27 September 2025 Current Affairs -GurugGkwala

9–12 minutes


1. राष्ट्रपति ने नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन के सांस्कृतिक केंद्र में राष्ट्रीय भूविज्ञान पुरस्कार 2024 प्रदान किए

राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने 26 सितंबर, 2025 को राष्ट्रपति भवन के सांस्कृतिक केंद्र में आयोजित एक समारोह में भूविज्ञान के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए राष्ट्रीय भूविज्ञान पुरस्कार-2024 प्रदान किए। भारत सरकार के खनन मंत्रालय द्वारा 1966 में स्थापित राष्ट्रीय भूविज्ञान पुरस्कार, भूविज्ञान के विभिन्न क्षेत्रों, जैसे खनिज खोज एवं अन्वेषण, मूलभूत/अनुप्रयुक्त भूविज्ञान, खनन और संबद्ध क्षेत्रों में असाधारण उपलब्धियों और उत्कृष्ट योगदान के लिए व्यक्तियों और टीमों को मान्यता प्रदान करता है। इस वर्ष, 20 प्रख्यात भूवैज्ञानिकों को तीन श्रेणियों के अंतर्गत 12 पुरस्कारों से सम्मानित किया गया, जिनमें आजीवन उपलब्धि के लिए राष्ट्रीय भूविज्ञान पुरस्कार (01 पुरस्कार), राष्ट्रीय युवा भूवैज्ञानिक पुरस्कार (01 पुरस्कार) और राष्ट्रीय भूविज्ञान पुरस्कार (भूविज्ञान के विभिन्न क्षेत्रों में 10 पुरस्कार) शामिल हैं। 2024 का राष्ट्रीय भूविज्ञान लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार प्रोफेसर श्याम सुंदर राय, वरिष्ठ वैज्ञानिक, आईएनएसए और विजिटिंग प्रोफेसर, आईआईएसईआर पुणे को प्रायद्वीपीय भारत, पश्चिमी हिमालय और लद्दाख में अग्रणी भूकंपीय अनुसंधान सहित ठोस पृथ्वी और अन्वेषण भूभौतिकी में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रदान किया गया। राष्ट्रीय युवा भूवैज्ञानिक पुरस्कार 2024 भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के वरिष्ठ भूविज्ञानी श्री सुशोभन नियोगी को मेघालय और झारखंड के मोबाइल और थ्रस्ट बेल्ट, बुंदेलखंड क्रेटन आदि के टेक्टोनिक विकास पर उनके अग्रणी कार्य के लिए प्रदान किया गया, जिससे सुपरकॉन्टिनेंट असेंबली और खनिज उत्पत्ति के ज्ञान में वृद्धि हुई।

2. पीएम मोदी ने बिहार में महिला रोजगार योजना की लॉन्च

प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार को बिहार में ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ का वर्चुअली शुभारंभ किया। राज्य में जिला, ब्लॉक, क्लस्टर और गांव जैसे कई प्रशासनिक स्तरों पर एक राज्यव्यापी कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस कार्यक्रम में लाखों महिलाएं साक्षी बनीं। कार्यक्रम के दौरान, प्रधानमंत्री ने बिहार की 75 लाख महिलाओं के बैंक खातों में सीधे 10-10 हज़ार रुपये हस्तांतरित किए, जो कुल 7,500 करोड़ रुपये की राशि है। बिहार सरकार की एक पहल, इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और स्व-रोज़गार एवं आजीविका के अवसरों के माध्यम से महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है। यह योजना राज्य के प्रत्येक परिवार की एक महिला को वित्तीय सहायता प्रदान करेगी, जिससे वे अपनी पसंद का रोजगार या आजीविका से जुड़े कार्य शुरू कर सकेंगी। इससे आर्थिक स्वतंत्रता और सामाजिक सशक्तिकरण को बढ़ावा मिलेगा। इस योजना के तहत, प्रत्येक लाभार्थी को प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के माध्यम से 10,000 रुपये का प्रारंभिक अनुदान मिलेगा और बाद के चरणों में 2 लाख रुपये तक की अतिरिक्त वित्तीय सहायता की संभावना है। इस सहायता का उपयोग लाभार्थी अपनी पसंद के क्षेत्रों में कर सकता है, जिसमें कृषि, पशुपालन, हस्तशिल्प, सिलाई-बुनाई और अन्य लघु-स्तरीय उद्यम शामिल हैं।

3. अंडमान सागर में प्राकृतिक गैस का बड़ा भंडार मिला

पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा है कि अंडमान बेसिन में प्राकृतिक गैस की खोज से पुष्टि होती है कि अंडमान सागर प्राकृतिक गैस से समृद्ध है। उन्‍होंने अंडमान द्वीप समूह के पूर्वी तट पर श्री विजयपुरम-2 कुएं में प्राकृतिक गैस होने की जानकारी दी। श्री पुरी ने कहा कि गैस के नमूने का काकीनाडा में परीक्षण करने पर जानकारी मिली कि उनमें 87 प्रतिशत मीथेन है। उन्‍होंने कहा कि गैस भंडार का आकार और खोज की व्यावसायिक व्‍यवहारिकता आने वाले महीनों में सत्यापित हो जाएगी।

4. आयुष मंत्रालय ने नई दिल्ली में पारंपरिक चिकित्सा पर दूसरे विश्व स्वास्थ्य संगठन वैश्विक शिखर सम्मेलन की सह-मेजबानी के लिए विश्व स्वास्थ्य संगठन के साथ समझौते पर हस्ताक्षर किए

आयुष मंत्रालय ने विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के साथ पारंपरिक चिकित्सा पर दूसरे डब्ल्यूएचओ वैश्विक शिखर सम्मेलन की सह-मेजबानी के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर किए। इस शिखर सम्मेलन का विषय होगा: ‘‘लोगों और ग्रह के लिए संतुलन बहाल करना: कल्याण का विज्ञान और अभ्यास’’। शिखर सम्मेलन 17 से 19 दिसंबर 2025 तक नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा। आगामी शिखर सम्मेलन की गतिविधियों और प्रगति की निगरानी के लिए आयोजित द्वितीय शिखर सम्मेलन योजना समूह की बैठक के दौरान केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री प्रतापराव जाधव और आयुष मंत्रालय के सचिव की उपस्थिति में समझौते पर हस्ताक्षर किए गए। यह वैश्विक शिखर सम्मेलन वैश्विक स्वास्थ्य और सतत विकास में पारंपरिक चिकित्सा की भूमिका को आगे बढ़ाने के लिए विशेषज्ञों, नीति निर्माताओं और हितधारकों को एक साथ लाने वाला एक महत्वपूर्ण अंतर्राष्ट्रीय मंच के रूप में कार्य करेगा।

5. एफएसएसएआई और ऑस्ट्रेलिया के कृषि, मत्स्य पालन और वानिकी विभाग ने खाद्य सुरक्षा के क्षेत्र में समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए

भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) और कृषि, मत्स्य पालन एवं वानिकी विभाग (डीएएफएफ), ऑस्ट्रेलिया ने 24 सितंबर 2025 को एफएसएसएआई मुख्यालय, नई दिल्ली में खाद्य सुरक्षा के क्षेत्र में एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच स्थायी साझेदारी में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जो खाद्य सुरक्षा के प्रति दोनों देशों की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है। यह समझौता ज्ञापन सर्वोत्तम प्रथाओं के आदान-प्रदान, ज्ञान साझा करने, आयात प्रक्रियाओं और क्षमता निर्माण पहलों सहित अन्य तकनीकी सहयोग के माध्यम से खाद्य सुरक्षा के क्षेत्र में सहयोग को मजबूत करेगा।

6. न्यायमूर्ति सौमेन सेन मेघालय उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश नियुक्त

भारत के संविधान द्वारा प्रदत्त शक्ति का प्रयोग करते हुए, राष्ट्रपति ने कलकत्ता उच्च न्यायालय के न्यायाधीश श्री न्यायमूर्ति सौमेन सेन को मेघालय उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में नियुक्ति को स्वीकृति दी है। यह नियुक्ति उनके कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावी होगी।

7. “प्रयास”-एआईआईए गोवा में देश का पहला एकीकृत न्यूरो पुनर्वास केंद्र शुरू

आयुष मंत्रालय ने अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान (एआईआईए), गोवा में अपनी तरह का पहला एकीकृत न्यूरो-पुनर्वास केंद्र “प्रयास” शुरू किया है। यह बहु-विषयक केंद्र आयुर्वेद, फिजियोथेरेपी, योग, स्पीच थेरेपी, ऑक्यूपेशनल थेरेपी और आधुनिक बाल चिकित्सा को एक ही छत के नीचे लाता है। इसे विशेष रूप से तंत्रिका संबंधी और विकासात्मक चुनौतियों का सामना कर रहे बच्चों के लिए समर्पित किया गया है। इसका शुभारंभ 10वें आयुर्वेद दिवस के अवसर पर केंद्रीय आयुष (स्वतंत्र प्रभार) एवं स्वास्थ्य और परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने विद्युत एवं नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा राज्य मंत्री श्रीपद येसो नाइक, मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों और एआईआईए गोवा के संकाय सदस्यों की उपस्थिति में किया।

8. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा ने किया ग्लोबल फूड रेगुलेटर्स समिट 2025 का उद्घाटन

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे. पी. नड्डा ने नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में ग्लोबल फूड रेगुलेटर्स समिट 2025 के तीसरे संस्करण का उद्घाटन किया। यह सम्मेलन खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) द्वारा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के तहत आयोजित किया गया है। इस वर्ष के सम्मेलन की थीम “यथा अन्नं तथा मनः”है, जो भोजन की गुणवत्ता और मानसिक-शारीरिक स्वास्थ्य के गहरे संबंध को दर्शाती है। इस बार के सम्मेलन में 59 देशों के प्रतिनिधियों के साथ-साथ विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO), विश्व व्यापार संगठन (WTO) जैसे प्रमुख अंतरराष्ट्रीय संगठनों तथा देशभर से 100 से अधिक विशेषज्ञों ने भाग लिया।

9. नितिन गडकरी ने भारत के पहले हाइड्रोजन हाईवे का शुभारंभ किया

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने शुक्रवार को भारत के पहले हाइड्रोजन हाईवे की शुरुआत की। इस हाईवे को बनाने का मकसद ग्रीन हाइड्रोजन की पहल को बढ़ावा देना और लंबी दूरी के माल ढुलाई को स्वच्छ ऊर्जा से जोड़ना है। इस प्रोजेक्ट के तहत प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्ग गलियारों पर हाइड्रोजन फ्यूलिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। ये परीक्षण दो वर्षों तक चलेंगे और इसमें फरीदाबाद साहिबाबाद ग्रेटर नोएडा दिल्ली आगरा जैसे प्रमुख मार्ग शामिल होंगे जो उद्योग क्लस्टर बंदरगाहों और माल परिवहन गलियारों को जोड़ेंगे जहां हाइड्रोजन तत्काल प्रभाव डाल सकता है। कार्यक्रम में गडकरी ने कहा कि “हाइड्रोजन भविष्य का ईंधन है।” उन्होंने बताया कि भारत में दुनिया का पहला बड़े पैमाने पर हाइड्रोजन ट्रक ट्रायल शुरू किया गया है। इस ट्रायल के लिए 10 रूटों पर 5 कंसोर्टियम को चुना गया है। इनके पास 37 वाहन होंगे और इसके लिए 500 करोड़ रुपये का बजट तय किया गया है। इन ट्रायल को सपोर्ट करने के लिए 9 हाइड्रोजन रिफ्यूलिंग स्टेशन बनाए जाएंगे। यह नेटवर्क भारत का पहला हाइड्रोजन हाईवे होगा, जो स्वच्छ और लंबी दूरी की यात्रा के लिए इकोसिस्टम तैयार करेगा।

10. विश्व पर्यटन दिवस 2025

विश्व पर्यटन दिवस, जो हर साल 27 सितंबर को संयुक्त राष्ट्र विश्व पर्यटन संगठन (यूएनडब्ल्यूटीओ) की पहल पर मनाया जाता है, इसे पहली बार 1980 में मनाया गया था। भारत के लिए एक अवसर है कि वह अपनी समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर और सतत पर्यटन की यात्रा को प्रदर्शित करे। 2025 की थीम “पर्यटन और सतत परिवर्तन” पीएम मोदी के “विकास और विरासत” के एजेंडे को साकार करती है। भारत का पर्यटन क्षेत्र अभूतपूर्व वृद्धि का साक्षी बना है। 2021 में 15.27 लाख विदेशी पर्यटक आगमन (एफटीए) से बढ़कर 2024 में यह 99.52 लाख हो गया। 2025 के अगस्त तक एफटीए 56 लाख और घरेलू पर्यटक यात्राएं 303.59 करोड़ तक पहुंच गईं। वहीं चिकित्सा पर्यटन में भी उछाल आया-2025 के अप्रैल तक 1,31,856 विदेशी मरीज आए, जो कुल एफटीए का 4.1% है। जून 2025 तक इनबाउंड पर्यटन 16.5 लाख और आउटबाउंड 84.4 लाख यात्रियों पर पहुंचा, जिससे 51,532 करोड़ रुपये की विदेशी मुद्रा आय हुई। राष्ट्रीय लेखा सांख्यिकी 2025 के मुताबिक 2023-24 में पर्यटन ने जीडीपी में 15.73 लाख करोड़ रुपये (5.22%) का योगदान दिया।

JOIN TELEGRAM : https://t.me/guruggkwala

THNKS TO GURUGGKWALA

Shopping Cart
Scroll to Top