6 June 2026 Current Affairs -GurugGkwala

11–14 minutes


1. जय प्रकाश नारायण पक्षी अभयारण्य बना भारत का 100वां रामसर स्थल

उत्तर प्रदेश के बलिया स्थित जय प्रकाश नारायण पक्षी अभयारण्य (सुरहाताल) को देश के 100वें रामसर स्थल के रूप में मान्यता मिली है। रामसर कन्वेंशन दो फरवरी 1971 को आर्द्रभूमियों के संरक्षण के उद्देश्य से शुरू किया गया था। वर्तमान में दुनिया के 170 से अधिक देश इससे जुड़े हैं और 2100 से अधिक वेटलैंड सूचीबद्ध हैं। भारत में अब तक 100 वेटलैंड इस सूची में शामिल हो चुके हैं, जिनमें अब सुरहा ताल भी शामिल हो गया है। सुरहा ताल लगभग 24.9 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैला हुआ है, जो बरसात में बढ़कर 42 वर्ग किलोमीटर तक हो जाता है। वर्तमान में दुनिया में सबसे अधिक रामसर स्थल यूनाइटेड किंगडम (176) में हैं, जबकि मेक्सिको (144) दूसरे स्थान पर है।

2. प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने गुजरात के सूरत में 18,800 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को गुजरात के सूरत में करीब 18,800 करोड़ रुपए की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। हाल के वर्षों में शहर में शुरू किए गए सबसे बड़े बुनियादी ढांचा निवेश कार्यक्रमों में से एक मानी जा रही इन परियोजनाओं का उद्देश्य परिवहन, औद्योगिक अवसंरचना, बिजली वितरण, स्वास्थ्य सेवाओं और शहरी विकास को मजबूती प्रदान करना है। प्रधानमंत्री ने राष्ट्र को आठ लेन वाले एक्सेस कंट्रोल्ड वडोदरा-मुंबई एक्सप्रेसवे के महत्वपूर्ण पैकेज समर्पित किए। इन परियोजनाओं से गुजरात और महाराष्ट्र के बीच हाई-स्पीड कनेक्टिविटी में सुधार होगा तथा पश्चिमी भारत में लॉजिस्टिक्स नेटवर्क अधिक दक्ष बनेगा। प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय राजमार्ग-56 के महत्वपूर्ण हिस्सों को चार लेन में विकसित करने की परियोजना का शिलान्यास भी किया। यह परियोजना आदिवासी क्षेत्रों में सड़क संपर्क बेहतर बनाने और स्टैच्यू ऑफ यूनिटी कॉरिडोर तक पहुंच को सुगम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

3. पीएम मोदी ने दमन को दी हजारों करोड़ की सौगात

सूरत में अपना कार्यक्रम खत्म करने के बाद अब प्रधानमंत्री मोदी दमन की यात्रा पर पहुंचे हैं। उन्होंने वहां नमो हवाई अड्डे के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने दमन में नमो अस्पताल का उद्घाटन किया। दमन में कुल 2,970 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की शुरुआत हुई। प्रधानमंत्री ने दमन से ही केंद्रशासित प्रदेश लक्षद्वीप के लिए भी बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने करीब 885 करोड़ रुपये की चार परियोजनाओं का ऑनलाइन शिलान्यास किया। इन योजनाओं के तहत लक्षद्वीप के कल्पेनी और कदमत द्वीपों पर बंदरगाहों का विकास होगा। इन परियोजनाओं से दमन और लक्षद्वीप दोनों क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।

4. पश्चिम बंगाल विधानसभा ने राष्ट्रीय ई-विधान लागू करने के लिए MoU समझौता किया

पश्चिम बंगाल विधानसभा में राष्ट्रीय ई-विधान एप्लिकेशन (NeVA) लागू करने के लिए गुरुवार को एक त्रिपक्षीय समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते के साथ पश्चिम बंगाल विधानसभा NeVA पहल से जुड़ने वाली देश की 33वीं विधायिका बन गई है। अब तक 21 विधायिकाएं NeVA प्लेटफॉर्म के माध्यम से पूरी तरह डिजिटल कार्यप्रणाली अपनाने में सफल रही हैं। NeVA, संसदीय कार्य मंत्रालय की एक मिशन मोड परियोजना है, जिसका उद्देश्य देशभर की विधायिकाओं की कार्यप्रणाली को एक साझा डिजिटल मंच के माध्यम से आधुनिक और पेपरलेस बनाना है। यह पहल प्रधानमंत्री के डिजिटल इंडिया विजन के अनुरूप है। NeVA के जरिए प्रश्न, विधेयक, नोटिस, आश्वासन, समिति संबंधी कार्य, कार्यसूची, बुलेटिन और अन्य सदनीय गतिविधियों का डिजिटल प्रबंधन किया जा सकता है। साथ ही यह विधायी अभिलेखों और कार्यवाही का स्थायी डिजिटल भंडार भी उपलब्ध कराता है। संसदीय कार्य मंत्रालय इस परियोजना के तहत राज्यों की विधायिकाओं को वित्तीय सहायता, तकनीकी सहयोग, क्षमता निर्माण और कार्यान्वयन संबंधी सहायता प्रदान करता है।

5. वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच आरबीआई ने वित्त वर्ष 2027 के लिए 6.6% विकास दर और 5.1% मुद्रास्फीति दर रहने का अनुमान लगाया

रिजर्व बैंक के गवर्नर संजय मल्होत्रा ​​ने शुक्रवार (5 जून, 2026) को मौद्रिक नीति समिति के उस निर्णय की घोषणा की, जिसमें रेपो दर को 5.25% पर अपरिवर्तित रखा गया है । भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) ने शुक्रवार को जीडीपी वृद्धि दर का अनुमान 6.6 प्रतिशत (पहले के 6.9% से घटाकर) रखा है। हालांकि केंद्रीय बैंक ने चेतावनी दी है कि वैश्विक सप्लाई चेन में लंबे समय तक बनी रहने वाली बाधाएं, अंतरराष्ट्रीय वित्तीय बाजारों में अस्थिरता और मौसम से जुड़े जोखिम देश की आर्थिक वृद्धि पर दबाव बना सकते हैं। इसके साथ ही, आरबीआई ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) आधारित महंगाई दर का अनुमान 5.1 प्रतिशत लगाया है। तिमाही आधार पर पहली तिमाही में महंगाई 4.2 प्रतिशत, दूसरी तिमाही में 5.1 प्रतिशत, तीसरी तिमाही में 5.9 प्रतिशत और चौथी तिमाही में 5.4 प्रतिशत रहने का अनुमान है।

6. लिवरपूल विश्वविद्यालय को बेंगलुरु में अपना परिसर स्थापित करने के लिए अनुमोदन पत्र (एलओए) प्राप्त हुआ

राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के तहत उच्च शिक्षा के अंतर्राष्ट्रीयकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, शिक्षा मंत्रालय ने यूनाइटेड किंगडम के लिवरपूल विश्वविद्यालय को कर्नाटक के बेंगलुरु में अपना शाखा परिसर (ब्रांच कैंपस) स्थापित करने के लिए ‘अनुमोदन पत्र‘ (एलओए) सौंपा। यह एलओए शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग के सचिव और विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के अध्यक्ष डॉ. विनीत जोशी ने, लिवरपूल विश्वविद्यालय बेंगलुरु के प्रोवोस्ट प्रोफेसर रिचर्ड ग्रोस को सौंपा। लिवरपूल विश्वविद्यालय को 26 मई 2025 को नई दिल्ली में यूजीसी (भारत में विदेशी उच्च शिक्षण संस्थानों के कैंपस की स्थापना और संचालन) विनियम, 2023 के तहत एक आशय पत्र (एलओआई) प्रदान किया गया था। पिछले एक वर्ष के दौरान, विश्वविद्यालय ने आवश्यक शैक्षणिक, बुनियादी ढांचा और विनियामक तैयारियां पूरी कर ली हैं। अब, यूजीसी द्वारा विश्विद्यालय की तैयारियों और विनियमों के प्रावधानों के अनुपालन का मूल्यांकन करने के बाद, विश्वविद्यालय को भारत में अपना संचालन शुरू करने के लिए एलओए प्रदान कर दिया गया है। बेंगलुरु में स्थित विश्वविद्यालय परिसर बिजनेस मैनेजमेंट, कंप्यूटर साइंस, गेम डिजाइन, फाइनेंस और बायोमेडिकल साइंस जैसे क्षेत्रों में स्नातक और परास्नातक कार्यक्रम पेश करेगा।

7. राष्ट्रीय जनजातीय छात्र शिक्षा सोसायटी ने लर्निंग लिंक्स फाउंडेशन के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं ताकि ईएमआरएस में अमेज़न फ्यूचर इंजीनियर प्रोग्राम (एएफई) को लागू किया जा सके

केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्रालय के अधीन स्वायत्त संगठन राष्ट्रीय जनजातीय छात्र शिक्षा सोसायटी (एनईएसटीएस) ने देश भर के एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों (ईएमआरएस) में अमेज़न फ्यूचर इंजीनियर (एएफई) कार्यक्रम को लागू करने के लिए लर्निंग लिंक्स फाउंडेशन (एलएलएफ) के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। एनईएसटीएस और लर्निंग लिंक्स फाउंडेशन के बीच अमेज़न फ्यूचर इंजीनियर कार्यक्रम के कार्यान्वयन के लिए हुई साझेदारी से 2022 से अब तक कक्षा VI से IX तक के लगभग 80,000 छात्रों को फायदा हुआ है। इस सहयोग की सफलता को आगे बढ़ाते हुए, 1 अप्रैल 2026 से 31 मार्च 2028 तक प्रभावी अब नया समझौता ज्ञापन, भारत में अमेज़न की कॉर्पोरेट परोपकार पहल के माध्यम से आदिवासी छात्रों के बीच डिजिटल और तकनीकी शिक्षा को मजबूत करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है। एएफई कार्यक्रम में तीन प्रमुख घटक शामिल होंगे:

  • कंप्यूटर विज्ञान के मूलभूत सिद्धांत: कोडिंग, कम्प्यूटेशनल थिंकिंग और समस्या-समाधान कौशल का परिचय
  • एआई साक्षरता: अनुभवात्मक और परियोजना-आधारित शिक्षण के माध्यम से एआई अवधारणाओं के बारे में जागरूकता बढ़ाना
  • करियर एक्सपोजर: वर्चुअल इंडस्ट्री एक्सपोजर और करियर परिचय के माध्यम से प्रौद्योगिकी आधारित करियर के बारे में जानकारी प्रदान करना।

8. एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों (ईएमआरएस) में एआई-सक्षम शैक्षणिक सहायता को मजबूत करने के लिए एनईएसटीएस ने कोग्रैड के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए

केंद्र सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय के अधीन एक स्वायत्त संगठन, राष्ट्रीय जनजातीय छात्र शिक्षा समिति (एनईएसटीएस) ने शिक्षक सशक्तिकरण, शैक्षणिक सहायता और संस्थागत दक्षता के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित प्लेटफार्मों के विकास और तैनाती में लगी शिक्षा प्रौद्योगिकी संस्था कोग्रेड (सुपरविजन एजुकेयर प्राइवेट लिमिटेड) के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। एनईएसटीएस और कोग्रेड के बीच साझेदारी से देश भर में वर्तमान में कार्यरत 499 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों में 9,000 से अधिक शिक्षकों को सहायता मिलेगी। इससे अंततः 1.5 लाख से अधिक छात्रों को लाभ होगा। इस सहयोग के अंतर्गत कोग्रैड अपने शिक्षकों के लिए विशेष रूप से तैयार किए गए डिजिटल प्लेटफॉर्म “मेधा एआई” के अनुकूलित संस्करण तक दो वर्षों की अवधि के लिए निःशुल्क पहुंच प्रदान करेगा। कोग्रैड संरचित मार्गदर्शन कार्यक्रमों और व्यावहारिक सहायता के माध्यम से ईएमआरएस के शिक्षकों, प्रधानाचार्यों और शैक्षणिक प्रशासकों को प्लेटफॉर्म के प्रभावी उपयोग के लिए प्रशिक्षित भी करेगा।

9. फ्रेंच ओपन 2026: क्वालिफायर माजा च्वालिंस्का ने रचा इतिहास

पोलैंड की 24 वर्षीय माजा च्वालिंस्का ने रोलां गैरोस में करिश्माई प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया है। विश्व रैंकिंग में 114वें स्थान पर मौजूद इस क्वालिफायर खिलाड़ी ने महिला एकल सेमीफाइनल में रूस की डायना श्नाइडर को 7-6(4), 6-4 से हराकर फ्रेंच ओपन के फाइनल में जगह बनाई। वे फ्रेंच ओपन के इतिहास में फाइनल तक पहुंचने वाली पहली क्वालिफायर खिलाड़ी बन गई हैं। च्वालिंस्का ने इस टूर्नामेंट में अब तक 9 मैच जीते हैं, जिनमें क्वालिफाइंग राउंड के 3 और मुख्य ड्रॉ के 6 मैच शामिल हैं। ओपन एरा में ग्रैंड स्लैम फाइनल पहुंचने वाली वे सिर्फ दूसरी क्वालिफायर हैं। इससे पहले ब्रिटेन की एम्मा राडुकानू ने 2021 यूएस ओपन में यह उपलब्धि हासिल की थी और खिताब भी जीता था। इस उपलब्धि के साथ वे इवोन गूलागोंग (1971) और क्रिस एवर्ट (1973) के बाद मुख्य ड्रॉ में अपने पहले अभियान में फाइनल पहुंचने वाली सिर्फ तीसरी महिला खिलाड़ी भी बन गई हैं। खिताबी मुकाबले में च्वालिंस्का का सामना 8वीं वरीयता प्राप्त मीरा एंड्रीवा से होगा। दोनों के बीच यह पहली भिड़ंत होगी।

10. अंडर-18 महिला हॉकी एशिया कप में चीन ने सेमीफाइनल में भारत को हराकर फाइनल में बनाई जगह

भारतीय महिला टीम का अंडर-18 हॉकी एशिया कप का फाइनल खेलने का सपना टूट गया है। रोमांच से भरपूर सेमीफाइनल मुकाबले में 2-2 से स्कोर बराबर रहने के बाद भारतीय टीम को चीन के खिलाफ शूटआउट में 1-3 से हार का सामना करना पड़ा। भारत के लिए नौशीन नाज (3वें मिनट) और किरण एक्का (54वें मिनट) ने गोल किए, जबकि चीन के लिए ली जेयान (24वें मिनट) और झांग युझेंग (48वें मिनट) ने गोल किए। कप्तान स्वीटी कुजूर ने मिडफील्ड से सर्कल के अंदर नौशीन को एक शानदार पास दिया, जिन्होंने शानदार शॉट खेलकर गेंद को गोल पोस्ट में पहुंचा दिया।

11. पीएम मोदी ने डॉ. सुभाष सी. कश्यप के निधन पर शोक व्यक्त किया

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लोकसभा के पूर्व महासचिव डॉ. सुभाष सी. कश्यप के निधन पर शुक्रवार को गहरा दुख व्यक्त किया है। पीएम मोदी ने कहा कि डॉ. कश्यप भारत के सबसे प्रमुख संवैधानिक विशेषज्ञों में से एक थे, जिनका संसदीय और संवैधानिक विमर्श में योगदान हमारे समाज को समृद्ध बनाने वाला रहा है। डॉ. कश्यप प्रसिद्ध लेखक और विद्वान, एक प्रतिष्ठित संवैधानिक विशेषज्ञ, सलाहकार और अधिवक्ता थे। उन्होंने भारत और विदेशों में कई सर्वोच्च पदों पर कार्य किया। लोकसभा के पूर्व महासचिव को पद्म भूषण और डॉक्टर ऑफ लॉज़ (एलएल.डी.) सहित कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सम्मान और पुरस्कार प्राप्त हुए हैं। उन्होंने 3-खंडीय ग्रंथ ‘भारत का संवैधानिक कानून’ के अलावा 6-खंड भी पेश किये हैं। उनके वर्तमान कार्यों में ‘स्टेट ऑफ द नेशनः डेमोक्रेसी गवर्नेस एंड पार्लियामेंट’ “वी, द पीपल एंड आवर कंसटीट्यूसन”, “इंडियन कंसटीट्यूसन कंफ्लीक्टस् एंड कंट्रोवर्सिज” आदि शामिल हैं। हमारी संसद की उनकी लोकप्रिय ग्रंथत्रय (Trilogy) ‘आवर पालिटिकल सिस्टम एंड आवर कंसटीट्यूसन’ की कई लाख प्रतियां बिकी और एनबीटी के बेस्ट सेलर्स में से एक है।

VISIT TO YOUR WHATSAAP CHANNEL :https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F

VISIT TO YOUR YOUTUBE CHANNEL :https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F

VISIT TO YUR TELEGRAM :https://t.me/guruggkwala1

THANKS TO SUPPORT GURUGGKWALA

Shopping Cart
Scroll to Top