18 February 2026 Current Affairs -GurugGkwala

14–16 minutes


1. बांग्लादेश में बीएनपी प्रमुख तारिक रहमान ने प्रधानमंत्री पद की ली शपथ

बांग्लादेश नेशनलिस्‍ट पार्टी के अध्यक्ष तारिक रहमान ने बांग्लादेश के नए प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली। नोबेल पुरस्कार विजेता मुहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाले अंतरिम प्रशासन के अन्‍तर्गत लगभग 18 महीने की अनिश्चितता के बाद यह नया राजनीतिक अध्याय है। राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने ढाका में जातीय संसद भवन के साउथ प्लाजा में पद की शपथ दिलाई। यह बंगभवन में समारोह आयोजित करने की लंबे समय से चली आ रही परंपरा से हटकर है। राष्ट्रपति ने 25 कैबिनेट मंत्रियों और 24 राज्य मंत्रियों को भी शपथ दिलाई। जल्द ही इनके विभागों का बंटवारा होने की उम्मीद है।लोकसभा अध्‍यक्ष ओम बिरला और विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व किया। रहमान – पूर्व राष्ट्रपति ज़ियाउर रहमान और पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा ज़िया के बेटे हैं। वे लंदन में 17 वर्ष बिताने के बाद दिसंबर में बांग्लादेश लौटे। उनके शपथ ग्रहण से लगभग दो दशकों के बाद बीएनपी के नेतृत्व वाली सरकार की वापसी हुई है और औपचारिक रूप से यूनुस के नेतृत्व वाले अंतरिम प्रशासन की जगह ली है, जिन्होंने अगस्त 2024 में अवामी लीग सरकार के गिरने के बाद कार्यभार संभाला था।

2. फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 52वें जी7 शिखर सम्मेलन में शामिल होने का दिया निमंत्रण

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस वर्ष आयोजित होने वाले 52वें जी7 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया है। फ्रांस इस सम्मेलन की अध्यक्षता करेगा। मुंबई में एक प्रेस वक्‍तव्‍य में राष्ट्रपति मैक्रों ने कहा कि एवियन में होने वाले शिखर सम्मेलन से पहले अंतरराष्ट्रीय एजेंडे पर सहमति बनाने के लिए भारत और फ्रांस के बीच एक विशेष बैठक की आवश्‍यकता है। मैक्रों ने दोनों देशों के युवाओं के लिए नवाचार के नए अवसर विकसित करने पर भी जोर दिया। जी-7 शिखर सम्मेलन अमरीका, ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी, जापान, इटली, कनाडा और यूरोपीय संघ के नेताओं का वार्षिक सम्मेलन है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले वर्ष, कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के निमंत्रण पर शिखर सम्मेलन में भाग लिया था।

3. भारत–फ्रांस रक्षा सहयोग 10 साल के लिए बढ़ा, भारत में बनेगी हैमर मिसाइल

राजनाथ सिंह और कैथरीन वाउटरिन के बीच मंगलवार को हुई उच्चस्तरीय बैठक में भारत और फ्रांस ने रक्षा सहयोग समझौते का नवीनीकरण अगले10 वर्षों के लिए बढ़ा दिया। साथ ही फ्रांस की अत्याधुनिकहैमर मिसाइल का भारत में निर्माण करने का निर्णय लिया गया। बेंगलुरु में आयोजित इस वार्ता को दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी को नई मजबूती देने वाला महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। हैमर मिसाइल मध्यम दूरी की हवा से सतह पर मार करने वाली गाइडेड मिसाइल है, जो राफेल लड़ाकू विमान का प्रमुख हथियार मानी जाती है। भारत पहले ही फ्रांस से राफेल विमान खरीद चुका है और नए विमानों पर बातचीत जारी है। ऐसे में भारत में हैमर मिसाइल के निर्माण से वायुसेना की मारक क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। भारत की भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड और फ्रांस की सैफ्रान इलेक्ट्रॉनिक्स एंड डिफेंस के बीच हैमर मिसाइल निर्माण के लिए संयुक्त उद्यम स्थापित करने पर समझौता हुआ।

4. प्रधानमंत्री मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति की वार्ता के बाद ‘विशेष वैश्विक रणनीतिक साझेदारी’ की स्थापना की घोषणा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ्रांस के साथ ‘विशेष वैश्विक रणनीतिक साझेदारी’ शुरू करने की घोषणा की।मुंबई के लोक भवन में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ संयुक्‍त बयान में उन्होंने कहा कि यह साझेदारी न सिर्फ़ रणनीतिक है, बल्कि आज के अस्थिर ग्लोबल हालात के बीच वैश्विक स्थिरता और खुशहाली के लिए भी है। श्री मोदी ने कहा कि भारत और फ्रांस के बीच रिश्ते बहुत खास हैं, फ्रांस भारत के सबसे पुराने रणनीतिक साझेदारों में से एक है। दोनों नेताओं ने कर्नाटक के वेमागल में H-125 हेलीकॉप्टर की फाइनल असेंबली लाइन का वर्चुअली उद्घाटन किया, जिसे टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स नेएयरबस के साथ साझेदारी में बनाया है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और फ्रांस की सेना और पूर्व सैनिक कार्य मंत्री कैथरीन वॉट्रिन साइट पर मौजूद थीं। भारत और फ्रांस ने आज भारत-फ्रांस संबंधों को विशेष वैश्विक रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक उन्नत करने पर सहमति व्यक्त की। दोनों देशों के बीच 21 समझोते हुए। दोनों पक्षों ने उन्नत साझेदारी और होराइजन 2047 रोडमैप के कार्यान्वयन की नियमित समीक्षा के लिए वार्षिक विदेश मंत्रियों के संवाद की स्थापना पर सहमति जताई। दोनों देशों ने भारत-फ्रांस नवाचार वर्ष और भारत-फ्रांस नवाचार नेटवर्क के शुभारंभ पर भी सहमति व्यक्त की।

5. संयुक्त सैन्य अभ्यास से भारत-किर्गिस्तान रक्षा सहयोग को नई मजबूती

भारत और किर्गिस्तान की स्पेशल फोर्सेज के बीच 13वां संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘खंजर 2026’ मंगलवार को मिसामारी, सोनितपुर जिला, असम में क्लोजिंग सेरेमनी के साथ समाप्त हो गया। 4 फरवरी से 17 फरवरी 2026 तक चले इस अभ्यास में दोनों देशों की एलीट यूनिट्स ने पेशेवर दक्षता और आपसी सहयोग की भावना के साथ भाग लिया। अभ्यास का उद्देश्य आपसी समझ, ऑपरेशनल तालमेल और साझा टैक्टिकल क्षमताओं को मजबूत करना रहा। 2011 से शुरू हुआ यह द्विपक्षीय वार्षिक अभ्यास बारी-बारी से दोनों देशों में आयोजित होता है। पिछला संस्करण मार्च 2025 में किर्गिस्तान में आयोजित हुआ था।

6. भारत1.एआई का बड़ा ऐलान, बेंगलुरु में बनाएगी देश का पहला ‘ह्यूमैनिटी-फर्स्ट एआई सिटी’

बेंगलुरु स्थित एआई इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी भारत1.एआई ने मंगलवार को घोषणा की कि वह शहर में देश का पहला ‘ह्यूमैनिटी-फर्स्ट एआई सिटी’ स्थापित करेगी। इस परियोजना का उद्देश्य मॉडल ट्रेनिंग, फाइन-ट्यूनिंग और इंफेरेंस के लिए एक बड़ा प्लेटफॉर्म तैयार करना है। कंपनी का लक्ष्य है कि इस साल के अंत तक यहां 10,000 से अधिक एआई शोधकर्ता और नवाचारकर्ता काम करें। इस योजना के तहत सरजापुर में 5 लाख वर्गफुट में फैला ‘बी1 एआई सुपरपार्क’ बनाया जाएगा। यह एक आधुनिक एआई रिसर्च और इनोवेशन कैंपस होगा, जिसमें देश के प्रमुख संस्थान शुरुआती रिसर्च पार्टनर के रूप में जुड़ेंगे, जिनमें आईआईटी कानपुर की एयरावत रिसर्च फाउंडेशन, आईआईएससी का सेफ्टी, प्राइवेसी एंड एआई रिसर्च सेंटर (एसपीएआरसी), वधवानी स्कूल ऑफ एआई एंड इंटेलिजेंट सिस्टम्स (आईआईटी कानपुर), बिट्स पिलानी, आईस्पिरिट फाउंडेशन और आईआईटी रोपड़ शामिल हैं। परियोजना के पहले चरण में नियंत्रित और वास्तविक परिस्थितियों में बुनियादी एआई फ्रेमवर्क को विकसित और परखा जाएगा। साथ ही उच्च गुणवत्ता वाले मल्टीमॉडल डेटा की मदद से शहर स्तर के ओपन वर्ल्ड मॉडल तैयार किए जाएंगे।

7. वैश्विक टेक सहयोग का नया अध्याय: इंफोसिस और एंथ्रोपिक ने किया पार्टनरशिप का ऐलान

भारत की दिग्गज टेक कंपनी इंफोसिस ने मंगलवार को अमेरिकी एआई कंपनी एंथ्रोपिक के साथ साझेदारी का ऐलान किया। दोनों कंपनियां मिलकर सॉफ्टवेयर, मैन्युफैक्चरिंग, फाइनेंशियल सर्विसेज और टेलीकम्युनिकेशन क्षेत्र में एडवांस एंटरप्राइज एआई सॉल्यूशंस विकसित और डिलीवरी करेंगी। इंफोसिस ने बयान में कहा कि इस साझेदारी के तहत इन्फोसिस के टोपाज को एंथ्रोपिक के क्लाउडे मॉडल (क्लाउडे कोड सहित) के साथ जोड़ा जाएगा, जिससे कॉम्प्लेक्स वर्कफ्लो को ऑटोमेट, सॉफ्टवेयर डिलीवरी में तेजी और विभिन्न उद्योगों में एजेंटिक एआई सॉल्यूशंस विकसित किए जा सकें। यह साझेदारी टेलीकम्युनिकेशन क्षेत्र में एक समर्पित एंथ्रोपिक सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के साथ शुरू होगी, जो उद्योग-विशिष्ट कार्यों के अनुरूप एआई एजेंटों का निर्माण और तैनाती करेगा। यह साझेदारी फाइनेंशियल सर्विसेज, मैन्युफैक्चरिंग और सॉफ्टवेयर विकास सहित अन्य इंडस्ट्री में भी विस्तारित होगी।

8. राष्ट्रीय हरित अधिकरण ने ग्रेट निकोबार द्वीप समूह में प्रस्तावित अंतर्राष्ट्रीय कंटेनर ट्रांसशिपमेंट टर्मिनल को मंजूरी दी

राष्ट्रीय हरित अधिकरण-एनजीटी ने ग्रेट निकोबार द्वीप समूह में प्रस्तावित अंतर्राष्ट्रीय कंटेनर ट्रांसशिपमेंट टर्मिनल को मंजूरी दे दी है। अधिकरण ने कहा है कि इसके लिए पर्यावरण मंजूरी की शर्तों में पर्याप्त सुरक्षा उपाय किए गए हैं। एनजीटी के अध्यक्ष न्यायमूर्ति प्रकाश श्रीवास्तव की अध्यक्षता वाली कोलकाता की पूर्वी क्षेत्रीय पीठ ने यह आदेश पारित किया। इससे पहले, कई याचिकाओं में परियोजना के लिए दी गई स्‍वीकृतियों को चुनौती दी गई थी, जिनमें द्वीप तटीय विनियमन क्षेत्र अधिसूचना के उल्लंघन का दावा किया गया था। अधिकरण ने परियोजना की सामरिक महत्ता को स्वीकार करते हुए नवंबर 2022 में प्रदान की गई स्वीकृतियों में हस्तक्षेप से इंकार किया। हालांकि, उसने स्पष्ट किया कि परियोजना को कड़े पर्यावरणीय सुरक्षा उपायों के पूर्ण अनुपालन के साथ ही आगे बढ़ाया जाना चाहिए। 16 फरवरी 2026 के आदेश में अधिकरण ने परियोजना की सामरिक स्थिति को रेखांकित किया, विशेषकर मलक्का जलडमरूमध्य के निकट इसकी भौगोलिक स्थिति के कारण। पीठ ने कहा कि पर्यावरणीय संरक्षण आवश्यक है, किंतु हिंद महासागर क्षेत्र में भारत की उपस्थिति और रक्षा आवश्यकताओं को भी अनदेखा नहीं किया जा सकता। यह परियोजना अंतरराष्ट्रीय कंटेनर ट्रांसशिपमेंट टर्मिनल (आईसीटीटी), टाउनशिप विकास तथा 450 मेगावोल्ट-एम्पीयर गैस एवं सौर आधारित बिजली संयंत्र को शामिल करती है।

9. कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किसानों को सशक्त और सूचना-समृद्ध बनाने के उद्देश्य से भारत-विस्तार नामक डिजिटल पहल का शुभारंभ किया

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने जयपुर के दुर्गापुरा स्थित राज्य कृषि प्रबंधन संस्थान में आयोजित कार्यक्रम में भारत विस्तार योजना का शुभारंभ किया। इस अवसर पर श्री भजनलाल शर्मा, मुख्यमंत्री, राजस्थान भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान श्री शिवराज सिंह चौहान ने किसान केंद्रित AI हैकथन, एग्री कोष AI strategy रोडमैप का भी अनावरण किया। श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भारत विस्तार योजना के अंतर्गत किसान 155261 नंबर पर डायल करके अपनी समस्या बताएंगे और उन्हें तुरंत उसका समाधान मिलेगा। इसी नंबर से देश भर की विभिन्न मंडियों का बाजार भाव भी पता लग सकता है। उन्होंने कहा कि भारत विस्तार योजना में सवाल पूछने पर तत्काल जवाब अपनी स्थानीय भाषा में प्राप्त करने की सुविधा है। योजना की शुरुआत हिंदी और अंग्रेजी भाषा से की गई है। जल्द ही इसमें 11 भाषाओं में किसान संवाद कर सकेंगे। बता दें कि भारत विस्तार योजना का मुख्य उद्देश्य किसानों की कृषि संबंधित आवश्यकताओ के लिए भारत की प्रमुख AI संचालित डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना का उपयोग करना है। कृषि क्षेत्र के लिए एक बहुभाषी AI आधारित संवादात्मक परामर्श प्रणाली उपलब्ध कराना, भारत विस्तार, AgriStack, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR), विभिन्न कृषि योजनाओं, भारतीय मौसम विभाग (IMD), मंडी मूल्यों तथा राज्य प्रणालियों के संसाधनों को एकीकृत करते हुए एक एकल डिजिटल सिस्टम है। भारत विस्तार योजना के तहत किसानों को सेवाएं, मंडी मूल्य, ऋण, बीमा तथा सरकारी योजनाओं से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराकर उनकी उत्पादकता बढ़ाने और जोखिम कम करने में सहायता करना है।

10. डीआरडीओ के केयर और भारतीय विज्ञान संस्थान ने मिलकर अत्याधुनिक न्यूरोमॉर्फिक मेमोरी ऐरे विकसित किया: डॉ. मलिक कुमार

रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन के तहतसेंटर फॉर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड रोबोटिक्स – केयर ने भारतीय विज्ञान संस्‍थान बेंगलुरु के साथ मिलकर अत्‍याधुनिक मॉलिक्यूलर न्यूरोमॉर्फिक मेमोरी ऐरे बनाया है।नई दिल्ली में इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान केयर के डॉ. मलिक कुमार ने कहा है कि यह ऐरे एनालॉग डोमेन में काम करने के लिए डिज़ाइन किया गया है, जिससे दिमाग जैसी बहुत कुशल कंप्यूटिंग हो सके। उन्होंने इस परियोजना को दुनिया की प्रथम पहल भी बताया जिसका मकसद इंसानी दिमाग के कंप्यूटेशनल प्रोसेस की नकल करना है।

11. भारतीय नौसेना के पहले स्वदेशी कैडेट प्रशिक्षण जहाज ‘कृष्णा’ का जलावतरण

भारतीय नौसेना के लिए मेसर्स एल एंड टी शिपयार्ड द्वारा बनाए जा रहे तीन स्वदेशी कैडेट प्रशिक्षण जहाजों में से पहले जहाज का चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान की उपस्थिति में चेन्नई के कट्टुपल्ली स्थित एल एंड टी शिपयार्ड में जलावतरण किया गया। समुद्री परंपराओं के अनुरूप, जहाज का शुभारंभ डीडब्ल्यूडब्ल्यूए की अध्यक्ष अनुपमा ने किया। देश की तीसरी सबसे लंबी नदी कृष्णा नदी के सम्‍मान में इस पोत का नाम ‘कृष्णा’ रखा गया है। तीन कैडेट प्रशिक्षण जहाजों के लिए अनुबंध पर रक्षा मंत्रालय और मेसर्स एल एंड टी शिपयार्ड के बीच 7 मार्च 2023 को हस्ताक्षर किए गए थे। इस जहाज को स्वदेशी रूप से मेसर्स एल एंड टी ने डिजाइन और निर्मित किया है। इस जहाज को औपचारिक तौर पर वर्ष 2026 के अंत में भारतीय नौसेना को सौंपना है। इन कैडेट प्रशिक्षण जहाजों का उपयोग बुनियादी प्रशिक्षण के बाद समुद्र में अधिकारी कैडेटों (महिलाओं सहित) और मित्र देशों के कैडेटों को प्रशिक्षण देने के लिए किया जाएगा।

12. ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य को अस्थायी रूप से बंद करने की घोषणा की

ईरान ने अपने विवादित परमाणु कार्यक्रम को लेकर अमरीका के साथ अप्रत्यक्ष वार्ता के दौरान शक्ति प्रदर्शन करते हुए होर्मुज जलडमरूमध्य को अस्थायी रूप से बंद करने की घोषणा की है। ईरान ने सोमवार को कहा कि उसके रिवोल्यूशनरी गार्ड ने होर्मुज जलडमरूमध्य, फारस की खाड़ी और ओमान की खाड़ी में अभ्यास शुरू किया है, जो महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्ग हैं। ईरान ने कल कहा कि उसने तेहरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर विवाद को सुलझाने के लिए अमरीका के साथ मुख्य मार्गदर्शक सिद्धांतों पर सहमति बना ली है। होरमुज़ जलडमरूमध्य पश्चिम एशिया की एक प्रमुख जलसन्धि है जो ईरान के दक्षिण में फ़ारस की खाड़ी को ओमान की खाड़ी से अलग करता है। इसके दक्षिण में संयुक्त अरब अमीरात और ओमान का मुसन्दम नामक बहिक्षेत्र हैं।

13. एनएचएआई ने राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे मधुमक्खी गलियारे विकसित करने की घोषणा की

राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण -एनएचएआई ने राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे मधुमक्खी गलियारे विकसित करने की घोषणा की है। यह पहल सतत और पर्यावरण के अनुकूल अवसंरचना विकास के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने कहा है कि इस पहल के साथ, एनएचएआई मधुमक्खी-अनुकूल वनस्पतियों का निर्माण करके पारिस्थितिक पौधरोपण की ओर अग्रसर होगा। यह कदम परागणकों पर बढ़ते पारिस्थितिक तनाव के बीच उठाया गया है, जिसने परागण सेवाओं, कृषि और बागवानी उत्पादकता और समग्र पारिस्थितिक संतुलन पर प्रतिकूल असल डाला है। कृषि-जलवायु परिस्थितियों और स्थानीय उपयुक्तता के आधार पर, ऐसे गलियारे राष्ट्रीय राजमार्गों और एनएचएआई की भूमि पर विकसित किए जाएँगे। एनएचएआई ने 2026-27 में राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे लगभग 40 लाख पौधे रोपने की योजना बनाई है, जिनमें से लगभग 60 प्रतिशत मधुमक्खी गलियारा पहल के अंतर्गत होंगे।

14. अमरीका नागरिक अधिकार नेता जेसी जैक्सन का 84 वर्ष की आयु में निधन

अमरीका नागरिक अधिकार नेता जेसी जैक्सन का 84 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। बैपटिस्ट धर्मगुरु और मार्टिन लूथर किंग जूनियर के करीबी सहयोगी जैक्सन वर्ष 1968 में किंग की हत्या के बाद नस्लीय न्याय के संघर्ष में प्रमुख हस्तियों में से एक बन गए थे। दशकों तक उन्होंने धार्मिक नेतृत्व और राजनीतिक सक्रियता की जिम्‍मेदारी एक साथ निभाई। उन्होंने दो बार डेमोक्रेटिक पार्टी से राष्ट्रपति पद के नामांकन की मांग की और प्रगतिशील और अल्पसंख्यक गठबंधनों की पहुंच का विस्तार किया। नागरिक अधिकार आंदोलन से लेकर बराक ओबामा की वर्ष 2008 की चुनावी जीत तक, वे कई महत्वपूर्ण क्षणों में उपस्थित रहे। जैक्सन ने बिल क्लिंटन के कार्यकाल में अफ्रीका के लिए राष्ट्रपति के दूत के रूप में भी कार्य किया और रंगभेद को समाप्त करने की वकालत की।

VISIT TO YOUR WHATSAPP CHANNEL : https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F

VISIT TO YOUR YOUTUBE CHANNEL : https://youtube.com/shorts/ptd6gtCkRL4?si=DSNkUwJtN2EatQF

THNKS TO SUPPORT GURUGGKWALA

Leave a Comment

Shopping Cart
Scroll to Top