12–15 minutes
1. केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी 9 सितंबर को वाराणसी में 9वें राष्ट्रीय पोषण माह 2026 का शुभारंभ करेंगी

केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्रालय 9 सितंबर, 2026 को उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित रुद्राक्ष अंतर्राष्ट्रीय सहयोग एवं सम्मेलन केंद्र में 9वें राष्ट्रीय पोषण माह 2026 का शुभारम्भ करेगा। केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी पूरे महीने चलने वाले इस अभियान का शुभारम्भ करेंगी। वर्ष 2047 तक सुपोषित भारत को विकसित भारत की नींव बनाने के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन से प्रेरित होकर, 2018 में पोषण अभियान शुरू किया गया था ताकि पोषण को राष्ट्रीय विकास एजेंडा के केंद्र में रखा जा सके। हर साल सितंबर में मनाया जाने वाला राष्ट्रीय पोषण माह तभी से जन आंदोलन बन चुका है। यह अभियान समुदायों को महिलाओं, बच्चों और किशोरों में पोषण, स्वास्थ्य और देखभाल संबंधी व्यवहारों को मजबूत करने के लिए प्रेरित करता है। इसका नौवां संस्करण “हमारी आंगनवाड़ी हमारी जिम्मेदारी” थीम के तहत पोषण की इस यात्रा को आगे बढ़ाता है, जिसमें प्रत्येक नागरिक से आंगनवाड़ी केंद्र की साझा जिम्मेदारी लेने का आह्वान किया गया है, जो देश के बच्चों के लिए पोषण, स्वास्थ्य, देखभाल और प्रारंभिक शिक्षा का पहला केंद्र है।
2. नीति आयोग ने प्लेटफ़ॉर्म फॉर एग्रीगेटिंग क्लीन ट्रांसपोर्ट किया लॉन्च

नीति आयोग की पहल ‘ई-फास्ट इंडिया’ ने देश में शून्य-उत्सर्जन माल ढुलाई को गति देने के लिए ‘प्लेटफ़ॉर्म फॉर एग्रीगेटिंग क्लीन ट्रांसपोर्ट’ यानी ‘पैक्ट’ लॉन्च किया। नई दिल्ली में आयोजित 5वें ई-फास्ट इंडिया शिखर सम्मेलन के दौरान नीति आयोग के सदस्य राजीव गौबा ने इस मंच की शुरुआत की। यह प्लेटफ़ॉर्म माल भेजने वालों, लॉजिस्टिक्स सेवा प्रदाताओं और वाहन निर्माताओं को एक साथ लाएगा, जिससे भारी इलेक्ट्रिक वाहनों और ई-ट्रकों के व्यावसायिक उपयोग को बढ़ावा मिलेगा। सम्मेलन में ‘जेट मार्केटप्लेस’ की भी शुरुआत की गई, जो ई-ट्रक निर्माताओं और फाइनेंसरों को व्यापारिक साझेदारियों के लिए एक साझा मंच देगा।
3. रक्षा परिषद ने 1.10 लाख करोड़ रुपये से अधिक के खरीद प्रस्तावों को दी मंजूरी

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में हुई रक्षा अधिग्रहण परिषद की बैठक में सशस्त्र बलों के लिए 1,10,000 करोड़ रुपये से अधिक के पूंजीगत रक्षा खरीद प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। सेना के लिए रासायनिक जैविक रेडियोलॉजिकल और परमाणु टोही वाहन, हाई मोबिलिटी वाहन, स्वचालित माइन लेयर, एडवांस्ड लाइट हेलीकॉप्टर, ट्रॉल टैंक और सर्वत्र ब्रिज सिस्टम की खरीद को मंजूरी दी गई। नौसेना के लिए अरुध्रा रडार की खरीद तथा मरीन गैस टर्बाइन के डिजाइन और विकास के बाद उनकी खरीद के प्रस्ताव को मंजूरी मिली है। अरुध्रा रडार नौसेना के विभिन्न हवाई अड्डों पर वर्तमान एयर रूट सर्विलांस रडार की जगह लेगा। वहीं, मरीन गैस टर्बाइन से युद्धपोतों के प्रपल्शन के लिए विदेशी कंपनियों पर निर्भरता कम होगी। वायु सेना की युद्धक क्षमता बढ़ाने के लिए लड़ाकू विमानों, परिवहन विमानों और हेलीकॉप्टरों से जुड़े कई प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई है। इसके अलावा, ग्राउंड बेस्ड मल्टी पर्पज जैमर और डिफेंस फोर्सेज सिक्योर एक्सेस कार्ड प्रणाली की खरीद को मंजूरी दी गई है। रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि 98 प्रतिशत खरीद भारतीय उद्योग से की जाएगी।
4. अज़रबैजान में चौथे संयुक्त राष्ट्र जलवायु सप्ताह की शुरुआत

कॉप-31 सम्मेलन से कुछ हफ्ते पहले, अज़रबैजान की राजधानी बाकू में चौथे संयुक्त राष्ट्र जलवायु सप्ताह की शुरुआत हो गई है। जलवायु परिवर्तन से निपटने, इसके लिए कोष जुटाने और पारदर्शिता जैसे मुद्दों पर चर्चा के लिए सरकारों, वित्तीय संस्थानों, कंपनियों और जलवायु विशेषज्ञों की यह पांच दिवसीय बैठक इस महीने की 11 तारीख तक चलेगी। इस चर्चा में कॉप-29 के अध्यक्ष अज़रबैजान, कॉप-30 के अध्यक्ष ब्राजील और आगामी कॉप-31 के मेजबान तुर्की ने हिस्सा लिया। इसका उद्देश्य जलवायु मुद्दों की बेहतर रिपोर्टिंग के लिए राजनीतिक सहमति बनाना और विकासशील देशों को मिलने वाली मदद में आ रही कमियों की पहचान करना है। इस हफ्ते होने वाली अन्य चर्चाओं में कार्बन मार्केट, न्यायसंगत बदलाव, राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिबद्ध योगदान और जलवायु कार्यों के लिए कोष जुटाने जैसे विषय शामिल रहेंगे।
5. National Film Awards: दिल्ली से बाहर गुजरात के केवडिया में आयोजित होगा राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह

राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह अपने 72 साल के इतिहास में पहली बार दिल्ली से बाहर आयोजित होगा। अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि इस बार समारोह गुजरात के केवडिया में होगा, जहां राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 22 सितंबर को पुरस्कार प्रदान करेंगी। केवड़िया का नाम बदलकर एकता नगर कर दिया गया है और यहां सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा स्थापित की गई है जो दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा है। ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ के नाम से मशहूर यह प्रतिमा 597 फुट ऊंची है और इसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2018 में किया था। वर्ष 1954 में पहला राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित किया गया था और तब से अधिकतर पुरस्कार समारोह इसी स्थल पर हुए हैं। जुलाई में घोषित 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार इस परंपरा से अलग होंगे। ‘आर्टिकल 370’ को सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म चुना गया है, जबकि इसकी मुख्य अभिनेत्री यामी गौतम को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के पुरस्कार के लिए चुना गया है। मलयालम सुपरस्टार ममूटी और बॉलीवुड अभिनेता कार्तिक आर्यन को क्रमश: ‘ब्रह्मयुगम’ और ‘चंदू चैंपियन’ में उनकी भूमिकाओं के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार संयुक्त रूप से दिया जाएगा। अभिनेता एवं फिल्मकार रणदीप हुड्डा को विनायक दामोदर सावरकर पर बनी फिल्म ‘स्वातंत्र्य वीर सावरकर’ के लिए सर्वश्रेष्ठ नवोदित निर्देशक के पुरस्कार के लिए चुना गया है। तेलुगु फिल्म ‘कल्कि 2898 एडी’ को ‘‘संपूर्ण मनोरंजन वाली’’ सर्वश्रेष्ठ लोकप्रिय फिल्म का पुरस्कार मिलेगा। वहीं, अरुण माथेश्वरन द्वारा निर्देशित और धनुष अभिनीत तमिल फिल्म ‘कैप्टन मिलर’ को ‘‘राष्ट्रीय, सामाजिक और पर्यावरणीय मूल्यों’’ को बढ़ावा देने वाली सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म चुना गया है।
6. भारत अगली पीढ़ी के 6जी नेटवर्क के विकास के लिए अमरीका और 24 अन्य देशों के समूह में शामिल

6G नेटवर्क के विकास की वैश्विक पहल में भारत अब अमरीका और 24 अन्य देशों के साथ शामिल हो गया है। इस पहल का उद्देश्य 6G नेटवर्क की सुरक्षा मजबूत करना, प्रतिस्पर्धा बढ़ाना और नई तकनीक को बढ़ावा देना है। केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने अमरीकी वाणिज्य सचिव हावर्ड लटनिक से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने 6G के साथ सेमीकंडक्टर, एआई और डेटा सेंटर के क्षेत्र में सहयोग पर चर्चा की।
7. स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2026 में यूपी के 16 शहरों का दबदबा, लखनऊ ने इंदौर को पछाड़कर हासिल किया पहला स्थान

स्वच्छ हवा की दिशा में उत्तर प्रदेश के लगातार प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी कामयाबी मिली है। स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2026 में प्रदेश के 16 शहरों ने अलग-अलग आबादी वर्गों में देशभर में अपनी जगह बनाई है। 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में लखनऊ ने 198 अंक हासिल कर इंदौर को पीछे छोड़ते हुए पहली बार देश में पहला स्थान प्राप्त किया। इंदौर 197 अंकों के साथ दूसरे और जबलपुर 195 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा। सर्वेक्षण केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय की ओर से कराया गया।
8. IISc ने समुद्री पानी से यूरेनियम निकालने का अधिक प्रभावी तरीका खोजा

भारतीय विज्ञान संस्थान (IISc), बेंगलुरु के शोधकर्ताओं ने समुद्री पानी से यूरेनियम निकालने का एक अधिक प्रभावी तरीका विकसित किया है। यह तकनीक भूजल से यूरेनियम को अधिक प्रभावी तरीके से हटाने में भी मदद कर सकती है। अनुमान के मुताबिक, जमीन पर करीब 75 लाख टन यूरेनियम मौजूद है, जबकि समुद्री पानी में लगभग 450 करोड़ टन यूरेनियम है। यह परमाणु बिजली संयंत्रों के लिए जरूरी सामग्री है। IISc के भौतिकी विभाग में किए गए एक नए अध्ययन में शोधकर्ताओं ने बताया कि विशेष रूप से तैयार की गई slipped covalent organic framework (COF) membranes यूरेनियम के uranyl ions को पूरी तरह रोक सकती हैं, जबकि समुद्री पानी में मौजूद सामान्य आयनों को इसके पार जाने देती हैं। शोधकर्ताओं ने इस प्रक्रिया के पीछे मौजूद आणविक स्तर के तंत्र का भी अध्ययन किया। उन्होंने आयनों की hydration structures, free-energy barriers और membrane-induced friction का विश्लेषण किया। इससे यह समझने में मदद मिली कि COF की परतों की संरचना अलग-अलग आयनों की झिल्ली के जरिए आवाजाही को किस तरह नियंत्रित करती है।
9. असम सरकार डिब्रूगढ़ में लगभग 534 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक वाइल्डलाइफ सफारी बनाएगी

असम सरकार डिब्रूगढ़ जिले में लगभग 534 करोड़ रुपये की लागत से एक अत्याधुनिक वाइल्डलाइफ सफारी और रेस्क्यू सेंटर बनाने जा रही है। इस प्रोजेक्ट का मकसद राज्य में वन्यजीव संरक्षण, बचाव, रिसर्च और इको-टूरिज्म को बढ़ावा देना है। वाइल्डलाइफ सफारी और रेस्क्यू सेंटर तिंगखोंग विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत नामडांग रिजर्व फॉरेस्ट में लगभग 235 हेक्टेयर जमीन पर बनाई जाएगी। यह जगह डिब्रूगढ़ शहर से लगभग 20 किमी और डिब्रूगढ़ हवाई अड्डे से लगभग 30 किमी दूर है। यह प्रोजेक्ट असम लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की ओर से दो चरणों में पूरा किया जाएगा। पहले चरण में लगभग 259 करोड़ रुपये से बाघ, गैंडा, तेंदुए और भालू जैसी प्रमुख वन्यजीव प्रजातियों के लिए खास बाड़े बनाने पर ध्यान दिया जाएगा। इस चरण में जंगली जानवरों के इलाज, पुनर्वास और प्रबंधन के लिए एक पशु चिकित्सालय और एक विशेष बचाव केंद्र भी शामिल होगा। वहीं, दूसरे चरण में लगभग 275 करोड़ रुपये का निवेश होगा, विदेशी प्रजातियों और एडवांस्ड रिसर्च सुविधाओं पर ध्यान दिया जाएगा। प्रस्तावित इंफ्रास्ट्रक्चर में एशियाई शेरों, चीतों, जेबरा और दरियाई घोड़ों (हिप्पो) के लिए बाड़े और एक एडवांस्ड रिसर्च सेंटर शामिल होगा।
10. अमरीका, दक्षिण कोरिया और जापान ने पांच दिवसीय संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘फ्रीडम एज’ शुरू किया

अमरीका, दक्षिण कोरिया और जापान ने दक्षिण कोरिया के जेजू द्वीप के पूर्व और दक्षिण में अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में पांच दिवसीय संयुक्त सैन्य अभ्यास फ्रीडम एज शुरू किया। यह अभ्यास निर्धारित समय पर हो रहा है, जबकि अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प के आदेश पर हाल ही में सियोल-वाशिंगटन के महत्वपूर्ण अभ्यासों को सीमित कर दिया गया था। त्रिपक्षीय अभ्यास में छह एजिस-सुसज्जित विध्वंसक पोत, समुद्री गश्ती विमान, लड़ाकू विमान और अन्य हवाई संपत्तियां शामिल होंगी। अमरीका, दक्षिण कोरिया और जापान उन्नत रीयल-टाइम डेटा साझाकरण, हवाई रक्षा और समुद्री अवरोधन अभ्यास भी करेंगे।
11. महाराष्ट्र के नागपुर में “स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद” विषय के तहत 11वां आयुर्वेद दिवस 2026 मनाया जाएगा

आयुर्वेद दिवस का मुख्य कार्यक्रम 23 सितंबर 2026 को महाराष्ट्र के नागपुर में आयोजित किया जाएगा। इसका विषय “स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद” होगा, जो भारत की समृद्ध आयुर्वेदिक विरासत को भविष्य की बदलती स्वास्थ्य-सेवा संबंधी जरूरतों से जोड़ने के विजन को दर्शाता है।
12. भारत ने बांग्लादेश को 3-0 से हराकर 20 वर्ष बाद एएफसी अंडर-20 एशिया कप के लिए क्वालीफाई किया

भारत ने एएफसी अंडर-20 फुटबॉल एशिया कप में प्रवेश कर लिया है। भारत ने ताश्कंद में अंतिम क्वालीफाइंग मुकाबले में बांग्लादेश को 3-0 से हराकर बीस वर्षों में पहली बार इस प्रतियोगिता में जगह बनाई। ग्रुप-बी के अंतिम मुकाबले में डैनी मैतई लैसराम ने मैच के मिनट में भारत के लिए गोल किया। इसके बाद विशाल यादव ने 60वें और मोहम्मद अरबास ने 79वें मिनट में गोल किया। भारत ने इससे पहले 2006 एएफसी अंडर-20 खेला था। एएफसी अंडर-20 एशिया कप अगले वर्ष 24 मार्च से 10 अप्रैल तक चीन में खेला जाएगा।
13. सात्विक-चिराग की जोड़ी ने चाइना मास्टर्स का खिताब अपने नाम किया

सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी ने चाइना मास्टर्स बैडमिंटन टूर्नामेंट के पुरुष डबल्स का खिताब जीत लिया है। भारतीय जोड़ी ने चीन के शेनझेन में खेले गए फाइनल मुकाबले में चीन के ही जी तिंग और रेन जि़यांग यू को 11-21, 21-13, 21-17 से हराया। यह इस प्रतियोगिता में भारत का पहला तथा इस जोड़ी का इस सत्र में दूसरा खिताब है। सात्विक चिराग की जोड़ी ने इससे पहले सिंगापुर ओपन सुपर-750 टूर्नामेंट जीता था, जबकि थाइलैंड ओपन में उप-विजेता रही थी। भारतीय जोड़ी ने सेमीफाइनल में मलेशिया के नूर मुहम्मद अजरियान अय्यूब और तेन वे कियोंग को 21-15, 18-21, 21-11 से हराया था।
14. अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस

हर वर्ष 8 सितंबर को अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस मनाया जाता है। यह दिन शिक्षा को मानव विकास और सामाजिक परिवर्तन का आधार मानने की प्रेरणा देता है। संयुक्त राष्ट्र के अनुसार 2024 में दुनिया में करीब 754 मिलियन वयस्क निरक्षर थे, जिनमें 63 प्रतिशत महिलाएं थीं। इसी अवधि में वैश्विक वयस्क साक्षरता दर 88 प्रतिशत और युवा साक्षरता दर 93 प्रतिशत रही। ये आंकड़े बताते हैं कि प्रगति हुई है, लेकिन सार्वभौमिक साक्षरता का लक्ष्य अभी दूर है। साक्षरता की वास्तविक सफलता तभी है, जब ज्ञान हर व्यक्ति को समझ, अवसर, आत्मविश्वास और सम्मान के साथ जीवन जीने की शक्ति दे। वैश्विक स्तर पर साक्षरता में पिछले दशकों में उल्लेखनीय सुधार हुआ है, लेकिन इसकी रफ्तार सभी क्षेत्रों में समान नहीं रही। संयुक्त राष्ट्र के 2025 के सतत विकास लक्ष्य (SDG) आंकड़ों के अनुसार 2024 में दुनिया की वयस्क साक्षरता दर 88 प्रतिशत और युवा साक्षरता दर 93 प्रतिशत रही। वर्ष 2014 से 2024 के बीच वयस्क साक्षरता में तीन प्रतिशत अंक और युवा साक्षरता में दो प्रतिशत अंक की वृद्धि हुई।
VISIT TO YOUR WHATSAAP CHANNEL :https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F
VISIT TO YOUR YOUTUBE CHANNEL :https://www.youtube.com/@guruggkwala
VISIT TO YOUR TELEGRAM :https://www.guruggkwala.com
THANKS TO SUPPORT GURUGGKWALA
