27 February 2026 Current Affairs – GurugGkwala

13–16 minutes


1. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु जैसलमेर में भारतीय वायु सेना का ‘वायु शक्ति’ अभ्यास देखेंगी

राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु राजस्‍थान के जैसलमेर में भारतीय वायुसेना का वायुशक्ति अ‍भ्‍यास देखेंगी। राष्‍ट्रपति राजस्‍थान के दो दिन के दौरे पर हैं। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि वायुशक्ति अभ्‍यास से पहले वे स्‍वदेशी हल्‍के लड़ाकू हेलीकॉप्‍टर प्रचंड में उड़ान भरेंगी। प्रचंड हेलीकॉप्‍टर स्‍वदेश में विकसित और विनिर्मित देश का पहला लड़ाकू हेलीकॉप्‍टर है। हिन्‍दुस्‍तान एयरोनोटिक्‍स लिमिटेड ने इसका विनिर्माण किया है। राष्‍ट्रपति मुर्मु भारत-पाकिस्‍तान सीमा के निकट पोखरन फायरिंग रेंज से भारतीय वायु सेना का वायुशक्ति प्रदर्शन देखेंगी।

2. भारत–इस्राएल के बीच संस्कृति, भू-भौतिकीय अन्वेषण, मत्स्य-जलीय कृषि, यूपीआई और एआई आधारित शिक्षा समेत कई क्षेत्रों में समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान

भारत और इस्राएल ने सांस्कृतिक आदान-प्रदान, भू-भौतिकीय अन्वेषण, मत्स्य पालन और जलीय कृषि, यूपीआई और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के उपयोग के माध्यम से शिक्षा को बढ़ावा देने सहित कई क्षेत्रों में समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान किया है । ये समझौता ज्ञापन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इस्राएल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के बाद हुए हैं। भारत और इजरायल ने गुरुवार को यूपीआई के क्रॉस-बॉर्डर (सीमापार) इस्तेमाल के लिए समझौता किया। इससे दोनों देशों के बीच डिजिटल और वित्तीय साझेदारी मजबूत होगी। इस साझेदारी के तहत, यूपीआई इजरायल के घरेलू पेमेंट फ्रेमवर्क से जुड़ेगा। इससे डिजिटल लेनदेन अधिक तेज और किफायती होंगे। यूपीआई का इस्तेमाल वर्तमान में आठ से अधिक देशों संयुक्त अरब अमीरात, सिंगापुर, भूटान, नेपाल, श्रीलंका, फ्रांस, मॉरीशस और कतर में हो रहा है।

3. यूपी सरकार और यामानाशी के बीच ग्रीन हाइड्रोजन तकनीक पर ऐतिहासिक समझौता

जापान दौरे पर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। यूपी सरकार ने जापान के यामानाशी प्रांत के साथ ग्रीन हाइड्रोजन तकनीक को लेकर ऐतिहासिक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं, जिसके तहत भारतीय छात्रों को जापान में उच्चस्तरीय प्रशिक्षण मिलेगा। सीएम योगी ने यामानाशी में आयोजित यूपी इन्वेस्टमेंट रोड शो में प्रदेश की नई विकास नीति और निवेश संभावनाओं को वैश्विक उद्योग जगत के सामने प्रमुखता से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने बताया कि उत्तर प्रदेश व यामानाशी के बीच ग्रीन हाइड्रोजन तकनीक को लेकर ऐतिहासिक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर हुए हैं। इसके तहत उत्तर प्रदेश के उच्च तकनीकी संस्थानों के छात्र जापान में प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे और इस तकनीक को प्रदेश की इंडस्ट्री, पब्लिक ट्रांसपोर्ट और ऊर्जा क्षेत्र में लागू किया जाएगा। यह पहल प्रधानमंत्री मोदी के नेट जीरो लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। योगी ने कहा कि हमारे प्रतिनिधिमंडल ने टोक्यो में कई जी2जी (गवर्नमेंट टू गवर्नमेंट) और जी2बी (गवर्नमेंट टू बिजनेस) स्तर की बैठकों में भाग लिया, जहां भारतीय दूतावास के सहयोग से जापानी उद्योग समूहों से व्यापक संवाद हुआ।

4. भारतीय रेलवे का बड़ा डिजिटल कदम, रेल टेक पोर्टल और e-RCT सिस्टम लॉन्च

भारतीय रेलवे ने तकनीक और पारदर्शिता को बढ़ावा देने के लिए दो बड़े सुधारों की घोषणा की है। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ‘52 Reforms in 52 Weeks’ पहल के तहत रेल टेक पॉलिसी औरe-RCT सिस्टम को लॉन्च किया। इन सुधारों का उद्देश्य रेलवे में नवाचार को बढ़ावा देना और क्लेम ट्रिब्यूनल की पूरी प्रक्रिया को डिजिटल बनाना है। नई रेल टेक पॉलिसी के तहत एक समर्पितRailTech Portal शुरू किया गया है, जहां स्टार्टअप्स, इनोवेटर्स, इंडस्ट्री और संस्थान सीधे भारतीय रेलवे के साथ जुड़ सकेंगे। अब कोई भी मजबूत तकनीकी आइडिया रखने वाला व्यक्ति डिजिटल पोर्टल के माध्यम से प्रस्ताव दे सकेगा। सुधार नंबर चार के रूप में रेलवे क्लेम ट्रिब्यूनल (RCT) को पूरी तरह डिजिटल बनाने की घोषणा की गई। अब दुर्घटना या अन्य रेलवे क्लेम मामलों के लिए यात्रियों को ट्रिब्यूनल जाने की जरूरत नहीं होगी।

5. भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण और गूगल के बीच गूगल मैप पर अधिकृत आधार केंद्र प्रदर्शित को लेकर समझौता

भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण – यूआईडीएआई और गूगल ने गूगल मैप पर अधिकृत आधार केंद्रों को प्रदर्शित करने के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने कहा है कि इस कदम से देशभर के निवासियों के लिए पहुंच आसान और सुविधाजनक होगी। मंत्रालय ने कहा है कि इससे दिव्यांग-अनुकूल बुनियादी ढांचा, पार्किंग सुविधाओं की उपलब्धता और संचालन समय जैसी सुविधाओं सहित केंद्र की पहुंच से संबंधित जानकारी भी प्रदर्शित की जाएगी, जिससे निवासियों को और अधिक सुविधा मिलेगी। यूआईडीएआई के मुख्य कार्यकारी अधिकारी भुवनेश कुमार ने कहा कि इस सहयोग से आधार नंबर धारकों के लिए जीवन आसान होगा और अधिकृत आधार केंद्रों तक पहुंचना अब तेज और पारदर्शी होगा।

6. राजस्थान की होमस्टे योजना 2026

राजस्थान सरकार ने राज्य में ग्रामीण पर्यटन और रोजगार को बढ़ावा देने के लिए बड़ा कदम उठाया गया है। शनिवार को पर्यटन विभाग की ओर से ईज ऑफ डूंईग बिजनेस और ईज ऑफ लिविंग के तहत योजना के प्रावधानों को सरल करते हुए राजस्थान होम स्टे योजना-2026 को घोषणा की गई। पर्यटन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव प्रवीण गुप्ता ने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए कई प्रावधानों को सरल कर दिया गया है। भारत सरकार के डी रेग्युलेशन 2.0 के तहत सिंगल विंडो सिस्टम लागू किया गया है। अब होमस्टे शुरू करने के लिए कई तरह की अनुमतियों के लिए अलग अलग विभागों में चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी। सभी अनुमतियां विभाग के सिंगली विंडों सिस्टम के तहत जारी होंगी। गुप्ता ने कहा कि 8 कमरे और 24 बेड की सीमा के साथ होम स्टे शुरू किया जा सकता है।

7. पंजाब सरकार ‘मेरी रसोई योजना’ के तहत 40 लाख परिवारों को खाद्य सामग्री उपलब्ध कराएगी

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ‘मेरी रसोईयोजना शुरु करने की 23 फरवरी 2026 को घोषणा की, जिसके तहत राज्य सरकार राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत पंजीकृत 40 लाख परिवारों को आवश्यक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराएगी। मान ने मंत्रिमंडल की बैठक की अध्यक्षता करने के बाद कहा कि इस पहल का उद्देश्य गरीब परिवारों के बच्चों का पर्याप्त पोषण सुनिश्चित करना है।

8. 475 वर्ष पुराना वसई कैथेड्रल को यूनेस्को पुरस्कार

महाराष्ट्र के वसई (पापडी गांव) में स्थित 475 वर्ष पुराना अवर लेडी ऑफ़ ग्रेस कैथेड्रल को2025 के सांस्कृतिक विरासत संरक्षण के लिए यूनेस्को एशिया-प्रशांत पुरस्कार (UNESCO Asia-Pacific Awards for Cultural Heritage Conservation) में प्रतिष्ठित Award of Merit प्रदान किया गया है। यह घोषणा बैंकॉक में की गई, जिससे इस ऐतिहासिक चर्च के सामुदायिक वित्तपोषित संरक्षण कार्य को वैश्विक पहचान मिली। 16वीं शताब्दी में बिना सीमेंट और ईंटों के निर्मित इस पत्थर के कैथेड्रल का संरक्षण पुर्तगाली युग की स्थापत्य विरासत और आध्यात्मिक महत्व को सुरक्षित रखते हुए किया गया। अवर लेडी ऑफ़ ग्रेस कैथेड्रल महाराष्ट्र में कैथोलिक धर्म की स्थापना का ऐतिहासिक प्रतीक माना जाता है। 16वीं शताब्दी में निर्मित यह संरचना भारत में पुर्तगाली औपनिवेशिक वास्तुकला का उत्कृष्ट उदाहरण है।

9. सरकार ने नेशनल हाईवे के स्टैंडर्ड की जांच के लिए मोबाइल लैब शुरू की

राष्ट्रीय राजमार्गों की गुणवत्ता बेहतर बनाने के लिए सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) ने मोबाइल गुणवत्ता नियंत्रण वैन (MQCVs) की शुरुआत की है। इन मोबाइल लैब्स का उद्देश्य चल रही हाईवे निर्माण परियोजनाओं की ऑन-साइट निगरानी करना है। पायलट परियोजनाएँ राजस्थान, गुजरात, कर्नाटक और ओडिशा में शुरू हो चुकी हैं। साथ ही, सरकार राष्ट्रीय राजमार्ग गुणवत्ता निगरानी पोर्टल विकसित कर रही है, जिसमें रियल-टाइम GPS ट्रैकिंग की सुविधा होगी, ताकि पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाई जा सके।

10. महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार सर्वसम्मति से एनसीपी की राष्‍ट्रीय अध्यक्ष चुनी गईं

राष्‍ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) ने महाराष्‍ट्र की उपमुख्‍यमंत्री सुनेत्रा पवार को सर्वसम्‍मति से पार्टी का राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष चुना है। मुंबई के वर्ली में राष्‍ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के राष्‍ट्रीय अधिवेशन में यह निर्णय लिया गया। पार्टी ने दिवंगत अजीत पवार के पुत्र पार्थ पवार को राज्‍यसभा चुनाव के लिए पार्टी का उम्‍मीदवार घोषित किया।

11. एशिया-प्रशांत क्षेत्र के शीर्ष 5 व्यस्त हवाई अड्डों में शामिल हुआ IGI एयरपोर्ट

दिल्ली स्थित अंतरराष्ट्रीय इंदिरागांधी एयरपोर्ट (आईजीआई) एशिया प्रशांत क्षेत्र के 10 सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में पांचवें नंबर पर आ गया है। कोविड महामारी के बाद इसकी स्थिति में तेजी से बदलाव देखने को मिला है और इसने तेज छलांग लगाई है। OAG आंकड़ों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय इंदिरागांधी एयरपोर्ट को 2025 में एशिया-प्रशांत (Apac) क्षेत्र का 5वां सबसे व्यस्त एयरपोर्ट रैंक किया गया है। एयरपोर्ट ने 46.18 मिलियन वन-वे डिपार्चर सीट्स दर्ज कीं, जिससे यह 2019 की 9वीं रैंकिंग से उछलकर 5वें स्थान पर पहुंच गया। यह उछाल भारत में घरेलू हवाई यात्रा की तेज़ मांग और एयरलाइनों की आक्रामक क्षमता विस्तार का परिणाम है।

12. IIT कानपुर और HCLTech मिलकर बढ़ाएंगे डीप टेक इनोवेशन

भारत में डीप टेक इनोवेशन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए एचसीएलटेक और आईआईटी कानपुर ने रणनीतिक साझेदारी की घोषणा की है। इस सहयोग का उद्देश्य ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स (GCCs) के लिए उन्नत तकनीकी समाधान विकसित करना और रिसर्च को इंडस्ट्री से जोड़ना है। इस पहल के तहत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), मशीन लर्निंग, डेटा साइंस, ऑटोमेशन और अन्य उभरती तकनीकों पर संयुक्त शोध किया जाएगा। इसका मकसद नई तकनीकों को प्रयोगशाला से निकालकर वास्तविक उद्योग जरूरतों के अनुसार तैयार करना है। इस सहयोग से छात्रों, शोधकर्ताओं और टेक विशेषज्ञों को एक साझा मंच मिलेगा, जहां वे इनोवेशन आधारित प्रोजेक्ट्स पर काम कर सकेंगे। एचसीएलटेक की इंडस्ट्री विशेषज्ञता और IIT कानपुर की अकादमिक क्षमता मिलकर ऐसे समाधान विकसित करेगी जो वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी हों।

13.निधि छिब्बर को मिला NITI आयोग की मुख्य कार्यकारी अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार

निधि छिब्बर ने 24 फरवरी 2026 को बीवीआर सुब्रह्मण्यम का तीन वर्षीय कार्यकाल पूरा होने के बाद नीति आयोग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) का अतिरिक्त प्रभार संभाल लिया है। निधि छिब्बर एक वरिष्ठ आईएएस अधिकारी हैं और वर्तमान में विकास निगरानी एवं मूल्यांकन कार्यालय (DMEO) की महानिदेशक के रूप में कार्यरत हैं। ऐसे महत्वपूर्ण समय में उनकी नियुक्ति भारत के प्रमुख नीति थिंक टैंक में नेतृत्व के नए चरण की शुरुआत का संकेत देती है। 2026 में यह बदलाव नीति आयोग की कार्यप्रणाली और नीतिगत दिशा में निरंतरता के साथ नई ऊर्जा और दृष्टिकोण लेकर आने की उम्मीद जगाता है।

14. शशि थरूर को सेंट जेवियर विश्वविद्यालय, कोलकाता ने मानद डीलिट की उपाधि दी

लोकसभा MP शशि थरूर को 21 फरवरी 2026 को कोलकाता स्थित सेंट जेवियर्स विश्वविद्यालय के सातवें दीक्षा समारोह में मानद डॉक्टर ऑफ लेटर्स (डीलिट) की उपाधि से सम्मानित किया गया, जिसे उन्होंने भारत में अपनी पहली मानद डॉक्टरेट बताया। यह समारोह न्यू टाउन स्थित बिस्वा बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में आयोजित किया गया, जहां 1,052 स्नातक और स्नातकोत्तर छात्रों को उपाधियां प्रदान की गईं। 25 पीएचडी शोधार्थियों को सम्मानित किया गया और 17 छात्रों को स्वर्ण पदक प्राप्त हुए। थरूर ने समाज की सेवा के रूप में शिक्षा के अंतिम उद्देश्य को रेखांकित करते हुए छात्रों से नागरिक उत्तरदायित्व को अपनाने का आग्रह किया।

15. Tirupati प्रसादम की क्वालिटी चेक के लिए E-Tongue और E-Nose मशीनें

आंध्र प्रदेश सरकार तिरुमाला में भक्तों को परोसे जाने वाले प्रसादम और अन्य भोजन की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए एक अत्याधुनिक फूड टेस्टिंग लैब स्थापित करने जा रही है। तिरुमाला मंदिर परिसर में₹25 करोड़ की लागत से एक नई अत्याधुनिक फूड टेस्टिंग लैब स्थापित की जा रही है। इसमें E-Nose (इलेक्ट्रॉनिक नाक) और E-Tongue (इलेक्ट्रॉनिक जीभ) तकनीक का उपयोग किया जाएगा, ताकि प्रसादम और घी, सूखे मेवे, मसालों जैसी सामग्री की गुणवत्ता की निगरानी की जा सके। यह कदम 2024 में तिरुमला लड्डुओं में कथित मिलावटी घी विवाद के बाद उठाया गया है। इस पहल को भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) का समर्थन प्राप्त है। सेंसर-आधारित ये सिस्टम AI संचालित विश्लेषण के जरिए खाद्य सुरक्षा को मजबूत करेंगे।

16. भारत बधिर क्रिकेट टीम ने जीता पहला एडीसीए टी20आई एशिया कप

कटक के ऐतिहासिक बाराबती स्टेडियम में खेले गए पहले एडीसीए टी20आई एशिया कप 2026 का समापन बुधवार को हुआ, जहां भारतीय बधिर क्रिकेट टीम ने फाइनल में श्रीलंका की टीम को 6 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया। यह टूर्नामेंट भारतीय बधिर क्रिकेट एसोसिएशन (आईडीसीए) द्वारा आयोजित किया गया था, जिसे ओडिशा की राज्य क्रिकेट इकाइयों का सहयोग मिला। यह एशिया कप का पहला संस्करण था और इसे बधिर क्रिकेट के इतिहास में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

17. दिल्ली ओपन 2026: स्टेफानोस साकेलारिडिस ने रोमांचक सिंगल्स जीत के साथ इतिहास रचा

दिल्ली ओपन 2026 का समापन रोमांचक मुकाबले के साथ हुआ, जहां ग्रीस के स्टेफानोस साकेलारिडिस ने ग्रेट ब्रिटेन के ओलिवर क्रॉफर्ड को कड़े मुकाबले में हराकर पुरुष एकल खिताब अपने नाम किया। 21 वर्षीय साकेलारिडिस ने 7-5, 5-6, 7-6 से जीत दर्ज करते हुए अपना पहला एटीपी चैलेंजर टूर (ATP Challenger Tour) सिंगल्स खिताब जीता।

18. प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने प्रमुख रक्षा विशेषज्ञ मारूफ रज़ा के निधन पर दुख व्‍यक्‍त किया

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी नेप्रमुख रक्षा विशेषज्ञ मारूफ रज़ा के निधन पर गहरा दुख व्‍यक्‍त किया है। भारतीय सेना की ग्रेनेडियर्स रेजिमेंट से जुड़े रहे मेजर मारूफ रज़ा ने वर्दी में सेवा देने के बाद राष्ट्रीय सुरक्षा और सामरिक मामलों पर अपनी स्पष्ट और सटीक समझ से एक अलग पहचान बनाई। मेजर मारूफ रजा भारतीय सेना में पूर्व अधिकारी और जाने-माने रक्षा विश्लेषक रहे हैं। सेना से रिटायरमेंट के बाद उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा, सामरिक मामलों और आतंकवाद जैसे विषयों पर विशेषज्ञ के रूप में अपनी भूमिका निभाई। वे टेलीविजन डिबेट्स, समाचार चैनलों और रणनीतिक मंचों पर नियमित रूप से देश की सुरक्षा नीतियों पर अपनी राय रखते रहे|

VISIT TO YOUR WHATSAAP CHANNEL : https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F

VISIT TO YOUR YOUTUBECHANNEL : https://youtube.com/shorts/ptd6gtCkRL4?si=DSNkUwJtN2EatQF

VISIT TO YOUR TELEGRAM : https://t.me/guruggkwala1

Leave a Comment

Shopping Cart
Scroll to Top