8 August 2026 Current Affairs -GurugGkwala

10–12 minutes


1. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रीय हथकरघा पुरस्कार 2025 प्रदान किए

8 August 2026 Current Affairs -GurugGkwala

नई दिल्ली में 12वें राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने वर्ष 2025 के संत कबीर हथकरघा पुरस्कार और राष्ट्रीय हथकरघा पुरस्कार प्रदान किए। कुल 22 पुरस्कार दिए गए, जिनमें 3 संत कबीर हथकरघा पुरस्कार और 19 राष्ट्रीय हथकरघा पुरस्कार शामिल हैं। ये पुरस्कार बुनकरों को उनकी उत्कृष्ट शिल्पकला, नवाचार और भारत की हथकरघा परंपरा के संरक्षण में योगदान के लिए प्रदान किए गए। इस अवसर पर देश की समृद्ध और विविध हथकरघा बुनाई परंपराओं को समर्पित चार स्मारक डाक टिकट भी जारी किए गए।

2. भारत अगले वर्ष पहले ग्लोबल साउथ फिल्म महोत्सव की करेगा मेजबानी

8 August 2026 Current Affairs -GurugGkwala

भारत अगले वर्ष पहले ग्लोबल साउथ फिल्म महोत्सव की मेजबानी करेगा। मुंबई में ब्रिक्स वेव्स बाजार के दौरान इसकी घोषण की गई। फिल्म और मनोरंजन क्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय सहयोग को मजबूत करने के उद्देश्य से कई समझौतों की भी घोषणा हुई। राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम-एनएफडीसी और भारतीय राष्ट्रीय फिल्म अभिलेखागार सहित कई संस्‍थानों ने ब्राजील, रूस और वियतनाम जैसे देशों के सहयोगी संस्थानों के साथ समझौतों पर हस्ताक्षर किए। सहभागी संगठनों ने फिल्म सह-निर्माण के अवसरों का पता लगाने पर भी सहमति व्यक्त की।

3. भारत की ब्रिक्‍स अध्यक्षता 2026 के तहत जयपुर में 16वीं ब्रिक्‍स व्यापार मंत्रियों की बैठक सफलतापूर्वक संपन्न

8 August 2026 Current Affairs -GurugGkwala

भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता 2026 के तहत राजस्थान के जयपुर में सवाई मान महल में 16वीं ब्रिक्स व्यापार मंत्रियों की बैठक सफलतापूर्वक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल ने की। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री श्री जितिन प्रसाद और वाणिज्य सचिव श्री राजेश अग्रवाल भी बैठक में शामिल हुए। “सुदृढ़शीलता, नवाचार, सहयोग और सतत विकास के लिए निर्माण” की मुख्य थीम के तहत आयोजित यह बैठक, नई दिल्ली में 3 और 4 अगस्त 2026 को हुई आर्थिक और व्यापारिक मुद्दों पर ब्रिक्‍स संपर्क समूह की तीसरी बैठक के बाद आयोजित की गई थी।

4. केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने ‘हर घर तिरंगा 2026’ अभियान का शुभारंभ किया

8 August 2026 Current Affairs -GurugGkwala

केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने नई दिल्ली में राष्ट्रव्यापी ‘हर घर तिरंगा 2026‘ अभियान का शुभारंभ किया, जो 9 से 17 अगस्त 2026 तक पूरे देश में चलाया जाएगा। यह अभियान, जो भारत के सबसे बड़े जनभागीदारी आंदोलनों में से एक बन चुका है, नागरिकों से राष्ट्रीय ध्वज को गर्व से फहराने और देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना का जश्न मनाने वाली विभिन्न गतिविधियों में भाग लेने का आह्वान करता है। स्वतंत्रता दिवस समारोह के अंतर्गत 14 अगस्त को पूरे देश में ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ मनाया जाएगा, ताकि भारत के विभाजन के दौरान हुए कष्ट, पीड़ा और बड़े पैमाने पर हुए विस्थापन को स्मरण किया जा सके।

5. स्क्वाड्रन लीडर भावना कंठ भारत की पहली महिला ‘टॉप गन’ पायलट बनीं।

8 August 2026 Current Affairs -GurugGkwala

स्क्वाड्रन लीडर भावना कंठ ने अगस्त 2026 में भारतीय वायु सेना में प्रतिष्ठित ‘फाइटर कॉम्बैट लीडर’ (FCL) कोर्स पूरा करने वाली पहली महिला फाइटर पायलट बनकर इतिहास रच दिया है। इस उपलब्धि के साथ, उन्हें भारत की पहली महिला ‘टॉप गन’ कॉम्बैट पायलट का खिताब मिला है, जो भारतीय सैन्य एविएशन में एक दुर्लभ सम्मान है। ग्वालियर स्थित भारतीय वायुसेना के टैक्टिक्स एंड एयर कॉम्बैट डेवलपमेंट एस्टेब्लिशमेंट (TACDE) में आयोजित प्रतिष्ठित फाइटर कॉम्बैट लीडर कोर्स सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद वह भारतीय वायुसेना की पहली महिला ‘टॉप गन’ बन गई हैं। यह उपलब्धि हासिल करने वाली वह देश की पहली महिला फाइटर पायलट हैं। भावना कंठ बिहार के दरभंगा जिले की रहने वाली हैं। उन्होंने बरौनी के DAV पब्लिक स्कूल से पढ़ाई की और बाद में बेंगलुरु के BMS कॉलेज ऑफ़ इंजीनियरिंग से मेडिकल इलेक्ट्रॉनिक्स में बैचलर ऑफ़ इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की। ​​वायु सेना में शामिल होने से पहले, उन्होंने टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज़ (TCS) में काम किया और बाद में एयर फ़ोर्स कॉमन एडमिशन टेस्ट (AFCAT) पास किया।

6. अनिल मेनन और जेसिका मीर ने स्पेस वॉक की

8 August 2026 Current Affairs -GurugGkwala

7 अगस्त को भारतीय मूल के एस्ट्रोनॉट अनिल मेनन ने अपनी पहली स्पेस वॉक पूरी की। वहीं जेसिका मीर ने इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (ISS) के बाहर स्पेस वॉक की। इस दौरान उन्होंने स्टेशन के पावर चैनल के लिए मॉडिफिकेशन किट को असेंबल किया, जिससे भविष्य में सोलर एरे लगाने का रास्ता साफ हो गया है। ये स्पेस वॉक गुरुवार सुबह 8:33 बजे EDT (भारतीय समयानुसार शाम 6:03 बजे) शुरू हुई और शुक्रवार को दोपहर 3:00 बजे EDT (भारतीय समयानुसार रात 12:30 बजे) खत्म हुई। ये स्पेस स्टेशन के लिए 281वीं, जेसिका मीर के लिए छठी और अनिल मेनन के लिए पहली स्पेस वॉक थी। मेनन और मीर ने क्वेस्ट एयरलॉक से बाहर निकलकर छह घंटे 27 मिनट तक ऑर्बिटल लेबोरेटरी के बाहरी हिस्से में स्ट्रक्चरल अपग्रेड का काम किया। उनका मकसद स्टेशन के स्टारबोर्ड 6 ट्रस सेगमेंट पर लगे 3B पावर चैनल पर माउंटिंग हार्डवेयर इंस्टॉल करना था। नासा ने बताया कि यह काम भविष्य में रोल-आउट सोलर एरे (IROSA) लगाने में मदद करेगा। इससे ऑर्बिटल लेबोरेटरी को अतिरिक्त बिजली मिलेगी, जो महत्वपूर्ण सिस्टम को सपोर्ट करने और स्पेस स्टेशन को सुरक्षित रूप से डी-ऑर्बिट करने में मददगार होगी।

7. अमेरिका ने बर्थराइट सिटीजनशिप और बर्थ टूरिज्म नियम को सख्त किया

8 August 2026 Current Affairs -GurugGkwala

6 अगस्त को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने बर्थराइट सिटीजनशिप और बर्थ टूरिज्म से जुड़े दो आदेशों पर साइन किये। इस आदेश के बाद उन विदेशी पर्यटकों पर वीजा प्रतिबंध बढ़ाए जाएंगे, जो अमेरिका में आकर बच्चे को जन्म देना चाहते हैं। अमेरिकी कॉन्स्युलर अधिकारी अब उन सभी वीजा को खारिज या रद्द कर सकते हैं, जिन्हें लेकर यह शक होगा कि वे अमेरिका केवल बच्चा पैदा करने आ रहे हैं। दरअसल टूरिस्ट वीजा (B-1/B-2) पर अमेरिका जाने वाले टूरिस्ट यदि घूमने जा रहे हैं और उसका असली मकसद बच्चे को जन्म देना है, तो इसे ‘वीजा फ्रॉड’ माना जाएगा। ऐसे लोगों की US में आजीवन एंट्री बैन की जा सकती है। अमेरिका के संविधान के 14वें संशोधन के अनुसार, सामान्यतः अमेरिका की धरती पर जन्म लेने वाला व्यक्ति अमेरिकी नागरिक माना जाता है, चाहे उसके माता-पिता की नागरिकता या आव्रजन स्थिति कुछ भी हो। जून 2026 में अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने ट्रम्प के पहले वाले आदेश को असंवैधानिक बताते हुए खारिज कर दिया था और जन्मजात नागरिकता के संवैधानिक संरक्षण को बरकरार रखा था।

8. महाराष्ट्र सरकार ने ‘गोविंदाओं’ के लिए व्यापक बीमा योजना की घोषणा की

8 August 2026 Current Affairs -GurugGkwala

दही-हंडी उत्सव को देखते हुए, महाराष्ट्र सरकार ने लगभग 1.60 लाख ‘गोविंदाओं’ यानी उत्सव में भाग लेने वाले प्रतिभागियों के लिए एक व्यापक बीमा योजना की घोषणा की है। दुर्घटना में मौत या पूरी तरह से और हमेशा के लिए विकलांग होने की स्थिति में दस लाख रुपये की राशि दी जाएगी। दुर्घटना के कारण अस्पताल में भर्ती होने के खर्च के लिए एक लाख रुपये तक का प्रावधान किया गया है। हालाँकि इस कार्यक्रम को पहले ही ‘एडवेंचर स्पोर्ट्स’ की श्रेणी में रखा जा चुका है, लेकिन खेल विभाग अब बीमा कंपनी चुनने और गोविंदाओं के रजिस्ट्रेशन और वेरिफिकेशन पर ध्यान देगा।

9. नागालैंड के मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो ने ‘मुख्यमंत्री यार्न बैंक’ योजना का शुभारंभ किया

8 August 2026 Current Affairs -GurugGkwala

राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के अवसर पर नागालैंड के मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो ने वर्चुअल माध्यम से मुख्यमंत्री यार्न बैंक योजना का शुभारंभ किया। इसका उद्देश्य राज्य के हथकरघा क्षेत्र को सशक्त बनाना और बुनकरों की आजीविका को बढ़ावा देना है। यार्न बैंक की स्थापना दीमापुर के टोलुवी स्थित राज्य औद्योगिक क्षेत्र के जिला उद्योग केंद्र में की गई है। इस योजना का उद्देश्य बुनकरों को उचित मूल्य पर गुणवत्तापूर्ण प्राकृतिक धागा उपलब्ध कराने की लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान करना है। इसके अंतर्गत कपास, एरी रेशम, मूगा रेशम, बांस फाइबर तथा अन्य प्राकृतिक रेशों के मिश्रित धागे किफायती दामों पर उपलब्ध कराए जाएंगे। इन पर राज्य सरकार 15 प्रतिशत की सब्सिडी देगी। योजना से प्रतिवर्ष लगभग 5 हजार से 10 हजार बुनकरों को लाभ मिलने की उम्मीद है। वे पारदर्शी और विश्वसनीय वितरण प्रणाली के माध्यम से सीधे यार्न बैंक से धागा खरीद सकेंगे।

10. भारतीय ग्रैंडमास्टर आर. प्रज्ञानानंद ने जीता ग्रैंड चेस टूर सेंट लुइस रैपिड और ब्लिट्ज का खिताब

8 August 2026 Current Affairs -GurugGkwala

भारतीय ग्रैंडमास्टर आर. प्रज्ञानानंद ने अमरीका में आयोजित ग्रैंड चेस टूर सेंट लुइस रैपिड और ब्लिट्ज का खिताब जीत लिया है। 20 वर्षीय प्रज्ञानानंद ने अंतिम दौर से पहले वाले दौर में उज्बेकिस्तान के ग्रैंडमास्टर जावोखिर सिंदारोव के साथ ड्रॉ खेलकर चैंपियनशिप अपने नाम की। उन्होंने टूर्नामेंट में 35 में से 23 अंक हासिल किए। इससे पहले जून में, प्रज्ञानानंद ने ओस्लो में आयोजित नॉर्वे चेस 2026 का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया था। उन्होंने दसवें और अंतिम दौर में जर्मनी के विंसेंट कीमर को हराया था।

11. AHF Junior Asia Cup 2026: भारतीय पुरुष टीम का ऐलान, अनमोल एक्का बने कप्तान

8 August 2026 Current Affairs -GurugGkwala

हॉकी इंडिया ने शुक्रवार को एएचएफ जूनियर एशिया कप 2026 के लिए भारतीय पुरुष टीम का ऐलान कर दिया है। चीन के मोकी में 30 अगस्त से 13 सितंबर तक होने वाले इस टूर्नामेंट के लिए 18 खिलाड़ियों का चुनाव किया गया है, जबकि दो वैकल्पिक प्लेयर्स को भी टीम में रखा गया है। टीम की कमान अनमोल एक्का के हाथों में सौंपी गई है।

12. राष्ट्रीय हथकरघा दिवस 2026

8 August 2026 Current Affairs -GurugGkwala

राष्ट्रीय हथकरघा दिवस प्रतिवर्ष 7 अगस्त को मनाया जाता है। यह दिवस 1905 में शुरू हुए स्वदेशी आंदोलन की स्मृति में मनाया जाता है, जिसने स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा दिया और आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित किया। यह अवसर भारत की बुनाई परंपराओं का उत्सव मनाता है और हथकरघा श्रमिकों के सामाजिक-आर्थिक और सांस्कृतिक योगदान को मान्यता देता है। वर्ष 2026 राष्ट्रीय हथकरघा दिवस इस यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव है। यह समकालीन उपभोक्ताओं के बीच हथकरघा की बढ़ती प्रासंगिकता और वैश्विक बाजारों में इसकी बढ़ती दृश्यता को दर्शाता है। यह दिवस बुनाई की विरासत का उत्सव मनाता है और 35.22 लाख बुनकरों और संबद्ध श्रमिकों को मान्यता देता है, जिनमें से 72% से अधिक महिलाएं हैं। स्वदेशी आंदोलन की शुरुआत 7 अगस्त 1905 को हुई थी। बंगाल विभाजन के विरोध में शुरू हुए इस आंदोलन का उद्देश्य स्वदेशी वस्तुओं, स्वदेशी उद्योगों और विशेष रूप से देश के हथकरघा बुनकरों को प्रोत्साहन देना था। इसी ऐतिहासिक घटना के सम्मान में भारत सरकार वर्ष 2015 से, 7 अगस्त को राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के रूप में मनाती आ रही है।

VISIT TO YOUR WHATSAAP CHANNEL :https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F

VISIT TO YOUR YOUTUBE CHANNEL :https://youtube.com/@guruggkwala?si=TZD9ZVm9QJLjB9ed

VISIT TO YOUR TELEGRAM :https://t.me/guruggkwala

THANKS TO SUPPORT GURUGGKWALA

Leave a Comment

Shopping Cart
Scroll to Top