9–11 minutes
1. युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय ने तेनजिंग नोर्गे राष्ट्रीय साहसिक पुरस्कार 2024 की घोषणा की

केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय ने वर्ष 2024 के तेनजिंग नोर्गे राष्ट्रीय साहसिक पुरस्कार (टीएनएनएए) की घोषणा कर दी है। ये पुरस्कार चार श्रेणियों – भू, जल तथा वायु साहसिक अभियानों तथा आजीवन उपलब्धि के लिए दिए जाएंगे। ये पुरस्कार साहसिक अभियानों में व्यक्तिगत उपलब्धियों और चुनौतीपूर्ण स्थितियों में सहनशक्ति, जोखिम लेने की क्षमता, टीम वर्क और त्वरित एवं प्रभावी निर्णय लेने की भावना को बढ़ावा देने का प्रयास है। सरकार ने तेनजिंग नोर्गे 2024 पुरस्कार के लिए निम्नलिखित विजेताओं के नाम घोषित किए हैः
| क्रम | नाम | संवर्ग |
|---|---|---|
| 1. | सुश्री बलजीत कौर | भू साहसिक अभियान |
| 2. | श्री स्कालज़ैंग रिगज़िन | भू साहसिक अभियान |
| 3. | श्री रिमो साहा | जल साहसिक अभियान |
| 4. | श्री शिव प्रसाद चमोली | आजीवन उपलब्धि |
राष्ट्रपति श्रीमती द्रोपदी मुर्मु राष्ट्रपति भवन में 2025 के राष्ट्रीय खेल पुरस्कार के साथ ही तेनजिंग नोर्गे राष्ट्रीय साहसिक पुरस्कार प्रदान करेंगी। पुरस्कार समारोह की तिथि की घोषणा अलग से की जाएगी।
2. केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव जर्मन पर्यावरण मंत्री से मिले

1 सितंबर को पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने नई दिल्ली में जर्मनी के पर्यावरण मंत्री कारस्टेन श्नाइडर से मुलाकात की। यह बैठक चौथे भारत-जर्मन पर्यावरण फोरम के दौरान हुई। इसमें जलवायु परिवर्तन, पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। भारत और जर्मनी के बीच ग्रीन डेवलपमेंट विकास के क्षेत्र में सहयोग को मजबूत करने पर जोर दिया गया। इसमें रिन्यूएबल एनर्जी, क्लाइमेट एक्शन और एनवायरमेंटल टेकनीक पर काम करना शामिल है। इस बैठक में दोनों पक्षों ने इंडस्ट्रियल डीकार्बोनाइजेशन और क्लाइमेट चेंज से जुड़ी सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
3. Aero India: एशिया का सबसे बड़ा हवाई शो, 8 से 12 फरवरी येलहंका में होगा आयोजन

एशिया का सबसे बड़ा हवाई शो ‘एयरो इंडिया’ एक बार फिर आसमान में अपनी चमक बिखेरने को तैयार है। इसके 16वें संस्करण का आयोजन 8 से 12 फरवरी 2027 तक बेंगलुरु के वायुसेना स्टेशन, येलहंका में किया जाएगा। गौरतलब है कि ‘एयरो इंडिया’ दुनिया की प्रमुख विमानन एवं रक्षा प्रदर्शनियों में शामिल है। यह रक्षा मंत्रालय के रक्षा उत्पादन विभाग की ओर से आयोजित किया जा रहा है। इस पांच दिवसीय आयोजन में दुनिया भर की प्रमुख विमानन और रक्षा कंपनियां, नीति निर्माता, तकनीकी विशेषज्ञ, नवाचारकर्ता, उद्योग जगत के प्रतिनिधि व रक्षा बलों के अधिकारी एक ही मंच पर जुटेंगे। एयरो इंडिया 2027 की सबसे बड़ी खासियतों में से एक शानदार हवाई प्रदर्शन होगा। भारतीय वायुसेना के साथ-साथ विभिन्न देशों की उड़ान टीमें भी इसमें हिस्सा लेंगी।
4. एएसआई ने तेलंगाना के गोल्लाला गुड़ी मंदिर को राष्ट्रीय धरोहर सूची में शामिल किया

भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने तेलंगाना के मुलुगु जिले के पालमपेट स्थित गोल्लाला गुड़ी मंदिर को राष्ट्रीय महत्व का स्मारक घोषित किया है। संस्कृति मंत्रालय ने बताया कि यह मंदिर यूनेस्को की सूची में शामिल रामप्पा मंदिर के पास स्थित है और अपनी उत्कृष्ट नक्काशी तथा स्थापत्य कला के लिए प्रसिद्ध है। यह मंदिर त्रिकूटालय शैली का है। इसमें पूर्व दिशा की ओर एक मंडप और उसके चारों ओर तीन गर्भगृह हैं। देश में राष्ट्रीय महत्व के स्मारकों को प्राचीन स्मारक तथा पुरातत्व स्थल और अवशेष अधिनियम, 1958 के तहत संरक्षण प्रदान किया जाता है। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण ऐसे स्मारकों के संरक्षण, रखरखाव और आम लोगों के लिए नियंत्रित प्रवेश की व्यवस्था करता है।
5. सर्जन वाइस एडमिरल दिलीप राघवन ने महानिदेशक चिकित्सालय सेवा (सशस्त्र बल) का पदभार संभाला

सर्जन वाइस एडमिरल दिलीप राघवन, वीएसएम ने 1 सितंबर 2026 को महानिदेशक चिकित्सालय सेवा (सशस्त्र बल) का पदभार ग्रहण किया। चेन्नई और मुंबई में जन्मे एवं शिक्षित सर्जन वाइस एडमिरल दिलीप राघवन ने वर्ष 1985 में सशस्त्र बल चिकित्सा महाविद्यालय (एएफएमसी), पुणे में दाखिला लिया और वर्ष 1989 में एमबीबीएस का पाठ्यक्रम पूरा किया। उन्हें 26 दिसंबर, 1989 को भारतीय नौसेना में कमीशन दिया गया।
6. जापान की क्रेडिट रेटिंग एजेंसी ने भारत की सॉवरेन क्रेडिट रेटिंग बढ़ाकर ए- की, आउटलुक स्थिर बताया

भारत ने जापान की प्रमुख क्रेडिट रेटिंग एजेंसी -जेसीआर द्वारा भारत की दीर्घकालिक विदेशी मुद्रा और स्थानीय मुद्रा जारीकर्ता रेटिंग एक पायदान ऊपर बढ़ाकर ट्रिपल बी+ से ए- अपग्रेड करने और स्थिर आउटलुक बताने का स्वागत किया है। यह रेटिंग किसी देश की सरकार की ऋण चुकाने की क्षमता और वित्तीय साख का स्वतंत्र मूल्यांकन होता है। जेसीआर ने भारत की कंट्री सीलिंग भी एक पायदान ऊपर बढ़ाकर ‘ए’ कर दी है। किसी देश की कंट्री सीलिंग में सुधार से वहां की निजी और सरकारी कंपनियों के लिए अंतर्राष्ट्रीय बाजारों से कम ब्याज दरों पर कर्ज जुटाना आसान हो जाता है।
7. एलिफेंटा द्वीप के समुद्री इतिहास पर होगी स्टडी, IIT खड़गपुर, मुंबई पोर्ट अथॉरिटी और एएसआई ने शुरू किया एक जॉइंट रिसर्च प्रोजेक्ट

आईआईटी खड़गपुर, मुंबई पोर्ट अथॉरिटी और आर्कियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया (एएसआई) ने एक जॉइंट रिसर्च प्रोजेक्ट शुरू किया है। इसका मकसद यह पता लगाना है कि ऐतिहासिक रूप से जलवायु में उतार-चढ़ाव और समुद्र के जलस्तर में बदलाव ने एलिफेंटा द्वीप और भारत के पश्चिमी तट के आस-पास समुद्री व्यापार और मानवीय गतिविधियों को कैसे प्रभावित किया। बुधवार को आईआईटी खड़गपुर के जारी एक बयान के अनुसार, इस इंटरडिसिप्लिनरी (कई विषयों को शामिल करने वाले) प्रोजेक्ट में एडवांस्ड अर्थ-साइंस तकनीकों और पुरातात्विक सबूतों का इस्तेमाल किया जाएगा। इससे शुरुआती ऐतिहासिक काल से लेकर मध्यकाल तक समुद्र के जलस्तर, जलवायु की स्थितियों और समुद्री गतिविधियों का पता लगाया जा सकेगा। मुंबई पोर्ट अथॉरिटी ने इस पहल के लिए 1 करोड़ रुपए देने का वादा किया है।
8. Ayodhya: पूर्व एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा बने राम मंदिर ट्रस्ट के पहले सीईओ

उत्तर प्रदेश में पश्चिमी वायु कमान के पूर्व कमांडर, सेवानिवृत्त एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्रा को अयोध्या स्थित श्री रामजन्मभूमि क्षेत्र ट्रस्ट का पहला मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) नियुक्त किया गया है। ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास की अध्यक्षता में आयोजित बैठक के बाद इस नियुक्ति की घोषणा की गई। सीईओ ट्रस्ट के प्रशासनिक कार्यों की देखरेख और श्री राम मंदिर परिसर से संबंधित प्रमुख परिचालन जिम्मेदारियों को संभालेंगे। ट्रस्ट के अंतरिम महासचिव कृष्ण मोहन ने तीन नए सदस्यों की नियुक्ति की जानकारी दी। इनमें अयोध्या के वरिष्ठ अधिवक्ता मदन मोहन पांडे, दिल्ली के महेश भगचंदका और शिकोहाबाद की सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य डॉ. निर्मला यादव शामिल हैं। एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्रा ने ऑपरेशन सिंदूर में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। वे 30 अप्रैल 2026 को सेवानिवृत्त हुए। उन्हें अति विशिष्ट सेवा पदक और विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया है।। उन्होंने छह दिसंबर 1986 को फाइटर पायलट के रूप में भारतीय वायुसेना में कमीशन प्राप्त किया था।
9. जॉर्ज कूवर पारले बिस्किट्स के पहले CEO अपॉइंट हुए

1 सितंबर को पारले बिस्किट्स ने पेप्सिको के पूर्व जॉर्ज कूवर को अपना CEO अपॉइंट किया है। कूवर ने पेप्सिको में तीन दशक से ज्यादा समय तक काम किया है। कूवर के पास 30 साल से ज्यादा का अनुभव है और उन्होंने कई ग्लोबल मार्केट्स में जिम्मेदारी संभाली है। पारले का डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क भारत में 75 लाख से ज्यादा रिटेल आउटलेट तक फैला है। कंपनी ने एशिया और अफ्रीका समेत इंटरनेशनल मार्केट्स में भी अपनी मौजूदगी बढ़ाई है। 1929 में मुंबई के विले पारले में पारले की शुरूआत हुई थी। पारले बिस्किट और कन्फेक्शनरी के कारोबार में है। पारले के ब्रांड्स में पारले-जी, मोनाको, क्रैकजैक, हाइड एंड सीक और मेलोडी शामिल हैं। पारले-जी बिक्री की मात्रा के हिसाब से दुनिया के सबसे ज्यादा बिकने वाले बिस्किट ब्रांड्स में शामिल है।
10. Women’s Champions Trophy 2027: श्रीलंका को हटा कर भारत को मिली मेजबानी

पहली आईसीसी विमेंस चैंपियंस ट्रॉफी अगले साल 14-28 फरवरी के बीच खेली जाएगी, जिसकी मेजबानी अब भारत को मिल गई है। इसके पीछे की वजह श्रीलंका को मेजबानी से हटाया जाना है, क्योंकि वहां के क्रिकेट बोर्ड में सरकारी दखल के बाद प्रशासनिक सुधारों की प्रक्रिया जारी है। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने एक बयान में कहा कि 6 टीमों वाला यह टूर्नामेंट अब दो वेन्यू पर खेला जाएगा, जिनमें क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया (मुंबई) और इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम (वडोदरा) शामिल हैं। दिलचस्प बात यह है कि नवी मुंबई का डीवाई पाटिल स्टेडियम इस प्रतियोगिता के लिए नहीं चुना गया, जहां भारत ने विमेंस वनडे वर्ल्ड कप 2025 का खिताब अपने नाम किया था।
11. भारत पहली बार हुंडई विश्व तीरंदाजी पैरा श्रृंखला की करेगा मेज़बानी

भारत पहली बार अहमदाबाद के साबरमती रिवरफ्रंट पर 5 से 9 सितंबर तक हुंडई विश्व तीरंदाजी पैरा श्रृंखला की मेज़बानी करेगा, जिसमें 20 देशों के 100 से ज़्यादा एथलीट हिस्सा लेंगे। यह स्पर्धा 2026 श्रृंखला का तीसरा चरण है। इससे पहले बैंकॉक और नोवे मेस्टो में 30 जून से 4 जुलाई तक प्रतियोगिताएं हुई थीं। चौथा और आखिरी चरण अक्टूबर में चिली के सैंटियागो में होना है। भारतीय तीरंदाजी संघ द्वारा गुजरात सरकार, गुजरात खेल प्राधिकरण और भारतीय खेल प्राधिकरण के सहयोग से आयोजित इस प्रतियोगिता में रिकर्व ओपन, कंपाउंड ओपन, W1 और दृष्टिबाधित श्रेणियां शामिल होंगी। इस प्रतियोगिता में – भारत, चीन, ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी, हंगरी, इंडोनेशिया, ईरान, कज़ाकिस्तान, मैक्सिको, स्लोवाकिया, अमेरिका, उज़्बेकिस्तान, बांग्लादेश, भूटान, साइप्रस, चेकिया, इराक, रूस और श्रीलंका भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन 4 सितंबर को होगा।
VISIT TO YOUR WHATSAAP CHANNEL :https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F
VISIT TO YOUR YOUTUBE CHANNEL :https://www.youtube.com/@guruggkwala
VISIT TO YOUR TELEGRAM :https://www.guruggkwala.com
THANKS TO SUPPORT GURUGGKWALA
