6 March 2026 Current Affairs -GurugGkwala

11–13 minutes


1. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली में रायसीना संवाद के 11वें संस्करण का किया शुभारंभ

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली में रायसीना संवाद के 11वें संस्करण का शुभारंभ किया। मुख्य भाषण देते हुए फिनलैंड के राष्ट्रपति आलेक्‍सांदर स्‍तूब ने कहा कि विकासशील और अल्‍पविकसित देश यह तय करेगें कि भविष्य में विश्व व्यवस्था कैसी होगी और इसमें भारत की अहम भूमिका होगी। भारत का प्रमुख भू-राजनीति और भू-अर्थव्यवस्था सम्मेलन, रायसीना डायलॉग का 11वां संस्करण 5 मार्च से नई दिल्ली में शुरू हो गया है। यह तीन दिवसीय आयोजन 5 से 7 मार्च 2026 तक चलेगा। यह 2016 से हर साल आयोजित किया जाता है। साल 2016 से हर वर्ष आयोजित होने वाला यह सम्मेलन ऑब्जर्वर रिसर्च फाउंडेशन (ORF) द्वारा विदेश मंत्रालय के सहयोग से आयोजित किया जाता है। इस वर्ष का थीम “Saṁskāra: Assertion, Accommodation, Advancement” है, जो वैश्विक चुनौतियों के बीच सभ्यतागत निरंतरता, अनुकूलन और प्रगति पर केंद्रित है।

2. भारत-फिनलैंड ने पर्यावरण सहयोग समझौता ज्ञापन का किया नवीनीकरण

भारत और फिनलैंड के बीच पर्यावरण सहयोग को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। दोनों देशों ने वर्ष 2020 में हस्ताक्षरित पर्यावरण सहयोग से जुड़े समझौता ज्ञापन का नवीनीकरण किया है, जिससे प्रदूषण नियंत्रण, अपशिष्ट प्रबंधन, चक्रीय अर्थव्यवस्था और जलवायु कार्रवाई के क्षेत्रों में साझेदारी को और मजबूती मिलेगी। नवीनीकृत समझौता ज्ञापन दोनों देशों के बीच सहयोग और सर्वोत्तम प्रथाओं के आदान-प्रदान के लिए एक संरचित ढांचा प्रदान करेगा। इसके तहत वायु और जल प्रदूषण की रोकथाम तथा नियंत्रण, दूषित मिट्टी के पुनः उपयोग, अपशिष्ट प्रबंधन, खतरनाक अपशिष्ट के निपटान, अपशिष्ट से ऊर्जा उत्पादन और पुनर्चक्रण जैसे क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

3. पीएम मोदी ने फिनलैंड के राष्ट्रपति के साथ की द्विपक्षीय बातचीत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को नई दिल्ली स्थित हैदराबाद हाउस में फिनलैंड के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब के साथ द्विपक्षीय बातचीत की और द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा की। इस दौरान दोनों देशों के बीच कई एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। यह भारत और फिनलैंड के बीच व्यापार, निवेश और तकनीकी सहयोग को और प्रबल करेगा। डिजिटल तकनीक, इंफ्रास्ट्रक्चर और सस्टेनिबिलिटी जैसे क्षेत्रों में दोनों देश महत्वपूर्ण साझेदार हैं। नोकिया के मोबाइल फोन और टेलीकॉम नेटवर्क ने करोड़ों भारतीयों को जोड़ा है। फिनलैंड के आर्किटेक्ट के सहयोग से हमने चिनाब नदी पर विश्व का सबसे ऊंचा रेलवे ब्रिज बनाया है। फिनलैंड की साझेदारी से असम के नुमालीगढ़ में दुनिया की सबसे बड़ी असम बायो इथेनॉल प्राइवेट लिमिटेड (एबीईपीएल) रिफाइनरी बनाई गई है।

4. पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने अपने पद से त्याग पत्र दिया

पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने आगामी विधानसभा चुनावों से पहले अपने पद से त्याग पत्र दे दिया है। श्री बोस नवंबर 2022 में पश्चिम बंगाल के राज्यपाल बने थे। श्री बोस ने अपने इस्तीफे की पुष्टि करते हुए कहा कि वे साढ़े तीन साल पश्चिम बंगाल के राज्यपाल रहे। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री ने उन्हें बताया है कि आरएन रवि को पश्चिम बंगाल का राज्यपाल नियुक्त किया जा रहा है।

5. नीति आयोग और यूनिसेफ इंडिया ने पोषण और स्वास्थ्य परिणामों को मजबूत करने के लिए आशय पत्र पर हस्ताक्षर किए

पोषण और स्वास्थ्य परिणामों में सुधार के लिए सहयोगात्मक प्रयासों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, नीति आयोग और यूनिसेफ इंडिया ने आकांक्षी जिलों और आकांक्षी ब्लॉकों में रणनीतिक हस्तक्षेपों का समर्थन करने के लिए एक आशय पत्र पर हस्ताक्षर किए। इस आशय पत्र पर नीति आयोग के अतिरिक्त सचिव और मिशन निदेशक, आकांक्षी जिले और ब्लॉक कार्यक्रम के श्री रोहित कुमार और यूनिसेफ इंडिया के उप प्रतिनिधि श्री अर्जन डी वाग्ट ने हस्ताक्षर किए। इस सहयोग का उद्देश्य दोनों संस्थानों की क्षमताओं का लाभ उठाकर वंचित क्षेत्रों में मातृ एवं शिशु पोषण परिणामों में सुधार लाने के प्रयासों को आगे बढ़ाना है। यह साझेदारी बहु-हितधारक सहभागिता को बढ़ावा देने और ब्लॉक स्तर पर पोषण एवं स्वास्थ्य सम्बंधी हस्तक्षेपों के कार्यान्वयन प्रणालियों को मजबूत करने में सहयोग करेगी। यूनिसेफ इंडिया, इंपैक्ट 4 न्यूट्रिशन (I4एन) प्लेटफॉर्म के माध्यम से, पोषण-केंद्रित पहलों में सीएसआर निवेश को निर्देशित करने के लिए व्यवसायों, सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यमों और उद्योग संघों के साथ तकनीकी विशेषज्ञता और सहयोग प्रदान करेगा। यह सहयोग आंगनवाड़ी बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, पोषण साक्षरता बढ़ाने, आईसीडीएस सेवाओं के उपयोग में सुधार लाने और अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं की क्षमता निर्माण पर केंद्रित होगा।

6. केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने नई दिल्ली में जनगणना-2027 के digital tools का सॉफ्ट लॉन्च और जनगणना-2027 के शुभंकर “प्रगति” (महिला) और “विकास” (पुरुष) का औपचारिक अनावरण किया

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने नई दिल्ली में जनगणना-2027 के लिए चार digital tools का सॉफ्ट लॉन्च और शुभंकर- “प्रगति” (महिला) और “विकास” (पुरुष) – का औपचारिक अनावरण किया। देशभर में गणना कार्यों को सुगम बनाने के लिए सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफ एडवांस्ड कंप्यूटिंग (सी-डैक) ने एडवांस डिजिटल प्लेटफॉर्म विकसित किए हैं। केन्द्र सरकार द्वारा 16 जून, 2025 को राजपत्र में जनगणना-2027 की अधिसूचना जारी की गई। इसके बाद जनगणना-2027 की प्रक्रिया औपचारिक रूप से प्रारंभ हुई। दो चरणों में होने वाली जनगणना-2027 दुनिया का सबसे बड़ा जनगणना कार्य है। पहली बार जनगणना डिजिटल माध्यम से की जाएगी और साथ ही पहली बार स्व-गणना (Self-Enumeration) का विकल्प भी दिया जा रहा है। जनगणना-2027 के शुभंकर “प्रगति” (महिला प्रगणक) और “विकास” (पुरुष प्रगणक) को मैत्रीपूर्ण और सहज प्रतीक के रूप में प्रस्तुत किया गया है। साथ ही “प्रगति” और “विकास” 2047 में भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को पूरा करने में महिलाओं और पुरुषों की बराबर की भागीदारी के भी प्रतीक हैं। जनगणना-2027 भारत की पहली तकनीकी (digital) उपकरणों द्वारा संचालित जनगणना होगी। केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह द्वारा सॉफ्ट लॉन्च किए गए चार digital प्लेटफॉर्म हैं:
हाउस लिस्टिंग ब्लॉक क्रिएटर (HLBC) वेब एप्लिकेशन: यह वेब-मैप एप्लिकेशन चार्ज अधिकारियों को उपग्रह चित्रों की सहायता से तकनीकी रूप से मकान सूचीकरण ब्लॉक बनाने में सक्षम बनाता है, जिससे देशभर में भौगोलिक कवरेज का मानकीकरण सुनिश्चित होता है।
HLO मोबाइल एप्लिकेशन: यह एक सुरक्षित ऑफलाइन मोबाइल एप्लिकेशन है, जिसके माध्यम से प्रगणक मकान -सूचीकरण डेटा एकत्र एवं अपलोड कर सकते हैं। केवल CMMS पोर्टल पर पंजीकृत प्रगणक ही इसका उपयोग कर सकते हैं। यह एप्लिकेशन सीधे क्षेत्र से सर्वर तक डेटा प्रेषण की सुविधा प्रदान करता है, जिससे पारंपरिक कागजी कार्य समाप्त हो जाता है। यह एंड्रॉयड एवं iOS प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है तथा 16 भाषाओं में संचालित किया जा सकता है।
स्व-गणना (SE) पोर्टल: पहली बार स्व-गणना का विकल्प प्रदान किया जा रहा है। यह एक सुरक्षित वेब-आधारित सुविधा है, जिसके माध्यम से पात्र उत्तरदाता घर-घर सर्वेक्षण से पूर्व अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। सफल पंजीकरण के बाद एक विशिष्ट स्व-गणना आईडी (SE ID) जारी की जाएगी। इस स्व-गणना आईडी (SE ID) को प्रगणक के साथ साझा किया जायेगा जिसके आधार पर दर्ज की गयी सूचना की प्रगणक द्वारा पुष्टि की जा सकेगी।
जनगणना प्रबंधन एवं निगरानी प्रणाली (CMMS) पोर्टल: यह एक केंद्रीकृत वेब-आधारित डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जिसके माध्यम से जनगणना से संबंधित गतिविधियों की योजना, प्रबंधन, क्रियान्वयन और निगरानी की जाएगी। राज्य , जिला एवं तहसील स्तर के अधिकारी एकीकृत डैशबोर्ड के माध्यम से वास्तविक समय में प्रगति और कार्य-स्थिति का अवलोकन कर सकेंगे।

7. ब्रह्मपुत्र नदी पर भारत का पहला नदी-आधारित प्रकाशस्तंभ बनेगा (उत्तर पश्चिम-2)

भारत ने अंतर्देशीय जलमार्ग नौवहन के क्षेत्र में एक अभूतपूर्व कदम उठाया है, क्योंकि केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री (एमओपीएसडब्‍ल्‍यू) सर्बानंद सोनोवाल ने ब्रह्मपुत्र नदी के तट पर चार नदी प्रकाशस्तंभों की आधारशिला रखी है। यह देश में अंतर्देशीय जलमार्ग पर प्रकाशस्तंभ संरचना की स्थापना का पहला उदाहरण है। गुवाहाटी के लाचित घाट पर आयोजित यह समारोह, पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय (एमओपीएसडब्‍ल्‍यू) के तत्वावधान में प्रकाशस्तंभ एवं प्रकाश जहाज महानिदेशालय (डीजीएलएल) और भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (आईडब्‍ल्‍यूएआई) द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किया गया था। ये चारों स्थल – डिब्रूगढ़ जिले में बोगीबील, कामरूप (मेट्रो) जिले में पांडू, नागांव जिले में सिलघाट (सभी नदी के दक्षिणी तट पर स्थित), और बिश्वनाथ जिले में बिश्वनाथ घाट (उत्तरी तट पर स्थित एकमात्र स्थल)ब्रह्मपुत्र नदी (राष्ट्रीय जलमार्ग-2) के रणनीतिक बिंदुओं पर स्थित हैं, जो भारत के सबसे महत्वपूर्ण अंतर्देशीय माल और यात्री गलियारों में से एक है। चारों प्रकाशस्तंभों की कुल परियोजना लागत लगभग 84 करोड़ रुपये है। प्रत्येक प्रकाशस्तंभ 20 मीटर ऊंचा होगा, जिसकी भौगोलिक सीमा 14 समुद्री मील और प्रकाशीय सीमा 8-10 समुद्री मील होगी, और यह पूरी तरह से सौर ऊर्जा से संचालित होगा।

8. केरल स्वास्थ्य विभाग ने मीहेल्थ मोबाइल एप्लिकेशन का शुभारंभ किया

केरल स्वास्थ्य विभाग ने मीहेल्थ मोबाइल एप्लिकेशन का शुभारंभ किया है। इससे लोगों को आस-पास के सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों के बारे में जानकारी आसानी से प्राप्त हो सकेगी। इससे, उपयोगकर्ता 10 किलोमीटर के दायरे में अस्पतालों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। अस्पतालों में ब्लड बैंक, रेडियोलॉजी यूनिट, फार्मेसी और सशुल्क वार्ड जैसी सेवाओं की जानकारी भी इस प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है। यह ऐप उन अस्पतालों में मरीजों को ऑपरेशन टिकट और डॉक्टर से ऑनलाइन अपॉइंटमेंट बुक करने की सुविधा भी देता है जहां ई-हेल्थ सिस्टम लागू है।

9. केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने विश्व की पहली फ्रेंचाइजी आधारित “साइक्लिंग लीग ऑफ इंडिया” के लोगो का अनावरण किया

केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने भारत की अग्रणी खेल पहल, विश्व की पहली फ्रेंचाइजी-आधारित रोड साइक्लिंग लीग, जिसका नाम साइक्लिंग लीग ऑफ इंडिया है, के लोगो का अनावरण किया। आगामी लीग में शहर या क्षेत्र आधारित आठ फ्रेंचाइजी होंगी, जिनमें से प्रत्येक में दस साइकिल चालक होंगे। टीम में दो अंतरराष्ट्रीय राइडर शामिल होंगे, जो वैश्विक विशेषज्ञता और प्रतिस्पर्धात्मकता लाएंगे, साथ ही दो जूनियर साइकिलिस्ट भी होंगे जिनका उद्देश्य उभरती भारतीय प्रतिभाओं का पोषण करना और खेल की दीर्घकालिक स्थिरता सुनिश्चित करना है। प्रतियोगिताएं तीन संरचित चरणों में आयोजित की जाएंगी, जिनका समापन एक भव्य समापन समारोह के साथ होगा। इन दौड़ में क्राइटेरियम रेस, टीम टाइम ट्रायल और मास स्टार्ट इवेंट जैसे विविध प्रारूप शामिल होंगे, जिन्हें रणनीतिक प्रतिस्पर्धा और दर्शकों के लिए रोमांचक दृश्य प्रदान करने के लिए डिज़ाइन किया गया है।

10. पूर्व राज्यसभा सांसद एचके दुआ का निधन

4 मार्च को पूर्व राज्यसभा सांसद हरि कृष्ण (एच के) दुआ का निधन हो गया। वे 88 साल के थे। एच. के. दुआ द हिंदुस्तान टाइम्स (1987-94), द इंडियन एक्सप्रेस (1994-96) के एडिटर इन चीफ औरद ट्रिब्यून (2003-09) के एडिटर रहे। दुआ पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी और एच.डी. देवगौड़ा के मीडिया एड्वाइजर भी रहे। 2001 से 2003 तक दुआ ने डेनमार्क में भारत के राजदूत के तौर पर भी काम किया। 2008 में दुआ को पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। 2009 में दुआ को राज्यसभा के लिए नॉमिनेट किया गया, जहां उन्होंने 2015 तक अपनी सेवाएं दीं।

VISIT TO YOUR WHATSAAP CHANNEL : https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F

VISIT TO YOUR TOUTUBE CHANNEL : https://youtube.com/shorts/ptd6gtCkRL4?si=DSNkUwJtN2EatQF

VISIT TO YOUR TELEGRAM : https://t.me/guruggkwala1

THANKS TO SUPPORT GURUGGKWALA

Leave a Comment

Shopping Cart
Scroll to Top