14–17 minutes
1. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने 69 प्रतिष्ठित हस्तियों को पद्म पुरस्कार प्रदान किए
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने नई दिल्ली में राष्ट्रपति भवन में दूसरे नागरिक अलंकरण समारोह में वर्ष 2025 के लिए 69 प्रतिष्ठित हस्तियों को पद्म पुरस्कार प्रदान किए। इनमें से तीन को पद्म विभूषण, 9 को पद्म भूषण और 57 लोगों को पद्म श्री से सम्मानित किया गया। पूर्व मुख्य न्यायाधीश जगदीश सिंह खेहर और कुमुदनी रजनीकांत लाखिया को सार्वजनिक मामलों और कला के क्षेत्र में योगदान के लिए पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया है। प्रसिद्ध लोक गायिका शारदा सिन्हा को मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया। पद्म भूषण से सम्मानित होने वालों में जतिन गोस्वामी, कैलाश नाथ दीक्षित, साध्वी ऋतंभरा शामिल हैं। प्रसिद्ध अर्थशास्त्री बिबेक देबरॉय को मरणोपरांत यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रदान किया गया। पद्मश्री से सम्मानित होने वालों में मंदा कृष्ण मडिगा, डॉ. नीरजा भटला, संत राम देसवाल, सैयद ऐनुल हसन, प्रशांत प्रकाश और नागेंद्र नाथ रॉय, शामिल हैं। जबकि, ह्यूग गैंट्ज़र और मरणोपरांत कोलीन गैंट्ज़र को संयुक्त रूप से पद्मश्री से सम्मानित किया गया। देश के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कारों में से एक पद्म पुरस्कार तीन श्रेणियों – पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री में प्रदान किए जाते हैं। ये पुरस्कार कला, सामाजिक कार्य, सार्वजनिक मामले, विज्ञान और इंजीनियरिंग, व्यापार और उद्योग, चिकित्सा, साहित्य और शिक्षा, खेल और सिविल सेवा सहित विभिन्न विषयों और गतिविधियों के क्षेत्रों में दिए जाते हैं।
2. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उन्नत मध्यम लड़ाकू विमान कार्यक्रम के क्रियान्वयन मॉडल को मंजूरी दी
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उन्नत मध्यम लड़ाकू विमान – एएमसीए कार्यक्रम निष्पादन मॉडल को मंजूरी दे दी है। इस मॉडल का उद्देश्य भारत की स्वदेशी रक्षा क्षमताओं को बढ़ाना और एक मजबूत घरेलू एयरोस्पेस औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र को विकसित करना है। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि निष्पादन मॉडल प्रतिस्पर्धी आधार पर निजी और सार्वजनिक क्षेत्रों को समान अवसर प्रदान करता है। इसमें कहा गया है कि इकाई या बोली लगाने वाली देश के कानूनों और नियमों का अनुपालन करने वाली भारतीय कंपनी होनी चाहिए। मंत्रालय ने कहा कि यह उन्नत मध्यम लड़ाकू विमान प्रोटोटाइप विकसित करने के लिए स्वदेशी विशेषज्ञता, क्षमता और इसका उपयोग करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो एयरोस्पेस क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में एक बड़ा मील का पत्थर होगा।
3. पीएम मोदी ने गुजरात में 5,536 करोड़ के प्रोजेक्ट्स का किया लोकार्पण व शिलान्यास
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को “शहरी विकास वर्ष 2005” के 20 वर्ष पूरे होने के अवसर पर गांधीनगर स्थित महात्मा मंदिर में आयोजित एक समारोह में शामिल हुए। प्रधानमंत्री मोदी ने शहरी विकास, स्वास्थ्य और जल आपूर्ति से संबंधित कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शहरी विकास विभाग, सड़क एवं भवन विभाग, जल संसाधन विभाग, स्वास्थ्य विभाग तथा राजस्व विभाग के लिए 5,536 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट्स का लोकार्पण तथा शिलान्यास किया। इनमें शहरी विकास विभाग अंतर्गत 1447 करोड़ रुपये के जामनगर, सूरत, अहमदाबाद, गांधीनगर तथा जूनागढ शहर के विभिन्न प्रोजेक्ट्स का लोकार्पण किया। प्रधानमंत्री ने 1347 करोड़ रुपये के शहरी विकास कार्य और अहमदाबाद में 1000 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले साबरमती रिवरफ्रंट फेज-3 का शिलान्यास किया। प्रधानमंत्री मोदी ने प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत 1006 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 22 हजार से अधिक आवासीय इकाइयों का लोकार्पण भी किया।
4. डीआरडीओ ने सामरिक और रक्षा एप्लीकेशन्स के लिए स्वदेशी क्वांटम क्षमताओं को और मजबूत करने के लिए क्वांटम प्रौद्योगिकी अनुसंधान केन्द्र का उद्घाटन किया
रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) ने 27 मई, 2025 को दिल्ली के मेटकाफ हाउस में क्वांटम प्रौद्योगिकी अनुसंधान केन्द्र (क्यूटीआरसी) का उद्घाटन किया। इस सुविधा का उद्घाटन रक्षा अनुसंधान एवं विकास विभाग के सचिव और डीआरडीओ के अध्यक्ष डॉ. समीर वी कामत ने किया, जिसका उद्देश्य सामरिक और रक्षा एप्लीकेशन्स के लिए स्वदेशी क्वांटम क्षमताओं को और मजबूत करना है। क्यूआरटीसी अत्याधुनिक प्रायोगिक सेट-अप से सुसज्जित है, जिसे महत्वपूर्ण क्वांटम डोमेन में अनुसंधान और विकास को बढ़ावा देने के लिए डिज़ाइन किया गया है। इस केन्द्र की प्रमुख क्षमताओं में वर्टिकल-कैविटी सरफेस-एमिटिंग लेजर और डिस्ट्रिब्यूटेड फीडबैक लेजर का लक्षण वर्णन; सिंगल-फोटॉन स्रोतों के मूल्यांकन के लिए टेस्ट-बेड; माइक्रो फैब्रिकेटेड अल्कली वेपर सेल के लक्षण वर्णन के लिए सेट-अप; और क्वांटम कुंजी वितरण तकनीकों को विकसित करने और मान्य करने के लिए प्रायोगिक प्लेटफ़ॉर्म शामिल हैं, ताकि क्वांटम युग के बाद अल्ट्रा-सिक्योर सम्पर्क को सक्षम किया जा सके और राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा की जा सके, जिसका नेतृत्व डीआरडीओ के वैज्ञानिक विश्लेषण समूह (एसएजी) द्वारा किया जाता है।
5. अपना डिजिपिन जानें’ और ‘अपना पिन कोड जानें’ वेब पोर्टल का शुभारंभ
संचार मंत्रालय के डाक विभाग ने दो परिवर्तनकारी डिजिटल प्लेटफॉर्म की शुरूआत की: ‘अपना डिजीपिन जानें’ और ‘अपना पिन कोड जानें’, जो भारत की पता प्रणाली और भू-स्थानिक शासन के आधुनिकीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इन प्लेटफार्मों को राष्ट्रीय भू-स्थानिक नीति 2022 के अनुरूप शुरू किया गया, जिसमें डिजिटल शासन और सार्वजनिक सेवा वितरण में सहयोग के लिए एक उन्नत भू-स्थानिक बुनियादी ढांचे के विकास की परिकल्पना की गई है।
डिजिपिन (डिजिटल पोस्टल इंडेक्स नंबर) एक ओपन-सोर्स, इंटरऑपरेबल, जियो-कोडेड, ग्रिड-आधारित डिजिटल एड्रेस सिस्टम है जिसे डाक विभाग ने आईआईटी हैदराबाद और एनआरएससी, इसरो के सहयोग से विकसित किया है। यह डाक विभाग के एड्रेस-एज-ए-सर्विस (एएएएस) पेश करने की कल्पना का आधार है – उपयोगकर्ताओं, सरकारी संस्थाओं और निजी क्षेत्र के संगठनों के बीच सुरक्षित और कुशल बातचीत का समर्थन करने के लिए पता डेटा प्रबंधन से जुड़ी जनता को दी जाने वाली सेवाओं का एक दायरा है। यह पहल लोकेशन मैपिंग को सरल बनाती है, लॉजिस्टिक्स और आपातकालीन प्रतिक्रिया को बढ़ाती है, और अंतिम मील तक डिलीवरी सुनिश्चित करती है, खासकर ग्रामीण और वंचित क्षेत्रों में।
1972 में शुरू की गई छह अंकों की पिन कोड प्रणाली ने भारत की डाक डिलीवरी की रीढ़ की हड्डी के रूप में काम किया है। हालाँकि, इसकी भौगोलिक सटीकता को आधुनिक बनाने और परिष्कृत करने की आवश्यकता को पहचानते हुए, विभाग ने देश की सभी पिन कोड सीमाओं को भौगोलिक संदर्भ देने के लिए सभी डाक क्षेत्रों में एक राष्ट्रीय जियोफेंसिंग अभ्यास किया। इसके आधार पर, डाक विभाग ने अब ‘अपना पिन कोड जानें’ वेब एप्लिकेशन लॉन्च किया है जो उपयोगकर्ताओं को अनुमति देने के लिए जीएनएसएस स्थान सुविधाओं का उपयोग करता है:
6. केंद्रीय मंत्री श्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2025 के 9वें संस्करण के विषय का अनावरण किया: ‘नवाचार से परिवर्तन’
केंद्रीय संचार और पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री श्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2025 के 9वें संस्करण के लिए थीम के रूप में ‘इनोवेट टू ट्रांसफॉर्म‘ का अनावरण किया। इस वर्ष के संस्करण का आयोजन 8 से 11 अक्टूबर 2025 तक यशोभूमि कन्वेंशन सेंटर, नई दिल्ली में किया जाएगा। इस सम्मेलन का उद्देश्य सहयोग को बढ़ावा देने के साथ-साथ अत्याधुनिक प्रगति को प्रदर्शित करते हुए तेजी से विकसित हो रहे डिजिटल परिदृश्य की चुनौतियों और अवसरों का समाधान करके अपनी विरासत को आगे बढाना है। इस वर्ष आईएमसी 2025 का विषय भविष्य को आकार देने और उद्योग और बुनियादी ढांचे से लेकर समाज और स्थिरता तक सभी क्षेत्रों में वास्तविक, परिवर्तनकारी बदलाव को सक्षम करने में नवाचार की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करता है।
7. भारत ने ब्रासीलिया में 9वीं ब्रिक्स उद्योग मंत्रियों की बैठक में भाग लिया
भारत ने 21 मई 2025 को इटामारती पैलेस, ब्रासीलिया – संघीय जिले में ब्राजील की अध्यक्षता में आयोजित 9वीं ब्रिक्स उद्योग मंत्रियों की बैठक में भाग लिया। बैठक का मुख्य विषय “अधिक समावेशी और टिकाऊ शासन के लिए वैश्विक दक्षिण सहयोग को मजबूत करना” था। बैठक में ब्राजील, रूस, भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीका सहित सभी ब्रिक्स सदस्य देशों के उद्योग मंत्री और प्रतिनिधि मौजूद थे, साथ ही नए शामिल सदस्य मिस्र, इथियोपिया, ईरान, इंडोनेशिया, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात भी मौजूद थे। बैठक में अपनाए गए संयुक्त घोषणापत्र में तेजी से हो रहे वैश्विक बदलावों के बीच खुले, निष्पक्ष और लचीले वैश्विक माहौल को बढ़ावा देने, बहुपक्षीय प्रणाली को मजबूत करने और आर्थिक और सामाजिक लचीलापन बढ़ाने की सामूहिक प्रतिबद्धता की पुष्टि की गई। एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में, भारत ने 31 जनवरी 2025 को ब्रिक्स स्टार्ट-अप फोरम के तत्वावधान में ब्रिक्स स्टार्टअप नॉलेज हब लॉन्च किया। यह ब्रिक्स देशों के लिए अपनी तरह का पहला समर्पित मंच है, जिसका उद्देश्य सीमा पार सहयोग को बढ़ाना और सदस्य देशों में स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करना है।
8. गुजरात 100% रेल विद्युतीकरण हासिल करने वाला 24वां राज्य/केंद्र शासित प्रदेश
गुजरात, रेल पटरियों का 100% विद्युतीकरण करने वाला देश का 24वां राज्य/केंद्र शासित प्रदेश बन गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के दाहोद में दाहोद इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव फैक्ट्री के उद्घाटन के दौरान गुजरात की उपलब्धियों की घोषणा की। दाहोद इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव फैक्ट्री की स्थापना भारतीय रेलवे ने सीमेंस के सहयोग से मालगाड़ियों के लिए भारत का पहला 9000 एचपी लोकोमोटिव इंजन बनाने के लिए की है। भारत में पहली विद्युत चालित ट्रेन 1925 में मुंबई से ठाणे तक चली थी। पहली पंचवर्षीय योजना (1951-1956) में, केंद्र सरकार ने देश के 141 किलोमीटर रेल मार्गों को विद्युतीकृत करने का लक्ष्य रखा था।
9. सरकार ने आरओडीटीईपी शुल्क छूट योजना को ईओयू , एए और एसईज़ेड इकाई तक बढ़ाया
केंद्र सरकार ने निर्यात उत्पादों पर शुल्क और करों में छूट (आरओडीटीईपी) योजना को अग्रिम प्राधिकरण (एए) धारकों, निर्यातोन्मुख इकाइयों (ईओयू) और विशेष आर्थिक क्षेत्रों (एसईजेड) में परिचालन करने वाली इकाइयों तक बढ़ा दिया है। एए, ईओयू और एसईजेड को मिलने वाले आरओडीटीईपी के लाभ 6 फरवरी 2025 को समाप्त हो गए थे। आरओडीटीईपी का लाभ एए धारकों, ईओयू और एसईज़ेड इकाइयों को 1 जून 2025 से उपलब्ध होगा। निर्यातित उत्पादों पर शुल्क और करों की छूट (आरओडीटीईपी) भारत से निर्यात को बढ़ावा देने के लिए भारत सरकार की कई कर प्रोत्साहन योजनाओं में से एक है। आरओडीटीईपी योजना केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर और सीमा शुल्क बोर्ड (सीबीआईसी) द्वारा कार्यान्वित की जा रही है। इसे 1 जनवरी 2021 को शुरू किया गया था और इसने भारत से व्यापारिक निर्यात योजना (एमईआईएस) की जगह ली थी।
10. एसकेयूएएसटी, कश्मीर के डॉ. शाह और उनकी टीम ने भारत की पहली जीन संपादित भेड़ बनाई
कश्मीर स्थित ,शेर-ए-कश्मीर कृषि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एसकेयूएएसटी), में पशु जैव प्रौद्योगिकी के प्रोफेसर डॉ रियाज अहमद शाह के नेतृत्व में विशेषज्ञों की एक टीम ने भारत की पहली जीन-संपादित भेड़ बनाकर एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। डॉ रियाज उस टीम के प्रमुख भी थे जिसने 2012 में भारत की पहली क्लोन पश्मीना बकरी ‘नूरी’ बनाई थी। नूरी का 2023 में निधन हो गया था। डीएनए (डीऑक्सीराइबोन्यूक्लिक एसिड) एक अणु है जो किसी जीव के विकास और कार्य करने के लिए आवश्यक सभी जानकारी होती है। यह मुख्य रूप से जीव की कोशिकाओं के नाभिक में स्थित होता है। आनुवंशिक जानकारी माता-पिता द्वारा अपनी संतानों को एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी को डीएनए के द्वारा पहुँचाई जाती है। जीन-संपादन से तात्पर्य किसी जीव के डीएनए में जानबूझकर किए गए परिवर्तनों से है, ताकि उस जीव में में वांछित परिवर्तन प्राप्त किया जा सके।
11. सुहल में आयोजित 2025 आईएसएसएफ जूनियर विश्व कप में भारत पदक तालिका में शीर्ष पर
भारत ने जर्मनी के सुहल शहर में आयोजित आईएसएसएफ जूनियर विश्व कप 2025 में चीन को पीछे छोड़ते हुए ,पदक तालिका में शीर्ष स्थान प्राप्त कर अपना अभियान समाप्त किया। भारत के जूनियर निशानेबाजों ने 11 – तीन स्वर्ण, चार रजत ,चार कांस्य पदक जीते जबकि चीन ने इस प्रतियोगिता में चार पदक जीते। आईएसएसएफ जूनियर विश्व कप राइफल/पिस्टल/शॉटगन 2025 का आयोजन अंतर्राष्ट्रीय निशानेबाजी खेल महासंघ (आईएसएसएफ) द्वारा जर्मनी के सुहल शहर में 19-27 मई 2025 तक किया गया था। सुहल इस परतियोगिता में जूनियर विश्व कप में 59 देशों के 638 निशानेबाजों ने भाग लिया। भारत ने विश्व कप के लिए 57 निशानेबाजों का सबसे बड़ा दल भेजा। रूस और बेलारूस के निशानेबाजों ने एआईएन (व्यक्तिगत तटस्थ एथलीट) ध्वज के तहत प्रतिस्पर्धा की। आईएसएसएफ ने यूक्रेन पर रूसी आक्रमण और बेलारूस द्वारा रूस का समर्थन करने के कारण रूसी और बेलारूसी निशानेबाज़ी संघ पर प्रतिबंध लगा दिया है।
12. एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप : गुलवीर सिंह ने दौड़ में स्वर्ण और सर्विन सेबेस्टियन ने रेस वॉक में कांस्य पदक जीता
भारत के गुलवीर सिंह ने दक्षिण कोरिया के गुमी में एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में पुरुषों की दस हजार मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीत लिया है। गुलवीर ने 28 मिनट 38.63 सेकंड का समय लेकर शीर्ष स्थान प्राप्त किया। इससे पहले, सर्विन सेबेस्टियन ने चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर पदक तालिका में भारत का खाता खोला था। सर्विन ने पुरुषों की 20 किलोमीटर पैदलचाल स्पर्धा में 1 घंटा 21 मिनट और 13.6 सेकंड का समय लेकर कांस्य पदक हासिल किया। चीन के वांग झाओझाओ ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि जापान के केंटो योशिकावा को रजत पदक मिला।
13. पहली बार फॉर्मूला 2 रेस जीतने वाले भारतीय बने कुश मैनी
भारतीय मोटरस्पोर्ट के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि में, कुश मैनी ने फॉर्मूला 2 रेस जीतने वाले पहले भारतीय ड्राइवर बनकर इतिहास रच दिया। उन्होंने 24 मई 2025 को मोनाको ग्रां प्री स्प्रिंट रेस में शानदार प्रदर्शन करते हुए यह जीत हासिल की। डैम्स लुकास ऑयल टीम के लिए ड्राइव करते हुए मैनी ने 30 लैप्स की पूरी रेस में अपनी बढ़त बनाए रखी, और मोनाको के जटिल स्ट्रीट सर्किट पर जीत दर्ज की। कुश मैनी (24 वर्ष) BWT अल्पाइन F1 टीम के रिज़र्व ड्राइवर हैं। वे अर्जुन मैनी के छोटे भाई हैं और बेंगलुरु से ताल्लुक रखते हैं।
14. आर्सेनल ने बार्सिलोना को हराकर 2025 की महिला चैंपियंस लीग जीती
पुर्तगाल के लिस्बन स्थित एस्टादियो जोस अलवालाडे स्टेडियम में 24 मई 2025 को खेले गए एक ऐतिहासिक मुकाबले में आर्सेनल ने मौजूदा चैंपियन एफसी बार्सिलोना को 1-0 से हराकर अपना दूसरा यूईएफए महिला चैंपियंस लीग (UWCL) खिताब जीत लिया। मुकाबले का निर्णायक क्षण 75वें मिनट में आया, जब सब्स्टीट्यूट खिलाड़ी स्टिना ब्लैकस्टेनियस ने बेथ मीड के शानदार असिस्ट पर गोल दागा। यह जीत इसलिए ऐतिहासिक रही क्योंकि यह 2007 के बाद पहली बार है जब आर्सेनल ने यह ट्रॉफी जीती है और साथ ही किसी इंग्लिश महिला क्लब ने इतने वर्षों बाद खिताब अपने नाम किया है। आर्सेनल ने बार्सिलोना के लगातार तीसरी बार UWCL जीतने के सपने को तोड़ दिया।
15. भारत हर साल खेलो इंडिया नॉर्थईस्ट गेम्स की मेजबानी करेगा
केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने घोषणा की है कि खेलो इंडिया नॉर्थईस्ट गेम्स अब हर साल आयोजित किए जाएंगे और ये भारत के आठ पूर्वोत्तर राज्यों में घुमावदार रूप से आयोजित होंगे। इस पहल का उद्देश्य क्षेत्र की अपार खेल प्रतिभा का विकास करना और पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देना है, जिससे पूर्वोत्तर को राष्ट्रीय खेल परिदृश्य में बेहतर तरीके से जोड़ा जा सके। केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने यह घोषणा 2025 के राइजिंग नॉर्थईस्ट इन्वेस्टर्स समिट में नई दिल्ली में की।
16. संयुक्त राष्ट्र ने 25 मई को विश्व फुटबॉल दिवस घोषित किया
संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) ने 25 मई को ‘विश्व फुटबॉल दिवस’ (World Football Day) के रूप में मनाने की घोषणा की है। यह निर्णय 7 मई 2024 को सर्वसम्मति से पारित किया गया, जो 1924 के पेरिस ग्रीष्मकालीन ओलंपिक में फुटबॉल की वैश्विक भागीदारी के 100 वर्ष पूरे होने का प्रतीक है। यह प्रस्ताव लीबिया के राजदूत ताहेर एल-सोनी ने पेश किया था, जिसमें फुटबॉल के सांस्कृतिक, सामाजिक और एकजुटता प्रदान करने वाले प्रभाव को मान्यता दी गई है।
17. गैर-स्वशासित प्रदेशों के लोगों के साथ एकजुटता का अंतर्राष्ट्रीय सप्ताह 2025: 25 से 31 मई
संयुक्त राष्ट्र द्वारा ‘गैर-स्वशासी क्षेत्रों के लोगों के साथ एकजुटता का अंतरराष्ट्रीय सप्ताह’ हर वर्ष 25 से 31 मई तक मनाया जाता है। इसका उद्देश्य उपनिवेशवाद समाप्त करने और आत्म-निर्णय के अधिकार को सुदृढ़ करना है। यह पहल उन लोगों की स्थिति पर प्रकाश डालती है जो अब भी पूर्ण स्व-शासन प्राप्त नहीं कर पाए हैं, और उनके राजनीतिक, आर्थिक एवं सामाजिक विकास के लिए अंतरराष्ट्रीय समर्थन जुटाती है। यह सप्ताह संवाद, सहयोग और एकजुटता को बढ़ावा देता है ताकि संयुक्त राष्ट्र चार्टर में निहित सिद्धांतों को सभी के लिए लागू किया जा सके। यह सप्ताह 6 दिसंबर 1999 को महासभा के प्रस्ताव A/RES/54/91 द्वारा स्थापित किया गया था।
JOIN TELEGRAM : https://t.me/guruggkwala
THNKS TO SUPPORT GURUGGKWALA