8 April 2026 Current Affairs -GurugGkwala

13–16 minutes


1. नासा के आर्टेमिस द्वितीय मिशन ने पृथ्वी से मानव द्वारा सबसे लंबी दूरी का नया रिकॉर्ड बनाया

नासा के आर्टेमिस द्वितीय मिशन ने पृथ्वी से मानव द्वारा तय की गई सबसे लंबी दूरी का नया रिकॉर्ड बनाया है। चार अंतरिक्ष यात्रियों को ले जा रहा ओरियन अंतरिक्ष यान चंद्रमा के सुदूर भाग के पास से गुजरते हुए पृथ्वी से लगभग दो लाख 52 हजार 752 मील की दूरी तक पहुंचा, जिससे 1970 में अपोलो 13 द्वारा बनाए गए दो लाख 48 हजार 655 मील के रिकॉर्ड को तोड़ दिया गया। नासा ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि चालक दल इस समय सात घंटे के चंद्र फ्लाईबाय पर है और चंद्रमा के सुदूर भाग का अवलोकन कर रहा है। इस मिशन के चालक दल में क्रिस्टीना कोच, रीड वाइजमैन, विक्टर ग्लोवर और जेरेमी हैनसेन शामिल हैं। आर्टेमिस द्वितीय मिशन, नासा की मानव को चंद्रमा पर वापस भेजने और भविष्य में गहरे अंतरिक्ष अन्वेषण की तैयारी करने की योजना में एक महत्वपूर्ण कदम है। नासा के आर्टेमिस II ने चांद की सतह के सबसे प्रमुख ‘ओरिएंटल बेसिन’ की तस्वीर ली है। ये बेसिन 3.8 अरब साल पहले उल्कापिंड के टकराने से बना था। आर्टेमिस II का रास्ता काफी हद तक 1970 के अपोलो-13 मिशन जैसा है। पूरे मिशन में चारों अंतरिक्षयात्री करीब 11.02 लाख किमी का सफर तय करेंगे। यान 11 अप्रैल को प्रशांत महासागर में गिरेगा।

2. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने टो लाम को वियतनाम का राष्ट्रपति चुने जाने पर बधाई दी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वियतनाम का राष्ट्रपति चुने जाने पर टो लाम को बधाई दी है। टो लाम ने मंगलवार को वियतानम के राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली। वियतनाम के सांसदों ने सर्वसम्मति से कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव टो लाम को देश का राष्ट्रपति चुना। टो लाम ने 2026-2031 के कार्यकाल के लिए वियतनाम के राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली। टो लाम के राष्ट्रपति बनने के साथ ही वियतनाम की दशकों पुरानी ‘सामूहिक नेतृत्व’ की परंपरा का अंत हो गया है, क्योंकि अब देश की सत्ता के दोनों शीर्ष पद- पार्टी प्रमुख और राष्ट्रपति एक ही व्यक्ति के पास आ गए हैं।

3. अमरावती बनी आंध्र प्रदेश की स्थायी राजधानी, केंद्र ने जारी किया नोटिफिकेशन

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आंध्र प्रदेश पुनर्गठन (संशोधन) विधेयक 2026 को अपनी मंजूरी दे दी है। इसके अंतर्गत अमरावती को आधिकारिक तौर पर आंध्र प्रदेश की एकमात्र और स्थायी राजधानी घोषित किया गया है। विधि मंत्रालय की एक अधिसूचना में कहा गया है कि राष्ट्रपति ने इस विधेयक को अपनी मंजूरी दी। लोकसभा और राज्यसभा ने पिछले सप्ताह बजट सत्र के दौरान आंध्र प्रदेश पुनर्गठन (संशोधन) विधेयक, 2026 पारित किया था। इस संशोधन से 2014 के आंध्र प्रदेश पुनर्गठन अधिनियम में बदलाव किया गया। अधिनियम के अनुसार, ‘अमरावती’ में आंध्र प्रदेश कैपिटल रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी अधिनियम, 2014 के तहत घोषित राजधानी क्षेत्र भी शामिल है। दिवाला और शोधन अक्षमता संहिता (संशोधन) विधेयक, 2026 को भी राष्ट्रपति की स्वीकृति प्राप्त हो गई है। इस विधेयक ने दिवाला और शोधन अक्षमता संहिता 2016 में संशोधन किया है।

4. TMC सांसद मेनका गुरुस्वामी पहली LGBTQ सांसद बनीं

6 अप्रैल को राज्यसभा में 19 नए और दोबारा चुने गए सदस्यों ने शपथ लीसुप्रीम कोर्ट की सीनियर एडवोकेट और TMC सांसद मेनका गुरुस्वामी ने भी शपथ ली। मेनका भारत की पहली ओपन LGBTQ सांसद बनीं। 51 वर्षीय मेनका ने आर्टिकल 377 इंडियन पीनल कोड (IPC) के मामले में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। 2018 में LGBTQ कम्युनिटी के हक में आवाज उठाई और सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद समलैंगिकता को अपराध की कैटेगरी से हटाया गया था। मेनका गुरुस्वामी ने 1997 में भारत के पूर्व अटॉर्नी जनरल अशोक देसाई के साथ काम किया है। मेनका ने ‘राइट टू एजुकेशन‘ से जुड़े केस में भी अहम भूमिका निभाई। राइट टू एजुकेशन के तहत, प्राइवेट स्कूलों में गरीब और वंचित वर्ग के बच्चों के लिए 25 प्रतिशत सीटें आरक्षित करने का प्रावधान किया गया। 2019 में मेनका और उनकी पार्टनर अरुंधति काटजू को टाइम मैगजीन ने दुनिया के 100 सबसे प्रभावशाली लोगों की लिस्ट में शामिल किया था। मेनका का पोर्ट्रेट ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के रोड्स हाउस के मिलनर हॉल में लगाया गया है,वो ये सम्मान पाने वाली पहली भारतीय और दुनिया की दूसरी महिला हैं।

5. संसद ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के महाभियोग को खारिज किया

मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ लाया गया महाभियोग प्रस्ताव संसद के दोनों सदनों द्वारा खारिज कर दिया गया है। यह फैसला लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और राज्यसभा के सभापति सी. पी. राधाकृष्णन ने मूल्यांकन के बाद लिया। इस प्रस्ताव का समर्थन विपक्षी सदस्यों ने किया था और उन्होंने चुनावी प्रक्रियाओं में पक्षपात का आरोप लगाया था। मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) को हटाने की प्रक्रिया संविधान के अनुच्छेद 324(5) के तहत नियंत्रित होती है। इसमें कहा गया है कि CEC को केवल उसी तरीके से और उन्हीं आधारों पर हटाया जा सकता है, जिन पर सर्वोच्च न्यायालय के किसी न्यायाधीश को हटाया जाता है। यह अनुच्छेद यह भी प्रावधान करता है कि चुनाव आयुक्तों को केवल मुख्य चुनाव आयुक्त की सिफारिश पर ही हटाया जा सकता है।हटाने की यह प्रक्रिया संसद द्वारा बनाए गए कानूनों के अधीन है।

6. ईसीआई ने अंतर्राष्ट्रीय चुनाव आगंतुक कार्यक्रम शुरू किया, 23 देशों के प्रतिनिधि लेंगे हिस्सा

भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने असम, केरल और पुडुचेरी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर अंतर्राष्ट्रीय चुनाव आगंतुक कार्यक्रम (आईईवीपी) 2026 की शुरुआत कर दी है। इस पहल का उद्देश्य भारत की चुनावी प्रक्रिया को वैश्विक स्तर पर साझा करना और सहयोग बढ़ाना है। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने निर्वाचन आयुक्त एस.एस. संधू और विवेक जोशी के साथ इंडिया इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट फॉर डेमोक्रेसी एंड इलेक्शन मैनेजमेंट में इस कार्यक्रम का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि भारत में चुनाव लोकतंत्र का उत्सव हैं और आयोग निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुरक्षित चुनाव कराने के लिए मिशन मोड में कार्य करता है। कार्यक्रम के पहले चरण में 23 देशों के 43 प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। इनमें नई दिल्ली स्थित पांच विदेशी मिशनों के अधिकारी भी शामिल हैं। प्रतिभागियों को ईवीएम का प्रदर्शन दिखाया गया और उन्होंने मॉक पोल में हिस्सा लेकर मतदान प्रक्रिया का अनुभव प्राप्त किया।

7. विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर बांग्लादेशी समकक्ष खलीलुर रहमान से करेंगे मुलाकात

विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर नई दिल्ली में बांग्लादेश के विदेश मंत्री खलीलुर रहमान से मुलाकात करेंगे। वे तीन दिन की भारत यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे। विदेश मंत्री रहमान की राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोवाल, केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल तथा केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी से भी मुलाकात करने की उम्‍मीद है। फरवरी में बांग्लादेश नेशलिस्‍ट पार्टी के नेतृत्व वाली सरकार के सत्ता में आने के बाद से यह किसी बांग्लादेशी राजनेता की पहली भारत यात्रा है।

8. सर्वोच्च न्यायालय में नौ न्यायाधीशों की संविधान पीठ ने शबरीमला सहित धार्मिक स्थल याचिकाओं पर सुनवाई शुरू की

सर्वोच्च न्यायालय में नौ न्यायाधीशों की संविधान पीठ ने शबरीमला मंदिर सहित, धार्मिक स्थलों पर महिलाओं के साथ कथित भेदभाव और विभिन्न धर्मों में धार्मिक स्वतंत्रता के दायरे से संबंधित याचिकाओं पर सुनवाई शुरू की। मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ में न्‍यायमूर्ति बी. वी. नागरत्ना, एम. एम. सुंदरेश, अहसानुद्दीन अमानुल्लाह, अरविंद कुमार, ऑगस्टीन जॉर्ज मसीह, प्रसन्ना बी वराले, आर महादेवन और जॉयमाल्य बागची शामिल हैं। सुनवाई से पहले, केंद्र ने लिखित दलीलें प्रस्तुत करते हुए न्यायालय से आग्रह किया कि वह मासिक धर्म के दौरान महिलाओं के शबरीमला मंदिर में प्रवेश पर प्रतिबंध को जारी रखे।

9. योगी कैबिनेट का बड़ा फैसला, ग्रेटर नोएडा में ‘मेट्रो विश्वविद्यालय’ को मंजूरी

योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में उच्च शिक्षा से जुड़े अहम प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इसके तहत ग्रेटर नोएडा में निजी क्षेत्र के अंतर्गत ‘मेट्रो विश्वविद्यालयकी स्थापना को स्वीकृति दी गई है। इसे प्रदेश में उच्च शिक्षा के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। प्रायोजक संस्था सनहिल हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड द्वारा ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण से आवंटित 26.1 एकड़ भूमि पर ‘मेट्रो विश्वविद्यालय’ स्थापित करने का प्रस्ताव दिया गया था। विधिक परीक्षण के बाद इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। इसके लिए ‘उत्तर प्रदेश निजी विश्वविद्यालय (संशोधन) अध्यादेश, 2026’ लागू करने और संस्था को संचालन प्राधिकार-पत्र जारी करने का भी निर्णय लिया गया है।

10. इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया का बड़ा फैसला: अब साल में सिर्फ दो बार होंगे CA फाइनल एग्जाम

भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंट संस्थान ने चार्टर्ड अकाउंटेंट की परीक्षाओं में एक महत्वपूर्ण बदलाव को मंजूरी दी है। संस्थान ने मौजूदा वर्ष से ही चार्टर्ड अकाउंटेंट फाइनल परीक्षा के आयोजन में यह बड़ा बदलाव किया है। संस्थान ने स्पष्ट किया है कि अब फाइनल परीक्षाएं वर्ष में केवल दो बार आयोजित की जाएंगीअब तक यह परीक्षाएं वर्ष में तीन बार आयोजित की जाती थीं। हालांकि मई 2026 से इसमें बदलाव कर दिया गया है और अब ये परीक्षाएं वर्ष में केवल दो बार आयोजित की जाएंगी। अभी तक चार्टर्ड अकाउंटेंट की फाइनल परीक्षाएं जनवरी, मई और सितंबर महीने में में आयोजित होती थीं।

11. एअर इंडिया CEO कैंपबेल विल्सन ने इस्तीफा दिया

7 अप्रैल को एअर इंडिया के चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (CEO) कैंपबेल विल्सन ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, विल्सन सितंबर में अपना पद छोड़ सकते हैं। विल्सन 2022 में एअर इंडिया के CEO और मैनेजिंग डायरेक्टर (MD) अपॉइंट हुए थे। विल्सन एअर इंडिया के पहले विदेशी CEO और मैनेजिंग डायरेक्टर हैं। विल्सन जुलाई 2027 तक CEO के पद पर रहने वाले थे।

12. ओडिशा में भारत का पहला स्वदेशी कोयला-से-अमोनियम नाइट्रेट प्रोजेक्ट शुरू हुआ

भारत कोल गैसिफिकेशन एंड केमिकल्स लिमिटेड (BCGCL) और महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड (MCL) ने ओडिशा केलखनपुर में भारत के पहले स्वदेशी ‘कोयला-से-अमोनियम नाइट्रेट’ प्रोजेक्ट के लिए समझौता किया है। इस MoU पर नई दिल्ली (दिल्ली) में केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी (कोयला मंत्रालय और खान मंत्रालय) और कोयला मंत्रालय के सचिव विक्रम देव दत्त की उपस्थिति में हस्ताक्षर किए गए। यह प्रोजेक्ट, जिसे प्रतिदिन 2,000 टन (TPD) अमोनियम नाइट्रेट उत्पादन सुविधा के रूप में डिज़ाइन किया गया है, भारत के ऊर्जा और रसायन क्षेत्रों के लिए एक महत्त्वपूर्ण मील का पत्थर है। यह भारत का पहला ऐसा कोयला गैसिफिकेशन प्रोजेक्ट है, जिसमें भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (BHEL) द्वारा देश में ही विकसित की गई गैसिफिकेशन टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया जाएगा। इस प्रोजेक्ट में लगभग 25,000 करोड़ रुपये का अनुमानित निवेश शामिल है, जिसमें कोयला मंत्रालय से 1,350 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता प्राप्त होगी। इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट और कंस्ट्रक्शन (EPC) का काम ‘लम सम टर्नकी’ (LSTK) पैकेजों के माध्यम से किया जा रहा है; इनमें LSTK-1 और LSTK-2 के ठेके भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (BHEL) को, जबकि LSTK-3 और LSTK-4 के ठेके लार्सन एंड टुब्रो (L&T) को दिए गए हैं। इस प्रक्रिया में कोयले को ‘सिंथेसिस गैस’ (syngas) में परिवर्तित किया जाता है, जिसका उपयोग रसायन, ईंधन और उर्वरक बनाने के लिए किया जाता है।

13. काशी विश्वनाथ धाम में लगा विक्रमादित्य वैदिक घड़ी

उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित श्रीकाशी विश्वनाथ धाम के मंदिर चौक में ‘विक्रमादित्य वैदिक घड़ी’ को स्थापित कर दी गई है। मध्य प्रदेश के उज्जैन के बाद अब काशी में भी भारतीय पंचांग के अनुसार सटीक काल गणना, मुहूर्त और ग्रहों की स्थिति देखी जा सकेगी। काशी विश्वनाथ धाम में ‘विक्रमादित्य वैदिक घड़ी’, जो 700 किलो का एक अद्भुत नमूना है, को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव द्वारा भेंट की गई। यह अनोखी घड़ी भारत की प्राचीन समय गणना प्रणाली को दिखाती है, जो दिन को 30 ‘मुहूर्तों’ में बाँटती है और स्थानीय माध्य समय, ‘तिथि’, ‘नक्षत्र’ और भी बहुत कुछ दिखाती है। इस घड़ी को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में आयोजित एक समारोह के दौरान औपचारिक रूप से पेश किया गया। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 1 मार्च, 2024 को मध्य प्रदेश के उज्जैन के जंतर-मंतर पर बने 85 फुट ऊँचे टॉवर में दुनिया की पहली वैदिक घड़ी का अनावरण किया। यह घड़ी एक सूर्योदय से दूसरे सूर्योदय के आधार पर समय की गणना करेगी।

14. अनाहत और अभय ‘ASF प्लेयर ऑफ़ द ईयर 2025’ पुरस्कार से सम्मानित

भारत के शीर्ष स्क्वैश खिलाड़ी अनाहत सिंह अंडर 19 श्रेणी में और अभय सिंह को एशियाई स्क्वैश महासंघ (ASF) के ‘ASF प्लेयर ऑफ़ द ईयर 2025‘ पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। अनाहत को लड़कियों की श्रेणी में, जबकि अभय को पुरुषों की श्रेणी में यह सम्मान मिला।सीनियर महिला एकल स्क्वैश विश्व रैंकिंग में 20वें स्थान पर काबिज़ अनाहत सिंह ने, पिछले वर्ष अपने शानदार प्रदर्शन के आधार पर, ‘ASF गर्ल्स प्लेयर ऑफ़ द ईयर’ का पुरस्कार जीता। इस पुरस्कार को ‘हसन मूसा पुरस्कार’ के नाम से भी जाना जाता है। ASF ‘प्लेयर ऑफ़ द ईयर’ अवॉर्ड्स 2025 के विजेता:
‘दातो एलेक्स ली पुरस्कार’ – पुरुष: अभय सिंह (भारत)
ASF महिला प्लेयर ऑफ़ द ईयर: सातोमी वतानाबे (जापान)
हसन मूसा अवॉर्ड – महिला U19 (जूनियर): अनाहत सिंह (भारत)
हसन मूसा अवॉर्ड – पुरुष U19 (जूनियर): वा-सेर्न लो (मलेशिया)
ASF अवॉर्ड – पुरुष टीम: भारत (वर्ल्ड स्क्वैश जूनियर टीम चैंपियनशिप 2025)
ASF अवॉर्ड – महिला टीम: हांगकांग, चीन
ASF डेवलपमेंट अवॉर्ड: पाकिस्तान बॉयज़ टीम

15. विश्व स्वास्थ्य दिवस

विश्व स्वास्थ्य दिवस हर साल 7 अप्रैल को दुनिया भर में मनाया जाता है। इस दिन का उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की जरूरत को रेखांकित करना है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की स्थापना के उपलक्ष्य में मनाया जाने वाला यह दिन वैश्विक स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करने का अवसर देता है। इस वर्ष का विषय है- स्वास्थ्य के लिए एकजुट, विज्ञान के साथ खड़े रहें। इस विषय के अंतर्गत, विश्व स्वास्थ्य संगठन ने लोगों, पशुओं, पौधों और पृथ्वी के स्वास्थ्य की रक्षा के लिए वैज्ञानिक सहयोग का जश्न मनाने वाला साल भर चलने वाला अभियान शुरू किया है।

VISIT TO YOUR WHATSAAP CHANNEL :https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F

VISIT TO YOUR YOUTUBE CHANNEL :https://youtube.com/@guruggkwala?si=TZD9ZVm9QJLjB9ed

VISIT TO YOUR TELEGRAM :https://t.me/guruggkwala1

THANKS TO SUPPORT GURUGGKWALA

Leave a Comment

Shopping Cart
Scroll to Top