2 January 2026 Current Affairs -GurugGkwala

11–15 minutes


1. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने लॉन्च किया ‘स्किल द नेशन’ चैलेंज

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गुरुवार को राष्ट्रपति भवन कल्चरल सेंटर में एक विशेष कार्यक्रम में ‘स्किल द नेशन’ चैलेंज लॉन्च किया। यह अभियान युवाओं को भविष्य के लिए तैयार करने वाले स्किल प्रोग्राम्स में ज्यादा से ज्यादा भागीदारी के लिए प्रोत्साहित करने का उद्देश्य रखता है। इस मौके पर राष्ट्रपति ने ओडिशा के रायरांगपुर में इंदिरा गांधी नेशनल ओपन यूनिवर्सिटी के रीजनल सेंटर का वर्चुअल उद्घाटन भी किया। यह सेंटर उत्तरी ओडिशा में स्किल आधारित शिक्षा और ट्रेनिंग को मजबूत बनाएगा, जिससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। कार्यक्रम कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय द्वारा आयोजित किया गया था। यह स्किल इंडिया मिशन के तहत एसओएआर (स्किलिंग फॉर एआई रेडीनेस) पहल का हिस्सा है, जो भारत के वर्कफोर्स को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) वाले भविष्य के लिए तैयार करने पर जोर देता है। राष्ट्रपति ने कार्यक्रम में छात्रों और संसद सदस्यों समेत कई लोगों को एआई से जुड़े सर्टिफिकेट भी प्रदान किए।

2. सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय ने अपना नया लोगो और शुभंकर जारी किया

सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय ने अपना नया लोगो और शुभंकर जारी किया। नया लोगो राष्ट्र के विकास में आंकड़ों के महत्व को दर्शाता है। लोगो में अशोक चक्र, सत्य, पारदर्शिता और सुशासन का प्रतीक है। मध्‍य में स्थित रुपये का चिह्न आर्थिक नियोजन, नीति निर्माण और राष्ट्रीय विकास में आंकड़ों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करता है। संख्याओं और प्रतीकों का उपयोग आधुनिक डेटा प्रणालियों तथा सांख्यिकी विज्ञान को दर्शाता है। वहीं, ऊपर की ओर बढ़ती विकास रेखा प्रगति को दर्शाती है और बताती है कि विश्वसनीय डेटा सतत आर्थिक विकास की कैसे सहायता करता है। केसरिया, सफेद, हरा और गहरा नीला रंग भारत के राष्ट्रीय मूल्यों – विकास, सत्य, स्थिरता, स्थायित्व और ज्ञान – का प्रतिनिधित्व करते हैं, जो आधिकारिक आंकड़ों के भरोसे और विश्वसनीयता को मजबूत करते हैं। मंत्रालय ने अपना नया शुभंकर ‘संख्याकी’ भी पेश किया है। मंत्रालय ने बताया कि यह नया शुभंकर एक नागरिक-केंद्रित चरित्र है जिसे देश भर के लोगों के लिए आंकड़ों को सरल, समझने योग्य और आकर्षक बनाने के लिए बनाया गया है।

3. बुल्‍गारिया ने नए वर्ष के पहले दिन यूरो को अपनी आधिकारिक मुद्रा के रूप में स्‍वीकार किया

बुल्‍गारिया ने नए वर्ष के पहले दिन यूरो को अपनी आधिकारिक मुद्रा के रूप में स्‍वीकार कर लिया है और यूरो जोन का 21वां सदस्‍य बन गया है। सुचारु बदलाव सुनिश्चित करने के लिए बुल्‍गारिया की मुद्रा लेव जनवरी माह तक यूरो के साथ प्रचलन में रहेगी और एक फरवरी से यूरो देश की अकेली कानूनी मुद्रा बन जाएगी। वर्ष 2007 में यूरोपीय संघ में शामिल होने के बाद से यूरो जोन में शामिल होना बु‍ल्‍गारिया सरकार की प्राथमिकता थी। पहली जनवरी 1999 को आधिकारिक रूप से यूरो जारी होने के बाद से 11 देशों में यूरो जोन स्‍थापित हुआ था। वर्तमान में इस जोन में 27 सदस्‍य हैं, इनमें से 6 सदस्‍य – स्‍वीडन, पोलैंड, चेक गणराज्‍य, हंगरी, रोमानिया और डेनमार्क ने अब तक यूरो नहीं अपनाया हैं।

4. नागेश कपूर वाइस चीफ ऑफ एयर स्‍टाफ बने

एयर मार्शल नागेश कपूर ने भारतीय वायुसेना के वाइस चीफ ऑफ एयर स्टाफ का पद संभाल लिया है। कपूर को इस साल ऑपरेशन सिंदूर में नेतृत्व के लिए सर्वोत्तम युद्ध सेवा मेडल मिला था। दिसंबर 1986 में वायुसेना की फ्लाइंग ब्रांच में कमीशंड हुए नागेश कपूर को फाइटर और ट्रेनर विमानों पर उड़ान भरने का अच्छा अनुभव है। एयर मार्शल कपूर ने एयर मार्शल नर्मदेश्वर तिवारी से पदभार संभाला।

5. एयर मार्शल तेजिंदर सिंह ने भारतीय वायुसेना के दक्षिण पश्चिमी वायु कमान के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ का पदभार संभाला

एयर मार्शल तेजिंदर सिंह ने 01 जनवरी 2026 को भारतीय वायुसेना के दक्षिण पश्चिमी वायु कमान के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ (एओसी-इन-सी) का पदभार संभाला। राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) के पूर्व छात्र एयर मार्शल तेजिंदर सिंह को 13 जून 1987 को भारतीय वायुसेना की फाइटर स्ट्रीम में कमीशन मिला। वे श्रेणी ‘ए’ के योग्य फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर हैं और उनके पास 4500 घंटे से अधिक का उड़ान अनुभव है। वे डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज और नेशनल डिफेंस कॉलेज के भी पूर्व छात्र हैं।

6. एयर मार्शल सीथेपल्ली श्रीनिवास ने भारतीय वायु सेना के प्रशिक्षण कमान के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ के रूप में कार्यभार संभाला

एयर मार्शल सीथेपल्ली श्रीनिवास ने 1 जनवरी 2026 को भारतीय वायु सेना के प्रशिक्षण कमान के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ (एओसी-इन-सी) के रूप में पदभार ग्रहण किया। एयर मार्शल श्रीनिवास, राष्ट्रीय रक्षा अकादमी के पूर्व छात्र, 13 जून 1987 को भारतीय वायु सेना की लड़ाकू विमान शाखा में कमीशन प्राप्त हुए थे। वे श्रेणी ए के योग्य फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर हैं और उनके पास मिग-21, इस्क्रा, किरण, पीसी-7 एमके II, एचपीटी-32 और माइक्रोलाइट सहित अन्य विमानों पर 4200 घंटे से अधिक का उड़ान अनुभव है। वे चेतक/चीता हेलीकॉप्टर पर द्वितीय पायलट और पेचोरा मिसाइल प्रणाली पर श्रेणीबद्ध संचालन अधिकारी के रूप में भी योग्य हैं।

7. भारतीय रेल का राष्ट्र को नव वर्ष का उपहार: गुवाहाटी और हावड़ा के बीच पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन

रेल, सूचना एवं प्रसारण, इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री, श्री अश्विनी वैष्णव ने नई दिल्ली के रेल भवन में आयोजित बैठक में नव वर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए घोषणा की कि असम के गुवाहाटी और पश्चिम बंगाल के हावड़ा के बीच पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का संचालन शुरू होगा। उन्होंने बताया कि वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का संपूर्ण परीक्षण, जांच और प्रमाणीकरण सफलतापूर्वक संपन्न हो चुका है। जनवरी माह में माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी इस मार्ग पर पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। वंदे भारत स्लीपर ट्रेन से असम राज्य के कामरूप महानगरपालिका और बोंगाई गांव और पश्चिम बंगाल के कूच बिहार, जलपाईगुड़ी, मालदा, मुर्शिदाबाद, पूर्वी बर्धमान, हुगली और हावड़ा जैसे जिलों को लाभ मिलेगा। ट्रेन में 16 कोच होंगे, इनमें 11 थ्री-टियर एसी कोच, 4 टू-टियर एसी कोच और 1 फर्स्ट-क्लास एसी कोच शामिल हैं। इसकी कुल क्षमता लगभग 823 यात्रियों की होगी।

8. नेशनल स्पोर्ट्स गवर्नेंस एक्ट लागू

देश में खेल प्रशासन से जुड़ा नेशनल स्पोर्ट्स गवर्नेंस एक्ट आंशिक तौर पर लागू हो गया है। इसके तहत नेशनल स्पोर्ट्स बोर्ड (NSB) और नेशनल स्पोर्ट्स ट्रिब्यूनल (NST) के गठन की प्रक्रिया शुरू हो सकेगी। यह कानून पिछले साल 18 अगस्त को अधिसूचित किया गया था। इस अधिनियम का उद्देश्य खिलाड़ियों के कल्याण के लिए खेल प्रशासन में पारदर्शिता, उत्‍तरदायित्‍व, नैतिक आचरण और सुशासन को प्रोत्‍साहन देना है।

9. प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के 9 वर्ष पूरे, गर्भवती और स्तनपान कराने वाली माताओं के स्वास्थ्य से जुड़ी है योजना

गर्भवती महिलाओं और स्तनपान कराने वाली माताओं के लिए सरकार की एक प्रमुख योजना प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के नौ वर्ष पूरे हो गए हैं। यह योजना पहली जनवरी 2017 को गर्भवती और स्तनपान कराने वाली माताओं को उनके स्वास्थ्य और पोषण में सुधार के लिए वित्तीय सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से शुरू की गई थी।

10. तरुण गर्ग बने हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड के नए सीईओ

हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड ने श्री तरुण गर्ग को प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया है। कंपनी के लगभग 29 साल के इतिहास में इस पद पर नियुक्‍त होने वाले वह पहले भारतीय हैं। हुंडई ने कहा कि यह नियुक्ति भारतीय नेतृत्व में समूह के विश्वास और वैश्विक ऑटोमोटिव क्षेत्र में देश के बढ़ते रणनीतिक महत्व को दर्शाती है। श्री गर्ग को ऑटो मोबाइल उद्योग में तीन दशकों से अधिक का अनुभव है। श्री गर्ग, उनसू किम का स्थान लेंगे जिन्‍हें दक्षिण कोरिया में हुंडई मोटर कंपनी में एक रणनीतिक भूमिका दी गई है।

11. मणिपुर में कबुई समुदाय का गान नगाई त्योहार शुरू हुआ

मणिपुर में कबुई समुदाय का गान नगाई त्योहार शुरू हुआ। पाँच दिनों का यह त्योहार मणिपुर के प्रमुख त्योहारों में से एक है जो हर साल फसल कटाई के बाद मनाया जाता है। राज्य स्तरीय गान नगाई महोत्सव 2026 इंफाल पश्चिम जिले के कोंथौजम मामंग कबुई गाँव में आयोजित किया गया। यह त्योहार साल के अंत का भी प्रतीक है जब किसान अपने अनाज को अन्‍न भंडारों में जमा कर लेते हैं। त्योहार की शुरुआत में सूखी लकड़ी और बांस के टुकड़ों को रगड़कर नई अग्नि प्रज्‍जवलित की गई और नववर्ष के आरंभ के प्रतीक के रूप में प्रत्‍येक घर तक पहुंचाई गई।

12. अंतर्राष्ट्रीय पत्रकार संघ ने कहा 2025 में दुनियाभर में हुई 128 पत्रकारों और मीडियाकर्मियों की हत्या

अंतर्राष्ट्रीय पत्रकार संघ ने कहा है कि पिछले वर्ष दुनिया भर में कुल 128 पत्रकारों और मीडियाकर्मियों की हत्या हुई। जिससे 2025 पत्रकारिता के लिए सबसे घातक वर्षों में से एक बन गया। पत्रकार संघ द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार मध्य-पूर्व और अरब जगत सबसे खतरनाक क्षेत्र था, जहां मुख्य रूप से संघर्ष रिपोर्टिंग के कारण 74 मौतें हुईं, जो वैश्विक कुल मौतों का लगभग 58 प्रतिशत है। अकेले फिलिस्तीन में 56 पत्रकार मारे गए। इसमें ज्यादातर पत्रकार गाजा युद्ध से संबंधित थे। अन्य प्रभावित देशों में यमन में 13, यूक्रेन में 8, सूडान में 6, भारत और पेरू में 4-4 मौतें तथा पाकिस्तान, मैक्सिको, फिलीपींस और तीन-तीन पत्रकारों की मौत हुई।

13. भारत और पाकिस्तान ने परमाणु प्रतिष्ठानों पर हमला निषेध समझौते की सूची का आदान-प्रदान किया

भारत और पाकिस्तान ने परमाणु प्रतिष्ठानों और केन्‍द्रों पर हमला निषेध समझौते के अंतर्गत इनकी सूची का आदान-प्रदान किया। यह सूची नई दिल्ली और इस्लामाबाद में एक साथ राजनयिक चैनलों के माध्यम से साझा की गई। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि समझौते के अनुसार, दोनों देश प्रत्येक वर्ष 1 जनवरी को एक-दूसरे को परमाणु प्रतिष्ठानों और केन्‍द्रों की जानकारी देते हैं। इस समझौते पर 31 दिसंबर 1988 को हस्ताक्षर किए गए थे और यह 27 जनवरी 1991 से लागू हुआ था। दोनों देशों के बीच इस प्रकार की सूचियों का यह लगातार 35वां आदान-प्रदान है।
भारत और पाकिस्तान ने राजनयिक चैनलों के माध्यम से एक-दूसरे की हिरासत में मौजूद नागरिक कैदियों और मछुआरों की सूचियाँ साझा कीं। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि भारत ने अपनी हिरासत में मौजूद तीन सौ 91 नागरिक कैदियों और 33 मछुआरों की सूचियाँ साझा की हैं। ये पाकिस्तानी हैं या इनके पाकिस्तानी होने का संदेह है। वहीं, पाकिस्तान ने अपनी हिरासत में मौजूद 58 नागरिक कैदियों और एक सौ 99 मछुआरों की सूचियाँ साझा की हैं, जो भारतीय हैं या जिनके भारतीय होने का संदेह है।

14. प्रसार भारती के मुख्‍य कार्यकारी अधिकारी गौरव द्विवेदी ने राष्‍ट्र गीत वंदे मातरम् के दो प्रारूप जारी किए

प्रसार भारती के मुख्‍य कार्यकारी अधिकारी गौरव द्विवेदी ने नई दिल्‍ली में आकाशवाणी भवन में राष्‍ट्र गीत वंदे मातरम् के दो प्रारूप जारी किए। ये आकाशवाणी द्वारा प्रस्‍तुत किए जाने वाले राष्‍ट्र गीत के 25 प्रारूपों के प्रस्‍तावित सेट में से पहले दो हैं। वंदे मातरम् की रचना के एक सौ 50वें वर्ष के अंतर्गत ये प्रारूप डिजिटली जारी किए गए थे। राष्‍ट्र गीत के इन दोनों प्रारूपों के संयोजक उस्‍ताद जौहर अली ने आकाशवाणी समाचार से बातचीत में कहा कि पहला प्रारूप कर्नाटक संगीत शैली में और दूसरा हिन्‍दुस्‍तानी संगीत शैली में प्रस्‍तुत किया गया है।

15. नेपाल का नया डिजिटल सिस्टम, विदेशियों मेहमानों को ट्रैक कर हर गतिविधि पर रखेगा पैनी नजर

नेपाल सरकार ने विदेशी नागरिकों की गतिविधियों को ट्रैक करने के लिए एक नया ऑनलाइन सिस्टम लागू किया है। यह सिस्टम इमिग्रेशन विभाग द्वारा विकसित किया गया है, जो वीजा धारकों, पर्यटकों और अन्य विदेशियों केप्रवेश, ठहराव और निकास की रीयल-टाइम मॉनिटरिंग करेगा। अधिकारियों का कहना है कि इससे सुरक्षा बढ़ेगी, अवैध प्रवास पर रोक लगेगी और पर्यटन को और संगठित बनाया जा सकेगा। सिस्टम में बायोमेट्रिक डेटा, जीपीएस ट्रैकिंग और डिजिटल चेक-इन जैसी सुविधाएं शामिल हैं। आव्रजन विभाग का बनाया एफएनएमआईएस, पूरे देश में फैला एक डिजिटल डेटाबेस है। इसके तहत सभी संस्थानों – जिनमें होटल, एयरलाइंस, ट्रैवल और ट्रेकिंग एजेंसियां, मनी एक्सचेंज काउंटर, और विदेशी नागरिकों को सर्विस देने वाले दूसरे सर्विस प्रोवाइडर शामिल हैं – को सिस्टम में रजिस्टर करना आवश्यक है ताकि यह अच्छे से लागू हो सके।

VISIT TO YOUR WHATTSUP CHANNEL : https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F

VISIT TO YOUR YOUTUBE CHANNEL : GURUGGKWALA

THNKS TO SUPPORT GURUGGKWALA

Leave a Comment

Shopping Cart
Scroll to Top