5 September 2026 Current Affairs -GurugGkwala

11–13 minutes


1. राष्ट्रपति मुर्मु शिक्षक दिवस के अवसर पर 48 स्कूली शिक्षकों को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार प्रदान करेंगी

5 September 2026 Current Affairs -GurugGkwala

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु शिक्षक दिवस के अवसर पर नई दिल्ली में 48 स्कूली शिक्षकों को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार प्रदान करेंगी। चयनित 48 स्कूली शिक्षक 27 राज्यों, सात केंद्र शासित प्रदेशों और केंद्र सरकार के छह संगठनों के हैं। राष्ट्रपति उच्च शिक्षा संस्थानों और पॉलिटेक्निक के 21 शिक्षकों और संकाय सदस्यों को भी राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार प्रदान करेंगी। केंद्रीय उच्च शिक्षा संस्थानों से 12 शिक्षक और संकाय सदस्य, पांच राज्य विश्वविद्यालयों के तीन सरकारी और दो निजी कॉलेज और चार पॉलिटेक्निक के दो सरकारी और दो निजी विश्‍वविद्यालयों को पुरस्कारों के लिए चुना गया है। इस कार्यक्रम में प्रत्येक पुरस्कार विजेता के अनुकरणीय कार्य को दर्शाने वाले लघु वृत्तचित्र दिखाए जाएंगे।

2. इटली: जॉर्जिया मेलोनी की सरकार ने सबसे लंबे समय तक चलने वाली सरकार का रिकॉर्ड बनाया

5 September 2026 Current Affairs -GurugGkwala

इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी की सरकार ने द्वितीय विश्व युद्ध के बाद देश में सबसे लंबे समय तक चलने वाली सरकार का रिकॉर्ड बनाया है। उनकी सरकार ने 1,413 दिन पूरे कर, पूर्व प्रधानमंत्री सिल्वियो बर्लुस्कोनी की सरकार का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। विश्लेषकों का कहना है कि यह उपलब्धि प्रधानमंत्री मेलोनी की छवि को मजबूत करेगी। इटली में पिछले 80 वर्षों में करीब 70 सरकारें बन चुकी हैं और वर्ष 2027 में राष्ट्रीय चुनाव होने हैं। प्रधानमंत्री मेलोनी ने अक्टूबर 2022 में इटली की पहली महिला प्रधानमंत्री के रूप में पद संभाला था। उनकी पार्टी की नव-फासीवादी पृष्ठभूमि को लेकर उस समय यूरोपीय देशों और निवेश बाजारों में चिंता थी। हालांकि, प्रधानमंत्री मेलोनी ने व्यावहारिक तरीके से सरकार चलाई। उन्होंने यूरोपीय संस्थाओं के साथ मिलकर काम किया, वित्तीय अनुशासन पर जोर दिया और रूस के यूक्रेन पर हमले के बाद यूक्रेन को लगातार समर्थन दिया।

3. भारत टेक्स ट्रेड फेडरेशन और प्रीमियर विजन एसए ने भारत-फ्रांस वस्त्र और फैशन सहयोग को सुदृढ़ करने के लिए रनीतिक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए

5 September 2026 Current Affairs -GurugGkwala

भारत टेक्सटाइल ट्रेड फेडरेशन (बीटीटीएफ) और प्रीमियर विजन एसए, जो रचनात्मक फैशन, वस्त्र और सोर्सिंग के लिए विश्व के अग्रणी अंतरराष्ट्रीय प्लेटफार्मों में से एक है, ने 2 सितंबर, 2026 को प्रीमियर विजन (पेरिस) प्रदर्शनी में एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए, जिसका उद्देश्य वैश्विक फैशन और वस्त्र इकोसिस्टम के साथ भारत की भागीदारी को सुदृढ़ करने के लिए एक बहुवर्षीय संस्थागत साझेदारी स्थापित करना है। इस समझौता ज्ञापन पर भारत टेक्सटाइल ट्रेड फेडरेशन के कोर कमेटी सदस्य और परिधान निर्यात संवर्धन परिषद (एईपीसी) के अध्यक्ष डॉ. ए. शक्तिवेल और प्रीमियर विजन एसए की फैशन डिवीजन की सीईओ सुश्री फ्लोरेंस रूसन ने हस्ताक्षर किए। प्रीमियर विजन पिछले पांच दशकों से फैशन उद्योग के लिए एक अंतरराष्ट्रीय मानक रहा है। यह साझेदारी भारतीय वस्त्र निर्माताओं, निर्यातकों, डिजाइनरों और कारीगरों को अंतरराष्ट्रीय खरीदारों, फैशन हाउसों और प्रीमियम सोर्सिंग नेटवर्क से जुड़ने का एक प्रमुख अवसर प्रदान करती है।

4. एनएचएआई ने ‘ग्रीन हाईवेज एक्सीलेंस अवॉर्ड्स 2026’ के विजेताओं की घोषणा की

5 September 2026 Current Affairs -GurugGkwala

राष्ट्रीय राजमार्गों पर स्वस्थ पोधारोपण प्रथाओं को बढ़ावा देने एवं प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने ‘ग्रीन हाईवेज एक्सीलेंस अवार्ड्स’ की स्थापना की जिसका उद्देश्य राष्ट्रीय राजमार्गों पर हरित एवं पौधारोपण प्रबंधन में बेहतरीन प्रथाओं को मान्यता देना है। ‘ग्रीन हाईवेज़ एक्सीलेंस अवॉर्ड्स 2026’ के विजेताओं की घोषणा तीन श्रेणियों में की गई जिनमें सड़क के किनारे पौधारोपण, सड़क के बीच पौधारोपण और भूखंड में पौधारोपण सहित क्लोवर लीव्स, इंटरचेंज, टोल प्लाज़ा एवं सर्विस एरिया में पौधारोपण शामिल हैं।
एवेन्यू वृक्षारोपण – प्रथम पुरस्कार: आंध्र प्रदेश में NH-16 पर चिलकलूरिपेट बाईपास के छह-लेन विस्तार को एवेन्यू वृक्षारोपण श्रेणी में प्रथम पुरस्कार प्राप्त हुआ।
मीडियन वृक्षारोपण – प्रथम पुरस्कार: NH-163 के हैदराबाद–यादगिरी खंड के चार-लेन विस्तार को मीडियन वृक्षारोपण श्रेणी में प्रथम पुरस्कार प्राप्त हुआ।
लैंड पार्सल वृक्षारोपण – प्रथम पुरस्कार: RO-नागपुर के अंतर्गत NH-44 पर जामथा क्लोवर लीफ और ऑक्सीजन बर्ड पार्क को लैंड पार्सल में वृक्षारोपण श्रेणी में प्रथम पुरस्कार प्राप्त हुआ।
एनएचएआई ने ‘ग्रीन हाईवेज़ एक्सीलेंस अवार्ड्स’ की शुरुआत 2025 में की थी, जैसा कि ग्रीन हाईवेज़ पॉलिसी, 2015 में तय किया गया था। ये पुरस्कार पूरे देश में राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क के विकास के साथ-साथ पर्यावरण की स्थिरता को बनाए रखने के प्रति एनएचएआई की प्रतिबद्धता को मज़बूत करते हैं।

5. भारत ने ब्रसेल्स में रक्षा अताशे नियुक्त करने का फैसला किया

5 September 2026 Current Affairs -GurugGkwala

भारत ने ब्रसेल्स में रक्षा अताशे नियुक्त करने का फैसला किया है। विदेश मंत्रालय के अनुसार, इससे दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग और रक्षा उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा। बेल्जियम ने इस वर्ष की शुरुआत में नई दिल्ली में रक्षा अताशे नियुक्त किया था। विदेश मंत्रालय में सचिव-पश्चिम सिबी जॉर्ज ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बेल्जियम के प्रधानमंत्री बाख्त द वेवर ने अगले पांच वर्षों में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार दोगुना करने का लक्ष्य रखा है। वर्तमान में दोनों देशों के बीच व्यापार करीब 13 अरब डॉलर का है। प्रधानमंत्री मोदी ने बेल्जियम के विश्वविद्यालयों और प्रमुख शिक्षण संस्थानों को भारत में अपने परिसर खोलने के लिए आमंत्रित किया है। साथ ही उन्होंने बेल्जियम को वेव्स के दूसरे चरण में भाग लेने का भी निमंत्रण दिया है।

6. जी.ई. एयरोस्पेस ने हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड को एफ 404-आई.एन.2-0 इंजनों की नई खेप भेजी

5 September 2026 Current Affairs -GurugGkwala

अमरीकी रक्षा क्षेत्र की दिग्गज कंपनी जी.ई. एयरोस्पेस ने हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड को एफ 404-आई.एन.2-0 इंजनों की एक नई खेप भेजी है, जिससे देश के घरेलू तेजस एम.के.1ए लड़ाकू विमान कार्यक्रम को महत्वपूर्ण बढ़ावा मिला है। एफ 404 इंजन एच.ए.एल. और जी.ई. एयरोस्पेस के बीच 2021 में हुए एक अनुबंध के तहत 99 पावर प्लांटों की आपूर्ति की जा रही है। यह कार्यक्रम अंतरराष्ट्रीय आपूर्ति श्रृंखला की बाधाओं के कारण वर्षों से वितरण संबंधी समस्याओं से जूझ रहा है, जिसके चलते पहले से तैयार विमानों को इंजन लगाने के लिए इंतजार करना पड़ता था।

7. सुप्रीम कोर्ट ने सात राज्यों को न्यायिक अधिकारियों की सेवानिवृत्ति आयु 62 वर्ष करने का निर्देश दिया

5 September 2026 Current Affairs -GurugGkwala

सर्वोच्च न्यायालय ने सात राज्यों को न्यायिक अधिकारियों की सेवानिवृत्ति आयु 60 से बढ़ाकर 62 वर्ष करने का निर्देश दिया है। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने छत्तीसगढ़, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, सिक्किम, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल राज्यों को संबंधित सेवा नियमों में संशोधन करके सेवानिवृत्ति आयु को औपचारिक रूप से 62 वर्ष करने का निर्देश दिया। सर्वोच्च न्यायालय ने यह शर्त रखी है कि 60 वर्ष की आयु प्राप्त कर चुके न्यायिक अधिकारियों को 62 वर्ष की आयु तक सेवा जारी रखने की अनुमति मिलने से पहले संबंधित उच्च न्यायालय के योग्यता और प्रदर्शन मूल्यांकन से गुजरना होगा। न्यायालय ने इन राज्यों में इस वर्ष 31 मार्च को या उसके बाद सेवानिवृत्त हुए न्यायिक अधिकारियों के लिए भी सीमित अवसर खोला, ताकि वे न्यायिक सेवा में पुनः प्रवेश के लिए आवेदन कर सकें। ऐसे अधिकारी वापसी का विकल्प चुन सकते हैं, बशर्ते उन्होंने बाद में केंद्र या राज्य सरकार के अधीन कोई अन्य सरकारी पद या लाभ का पद ग्रहण न किया हो।

8. तमिलनाडु में ओलिंपिक सिटी बनाई जाएगी

5 September 2026 Current Affairs -GurugGkwala

3 सितंबर को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने चेन्नई में ‘ओलिंपिक सिटी‘ बनाने की घोषणा की। अब राज्य में इंटरनेशनल रेसिंग के लिए एक ‘मोटर स्पोर्ट्स सिटी‘ भी बनाई जाएगी। सीएम ने चेन्नई में 1,200 करोड़ रुपए की लागत से एक नया सचिवालय-सह-विधानसभा परिसर बनाने की भी घोषणा की। इसके अलावा तमिलनाडु विधानसभा ने मद्रास उच्च न्यायालय की मुख्य भाषा के रूप में तमिल को मान्यता देने का प्रस्ताव भी अपनाया है। विधानसभा द्वारा पारित तमिल भाषा के प्रस्ताव को अब अंतिम मंजूरी के लिए केंद्र सरकार के पास भेजा। तमिलनाडु विधानसभा में नियम 110 के तहत ये मंजूरी दी गई है। इसका डेवलपमेंट स्पोर्ट्स डेवलपमेंट अथॉरिटी ऑफ तमिलनाडु (SDAT) के जरिए किया जाएगा।

9. 2879 शिक्षार्थियों के पंजीकरण के साथ कॉरपोरेट मित्र पाठ्यक्रम का पहला बैच शुरू

5 September 2026 Current Affairs -GurugGkwala

कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय (एमसीए) के मार्गदर्शन में भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंट्स संस्थान (आईसीएआई), भारतीय कंपनी सचिव संस्थान (आईसीएसआई) और भारतीय लागत लेखाकार संस्थान (आईसीओएआई) ने कॉरपोरेट मित्र पाठ्यक्रम शुरू किया है, जिसके पहले बैच में 2879 शिक्षार्थियों ने पंजीकरण कराया है। कॉरपोरेट मित्र लर्निंग मैनेजमेंट सिस्टम (एलएमएस) का शुभारंभ कार्यक्रम के संरचित शिक्षण और क्षमता-विकास चरण की शुरुआत का प्रतीक है। भारत सरकार ने केंद्रीय बजट 2026-27 में कॉरपोरेट मित्र पहल की घोषणा की थी। इसका उद्देश्य प्रशिक्षित और प्रमाणित पैरा-प्रोफेशनल्स का एक समूह तैयार करना है, जो सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को व्यावसायिक और नियामकीय अनुपालनों के प्रबंधन में सहयोग प्रदान कर सके। इस कार्यक्रम में आईसीएआई, आईसीएसआई और आईसीओएआई की व्यावसायिक विशेषज्ञता को आईआईटी मद्रास, आईआईटी मद्रास प्रवर्तक और स्वयं प्लस के प्रौद्योगिकी एवं शैक्षणिक सहयोग के साथ जोड़ा गया है। पाठ्यक्रम का आधिकारिक शुभारंभ नई दिल्ली स्थित आईसीएआई मुख्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में किया गया।

10. पिचावरम मैंग्रोव पारिस्थितिकी तंत्र का मूल्य

5 September 2026 Current Affairs -GurugGkwala

एक महत्त्वपूर्ण पारिस्थितिकीय अध्ययन में तमिलनाडु के पिचावरम मैंग्रोव वन का कुल आर्थिक मूल्य (TEV) ₹2,485.38 करोड़ अनुमानित किया गया है, जो पारिस्थितिक संतुलन और जलवायु विनियमन में इसकी अत्यधिक महत्त्वपूर्ण, किंतु अक्सर अनदेखी की जाने वाली भूमिका को रेखांकित करता है। पारितंत्र का मूल्य ₹1.83 करोड़ प्रति हेक्टेयर के बराबर है, जो उन गैर-बाज़ार पारिस्थितिकीय लाभों को प्रभावी रूप से दर्शाता है, जिन्हें पारंपरिक विकास नियोजन में अक्सर अनदेखा कर दिया जाता है। मृदा जैविक कार्बन कुल आर्थिक मूल्य (TEV) में सबसे बड़ा योगदानकर्त्ता है, जो कुल मूल्य का लगभग आधा भाग है तथा यह ऊपरी वनस्पति में संग्रहीत कार्बन की तुलना में काफी अधिक है। मैंग्रोव अवसादों में 251.14 टन कार्बन/हेक्टेयर संग्रहीत होता है, जबकि ऊपरी वनस्पति में 79.45 टन/हेक्टेयर कार्बन संग्रहीत होता है, जो मैंग्रोव आवरण और इसके नीचे स्थित अवसादों दोनों के संरक्षण की आवश्यकता को रेखांकित करता है। तमिलनाडु के कुड्डालोर ज़िले में स्थित पिचावरम रणनीतिक रूप से दो प्रमुख ज्वारनदमुखों के मध्य स्थित है, जिसमें उत्तर में वेल्लार ज्वारनदमुख और दक्षिण में कोलरून (कोल्लिडम) ज्वारनदमुख शामिल हैं। ये नदी तंत्र उप्पनार नदी के साथ मिलकर अत्यधिक उत्पादक किल्लई बैकवाटर कॉम्प्लेक्स का निर्माण करते हैं।

11. वेम्बनाड झील में जलकुंभी का खतरा

5 September 2026 Current Affairs -GurugGkwala

केरल राज्य आर्द्रभूमि प्राधिकरण (SWAK) वेम्बनाड झील में आक्रामक जलकुंभी (इचोर्निया क्रैसिप्स) के प्रसार को नियंत्रित करने के लिये रोबोटिक प्रौद्योगिकी का उपयोग करते हुए कुमारकोम, केरल में एक माह की पायलट परियोजना शुरू कर रहा है। यह परियोजना पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय (MoEFCC) के राष्ट्रीय जलीय पारिस्थितिक तंत्र संरक्षण योजना (NPCA) के अंतर्गत कार्यान्वित की जा रही है। वेम्बनाड झील एक प्रमुख रामसर आर्द्रभूमि स्थल और केरल के सबसे महत्त्वपूर्ण जलीय पारिस्थितिक तंत्रों में से एक है, जो जैव-विविधता, मत्स्य पालन, पर्यटन और स्थानीय आजीविकाओं को समर्थन प्रदान करती है। जलकुंभी (इचोर्निया क्रैसिप्स) एक स्वतंत्र रूप से तैरने वाला मीठे जल का जलीय खरपतवार है, जो पोंटेडेरिएसी कुल से संबंधित है और एक आक्रामक विदेशी प्रजाति है।

VISIT TO YOUR WHATSAAP CHANNEL :https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F

VISIT TO YOUR YOUTUBE CHANNEL :https://www.youtube.com/@guruggkwala

VISIT TO YOUR TELEGRAM :https://www.guruggkwala.com

THANKS TO SUPPORT GURUGGKWALA

Shopping Cart
Scroll to Top