11–13 minutes
1. नौसेना में शामिल हुआ युद्धपोत तारागिरी
भारतीय नौसेना में शुक्रवार को एक नवीनतम स्टील्थ युद्धपोत, ‘तारागिरी’ शामिल किया गया है। इस युद्धपोत को विशाखापत्तनम में 3 अप्रैल की दोपहर नौसेना में कमीशन किया गया। यह युद्धपोतप्रोजेक्ट 17-ए श्रेणी का चौथा पोत है। ये नीलगिरि क्लास का चौथा जहाज है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने समारोह की अध्यक्षता की। ‘तारागिरी’ नामक यह युद्धपोत सुपरसोनिक मिसाइलों से लैस है। ये मिसाइल सतह से सतह पर मार कर सकती हैं। इसमें मध्यम दूरी की सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइलें और एक विशेष पनडुब्बी रोधी युद्ध प्रणाली भी है। इस युद्धपोत का निर्माण मुंबई स्थित मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड (एमडीएल) द्वारा किया गया है। यह युद्धपोत अपने पूर्ववर्ती युद्धपोतों के डिजाइनों की तुलना में एक पीढ़ीगत विकास का प्रतिनिधित्व करता है। इसके निर्माण में 75 प्रतिशत से अधिक स्वदेशी सामग्री का उपयोग किया गया है। प्रोजेक्ट 17 और 17A के सभी फ्रिगेट के नाम भारत की पर्वत शृंखलाओं पर रखे गए हैं। जैसे- शिवालिक, सह्याद्रि, सतपुड़ा, नीलगिरी, हिमगिरी, तारागिरी, उदयगिरी, दूनागिरी, महेंद्रगिरि और विंध्यगिरि। ‘तारागिरी’ उसी नाम के पुराने युद्धपोत का एडवांस्ड वर्जन है, जिसने 1980 से 2013 तक नौसेना में 33 सालों तक सेवा दी थी।
2. रक्षा मंत्री ने नौसेना अनुसंधान और परीक्षण क्षमताओं को बढ़ावा देने के लिए विशाखापत्तनम की नौसेना विज्ञान और प्रौद्योगिकी प्रयोगशाला ‘लार्ज कैविटेशन टनल’ की आधारशिला रखी
रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने 03 अप्रैल, 2026 को आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में डीआरडीओ की प्रमुख प्रयोगशाला – नौसेना विज्ञान और प्रौद्योगिकी प्रयोगशाला (एनएसटीएल) में अत्याधुनिक ‘लार्ज कैविटेशन टनल‘ (एलसीटी) सुविधा की आधारशिला रखी। यह सुविधा भारत की नौसेना अनुसंधान और परीक्षण क्षमताओं में उल्लेखनीय वृद्धि करेगी, जो तकनीकी आत्मनिर्भरता प्राप्त करने की दिशा में बड़ा कदम है। रणनीतिक राष्ट्रीय संपत्ति के रूप में परिकल्पित, यह परियोजना हाइड्रोडायनामिक अनुसंधान में स्वदेशी क्षमताओं को मज़बूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसका उद्देश्य अगली पीढ़ी के जहाजों, पनडुब्बियों और पानी के नीचे के प्लेटफार्मों के डिज़ाइन और विकास में सहायता करना है। सरकार द्वारा स्वीकृत और अंतरराष्ट्रीय तकनीकी सहयोग के साथ टर्नकी मोड में निष्पादित की जा रही यह परियोजना, वैश्विक विशेषज्ञता और स्वदेशी नवाचार के सहज मिश्रण को दर्शाती है। यह सुविधा एक ही एकीकृत सेटअप के भीतर पनडुब्बी अध्ययनों के लिए आवश्यक क्लोज्ड-लूप सिमुलेशन और सतह के जहाजों के अनुसंधान के लिए महत्वपूर्ण फ्री-सरफेस सिमुलेशन, दोनों को संचालित करने की अपनी क्षमता के साथ, विश्व स्तर पर अद्वितीय बुनियादी ढांचे के रूप में उभरने के लिए तैयार है। एक बार चालू हो जाने पर, यह विध्वंसक और विमान वाहक पोत सहित प्रमुख नौसैनिक प्लेटफार्मों के लिए हाइड्रोडायनामिक डिज़ाइन और प्रणोदन प्रणालियों के सटीक सत्यापन को सक्षम करके देश के जहाज निर्माण पारिस्थितिकी तंत्र को काफी हद तक बढ़ा देगा।
3. मिन आंग ह्लाइंग बने म्यांमा के नए राष्ट्रपति
म्यांमा की संसद ने मिन आंग ह्लाइंग को देश का नया राष्ट्रपति चुना है। मिन आंग ह्लाइंग वही जनरल हैं जिन्होंने 2021 में आंग सान सू की की चुनी हुई सरकार का तख्तापलट कर दिया था। इस कदम को सेना को सत्ता में बनाए रखने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है। मिन आंग ह्लाइंग राष्ट्रपति पद के लिए तीन उम्मीदवारों में से एक थे। दूसरे स्थान पर रहे दोनों उम्मीदवार उपराष्ट्रपति बने। आंग सांग सू ची की पूर्व सत्तारूढ़ नेशनल लीग फॉर डेमोक्रेसी सहित प्रमुख विपक्षी दलों को या तो चुनाव लड़ने से रोक दिया गया या उन्होंने उन शर्तों के तहत चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया जिन्हें वे अनुचित मानते थे। सू ची जेल में बंद हैं।
4. शिक्षा मंत्रालय ने एनसीईआरटी को एक अलग श्रेणी के अंतर्गत मानित विश्वविद्यालय घोषित किया
शिक्षा मंत्रालय ने विश्वविद्यालय अनुदान आयोग- (यू.जी.सी) की सलाह पर राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद-(एन.सी.ई.आर.टी) को एक अलग श्रेणी के अंतर्गत मानित विश्वविद्यालय (डीम्ड यूनिवर्सिटी) घोषित किया है। मंत्रालय ने एन.सी.ई.आर.टी. अनुसंधान कार्यक्रमों और डॉक्टरेट तथा नवाचारी शैक्षणिक कार्यक्रम शुरू करने के भी निर्देश दिए हैं। एन.सी.ई.आर.टी. एक स्वायत्त संगठन है। सरकार ने वर्ष 1961 में इसकी स्थापना, स्कूली शिक्षा में सुधार के लिए नीतियों और कार्यक्रमों पर केंद्र और राज्य सरकारों को सहायता और सलाह देने के लिए की थी। एन.सी.ई.आर.टी. का उद्देश्य स्कूली शिक्षा से संबंधित क्षेत्रों में अनुसंधान करना, उसे बढ़ावा देना और समन्वय करना, पाठ्यपुस्तकें, पूरक सामग्री, समाचार पत्र, पत्रिकाएं तैयार और प्रकाशित करना है।
5. दिल्ली में ‘लखपति बिटिया योजना’ शुरू
दिल्ली सरकार ने लखपति बिटिया योजना (Delhi Lakhpati Bitiya Yojana) शुरू की है, जिसका मकसद जन्म से लेकर उच्च शिक्षा ग्रहण करने तक अलग-अलग चरणों में वित्तीय मदद देकर लड़कियों की पढ़ाई में मदद मदद करना है। यह नई स्कीम लाडली स्कीम की जगह लेगी। इसकी घोषणा 30 मार्च, 2026 को जारी एक राजपत्र अधिसूचना के माध्यम से की गई थी। इसके तहत चरणबद्ध तरीके से वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी, जो ब्याज सहित बढ़कर ₹1.20 लाख तक हो सकती है। कुल लाभ ₹61,000 तक पहुँचेगा, और मैच्योरिटी के समय ब्याज सहित यह राशि लगभग ₹1.20 लाख हो जाएगी। यह राशि किस्तों में जमा की जाती है, लेकिन इसे केवल 12वीं कक्षा पूरी होने के बाद, या 18 अथवा 21 वर्ष की आयु पूरी होने पर ही निकाला जा सकता है।
6. मेघालय सरकार ने स्टारलिंक इंडिया के साथ MoU साइन किया
1 अप्रैल को मेघालय सरकार ने स्टारलिंक इंडिया के साथ एक MoU साइन किया। मेघालय इलॉन मस्क के सैटेलाइट इंटरनेट के साथ ऑफिशियल पार्ट्नर्शिप करने वाला तीसरा भारतीय राज्य बना। मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा ने नई दिल्ली में इस MoU पर साइन किए। इस समझौते का उद्देश्य राज्य के उन हिस्सों में स्कूलों, स्वास्थ्य केंद्रों और ग्रामीण समुदायों तक कनेक्टिविटी का विस्तार करना है। नवंबर 2025 में महाराष्ट्र स्टारलिंक के साथ MoU साइन करने वाला पहला भारतीय राज्य था। मार्च 2025 में रिलायंस जियो और भारती एयरटेल ने स्पेसएक्स के साथ अलग-अलग MoU साइन किए थे।
7. UN ‘20 Cities Towards Zero Waste’ पहल: केरल का वरकला शहर शामिल
केरल के वरकला शहर को ‘20 Cities Towards Zero Waste’ (शून्य अपशिष्ट की ओर 20 शहर) नामक पहली पहल में शामिल किया गया है। इस पहल का नेतृत्व UN महासचिव के शून्य अपशिष्ट सलाहकार बोर्ड द्वारा किया जा रहा है, जिसे UN-Habitat और UN पर्यावरण कार्यक्रम (UNEP) का समर्थन प्राप्त है। यह पहल उन शहरों को उजागर करती है जो अपशिष्ट कम करने, चक्रीय अर्थव्यवस्था के समाधानों को आगे बढ़ाने और अधिक टिकाऊ, लचीली और समावेशी शहरी प्रणालियाँ बनाने के लिए महत्वाकांक्षी और अभिनव दृष्टिकोण प्रदर्शित कर रहे हैं। 20 Cities Towards Zero Waste में शामिल शहरों के नाम :
अकरा (घाना), बोलोग्ना (इटली), शेफचौएन (मोरक्को), दार एस सलाम (तंजानिया), देहिवाला शहर (श्रीलंका), फ्लोरियनोपोलिस (ब्राजील), गाज़ियांटेप (तुर्की), जॉर्ज टाउन (मलेशिया), इलोइलो शहर (फिलीपींस), किसुमु (केन्या), कुआलालंपुर (मलेशिया), लिलोंग्वे (मलावी), सैन फर्नांडो (फिलीपींस), सैन फ्रांसिस्को (संयुक्त राज्य अमेरिका), हांग्जो शहर, सान्या शहर व सूज़ौ शहर (चीन) योकोहामा (जापान) ज़ापोपान (मेक्सिको)।
8. अमरावती में भारत का पहला क्वांटम कंप्यूटर लॉन्च होगा
आंध्र प्रदेश 14 अप्रैल, 2026 को अमरावती में भारत का पहला क्वांटम कंप्यूटर लॉन्च करेगा। अमरावती क्वांटम वैली प्रोजेक्ट का लक्ष्य वैश्विक साझेदारियों के साथ राष्ट्रीय क्वांटम मिशन के तहत इनोवेशन, स्टार्टअप और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना है। इसकी घोषणा मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने की, और यह पहल राज्य के महत्वाकांक्षी ‘अमरावती क्वांटम वैली प्रोजेक्ट’ का हिस्सा है। इस कार्यक्रम को मज़बूत औद्योगिक साझेदारियों और ‘राष्ट्रीय क्वांटम मिशन’ का समर्थन प्राप्त है। इसके माध्यम से, भारत का लक्ष्य अगली पीढ़ी की कंप्यूटिंग और इनोवेशन के क्षेत्र में खुद को एक वैश्विक नेता के रूप में स्थापित करना है। भारत के पहले क्वांटम कंप्यूटर का लॉन्च देश की तकनीकी यात्रा में एक परिवर्तनकारी कदम है। IBM, TCS और L&T के साथ साझेदारी के सहयोग से, इस पहल का उद्देश्य स्वदेशी क्वांटम हार्डवेयर और विश्व स्तरीय बुनियादी ढाँचा विकसित करना है, जिससे अमरावती एक भविष्य के लिए तैयार नवाचार हब बन सके। अमरावती क्वांटम वैली (AQV) 2030 तक आंध्र प्रदेश को दुनिया के शीर्ष पाँच क्वांटम हब में से एक के रूप में स्थापित करने में एक उत्प्रेरक का काम करेगी।
9. अश्विनी भिड़े बनीं पहली महिला BMC कमिश्नर
अश्विनी भिड़े को बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) की पहली महिला नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति की घोषणा 31 मार्च को की गई थी, और इसे मुंबई में कुशल शासन तथा नागरिक परियोजनाओं के त्वरित क्रियान्वयन की दिशा में एक अच्छा निर्णय माना जा रहा है। वह भूषण गगरानी का कार्यकाल समाप्त होने के बाद कार्यभार संभालेंगी और 2030 तक इस पद पर रहेंगी। अश्विनी भिड़े महाराष्ट्र कैडर की एक वरिष्ठ IAS अधिकारी हैं। वे अपने मज़बूत प्रशासनिक कौशल और अपने करियर में बड़े पैमाने के इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स को संभालने के अपने ट्रैक रिकॉर्ड के लिए जानी जाती हैं।
10. सांप पहचानने वाला ऐप लॉन्च: कोस्टा रिका की अनोखी तकनीकी पहल
कोस्टा रिका ने मानव सुरक्षा और वन्यजीव संरक्षण को ध्यान में रखते हुए एक अभिनव मोबाइल एप्लिकेश न लॉन्च किया है, जो जहरीले सांपों की पहचान करने में मदद करता है। यह ऐप साँपों से सामना होने पर सुरक्षित रूप से निपटने में मदद करेगा। क्लोडोमिरो पिकाडो संस्थान द्वारा विकसित यह “आईसीपी ऐप” उपयोगकर्ताओं को वैज्ञानिक और विश्वसनीय जानकारी प्रदान करता है। यह पहल विशेष रूप से उन परिस्थितियों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है, जहां सांपों की गलत पहचान से घबराहट या अनावश्यक नुकसान हो सकता है। ICP ऐप एक मुफ़्त डिजिटल टूल है, जो Android और iOS दोनों प्लेटफ़ॉर्म पर उपलब्ध है।
11. सरकार ने फ्लाइट में 60 प्रतिशत मुफ्त सीट चयन अनिवार्य करने वाले आदेश को किया स्थगित
केंद्र सरकार ने फ्लाइट में कम से कम 60 प्रतिशत सीटें बिना अतिरिक्त शुल्क के देने के अपने पहले के आदेश को फिलहाल स्थगित कर दिया है, जो 20 अप्रैल से लागू होने वाला था। नागर विमानन मंत्रालय ने नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) को भेजे गए एक पत्र में कहा कि इस फैसले की समीक्षा की गई है। यह समीक्षा फेडरेशन ऑफ इंडियन एयरलाइंस और अकासा एयर द्वारा उठाई गई चिंताओं के बाद की गई, जिसमें इस नियम के ऑपरेशनल और कमर्शियल असर को लेकर सवाल उठाए गए थे। वर्तमान में, फ्लाइट की 20 प्रतिशत सीटें बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के बुक की जा सकती हैं, जबकि बाकी सीटों के लिए यात्रियों को शुल्क देना पड़ता है।
12. रायपुर में खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स का समापन; कर्नाटक 23 स्वर्ण पदक के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर
छत्तीसगढ़ में आयोजित किए जा रहे खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स संपन्न हो गए। प्रतियोगिता में कर्नाटक ने 23 स्वर्ण, 8 रजत और 7 कांस्य पदक जीतकर ओवर ऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता में कर्नाटक के बाद ओडिशा 21 स्वर्ण, 15 रजत और 21 कांस्य पदकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा। वहीं, झारखंड 16 स्वर्ण, 8 रजत और 11 कांस्य पदकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा। इसके अलावा , मेजबान छत्तीसगढ़ ने 3 स्वर्ण, 10 रजत और 6 कांस्य पदक जीतकर नौवां स्थान हासिल किया। रायपुर में आयोजित समापन समारोह के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय थे। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरूण साव भी उपस्थित थे। साथ ही अंतरराष्ट्रीय बॉक्सर मैरी कॉम और फुटबॉलर बाईचुंग भूटिया भी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित थे।
VISIT TO YOUR WHATSAAP CHANNEL :https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F
VISIT TO YOUR TELEGRAM :https://t.me/guruggkwala1
VISIT TO YOUR YOUTUBE CHANNEL :https://youtube.com/@guruggkwala?si=TZD9ZVm9QJLjB9ed
THANKS TO SUPPORT GURUGGKWALA
