29 September 2025 Current Affairs -GurugGkwala

13–16 minutes


1. संयुक्‍त राष्‍ट्र ने ईरान पर हटाए गये आर्थिक और सैन्‍य प्रतिबंधों को दस वर्षों बाद दोबारा किया लागू

संयुक्‍त राष्‍ट्र ने ईरान पर आर्थिक और सैन्‍य प्रतिबंधों को दस वर्षों बाद दोबारा लागू कर दिया है। 2015 के परमाणु समझौते के तहत ये प्रतिबंध हटा लिए गये थे। ब्रिटेन, फ्रांस और जर्मनी ने ईरान के लगातार परमाणु प्रसार करने और सहयोग की कमी का हवाला देते हुए समझौते की स्नैपबैक प्रणाली को लागू कर दिया है। इस वर्ष जून महीने में ईरान के परमाणु तथा सैन्‍य ठिकानों पर इस्राइल और अमरीका के हवाई हमलों के बाद ईरान द्वारा जांच को स्थगित किये जाने के बाद यह कदम उठाया गया है। ईरान के राष्‍ट्रपति मसूद पेज़ेशकियन ने इन प्रतिबंधों को अनुचित और गैर-कानूनी बताया है।

2. भारत सरकार ने बीएसआई का नेतृत्व करने के लिए पहले मशरूम वैज्ञानिक को नियुक्त किया

भारत के वैज्ञानिक समुदाय के लिए 25 सितम्बर 2025 का दिन ऐतिहासिक रहा, जब डॉ. कनद दास ने बॉटनिकल सर्वे ऑफ इंडिया (BSI) के 13वें निदेशक के रूप में पदभार संभाला। वे इस प्रतिष्ठित संस्था के पहले माइकोलॉजिस्ट (कवक विशेषज्ञ) बने हैं। पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय (MoEFCC) के अधीन कार्यरत BSI की स्थापना 1890 में हुई थी और इसका कार्य भारत की वनस्पति विविधता का दस्तावेज़ीकरण एवं संरक्षण करना है। डॉ. दास की नियुक्ति कवकीय विविधता (फंगल बायोडायवर्सिटी) की अहमियत को नई पहचान देती है।

3. तमिलनाडु सरकार ने करूर रैली भगदड़ की जांच के लिए पूर्व न्यायाधीश की अध्यक्षता में जांच आयोग का किया गठन

तमिलनाडु सरकार ने करूर में एक रैली में हुई भगदड़ की दुखद घटना की जाँच के लिए उच्च न्यायालय की पूर्व न्यायाधीश अरुणा जगदीशन की अध्यक्षता में एक सदस्यीय जाँच आयोग का गठन किया है। इस रैली में 40 लोगों की जान चली गई थी। यह घटना अभिनेता से नेता बने और टीवीके के संस्थापक विजय के स्वागत में आयोजित विशाल सभा के दौरान हुई।

4. पत्रकार अम्शी प्रसन्नकुमार ने कृषि मीडिया पुरस्कार 2025 जीता

मैसूर के वरिष्ठ पत्रकार अम्शी प्रसन्नकुमार को होम्बले संहिता हरिनिकुमार एलुमनी कृषि मीडिया अवॉर्ड – 2025 के लिए चुना गया है। यह प्रतिष्ठित सम्मान उन्हें कृषि पत्रकारिता में उनके असाधारण योगदान के लिए प्रदान किया जा रहा है, खासकर किसानों को प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से जागरूक करने के कार्य हेतु। यह पुरस्कार कृषि विज्ञान विश्वविद्यालय (यूएएस), बेंगलुरु के एलुमनी एसोसिएशन द्वारा स्थापित किया गया है और उन्हें यह सम्मान 11 अक्टूबर 2025 को वेटरिनरी कॉलेज कैंपस, हेब्बाल, बेंगलुरु में प्रदान किया जाएगा।

5. तिरुमाला में तीर्थयात्रियों के लिए भारत का पहला एआई-आधारित कमांड सेंटर स्थापित

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने हाल ही में तिरुमला में एआई संचालित तीर्थयात्री एकीकृत कमान और नियंत्रण केंद्र (ICCC) का उद्घाटन किया। इसे तीर्थयात्रा पारिस्थितिकी तंत्र के लिए भारत का पहला एआई-एकीकृत कमान केंद्र बताया जा रहा है। इस केंद्र की मदद से तिरुमला में आने वाली भीड़ का सटीक पूर्वानुमान लगाया जा सकेगा, कतारों का प्रबंधन आसान होगा और सुरक्षा एवं साइबर खतरे पर प्रभावी निगरानी संभव होगी। मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने बताया कि वैकुंठम क्यू कॉम्प्लेक्स-प्रथम में स्थापित यह सुविधा उन्नत कैमरों, 3D स्थितिजन्य मानचित्रों और एक समर्पित तकनीकी टीम के लाइव डैशबोर्ड को एकीकृत करती है।

6. आनंद पीरामल को पीरामल फाइनेंस का अध्यक्ष नियुक्त किया गया

आनंद पिरामल को पिरामल फ़ाइनेंस का नया चेयरमैन नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति उनके पिता अजय पिरामल के पद छोड़ने के बाद हुई है, जिन्होंने हाल ही में हुए पिरामल एंटरप्राइजेज के विलय (Merger) के बाद गैर-कार्यकारी चेयरमैन (Non-Executive Chairman) का पद त्याग दिया। यह बदलाव 10 सितंबर 2025 को NCLT (नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल) द्वारा मंज़ूरी प्राप्त विलय के बाद हुई पहली बोर्ड बैठक में अनुमोदित किया गया।

7. सुधांशु वत्स एएससीआई के अध्यक्ष, सुब्रमण्येश्वर उपाध्यक्ष नियुक्त

भारत की प्रमुख विज्ञापन नियामक संस्था एडवर्टाइजिंग स्टैंडर्ड्स काउंसिल ऑफ इंडिया (ASCI) में महत्वपूर्ण नेतृत्व बदलाव हुआ है। सुधांशु वत्स, प्रबंध निदेशक (MD) पिडिलाइट इंडस्ट्रीज़ लिमिटेड को ASCI का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यह घोषणा संस्था की 39वीं वार्षिक आम बैठक में की गई, ठीक उस समय जब ASCI अक्टूबर 2025 में अपनी 40वीं वर्षगांठ मनाने जा रहा है। यह नियुक्ति ऐसे दौर में हुई है जब विज्ञापन जगत तेजी से बदल रहा है और स्वनियमन (self-regulation) तथा नैतिक विज्ञापन प्रथाओं की अहमियत और बढ़ गई है।

8. केरल: मुख्यमंत्री विजयन ने राजभवन पत्रिका ‘राजहंस’ का विमोचन किया

केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में, मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने राजभवन की पत्रिका राजहंस का विमोचन किया। उन्‍होंने इसकी पहली प्रति सांसद शशि थरूर को सौंपी। इस अवसर पर राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने कहा कि इस पत्रिका का उद्देश्य राजभवन के कार्यक्रमों को जनता के सामने प्रस्तुत करना है। मुख्यमंत्री ने आशा व्यक्त की कि यह पत्रिका ऐतिहासिक घटनाओं का एक मूल्यवान अभिलेख बनेगी।

9. दिल्ली के पूर्व कप्तान मिथुन मन्हास को बीसीसीआई का नया अध्यक्ष चुना गया

दिल्ली के पूर्व कप्तान मिथुन मन्हास को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड-बीसीसीआई का नया अध्यक्ष चुना गया है। बीसीसीआई मुख्यालय में आयोजित वार्षिक आम बैठक में नए पदाधिकारियों के नामों पर अंतिम मुहर लगी है। बोर्ड के 37वें अध्यक्ष बने मन्हास अब रोजर बिन्नी की जगह लेंगे। 70 वर्ष की आयु पूरी करने के बाद बिन्‍नी ने पिछले महीने ही बोर्ड के अध्‍यक्ष का पद छोड़ दिया था।

10. भारतीय क्रिकेट टीम ने पाकिस्तान को हराकर एशिया कप जीता

एशिया कप टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट के खिताबी मुकाबले में भारत ने पाकिस्‍तान को पांच विकेट से हरा दिया है। भारत ने 9वीं बार एशिया कप का खिताब अपने नाम किया। पाकिस्तान के 147 रन के लक्ष्य के जवाब में, भारत ने मात्र 20 रनों पर तीन विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद, तिलक वर्मा और संजू सैमसन की साझेदारी ने भारतीय पारी को संभाला। तिलक वर्मा ने नाबाद 69 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। शिवम दुबे ने 33 और संजु सैमसन ने 24 रन बनाए। इससे पहले, पाकिस्‍तान की पूरी टीम 146 रन पर सिमट गई थी।

11. भारत ने बांग्लादेश को 4-1 से हराकर SAFF अंडर-17 फुटबॉल खिताब जीता

कोलंबो में सैफ अंडर-17 फुटबॉल चैंपियनशिप में भारत ने पेनल्टी शूटआउट में बांग्लादेश को 4-1 से हराकर सातवीं बार खिताब जीत लिया है। भारत हाफ-टाइम तक 2-1 से आगे था लेकिन बांग्लादेश ने आखिरी मिनट में गोल करते हुए स्कोर 2-2 से बराबर कर दिया।

12. सर्जियो बुस्केट्स ने 20 साल के फुटबॉल करियर के बाद संन्यास की घोषणा की

फुटबॉल इतिहास के सबसे सफल और बुद्धिमान मिडफ़ील्डरों में शुमार सर्जियो बुस्केट्स ने घोषणा की है कि वे 2025 एमएलएस सीज़न के अंत में संन्यास ले लेंगे। वर्तमान में इंटर मियामी के लिए खेल रहे 37 वर्षीय स्पेनिश दिग्गज ने यह घोषणा 26 सितंबर 2025 को इंस्टाग्राम पर एक भावुक वीडियो संदेश के माध्यम से की। इंटर मियामी का आख़िरी नियमित सत्र का मैच 12 अक्टूबर 2025 को अटलांटा यूनाइटेड के खिलाफ होगा, जिसके बाद संभावित प्लेऑफ़ और 6 दिसंबर को होने वाले एमएलएस कप फ़ाइनल के साथ बुस्केट्स का शानदार करियर औपचारिक रूप से समाप्त हो सकता है। बुस्केट्स ने अपना करियर बार्सिलोना की मशहूर ला मासिया अकादमी से शुरू किया और 2008 में पहली बार वरिष्ठ टीम के लिए मैदान में उतरे। 15 वर्षों तक कैंप नोउ में खेलते हुए वे फुटबॉल की सबसे महान डाइनैस्टियों में केंद्रीय स्तंभ बने।

13. फीफा 2026 विश्व कप के शुभंकरों का खुलासा: तीन शुभंकरों में बाल्ड ईगल क्लच, जगुआर ज़ायु और मूस मेपल शामिल हैं

फीफा ने आधिकारिक रूप से विश्व कप 2026 के मैस्कॉट्स का अनावरण किया। यह आयोजन 25 सितम्बर 2025 को किया गया। तीनों मैस्कॉट्स अपने-अपने सह-मेज़बान देशों का प्रतिनिधित्व करते हैं और विश्व कप की एकता, आनंद और वैश्विक उत्सव की भावना को दर्शाते हैं।
क्लच द बाल्ड ईगल – अमेरिका
प्रतीक: साहस, जिज्ञासा और समावेशिता।
मैदान पर भूमिका: मिडफील्डर, जो टीम को जोड़कर रखता है और रणनीतिक कौशल दर्शाता है।
संदेश: अमेरिका की विविध सांस्कृतिक पृष्ठभूमि और समरसता।
मेपल द मूस – कनाडा
प्रतीक: प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक विविधता।
मैदान पर भूमिका: गोलकीपर, जो संरक्षक और शक्ति का प्रतीक है।
संदेश: कनाडा की स्वागतपूर्ण भावना और दृढ़ता।
ज़ायू द जैगुआर – मेक्सिको
प्रतीक: दक्षिण मेक्सिको के जंगल, प्राचीन विरासत और रंगीन परंपराएँ।
मैदान पर भूमिका: स्ट्राइकर, जो रचनात्मक और फुर्तीला है।
संदेश: फुटबॉल में जुनून और लय।

13. विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप: शैलेश कुमार ने दिलाया भारत को पहला स्वर्ण पदक

विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में नई दिल्‍ली में भारत के शैलेश कुमार ने देश के लिए पहला स्वर्ण पदक जीता। बिहार के शैलेश ने एक दशमलव नौ-एक मीटर की ऊँचाई कूदकर ऊँची कूद में स्वर्ण पदक जीता। इसके साथ ही उन्‍होंने एक नया चैंपियनशिप और एशियाई रिकॉर्ड तथा अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी किया। इसी स्पर्धा में भारत के वरुण सिंह भाटी ने कांस्य पदक जीता। दीप्ति जीवनजी ने महिलाओं की चार सौ मीटर टी-20 स्पर्धा के फाइनल में 55 दशमलव एक-छह सेकंड का समय लेकर रजत पदक जीता। वे तुर्की की आयसेल ओन्डर से कुछ ही पीछे रहीं, जिन्होंने 54 दशमलव पांच-एक सेकंड का नया विश्व रिकॉर्ड बनाया। 12वीं विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 कल नई दिल्ली में शुरू हुई। नौ दिनों तक चलने वाली इस चैंपियनशिप में कुल एक सौ 86 पदक स्पर्धाएँ होंगी। इनमें पुरुषों के लिए एक सौ एक, महिलाओं के लिए 84 और एक मिक्‍सड स्पर्धा शामिल है। चैंपियनशिप का समापन पांच अक्‍तूबर को होगा।

14. आईएसएसएफ जूनियर विश्व कप: भारत की अनुष्का ठोकुर ने निशानेबाजी में स्वर्ण पदक जीता

भारत की अनुष्का ठोकुर ने जूनियर निशानेबाजी विश्व कप में महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री-पोज़िशन में स्वर्ण पदक जीता लिया है। नई दिल्ली के डॉ. कर्णी सिंह रेंज में 50 मीटर राइफल प्रोन स्पर्धा में जीत के बाद ठोकुर का इस प्रतियोगिता में यह दूसरा स्वर्ण पदक था। पुरुषों की 50 मीटर थ्री-पोज़िशन स्पर्धा में, एड्रियन कर्माकर ने रजत पदक जीता। भारत चार स्वर्ण, छह रजत और तीन कांस्य पदकों के साथ तालिका में शीर्ष पर है। निशानेबाजी की 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्‍स्‍ड टीम जूनियर स्पर्धा में स्‍वर्ण पदक हासिल किया, जबकि इटली ने स्कीट प्रतियोगिताओं में दो स्‍वर्ण पदक जीते। कपिल और रश्मिका सहगल ने 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्‍स्‍ड टीम स्‍पर्धा के फाइनल में अपने ही देश के जोनाथन गेविन एंटनी और वंशिका चौधरी को 16-10 से हराकर भारत को प्रतियोगिता का तीसरा स्वर्ण पदक दिलाया। बाद में, इटली के मार्को कोको और एरियाना नेम्बर ने जूनियर पुरुष और महिला स्कीट फाइनल में शीर्ष स्थान हासिल किया। मिक्‍स्‍ड टीम पिस्टल स्‍पर्धा में स्पेन के इनेस कास्त्रो ओर्टेगा और लुकास सांचेज़ टोम ने मिक्‍स्‍ड एयर पिस्टल में ईरान के परिमाह अमीरी और मोहम्मदरेज़ा अहमदी को 16-14 से हराकर कांस्य पदक हासिल किया। महिलाओं के स्कीट फाइनल में, विश्व चैंपियनशिप की रजत पदक विजेता इटली की एरियाना नेम्बर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता।

15. रविचंद्रन अश्विन बीबीएल में शामिल होने वाले पहले भारतीय बने

भारत के अनुभवी ऑफ़-स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने इतिहास रच दिया है। वे बिग बैश लीग (BBL) से अनुबंध करने वाले पहले टेस्ट-खेल चुके भारतीय पुरुष क्रिकेटर बन गए हैं। अश्विन आगामी बीबीएल 2025–26 सीज़न में सिडनी थंडर की ओर से खेलेंगे। यह भारतीय क्रिकेट में लंबे समय से चला आ रहा एक बड़ा अवरोध तोड़ने जैसा है। अब तक भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) सक्रिय भारतीय पुरुष खिलाड़ियों को विदेशी टी20 लीग में भाग लेने से रोकता रहा है। हालांकि भारतीय महिला खिलाड़ी नियमित रूप से विमेंस बिग बैश लीग (WBBL) में खेलती रही हैं, लेकिन पुरुष खिलाड़ियों की भागीदारी केवल घरेलू क्रिकेट और आईपीएल तक सीमित थी। अश्विन का यह कदम उनके इस साल आईपीएल से संन्यास लेने के बाद संभव हो पाया, जिससे वे अंतरराष्ट्रीय टी20 फ्रेंचाइज़ी अनुबंधों के पात्र हो गए।

16. 118वीं जयंती पर याद किए गए अमर शहीद भगत सिंह

क्रांतिकारी स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह की 26 सितंबर को 118वी जयंती है। इस अवसर पर उनको पूरे देश में श्रद्धांजलि दी जा रही है। भगत सिंह का जन्म 26 सितंबर, 1907 में भागनवाला (Bhaganwala) के रूप में हुआ तथा इनका पालन-पोषण पंजाब के दोआब क्षेत्र में स्थित जालंधर ज़िले के संधू जाट किसान परिवार में हुआ। वह एक ऐसी पीढ़ी से ताल्लुक रखते थे जो भारतीय राष्ट्रीय आंदोलन के दो निर्णायक चरणों में हस्तक्षेप करती थी- पहला, लाल-बाल-पाल के ‘चरमपंथ‘ का चरण और दूसरा, अहिंसक सामूहिक कार्रवाई का गांधीवादी चरण। वर्ष 1924 में वह कानपुर में सचिंद्रनाथ सान्याल द्वारा एक साल पहले शुरू किये गए हिंदुस्तान रिपब्लिकन एसोसिएशन (HRA) के सदस्य बने। एसोसिएशन के मुख्य आयोजक चंद्रशेखर आज़ाद थे और भगत सिंह उनके बहुत करीबी बन गए थे। हिंदुस्तान रिपब्लिकन एसोसिएशन के सदस्य के रूप में भगत सिंह ने ‘फिलॉसफी ऑफ द बॉम्ब’ (Philosophy of the Bomb) को गंभीरता से लेना शुरू किया। फिलॉसफी ऑफ द बॉम्ब नामक प्रसिद्ध लेख क्रांतिकारी भगवती चरण वोहरा ने लिखा था। उन्होंने फिलॉसफी ऑफ द बॉम्ब सहित तीन महत्त्वपूर्ण राजनीतिक दस्तावेज़ लिखे; अन्य दो दस्तावेज़ नौजवान सभा का घोषणापत्र और HSRA का घोषणापत्र थे। वर्ष 1927 में काकोरी कांड (Kakori Case) में संलिप्त होने के आरोप में उन्हें पहली बार गिरफ्तार किया गया था तथा अपने छद्म नाम ‘विद्रोही’ से लिखे गए लेख हेतु आरोपी माना गया। लाला लाजपत राय की मृत्यु का बदला लेने के लिये भगत सिंह और उनके साथियों ने पुलिस अधीक्षक जेम्स ए स्कॉट की हत्या की साजिश रची। हालाँकि क्रांतिकारियों ने गलती से जे.पी. सॉन्डर्स को मार डाला। इस घटना को लाहौर षड्यंत्र मामला (1929) के नाम से जाना जाता है। भगत सिंह और बटुकेश्वर दत्त ने दो दमनकारी विधेयकों- सार्वजनिक सुरक्षा विधेयक और व्यापार विवाद विधेयक के पारित होने के विरोध में 8 अप्रैल, 1929 को केंद्रीय विधानसभा में बम फेंका। भगत सिंह को लाहौर षड्यंत्र मामले में जे.पी. सॉन्डर्स की हत्या करने एवं बम निर्माण का भी दोषी पाया गया तथा इस मामले में 23 मार्च, 1931 को सुखदेव एवं राजगुरु के साथ लाहौर में उन्हें फाँसी दे दी गई।

17. गनर्स डे : 28 सितंबर

रेजिमेंट ऑफ आर्टिलरी के इतिहास में 28 सितंबर की तारीख का विशेष महत्व है क्योंकि 5 (बॉम्बे) माउंटेन बैटरी की स्थापना 28 सितंबर 1827 को हुई थी। तब से यह रेजिमेंट लगातार सेवा में है और इसके स्थापना दिवस को गनर्स डे के रूप में मनाया जाता है।

18. विश्व पर्यावरणीय स्वास्थ्य दिवस 2025

विश्व पर्यावरणीय स्वास्थ्य दिवस प्रतिवर्ष 26 सितंबर को मनाया जाता है। यह दिवस मानव स्वास्थ्य और पर्यावरण के गहरे संबंध की याद दिलाता है और सामूहिक प्रयासों को प्रोत्साहित करता है ताकि पर्यावरणीय खतरों से निपटा जा सके और आने वाली पीढ़ियों के लिए सतत जीवन शैली को बढ़ावा दिया जा सके। 2025 की थीम: “स्वच्छ वायु, स्वस्थ लोग” — यह वायु प्रदूषण की बढ़ती समस्या, इसके श्वसन स्वास्थ्य पर प्रभाव और जलवायु परिवर्तन से इसके संबंध को रेखांकित करती है।

JOIN TELEGRAM : https://t.me/guruggkwala

THNKS TO SUPPORT GURUGGKWALA

Shopping Cart
Scroll to Top