHC) और 1,710 द्वितीयक स्वास्थ्य संस्थान (CHC, SDH, DH) शामिल हैं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि गुणवत्ता को सभी स्तरों पर संस्थागत रूप दिया गया है। यह उपलब्धि राष्ट्रीय स्वास्थ्य नीति 2017 के तहत सार्वभौमिक स्वास्थ्य कवरेज के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। सरकार ने मार्च 2026 तक कम से कम 50% सार्वजनिक स्वास्थ्य संस्थानों को NQAS प्रमाणित करने का लक्ष्य रखा है, जिससे देश में गरीब, वंचित और दूरदराज़ क्षेत्रों की आबादी को भी गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।

10. 8 से 10 जनवरी तक ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ का आयोजन, 24 घंटे होगा ‘ऊंकार नाथ’ का जाप

गुजरात के गिर सोमनाथ में 8 से 10 जनवरी तक आयोजित होने वाला ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ ऐतिहासिक और आध्यात्मिक दृष्टि से बेहद खास होने जा रहा है। इस वर्ष यह आयोजन इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि ठीक एक हजार वर्ष पहले महमूद गजनवी ने सोमनाथ मंदिर पर हमला किया था। इस ऐतिहासिक घटना की 1,000वीं बरसी पर सोमनाथ नगरी एक बार फिर आस्था, स्वाभिमान और सनातन संस्कृति के संदेश के साथ देश-दुनिया को जोड़ने जा रही है। इस तीन दिवसीय पर्व के दौरान सोमनाथ मंदिर में लगातार24 घंटे ‘ऊंकार नाथ’ का जाप किया जाएगा। पूरे परिसर को आध्यात्मिक वातावरण में ढालने की तैयारी की गई है। मंदिर के समुद्र तट पर नावें खड़ी की जाएंगी, जिन्हें विशेष लाइटिंग से सजाया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को एक अलौकिक दृश्य का अनुभव हो सके।

11. ब्रिटिश जूनियर ओपन स्क्वैश चैंपियनशिप: भारत की अनाहत सिंह ने अंडर-19 फाइनल में रजत पदक जीता

भारत की अनाहत सिंह ने ब्रिटिश जूनियर ओपन स्क्वैश चैंपियनशिप में महिला अंडर-19 फाइनल में रजत पदक जीता। इंग्लैंड के बर्मिंघम विश्वविद्यालय में फाइनल में शीर्ष वरीयता प्राप्त अनाहत को फ्रांस की लॉरेन बाल्टायन से हार का सामना करना पड़ा। अनाहत सिंह ने सेमीफाइनल में मिस्र की मलिका अल कराक्सी को हराया था।

12. T20 World Cup 2026: विक्रम राठौड़ श्रीलंका के बल्लेबाजी कोच बने

टी20 विश्व कप 2026 में भारत के साथ सह-मेजबान श्रीलंका ने टूर्नामेंट से पहले अपनी कोचिंग टीम में बड़ा बदलाव किया है। श्रीलंका ने भारतीय टीम केपूर्व बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौड़ को अपनाबल्लेबाजी कोच नियुक्त किया है। विक्रम राठौड़ को श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने सिर्फ टी20 विश्व कप 2026 के लिए बल्लेबाजी कोच की जिम्मेदारी सौंपी है। विक्रम राठौड़ ने लंबे समय तक भारतीय टीम के साथ बतौर बल्लेबाजी कोच काम किया है। भारतीय टीम ने रोहित शर्मा की कप्तानी में टी20 विश्व कप 2024 का खिताब जीता था। उस समय विक्रम राठौड़ भारतीय टीम के बल्लेबाजी कोच थे। राठौड़ 15 जनवरी तक श्रीलंकाई टीम से जुड़ सकते हैं। राठौर ने भारतीय पुरुष टीम के साथ पांच साल तक काम किया है। टी20 विश्व कप 2024 के बाद वह टीम से अलग हो गए थे। साल 2025 में राठौर राजस्थान रॉयल्स के बल्लेबाजी कोच रहे थे। वह पंजाब किंग्स की कोचिंग टीम का हिस्सा रह चुके हैं।

13. स्वर्ण पदक विजेता और भारतीय धावक जिन्सन जॉनसन ने संन्यास की घोषणा की

एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता और भारतीय धावक जिन्सन जॉनसन ने संन्यास की घोषणा कर दी है।केरल के इस 34 वर्षीय एथलीट के करियर का सर्वश्रेष्ठ क्षण2018 जकार्ता एशियाई खेलों में 1500 मीटर में तीन मिनट 44 दशमलव सात-दो सेकेंड के समय से स्वर्ण पदक जीतना रहा। इन्हीं खेलों में उन्होंने800 मीटर में रजत पदक भी जीता था। जॉनसन ने वर्ष2018 में गुवाहाटी में राष्ट्रीय अंतर-राज्यीय चैंपियनशिप के दौरान एक मिनट 45 दशमलव छह-पांच सेकेंड के समय के साथ दिग्गज श्रीराम सिंह का 42 साल पुराना पुरुषों का 800 मीटर राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा था। ऑस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट 2018 राष्ट्रमंडल खेलों में जॉनसन ने तीन मिनट 37 दशमलव आठ-छह सेकेंड का समय निकालकर बहादुर प्रसाद का 23 साल पुराना 1500 मीटर राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा। हालांकि वे फाइनल में पांचवें स्थान पर रहे थे। बाद में उन्होंने अपने ही राष्ट्रीय रिकॉर्ड में दो बार सुधार किया, जिसमें 2019 में बर्लिन मीट में बनाया गया 3 मिनट 35 दशमलव दो-चार सेकेंड का समय उनका सर्वश्रेष्ठ रहा।

14. पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता कबीन्द्र पुरकायस्थ का सिलचर में निधन

पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता कबीन्द्र पुरकायस्थ का सिलचर में निधन हो गया, वे 94 वर्ष के थे। कबीन्द्र पुरकायस्थ भारतीय जनता पार्टी के संस्थापक सदस्यों में से एक थे। कबीन्द्र पुरकायस्थ का जन्म 15 दिसंबर, 1931 को तत्कालीन सिलहट जिले के कामरखाल में हुआ था। सिलहट वर्तमान में बांग्लादेश का हिस्सा है। वे 1951 से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ-आरएसएस से जुडे हुए थे। उन्होंने विभिन्न संगठनात्मक और पूर्वोत्तर में आरएसएस की विचारधारा के प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कबीन्द्र पुरकायस्थ पहली बार 1991 में सिलचर क्षेत्र से लोकसभा के लिए चुने गए थे। वर्ष 1998 में वे पुनः निर्वाचित हुए और1998 से 1999 तकप्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में दूरसंचार राज्य मंत्री के रूप में कार्य किया।

15. पूर्व विश्व बिलियर्ड्स चैंपियन मनोज कोठारी का 67 साल की उम्र में निधन

पूर्व विश्व बिलियर्ड्स चैंपियन मनोज कोठारी का तमिलनाडु के तिरुनेलवेली के एक अस्पताल में बड़े कार्डियक अरेस्ट के बाद 67 साल की उम्र में निधन हो गया। कोठारी का 10 दिन पहले सफल लिवर ट्रांसप्लांट हुआ था, लेकिन कुछ दिन पहले उन्हें फेफड़ों में इन्फेक्शन हो गया था। कोठारी ने 1990 में विश्व बिलियर्ड्स चैंपियनशिप का खिताब जीता था। उन्होंने अपने करियर में कुल 16 बार स्टेट चैंपियन का खिताब भी हासिल किया। उन्होंने 1997 में एक और बड़ा अंतरराष्ट्रीय खिताब जीता, जब उन्होंने विश्व डबल्स बिलियर्ड्स चैम्पियनशिप जीती, जो उच्चतम स्तर पर उनकी बहुमुखी प्रतिभा और लंबे समय तक बने रहने को रेखांकित करता है। 2005 में, उन्हें ध्यानचंद पुरस्कार से सम्मानित किया गया, जो भारत का खेलों में आजीवन उपलब्धि के लिए सर्वोच्च पुरस्कार है। उन्हें 2025 में बिलियर्ड्स एंड स्नूकर फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।

JOIN YOUR WHATSUP CHANNEL : https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F

JOIN YOUR TELEGRAM CHANNEL : https://t.me/guruggkwala

THNKS TO SUPPORT GURUGGKWALA

Leave a Comment

Shopping Cart
Scroll to Top