30 April 2026 Current Affairs -GurugGkwala

14–17 minutes


1. पीएम मोदी ने मेरठ को प्रयागराज से जोड़ने वाले गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में 594 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया। हाई-स्पीड कॉरिडोर से उत्तर प्रदेश में संपर्क में उल्लेखनीय वृद्धि होने की आशा है, साथ ही औद्योगिक निवेश, रसद, कृषि विपणन और क्षेत्रीय संतुलन को भी बढ़ावा मिलेगा। उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण द्वारा विकसित गंगा एक्सप्रेसवे, उत्तर प्रदेश के पश्चिमी, मध्य और पूर्वी क्षेत्रों को एक ही हाई-स्पीड कॉरिडोर से जोड़ेगा। यह राज्य का सबसे लंबा एक्सप्रेसवे होगा। इससे मेरठ और प्रयागराज के बीच यात्रा का समय लगभग 12 घंटे से घटकर लगभग 6 घंटे हो जाएगा। यह एक्सप्रेसवे 12 जिलों मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अमरोहा, संभल, बदायूं, शाहजहांपुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, प्रतापगढ़ और प्रयागराज से होकर गुजरेगा। इसमें शाहजहांपुर में साढे तीन किलोमीटर लंबी हवाई पट्टी भी शामिल है, जो भारतीय वायु सेना के विमानों के आपातकालीन उड़ान भरने और उतरने में सहायता करेगी।

2. डीआरडीओ और भारतीय नौसेना ने सफलतापूर्वक नौसेना की लघु दूरी की जहाज-रोधी मिसाइल का पहला सैल्वो लॉन्च किया

रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) और भारतीय नौसेना ने ओडिशा में बंगाल की खाड़ी के तट पर नौसेना के हेलीकॉप्टर प्लेटफॉर्म से सफलतापूर्वक नौसेना की लघु दूरी की जहाज-रोधी मिसाइल (एनएएसएम-एसआर) का पहला सैल्वो लॉन्च किया। परीक्षण के दौरान, एक ही हेलीकॉप्टर से दो मिसाइलें त्वरित अंतराल में दागी गईं, जिससे यह उन्नत वायु- प्रक्षेपित जहाज-रोधी मिसाइल प्रणाली का पहला सैल्वो लॉन्च बन गया। चांदीपुर स्थित एकीकृत परीक्षण रेंज (आईटीआर) में तैनात रडार, इलेक्ट्रो-ऑप्टिकल सिस्टम और टेलीमेट्री जैसे विभिन्न रेंज ट्रैकिंग उपकरणों से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, सभी परीक्षण उद्देश्यों को पूरी तरह से हासिल किया गया। मिसाइलों ने साल्वो लॉन्च क्षमता के साथ-साथ जलरेखा को भेदने की क्षमता भी प्रदर्शित की। एनएएसएम-एसआर मिसाइल सॉलिड प्रोपल्शन बूस्टर और लॉन्ग-बर्न सस्टेनर का उपयोग करती है। सीकर, इंटीग्रेटेड एवियोनिक्स मॉड्यूल, फाइबर-ऑप्टिक जाइरोस्कोप आधारित इनर्टियल नेविगेशन सिस्टम एवं रेडियो-अल्टीमीटर का उपयोग करके उन्नत नेविगेशन एवं मार्गदर्शन के साथ-साथ उन्नत नियंत्रण एवं मार्गदर्शन एल्गोरिदम, उच्च-बैंडविड्थ टू-वे डेटा लिंक और जेट-वेन नियंत्रण जैसी सभी महत्वपूर्ण उप-प्रणालियां डीआरडीओ और भारतीय उद्योगों की विभिन्न प्रयोगशालाओं द्वारा स्वदेशी रूप से विकसित की गई हैं। इस मिसाइल प्रणाली को हैदराबाद स्थित इमारत अनुसंधान केन्द्र ने हैदराबाद स्थित डिफेंस रिसर्च एंड डेवलपमेंट लेबोरेटरी, पुणे स्थित हाई एनर्जी मैटेरियल्स रिसर्च लेबोरेटरी, चंडीगढ़ स्थित टर्मिनल बैलिस्टिक्स रिसर्च लेबोरेटरी और चांदीपुर स्थित आईटीआर जैसे डीआरडीओ की अन्य प्रयोगशालाओं के सहयोग से विकसित किया है।

3. विदेश मंत्री एस जयशंकर ने इक्वाडोर की गैब्रिएला से मुलाकात की

29 अप्रैल को विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने इक्वाडोर की मंत्री गैब्रिएला सोमरफेल्ड से मुलाकात की। इक्वाडोर की विदेश मंत्री गैब्रिएला सोमरफेल्ड बुधवार को अपने तीन दिन के भारत दौरे पर नई दिल्ली पहुंचीं। इस मुलाकात में दोनों प्रमुखों ने बिजनेस, एग्रीकल्चर और कैपिसिटी बिल्डिंग जैसे मुद्दों पर बात की। इक्वाडोर अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन और इंटरनेशनल बिग कैट अलायंस (IBCA) में शामिल हुआ है, जिसका प्रोसेस शुरू हो चुका है। इक्वाडोर पहले से ही कोएलिशन फॉर डिजास्टर रेजिलिएंट इंफ्रास्ट्रक्चर (CDRI) का सदस्य है। CDRI देशों, संयुक्त राष्ट्र एजेंसियों, बहुपक्षीय बैंकों, निजी क्षेत्र और शैक्षणिक संस्थानों का एक वैश्विक मंच है। इस बैठक में एस जयशंकर और गैब्रिएला ने क्विक इम्पैक्ट प्रोजेक्ट्स को लागू करने के लिए फंडिंग को लेकर एक समझौता भी किया है। भारत और इक्वाडोर ने इंपेक्ट प्रोजेक्ट को शुरू करने का एग्रीमेंट भी किया। ये दोनों देशों के बीच डेवलपमेंट पार्टनरशिप को आगे ले जाने के काम आएगा। भारत और इक्वाडोर के बीच 4 सेक्टर्स में मिलकर काम करना शामिल है। ट्रेड, इंवेस्टमेंट और बिजनेस इसका हिस्सा हैं।

4. क्लाउड मिथोस: कितना असरदार है यह नया AI मॉडल?

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में एक नया मॉडल तेजी से चर्चा में है – Claude Mythos। इसे Anthropic ने विकसित किया है। यह एक उन्नत Large Language Model (LLM) है, जो खासतौर पर जटिल और कई चरणों वाले साइबर सुरक्षा से जुड़े कार्यों को पूरा करने में सक्षम माना जा रहा है। यह मॉडल सामान्य उपयोग के लिए बनाया गया है, लेकिन इसकी सबसे बड़ी ताकत साइबर सुरक्षा, सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग और रिसर्च जैसे क्षेत्रों में देखी जा रही है। कंपनी का दावा है कि इसकी क्षमता उनके पहले के मॉडलों से ज्यादा बेहतर है। Claude Mythos जटिल समस्याओं को चरणबद्ध तरीके से हल करने में सक्षम है, जिससे यह अन्य AI मॉडलों से अलग नजर आता है। फिलहाल यह मॉडल आम लोगों के लिए उपलब्ध नहीं है। इसे Project Glasswing के तहत केवल चुनिंदा कंपनियों और डेवलपर्स को ही दिया गया है। कंपनी का कहना है कि इसकी मजबूत साइबर क्षमताओं का गलत इस्तेमाल हो सकता है, इसलिए इसे सीमित दायरे में रखा गया है। टेस्टिंग के दौरान इस मॉडल ने कई महत्वपूर्ण साइबर कमजोरियों को पहचानने में सफलता हासिल की है। इसने पुराने सॉफ्टवेयर बग्स खोजे, ब्राउज़र सिस्टम में खामियां ढूंढीं और ओपन सोर्स प्रोजेक्ट्स में सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं को सामने लाया। हालांकि, कुछ स्वतंत्र विशेषज्ञों का मानना है कि इसकी क्षमताओं को लेकर किए जा रहे दावे अभी पूरी तरह साबित नहीं हुए हैं।

5. US पेसिफिक एयर फोर्स जनरल केविन श्नाइडर भारत दौरे पर आए

27 अप्रैल को US एम्बेसी ने US पेसिफिक एयर फोर्स जनरल केविन श्नाइडर की 7 दिन की भारत यात्रा पर आने की जानकारी दी। US एम्बेसी के मुताबिक, US पेसिफिक एयर फोर्स (PACAF) जनरल केविन ने 19 से 25 अप्रैल तक भारत का दौरा किया। इस यात्रा के दौरान जनरल केविन ने भारत के साथ अपनी रणनीतिक रक्षा साझेदारी को मजबूत करने और इंडो-पैसिफिक की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर बात की। जनरल केविन ने अपने भारत दौरे के दौरान इंडियन एयरफोर्स के एयर चीफ मार्शल एपी सिंह से मुलाकात की। इसके साथ ही जनरल केविन ऑफिसर्स समेत कई सीनियर डिफेंस लीडर्स से बात की। वे राष्ट्रीय युद्ध स्मारक भी गए और पुष्पांजलि भी अर्पित की। इंडो-पैसिफिक सिक्योरिटी को ध्यान में रखते हुए देशों के प्रमुखों ने फ्री, ओपन, और स्थिर इंडो-पेसफिक रीजन को लेकर बात की। इस बैठक दोनों प्रमुखों ने को-ऑपरेशन पर बात की। जिसमें वायु, भूमि, समुद्र, अंतरिक्ष और साइबर डोमेन में बढ़ती इंटर ऑपरेबिलिटी पर बात हुई। जनरल केविन की इस यात्रा का उद्देश्य दोनों देशों के बीच आपसी सहयोग बढ़ाने के लिए है।

6. वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी सी.वी. आनंद तेलंगाना के नए पुलिस महानिदेशक नियुक्त

वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी सी.वी. आनंद को तेलंगाना का नया पुलिस महानिदेशक नियुक्त किया गया है। राज्य सरकार ने इस संबंध में आदेश जारी किए। वर्तमान पुलिस महानिदेशक शिवधर रेड्डी इस महीने की 30 तारीख को सेवानिवृत्त होने वाले हैं।

7. अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान– आईसीएआईएनई ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए

अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान – आयुर्वेद नवाचार एवं उद्यमिता के लिए इन्क्यूबेशन सेंटर (एआईआईए–आईसीएआईएनई) ने आयुर्वेद क्षेत्र में नवाचार, अनुसंधान, तकनीकी उन्नति और उद्यमिता को मजबूती प्रदान करने उद्देश्य से डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय , जोधपुर के साथ नई दिल्ली में 27 अप्रैल 2026 को एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। इस समझौता ज्ञापन के तहत डीएसआरआरएयू के छात्रों, शोधार्थियों और संकाय सदस्यों को मेंटरशिप, परामर्श सहायता, प्रशिक्षण, क्षमता-विकास इनपुट, नवाचार कार्यक्रम, आइडिया-पिचिंग कैंप, उद्यमिता उन्मुख कार्यशालाएं तथा उद्योग से जुड़े हितधारकों के साथ व्यवस्थित संवाद के अवसर प्रदान किए जाएंगे। इस सहयोग के अंतर्गत संयुक्त विचार शिविरों, नवाचार चुनौतियां और उद्योग के साथ संवाद भी आयोजित किए जाएंगे। इस समझौते पर प्रारंभिक रूप सेतीन वर्षों की अवधि के लिए हस्ताक्षर किए गए हैं।

8. पंचायत उन्नति सूचकांक (पीएआई) 2.0 की रिपोर्ट जारी: 3635 पंचायतें अग्रणी श्रेणी के रूप में उभरीं

पंचायती राज मंत्रालय ने जमीनी स्तर पर शासन को मजबूत करने और समावेशी ग्रामीण विकास को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए 24 अप्रैल 2026 को मनाए जाने वाले राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए पंचायत उन्नति सूचकांक (पीएआई) 2.0 रिपोर्ट जारी की। प्रत्येक पंचायत के लिए एक रिपोर्ट कार्ड के रूप में कार्य करने वाली यह रिपोर्ट बताती है कि (समग्र अंकों के आधार पर) 3,635 ग्राम पंचायतें अग्रणी श्रेणी में आती हैं, जबकि 1,18,824 ग्राम पंचायतें (भाग लेने वाली ग्राम पंचायतों/पारंपरिक स्थानीय निकायों का लगभग 45.72 प्रतिशत) उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली श्रेणी में हैं। जिन क्षेत्रों में ग्राम पंचायतों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है, उनमें गरीबी मुक्त विकास और पंचायत में आजीविका में सुधार तथा स्वस्थ पंचायत शामिल हैं। विषय 1: पंचायतों में गरीबी मुक्त और बेहतर आजीविका के अंतर्गत देशभर में कुल 3,313 ग्राम पंचायतों (जीपी)/पारंपरिक स्थानीय निकायों (टीएलबी) ने ए+ ग्रेड प्राप्त किया है, जो पंचायत स्तर पर गरीबी उन्मूलन और आजीविका सृजन में उनके महत्वपूर्ण प्रदर्शन को दर्शाता है। इसी प्रकार विषय 2: स्वस्थ पंचायतों के अंतर्गत कुल 1,015 ग्राम पंचायतों/टीएलबी ने ए+ ग्रेड प्राप्त किया है, जो निवारक स्वास्थ्य देखभाल, पोषण जागरूकता, स्वच्छता प्रथाओं और सामुदायिक सहभागिता में मजबूत परिणाम प्रदर्शित करता है। पीएआई 2.0 ने 97.30 प्रतिशत की असाधारण राष्ट्रीय भागीदारी दर्ज की है, जिसमें 33 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 2,59,867 ग्राम पंचायतों ने मान्य डेटा प्रस्तुत किया है। यह पीएआई संस्करण 1.0 के तहत हासिल की गई 80.79 प्रतिशत भागीदारी की तुलना में एक उल्लेखनीय और सराहनीय सुधार है।

9. “भारत में महिला और पुरुष 2025” रिपोर्ट जारी

सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (एमओएसपीआई) ने 29 अप्रैल 2026 को भुवनेश्वर में आयोजित “विकास के लिए डेटा” राष्ट्रीय विचार-विमर्श शिखर सम्मेलन के दौरान “भारत में महिला और पुरुष 2025: चयनित संकेतक और आंकड़े” शीर्षक से अपने प्रकाशन का 27वां संस्करण जारी किया। इस प्रकाशन में जनसंख्या, शिक्षा, स्वास्थ्य, आर्थिक भागीदारी, निर्णय लेने की क्षमता और महिलाओं के विरुद्ध हिंसा जैसे प्रमुख क्षेत्रों में महिला और पुरुषों की स्थिति का विस्तृत विश्लेषण प्रस्तुत किया गया है। विभिन्न मंत्रालयों और संगठनों से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर तैयार इस रिपोर्ट में 50 प्रमुख संकेतकों का मेटाडेटा भी शामिल किया गया है, जिससे आंकड़ों की समझ और स्पष्टता बढ़ती है। रिपोर्ट का उद्देश्य लिंग-विभाजित आंकड़ों के माध्यम से ग्रामीण-शहरी, राज्य और केंद्र शासित प्रदेश स्तर पर विकास के रुझानों को समझना है। इससे नीति निर्माताओं और शोधकर्ताओं को लिंग-संवेदनशील नीतियां तैयार करने में मदद मिलेगी। रिपोर्ट के अनुसार,जन्म के समय लिंग अनुपात 2017-19 में 904 से बढ़कर 2021-23 में 917 हो गया है। यह महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य और जीवित रहने की दर में सुधार का संकेत है। प्राथमिक से लेकर उच्च माध्यमिक स्तर तक शिक्षा में महिला-पुरुष समानता प्राप्त हो चुकी है। वहीं उच्च शिक्षा में महिलाओं का सकल नामांकन अनुपात 2021-22 के 28.5 से बढ़कर 2022-23 में 30.2 हो गया, जबकि पुरुषों का यह आंकड़ा 28.3 से बढ़कर 28.9 पहुंचा। 15 वर्ष और उससे अधिक आयु वर्ग में श्रम बल भागीदारी दर (LFPR) में वृद्धि दर्ज की गई है। खासकर ग्रामीण महिलाओं में यह दर 2022 के 37.5% से बढ़कर 2025 में 45.9% हो गई, जो महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण संकेत है। 2017 से 2025 के बीच प्रबंधकीय पदों पर कार्यरत पुरुषों की संख्या में 73.80% वृद्धि हुई, जबकि महिलाओं की संख्या में 102.54% की वृद्धि दर्ज की गई, जो नेतृत्व भूमिकाओं में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को दर्शाती है।

10. सरकार ने केंद्रीय मोटर वाहन नियम में प्रस्‍तावित संशोधनों के लिए मसौदा अधिसूचना जारी की

सरकार ने केंद्रीय मोटर वाहन नियम, 1989 में प्रस्तावित संशोधनों की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए एक मसौदा अधिसूचना जारी की। अधिसूचना के अनुसार मसौदे में उत्सर्जन और प्रकार-अनुमोदन मानकों के अंतर्गत तकनीकी ईंधन के प्रकार को अद्यतन किया गया है ताकि उच्च इथेनॉल और जैव ईंधन मिश्रण लक्ष्यों को दर्शाया जा सके। मसौदा अधिसूचना में प्रमुख संशोधनों में हाइड्रोजन ईंधन वर्गीकरण को हाइड्रोजन + सीएन से हाइड्रोजन + सीएनजी में संशोधित करना, ई20 के कार्यान्वयन के अनुरूप चुनिंदा श्रेणियों में सकल वाहन भार सीमा को 3 हजार किलोग्राम से बढ़ाकर 3 हजार 500 किलोग्राम करना, बायोडीजल संदर्भों को बी10 से बी100 में उन्नत करना और उत्सर्जन परीक्षण मापदंडों और तकनीकी संकेतों को मानकीकृत करना शामिल है।

11. फीफा नियमों में संशोधन, अब अफगान महिला खिलाड़ी भी ले सकेंगी फीफा प्रतियोगिताओं में भाग

फीफा परिषद ने अपने शासन नियमों में संशोधन को मंजूरी दे दी है। इस संशोधन के तहत अफगान महिला खिलाड़ी फीफा प्रतियोगिताओं में आधिकारिक अंतरराष्ट्रीय मैचों में भाग ले सकेंगी। तालिबान के 2021 में सत्ता में लौटने के बाद से अफगानिस्तान की महिला राष्ट्रीय फुटबॉल टीम ने कोई भी प्रतिस्पर्धी अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला है। यह निर्णय फीफा के समावेश और गैर-भेदभाव के सिद्धांतों के अनुरूप है, जिसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि खिलाड़ियों को उनके नियंत्रण से परे परिस्थितियों के कारण बाहर न किया जाए। फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो ने इसे एक ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि फीफा समर्थित अफगान महिला यूनाइटेड टीम सहित अफगान महिला खिलाड़ी अब एशियाई फुटबॉल महासंघ के समन्वय से आधिकारिक मैचों में अपने देश का प्रतिनिधित्व कर सकती हैं। फीफा समर्थित टीम का अगला प्रशिक्षण शिविर 1 से 9 जून तक न्यूजीलैंड में आयोजित किया जाएगा।

12. जूनियर वेटलिफ्टिंग में भारत ने 4 गोल्ड जीते

28 अप्रैल को कॉमनवेल्थ यूथ एंड जूनियर वेटलिफ्टिंग में भारत ने 4 गोल्ड मेडल जीते। ये कॉमनवेल्थ गेम्स समोआ के अपिया में चल रहे हैं। समोआ सेंट्रल साउथ पेसिफिक ओशियन पर बसा एक स्वतंत्र आईलैंड है। अभिनव गोगई ने मेंस कैटेगरी में 71 किलोग्राम कैटेगरी में गोल्ड जीता। इससे पहले अभिनव अगस्त 2025 में कॉमनवेल्थ यूथ वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में 71 किलोग्राम कैटेगरी में गोल्ड मेडल जीता था। सुनील सिंह ने मेंस कैटेगरी में 65 किलोग्राम कैटेगरी में 271 किलोग्राम वजन उठाकर गोल्ड मेडल जीता। ऐसंगफा गोगोई ने वुमन कैटेगरी में 58 किलोग्राम कैटेगरी में गोल्ड जीता। इससे पहले, मई 2025 में उन्होंने खेलो इंडिया यूथ गेम्स में 55 किग्रा वर्ग में नेशनल रिकॉर्ड तोड़ते हुए गोल्ड जीता था। अरुणाचल प्रदेश के चारू पेसी ने भी यूनिवर्सल कप में पुरुषों के 65 किग्रा वर्ग में गोल्ड मेडल हासिल किया। ये इवेंट यूथ और जूनियर खिलाड़ियों के लिए होता है।

13. बॉलीवुड एक्टर भरत कपूर का निधन

27 अप्रैल को वेटरन एक्टर भरत कपूर का निधन हो गया। वे 80 साल के थे। उन्होंने अपने करियर में 4 दशक तक 200 से ज्यादा फिल्मों में काम किया। भरत ने 1972 में करियर की शुरुआत की। 1970, 80 और 90 के दशक में अपने किरदारों के लिए काफी मशहूर रहे। भरत ने चंद्रकांता, सांस और राहत जैसे टीवी सीरियल्स में भी काम किया। उन्होंने नूरी, बाजार, आखिरी रास्ता, नमक हलाल, राम बलराम और बरसात जैसी फिल्मों में काम किया।

VISIT TO YOUR WHATSAAP CHANNEL :https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F

VISIT TO YOUR YOUTUBE CHANNEL :https://youtube.com/@guruggkwala?si=TZD9ZVm9QJLjB9ed

VISIT TO YOUR TELEGRAM :https://t.me/guruggkwala1

THANKS TO SUPPORT GURUGGKWALA

Leave a Comment

Shopping Cart
Scroll to Top