11–13 minutes
1. सी.पी. राधाकृष्णन ने ली उपराष्ट्रपति पद की शपथ, देश के 15वें उपराष्ट्रपति बने
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में श्री सी.पी. राधाकृष्णन को भारत के उपराष्ट्रपति पद की शपथ दिलाई। शपथ लेने के बाद उन्होंने राज्यसभा के सभापति का कार्यभार संभाला। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और अमित शाह, राजनाथ सिंह, जे.पी. नड्डा, पीयूष गोयल तथा नितिन गडकरी सहित कई केंद्रीय मंत्री उपस्थित थे। इस महीने की 9 तारीख को हुए उपराष्ट्रपति चुनाव में श्री राधाकृष्णन को चार सौ 52 मत प्राप्त हुए थे। उन्होंने श्री बी. सुदर्शन रेड्डी को एक सौ 52 मतों के अंतर से हराया था।
2. पूर्व मुख्य न्यायाधीश सुशीला कार्की ने रचा इतिहास, नेपाल की पहली महिला प्रधानमंत्री बनीं
नेपाल की पूर्व मुख्य न्यायाधीश सुशीला कार्की ने शुक्रवार को इतिहास रच दिया। वह देश की पहली महिला प्रधानमंत्री बनी हैं और अब अंतरिम सरकार का नेतृत्व करेंगी। इससे पहले जुलाई 2016 में तब सुर्खियों में आईं जब वह नेपाल की पहली महिला मुख्य न्यायाधीश बनीं थीं। बता दें कि सुशीला कार्की का चयन जन-जेड आंदोलन के युवाओं ने किया, जिन्होंने प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली की सरकार को गिराया था। उन्हें ऑनलाइन प्लेटफॉर्म डिस्कॉर्ड पर हुई वोटिंग में सबसे अधिक समर्थन मिला। कार्की का चयन नेपाल की राजनीति में सहमति का दुर्लभ क्षण माना जा रहा है। उन्हें न केवल युवाओं का बल्कि परंपरागत राजनीतिक दलों का भी समर्थन प्राप्त हुआ है। सुशीला कार्की का जन्म 7 जून 1952 को बिराटनगर के शंकरपुर में हुआ था। उन्होंने बनारस हिंदू विश्वविद्यालय से मास्टर डिग्री और 1978 में त्रिभुवन विश्वविद्यालय से कानून की पढ़ाई पूरी की। 2009 में उन्हें सुप्रीम कोर्ट का न्यायाधीश नियुक्त किया गया और 2016 में वह पहली महिला मुख्य न्यायाधीश बनीं। उन्होंने अपने कार्यकाल में कई बड़े भ्रष्टाचार मामलों पर सख्त फैसले सुनाए। नेपाल के राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने नवनियुक्त अंतरिम प्रधानमंत्री सुशीला कार्की की सिफ़ारिश पर संसद के निचले सदन प्रतिनिधि सभा को भंग कर दिया है और अगले साल 21 मार्च को नए संसदीय चुनावों की घोषणा की है।
3. प्रधानमंत्री मोदी ने ज्ञान भारतम् पोर्टल का शुभारंभ किया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को ज्ञान भारतम पोर्टल का शुभारंभ किया। इस पोर्टल का उद्देश्य भारत की प्राचीन पांडुलिपियों को डिजिटाइज कर संरक्षित करना और उन्हें आधुनिक शोध तथा तकनीकी विकास से जोड़ना है। इस मौके पर पीएम मोदी ने कहा कि इतिहास के क्रूर थपेड़ों में लाखों पांडुलिपियां नष्ट हो गईं, लेकिन भारत के पास अब भी दुनिया का सबसे बड़ा पांडुलिपि संग्रह है, जिसकी संख्या लगभग एक करोड़ है। तीन दिवसीय सम्मेलन “पांडुलिपि विरासत के माध्यम से भारत की ज्ञान विरासत को पुनः प्राप्त करना” विषय पर शुरू हुआ। यह सम्मेलन भारत की अद्वितीय पांडुलिपि संपदा को पुनर्जीवित करने और इसे वैश्विक ज्ञान संवाद के केंद्र में रखने के उपायों पर विचार-विमर्श करने के लिए प्रमुख विद्वानों, संरक्षणवादियों, प्रौद्योगिकीविदों और नीति विशेषज्ञों को एक साथ लाया है। इसमें दुर्लभ पांडुलिपियों की एक प्रदर्शनी और पांडुलिपि संरक्षण, डिजिटलीकरण तकनीक, मेटाडेटा मानक, कानूनी ढाँचे, सांस्कृतिक कूटनीति और प्राचीन लिपियों के अर्थ जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर विद्वानों की प्रस्तुतियाँ भी शामिल हैं।
4. भारत की सबसे तेज़ ट्रेन बनी नमो भारत
दिल्ली-मेरठ रैपिड ट्रांजिट सिस्टम के 55 किलोमीटर लंबे खंड पर 160 किलोमीटर प्रति घंटे की अपनी उच्चतम गति से चलने वाली नमो भारत ट्रेन देश में सबसे तेज चलने वाली ट्रेन बन गई है। इससे पहले 2016 में शुरू की गई गतिमान एक्सप्रेस देश की पहली सेमी-हाई स्पीड ट्रेन थी, जो हजरत निजामुद्दीन और आगरा के बीच 160 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलती थी। बाद में जब वंदे भारत ट्रेन शुरू की गई, तो वह भी उसी अधिकतम गति से चलती है। हालांकि, रेल मंत्रालय ने 24 जून, 2024 को बिना कोई कारण बताए उनकी गति 160 किमी प्रति घंटे से घटाकर 130 किमी प्रति घंटा करने का निर्णय लिया। वर्तमान में भारतीय रेल नेटवर्क पर सभी ट्रेनें 130 किमी प्रति घंटे की ऊपरी गति सीमा पर चलती हैं।
5. पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को मरणोपरांत मिला पी वी नरसिम्हा अवॉर्ड
भारत के दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह, जो देश के सबसे प्रख्यात अर्थशास्त्रियों में से एक रहे और 1991 के आर्थिक उदारीकरण के शिल्पकार माने जाते हैं, को मरणोपरांत पी. वी. नरसिम्हा राव स्मृति पुरस्कार (अर्थशास्त्र) से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उनके भारत की आर्थिक सुधार यात्रा में अमूल्य योगदान और आर्थिक नीतियों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण के प्रति उनके आजीवन समर्पण को मान्यता देता है। नई दिल्ली में आयोजित समारोह में डॉ. सिंह की पत्नी गुरशरण कौर ने यह पुरस्कार ग्रहण किया। यह सम्मान मोंटेक सिंह अहलूवालिया, जो भारत की आर्थिक नीतियों के प्रमुख निर्माता और योजना आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष रहे हैं, द्वारा प्रदान किया गया। हैदराबाद स्थित पी. वी. नरसिम्हा राव स्मृति फाउंडेशन द्वारा स्थापित पी. वी. नरसिम्हा राव स्मृति पुरस्कार (अर्थशास्त्र) उन व्यक्तियों को सम्मानित करने के लिए दिया जाता है जिन्होंने भारत के आर्थिक विकास में परिवर्तनकारी योगदान दिया है।
6. भारत ने यूएन महासभा में फ़िलिस्तीन मुद्दे पर ‘न्यूयॉर्क घोषणा’ के पक्ष में किया मतदान, 142 देशों ने दिया समर्थन
भारत ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में फ़िलिस्तीन मुद्दे के शांतिपूर्ण समाधान के कार्यान्वयन पर ‘न्यूयॉर्क घोषणा’ का समर्थन वाले प्रस्ताव के पक्ष में मतदान किया है। फ्रांस के इस प्रस्ताव के पक्ष में कल 142 देशों और विपक्ष में 10 देशों ने मतदान किया। 12 देशों ने मतदान में हिस्सा नहीं लिया। विरोध में मतदान करने वाले देशों में अर्जेंटीना, हंगरी, इस्राइल और अमरीका शामिल हैं। घोषणा में, गाजा में युद्ध समाप्त करने, दो देश समाधान के प्रभावी कार्यान्वयन के आधार पर इस्राइल-फ़िलिस्तीन संघर्ष का न्यायसंगत, शांतिपूर्ण और स्थायी समाधान प्राप्त करने और फ़िलिस्तीनियों, इस्राइलियों और क्षेत्र के सभी लोगों के लिए एक बेहतर भविष्य बनाने के लिए सामूहिक कार्रवाई करने पर सहमति व्यक्त की।
7. अल्बानिया ने नियुक्त किया दुनिया का पहला एआई जनित सरकारी मंत्री
अल्बानिया ने देश को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के लक्ष्य के साथ दुनिया का पहला आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस- एआई जनित सरकारी मंत्री नियुक्त किया है। अल्बानिया के प्रधानमंत्री एडी रामा ने अपने मंत्रिमंडल में डिजिटल मंत्री की घोषणा की। इस डिजिटल सहायक का नाम ‘डिएला’ है जिसका अर्थ है ‘सूर्य’ और यह जनवरी से लोगों से ऑनलाइन सरकारी सेवाओं का उपयोग करने का तरीका पूछ रहा है। प्रधानमंत्री एडी रामा ने कहा कि डिएला को सार्वजनिक निविदाओं से संबंधित सभी निर्णय लेने की ज़िम्मेदारी दी गई है, ताकि उन्हें 100 प्रतिशत भ्रष्टाचार मुक्त बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि निविदा प्रक्रिया में जमा किया गया प्रत्येक सार्वजनिक धन पूरी तरह से पारदर्शी होगा। उन्होंने कहा कि एआई यह सुनिश्चित करेगा कि निविदा प्रक्रिया में सभी सार्वजनिक खर्च 100 प्रतिशत स्पष्ट हों। इसके शुभारंभ के बाद से, डिएला को पारंपरिक अल्बानियाई परिधान पहने एक महिला के रूप में चित्रित किया गया है।
8. दिल्ली मेट्रो यात्रियों के लिए नई सुविधा: सारथी ऐप पर यूपीआई पेमेंट शुरू
दिल्ली मेट्रो-डीएमआरसी ने मेट्रो में सफर करने वाले यात्रियों के लिए डीएमआरसी के सारथी ऐप पर यूपीआई भुगतान की सुविधा शुरू कर दी है। दिल्ली मेट्रो ने सारथी ऐप के माध्यम से डीएमआरसी-पे पावर्ड बाई भीम फीचर लॉन्च किया है। इससे यात्रियों को अब टिकट खरीदने के लिए किसी दूसरी यूपीआई ऐप की जरूरत नहीं होगी। इस ऐप के अंतर्गत यात्री दिल्ली मेट्रो, डीटीसी बसों और नोएडा मेट्रो में सफर करने के लिए टिकट खरीदने और कार्ड रीचार्ज करने का लाभ उठा सकते हैं। डीएमआरसी और भीम वेगा की साझेदारी से सारथी ऐप पर यात्री यूपीआई-आई.डी. रजिस्टर कर सकते हैं। जिससे यात्री बैंक अकाउंट या रूपे कार्ड लिंक करके तुरंत टिकट बुक कर सकते हैं और पेमेंट कर सकते है।
9. भारत ने रोम में चौथे तटरक्षक वैश्विक शिखर सम्मेलन में भाग लिया; 2027 में अगले संस्करण की मेजबानी के लिए बोली लगाई
भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) ने इटली के रोम में 11-12 सितंबर, 2025 को आयोजित चौथे तटरक्षक वैश्विक शिखर सम्मेलन (सीजीजीएस) में, वैश्विक समुद्री शासन को मजबूत करने और अधिक सुरक्षित स्वच्छ समुद्रों के को आकार देने की भारत की प्रतिबद्धता की पुष्टि की। आईसीजी के महानिदेशक परमेश शिवमणि के नेतृत्व में दो सदस्यीय भारतीय आईसीजी प्रतिनिधिमंडल ने ‘गार्जियंस अगेंस्ट द ब्लेज़: आईसीजी टैक्टिकल रिस्पांस टू फायर इमर्जेंसीज़’ शीर्षक से एक व्याख्यान दिया, जिसमें समुद्री सुरक्षा को आगे बढ़ाने में भारत की विशेषज्ञता और रचनात्मक भूमिका को दर्शाया गया। आईसीजी ने वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले पांचवें सीजीजीएस की अध्यक्षता के लिए बोली लगाने की इच्छा जताई है।
10. एनएसई ने श्रीनिवास इंजेटी को गवर्निंग बोर्ड का चेयरमैन बनाया
भारतीय राष्ट्रीय स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) ने सेबी की मंज़ूरी से जनहित निदेशक और सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी श्रीनिवास इंजेती को अपने गवर्निंग बोर्ड का अध्यक्ष नियुक्त किया है। 1983 बैच के अधिकारी इंजेती को विनियमन, शासन और वित्तीय सेवाओं में चार दशकों से अधिक का अनुभव है। भारत का नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) 1992 में स्थापित हुआ और 1993 में भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (SEBI) द्वारा मान्यता प्राप्त हुई। इसने अप्रैल 1993 में एक थोक ऋण बाजार के रूप में परिचालन शुरू किया। इसके बाद 1994 में नकद बाजार खंड की शुरुआत हुई। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज, मुंबई में स्थित है और एक प्रमुख भारतीय शेयर बाजार के रूप में कार्य करता है। यह बाजार पूँजीकरण के हिसाब से भारत की दूसरी सबसे बड़ी प्रतिभूति विनिमय कंपनी है और दैनिक कारोबार के हिसाब से सबसे महत्त्वपूर्ण है।
11. ऑस्ट्रेलिया ने घोस्ट शार्क स्वायत्त पानी के नीचे वाहन के लिए एंडुरिल के साथ अनुबंध पर हस्ताक्षर किए
ऑस्ट्रेलिया ने स्वदेशी रक्षा आत्मनिर्भरता का परिचय देते हुए “घोस्ट शार्क” स्वायत्त समुद्री वाहनों (XL-AUV) योजना और बोइंग के साथ साझेदारी में विकसित MQ-28A घोस्ट बैट ड्रोन का अनावरण किया है। ऑस्ट्रेलिया “घोस्ट शार्क” स्वायत्त समुद्री वाहनों (XL-AUV) के विकास और उत्पादन में पाँच वर्षों में 1.7 बिलियन ऑस्ट्रेलियाई डॉलर (1.1 बिलियन अमेरिकी डॉलर) का निवेश कर रहा है। रक्षा विज्ञान और प्रौद्योगिकी समूह के सहयोग से एंडुरिल ऑस्ट्रेलिया द्वारा विकसित ये मानवरहित पनडुब्बियाँ घरेलू स्तर पर बनाई जा रही हैं और इनका पहला बेड़ा 2026 की शुरुआत में सेवा में आने की उम्मीद है। घोस्ट शार्क अतिरिक्त-बड़ी स्वायत्त पनडुब्बियाँ हैं, बस के आकार की XL-AUV, जो बिना सतह पर आए लंबी दूरी के, गुप्त मिशनों को अंजाम देने में सक्षम हैं। ये खुफिया, निगरानी, टोही (ISR) और हमला अभियान चलाती हैं और इन्हें तट या सतह पर स्थित जहाजों से तैनात किया जा सकता है।
12. एम्स नई दिल्ली ने प्रशिक्षण के लिए दा विंची सर्जिकल रोबोट का उद्घाटन किया
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान-एम्स नई दिल्ली ने अपने कौशल, ई-लर्निंग और टेलीमेडिसिन सुविधा में प्रशिक्षण के लिए एक अत्याधुनिक दा विंची सर्जिकल रोबोट का उद्घाटन किया। एक समझौता ज्ञापन के तहत इंट्यूटिव सर्जिकल्स द्वारा प्रदान किया गया यह रोबोट, एम्स में रोबोटिक-सहायता प्राप्त सर्जरी में प्रशिक्षण के लिए एक नया अवसर प्रदान करेगा। इस रोबोट के साथ, एम्स नई दिल्ली अब देश का एकमात्र ऐसा संस्थान है जिसके पास केवल प्रशिक्षण के लिए दो सर्जिकल रोबोट हैं।
JOIN TELEGRAM : https://t.me/guruggkwala
THNKS TO SUPPORT TO GURUGGKWALA