13–16 minutes
1. फ्रांस के हेनरी कागन और जापान के केन्सो सोआई को मिला रसायन विज्ञान में नोबेल पुरस्कार

वर्ष 2026 का रसायन विज्ञान में नोबेल पुरस्कार फ्रांस के हेनरी कागन और जापान के केन्सो सोआई को देने की घोषणा की गई है। स्वीडिश रॉयल एकेडमी ऑफ साइंसेज ने यह सम्मान उन्हें असममित कार्बनिक संश्लेषण में नॉन-लीनियर प्रभावों और ऑटोकैटेलिसिस की खोज के लिए दिया जाएगा। उन्होंने रसायन विज्ञान में ‘मिरर इमेज’ (दर्पण-प्रतिबिंब) चुनने की प्रक्रिया पर काम किया। दोनों वैज्ञानिकों ने रसायन विज्ञान की करीब 100 साल पुरानी गुत्थी सुलझाई है। उन्होंने बताया कि किसी रासायनिक प्रक्रिया में एक-दूसरे की मिरर इमेज जैसे दो अणुओं में से सिर्फ एक ही रूप कैसे बनाया जा सकता है। यह खोज दवाओं सहित कई तरह के रसायन बनाने में अहम भूमिका निभा सकती है। श्री हेनरी बी. कगन ने 1986 में केमिकल रिएक्शन को कंट्रोल करने का एक नया तरीका खोजा था। इससे मिरर इमेज (प्रतिबिंब) में से किसी एक की ज्यादा मात्रा बनाई जा सकी। उनकी खोज उन केमिस्ट्स के लिए क्रांतिकारी है जो दवाइयों, फ्लेवर, खुशबू और नए मटीरियल बनाने के लिए रिएक्शन विकसित करते हैं। इसके बाद श्री केन्सो सोआई ने इस काम को आगे बढ़ाया। उन्होंने ऐसी केमिकल रिएक्शन डिजाइन की जिसमें संभावित मिरर इमेज में से सिर्फ एक ही बनी। वही आगे अपने जैसे और अणु बनाने में मदद करता है।
2. भारत और घाना के बीच कृषि अनुसंधान, शिक्षा और प्रौद्योगिकी हस्तांतरण को बढ़ावा देने के लिए हुआ समझौता

भारत और घाना ने कृषि अनुसंधान, शिक्षा और प्रौद्योगिकी हस्तांतरण को बढ़ावा देने के लिए एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। कृषि तथा किसान कल्याण मंत्रालय के अनुसार, यह समझौता ज्ञापन भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद -आईसीएआर, नई दिल्ली और फसल अनुसंधान संस्थान -सीएसआईआर-सीआरआई, अक्रा, घाना के बीच विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर और घाना के विदेश मंत्री सैमुअल ओकुडजेटो अबलाकवा की उपस्थिति में हस्ताक्षरित किया गया। पांच वर्षीय यह समझौता ज्ञापन संयुक्त कृषि अनुसंधान, वैज्ञानिक तथा तकनीकी आदान-प्रदान, क्षमता निर्माण और कृषि प्रौद्योगिकियों के अनुप्रयोग तथा व्यावसायीकरण में सहयोग के लिए एक ढांचा प्रदान करता है। इस सहयोग को घाना की अरिमा फार्म्स लिमिटेड द्वारा सुगम बनाया गया है। इसे इस ढांचे के अंतर्गत विशिष्ट अनुसंधान तथा व्यावसायीकरण गतिविधियों के लिए सीएसआईआर-सीआरआई के वाणिज्यिक भागीदार के रूप में मान्यता दी गई है। सहयोग के पहले चरण में सब्जी फसलों के अनुसंधान पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा, जिसमें विशेष रूप से टमाटर के अनुसंधान तथा विकास पर जोर दिया जाएगा। इस सहयोग के अंतर्गत आईसीएआर घाना में घरेलू टमाटर उत्पादन को मजबूत करने में योगदान देने के लिए सिद्ध कृषि प्रौद्योगिकियों के विस्तार और उपयुक्त उच्च उपज वाली टमाटर की किस्मों और वंशों की शुरूआत का समर्थन करेगा।
3. इंडिया मोबाइल कांग्रेस का 10वां संस्करण नई दिल्ली के यशोभूमि में शुरू

इंडिया मोबाइल कांग्रेस का 10वां संस्करण नई दिल्ली के यशोभूमि में शुरू होगा। इस वर्ष इसका विषय है- “सीमा रहित विस्तार”। सम्मेलन में दूरसंचार, डिजिटल कनेक्टिविटी और तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में भारत की प्रगति को प्रदर्शित किया जाएगा। साथ ही, वैश्विक सहयोग, निवेश और ज्ञान के आदान-प्रदान के लिए एक मंच उपलब्ध कराया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल इसका उद्घाटन करेंगे। सम्मेलन में अगले एक अरब डिजिटल कनेक्शनों में निवेश, दूरसंचार के भविष्य, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सुरक्षा, 6-जी, स्टार्टअप, 5-जी नेटवर्क के लिए एआई एजेंट और एआई सुरक्षा जैसे विषयों पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें स्टार्टअप वर्ल्ड कप इंडिया-2026 और युवाओं के लिए रोबोटिक्स चैलेंज भी शामिल हैं।
4. असम के जागीरोड में देश के सबसे बड़े सेमीकंडक्टर प्लांट का ट्रायल रन शुरू

असम के जागीरोड, मोरीगांव में बन रहा टाटा समूह का सेमीकंडक्टर प्लांट देश का सबसे बड़ा सेमीकंडक्टर प्रोजेक्ट है। 5 अक्टूबर को देश के सबसे बड़े सेमीकंडक्टर प्लांट में ट्रायल रन शुरू होने की जानकारी मिली। पूरी तरह शुरू होने के बाद इस प्लांट में रोज लगभग 4.8 करोड़ सेमीकंडक्टर चिप्स का उत्पादन होगा। सेमीकंडक्टर फैब के बाद यह दुनिया की सबसे बड़ी सेमीकंडक्टर असेंबली और टेस्ट फैसिलिटी होगी। यहां वायर बॉन्डिंग, फ्लिप चिप और फैन-आउट जैसी आधुनिक पैकेजिंग तकनीकों का इस्तेमाल किया जाएगा। यह लगभग 27,000 करोड़ की परियोजना है, जिससे क्षेत्र में करीब 30,000 से 40,000 रोजगार मिलने की उम्मीद है।
5. भारत की राष्ट्रपति अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), बिलासपुर के प्रथम दीक्षांत समारोह में शामिल हुईं

भारत की राष्ट्रपति, श्रीमती द्रौपदी मुर्मु 6 अक्तूबर 2026 को बिलासपुर, हिमाचल प्रदेश में एम्स बिलासपुर के प्रथम दीक्षांत समारोह में शामिल हुईं। इस अवसर पर अपने संबोधन में, राष्ट्रपति ने कहा कि चिकित्सा पेशे का मुख्य उद्देश्य मानवता की सेवा करना होना चाहिए। एम्स बिलासपुर ने जनवरी 2021 में एमबीबीएस के पहले बैच के प्रवेश के साथ अपने शैक्षणिक सफर की शुरुआत की, जिसके बाद 2022 में एलाइड हेल्थकेयर साइंसेज और नर्सिंग साइंसेज के पहले बैचों का प्रवेश हुआ। संस्थान का औपचारिक उद्घाटन अक्टूबर 2022 में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की उपस्थिति में हुआ। तब से, इसने अपनी शैक्षणिक, नैदानिक और अनुसंधान क्षमताओं का लगातार विस्तार किया है।
6. रक्षा राज्य मंत्री ने सारेक्स-2026 का उद्घाटन किया

रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ ने 7 अक्टूबर, 2026 को बहुराष्ट्रीय खोज एवं बचाव अभ्यास (सारेक्स-2026) का उद्घाटन किया। यह अभ्यास 8 अक्टूबर, 2026 को पारादीप के पास आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन में 30 मित्र देशों के 32 प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे और अभ्यास का अवलोकन करेंगे। सारेक्स-2026 कई एजेंसियों का संयुक्त अभ्यास है। इसका उद्देश्य परिचालन तैयारियों को परखना, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर समन्वय और सहयोग की क्षमता को मजबूत करना, संयुक्त कार्रवाई की प्रक्रियाओं का अभ्यास करना तथा सर्वोत्तम कार्य प्रणालियों का आदान-प्रदान करना है। साथ ही, इस पूरे मिशन का सबसे महत्वपूर्ण लक्ष्य समुद्र में संकटग्रस्त हुए लोगों की जान बचाना है। भारतीय तटरक्षक बल के महानिदेशक और राष्ट्रीय समुद्री खोज एवं बचाव बोर्ड के अध्यक्ष, महानिदेशक परमेश शिवमणि की अध्यक्षता में 7 अक्टूबर 2026 को राष्ट्रीय समुद्री खोज एवं बचाव बोर्ड की 24वीं बैठक आयोजित की गई।
7. COAS ने संयुक्त भारत-अर्जेंटीना सेना पर्वतारोहण अभियान के सदस्यों का स्वागत किया

थल सेना अध्यक्ष (सीओएएस) जनरल धीरज सेठ ने नई दिल्ली में संयुक्त भारत-अर्जेंटीना सेना पर्वतारोहण अभियान के सदस्यों का स्वागत किया, जिन्होंने 17 सितंबर को माउंट अबी गामिन (7,355 मीटर) और 21 सितंबर 2026 को माउंट कामेट (7,756 मीटर) पर सफलतापूर्वक चढ़ाई पूरी की थी। उत्तराखंड के चमोली जिले में स्थित माउंट कामेट, माउंट कंचनजंगा और माउंट नंदा देवी के बाद भारत की तीसरी सबसे ऊंची चोटी है। लेफ्टिनेंट कर्नल चिराग चटर्जी के नेतृत्व में 35 सदस्यीय इस अभियान दल में भारतीय सेना के 25 और अर्जेंटीना सेना के 10 जवान शामिल थे, जिसे 21 अगस्त 2026 को मानेकशॉ सेंटर, नई दिल्ली से रवाना (फ्लैग ऑफ) किया गया था। यह अभियान दोनों सेनाओं के बीच तीसरा संयुक्त पर्वतारोहण अभियान है, इससे पहले जनवरी 2025 में अर्जेंटीना के मेंडोज़ा में माउंट एकोनकागुआ (6,962 मीटर) और अगस्त 2025 में लद्दाख की सुरू घाटी में माउंट कुन (7,077 मीटर) पर दो अभियान सफलतापूर्वक आयोजित किए जा चुके हैं।
8. उत्तर प्रदेश: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आबे मेमोरियल कॉरिडोर का किया उद्घाटन

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी में रूद्राक्ष अंतर्राष्ट्रीय सहयोग और सम्मेलन केंद्र में आबे मेमोरियल कॉरिडोर का उद्घाटन किया। उन्होंने इस केंद्र को युवा पीढ़ी के लिए एक सजीव कक्षा बताया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे को श्रेष्ठ श्रद्धांजलि है। यह केंद्र प्रत्येक गुजरते वर्ष के साथ भारत-जापान की मित्रता को और सशक्त बनाएगा। उन्होंने कहा कि इस कॉरिडोर पर आने वाला प्रत्येक युवा यह सीखेगा कि दोनों देशों के भविष्य को एक दूरदर्शी नेता किस तरह आकार दे सकते हैं।
9. RBI ने महंगाई पर काबू पाने के लिए नीतिगत रेपो दर में 25 आधार अंकों की बढ़ोतरी की

भारतीय रिजर्व बैंक ने बढ़ती महंगाई पर काबू पाने के लिए नीतिगत रेपो दर में 25 आधार अंकों की बढ़ोतरी की है। इसके साथ ही रेपो दर बढ़कर 5.5 प्रतिशत हो गई है। इस बढ़ोतरी के बाद स्टैंडिंग डिपॉजिट फैसिलिटी यानी SDF रेट 5.25 प्रतिशत हो गया है, जबकि मार्जिनल स्टैंडिंग फैसिलिटी यानी MSF रेट और बैंक रेट 5.75 प्रतिशत पर पहुंच गए हैं। MPC का रुख बहुमत से calibrated tightening किया गया है। आरबीआई ने यह फैसला जारी वैश्विक और भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं के बीच लिया है। इससे पहले फरवरी 2023 में रेपो दर में बढ़ोतरी की गई थी। भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने द्विमासिक मौद्रिक नीति की घोषणा करते हुए कहा कि समिति ने देश की वास्तविक सकल घरेलू उत्पाद दर के अनुमान में भी 40 आधार अंक की बढ़त यानी कि 7.1 प्रतिशत रहने का अनुमान व्यक्त किया है। केंद्रीय बैंक ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए महंगाई का अनुमान बढ़ाकर 5.2 प्रतिशत कर दिया है।
10. बीसीसीआई ने स्मृति मंधाना को भारतीय महिला क्रिकेट टीम की नई कप्तान नियुक्त किया

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड-बीसीसीआई ने स्मृति मंधाना को भारतीय महिला क्रिकेट टीम की नई कप्तान नियुक्त किया है। स्मृति मंधाना इससे पहले अठारह टी-20 अंतरराष्ट्रीय और चार एकदिवसीय मैचों में भारत की कप्तानी कर चुकी हैं। अब वे भारत की पूर्णकालिक क्रिकेट टीम की कप्तान की जिम्मेदारी संभालेंगी। स्मृति मंधाना की भारतीय टीम में नियुक्ति हरमनप्रीत कौर की कप्तानी के तीनों प्रारूपों से हटने के बाद हुई है। हरमनप्रीत ने पांच टेस्ट, 51 एकदिवसीय और 155 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में भारत की कप्तानी की थी।
11. नोवाक जोकोविच ने 7वीं बार चाइना ओपन का खिताब जीता

नोवाक जोकोविच ने बीजिंग में एलेक्स डी मिनौर के चोट के कारण फाइनल से हटने के बाद सातवीं बार चाइना ओपन का खिताब जीता। जोकोविच ने कड़े मुकाबले में पहला सेट 7-6 से जीता। इसके बाद दोनों खिलाड़ियों ने मेडिकल टाइमआउट लिया। कमर की चोट से जूझ रहे डी मिनौर ने दूसरे सेट का पहला गेम जीतने के बाद मैच से हटने का फैसला किया। यह जोकोविच के करियर का 102वां टूर स्तर का खिताब है। इसके साथ ही वह ओपन एरा में सर्वाधिक खिताब जीतने वाले खिलाड़ियों की सूची में दूसरे स्थान पर काबिज रोजर फेडरर से केवल एक खिताब दूर हैं। इस सूची में 109 खिताब के साथ जिमी कॉनर्स सबसे आगे हैं।
12. अर्जेंटीना के लिए मेसी का शानदार सफर खत्म, 21 साल में 126 गोल और 4 बड़े खिताब

लियोनेल मेसी ने ब्यूनस आयर्स के एस्टाडियो मास मोनुमेंटल में बेनिन के खिलाफ अपने इंटरनेशनल करियर का आखिरी मुकाबला खेला। इस मुकाबले के साथ ही फुटबॉल के जादूगर कहे जाने वाले मेसी की अर्जेंटीना की जर्सी में भावुक विदाई हुई। मेसी ने अर्जेंटीना के लिए इंटरनेशनल फुटबॉल में अपना डेब्यू साल 2005 में किया था। साल 2008 में मेसी अर्जेंटीना के बीजिंग ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे। इसके बाद साल 2014 में अर्जेंटीना को फीफा विश्व कप के फाइनल में जर्मनी के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा, जबकि कोपा अमेरिका के फाइनल में भी अर्जेंटीना को हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद ही मेसी के स्वर्णिम करियर का आगाज हुआ। 2021 में अर्जेंटीना ने ब्राजील को हराकर कोपा अमेरिका का खिताब अपने नाम किया और मेसी के करियर का यह पहला बड़ा इंटरनेशनल खिताब रहा। साल 2022 मेसी के लिए ऐतिहासिक रहा और उनकी कप्तानी में अर्जेंटीना ने रोमांच से भरपूर फाइनल मुकाबले में फ्रांस को हराकर फीफा वर्ल्ड कप के खिताब पर कब्जा जमाया। मेसी गोल्डन बॉल अवॉर्ड भी जीतने में सफल रहे। 2024 में मेसी ने अपनी अगुवाई में अर्जेंटीना को लगातार दूसरी बार कोपा अमेरिका का खिताब दिलाया। अपनी कप्तानी में मेसी ने अर्जेंटीना को चार बड़े खिताब दिलाए। फीफा वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा लेकर मेसी 39 साल की उम्र में संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा बार वर्ल्ड कप खेलने वाले खिलाड़ी बने। यह उनके करियर का छठा वर्ल्ड कप रहा। मेसी ने अपने करियर में कुल 208 मैच खेले और कुल 126 गोल और 68 असिस्ट किए। मेसी पांच विश्व कप में गोल करने वाले रोनाल्डो के बाद महज दूसरे ही खिलाड़ी हैं। मेसी वर्ल्ड कप में दो बार गोल्डन बॉल जीतने वाले एकमात्र खिलाड़ी हैं। उन्होंने 2014 और 2022 में दमदार प्रदर्शन करते हुए टूर्नामेंट के बेस्ट खिलाड़ी का अवॉर्ड अपने नाम किया। मेसी ने 8 बार बैलन डी’ओर जीता। साल 2026 में भी वह इस अवॉर्ड को पाने की रेस में शामिल हैं। मेसी ने छह बार यूरोपीय गोल्डन शू भी जीता।
13. सविता श्री भास्कर शतरंज ओलंपियाड 2026 में भारत की एकमात्र स्वर्ण पदक विजेता बनीं

उज़्बेकिस्तान के समरकंद में आयोजित 46वें FIDE शतरंज ओलंपियाड 2026 में सविता श्री भास्कर भारत की एकमात्र व्यक्तिगत स्वर्ण पदक विजेता थीं। भारत ने ओपन और महिला वर्गों में कुल मिलाकर छह व्यक्तिगत बोर्ड पदक जीते। विश्व चैंपियन डी गुकेश और दिव्या देशमुख ने दो रजत पदक जीते, जबकि आर प्रग्नानंद, कोनेरू हम्पी और वंतिका अग्रवाल ने अपने-अपने वर्ग में कांस्य पदक हासिल किए। इन व्यक्तिगत पदकों के साथ भारत ने ओपन वर्ग में रजत पदक और महिला वर्ग में कांस्य पदक भी जीता।
14. इतिहास के पन्नों में 08 अक्टूबर : भारतीय वायुसेना की हुई स्थापना

भारतीय वायुसेना 8 अक्टूबर को अपना 94वां वायुसेना दिवस मनाने जा रही है। भारतीय वायुसेना की स्थापना 08 अक्टूबर 1932 को हुई थी। इसी दिन वायुसेना ने औपचारिक रूप से अपने संचालन की शुरुआत की थी। पहली बार वायुसेना ने 01 अप्रैल 1933 को उड़ान भरी। इसके शुरुआती दस्ते में छह आरएएफ प्रशिक्षित अधिकारी और 19 एयर सोल्जर शामिल थे। वायुसेना का पहला अभियान वजीरिस्तान में कबाइलियों के खिलाफ चलाया गया था। द्वितीय विश्वयुद्ध के दौरान भारतीय वायुसेना का व्यापक विस्तार हुआ। उस समय इसे रॉयल इंडियन एयरफोर्स कहा जाता था। भारत के 1950 में गणराज्य बनने के बाद इसके नाम से ‘रॉयल’ शब्द हटा दिया गया और यह भारतीय वायुसेना कहलाने लगी। वायुसेना का ध्वज नीले रंग का है। इसके ऊपरी बाएं हिस्से में राष्ट्रीय ध्वज अंकित है, जबकि बीच में तिरंगे के तीन रंगों से बना गोलाकार निशान है। ‘नभः स्पृशं दीप्तम्’ भारतीय वायुसेना का ध्येय वाक्य है, जो भगवद्गीता के 11वें अध्याय से लिया गया है। इसका अर्थ है—‘गौरव के साथ आकाश को छूना।’
VISIT TO YOUR WHATSAAP CHANNEL :https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F
VISIT TO YOUR YOUTUBE CHANNEL :https://www.youtube.com/@guruggkwala
VISIT TO YOUR TELEGRAM :https://www.guruggkwala.com
THANKS TO SUPPORT GURUGGKWALA
