15–17 minutes
1. प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने लगभग 21,800 करोड़ रुपये की लागत वाली पुणे मेट्रो परियोजनाओं का उद्घाटन किया और आधारशिला रखी
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पुणे मेट्रो की लगभग 21,800 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन किया और उनकी आधारशिला रखी। श्री मोदी ने हिंजवड़ी-मान से शिवाजीनगर के बीच मेट्रो लाइन-तीन का वर्चुअल उद्घाटन किया और मेट्रो ट्रेन को रवाना किया। इस मार्ग पर यात्री सेवा चार नवंबर 2026 से शुरू होगी। उन्होंने पुणे मेट्रो के दूसरे चरण के चार नए कॉरिडोर का शिलान्यास भी किया। इनमें वनाज से चांदनी चौक, रामवाड़ी से विठ्ठलवाड़ी, खराड़ी से खड़कवासला और नल स्टॉप से मानिक बाग कॉरिडोर शामिल हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के 26 शहरों में मेट्रो सेवा चल रही है। वर्ष 2014 में देश का मेट्रो नेटवर्क लगभग 248 किलोमीटर था, जो अब बढ़कर एक हजार 200 किलोमीटर से अधिक हो गया है। मेट्रो लाइन-तीन की एक खास बात यह है कि इसका संचालन पूरी तरह महिला ट्रेन ऑपरेटर करेंगी। इसके अलावा, मेट्रो की ऊर्जा जरूरत का 30 प्रतिशत हिस्सा सौर ऊर्जा से पूरा किया जाएगा। इस नए कॉरिडोर से हिंजवड़ी आईटी पार्क में काम करने वाले पेशेवरों, विद्यार्थियों और रोजाना यात्रा करने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
2. संजय सिंघल को ITBP का अतिरिक्त प्रभार मिला
2 नवंबर को सशस्त्र सीमा बल (SSB) के डायरेक्टर जनरल संजय सिंघल ने भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के प्रमुख के तौर पर अतिरिक्त प्रभार संभाला। सिंघल ने शत्रुजीत कपूर की जगह ली है। वे 31 अक्टूबर को रिटायर हुए हैं। सिंघल 1993 में उत्तर प्रदेश कैडर के 1993 बैच के IPS अधिकारी बने। 2008-2015 में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) में DIG और IG सहित विभिन्न वरिष्ठ पदों पर अपनी सेवाएं दीं। 1 सितंबर 2025 को सिंघल सशस्त्र सीमा बल (SSB) के जनरल डायरेक्टर बने थे। इससे पहले वे BSF में स्पेशल DG के पद पर कार्यरत थे। SSB में वे 31 दिसंबर 2028 या अलगे आदेश तक अपने पद पर बने रहेंगे। SSB- भारत-नेपाल और भारत-भूटान सीमा की सुरक्षा करता है। ITBP- भारत-चीन सीमा की सुरक्षा के लिए जिम्मेदार है।
3. भारत और अमेरिका के बीच पांचवें ‘टाइगर ट्रायम्फ’ अभ्यास की शुरुआत
भारत और अमेरिका के बीच पांचवें द्विपक्षीय त्रि-सेवा मानवीय सहायता एवं आपदा राहत (एचएडीआर) अभ्यास ‘टाइगर ट्रायम्फ 2026’ की शुरुआत हो गई है। इसका उद्घाटन समारोह 2 नवंबर को विशाखापत्तनम स्थित मैरीटाइम वारफेयर सेंटर में आयोजित किया गया। इस वर्ष यह अभ्यास टेबलटॉप एक्सरसाइज (TTX) के रूप में आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य बड़े पैमाने पर मानवीय सहायता और आपदा राहत अभियानों के दौरान दोनों देशों के सशस्त्र बलों के बीच समन्वय, संयुक्त योजना और आपसी संचालन क्षमता को बेहतर बनाना है।
4. आदित्य-L1 ने सौर विस्फोटों के असमान विस्तार का लगाया पता
भारत की पहली अंतरिक्ष-आधारित सौर वेधशाला आदित्य-L1 ने सूर्य से निकलने वाले विस्फोटों यानी कोरोनल मास इजेक्शन (सीएमई) के विस्तार को लेकर अहम जानकारी दी है। आदित्य-L1 पर लगे विजिबल एमिशन लाइन कोरोनाग्राफ (VELC) के आंकड़ों से वैज्ञानिकों ने पता लगाया है कि सौर विस्फोट का विस्तार सभी दिशाओं में एक समान नहीं होता, बल्कि इसका आकार असममित हो सकता है। इस खोज से अंतरिक्ष मौसम के अध्ययन और पृथ्वी पर उपग्रहों तथा संचार नेटवर्क पर पड़ने वाले संभावित प्रभावों को समझने में मदद मिल सकती है। सितंबर 2023 में लॉन्च किया गया आदित्य-L1 फिलहाल सूर्य-पृथ्वी के एल1 बिंदु पर काम कर रहा है और लगातार सूर्य का अवलोकन कर रहा है। इसमें सात पेलोड लगे हैं, जिनमें VELC प्रमुख पेलोड है। यह सूर्य के बाहरी वायुमंडल यानी कोरोना का अलग-अलग तरीकों से एक साथ अध्ययन करने के लिए तैयार किया गया है। भारतीय खगोल भौतिकी संस्थान (आईआईए) के वैज्ञानिकों ने आदित्य-L1 के VELC से मिले आंकड़ों को नासा के सोलर डायनेमिक्स ऑब्जर्वेटरी (SDO) अंतरिक्ष यान के आंकड़ों और त्रि-आयामी मॉडलिंग के साथ मिलाकर सौर विस्फोट की संरचना और गति का अध्ययन किया। यह अध्ययन ‘एस्ट्रोफिजिकल जर्नल लेटर्स’ में प्रकाशित हुआ है।
5. आईएनएस सह्याद्रि ने बुसान में भारत-कोरिया गणराज्य नौसेना द्विपक्षीय अभ्यास संपन्न किया
भारतीय नौसेना के युद्धपोत आईएनएस सह्याद्रि ने 29 अक्टूबर, 2026 को कोरिया गणराज्य के बुसान में आयोजित भारत-कोरिया गणराज्य नौसेना द्विपक्षीय अभ्यास (आईएन–आरओकेएन) सफलतापूर्वक संपन्न किया। इस अभ्यास से समुद्री सहयोग को मजबूती मिली तथा दोनों नौसेनाओं के बीच अंतर-संचालन क्षमता और आपसी समझ को बढ़ावा मिला। इस दौरान आईएनएस सह्याद्रि और कोरिया गणराज्य की नौसेना के पोत आरओकेएस मुनमु द ग्रेट ने समन्वित नौवहन, हेलीकॉप्टर संचालन और संयुक्त समुद्री युद्धाभ्यास में भाग लिया।
6. सरकार ने स्वदेशी एआई फाउंडेशनल मॉडल ‘एका-1’ और ‘धीर 2बी’ तथा ‘धीर 5बी’ जारी किए
सरकार ने स्वदेशी एआई फाउंडेशनल मॉडल ‘एका-1’ और ‘धीर 2बी’ तथा ‘धीर 5बी’ जारी किए। एका-1 को सोकेट लैब्स और धीर मॉडल को जेनटेक द्वारा विकसित किया गया है। इस अवसर पर इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के सचिव एस. कृष्णन ने कहा कि इन मॉडल्स का शुभारंभ भारत में मजबूत एआई व्यवस्था बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि इन मॉडल्स का उपयोग साइबर सुरक्षा समेत कई क्षेत्रों में किया जा सकता है। इससे काम की गति और कार्यक्षमता बढ़ जाएगी। उन्होंने बताया कि ये एआई मॉडल्स बिना इंटरनेट वाले सुरक्षित कंप्यूटर नेटवर्क के लिए भी उपयोगी साबित हो सकते हैं। इससे सरकारी और अन्य संवेदनशील संस्थानों को काफी मदद मिलेगी। एका-1 मॉडल, 26.3 अरब मानकों के आधार पर तैयार किया गया है। इसे करीब 7.5 ट्रिलियन टोकन पर प्रशिक्षित किया गया है। यह अंग्रेजी के साथ भारत की सभी 22 अनुसूचित भाषाओं में काम कर सकता है। इसके जरिए गणित, कोडिंग और तर्क से जुड़े काम किए जा सकते हैं। वहीं, धीर-2बी और धीर-5बी मॉडल बिना इंटरनेट के भी दस्तावेजों से जानकारी ले सकेंगे और कई काम आसान बनाएंगे। इनका उपयोग रक्षा, सरकारी सेवाओं, उद्योग और शिक्षा के क्षेत्र में किया जा सकेगा।
7. नौसेना का वार्षिक शीर्ष स्तरीय अंतरराष्ट्रीय सामरिक संवाद-इंडो-पैसिफिक रीजनल डायलॉग 2026 नई दिल्ली में शुरू हुआ
नौसेना का वार्षिक शीर्ष स्तरीय अंतरराष्ट्रीय सामरिक संवाद-इंडो-पैसिफिक रीजनल डायलॉग 2026 नई दिल्ली में शुरू हुआ। सम्मेलन का उद्देश्य वैज्ञानिक प्रगति और संस्थागत साझेदारी को क्षेत्रीय सहयोग में बदलने पर ध्यान केंद्रित करना है। इस वर्ष सम्मेलन का विषय ‘हिंद-प्रशांत क्षेत्र में विज्ञान, प्रौद्योगिकी और शैक्षणिक सहयोग’ रखा गया है। इसमें वैज्ञानिक प्रगति, तकनीकी नवाचार और संस्थागत साझेदारियों को व्यावहारिक क्षेत्रीय सहयोग में बदलने के उपायों पर चर्चा की जा रही है।
8. डीआरडीओ ने ओडिशा के चांदीपुर से सतह से सतह पर मार करने वाली क्वासी-बैलिस्टिक मिसाइल प्रलय का सफल परीक्षण किया
रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन-डीआरडीओ ने ओडिशा के चांदीपुर एकीकृत परीक्षण केंद्र से स्वदेशी प्रलय मिसाइल का सफल परीक्षण किया। मिसाइल ने करीब 500 किलोमीटर दूर स्थित दो नकली लक्ष्यों को सफलतापूर्वक निशाना बनाया। सुरक्षा के मद्देनजर परीक्षण से पहले आस-पास के गांवों से 2,500 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। प्रलय ऐसी मिसाइल है जो विभिन्न प्रकार के हथियार ले जाने में सक्षम है और इसकी मारक क्षमता 500 किलोमीटर तक बताई गई है। क्वासी-बैलिस्टिक मिसाइल (Quasi-Ballistic Missile) एक ऐसी मिसाइल है जो पारंपरिक बैलिस्टिक मिसाइल और क्रूज मिसाइल दोनों के गुण रखती है
9. सुधाकर दलेला ने नेपाल में भारत के नए राजदूत का कार्यभार संभाला
सुधाकर दलेला ने नेपाल में भारत के नए राजदूत का कार्यभार संभाल लिया है। भारतीय विदेश सेवा के 1993 बैच के अधिकारी श्री दलेला वर्ष 2022 से 2025 तक भूटान में राजदूत रहे हैं। वे सितंबर 2025 से विदेश मंत्रालय में सचिव आर्थिक संबंध के रूप में कार्यरत थे। वे प्रधानमंत्री कार्यालय में भी सेवाएं दे चुके हैं। इसके अलावा, उन्होंने अमरीका सहित कई देशों में राजनयिक पदों पर काम किया है।
10. पुणे जिले के ससवाड में बनेगा देश का पहला सड़क सुरक्षा अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र
देश का पहला सड़क सुरक्षा अनुसंधान और प्रशिक्षण केंद्र महाराष्ट्र के पुणे जिले के सासवड में स्थापित किया जा रहा है। लगभग 25 एकड़ भूमि पर बनाए जा रहे इस केंद्र में स्वचालित वाहन निरीक्षण ईकाई, वाहन चालक के कौशल के परीक्षण के लिए ट्रैक और सड़क सुरक्षा परीक्षण तथा अनुसंधान संस्थान होगा।
11. भारत और इंडोनेशिया के विशेष बलों के बीच संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘गरुड़ शक्ति 2026’ शुरू
भारत और इंडोनेशिया के विशेष बलों ने पूर्वी जावा में संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘गरुड़ शक्ति 2026’ शुरू किया। जकार्ता स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया पर बताया कि भारतीय सेना और इंडोनेशिया की सेना-टीएनआई-एडी के बीच 48 घंटे तक चलने वाले इस अभ्यास में सैनिकों की कठिन परिस्थितियों में विशेष युद्ध कौशल का इस्तेमाल करने की क्षमता परखी जाएगी।
12. युवा ओलिंपिक खेल: राजकुमारी लंचेनबी चानू ने वुशु प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचा
सेनेगल के डकार में चल रहे युवा ओलिंपिक खेलों में भारत की राजकुमारी लंचेनबी चानू ने वुशु प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रच दिया है। चानू ने चांगक्वान मिश्रित वर्ग के फाइनल में 18.39 अंक हासिल किए और तीसरा स्थान प्राप्त किया। इसके साथ ही वह युवा ओलिंपिक में वुशु में पदक जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बन गई हैं। डकार 2026 में पहली बार वुशु को पदक स्पर्धा के रूप में शामिल किया गया है। इस पदक के साथ युवा ओलिंपिक में भारत के कुल पदकों की संख्या तीन हो गई है। भारत ने अब तक एक रजत और दो कांस्य पदक जीते हैं। इससे पहले खुशबू रजकभाई दरजादा ने महिलाओं की 63 किलोग्राम जूडो स्पर्धा में रजत पदक जीता था। वहीं धिनिधि देसिंघु ने महिलाओं की 100 मीटर फ्रीस्टाइल तैराकी में कांस्य पदक हासिल किया। वह युवा ओलिंपिक में तैराकी में पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला हैं।
13. समग्र उपचार पद्धति में उत्कृष्ट योगदान के लिए राष्ट्रीय सोवा-रिग्पा संस्थान के निदेशक डॉ. पद्मा गुरमेत को वेलनेस विजनरी पुरस्कार
प्रख्यात चिकित्सक, विद्वान और राष्ट्रीय सोवा-रिग्पा संस्थान-एनआईएसआर लेह के निदेशक डॉ. पद्मा गुरमेत को पारंपरिक चिकित्सा एवं समग्र स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर, उत्तर प्रदेश द्वारा प्रतिष्ठित वेलनेस विजनरी अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। विश्वविद्यालय में 30 अक्टूबर से 1 नवंबर, 2026 तक आयोजित तीसरे अंतरराष्ट्रीय वेलनेस सम्मेलन के दौरान उन्हें यह पुरस्कार प्रदान किया गया। डॉ. पद्मा गुरमेत को दिया गया यह सम्मान सोवा-रिग्पा चिकित्सा पद्धति के प्रचार-प्रसार एवं इसे व्यापक पहचान दिलाने में उनके योगदान को रेखांकित करता है।
14. EPFO ने वॉट्सएप सर्विस पर अकाउंट सुविधा शुरू की
1 नवंबर को एम्पलाई प्रोविडेंट फंड ऑर्गेनाइजेशन (EPFO) ने अपने पीएफ अकाउंट होल्डर्स के लिए वॉट्सएप सर्विस शुरू की है। EPFO के वेरीफाइड वॉट्सएप नंबर 8796441800 के जरिए अब एम्पलाई प्रोविडेंट फंड (EPF) खाताधारक कई सुविधाएं सीधे अपने मोबाइल पर पा सकेंगे। इसके तहत पीएफ बैलेंस चेक करना, पिछले 5 लेनदेन की जानकारी लेना और पासबुक इंफॉर्मेशन देखना शामिल है। केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मंडाविया ने रविवार को EPFO के 74वें स्थापना दिवस पर ये सर्विस शुरू की। इसके तहत अब वॉट्सएप के जरिए PF अकाउंट होल्डर्स बैलेंस चेक कर सकेंगे। साथ ही बंद या डिएक्टिव EPF खातों का ऑटोमैटिक सेटलमेंट यानी अपने आप पैसा ट्रांसफर होगा। इसमें अकाउंट होल्डर्स PF पासबुक की जानकारी और उसमें जमा अमाउंट की जानकारी भी ले सकेंगे। इसके साथ ही अकाउंट के पिछले 5 ट्रांजैक्शन के लेनदेन की जानकारी भी मिलेगी। इसके लिए EPFO ने वैरीफाइड नंबर 8796441800 पर Hi मैसेज भेजें।
15. ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर ग्लेन मैक्सवेल ने की अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से सन्यास लेने की घोषणा

ऑस्ट्रेलिया के क्रिकेटर ग्लेन मैक्सवेल ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा की है। इसके साथ ही उनके 14 साल के शानदार अंतरराष्ट्रीय करियर का अंत हो गया है। मैक्सवेल अपनी आक्रामक बल्लेबाजी और अलग अंदाज के लिए जाने जाते हैं। 38 वर्षीय मैक्सवेल ने ऑस्ट्रेलिया के लिए तीनों प्रारूपों में क्रिकेट खेला। मैक्सवेल ने वर्ष 2012 में शारजाह में अफगानिस्तान के खिलाफ एकदिवसीय क्रिकेट से अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की थी। मैक्सवेल 2015 और 2023 में वनडे विश्व कप जीतने वाली और 2021 में टी20 विश्व कप जीतने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम के सदस्य थे।
16. स्क्वॉश: भारतीय खिलाड़ी वेलावन सेंथिलकुमार ने दूसरा पीएसए कॉपर-स्तर का खिताब जीता
स्क्वॉश में, भारतीय खिलाड़ी वेलावन सेंथिलकुमार ने दूसरा पीएसए कॉपर-स्तर का खिताब अपने नाम कर लिया है। चेक गणराज्य में उन्होंने स्कॉटलैंड के ग्रेग लॉबन को हराया। विश्व रैंकिंग में 42वें स्थान पर काबिज सेंथिलकुमार का पीएसए टूर में 12वां खिताब है। इससे पहले उन्होंने अगस्त में बुडापेस्ट ओपन जीतकर कॉपर-स्तर का अपना पहला खिताब हासिल किया था।
17. अंतरराष्ट्रीय बायोस्फीयर रिजर्व दिवस
विकास और आधुनिकता की दौड़ में मनुष्य ने प्राकृतिक संसाधनों का अंधाधुंध दोहन किया है। नतीजतन जंगलों की कटाई, प्रदूषण, वन्यजीवों के प्राकृतिक आवासों का विनाश और जलवायु परिवर्तन जैसी समस्याएं गंभीर रूप ले चुकी हैं। इससे जैव विविधता और पारिस्थितिकी तंत्र का संतुलन भी बिगड़ रहा है। ऐसे में प्रकृति के संरक्षण और विकास के बीच तालमेल बनाना समय की बड़ी जरूरत है। इसी उद्देश्य से हर साल 3 नवंबर को अंतरराष्ट्रीय बायोस्फीयर रिजर्व दिवस मनाया जाता है। यह दिवस संदेश देता है कि प्रकृति का संरक्षण और मानव विकास एक-दूसरे के पूरक हैं। यूनेस्को ने वर्ष 1971 में ‘मैन एंड द बायोस्फीयर’ (एमएबी) कार्यक्रम शुरू किया था, जिसका उद्देश्य प्रकृति और मनुष्य के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना तथा सतत विकास को प्रोत्साहित करना था। वर्ष 1976 में पहले बायोस्फीयर रिजर्व को मान्यता मिली। बाद में यूनेस्को ने 2021 में अपने 41वें महासम्मेलन में 3 नवंबर को अंतरराष्ट्रीय बायोस्फीयर रिजर्व दिवस घोषित किया। पहली बार यह दिवस 2022 में मनाया गया। देश में कुल 18 बायोस्फीयर रिजर्व हैं, जिनमें से 13 यूनेस्को के विश्व नेटवर्क में शामिल हैं। वर्ष 1986 में स्थापित नीलगिरि देश का पहला बायोस्फीयर रिजर्व है, जो तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक में फैला है। वर्ष 2025 में कोल्ड डेजर्ट को यूनेस्को के विश्व नेटवर्क में शामिल किया गया।
18. विश्व जेलीफिश दिवस
पारदर्शी शरीर, छतरीनुमा आकृति और लंबे तंतुओं के सहारे तैरने वाली जेलीफिश दिखने में मछली जैसी लगती है, लेकिन वास्तव में यह बिना रीढ़ की हड्डी वाला समुद्री जीव है। इसके शरीर में न दिमाग होता है, न दिल और न ही हड्डियां, फिर भी यह करोड़ों वर्षों से समुद्र में अपना अस्तित्व बनाए हुए है। हर साल 3 नवंबर को विश्व जेलीफिश दिवस मनाया जाता है। इसका उद्देश्य इस प्राचीन और रहस्यमयी जीव के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा समुद्री जैव विविधता और पारिस्थितिकी तंत्र में इसकी भूमिका को समझना है। आमतौर पर अपने डंक के लिए पहचानी जाने वाली जेलीफिश समुद्र का प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण योगदान देती है। जेलीफिश के नाम में भले ही फिश यानी मछली जुड़ा हो, लेकिन इसका मछलियों से कोई संबंध नहीं है। मछलियों के विपरीत इसके शरीर में रीढ़ की हड्डी नहीं होती। वैज्ञानिक इसे निडेरिया (Cnidaria) संघ में रखते हैं, जिसमें समुद्री एनीमोन और प्रवाल भी शामिल हैं।
VISIT TO YOUR WHATSAAP CHANNEL :https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F
VISIT TO YOUR YOUTUBE CHANNEL :https://www.youtube.com/@guruggkwala
VISIT TO YOUR TELEGRAM :https://guruggkwala.com/
THANKS TO SUPPORT GURUGGKWALA
