12–15 minutes
1. जापानी पीएम सनाए ताकाइची 3 दिनों की यात्रा पर भारत आईं

1 जुलाई को जापान की पीएम सनाए ताकाइची तीन दिन की आधिकारिक यात्रा पर भारत आईं। ताकाइची इस मौके पर 16वीं भारत-जापान एनुअल समिट में भी शामिल होंगी। ताकाइची की इस भारत-जापान यात्रा का उद्देश्य रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी को मजबूत करना है। इस दौरान जापान-भारत आर्थिक मंच का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें जापान के कारोबारी समुदाय से 150 से ज्यादा लोग हिस्सा लेंगे। इसके साथ ही दोनों देश व्यापार, निवेश, रक्षा और सुरक्षा के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर भी बात करेंगे। इस यात्रा के दौरान टेक्नोलॉजी, स्ट्रक्चर, क्लीन एनर्जी और सप्लाई चेन में सहयोग को बढ़ावा देने पर बात होगी। ये समिट दोनों देशों के द्विपक्षीय सहयोग के सभी पहलुओं की समीक्षा करने और उन्हें मजबूत करने के मुद्दों से जुड़ी होगी। भारत और जापान वर्तमान में येन-रुपया से सीधे ट्रेड के लिए भी बातचीत कर रहे हैं। भारत-जापान द्विपक्षीय संबंधों को 2014 में ‘विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी‘ का दर्जा दिया गया था। भारत-जापान व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौता 1 अगस्त 2011 को लागू हुआ था और 2025-26 में ये व्यापार 27 अरब डॉलर से ज्यादा हो गया।
2. जयपुर में 29वें राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस सम्मेलन का आगाज़

जयपुर के राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में 29वां नेशनल ई-गवर्नेंस सम्मेलन 1 जुलाई 2026 को शुरू हुआ। प्रशासनिक सुधार तथा लोक शिकायत विभाग, इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय और राजस्थान सरकार ने संयुक्त रूप से इसका आयोजन किया है। इस वर्ष सम्मेलन का विषय है “विकसित भारत 2047: एआई-सक्षम, डेटा-संचालित और सुरक्षित डिजिटल प्रशासन”। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने इस कार्यक्रम और राज्य के डिजिटल गवर्नेंस इनोवेशन को दिखाने वाली प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इस मौके पर केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह भी मौजूद थे। सम्मेलन के दूसरे दिन राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह भी सम्मेलन में उपस्थित रहेंगे।
3. मनरेगा के स्थान पर विकसित भारत जी राम जी अधिनियम लागू

‘विकसित भारत-रोजगार और आजीविका मिशन (ग्रामीण) [VB-G RAM G] अधिनियम 2025’ एक जुलाई से पूरे ग्रामीण भारत में लागू हो गया है। VB-G RAM G अधिनियम, बीस साल पुराने ‘महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (MGNREGA), 2005’ की जगह लेगा। इस नए अधिनियम का उद्देश्य एक वित्तीय वर्ष में कानूनी रोजगार गारंटी को 100 दिनों से बढ़ाकर 125 दिन करना है। ग्रामीण विकास मंत्रालय ने कहा कि वीबी जी राम जी अधिनियम के तहत प्रत्येक वित्तीय वर्ष में 125 दिन के रोजगार की गारंटी होगी। इससे ग्रामीण भारत सशक्त बनेगा। वर्तमान वित्तीय वर्ष में इस योजना के कार्यान्वयन के लिए 95 हजार 692 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। ग्रामीण विकास मंत्रालय से जारी अधिसूचना के अनुसार सभी राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों में पारिश्रमिक दर बढ़ा दी गई है। मंत्रालय ने बताया कि पहली बार 300 रुपये प्रतिदिन का अंतरिम आधार पारिश्रमिक दर लागू किया गया है और सुनिश्चित किया गया है इस कार्यक्रम के तहत कोई भी अधिसूचित दर इससे कम न हो। राष्ट्रीय औसत परिश्रमिक मनरेगा के 298 रुपये अस्सी पैसे से बढ़ाकर वीबी जी राम जी के तहत 327 रुपये 40 पैसे प्रतिदिन कर दिया गया है। इस प्रकार मजदूरी दर में दस प्रतिशत से अधिक की औसत वृद्धि हुई है।
4. शी-लीप्स : लखपति दीदियों के लिए डिजिटल सशक्तिकरण

शी-लीप्स का अर्थ समृद्धि और स्थिरता के लिए स्वयं-सहायता उद्यमी-आजीविका और उद्यम एप्लीकेशन (Self-Help Entrepreneur-Livelihoods and Enterprise Application for Prosperity and Sustainability) है। यह भारत के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए एक डिजिटल मंच है। इसे उद्यम निर्माण और प्रदर्शन ट्रैकिंग के लिए एक एकीकृत मंच के माध्यम से किया जा रहा है। शी-लीप्स ग्रामीण महिलाओं के लिए आजीविका सृजन, उद्यम विकास और वित्तीय समावेशन का समर्थन करता है। यह कृषि और गैर-कृषि दोनों प्रकार के ग्रामीण उद्यमों को सहायता प्रदान करता है, जिसका उद्देश्य एक मजबूत और अधिक दीर्घकालिक ग्रामीण अर्थव्यवस्था का निर्माण करना है। शी-लीप्स मोबाइल एप्लिकेशन को डिजिटल इंडिया कॉर्पोरेशन द्वारा तैयार किया गया है और इसे एलओकेओएस प्लेटफॉर्म के अंतर्गत कार्यान्वित किया गया है। एलओकेओएस एक डिजिटल सिस्टम है जिसे भारत भर में सामुदायिक संगठनों (सीबीओ) की गतिविधियों को रिकॉर्ड करने के लिए डिज़ाइन किया गया है। इनमें स्वयं सहायता समूह, ग्राम संगठन और क्लस्टर स्तरीय संघ शामिल हैं।
5. लेफ्टिनेंट जनरल संदीप जैन ने सेना के उप-प्रमुख का पदभार ग्रहण किया

लेफ्टिनेंट जनरल संदीप जैन ने सेना के उप-प्रमुख का पदभार ग्रहण किया। श्री जैन राष्ट्रीय रक्षा अकादमी के पूर्व छात्र हैं और उन्होंने जून 1988 में महार रेजिमेंट में कमीशन प्राप्त किया था। जनरल ऑफिसर ने दक्षिण सूडान में संयुक्त राष्ट्र मिशन में एक सेक्टर की कमान भी संभाली।
6. वायुसेना के नए उप वायुसेनाध्यक्ष बने एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित

भारतीय वायुसेना में महत्वपूर्ण बदलाव के तहत एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित ने मंगलवार, एक जुलाई को उप वायुसेनाध्यक्ष (वाइस चीफ ऑफ द एयर स्टाफ) का पदभार ग्रहण कर लिया। एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित कारगिल युद्ध के दौरान ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ और हाल में चलाए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में अहम भूमिका निभा चुके हैं। उन्होंने एयर मार्शल नागेश कपूर का स्थान लिया, जो 30 जून 2026 को लगभग 40 वर्षों की गौरवशाली सेवा के बाद सेवानिवृत्त हुए।
7. लेफ्टिनेंट जनरल राजेश पुष्कर ने संभाली दक्षिणी कमान की कमान

लेफ्टिनेंट जनरल राजेश पुष्कर, एवीएसएम, वीएसएम ने 1 जुलाई, 2026 को भारतीय सेना की दक्षिणी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ (जीओसी-इन-सी) के रूप में कार्यभार संभाल लिया। उन्होंने लेफ्टिनेंट जनरल संदीप जैन, एवीएसएम, एसएम का स्थान लिया है, जिन्होंने हाल ही में सेना के उप थल सेनाध्यक्ष (वाइस चीफ ऑफ द आर्मी स्टाफ) का पदभार ग्रहण किया है।
8. एयर मार्शल तेजिंदर सिंह ने सीआईएससी का पदभार संभाला

एयर मार्शल तेजिंदर सिंह ने 1 जुलाई, 2026 को चीफ्स ऑफ स्टाफ कमेटी (सीओएससी) के अध्यक्ष के एकीकृत रक्षा स्टाफ प्रमुख (सीआईएससी) का पदभार ग्रहण किया। राष्ट्रीय रक्षा अकादमी, रक्षा सेवा स्टाफ कॉलेज और राष्ट्रीय रक्षा कॉलेज के पूर्व छात्र एयर मार्शल तेजिंदर सिंह 13 जून, 1987 को भारतीय वायुसेना की लड़ाकू शाखा में शामिल हुए थे। वह श्रेणी ‘ए’ के योग्य फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर हैं और उन्हें 4,500 घंटे से अधिक का उड़ान अनुभव है।
9. दक्षिणी वायु कमान के नए प्रमुख बने एयर मार्शल जसवीर सिंह मान

अति विशिष्ट सेवा पदक और वायु सेना पदक से सम्मानित एयर मार्शल जसवीर सिंह मान ने 1 जुलाई, 2026 को दक्षिणी वायु कमान के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ (एओसी-इन-सी) के रूप में पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर दक्षिणी वायु कमान मुख्यालय में उन्हें औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
10. लेफ्टिनेंट जनरल मोहित मल्होत्रा ने जयपुर स्थित दक्षिण पश्चिमी कमान का कार्यभार संभाला

लेफ्टिनेंट जनरल मोहित मल्होत्रा, एवीएसएम, एसएम ने दक्षिण पश्चिमी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ का पदभार ग्रहण कर लिया है। जून 1989 में 47 बख्तरबंद रेजिमेंट में कमीशन प्राप्त करने वाले जनरल ऑफिसर के पास 37 वर्षों से अधिक का विशिष्ट सेवा का अनुभव है, जिसमें कमान, स्टाफ और प्रशिक्षण संबंधी सभी महत्वपूर्ण स्तरों पर कार्य शामिल हैं। कार्यभार संभालने से ठीक पहले उन्होंने पूर्वी कमान मुख्यालय के चीफ ऑफ स्टाफ के रूप में कार्य किया, जहां उन्होंने संचालन संबंधी तत्परता, संगठनात्मक प्रभावशीलता और संस्थागत सामंजस्य में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
11. सोमनाथ घोष मलेशिया में देश के अगले उच्चायुक्त नियुक्त

केंद्र सरकार ने सोमनाथ घोष को मलेशिया में देश का अगला उच्चायुक्त नियुक्त किया है। श्री घोष 1997 बैच के भारतीय विदेश सेवा अधिकारी हैं। वे वर्तमान में शिकागो में भारत के महावाणिज्यदूत के रूप में कार्यरत हैं।
12. सरकार ने विदेश सचिव विक्रम मिसरी का कार्यकाल 14 जुलाई 2027 तक बढ़ाया

सरकार ने विदेश सचिव विक्रम मिसरी का कार्यकाल 14 जुलाई 2027 तक के लिए बढा दिया है। मंत्रिमण्डल की नियुक्ति समिति ने आज विदेश सचिव का कार्यकाल एक वर्ष बढाने की अनुमति दी। श्री मिसरी 1989 बेच के भारतीय विदेश सेवा के अधिकारी है। विदेश सचिव ने 15 जुलाई 2024 को अपना कार्यभार संभाला था। वे जनवरी 2019 से दिसम्बर 2021 तक चीन में भारतीय राजदूत के पद पर कार्यरत थे। श्री मिसरी ने तीन प्रधानमंत्रियों इंद्र कुमार गुजराज, डॉक्टर मनमोहन सिंह और नरेन्द्र मोदी के निजी सचिव के रूप में भी सेवाएं दीं है।
13. प्रसून जोशी को मिलेगा पहला ‘एनबीटी भूषण सम्मान’

प्रख्यात लेखक, गीतकार और पटकथा लेखक प्रसून जोशी को 4 जुलाई को आयोजित होने वाले एनबीटी उत्सव 2026 में पहली बार दिए जा रहे ‘एनबीटी भूषण सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने ‘रंग दे बसंती’, ‘तारे ज़मीन पर’, ‘भाग मिल्खा भाग’ और ‘नीरजा’ जैसी चर्चित फिल्मों के लिए गीत और लेखन किया, जिसने विभिन्न पीढ़ियों के दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई। उनकी रचनाओं में युवाओं की आकांक्षाएं, राष्ट्रभावना और मानवीय रिश्तों की गहराई साफ दिखाई देती है। हाल ही में केंद्र सरकार ने भारतीय फिल्म उद्योग को मजबूत बनाने और देशभर में थिएटर इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार के लिए गठित अध्ययन समूह का अध्यक्ष भी प्रसून जोशी को नियुक्त किया है। नवभारत टाइम्स (एनबीटी) दिल्ली ने साहित्य, संस्कृति, रचनात्मकता और जनसंचार के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं दीर्घकालिक योगदान को सम्मानित करने के उद्देश्य से इस सम्मान की शुरुआत की है। प्रसून जोशी को यह सम्मान केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह नई दिल्ली में आयोजित समारोह में प्रदान करेंगे।
14. मेकॉन ने 535 करोड़ रुपये से अधिक की कुल संपत्ति के साथ मिनीरत्न श्रेणी-I स्थान प्राप्त किया

इस्पात मंत्रालय ने अनुसूची ‘ए’ के अंतर्गत आने वाले केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यम (सीपीएसई) मेटलर्जिकल एंड इंजीनियरिंग कंसल्टेंट्स (इंडिया) लिमिटेड (मेकॉन) को मिनीरत्न श्रेणी-I का दर्जा देने की मंजूरी दे दी है। मेकॉन ने हाल के वर्षों में महत्वपूर्ण वित्तीय उपलब्धियां हासिल की हैं। कंपनी ने पिछले तीन वित्तीय वर्षों में लगातार लाभ दर्ज किया है, जिसमें वित्त वर्ष 2023-24 (पुनर्घोषित) में 77.62 करोड़ रुपये, वित्त वर्ष 2024-25 (पुनर्घोषित) में 32.08 करोड़ रुपये और वित्त वर्ष 2025-26 में 104.53 करोड़ रुपये का कर-पूर्व लाभ (पीबीटी) शामिल है। कंपनी ने 31 मार्च 2026 तक 535.42 करोड़ रुपये की सकारात्मक शुद्ध संपत्ति भी दर्ज की है, जिससे वह सार्वजनिक उद्यम विभाग (डीपीई) द्वारा मिनीरत्न श्रेणी-I का दर्जा प्राप्त करने के लिए निर्धारित पात्रता मानदंडों को पूरा करती है। मिनीरत्न श्रेणी-I का दर्जा मिलने से मेकॉन लिमिटेड के बोर्ड को वित्तीय और परिचालन संबंधी स्वायत्तता में वृद्धि प्राप्त हुई है। वर्ष 1959 में स्थापित और रांची में मुख्यालय वाली मेकॉन लिमिटेड देश की प्रमुख इंजीनियरिंग, परामर्श, परियोजना प्रबंधन और ठेका देने वाली कंपनियों में से एक है।
15. चार्टर्ड अकाउंटेंट्स दिवस

चार्टर्ड अकाउंटेंट्स (सीए) दिवस भारत के आर्थिक विकास, वित्तीय अनुशासन और कारोबारी पारदर्शिता में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स की अहम भूमिका को सम्मान देने का अवसर होता है। चार्टर्ड अकाउंटेंट्स दिवस देश भर में हर वर्ष 1 जुलाई को मनाया जाता है। वर्ष 1949 में इसी दिन संसद द्वारा पारित चार्टर्ड अकाउंटेंट्स अधिनियम के तहत इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) की स्थापना हुई थी। तभी से 1 जुलाई को सीए दिवस के रूप में मनाया जाता है।
16. डॉक्टर्स डे विशेष

भारत में प्रत्येक वर्ष 1 जुलाई को ‘राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे’ (National Doctors’ Day) मनाया जाता है। यह दिन देश के महान चिकित्सक, स्वतंत्रता सेनानी और पश्चिम बंगाल के द्वितीय मुख्यमंत्री डॉ. बिधान चंद्र रॉय (Dr. B.C. Roy) की स्मृति में मनाया जाता है। विशेष बात यह है कि 1 जुलाई को ही उनका जन्मदिवस और पुण्यतिथि दोनों होती है। भारत सरकार ने उनके अद्वितीय योगदान को सम्मानित करने के लिए 1991 में इस दिवस की शुरुआत की थी। डॉ. बीसी रॉय आधुनिक भारतीय चिकित्सा व्यवस्था के वास्तुकारों में से एक थे। उन्होंने न केवल देश-विदेश में अपनी चिकित्सा क्षमता का लोहा मनवाया, बल्कि ‘जादवपुर टीबी अस्पताल’, ‘कमला नेहरू मेमोरियल अस्पताल’ और ‘चित्तरंजन कैंसर अस्पताल’ जैसी अग्रणी संस्थाओं की स्थापना में मुख्य भूमिका निभाई। उन्हें चिकित्सा और राष्ट्र सेवा के लिए 1961 में देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ से नवाजा गया था।
17. दिग्गज थिएटर निर्देशक विजया मेहता का निधन

मराठी रंगमंच और भारतीय थिएटर की दिग्गज निर्देशक, अभिनेत्री और निर्माता विजया मेहता का उनके मुंबई स्थित घर पर निधन हो गया। एएनआई के अनुसार, वह 91 वर्ष की थीं। रंगमंच की दुनिया में उन्हें प्यार से ‘बाई‘ कहा जाता था। छह दशक से अधिक लंबे अपने करियर में उन्होंने भारतीय थिएटर और समानांतर सिनेमा को नई दिशा दी। विजया मेहता मुंबई के प्रयोगधर्मी थिएटर समूह रंगायन की संस्थापक सदस्यों में शामिल थीं। इस समूह में प्रसिद्ध नाटककार विजय तेंदुलकर, अभिनेता अरविंद देशपांडे और श्रीराम लागू भी शामिल थे। उन्होंने ‘एक शून्य बाजीराव‘ और ‘अजब न्याय वर्तुलाचा‘ जैसे चर्चित नाटकों का निर्देशन किया। वहीं ‘राव साहेब‘ और ‘पेस्टनजी‘ जैसी फिल्मों के निर्देशन से भी उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई। इन दोनों फिल्मों को समीक्षकों ने काफी सराहा। अभिनय के क्षेत्र में भी उन्होंने अपनी प्रतिभा दिखाई। वह निर्देशक गोविंद निहलानी की वर्ष 1984 की चर्चित फिल्म ‘पार्टी’ में नजर आई थीं।
VISIT TO YOUR WHATSAAP CHANNEL :https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F
VISIT TO YOUR YOUTUBE CHANNEL :https://youtube.com/@guruggkwala?si=TZD9ZVm9QJLjB9ed
VISIT TO YOUR TELEGRAM :https://t.me/guruggkwala1
THANKS TO SUPPORT GURUGGKWALA
