15 September 2025 Current Affairs -GurugGkwala

9–12 minutes


1. PM मोदी ने असम के गोलाघाट में बायोएथेनॉल प्लांट का उद्घाटन किया

पीएम मोदी ने रविवार को असम के गोलाघाट जिले स्थित नुमालीगढ़ रिफाइनरी लिमिटेड (NRL) में बायोएथेनॉल प्लांट का उद्घाटन किया और पॉलीप्रोपलीन यूनिट की आधारशिला रखी। इस मौके पर उन्होंने कहा कि भारत अपनी ऊर्जा जरूरतों में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में मजबूती से आगे बढ़ रहा है। इसी के साथ प्रधानमंत्री ने NRL में आधुनिक पॉलीप्रोपलीन यूनिट की आधारशिला रखी। उन्होंने कहा कि पॉलीप्रोपलीन एक अहम कच्चा माल है, जिसका उपयोग घरेलू सामान, वस्त्र, ऑटोमोबाइल और मेडिकल उपकरण सहित कई उद्योगों में होता है। उन्होंने कहा कि यह यूनिट ‘मेक इन असम’ और ‘मेक इन इंडिया’ को मजबूत करेगी और राज्य के औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र को नई गति देगी।

2. मद्रास उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति एम. सुंदर मणिपुर उच्च न्यायालय के अगले मुख्य न्यायाधीश होंगे

राष्ट्रपति, भारत के संविधान द्वारा प्रदत्त शक्ति का प्रयोग करते हुए न्यायमूर्ति श्री एम. सुन्दर, न्यायाधीश, मद्रास उच्च न्यायालय को मणिपुर उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में नियुक्त करते हैं। यह नियुक्ति उनके कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावी होगी। यह नियुक्ति, मणिपुर उच्च न्यायालय के वर्तमान मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति श्री केम्पैया सोमशेखर के दिनांक 14.09.25 को सेवानिवृत्त होने के परिणामस्वरूप होगी।

3. प्रशासनिक सुधार और लोक शिकायत विभाग को राजभाषा कीर्ति पुरस्कार

हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में,14 सितंबर 2025 को, महात्मा मंदिर कन्वेंशन एवं एग्जिबिशन सेंटर गांधीनगर, गुजरात में, आयोजित, हिंदी दिवस समारोह और अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन के दौरान, गृहमंत्री और सहकारिता मंत्री, श्री अमित शाह के कर कमलों से, सचिव,प्रशासनिक सुधार और लोक शिकायत, श्री वी. श्रीनिवास को, राजभाषा कीर्ति पुरस्कार (प्रथम) प्रदान किया गया। यह पुरस्कार, राजभाषा हिंदी में श्रेष्ठ कार्य निष्पादन के लिए, प्रशासनिक सुधार और लोक शिकायत विभाग को, 300 से कम कार्मिक वाले मंत्रालयों/ विभागों की श्रेणी में राजभाषा विभाग,गृह मंत्रालय द्वारा वर्ष 2024- 25 के लिए दिया गया है। विभाग को यह पुरस्कार लगातार दूसरी बार प्रदान किया जा रहा है।

4. भारतीय नौसेना को आन्द्रोत (दूसरा पनडुब्बी रोधी युद्धक उथले पानी का जहाज) सौंपा गया

भारतीय नौसेना को ‘आन्द्रोत’ जहाज 13 सितंबर 2025 को सौंप दिया गया है। इसे जीआरएसई, कोलकाता में गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स (जीआरएसई), कोलकाता द्वारा तैयार किया गया है। यह आठ एएसडब्ल्यू एसडब्ल्यूसी (पनडुब्बी रोधी युद्धक उथले पानी के जहाज) में से दूसरा पोत है, जो रक्षा विनिर्माण में आत्मनिर्भरता की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है। एएसडब्ल्यू एसडब्ल्यूसी जहाजों को जीआरएसई, कोलकाता में भारतीय शिपिंग रजिस्टर (आईआरएस) के वर्गीकरण नियमों के अनुसार स्वदेशी रूप से डिजाइन व निर्मित किया गया है और यह नौसेना की पनडुब्बी रोधी, तटीय निगरानी तथा बारूदी सुरंग बिछाने की क्षमताओं को विस्तार प्रदान करता है। इस जहाज के ‘आन्द्रोत’ नाम होने का सामरिक और प्रतीकात्मक महत्व है। यह लक्षद्वीप द्वीपसमूह के आन्द्रोत द्वीप के नाम से लिया गया है, जो अपने विशाल समुद्री इलाकों की सुरक्षा के प्रति भारत की वचनबद्धता को प्रदर्शित करता है। इस तरह के जहाज लगभग 77 मीटर लंबाई वाले हैं, जो डीजल इंजन-वॉटरजेट संयोजन द्वारा संचालित भारतीय नौसेना के सबसे बड़े युद्धपोत हैं। ये सभी पोत अत्याधुनिक हल्के टॉरपीडो, स्वदेशी एएसडब्लू रॉकेट और उन्नत उथले पानी के सोनार से लैस हैं।

5. ग्रेट निकोबार द्वीप परियोजना: भारत के सबसे दक्षिणी द्वीप का रूपांतरण

ग्रेट निकोबार प्रोजेक्ट को लेकर कांग्रेस हमलावर है। नीति आयोग द्वारा साल 2021 में प्रस्तावित इस परियोजना को मुद्दा बनाकर कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने केंद्र पर निशाना साधा है और इसके पर्यावरणीय प्रभाव पर गहरी चिंता जताई है। बता दें कि ये परियोजना निकोबार आइलैंड के दक्षिणी छोर पर एक महत्वाकांक्षी इंफ्रा प्रोजेक्ट है, जिसकी अनुमानित लागत करीब 72000 करोड़ रुपये है। यह परियोजना नीति आयोग के मार्गदर्शन में संचालित की जा रही है। इसके अंतर्गत गैलाथिया की खाड़ी (Galathea Bay) में अंतर्राष्ट्रीय कंटेनर ट्रांसशिपमेंट टर्मिनल (ICTT), ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट (नव-निर्मित हवाई अड्डा), ग्रीनफील्ड टाउनशिप (नव-निर्मित नगर), पर्यटन परियोजना तथा एक गैस-आधारित विद्युत संयंत्र आदि बुनियादी ढाँचा शामिल हैं। इस परियोजना का कार्यान्वयन अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह एकीकृत विकास निगम (ANIIDCO) द्वारा किया जा रहा है। यह स्थल मलक्का जलडमरूमध्य के समीप रणनीतिक रूप से महत्त्वपूर्ण स्थिति में स्थित है, जो हिंद महासागर को प्रशांत महासागर से जोड़ने वाला एक प्रमुख समुद्री मार्ग है।

6. भारतीय नौसेना को मिला पहला स्वदेशी 3D निगरानी रडान

भारत की नौसैनिक वायु रक्षा क्षमता को बड़ा बल मिला है। भारतीय नौसेना ने पहला टाटा निर्मित लांजा-एन (Lanza-N) 3D एयर सर्विलांस रडार को कमीशन किया है। यह रडार स्पेन की कंपनी इंद्रा (Indra) के लांजा 3डी सिस्टम का नौसैनिक संस्करण है, जिसे टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स लिमिटेड (TASL) ने 2020 में हुई 145 मिलियन अमेरिकी डॉलर की डील के तहत भारत में बनाया और एकीकृत किया। यह रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता और स्वदेशीकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। मुख्य विशेषताएँ:

  • रेंज: 9 किमी से 474 किमी तक विमानों का पता लगाने की क्षमता
  • ऊँचाई कवरेज: 1,00,000 फीट तक
  • रोटेशन स्पीड: हर 10 सेकंड में एक पूर्ण घूर्णन → सतत निगरानी
  • अनुकूलन: हिंद महासागर क्षेत्र की आर्द्रता और अत्यधिक गर्मी के अनुसार विशेष रूप से संशोधित

7. केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने नारणपुरा, अहमदाबाद में 825 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन किया

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने गुजरातके नारणपुरा, अहमदाबाद में लगभग 825 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन किया। इस अवसर पर गुजरात के मुख्यमंत्री श्री भूपेन्द्र पटेल, केन्द्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया, गुजरात के गृह राज्य मंत्री श्री हर्ष संघवी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। यह 1,19,000 वर्ग मीटर में फैला है, जिसमें खेल, आवास और खान-पान की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसमें 900 वाहनों की पार्किंग क्षमता और 275 किलोवाट का सौर ऊर्जा संयंत्र भी है।

8. केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह हिन्दी दिवस 2025 के अवसर पर गांधीनगर (गुजरात) में आयोजित पाँचवे अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह हिन्दी दिवस 2025 के अवसर पर गुजरात की राजधानी गांधीनगर में आयोजित पांचवे अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर गुजरात के मुख्यमंत्री श्री भूपेन्द्र पटेल, केन्द्रीय मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल और केन्द्रीय गृह राज्यमंत्री श्री बंडी संजय कुमार सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कई प्रकाशनों का लोकार्पण भी किया। पिछले 5 साल से अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन दिल्ली से बाहर देश के अलग अलग हिस्सों में हो रहा है जिससे राजभाषा हिन्दी और देश की अन्य भाषाओं के बीच संवाद बढ़ाने का बहुत अच्छा मौका मिला है।

9. राष्ट्रीय महिला स्वास्थ्य अभियान से जुड़ा आयुष मंत्रालय, 17 सितंबर से होगी शुरुआत

आयुष मंत्रालय ने रविवार को घोषणा की कि वह 17 सितंबर से शुरू होने वाले राष्ट्रीय महिला स्वास्थ्य अभियान ‘स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान’ में भाग लेगा। यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन के अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से शुरू किया जा रहा है। इस अभियान को राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रशासन, आयुष की अनुसंधान व शैक्षणिक संस्थाओं, उद्योगों, स्वयंसेवी संगठनों, संघों और सहकारी समितियों के सहयोग से चलाया जाएगा। इसके तहत महिलाओं के स्वास्थ्य को बढ़ावा देने और बीमारियों की जांच पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। मंत्रालय ने बताया कि इस दौरान महिलाओं को घरेलू नुस्खे और पोषण किट वितरित की जाएंगी। साथ ही औषधीय पौधों और हर्बल चाय के फायदों पर जागरूकता अभियान भी चलाए जाएंगे। अभियान में कॉर्पोरेट महिलाओं के मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य पर भी ध्यान दिया जाएगा। इसके लिए आयुर्वेद आधारित वेलनेस कार्यक्रम और योग पर आधारित माइंडफुलनेस प्रैक्टिस आयोजित की जाएंगी। कुल 16 दिनों तक चलने वाले इस अभियान में विभिन्न गतिविधियां शामिल होंगी।

10. जैस्मीन और मीनाक्षी ओलंपिक मेडलिस्ट को हराकर बनीं वर्ल्ड चैंपियन

भारतीय मुक्केबाज जैस्मीन लंबोरिया (57 किग्रा) और मीनाक्षी हुड्डा (48 किग्रा) ने अपना नाम इतिहास में दर्ज कराते हुए लिवरपूल में आयोजित विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप में कड़े मुकाबलों में अपने-अपने वर्ग में खिताब जीते। जैस्मीन ने पेरिस ओलंपिक की रजत पदक विजेता पोलैंड की जूलिया जेरेमेटा को हराकर फीदरवेट वर्ग में चैंपियन बन गई। पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने वाली जैस्मीन ने 57 किलोवर्ग के फाइनल में शनिवार को देर रात 4-1 से जीत दर्ज की। वहीं, मीनाक्षी ने रविवार को जैसमीन की उपलब्धि को दोहराते हुए पेरिस ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता कजाखस्तान की नाजिम काइजेबे को 48 किग्रा वर्ग के फाइनल में इसी अंतर से हराया। नुपूर शेरोन (80 प्लस किलो ) और पूजा रानी (80 किलो) को गैर ओलंपिक भारवर्ग में क्रमश: रजत और कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। इस जीत के साथ जैस्मीन और मीनाक्षी विश्व चैंपियन बनने वाली भारतीय मुक्केबाजों की सूची में शामिल हो गई हैं। इससे पहले छह बार की चैंपियन एमसी मेरीकोम (2002, 2005, 2006, 2008, 2010 और 2018), दो बार की विजेता निकहत जरीन (2022 और 2023), सरिता देवी (2006), जेनी आरएल (2006), लेखा केसी (2006), नीतू गंघास (2023), लवलीना बोरगोहेन (2023) और स्वीटी बूरा (2023) यह खिताब जीत चुकी हैं।

JOIN TELEGRAM : https://t.me/guruggkwala

THNKS TO SUPPORT GURUGGKWALA

Leave a Comment

Shopping Cart
Scroll to Top