19 February 2026 Current Affairs -GurugGkwala

12-15 minutes


1. आईएनएस सुमेधा से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने किया इंटरनेशनल फ्लीट रिव्यू का निरीक्षण

सशस्त्र बलों की सर्वोच्च कमांडर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु विशाखपट्टणम तट पर इंटरनेशनल फ्लीट रिव्यू -आईएफआर 2026 में शामिल हुई। यह अभ्‍यास भारत की बढ़ती समुद्री क्षमता और वैश्विक नौसैनिक सहयोग के प्रति देश की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। राष्ट्रपति ने आईएनएस सुमेधा पर सवार होकर 71 भारतीय और विदेशी जहाजों के विशाल समूह का निरीक्षण किया। इस बेड़े में समुद्री भागीदारी के पैमाने और विविधता को दर्शाते हुए भारतीय नौसेना के 45 जहाज, 19 अतिथि युद्धपोत और तटरक्षक बल, व्यापारिक नौसेना और अनुसंधान संगठनों का प्रतिनिधित्व करने वाले अन्य जहाज शामिल हैं। विशाखापट्टणम वर्ष 2016 के बाद दूसरी बार अंतर्राष्ट्रीय बेड़ा समीक्षा की मेजबानी कर रहा है। इससे पहले 2001 में मुंबई और 2016 में विशाखापत्तनम में फ्लीट रीव्यू का आयोजन हुआ था। विशाखापत्तनम में भारतीय नौसेना के प्रमुखबहुपक्षीय अभ्यास ‘मिलन 26’ का 13वां संस्करण भी आयोजित हो रहा है।

2. सनाए ताकाइची इस्तीफा देकर फिर जापान की प्रधानमंत्री बनीं

18 फरवरी को जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची ने मंत्रिमंडल के साथ इस्तीफा दे दिया और दोबारा पीएम रीअपॉइंट हुईं। ताकाइची प्रशासन के सभी मंत्रियों ने मंत्रिमंडल की बैठक में सामूहिक रूप से अपने इस्तीफे सौंप दिए। जापान में सनाए ताकाइची जापान की पहली महिला प्रधानमंत्री बनी थीं। सनाए ताकाइची ने अक्टूबर 2025 में पूर्व प्रधानमंत्री शिगेरु इशिबा की जगह ली थी। 1993 में ताकाइची अपने होम टाउन नारा में पहली बार चुनाव जीती थीं। 18 फरवरी को लोअर हाउस ने ताकाइची को पीएम पद पर वापिस काबिज किया। ताकाइची ने इलेक्‍शन में 2 तिहाई मतों से जीत की और जापान की 105वीं पीएम बनीं।

3. फ्रांस के राष्ट्रपति और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने AIIMS में भारत-फ्रांस एआई स्वास्थ्य परिसर का किया उद्घाटन

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों औरकेंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने नई दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में वैश्विक स्वास्थ्य में एआई पर भारत-फ्रांस परिसर का उद्घाटन किया। यह पहल वैश्विक स्वास्थ्य के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस क्षेत्र में भारत-फ्रांस सहयोग को मजबूत करने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। यह परिसर एआई-आधारित स्वास्थ्य समाधानों में अनुसंधान, नवाचार और क्षमता निर्माण को बढ़ावा देगा, अकादमिक उत्कृष्टता और अंतरराष्ट्रीय साझेदारी प्रोत्साहित करेगा। इस परिसर की स्थापना नई दिल्ली के एम्‍स और सोरबोन विश्वविद्यालय तथा पेरिस मस्तिष्‍क संस्‍थान के बीच समझौते के अन्‍तर्गत की गई है। यह पहल भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, दिल्ली और प्रमुख फ्रांसीसी संस्थानों के अकादमिक सहयोग से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मस्तिष्क स्वास्थ्य और वैश्विक स्वास्थ्य प्रणालियों में अंतःविषयक अनुसंधान को बढ़ावा देती है।इस पहल का शुभारंभ नई दिल्ली के एम्‍स में आयोजित दो दिवसीय उच्च स्तरीय अकादमिक और वैज्ञानिक सम्मेलन के दौरान हुआ।

4. संयुक्त राष्ट्र महिला कार्यकारी बोर्ड का 2026 का पहला नियमित सत्र न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में आयोजित

संयुक्त राष्ट्र महिला कार्यकारी बोर्ड का 2026 का पहला नियमित सत्र न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में आयोजित किया जाएगा। दो दिन के इस सत्र का उद्घाटन कार्यकारी बोर्ड की अध्यक्ष,महामहिम डॉ. अदोनिया अयबारे के नेतृत्व में होगा। ये संयुक्त राष्ट्र में युगांडा की राजदूत और स्थायी प्रतिनिधि हैं। दो दिवसीय सत्र के दौरान, कार्यकारी बोर्ड लेखापरीक्षा से संबंधित कई मामलों पर विचार करेगा। इसके अतिरिक्त, सदस्यों को उद्यम जोखिम प्रबंधन को मजबूत करने, सकारात्मक संगठनात्मक संस्कृति को बढ़ावा देने और संगठन के भीतर नस्लीय भेदभाव से निपटने के प्रयासों पर अद्यतन जानकारी प्राप्त होगी।

5. गूगल ने पांच वर्षों में 15 अरब डॉलर के निवेश से समुद्र के अंदर नए केबलों के माध्यम से भारत को अमरीका से जोड़ने की घोषणा की

गूगल ने इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट में घोषणा की है कि वह पांच वर्षों में 15 अरब डॉलर के निवेश से समुद्र के अंदर नए केबलों के माध्यम से भारत को अमरीका से जोड़ेगा। कंपनी ने इस अवसंरचना पहल को अमरीका-इंडिया कनेक्ट का नाम दिया है। इस पहल के माध्यम से विशाखापट्टणम में समुद्र के अंदर एक नया अंतरराष्ट्रीय गेटवे स्थापित किया जाएगा। कंपनी ने यह भी बताया कि भारत को सिंगापुर, दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया से जोड़ने के लिए समुद्र के अंदर तीन नए मार्ग और चार रणनीतिक फाइबर-ऑप्टिक मार्ग स्थापित किए जाएंगे। नई दिल्ली में इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट में गूगल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुंदर पिचाई ने कहा कि यह पहल भारत, अमरीका और दक्षिणी गोलार्ध के कई स्थानों के बीच एआई कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए समु्द्र के अंदर नए केबल मार्ग उपलब्ध कराती है।

6. माइक्रोसॉफ्ट ग्लोबल साउथ में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को बढ़ावा देने के लिए निवेश करेगा 50 अरब डॉलर

अमेरिकी दिग्गज टेक कंपनी माइक्रोसॉफ्ट ने बुधवार को ऐलान किया कि वह ग्लोबल साउथ के देशों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) को बढ़ावा देने के लिएइस दशक के अंत तक 50 अरब डॉलर निवेश करेगा। माइक्रोसॉफ्ट के वाइस चेयर और प्रेसिडेंट ब्रैड स्मिथ और माइक्रोसॉफ्ट की वाइस प्रेसिडेंट और चीफ रिस्पॉन्सिबल एआई ऑफिसर नताशा क्रैम्पटन ने एक ब्लॉग पोस्ट में कहा कि ग्लोबल नॉर्थ में एआई का उपयोग ग्लोबल साउथ की तुलना में लगभग दोगुना है। पिछले वित्तीय वर्ष में ही, माइक्रोसॉफ्ट ने ग्लोबल साउथ को सर्विस देने वाले डेटा सेंटर इंफ्रास्ट्रक्चर में 8 अरब डॉलर से अधिक का निवेश किया। इसमें भारत, मैक्सिको और अफ्रीका, दक्षिण अमेरिका, दक्षिणपूर्व एशिया और मध्य पूर्व के देशों में नया इंफ्रास्ट्रक्चर शामिल है। इसके अलावा, 24 मिलियन की संख्या के साथ, भारतीय डेवलपर समुदाय गिट हब पर दूसरा सबसे बड़ा राष्ट्रीय समुदाय है, जहां डेवलपर एआई के बारे में सीखते हैं और दुनिया भर के डेवलपर्स के साथ सहयोग करते हैं।

7. भारत-UK ऑफशोर विंड टास्कफोर्स लॉन्च, क्लीन एनर्जी सहयोग को बढ़ावा

यूनियन मिनिस्टर ऑफ़ न्यू एंड रिन्यूएबल एनर्जी प्रल्हाद जोशी ने यूनाइटेड किंगडम के माननीय डिप्टी प्राइम मिनिस्टर डेविड लैमी और भारत में ब्रिटिश हाई कमिश्नर सु लिंडी कैमरन की मौजूदगी में इंडिया-UK ऑफशोर विंड टास्कफोर्स के लॉन्च को संबोधित किया। इंडिया-UK ऑफशोर विंड टास्कफोर्स को एक सिंबॉलिक प्लेटफॉर्म के बजाय एक वर्किंग मैकेनिज्म बताते हुए, मिनिस्टर ने कहा कि इसे विज़न 2035 और फोर्थ एनर्जी डायलॉग के तहत इंडिया के ऑफशोर विंड इकोसिस्टम के लिए स्ट्रेटेजिक लीडरशिप और कोऑर्डिनेशन देने के लिए बनाया गया है। उन्होंने कहा कि जहां यूनाइटेड किंगडम ने ऑफशोर विंड को बढ़ाने और मैच्योर सप्लाई चेन डेवलप करने में ग्लोबल लीडरशिप दिखाई है, वहीं इंडिया स्केल, लॉन्ग-टर्म डिमांड और तेज़ी से बढ़ता क्लीन एनर्जी इकोसिस्टम लेकर आया है। मिनिस्टर ने इस बात पर जोर दिया कि भारत के ट्रांजिशन के अगले फेज में रिलायबिलिटी, ग्रिड स्टेबिलिटी, इंडस्ट्रियल डेप्थ और एनर्जी सिक्योरिटी को मजबूत करना होगा, और इस सफर में ऑफशोर विंड की स्ट्रेटेजिक भूमिका है। ग्रिड प्लानिंग के साथ-साथ गुजरात और तमिलनाडु के तटों पर अच्छे ऑफशोर विंड जोन की पहचान की गई है और शुरुआती प्रोजेक्ट्स के लिए नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ विंड एनर्जी के जरिए जरूरी स्टडी और सर्वे किए गए हैं। शुरुआती प्रोजेक्ट्स को सपोर्ट करने के लिए, सरकार ने ₹7,453 करोड़, लगभग £710 मिलियन के कुल खर्च के साथ एक वायबिलिटी गैप फंडिंग स्कीम शुरू की है।

8. सीएम रेखा गुप्ता को 50वें मातृश्री अवॉर्ड से किया गया सम्मानित

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को 50वें मातृश्री अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें समाज और जनता के प्रति उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए प्रदान किया गया। मातृश्री अवॉर्ड की शुरुआत वर्ष 1975 में पंजाब केसरी के वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय दिनेश शर्मा ने की थी। उनका उद्देश्य समाज और पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित करना था। इस सम्मान से पूर्व में लालकृष्ण आडवाणी, सुषमा स्वराज, अरुण जेटली, मदनलाल खुराना, साहिब सिंह वर्मा, रजत शर्मा, खुशवंत सिंह और सरला माहेश्वरी सहित अनेक गणमान्य हस्तियों को मातृश्री अवॉर्ड से सम्मानित किया जा चुका है।

9. भारतीय खाद्य निगम और विश्व खाद्य कार्यक्रम के बीच समझौता, भारत देगा 2 लाख मीट्रिक टन चावल

भारतीय खाद्य निगम ने विश्व खाद्य कार्यक्रम के साथ एक महत्‍वपूर्ण समझौता किया है। इसके अंतर्गत भारत वैश्विक भुखमरी से निपटने के लिए दो लाख मीट्रिक टन चावल की आपूर्ति करेगा। केंद्रीय उपभोक्ता कार्य, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय ने इस समझौतें के बारे में जानाकरी दी। खाद्य और सार्वजनिक वितरण विभाग के सचिव संजीव चोपड़ा ने कहा कि यह समझौता किसी को भी भूखा न रहने देने के देश के संकल्प को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि भारत कुपोषण और खाद्य असुरक्षा से निपटने में अंतरराष्ट्रीय समुदाय के साथ खड़ा रहेगा।

10. नई दिल्ली में पहले यूरोपीय कानूनी गेटवे कार्यालय का उद्घाटन

नई दिल्ली में पहले यूरोपीय कानूनी गेटवे कार्यालय का विदेश मंत्री सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर, यूरोपीय आयोग की कार्यकारी उपाध्यक्ष हेन्ना विर्ककुनेन और अंतर्राष्ट्रीय प्रवासन नीति विकास केंद्र की महानिदेशक सुज़ैन राब की उपस्थिति में उद्घाटन किया गया। इस ऑफिस का उद्देश्य भारत और यूरोपीय यूनियन के बीच कानूनी मामलों में बेहतर तालमेल बनाना, सहयोग बढ़ाना और रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाना है। इससे दोनों पक्षों को आपसी समझ और समन्वय को मजबूत करने में मदद मिलेगी। इस अवसर पर डॉ. जयशंकर ने कहा कि यह पहल भारत-यूरोपीय संघ रणनीतिक साझेदारी की बढ़ती गहराई, विश्वास और परिपक्वता को दर्शाती है।

11. इंडिया एआई और इंटेल इंडिया ने एआई अभियान के अंतर्गत 24 घंटे में सबसे अधिक संकल्‍प प्राप्त करने का नया विश्व रिकॉर्ड बनाया

इंडिया एआई और इंटेल इंडिया ने एआई अभियान के अंतर्गत 24 घंटे में सबसे अधिक संकल्‍प प्राप्त करने का नया विश्व रिकॉर्ड बनाया है। इसके अंतर्गत 2.5 लाख से अधिक छात्रों ने संकल्‍प लिया। 16 से 17 फरवरी के बीच 24 घंटे की अवधि में कुल 2,50,946 वैध संकल्प दर्ज किए गए। यह उपलब्धि “Most pledges received for an AI responsibility campaign in 24 hours” श्रेणी में दर्ज की गई है। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के निर्णायक प्रवीण पटेल ने इस उपलब्धि को आधिकारिक रूप से प्रमाणित किया।

12. कुनो राष्ट्रीय उद्यान में दक्षिण अफ्रीका की चीता गामिनी ने तीन शावकों को दिया जन्म, भारत में चीतों की संख्या बढ़कर 38 हुई

कुनो राष्ट्रीय उद्यान में दक्षिण अफ्रीका की चीता गामिनी ने तीन शावकों को जन्म दिया है, जिससे भारत में चीतों की संख्या 38 हो गई है। केन्‍द्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि भारत में जन्मे जीवित शावकों की संख्या 27 हो गई है। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही भारतीय धरती पर चीतों के नौवें सफल प्रसव का रिकॉर्ड दर्ज किया गया है। पर्यावरण मंत्री ने बताया कि गामिनी दूसरी बार मां बनी है। केन्‍द्रीय मंत्री ने कहा कि प्रत्येक सफल प्रसव ‘प्रोजेक्ट चीता’ को मजबूती देता है और यह देश के चीता संरक्षण प्रयासों में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। वर्ष 2022-23 में नामीबिया और दक्षिण अफ्रीका से 20 चीतों को भारत लाया गया था। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी द्वारा 17 सितंबर 2022 को पहले आठ चीते जंगल में छोडे गये थे।

13. NASA का क्रू-12 इंटरनेशनल स्‍पेस स्‍टेशन पहुंचा

18 फरवरी कोNASA का क्रू-12 इंटरनेशनल स्‍पेस स्‍टेशन पहुंचा। NASA का क्रू-12 मिशन 12 फरवरी 2026 को स्‍पेस X के फाल्कन 9 रॉकेट से रवाना हुआ था। क्रू-12 ने क्रू-11 के उन साथियों की जगह ली है जो खराब सेहत के चलते समय से पहले धरती पर लौट आए थे। क्रू-12 मिशन कोSpaceX Dragon स्पेसक्राफ्ट के जरिए लॉन्च किया गया, जिसे Falcon 9 रॉकेट लेकर गया। क्रू-12 में अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री जेसिका मेयर और जैक हैथवे के साथ फ्रांसीसी अंतरिक्ष यात्री सोफी एडेनोट औररूसी अंतरिक्ष यात्री एंड्री फेडयेव शामिल हैं। पिछले 65 सालों के दौरान अंतरिक्ष उड़ान में ये पहली बार है जब सेहत संबंधी समस्याओं की वजह से स्पेस से अंतरिक्ष यात्रियों को वापिस भेजा गया। ISS एक साइंटिफिक लेबोरेटरी है, जो पृथ्वी से 400 किलोमीटर ऊपर अंतरिक्ष में पृथ्‍वी की कक्षा में चक्‍कर लगाता है। मौजूदा ISS को 2030 में डी-ऑर्बिट किया जाएगा और प्रशांत महासागर में दुर्घटनाग्रस्त कर दिया जाएगा।

14. BBC इंडियन स्‍पोर्ट्स वुमन ऑफ द ईयर बनीं स्‍मृति मंधाना

16 फरवरी को भारतीय क्रिकेटर स्‍मृति मंधाना को BBC इंडियन स्‍पोर्ट्स वुमन ऑफ द ईयर चुना गया। मंधाना2025 ICC विमेंस वर्ल्‍ड कप जीतने वाली भारतीय टीम की वाइस कैप्‍टन थीं। मंधाना ने 2025 वर्ल्‍ड कप में कुल 434 रन बनाए थे। मंधाना को लिएंडर पेस, दीपा मलि‍क और अंजू बॉबी जॉर्ज की ज्‍यूरी ने चुना। मंधाना ने बतौर RCB की कप्‍तान WPL 2026 भी जीता है। इस अवॉर्ड के लिए हरमनप्रीत कौर, दिव्‍या देशमुख, सुरुचि सिंह और ज्‍योतियर्राजी का भी नाम नॉमिनेट किया गया था।

15. छठी राष्ट्रीय राफ्टिंग चैंपियनशिप-अल्टीमेट रिवर बैटल जम्मू-कश्मीर में डोडा जिले के शिबनोट में शुरू

छठी राष्ट्रीय राफ्टिंग चैंपियनशिप-अल्टीमेट रिवर बैटल जम्मू-कश्मीर में डोडा जिले के शिबनोट में शुरू हो रही है। चार दिन तक चलने वाली इस चैंपियनशिप का उद्देश्य देश भर के शीर्ष राफ्टिंग प्रतिभाओं को प्रदर्शित करना और क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देना है। चेनाब नदी के मनोरम दृश्यों के बीच आयोजित होने वाले इस आयोजन में कई पेशेवर राफ्टिंग टीम और पर्यटकों के भाग लेने की उम्मीद है। यह चैंपियनशिप न केवल खिलाड़ियों को अपने कौशल का प्रदर्शन करने का मंच प्रदान करेगी, बल्कि डोडा को जल क्रीड़ा और पर्यावरण-पर्यटन के लिए एक उभरते गंतव्य के रूप में भी उजागर करेगी। शिबनोट में राष्ट्रीय स्तर की चैंपियनशिप का आयोजन जम्मू-कश्मीर को एक प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

VISIT TO YOUR WHATSAPP CHANNEL : https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F

VISIT TO YOUR YOUTUBE CHANNEL : https://youtube.com/shorts/ptd6gtCkRL4?si=DSNkUwJtN2EatQF

VISIT TO YOUR TELEGRAM : https://t.me/guruggkwala1

THNKS TO SUPPORT GURUGGKWALA

Leave a Comment

Shopping Cart
Scroll to Top