13–16 minutes
1. केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने पहले आईबीसीए शिखर सम्मेलन की वेबसाइट और लोगो का किया अनावरण
केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने नई दिल्ली में पहले अंतर्राष्ट्रीय बिग कैट एलायंस शिखर सम्मेलन 2026 की वेबसाइट और लोगो का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने शिखर सम्मेलन पर एक प्रचार फिल्म भी जारी की। भारत इस वर्ष 1 जून को नई दिल्ली में पहले आईबीसीए शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेगा, जिसमें सदस्य और पर्यवेक्षक देशों के राष्ट्राध्यक्षों और सरकार प्रमुखों की भागीदारी की उम्मीद है। बिग कैट संरक्षण में भारत की यात्रा पर प्रकाश डालते हुए मंत्री ने कहा कि यह प्रतिबद्धता, नवाचार, वैज्ञानिक प्रबंधन, संस्थागत सहयोग और सामुदायिक भागीदारी से चिह्नित है। भारत में मुख्यालय वाली अंतर-सरकारी अंतरराष्ट्रीय संस्था आईबीसीए की स्थापना सात विशाल बिल्लियों – शेर, बाघ, तेंदुआ, हिम तेंदुआ, चीता, जगुआर और प्यूमा के संरक्षण के लिए की गई है।
2. पीएम मोदी और वियतनाम के राष्ट्रपति तो लाम के बीच वार्ता, कई समझौता ज्ञापनों पर हुए हस्ताक्षर
भारत और वियतनाम ने डिजिटल प्रौद्योगिकी, दुर्लभ मृदा तत्व, चिकित्सा उत्पाद विनियमन, सार्वजनिक क्षेत्र लेखापरीक्षा, डिजिटल भुगतान प्रणाली और संस्कृति और पर्यटन के क्षेत्र में कई समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए। ये समझौते नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वियतनाम के राष्ट्रपति तो लाम के बीच हुई वार्ता के बाद हस्ताक्षरित किए गए। वार्ता के दौरान दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों के साथ-साथ पारस्परिक हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी व्यापक चर्चा की।
3. भारत और यूरोपीय संघ ने ईवी बैटरी रीसाइक्लिंग क्षमता को मज़बूत करने के लिए संयुक्त पहल शुरू की
भारत और यूरोपीय संघ ने इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) की बैटरियों की रीसाइक्लिंग को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वाकांक्षी संयुक्त पहल शुरू की है। इस मिशन के तहत 169 करोड़ रुपये का फंड आवंटित किया गया है। यह कार्यक्रम भारत-ईयू ट्रेड एंड टेक्नोलॉजी काउंसिल (TTC) के अंतर्गत ग्रीन और क्लीन एनर्जी टेक्नोलॉजी वर्किंग ग्रुप-2 का हिस्सा है। प्रस्ताव जमा करने की अंतिम तिथि 15 सितंबर 2026 रखी गई है। इस कार्यक्रम का मुख्य लक्ष्य ईवी बैटरियों की सुरक्षित रीसाइक्लिंग, कीमती खनिजों की रिकवरी और सर्कुलर इकोनॉमी को मजबूत करना है। विशेष रूप से लिथियम, ग्रेफाइट, कोबाल्ट जैसे महत्वपूर्ण कच्चे माल को अधिकतम दर से रिकवर करने पर जोर दिया जाएगा। कार्यक्रम में इन पर रहेगा खास फोकस:
- आधुनिक रीसाइक्लिंग तकनीकों में नवाचार
- बैटरियों का कलेक्शन और लॉजिस्टिक्स
- पायलट प्रोजेक्ट्स के माध्यम से नई तकनीकों का परीक्षण
- बैटरियों का Second Life उपयोग
- सुरक्षा मानकों को मजबूत करना
इसके तहत भारत में भारत-ईयू संयुक्त पायलट प्रोजेक्ट भी स्थापित किया जाएगा, जहां नई तकनीकों को वास्तविक परिस्थितियों में आजमाया और परिष्कृत किया जाएगा।फंडिंग और सहयोगफंडिंग का एक हिस्सा यूरोपीय संघ के ‘Horizon Europe’ कार्यक्रम से आएगा, जबकि भारत की ओर से भारी उद्योग मंत्रालय सहयोग प्रदान करेगा।
4. शशि शेखर वेम्पति बने केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड के नए अध्यक्ष
शशि शेखर वेम्पति को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने बताया कि श्री वेम्पति कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से तीन वर्ष की अवधि के लिए पदभार ग्रहण करेंगे। श्री वेम्पति को मीडिया, प्रसारण और सार्वजनिक संचार के क्षेत्र में व्यापक अनुभव प्राप्त है। वे सीबीएफसी के नए अध्यक्ष के रूप में प्रसून जोशी का स्थान लेंगे।
5. लखनऊ में ‘फ्रूट होराइजन 2026’ कार्यक्रम में शामिल होंगे कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान
कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान शुरू हो रहे फ्रूट होराइजन 2026 से संबंधित महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के दो दिन के दौरे पर रहेंगे। इस दो दिवसीय कार्यक्रम का उद्देश्य देश में फल उत्पादन, गुणवत्ता संवर्धन, प्रसंस्करण और निर्यात को बढ़ावा देना है। इस कार्यक्रम का लक्ष्य किसानों, वैज्ञानिकों, निर्यातकों और अन्य हितधारकों को एक साझा मंच पर लाकर फल क्षेत्र को एक नई दिशा प्रदान करना है। मुख्य कार्यक्रम आईसीएआर-केंद्रीय उपोष्णकटिबंधीय संस्थान में आयोजित किया जाएगा। इस दौरान वे किसानों, नर्सरी हितधारकों और प्रसंस्करण क्षेत्र के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत करेंगे।
6. स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता और तेजी लाएगा ‘स्वस्थ भारत पोर्टल’
देश के डिजिटल हेल्थ सेक्टर में एक बड़ा कदम उठाते हुए ‘स्वस्थ भारत पोर्टल’ का अनावरण किया गया। यह पोर्टल बिखरी हुई स्वास्थ्य प्रणालियों को एकीकृत कर भारत की डिजिटल स्वास्थ्य क्रांति को नई गति देने वाला माना जा रहा है। यह पोर्टल एक वन-स्टॉप एग्रीगेटर प्लेटफॉर्म के रूप में काम करेगा, जहां अलग-अलग प्रोग्राम सिस्टम्स को API के माध्यम से जोड़ा जाएगा। इससे न केवल इंटरऑपरेबिलिटी बढ़ेगी, बल्कि प्रशासनिक बोझ भी काफी हद तक कम होगा। इस पोर्टल की सबसे बड़ी खासियत है कि यह डुप्लिकेट डेटा एंट्री को खत्म करेगा और रिपोर्टिंग प्रक्रिया को आसान बनाएगा। इससे स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को तेज और सटीक निर्णय लेने में मदद मिलेगी। ‘स्वस्थ भारत पोर्टल’ को ABDM (आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन) के अनुरूप विकसित किया गया है, जिससे ABHA आईडी के जरिए सुरक्षित स्वास्थ्य डेटा का आदान-प्रदान संभव हो सकेगा। यह एक मजबूत और इंटरऑपरेबल डिजिटल हेल्थ इकोसिस्टम तैयार करने की दिशा में बड़ा कदम है।
7. भारत और जापान ने स्वास्थ्य अनुसंधान और क्वांटम टेक्नोलॉजी पर कई अहम समझौतों पर किए हस्ताक्षर
भारत और जापान ने स्वास्थ्य अनुसंधान और क्वांटम टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए कई समझौतों पर हस्ताक्षर किए हैं। इससे विज्ञान, तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी और मजबूत होगी। एक आधिकारिक बयान में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने बताया कि ये समझौते केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह और जापान की विज्ञान एवं तकनीक नीति मंत्री किमी ओनोडा के बीच हुई उच्चस्तरीय बैठक के दौरान किए गए। स्वास्थ्य और मेडिकल उपकरणों के क्षेत्र में सहयोग के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओसी) जापान चिकित्सा अनुसंधान एवं विकास एजेंसी, भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के बीच किया गया। इसके अलावा, क्वांटम विज्ञान और तकनीक में सहयोग के लिए जापान के कैबिनेट कार्यालय और भारत के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के बीच एक लेटर ऑफ इंटेंट (एलओआई) पर भी हस्ताक्षर किए गए, जिससे भविष्य की उन्नत तकनीकों में सहयोग के नए रास्ते खुलेंगे।
8. एसयूएसई सर्वे: असंगठित क्षेत्र के उद्यम 7.97% बढ़े, रोजगार और GVA में उल्लेखनीय वृद्धि
सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय ने जनवरी 2025 से दिसंबर 2025 की अवधि के लिए असंगठित क्षेत्र के उद्यमों के वार्षिक सर्वेक्षण (ए एस यू एस ई) के परिणाम जारी किए हैं। सर्वेक्षण के अनुसार वर्ष 2023-24 में प्रतिष्ठानों की कुल संख्या 7 करोड़ 34 लाख थी जो वर्ष 2025 में बढ़कर 7 करोड़ 92 लाख हो गई। यह 7.97 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाती है। इस क्षेत्र में रोजगार में भी 6.18 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई, जिसमें कुल श्रमिकों की संख्या 12 करोड़ 81 लाख होने का अनुमान है। सर्वेक्षण के अनुसार, व्यापार, विनिर्माण और अन्य सेवाओं के अच्छे प्रदर्शन के कारण वर्तमान कीमतों पर इस क्षेत्र में सकल मूल्य वर्धित (जी.वी.ए.) में 10 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई है। महिला प्रधान स्वामित्व वाले प्रतिष्ठानों का प्रतिशत ए एस यू एस ई 2023-24 में 2.17 प्रतिशत से बढ़कर 2025 में 26.93 प्रतिशत हो गया है। सर्वेक्षण में कहा गया है कि उद्यमशीलता के उद्देश्यों के लिए इंटरनेट का उपयोग ग्रामीण क्षेत्रों में 17.94 प्रतिशत से बढ़कर 31.06 प्रतिशत और शहरी क्षेत्रों में 37.01 प्रतिशत से बढ़कर 48.94 प्रतिशत हो गया है।
9. आरबीआई ने जारी किया विदेशी मुद्रा प्रबंधन विनियम 2026
भारतीय रिज़र्व बैंक (आरबीआई) ने विदेशी मुद्रा प्रबंधन (अधिकृत व्यक्ति) विनियम, 2026 जारी किए हैं। इन नए विनियमों का उद्देश्य अधिकृत व्यक्तियों को लाइसेंस देने और नवीनीकरण की प्रक्रिया को सुव्यवस्थित करना है। इसके साथ पर्याप्त सुरक्षा उपायों सहित विदेशी मुद्रा सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रिंसिपल-एजेंट मॉडल का विस्तार करना है। नियमों के अनुसार, संस्थाओं को अधिकृत व्यक्ति के रूप में कार्य करने के लिए आरबीआई से अधिकार प्राप्त करना होगा। पात्रता और अनुमत गतिविधियों पर आधारित नए लाइसेंस के लिए आवेदन तीन श्रेणियों – अधिकृत डीलर (एडी) श्रेणी I, II और III – के तहत संसाधित किए जाएंगे। आरबीआई ने न्यूनतम निवल संपत्ति की आवश्यकताएं भी निर्धारित की हैं, जिनमें एडी श्रेणी II संस्थाओं के लिए 10 करोड़ रूपये और एडी श्रेणी III संस्थाओं के लिए 2 करोड़ रूपये शामिल हैं। एक महत्वपूर्ण परिवर्तन में आरबीआई ने पूर्ण विकसित मुद्रा परिवर्तकों के लिए पहले से प्रक्रियाधीन आवेदनों को छोडकर नए प्राधिकरणों को बंद कर दिया है। मौजूदा अधिकृत संस्थाएं अपने वर्तमान लाइसेंस की समाप्ति तक परिचालन जारी रख सकती हैं और उन्हें नए ढांचे के अनुसार नवीनीकरण के लिए आवेदन करना होगा। अनुपालन को मजबूत करने के लिए, आरबीआई ने न्यूनतम वार्षिक विदेशी मुद्रा कारोबार, निरंतर निवल संपत्ति संबंधी आवश्यकताएं, रिपोर्टिंग दायित्व और स्वामित्व या प्रबंधन में महत्वपूर्ण परिवर्तनों के लिए पूर्व अनुमोदन सहित शर्तें निर्धारित की हैं।
10. डीआरडीओ ने रासायनिक, जैविक, विकिरण और परमाणु-सीबीआरएन फील्ड प्रशिक्षण केंद्र का किया उद्घाटन
रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (डीआरडीओ) ने दिल्ली के बुराड़ी मैदान में रासायनिक, जैविक, विकिरण और परमाणु-सीबीआरएन फील्ड प्रशिक्षण तथा प्रदर्शन केंद्र का उद्घाटन किया। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि इस केंद्र का उद्देश्य विकिरण और परमाणु आपात स्थितियों के लिए तैयारियों को और मजबूत करना है। मंत्रालय ने कहा कि यह प्रशिक्षण तथा प्रदर्शन केंद्र अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त एक अनूठा डीआरडीओ-सीबीआरएन उत्कृष्टता केंद्र होगा। इनमें समर्पित विकिरण और परमाणु परीक्षण केंद्र, भारी आयन अनुसंधान केंद्र, आपातकालीन चिकित्सा प्रतिक्रिया और वास्तविक समय फील्ड प्रतिक्रिया इकाइयां शामिल हैं।
11. क्लेयर मजूमदार बायोकॉन की नई चेयरपर्सन होंगी
6 मई को बायोफार्मास्युटिकल कंपनी बायोकॉन की फाउंडर और चेयरपर्सन किरण मजूमदार शॉ ने अपनी भांजी क्लेयर मजूमदार को उत्तराधिकारी बनाया। फॉर्च्यून इंडिया को दिए एक इंटरव्यू में किरण ने कहा कि क्लेयर कंपनी के अगले फेज को लीड करेंगी। क्लेयर मजूमदार फिलहाल ‘बिकारा थेरेप्यूटिक्स‘ की फाउंडर और CEO हैं। बिकारा का मार्केट कैपिटलाइजेशन 1.6 बिलियन डॉलर से ज्यादा है। क्लेयर ने MIT और स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की है और उन्होंने कैंसर बायोलॉजी में पीएचडी की है। क्लेयर रिले थेरेप्यूटिक्स और नूरा हेल्थ के बोर्ड में भी कार्यरत हैं, जो परिवार के केयर टेकर्स को ट्रेनिंग देकर रोगियों के बेहतर सुधार लाने के लिए काम करती है। बायोकॉन की स्थापना 1978 में किरण मजूमदार ने की थी, इसका हेडक्वाटर्र बेंगलुरू में हैं। बायोकॉन मुख्य रूप से बायोसिमिलर्स, इंसुलिन, जेनेरिक फॉर्मूलेशन बनाती है। बायोकॉन 120 से ज्यादा देशों में काम करती है, जिसमें यूएस और नॉर्थ अमेरिका मुख्य हैं।
12. कुमार मंगलम बिड़ला Vi के नॉन-एग्जीक्यूटिव चेयरमैन बने
5 मई को वोडाफोन-आइडिया (Vi) के बोर्ड ने कुमार मंगलम बिड़ला को कंपनी का नॉन-एग्जीक्यूटिव चेयरमैन का पद दिया। कंपनी ने स्टॉक एक्सचेंज को दी जानकारी में कुमार मंगलम बिड़ला के नाम की जानकारी दी। वर्तमान चेयरमैन रविंद्र टक्कर के पद छोड़ने के बाद कुमार मंगलम को अपॉइंट किया गया है। रविंद्र टक्कर अब बोर्ड में सिर्फ नॉन-एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर के पद पर रहेंगे। कुमार मंगलम अपने पिता आदित्य विक्रम बिड़ला की मौत के बाद 1995 में आदित्य बिरला ग्रुप से जुड़े थे। कुमार मंगलम चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं और लंदन बिजनेस स्कूल से उन्होंने MBA किया है। 2012 में फोर्ब्स ने कुमार मंगलम को आंत्रप्रन्योर ऑफ द ईयर अवॉर्ड दिया। 2020 में में फोर्ब्स ने कुमार मंगलम को भारत के सबसे अमीर लोगों की सूची में शामिल किया। कुमार मंगलम को 2023 में भारत सरकार ने बिजनेस में योगदान के लिए पद्म भूषण से सम्मानित किया है।
13. एशियाई अंडर-15 और अंडर-17 चैंपियनशिप 2026 में भारत के युवा मुक्केबाजों का शानदार प्रदर्शन
उज़्बेकिस्तान के ताशकंद मेंएशियाई अंडर-15 और अंडर-17 चैंपियनशिप में भारत के युवा मुक्केबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। अंडर-15 लड़कों की प्रतियोगिता में, नोंगपोकंगनबा मेइतेई ओइना ने 46 कि.ग्रा. वर्ग में जीत हासिल की, जबकि परशांत ने 49 कि.ग्रा. वर्ग में जीत दर्ज की। मोहम्मद यासर ने 58 कि.ग्रा. वर्ग में दमदार प्रदर्शन करते हुए किर्गिस्तान के अकबरजान नबीदज़ानोव के खिलाफ पहले ही राउंड में जीत दर्ज की। वहीं, अंडर-17 लड़कों के शाम के सत्र में, पाल निवेश ने 54 कि.ग्रा. वर्ग में शानदार प्रदर्शन किया। रणवीर ने 66 कि.ग्रा. वर्ग में चीनी ताइपे के यिंग-चीह चेन के खिलाफ जीत दर्ज की।
14. विश्व एथलेटिक्स दिवस
प्रतिवर्ष 7 मई को विश्व एथलेटिक्स दिवस (World Athletics Day) मनाया जाता है। यह दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि मानव की असीम संभावनाओं, अनुशासन, आत्मसंयम और अटूट संकल्प का सजीव प्रतीक है। एथलेटिक्स का इतिहास उतना ही प्राचीन और व्यापक है जितना स्वयं मानव सभ्यता का विकास। इसके संगठित स्वरूप की स्पष्ट शुरुआत प्राचीन यूनान में मानी जाती है, जहां 776 ईसा पूर्व में आयोजित प्रथम ओलंपिक खेलों ने इसे एक सुव्यवस्थित पहचान प्रदान की। इन प्राचीन ओलंपिक प्रतियोगिताओं का मुख्य आकर्षण एथलेटिक्स ही था, जिसमें ‘स्टेडियन दौड़’ विशेष रूप से उल्लेखनीय थी। यही दौड़ आधुनिक स्प्रिंट प्रतियोगिताओं की पूर्वज मानी जाती है। औद्योगिक क्रांति के पश्चात जब समाज में संगठन और नियमबद्धता की आवश्यकता बढ़ी, तब खेलों को भी एक सुव्यवस्थित ढांचे में ढालने का प्रयास प्रारंभ हुआ। इसी क्रम में 17 जुलाई 1912 को स्वीडन की राजधानी स्टॉकहोम में इंटरनेशनल एमेच्योर एथलेटिक फेडरेशन (IAAF) की स्थापना की गई, जिसे आज World Athletics के नाम से जाना जाता है।
VISIT TO YOUR WHATSAAP CHANNEL :https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F
VISIT TO YOUR YOUTUBE CHANNEL :https://youtube.com/@guruggkwala?si=TZD9ZVm9QJLjB9ed
VISIT TO YOUR TELEGRAM :https://t.me/guruggkwala1
THANKS TO SUPPORT GURUGGKWALA
