13–17 minutes
1. पीएम मोदी ने थाईलैंड के नवनिर्वाचित प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल को दी बधाई
पीएम मोदी ने शुक्रवार को थाईलैंड के प्रधानमंत्री के रूप में अनुतिन चर्नविराकुल के चुनाव पर उन्हें हार्दिक बधाई दी। भूमजैथाई पार्टी के नेता को 293 वोट मिले, जो प्रतिनिधि सभा के सत्र में उपस्थित 498 सदस्यों के आवश्यक बहुमत से अधिक थे। पीएम मोदी ने भारत-थाईलैंड रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए थाई नेतृत्व के साथ मिलकर काम करने में गहरी रुचि व्यक्त की।
2. वर्ल्ड हैप्पीनेस रिपोर्ट 2026
वर्ल्ड हैप्पीनेस रिपोर्ट 2026 में एक बार फिर फिनलैंड को दुनिया का सबसे खुशहाल देश घोषित किया गया है। यह लगातार नौवां वर्ष है जब फिनलैंड शीर्ष स्थान पर रहा है। इस रिपोर्ट को वेलबीइंग रिसर्च सेंटर द्वारा प्रकाशित किया गया है। रिपोर्ट में खास तौर पर युवाओं पर सोशल मीडिया के नकारात्मक प्रभाव को भी उजागर किया गया है। 147 देशों की सूची में पाकिस्तान 104वें नंबर पर है। वहीं भारत 116वें स्थान पर है। 2025 में भारत की रैंकिंग 118वीं थी। वहीं ढाई साल से जंग में फंसा इजराइल दुनिया का 8वां सबसे खुशहाल देश बताया गया है। लिस्ट में सबसे नीचे अफगानिस्तान है, जो सबसे कम खुशहाल देश है। उसके ऊपर सिएरा लियोन और मलावी हैं। इस लिस्ट में अमेरिका 23वें, कनाडा 25वें और ब्रिटेन 29वें स्थान पर हैं। फिनलैंड जैसे देशों की खुशी का कारण अच्छी आर्थिक स्थिति, बराबरी से संसाधनों का बंटवारा, मजबूत वेलफेयर सिस्टम और बेहतर जीवन स्तर है।
3. भारत और भूटान ने डाक सहयोग के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए
भारत और भूटान ने डाक सहयोग पर एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं, जो भारतीय डाक और भूटान डाक के बीच सहयोग के लिए एक संरचित ढांचा प्रदान करता है। इस समझौता ज्ञापन का उद्देश्य डाक संचालन, प्रौद्योगिकी विकास, क्षमता निर्माण, डाक टिकट संग्रह और ज्ञान आदान-प्रदान जैसे क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ावा देना है। डाक विभाग के सचिव की भूटान यात्रा के दौरान संचार मंत्रालय और भूटान के अवसंरचना और परिवहन मंत्रालय के बीच इस समझौते पर हस्ताक्षर किए गए। दोनों देशों ने भारतीय डाक के विकसित हो रहे प्रौद्योगिकी पारिस्थितिकी तंत्र से संबंधित अनुभव और सर्वोत्तम प्रथाओं को साझा करने सहित प्रौद्योगिकी क्षेत्र में सहयोग को और मजबूत करने पर सहमति व्यक्त की।
4. निर्वाचन आयोग ने विधानसभा चुनावों और उपचुनावों से पहले इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया पर राजनीतिक विज्ञापनों के पूर्व-प्रमाणीकरण को अनिवार्य किया
निर्वाचन आयोग ने असम, केरलम, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल तथा पुद्दुचेरी में आगामी विधानसभा चुनाव और छह राज्यों में होने वाले उपचुनावों के बीच इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया पर राजनीतिक विज्ञापनों को विनियमित करने का आदेश जारी किया है। आदेश के अनुसार, सभी राजनीतिक दलों, उम्मीदवारों और व्यक्तियों या संगठनों को भी अपने विज्ञापन प्रकाशित करने से पहले उन्हें मीडिया प्रमाणीकरण और निगरानी समिति – एम.सी.एम.सी. से अनुमोदित करवाना आवश्यक होगा। यह नियम टेलीविजन, रेडियो, सार्वजनिक प्रदर्शन स्क्रीन, ई-पेपर, एस.एम.एस., वॉइस मैसेज और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म प्रसारित होने वाले विज्ञापनों पर लागू होगा। प्रमाणीकरण के लिए जिला एम.सी.एम.सी. में आवेदन किया जा सकता है। राज्य या केंद्र शासित प्रदेश में मुख्यालय वाले राजनीतिक दलों को राज्य स्तरीय एम.सी.एम.सी. में आवेदन करना होगा। आवेदन, निर्धारित समय सीमा के भीतर जमा करने होंगे। राजनीतिक दलों को विधानसभा चुनाव समाप्त होने के 75 दिन के भीतर सोशल मीडिया सहित इंटरनेट के माध्यम से प्रचार पर किए गए खर्च का विवरण भी निर्वाचन आयोग को देना होगा।
5. एनएचएआई 40,000 किमी राजमार्ग नेटवर्क पर एआई आधारित डैशकैम निगरानी प्रणाली शुरू करेगा
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण-एनएचएआई लगभग 40 हजार किलोमीटर लंबे राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क पर संचालन और प्रबंधन के लिए एआई संचालित डैशकैम निगरानी प्रणाली शुरू करेगा। सड़क, परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने बताया कि यह पहल एआई और मशीन लर्निंग (एमएल) का लाभ उठाकर देश भर के राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेसवे के लिए उच्च-तकनीकी, डेटा-आधारित संचालन और रखरखाव को बढ़ावा देगी। इस परियोजना का उद्देश्य उच्च-गुणवत्ता वाली तस्वीर और वीडियो डेटा का उपयोग करके निगरानी और सड़क स्थिति के आकलन को बेहतर बनाना है। सभी मार्गों का व्यापक साप्ताहिक सर्वेक्षण करने के लिए पेट्रोल वाहनों पर विशेष डैशबोर्ड कैमरे लगाए जाएंगे। मंत्रालय ने बताया कि अपनाई गई पद्धति में क्षतिग्रस्त रोड़, क्रैश बैरियर और खराब स्ट्रीटलाइट्स की सही समय पर पहचान करना भी शामिल होगा। 30 से अधिक प्रकार के दोषों और अनियमितताओं की स्वचालित पहचान के लिए उन्नत एआई/एमएल प्रशिक्षित मॉडल तैनात किए जाएंगे। मुख्य ध्यान सड़क की स्थिति पर होगा, जिसमें गड्ढों, दरारों और गंभीर दरारों का पता लगाना शामिल है।
6. पीयूष गोयल 26–29 मार्च को डब्ल्यूटीओ के 14वें मंत्रिस्तरीय सम्मेलन में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे
वाणिज्य तथा उद्योग मंत्री पीयूष गोयल 26 से 29 मार्च तक कैमरून के याउंदे में आयोजित हो रहे विश्व व्यापार संगठन के 14वें मंत्रिस्तरीय सम्मेलन में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। वाणिज्य मंत्रालय ने बताया कि भारत इस मंत्रिस्तरीय बैठक में विश्व व्यापार संगठन को और मजबूत करने पर जोर देगा। सम्मेलन में भारत, ई-कॉमर्स ट्रांसमिशन पर 28 साल से जारी प्रतिबंध, मत्स्य पालन पर सब्सिडी और विकास के लिए निवेश सुविधा समझौते के प्रस्ताव सहित अन्य मुद्दों को उठाएगा। इस दौरान विश्व व्यापार संगठन सदस्य देश अमरीका द्वारा लगाए गए टैरिफ पर भी चर्चा कर सकते हैं।
7. सरकार ने नेशनल डेंटल कमीशन का किया गठन
देश में दंत चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को नई दिशा देने के लिए केंद्र सरकार ने एक बड़ा और ऐतिहासिक कदम उठाया है। सरकार ने नेशनल डेंटल कमीशन (एनडीसी) का गठन किया है, जो अब देश में दंत शिक्षा और पेशेवर मानकों के नियमन का प्रमुख निकाय होगा। इसके साथ ही डेंटल काउंसिल ऑफ इंडिया को समाप्त कर दिया गया है। इस संबंध में अधिसूचना 19 मार्च 2026 को जारी की गई और उसी दिन से नई व्यवस्था लागू हो गई। यह सुधार दंत शिक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और गुणवत्ता-आधारित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। नई व्यवस्था में चुनाव आधारित संरचना के स्थान पर विशेषज्ञों द्वारा संचालित नियामक ढांचा स्थापित किया गया है, जिससे निर्णय प्रक्रिया अधिक प्रभावी और पेशेवर बनेगी। नेशनल डेंटल कमीशन के तहत तीन स्वायत्त बोर्डों का गठन किया गया है, जो दंत शिक्षा, संस्थानों के मूल्यांकन और पेशेवर आचरण से जुड़े कार्यों को देखेंगे।
8. कावेह मदानी: स्टॉकहोम वाटर प्राइज जीतने वाले सबसे युवा वैज्ञानिक
प्रोफेसर कावेह मदानी (Kaveh Madani) को जल संसाधन प्रबंधन में उनके नवाचारपूर्ण शोध, नीतिगत योगदान और वैश्विक स्तर पर जागरूकता बढ़ाने हेतु स्टॉकहोम वॉटर प्राइज 2026 (Stockholm Water Prize 2026) से सम्मानित किया गया। उन्होंने कठिन राजनीतिक परिस्थितियों में भी काम करते हुए गेम थ्योरी के जरिए जल संकट समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यह घोषणा UNESCO मुख्यालय, पेरिस में World Water Day से पहले की गई। 44 वर्ष की आयु में वे इस पुरस्कार के सबसे युवा विजेता और इसे पाने वाले पहले संयुक्त राष्ट्र अधिकारी बने हैं। उन्हें जल विज्ञान को नीति, कूटनीति और जन-जागरूकता से जोड़ने के लिए सम्मानित किया गया है।
9. क्या है 100 साल पुराना ‘जोन्स एक्ट’ जिसे ट्रंप ने किया सस्पेंड?
संयुक्त राज्य अमेरिका ने 100 साल पुराने जोन्स एक्ट को 60 दिनों के लिए अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है। यह फैसला ईरान युद्ध के कारण बढ़ती ईंधन कीमतों के बीच लिया गया है। इसकी घोषणा राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने की, जिसका उद्देश्य आपूर्ति बाधाओं को कम करना और ऊर्जा लागत को नियंत्रित करना है। सामान्यतः यह कानून घरेलू शिपिंग को केवल अमेरिकी जहाजों तक सीमित करता है, लेकिन इस छूट के बाद अब विदेशी जहाजों को भी अमेरिकी बंदरगाहों के बीच ईंधन परिवहन की अनुमति मिल गई है। जोन्स एक्ट, जिसे आधिकारिक रूप से मर्चेंट मरीन अधिनियम, 1920 कहा जाता है, अमेरिका का एक महत्वपूर्ण कानून है जो देश के भीतर समुद्री व्यापार (एक बंदरगाह से दूसरे बंदरगाह तक) को नियंत्रित करता है। यह कानून प्रथम विश्व युद्ध के बाद लागू किया गया था, ताकि घरेलू शिपिंग उद्योग को मजबूत किया जा सके और राष्ट्रीय सुरक्षा को सुनिश्चित किया जा सके। इस कानून के तहत अमेरिका के भीतर माल परिवहन के लिए कुछ सख्त शर्तें निर्धारित हैं—
- जहाज अमेरिका में ही निर्मित होना चाहिए
- जहाज का स्वामित्व अमेरिकी नागरिकों के पास होना चाहिए
- जहाज अमेरिकी ध्वज के तहत पंजीकृत होना चाहिए
- जहाज का चालक दल मुख्य रूप से अमेरिकी नागरिक होना चाहिए
इन नियमों का मुख्य उद्देश्य स्थानीय रोजगार की रक्षा करना और एक मजबूत व सक्षम समुद्री बेड़ा बनाए रखना है।
10. लुम्बिनी में तीसरा अंतरराष्ट्रीय शांति सम्मेलन शुरू
लुम्बिनी में तीसरा अंतरराष्ट्रीय शांति सम्मेलन शुरू हो गया है। शुक्रवार से यहां शांति सम्मेलन के साथ-साथ तीसरा अंतरराष्ट्रीय ध्यान दिवस भी आरंभ हुआ है। यह आयोजन नेपाल सरकार के पर्यटन तथा संस्कृति मंत्रालय, नेपाल पर्यटन बोर्ड, लुम्बिनी विकास कोष और नेपाल ओलंपिक समिति ने संयुक्त रूप से किया गया है। इस अवसर पर संस्कृति, पर्यटन तथा नागरिक उड्डयन मंत्री अनिल कुमार सिन्हा ने कहा कि अव्यवस्थित और चुनौतियों से भरे आज के विश्व में शांति ही एकमात्र प्रमुख विकल्प है। उन्होंने कहा कि वर्तमान अनिश्चित और अस्थिर परिस्थितियों में शांति ही मानव जाति की साझा आकांक्षा और सभ्यता का मूल आधार है। उन्होंने यह भी कहा कि लुम्बिनी से पूरे विश्व में शांति का संदेश फैलाया जा सकता है।
11. श्री टी.एन. नटराजन ने सेल (SAIL) के निदेशक (वाणिज्यिक) के रूप में कार्यभार संभाला
श्री टी.एन. नटराजन ने 19 मार्च 2026 को स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) के निदेशक (वाणिज्यिक) का पदभार ग्रहण किया। श्री नटराजन के पास उत्पादन, लॉजिस्टिक्स और विक्रय के क्षेत्र में 32 वर्षों से अधिक का लीडरशिप अनुभव है। उन्होंने वर्ष 1993 में एक ‘मैनेजमेंट ट्रेनी’ के रूप में सेल में शामिल हुए और विनिर्माण परिचालन, आपूर्ति श्रृंखला प्रबंधन और रणनीतिक विपणन जैसे क्षेत्रों में महत्वपूर्ण भूमिकाएँ निभाई।
12. श्री कृष्ण कुमार ठाकुर ने एनएमडीसी के निदेशक (कार्मिक) का पदभार ग्रहण किया
भारतीय रेलवे कार्मिक सेवा (आईआरपीएस) के 1998 बैच के अधिकारी श्री कृष्ण कुमार ठाकुर ने भारत के सबसे बड़े लौह अयस्क उत्पादक एनएमडीसी लिमिटेड में निदेशक (कार्मिक) के रूप में गुरुवार को कार्यभार संभाला। भारतीय रेलवे और केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में ढाई दशक की सेवा के साथ श्री ठाकुर मानव संसाधन प्रबंधन और प्रशासन का व्यापक अनुभव रखते हैं। आपने सोलापुर, भोपाल और मुंबई सहित प्रमुख रेलवे डिवीजनों में महत्वपूर्ण मानव संसाधन कार्यों को संभाला है, और पश्चिमी रेलवे के भर्ती प्रकोष्ठ के अध्यक्ष के रूप में बड़े पैमाने पर भर्ती का नेतृत्व किया है, जिसमें लगभग 12,000 कर्मचारियों की भर्ती की गई है।
13. केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह को चेन्नई में आयोजित राष्ट्रीय चिकित्सा सम्मेलन में चिकित्सा एवं मधुमेह के क्षेत्र में लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया गया
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), पृथ्वी विज्ञान, प्रधानमंत्री कार्यालय राज्य मंत्री, कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन, परमाणु ऊर्जा और अंतरिक्ष मंत्री, डॉ. जितेंद्र सिंह को चेन्नई में आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन में चिकित्सा एवं मधुमेह के क्षेत्र में लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया गया। पुरस्कार प्रशस्ति पत्र में डॉ जितेंद्र सिंह को एक विशिष्ट चिकित्सा विशेषज्ञ, लेखक तथा मधुमेह देखभाल और जनस्वास्थ्य को आगे बढ़ाने में उनके उत्कृष्ट योगदान करने वाले के रूप में उल्लेखित किया गया। चिकित्सा जगत में उत्कृष्टता के लिए यह डॉ. जितेंद्र सिंह को प्रदान किया गया दूसरा लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार है; पहला पुरस्कार उन्हें जुलाई 2024 में चेन्नई में आयोजित एक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में प्रदान किया गया था। डॉ सिंह को लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार एमवीकॉन 2026 में प्रदान किया गया, जिसका आयोजन एम.वी. डायबिटीज़, चेन्नई द्वारा किया गया।
14. लियोनेल मेसी 900 गोल क्लब में शामिल हुए
18 मार्च को अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉलर लियोनेल मेसी ऑफिशियल मैचों में 900 गोल करने वाले दुनिया के दूसरे फुटबॉलर बन गए। मेसी ने कॉन्काकैफ (CONCACAF) चैंपियंस कप में मुकाम नैशविले एससी के खिलाफ ये गोल किया। मेसी अब क्रिस्टियानो रोनाल्डो के साथ 900 गोल करने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में शामिल हुए। रोनाल्डो ने ये स्कोर सितंबर 2024 में हासिल किया था और उनके नाम फिलहाल 965 गोल हैं। मेसी ने 1142 मैच में 900 गोल पूरे किए, जबकि रोनाल्डो ने 1236 मैच खेले थे। ब्राजील के दिग्गज पेले 765 गोल के साथ तीसरे नंबर पर हैं, जबकि मौजूदा खिलाड़ियों में रॉबर्ट लेवांडोव्स्की 690 गोल के साथ पीछे हैं। मेसी ने 16 अक्टूबर 2004 को बार्सिलोना के लिए अपना प्रोफेशनल डेब्यू किया था और क्लब के लिए 672 गोल किए। इंटरनेशनल लेवल पर मेसी ने अर्जेंटीना के लिए 115 गोल किए हैं। साल 2012 में मेसी ने कैलेंडर ईयर में 90 गोल किए थे, उनका ये रिकॉर्ड आज भी कायम है। मेसी के करियर का सबसे शानदार साल 2012 रहा था। उस एक कैलेंडर ईयर में उन्होंने क्लब और देश के लिए कुल 91 गोल दागे थे, जो आज भी एक वर्ल्ड रिकॉर्ड है।
15. विश्व गौरैया दिवस
गांवों की शांत सुबह से लेकर शहरों की चहल-पहल तक, छोटी-छोटी गौरैया की मधुर चहचहाहट कभी हर जगह गूंजती थी। ये नन्हीं चिड़िया बिना बुलाए ही घरों के आंगन और छत पर आ जाती थी, और उनके झुंड यादगार पल बनाते थे, लेकिन आज ये हमारे आसपास से लगभग गायब हो चुकी हैं। कई इलाकों में गौरैया अब दुर्लभ हो गई हैं। इन्हें बचाने और जागरूकता फैलाने के लिए हर साल 20 मार्च को विश्व गौरैया दिवस मनाया जाता है। विश्व गौरैया दिवस की शुरुआत साल 2010 में पक्षी संरक्षण संगठन ‘नेचर फॉरएवर’ द्वारा की गई थी। अब यह 50 से ज्यादा देशों में मनाया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य गौरैया की तेजी से घटती संख्या के बारे में लोगों को बताना और उनके संरक्षण के लिए कदम उठाना है। साल 2012 में दिल्ली ने गौरैया को अपना राज्य पक्षी घोषित किया, जिससे इस मुद्दे को और मजबूती मिली। गौरैया दिखने में छोटी लेकिन बहुत महत्वपूर्ण हैं। ये इकोसिस्टम के लिए बेहद आवश्यक हैं। ये कीड़े-मकोड़ों को खाकर उनकी संख्या नियंत्रित रखती हैं, जिससे फसलों और पर्यावरण को फायदा होता है।
16. विश्व ओरल स्वास्थ्य दिवस
विश्व मुख स्वास्थ्य दिवस एक वैश्विक स्वास्थ्य कार्यक्रम है जो हर साल 20 मार्च को मुख स्वच्छता, इसके महत्व और मुख रोगों में योगदान देने वाले कारकों के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए मनाया जाता है।
17. World Happiness Day
वैश्विक समुदाय हर वर्ष 20 मार्च को World Happiness Day के रूप में मनाता है। यह दिन United Nations द्वारा लोगों के जीवन में खुशहाली और कल्याण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मान्यता प्राप्त है। वर्ष 2026 में इस दिन World Happiness Report जारी किया गया, जिसमें डिजिटल युग में लोगों की खुशहाली पर विशेष ध्यान दिया गया। United Nations General Assembly ने वर्ष 2012 में प्रस्ताव 66/281 के माध्यम से 20 मार्च को अंतरराष्ट्रीय खुशहाली दिवस घोषित किया।
VISIT TO YOUR WHTSAAP CHANNEL :https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F
VISIT TO YOUR YOUTUBE CHANNEL :https://youtube.com/@guruggkwala?si=TZD9ZVm9QJLjB9ed
VISIT TO YOUR TELEGRAM :https://t.me/guruggkwala1
THANKS TO SUPPORT GURUGGKWALA
