14–18 minutes
1. प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने सेमीकॉन इंडिया 2026 का उद्घाटन किया

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने नई दिल्ली में सेमीकॉन इंडिया 2026 का उद्घाटन किया। अपने संबोधन में उन्होंने आयोजन के पांचवें संस्करण के महत्व का उल्लेख करते हुए सभी प्रतिभागियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री ने 2022 में सेमीकॉन इंडिया स्थापित किए जाने से लेकर अब तक के इसके विकास क्रम का वर्णन करते हुए आरंभिक नीतिगत विमर्श से लेकर परियोजना नियोजन, पायलट लाइनों (पूर्व-व्यावसायिक उत्पादन लाइन जिसमें नई तकनीक पर आधारित लघु स्तर पर विनिर्माण होता है) और अंततः वाणिज्यिक उत्पादन की शुरुआत तक की प्रगति का ब्यौरा दिया। इस कार्यक्रम में 600 से अधिक प्रदर्शक, 300 अंतरराष्ट्रीय कंपनियां और 50 से अधिक देशों के प्रतिनिधिमंडल हिस्सा ले रहे हैं। प्रदर्शनी में जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया, नीदरलैंड्स, सिंगापुर और स्वीडन से छह कंट्री पवेलियन, भारत से बारह राज्य सरकारों के पवेलियन तथा एक स्टार्टअप पवेलियन शामिल हैं। इस सम्मेलन और प्रदर्शनी का आयोजन ‘सिलिकॉन से सिस्टम्स: बिल्डिंग द इकोसिस्टम’ की विषयवस्तु पर किया जा रहा है। इसमें सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र से जुड़ी वैश्विक तथा भारतीय कंपनियां, नीति-निर्माता, निवेशक, शोधकर्ता, स्टार्टअप, शिक्षण संस्थान और विद्यार्थी भाग ले रहे हैं।
2. न्यूजीलैंड की संसद ने भारत के साथ हुए एफटीए को दी मंजूरी

न्यूजीलैंड की संसद ने बुधवार को भारत के साथ हुए फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (एफटीए) को 93-29 (पक्ष-विपक्ष) के मत से मंजूरी दे दी है। यह जानकारी व्यापार और निवेश मंत्री टॉड मैक्ले की ओर से दी गई। मैक्ले ने कहा कि वोट से इस समझौते और इससे होने वाले संभावित आर्थिक फायदों के लिए संसद का मजबूत समर्थन मिला है। मैक्ले के अनुसार, जब यह समझौता लागू होगा, तो भारत को होने वाले न्यूजीलैंड के 57 प्रतिशत निर्यात पर कोई शुल्क नहीं लगेगा। पूरी तरह लागू होने पर, 95 प्रतिशत निर्यात पर शुल्क हटा दिए जाएंगे या काफी कम कर दिए जाएंगे। मैक्ले ने कहा कि न्यूजीलैंड-भारत के बीच बातचीत की घोषणा मार्च 2025 में की गई थी और सरकार को उम्मीद है कि यह समझौता इस साल के आखिर तक लागू हो जाएगा।
3. विदेश मंत्री एस जयशंकर भूटान की यात्रा पर गए

16 सितंबर को विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर भूटान की दो दिवसीय यात्रा पर पहुंचे हैं। उन्होंने भूटान के प्रधानमंत्री छेरिंग तोबगे और विदेश मंत्री डी.एन. धुंग्येल के साथ भारत आने वाले भूटानी नागरिकों के लिए अंतर्राष्ट्रीय यूपीआई के दूसरे चरण का शुभारंभ किया। विदेश मंत्री ने प्रधानमंत्री तोबगे को भारत में निर्मित 54 इलेक्ट्रिक वाहन भी सौंपे। उन्होंने मोंगर में 65 बिस्तरों वाले ग्यालत्सुएन जेटसुन पेमा मातृ और शिशु अस्पताल सहित कई परियोजनाओं का उद्घाटन भी किया। उन्होंने उत्तरी भूटान के गासा में 500 किलोवाट की लुनाना जलविद्युत परियोजना की आधारशिला भी रखी। जयशंकर की ये यात्रा भारत-भूटान के बीच मजबूत और पारंपरिक मैत्रीपूर्ण संबंधों और द्विपक्षीय सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए है। भारत और भूटान के बीच डेवलपमेंट प्रोजेक्ट्स में सहयोग जारी है। अगस्त 2026 में जेमगांग के पानबांग क्षेत्र में तीन हाई इंपेक्ट कम्युनिटी डेवलपमेंट प्रोजेक्ट्स (HICDPs) का उद्घाटन किया गया था। व्यापार के क्षेत्र में भारत, भूटान का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है। 2024-25 में दोनों देशों का द्विपक्षीय व्यापार 1.9 अरब डॉलर से ज्यादा रहा था।
4. संजुक्ता पाराशर CoBRA यूनिट की पहली महिला IG बनीं

15 सितंबर को 2006 बैच की IPS ऑफिसर संजुक्ता पाराशर CRPF की कोबरा (CoBRA) यूनिट की IG अपॉइंट हुईं। CoBRA का पूरा नाम कमांडो बटालियन फॉर रिजॉल्यूट एक्शन है। संजुक्ता CoBRA यूनिट में पहुंचने वाली पहली महिला ऑफिसर हैं। वे 1996 बैच के IPS ऑफिसर दानेश राणा की जगह लेंगी। संजुक्ता पाराशर असम-मेघालय कैडर की IPS ऑफिसर हैं। असम में नक्सलवाद के खिलाफ अभियान चलाने में उनकी अहम भूमिका रही थी। संजुक्ता इससे पहले राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) में थीं उन्हें असम का लेडी सिंघम भी कहा जाता है। संजुक्ता ने साल 2006 में UPSC सिविल सर्विस एग्जामीनेशन पास किया और ऑल इंडिया रैंक 85 हासिल की। संजुक्ता ने IAS के बजाय IPS बनना चुना। असम में फील्ड पुलिसिंग, बोडो उग्रवाद और अन्य उग्रवादी गतिविधियों के खिलाफ काउंटर-इंसर्जेंसी अभियानों में काम किया। संजुक्ता ने नेशनल इंवेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) में काम किया और आतंकवाद-रोधी जांच से जुड़ा अनुभव हासिल किया। संजुक्ता NIA में डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल (DIG) बनीं। 2023 में इंस्पेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (IGP) रैंक में प्रोमोट हुईं। CoBRA यूनिट भारत के केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की एक विशेष और बेहद खतरनाक कमांडो यूनिट है। ये खासतौर पर घने जंगलों में लड़ने और गुरिल्ला युद्ध में माहिर मानी जाती है। CRPF ने कई राज्यों में लेफ्ट विंग एक्सट्रीमिज्म (LWE) से निपटने के लिए 2008-09 में CoBRA बनाई थी।
5. भारत में चीता संरक्षण कार्यक्रम के चार वर्ष पूरे, देश में चीतों की संख्या बढ़कर हुई 52

भारत में चीता संरक्षण कार्यक्रम के चार वर्ष पूरे होने पर देश में चीतों की संख्या बढ़कर 52 हो गई है। चार वर्ष पहले नामीबिया, दक्षिण अफ्रीका और बोत्सवाना से चीतों को भारत लाया गया था। यह बड़े मांसाहारी वन्यजीवों के अंतरमहाद्वीपीय पुनर्वास का दुनिया का पहला प्रयास था। कार्यक्रम के तहत देश में अब तक 32 शावकों का जन्म हुआ है। 52 चीतों में से उनचास कूनो राष्ट्रीय उद्यान और तीन गांधी सागर अभयारण्य में हैं। 17 सितंबर 2022 से 17 सितंबर 2026 तक की स्थिति समीक्षा के अनुसार, इनमें नामीबिया और दक्षिण अफ्रीका से लाए गए जीवित चीते और उनकी संतानों के साथ बोत्सवाना से हाल में लाए गए चीते भी शामिल हैं। कूनो राष्ट्रीय उद्यान के अनुसार, प्रजनन करने वाली मादा चीतों की स्थापना और दूसरी पीढ़ी के शावकों का जीवित रहना भारत में चीता पुनर्वास कार्यक्रम के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 17 सितंबर, 2022 को नामीबिया के आठ जंगली चीतों को मध्यप्रदेश के कूनो राष्ट्रीय उद्यान में विशेष बाड़ों में छोड़ा था। मध्यप्रदेश और राजस्थान की सीमा पर स्थित श्योपुर जिले के इस उद्यान का राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु ने इसी साल 21 जून को दौरा किया था।
6. लद्दाख का पहला ‘हेरिटेज विलेज’ घोषित

15 सितंबर को लद्दाख के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने जांस्कर क्षेत्र के कुमिक गांव को लद्दाख का पहला ‘हेरिटेज विलेज’ घोषित किया। ये घोषणा 11वें लद्दाख जांस्कर फेस्टिवल 2026 के उद्घाटन के दौरान की गई। कुमिक गांव अपने पारंपरिक घरों, पवित्र स्थलों और पारंपरिक कृषि पद्धतियों के लिए जाना जाता है। यहां पारंपरिक वास्तुकला, जल मिल, जलाशय, स्तूप और मणि दीवारें जैसे सांस्कृतिक धरोहर संरक्षित हैं। 2025 में हिमालयन कल्चरल हेरिटेज फाउंडेशन के डॉ. सोनम वांगचुक ने कुमिक को हेरिटेज विलेज घोषित करने की सिफारिश की थी।
7. मनोहर लाल ने जी20 ऊर्जा प्रचुरता मंत्रिस्तरीय बैठक में लिया हिस्सा

केंद्रीय विद्युत, आवास और शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल ने 15 सितंबर 2026 को ह्यूस्टन में आयोजित जी20 ऊर्जा प्रचुरता कार्य समूह की बैठकों में हिस्सा लिया। उन्होंने समूह-1 और समूह-2 के तहत अपने विचार प्रस्तुत किए और ऊर्जा सहयोग को मजबूत करने के लिए संयुक्त राज्य अमेरिका तथा कनाडा के वरिष्ठ नेताओं के साथ द्विपक्षीय चर्चा की। मनोहर लाल ने सुरक्षित और सुदृढ़ ऊर्जा प्रणाली के निर्माण में भारत की प्रगति पर प्रकाश डाला। उन्होंने 552 गीगावाट की स्थापित क्षमता, 50% से अधिक गैर-जीवाश्म ऊर्जा की हिस्सेदारी तथा सौर ऊर्जा, भंडारण, परमाणु ऊर्जा और स्वच्छ खाना पकाने की सुविधा के क्षेत्र में हुई महत्वपूर्ण प्रगति का उल्लेख किया। उन्होंने प्रौद्योगिकी-तटस्थ और समावेशी ऊर्जा मार्गों तथा अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन (आईएसए), ओसोवोग और ग्लोबल बायोफ्यूल्स एलायंस के माध्यम से वैश्विक सहयोग के प्रति भारत की प्रतिबद्धता पर जोर दिया।
8. सेथुरमन पंचनाथन को 2026 आर्थर एम. ब्यूचे पुरस्कार से सम्मानित किया गया

सेथुरमन पंचनाथन को नेशनल एकेडमी ऑफ़ इंजीनियरिंग (NAE) की ओर से 2026 के आर्थर एम. ब्यूचे अवॉर्ड के लिए चुना गया है। उन्हें 4 अक्टूबर 2026 को वाशिंगटन, D.C. में NAE की सालाना बैठक में सम्मानित किया जाएगा। इस अवॉर्ड के 40 से ज़्यादा सालों के इतिहास में यह सम्मान पाने वाले वे पहले भारतीय-अमेरिकी और एरिज़ोना के पहले निवासी होंगे। ब्यूचे अवॉर्ड किसी एक उपलब्धि के लिए नहीं दिया जाता; यह उन लोगों को सम्मानित करता है जिन्होंने अमेरिका में इंजीनियरिंग, टेक्नोलॉजी और पब्लिक पॉलिसी के बीच संबंध को आकार दिया है।
9. देश में डॉप्लर मौसम रडारों की संख्या बढ़कर 51 हुई: पृथ्वी विज्ञान मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह

पृथ्वी विज्ञान मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा है कि पिछले बारह वर्षों में देश में डॉप्लर मौसम रडारों की संख्या चौदह से बढ़कर इक्यावन हो गई है। उन्होंने ओडिशा के संबलपुर में भारत के 51वें अत्याधुनिक डॉप्लर मौसम रडार का वर्चुअल उद्घाटन करते हुए यह बात कही। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि ‘मिशन मौसम’ के अंतर्गत लगभग चालीस और रडार स्थापित करने की योजना है। उन्होंने कहा कि यह विस्तार भारत की मौसम घटनाओं का अवलोकन करने, उन्हें समझने और उनसे निपटने की क्षमता को मजबूत करने के सरकार के प्रयासों का हिस्सा है। डॉ. सिंह ने कहा कि उन्नत अवलोकन क्षमताएं विशेष रूप से उन क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण हैं जो आंधी, बिजली, मूसलाधार वर्षा और अन्य मौसम संबंधी खतरों के प्रति संवेदनशील हैं।
10. वीर सैनिकों के सम्मान में रक्षा मंत्रालय का फैसला, आजीवन रेल यात्रा सुविधा

सेना पदक, नौसेना पदक और वायु सेना पदक (वीरता) से सम्मानित सैनिकों को भारतीय रेल में आजीवन यात्रा की सुविधा प्रदान की जाएगी। इस सुविधा का लाभ वीरता पुरस्कार विजेताओं के जीवनसाथी को भी मिलेगा। विधवा या विधुर के मामले में यह सुविधा पुनर्विवाह तक जारी रहेगी। सेना के मुताबिक इस पहल के दायरे में उन सैनिकों के माता-पिता को भी शामिल किया गया है, जिन्हें अविवाहित होने की स्थिति में मरणोपरांत वीरता पुरस्कार प्रदान किया गया है। पात्र लाभार्थी भारतीय रेल की प्रथम श्रेणी, द्वितीय वातानुकूलित श्रेणी और एसी चेयर कार में यात्रा कर सकेंगे। पंजीकरण भारतीय रेलवे रियायत कार्ड पोर्टल पर किया जा सकेगा। सत्यापन और प्रमाणीकरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पात्र लाभार्थियों के लिए इलेक्ट्रॉनिक यात्रा पास ऑनलाइन जारी किए जाएंगे। इसके बाद इन इलेक्ट्रॉनिक पास के आधार पर टिकट बुक करने की सुविधा एक नवंबर 2026 से भारतीय रेलवे के आईआरसीसीपी के वेब पोर्टल के माध्यम से शुरू होगी।
11. भारत ने बोत्सवाना को 10 टन एंटी-रेट्रोवायरल (ARV) दवाएं भेजी

15 सितंबर को भारत ने बोत्सवाना के पब्लिक हेल्थ सिस्टम को सपोर्ट करने के लिए 10 टन एंटी-रेट्रोवायरल (ARV) दवाएं भेजीं। ARV दवाएं HIV संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए एंटीरेट्रोवायरल थेरेपी का हिस्सा होती हैं। इन दवाओं का यूज HIV/एड्स के इलाज के लिए किया जाएगा। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने इसे ग्लोबल साउथ के साझेदार देशों के साथ स्वास्थ्य सहयोग मजबूत करने की भारत की प्रतिबद्धता बताया। नवंबर 2025 में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की बोत्सवाना यात्रा के दौरान भारत ने बोत्सवाना को जरूरी ARV दवाएं उपलब्ध कराने का वादा किया था। दोनों देशों के बीच स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, डिजिटल तकनीक और अन्य क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर भी जोर रहा है।
12. पासपोर्ट पर नया नियम लागू : 15 साल से कम उम्र के बच्चों का पासपोर्ट अब 5 साल तक रहेगा वैध

15 साल से कम उम्र के बच्चों को जारी होने वाले साधारण भारतीय पासपोर्ट अब पांच साल या बच्चे के 18 साल का होने तक, जो भी पहले हो, तक वैध रहेंगे। विदेश मंत्रालय द्वारा अधिसूचित नए नियमों के तहत यह बदलाव किया गया है। पासपोर्ट (संशोधन) नियम, 2026, गुरुवार को भारत के राजपत्र में प्रकाशित किया गया है, जो पासपोर्ट नियम, 1980 में संशोधित करता है। संशोधित नियम 12(1ए) के तहत, 15 साल से कम उम्र के बच्चे को जारी किया गया 36 पन्नों वाला साधारण पासपोर्ट जारी होने की तारीख से पांच साल की अवधि तक, या बच्चे के 18 साल की उम्र पूरी होने तक, जो भी पहले हो, वैध रहेगा। 15 सितंबर की अधिसूचना में पासपोर्ट आवेदन शुल्क से संबंधित नियम 8 में भी संशोधन किया गया है, जिसमें कहा गया है कि आवेदन की प्रत्येक श्रेणी के लिए देय शुल्क नियमों की अनुसूची IV में निर्दिष्ट के अनुसार होगा।
13. पारंपरिक चिकित्सा ज्ञान, आनुवंशिक संसाधनों और बौद्धिक संपदा अधिकारों पर तीसरे बिम्सटेक सम्मेलन का गोवा में शुभारंभ

पारंपरिक चिकित्सा ज्ञान, आनुवंशिक संसाधनों और बौद्धिक संपदा अधिकारों पर तीसरे बिम्सटेक सम्मेलन का गोवा में शुभारंभ हुआ। सम्मेलन का आयोजन भारत सरकार के आयुष मंत्रालय द्वारा किया जा रहा है तथा अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान (एआईआईए), गोवा इसका नोडल संस्थान है। दो दिवसीय सम्मेलन के साथ पारंपरिक चिकित्सा ज्ञान, आनुवंशिक संसाधन एवं बौद्धिक संपदा अधिकारों पर बिम्सटेक नोडल समूह की दूसरी बैठक भी आयोजित की जा रही है। सम्मेलन में बिम्सटेक सदस्य देशों के विशेषज्ञ, अधिकारी और प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं।
14. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन और सार्वजनिक सेवा में 25 वर्ष पूरे होने पर देश भर में एक महीने तक चलने वाला सेवा संकल्प अभियान शुरू हुआ

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भाजपा का महीने भर चलने वाला राष्ट्रव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ 17 सितंबर (प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन) 2026 से शुरू हो गया है। अगले महीने की 17 तारीख तक चलने वाले इस ‘सेवा संकल्प अभियान’ के हिस्से के रूप में अभियान के पहले दिन को ‘सेवा दिवस’ के रूप में मनाया जा रहा है, जिसके तहत देश भर में रक्तदान शिविर आयोजित किए गए हैं। पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन ने नई दिल्ली में पार्टी मुख्यालय में रक्तदान शिविर का उद्घाटन किया।
15. आईसीसी टी20 रैंकिंग में अभिषेक शर्मा दूसरे नंबर पर पहुंचे, ईशान किशन शीर्ष पर कायम

आईसीसी की ताजा टी20 इंटरनेशनल रैंकिंग में अभिषेक शर्मा को जबरदस्त फायदा पहुंचा है। अफगानिस्तान के खिलाफ पहले दो टी20 में दमदार प्रदर्शन करने के साथ अभिषेक बल्लेबाजों की रैंकिंग में दूसरे नंबर पर आ गए हैं। वहीं, ईशान किशन दुनिया के नंबर एक टी20 बल्लेबाज बने हुए हैं। अफगानिस्तान के खिलाफ खेली जा रही तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज में भारत 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर चुका है। भारत के गेंदबाजों ने भी आईसीसी की ताजा टी20 रैंकिंग में अच्छी बढ़त हासिल की है। वरुण चक्रवर्ती दो स्थान ऊपर चढ़कर पांचवें नंबर पर पहुंच गए, जबकि जसप्रीत बुमराह सात स्थान ऊपर चढ़कर 10वें नंबर पर आ गए।
16. हैदराबाद मुक्ति दिवस

हैदराबाद मुक्ति दिवस प्रतिवर्ष 17 सितंबर को मनाया जाता है, जो 17 सितंबर 1948 को तत्कालीन हैदराबाद रियासत के भारतीय संघ में ऐतिहासिक विलय की याद दिलाता है। केंद्र सरकार वर्ष 2022 से आधिकारिक रूप से हैदराबाद मुक्ति दिवस समारोह आयोजित कर रही है। भारत के तत्कालीन गृहमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल द्वारा पुलिस कार्रवाई करने हेतु लिए गए साहसिक निर्णय ने निजाम को 17 सितम्बर 1948 को आत्म-समर्पण करने और भारत संघ में सम्मिलित होने पर मजबूर कर दिया। इस कार्यवाई को ‘आपरेशन पोलो’ नाम दिया गया था।
17. पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुदर्शन नचियप्पन का 79 साल की उम्र में निधन हो गया।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री ई.एम. सुदर्शन नचियप्पन का गुरुवार को शिवगंगा जिले में स्थित उनके आवास पर संक्षिप्त बीमारी के बाद निधन हो गया। वे 79 वर्ष के थे। नचियप्पन का जन्म शिवगंगा ज़िले के एरियुर गाँव में हुआ था। उन्होंने वकालत की ट्रेनिंग ली और सुप्रीम कोर्ट में प्रैक्टिस की। उन्होंने 1969 में राजनीति में कदम रखा और आने वाले दशकों में कांग्रेस पार्टी में लगातार आगे बढ़ते गए। उनके करियर का एक अहम मोड़ 1999 में आया, जब उन्होंने वरिष्ठ नेता पी. चिदंबरम को हराकर शिवगंगा लोकसभा सीट जीती; इस जीत ने उन्हें राज्य में एक मज़बूत राजनीतिक हस्ती के तौर पर स्थापित किया। वे 2004 तक इस सीट पर बने रहे, जिसके बाद वे राज्यसभा चले गए और 2004 से 2016 तक वहाँ तमिलनाडु का प्रतिनिधित्व किया। संसद में अपने कार्यकाल के दौरान, उन्होंने कई महत्वपूर्ण समितियों की अध्यक्षता भी की, जिससे उनके लंबे विधायी करियर में नीतिगत पहलू भी जुड़ा। नचियप्पन के मंत्री पद के करियर का सबसे अहम दौर तब आया जब उन्हें पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली UPA सरकार में वाणिज्य और उद्योग राज्य मंत्री नियुक्त किया गया; उन्होंने 2013 से 2014 तक इस पद पर काम किया।
VISIT TO YOUR WHATSAAP CHANNEL :https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F
VISIT TO YOUR YOUTUBE CHANNEL :https://www.youtube.com/@guruggkwala
VISIT TO YOUR TELEGRAM :https://guruggkwala.com/9-september-2026-current-affairs-guruggkwala/
THANKS TO SUPPORT GURUGGKWALA
