2 October 2026 Current Affairs -GurugGkwala

11–14 minutes


1. केन्द्र सरकार 2 अक्टूबर को ‘सबकी योजना, सबका विकास’ अभियान का करेगी शुभारंभ

2 October 2026 Current Affairs -GurugGkwala

केन्द्र सरकार 2 अक्टूबर को ‘सबकी योजना, सबका विकास’ अभियान का शुभारंभ करने जा रही है। इस दिन पूरे देश में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन होगा, जिनमें ग्रामीण विकास, स्थानीय शासन और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। पंचायती राज मंत्रालय के अनुसार इन विशेष ग्राम सभाओं का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण भारत में जीवन की गुणवत्ता सुधारना और स्थानीय शासन को मजबूत बनाना है। इसी मौके पर जन योजना अभियान (पीपीसी) 2026-27 की भी शुरुआत की जाएगी। ग्राम पंचायतें सहभागी और साक्ष्य-आधारित नियोजन के जरिए वित्तीय वर्ष 2027-28 के लिए अपनी ग्राम पंचायत विकास योजनाएं (जीपीडीपी) तैयार करेंगी। नागरिक और जनप्रतिनिधि एक साथ बैठकर पंचायत उन्नति सूचकांक के आधार पर गांव की उपलब्धियों और कमियों का आकलन करेंगे, ताकि अगले साल की विकास प्राथमिकताएं तय की जा सकें।

2. गेहूं-चावल के सुरक्षित भंडारण के लिए ICAR और FCI मिलकर करेंगे शोध

2 October 2026 Current Affairs -GurugGkwala

भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) और भारतीय खाद्य निगम (FCI) ने गेहूं और चावल में भंडारण के दौरान लगने वाले कीटों के सुरक्षित और टिकाऊ नियंत्रण के लिए वैकल्पिक धूम्रीकरण तकनीकों पर शोध के लिए समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। यह समझौता 30 सितंबर 2026 को हुआ। इस शोध परियोजना को उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग (DFPD) का समर्थन प्राप्त है। परियोजना का पहला चरण दो साल का होगा और इसे ICAR-केंद्रीय कटाई उपरांत अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (CIPHET), लुधियाना द्वारा लागू किया जाएगा। भारत में दशकों से अनाज के भंडार में कीट नियंत्रण के लिए मुख्य रूप से एल्युमिनियम फॉस्फाइड (ALP) और मैलाथियान का इस्तेमाल किया जाता रहा है। इनके लगातार और बड़े पैमाने पर इस्तेमाल से कीटों में प्रतिरोध बढ़ने की समस्या सामने आई है। कुछ प्रमुख राज्यों में कीट प्रतिरोध की दर 72 से 100 प्रतिशत तक पहुंच गई है। इससे धूम्रीकरण की प्रक्रिया बार-बार करनी पड़ती है और संचालन लागत भी बढ़ती है। मौजूदा रासायनिक तरीकों से कर्मचारियों के लिए सांस से जुड़ी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का जोखिम और लंबे समय में पर्यावरण पर असर भी हो सकता है। नई पहल का उद्देश्य इन चुनौतियों से निपटने के लिए नाइट्रोजन गैस, कार्बन डाइऑक्साइड (CO₂) और कार्बन डाइऑक्साइड तथा फॉस्फीन के संयुक्त इस्तेमाल को वैज्ञानिक तरीके से विकसित करना है।

3. नेशनल पीएनजी ड्राइव 3.0 लॉन्च

2 October 2026 Current Affairs -GurugGkwala

केंद्र सरकार ने देश में प्राकृतिक गैस के इस्तेमाल को बढ़ावा देने और अधिक से अधिक घरों तक पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) की सुविधा पहुंचाने के लिए नेशनल पीएनजी ड्राइव 3.0 की शुरुआत की है। केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने गुरुवार को इस अभियान का शुभारंभ किया। 1 अक्टूबर 2026 से 31 मार्च 2027 तक चलने वाले इस अभियान के तहत 50 लाख नए घरेलू पीएनजी कनेक्शन देने, 40 लाख निष्क्रिय कनेक्शनों को फिर से सक्रिय करने और 50 लाख नए पंजीकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सरकार का उद्देश्य एलपीजी के स्थान पर पीएनजी के इस्तेमाल को बढ़ावा देने के साथ ऊर्जा मिश्रण में प्राकृतिक गैस की मौजूदा लगभग 6% हिस्सेदारी को बढ़ाना है।

4. 11वीं BIMSTEC आतंकवाद विरोधी बैठक नई दिल्ली में हुई

2 October 2026 Current Affairs -GurugGkwala

30 सितंबर को आतंकवाद निरोध पर 11वीं बिम्सटेक (BIMSTEC) उप-समूह बैठक हुई। इसका विषय पारंपरिक और नए उभरते सुरक्षा खतरों पर विचार-विमर्श करना है। इस चर्चा के मुद्दों में साइबर अपराध, सीमा पार आतंकवाद, नशीली दवाओं की तस्करी और उग्रवाद शामिल है। बिम्सटेक का पूरा नाम बे ऑफ बंगाल इनिशिएटिव फॉर मल्टी सेक्टोरल टेक्निकल एंड इकोनॉमिक कोऑपरेशन है। इसके सदस्य देशों में भारत, बांग्लादेश, भूटान, म्यांमार, नेपाल, श्रीलंका और थाईलैंड शामिल हैं। इसका मुख्यालय ढाका, बांग्लादेश में स्थित है। इस बैठक की अध्यक्षता भारत के विदेश मंत्रालय में आतंकवाद-रोधी मामलों के अतिरिक्त सचिव डॉ. सुहेल एजाज खान ने की।

5. भारत के तीन दिन के दौरे पर रहेंगे स्वीटजरलैंड के राष्ट्रपति गाय पार्मेलिन

2 October 2026 Current Affairs -GurugGkwala

स्वीटजरलैंड के राष्ट्रपति गाय पार्मेलिन 5 से 7 अक्टूबर तक भारत के तीन दिन के दौरे पर रहेंगे। उनके साथ वरिष्ठ अधिकारियों और व्यापार जगत के नेताओं का एक उच्च-स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी होगा। यह राष्ट्रपति पार्मेलिन का भारत का पहला राजकीय दौरा और इस साल का दूसरा दौरा होगा। इससे पहले, वे इस साल फरवरी में नई दिल्ली में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट में भाग लेने के लिए भारत आए थे।

6. भारतीय नौसेना पोत त्रिशूल ने भारत-फ्रांस द्विपक्षीय समुद्री अभ्यास वरुण के 24वें संस्करण में भाग लिया

2 October 2026 Current Affairs -GurugGkwala

भारतीय नौसेना पोत-आईएनएस त्रिशूल फ्रांसीसी नौसेना के साथ वार्षिक द्विपक्षीय समुद्री अभ्यास ‘वरुण’ के 24वें संस्करण में भाग लेने के लिए 22 सितंबर 2026 को फ्रांस के टूलॉन पहुंचा। फ्रांसीसी नौसेना ने औपचारिक वॉटर कैनन सैल्‍यूट के साथ आईएनएस त्रिशूल का स्वागत किया। हार्बर चरण में पेशेवर, खेल और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए जिनका उद्देश्य दोनों नौसेनाओं के बीच समुद्री और पेशेवर संबंधों को मजबूत करना था। त्रिशूल के चालक दल ने फ्रांसीसी नौसेना के जहाजों चार्ल्स डी गॉल, फोर्बिन और ला फेयेट का भी दौरा किया, जिससे उन्हें विमानवाहक पोत संचालन, विमानन सुविधाओं और जहाज पर अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं के बारे में जानकारी मिली। आईएनएस त्रिशूल ने फ्रांसीसी नौसेना की इकाइयों, एफडीए फोर्बिन, एफएलएफ ला फेयेट और एसएनए सफ्रेन, एनएच90 हेलीकॉप्टर और अटलांटिक-2 समुद्री गश्ती विमान के साथ समुद्री अभ्यास किया।

7. संयुक्तता और एकीकरण के 25 वर्ष पूरे

2 October 2026 Current Affairs -GurugGkwala

एकीकृत रक्षा कार्मिक मुख्यालय (एचQ आईडीएस) ने संयुक्तता और एकीकरण के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर गुरुवार को अपनी रजत जयंती मनाई। 1 अक्टूबर 2001 को नई दिल्ली में स्थापित एकीकृत रक्षा कार्मिक मुख्यालय के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर को ‘त्रि-सैन्य दिवस’ के रूप में मनाया गया। इस दौरान संयुक्तता और एकीकरण के जरिए भविष्य की रक्षा तैयारियों को मजबूत करने पर जोर दिया गया। रजत जयंती समारोह के तहत एकीकृत रक्षा कार्मिक मुख्यालय ने ‘संयुक्तता और एकीकरण के माध्यम से भविष्य की तैयारी’ विषय पर ‘त्रिशक्ति मंथन’ का आयोजन किया। कार्यक्रम को चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) और सैन्य कार्य विभाग के सचिव जनरल एन. एस. राजा सुब्रमण्यम तथा चीफ्स ऑफ स्टाफ कमेटी (सीआईएससी) के अध्यक्ष के चीफ ऑफ इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ एयर मार्शल तेजिंदर सिंह ने संबोधित किया।

8. जन्म-मृत्यु पंजीकरण संशोधन अधिनियम लागू, देरी रोकने और समय पर पंजीकरण को बढ़ावा देने पर जोर

2 October 2026 Current Affairs -GurugGkwala

जन्म और मृत्यु पंजीकरण (संशोधन) अधिनियम 1 अक्टूबर से प्रभावी हो गया है। इस अधिनियम ने जन्म और मृत्यु पंजीकरण अधिनियम, 1969 में संशोधन किया है। इस अधिनियम का उद्देश्य जन्म और मृत्यु के पंजीकरण में होने वाली देरी को रोकना और लोगों को समय पर पंजीकरण कराने के लिए प्रोत्साहित करना है। अधिनियम में प्रावधान है कि यदि किसी जन्म या मृत्यु की सूचना रजिस्ट्रार को एक वर्ष से अधिक लेकिन दो वर्ष के भीतर दी जाती है, तो उसका पंजीकरण केवल जिला मजिस्ट्रेट, उप-विभागीय मजिस्ट्रेट या कार्यकारी मजिस्ट्रेट की स्वीकृति से ही किया जा सकता है।

9. सरकार ने दिव्यांगजनों के लिए छूट प्राप्त फास्‍टैग की वैधता एक वर्ष से बढ़ाकर पांच वर्ष की

2 October 2026 Current Affairs -GurugGkwala

सरकार ने दिव्यांगजनों के लिए छूट प्राप्त फास्टैग की वैधता एक वर्ष से बढ़ाकर पांच वर्ष तक कर दी है। केंद्र ने पात्र दिव्यांगजनों और दिव्यांग लाभार्थियों के लिए छूट प्राप्त फास्टैग जारी करने और नवीनीकरण के दिशानिर्देशों में संशोधन किया है। पिछले दिशानिर्देशों के अनुसार, दिव्यांगजनों के लिए छूट प्राप्त फास्टैग का वार्षिक नवीनीकरण अनिवार्य था।

10. गुजरात सरकार देगी कैप्टन स्मित मछार को ‘विशिष्ट गुजरात गरिमा पुरस्कार’

2 October 2026 Current Affairs -GurugGkwala

गुजरात सरकार फ्लाईदुबई के भारतीय कैप्टन स्मित मछार को उनकी असाधारण बहादुरी के लिए ‘विशिष्ट गुजरात गरिमा पुरस्कार’ से सम्मानित करेगी। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने गुरुवार को इसकी घोषणा की। इसके साथ ही उन्हें 25 लाख रुपये का नकद इनाम भी दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि दुबई से तेल अवीव जा रही उड़ान के दौरान को-पायलट के हमले में गंभीर रूप से घायल होने और खून बहने के बावजूद कैप्टन मछार ने जबरदस्त साहस दिखाया। उनकी बहादुरी की वजह से विमान में सवार सभी 174 यात्रियों (जिनमें 27 बच्चे भी शामिल थे) की जान बचाने में मदद मिली। यह घोषणा उस घटना के एक दिन बाद हुई है, जिसमें फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073 (बोइंग 737 मैक्स 8) दुबई से तेल अवीव के लिए उड़ान भर रही थी। कॉकपिट में को-पायलट ने कथित तौर पर कैप्टन मछार पर हमला कर दिया। इसके बाद विमान तेजी से नीचे की ओर जाने लगा। घायल होने के बावजूद कैप्टन कॉकपिट का दरवाजा खोलने में सफल रहे, जिससे यात्री और क्रू सदस्य अंदर आकर हमलावर को काबू कर सके। दो यात्रियों की मदद से विमान को सऊदी अरब के तबुक हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतार लिया गया।

11. एशियन गेम्स: एंसी सोजन ने लॉन्ग जंप में जीता सिल्वर मेडल

2 October 2026 Current Affairs -GurugGkwala

भारतीय एथलीट एंसी सोजन ने कहा कि थकान और किस्मत की वजह से वह सिर्फ दो सेंटीमीटर से अपना पहला एशियन गेम्स का गोल्ड मेडल जीतने से चूक गईं। उन्होंने कहा कि एशियन गेम्स 2026 में सिल्वर मेडल जीतना मेरी कड़ी मेहनत का इनाम है। चीन की हुआंग ने 6.55 मीटर की अपनी सर्वश्रेष्ठ छलांग लगाकर एन्सी से महज 2 सेंटीमीटर के अंतर से गोल्ड छीन लिया। एन्सी को 6.53 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा। एंसी दिसंबर 2021 से ‘टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम’ की एथलीट रही हैं। उन्होंने 2023 हांग्जो एशियन गेम्स में लॉन्ग जंप में सिल्वर मेडल जीतकर सुर्खियां बटोरी थीं। एक बड़ी उपलब्धि तब मिली जब एंसी ने भुवनेश्वर में नेशनल इंटर-स्टेट एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 6.88 मीटर की शानदार जंप लगाई और अंजू बॉबी जॉर्ज के 6.83 मीटर के 22 साल पुराने भारतीय नेशनल रिकॉर्ड को तोड़ा।

12. एशियाई खेल: भारत ने नौकायन में अपना पहला पदक जीता, अब तक पदक संख्या 63 हुई

2 October 2026 Current Affairs -GurugGkwala

भारत ने एशियाई खेलों में नौकायन के क्षेत्र में अपना पहला पदक जीता। जापान एशियाई खेलों में पुरुषों की स्किफ प्रतियोगिता में मनु फ्रांसिस और प्रिंस कुरिसिंकल नोबल ने रजत पदक जीता। नौ रेसों में फ्रांसिस और नोबल ने शानदार निरंतरता का प्रदर्शन करते हुए कुल 23 अंक अर्जित किए और एक रेस जीतकर रजत पदक अपने नाम किया। महिला स्किफ में शीतल वर्मा और हर्षिता तोमर ने कांस्‍य पदक जीता। कुश्‍ती में नितेश सिवाच ने ग्रीको-रोमन के 97 किलोग्राम वर्ग में रजत पदक हासिल किया। कंपाउंड तीरंदाज गणेश मणिरत्नम थिरुमुरु ने पुरुषों के व्यक्तिगत वर्ग में कांस्य पदक जीता। गणेश ने कांस्य पदक के प्लेऑफ में वियतनाम के कोंग डुक डांग को 149-144 से हराया। स्क्वैश में, सेमीफाइनल में हांगकांग से 1-2 से हारने के बाद भारतीय महिला टीम (अनाहत सिंह, तन्वी खन्ना, जोशना चिनप्पा और शमीना रियाज) को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा और पुरुष टीम ने कांस्‍य पदक हासिल किया। यह एशियन गेम्स में अनाहत सिंह का दूसरा पदक है। इससे पहले उन्होंने महिला एकल में रजत पदक जीता था। वहीं, सेपक टकरा में, पुरुषों के क्वाड्रेंट इवेंट में वियतनाम को 2-0 से हराकर भारत ने सेमीफाइनल में पहुंचकर एक पदक पक्‍का कर लिया है। भारत पदक तालिका में 63 पदकों के साथ 8वें स्‍थान पर है। जिसमें 10 स्‍वर्ण, 21 रजत और 31 कांस्‍य पदक शामिल हैं।

13. अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस

2 October 2026 Current Affairs -GurugGkwala

महात्मा गांधी की जयंती का दिन भारत के लिए राष्ट्रीय गौरव और पूरी दुनिया के लिए शांति तथा अहिंसा के सार्वभौमिक संदेश का प्रतीक है। 2 अक्टूबर को भारत में गांधी जयंती के रूप में मनाया जाता है और संयुक्त राष्ट्र द्वारा इसे अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस के रूप में भी मनाया जाता है। संयुक्त राष्ट्र महासभा ने प्रस्ताव A/RES/61/271 के माध्यम से 15 जून 2007 को 2 अक्टूबर को अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया था। इस दिवस का उद्देश्य शिक्षा और जनजागरूकता के माध्यम से अहिंसा का संदेश फैलाना तथा शांति, सहिष्णुता, समझ और अहिंसा की संस्कृति को बढ़ावा देना है। प्रस्ताव को भारत की ओर से पेश किया गया था और 140 देश इसके सह-प्रायोजक थे।

VISIT TO YOUR WHATSAAP CHANNEL :https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F

VISIT TO YOUR YOUTUBE CHANNEL :https://www.youtube.com/@guruggkwala

VISIT TO YOUR TELEGRAM :https://guruggkwala.com/

THANKS TO SUPPORT GURUGGKWALA

Leave a Comment

Shopping Cart
Scroll to Top