17 July 2025 Current Affairs -GurugGkwala

12–17 minutes

1. कैबिनेट की प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना को मंजूरी

केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना को मंजूरी दी है, जिसका लक्ष्य कृषि उत्पादकता को बढ़ाना है। यह योजना वर्ष 2025-26 से शुरू होकर आगामी छह वर्षों तक देश के 100 चिन्हित जिलों में लागू की जाएगी। योजना फसल विविधीकरण, टिकाऊ कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देने, फसल कटाई के बाद भंडारण सुविधाओं को बेहतर करने, सिंचाई सुविधाओं में सुधार और ऋण की उपलब्धता को आसान बनाने पर केंद्रित है। इस योजना के तहत देश के 100 जिलों को चिह्नित किया जाएगा। ये जिले तीन प्रमुख संकेतकों – कम उत्पादकता, कम फसल घनत्व और कम ऋण वितरण – के आधार पर चुने जाएंगे। योजना को 11 विभागों की 36 मौजूदा योजनाओं और अन्य राज्य योजनाओं के समन्वय के माध्यम से लागू किया जाएगा। इस योजना से देश के 1 करोड़ 70 लाख किसानों को लाभ मिलेगा।

2. भारत को लड़ाकू विमानों के लिए GE-F404 इंजन प्राप्त हुआ

भारत को सोमवार (15 जुलाई, 2025) को तेजस लाइट कॉम्बैट एयरक्राफ्ट (एलसीए) मार्क-1ए लड़ाकू जेट कार्यक्रम के लिए संयुक्त राज्य अमेरिका से दूसरा जीई-एफ404 इंजन प्राप्त हुआ। सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) ने इंजन की डिलीवरी ले ली है और चालू वित्त वर्ष के अंत तक 12 और जीई-एफ404 इंजन मिलने की उम्मीद है। ये इंजन एलसीए मार्क 1ए लड़ाकू विमानों में लगाए जाएँगे। अमेरिकी इंजन निर्माता कंपनी द्वारा आपूर्ति श्रृंखला में व्यवधान के कारण इनकी डिलीवरी में एक साल से ज़्यादा की देरी हो गई थी। भारतीय वायु सेना (आईएएफ) ने 83 एलसीए मार्क 1ए विमानों के ऑर्डर दिए हैं। अगस्त 2021 में, एचएएल ने स्वदेशी रूप से विकसित तेजस एमके-1ए को शक्ति प्रदान करने के लिए जीई एयरोस्पेस को 99 एफ404 इंजनों के लिए 5,375 करोड़ रुपये का ऑर्डर दिया था।

3. गुजरात में देश की पहली ‘ट्राइबल जीनोम सीक्वेंसिंग परियोजना’ की शुरुआत

गुजरात देश का पहला राज्य बन गया है जिसने ‘ट्राइबल जीनोम सीक्वेंसिंग प्रोजेक्ट’ की शुरुआत की है। इस योजना का उद्देश्य आदिवासी समुदायों में पाए जाने वाले बीमारियों को समझना और उन्हें बेहतर इलाज देना है। यह जानकारी आदिवासी विकास मंत्री डॉ. कुबर डिंडोर ने गांधीनगर में एक बैठक के दौरान दी। यह योजना विज्ञान और परंपरा को जोड़ते हुए आदिवासी समुदायों के स्वास्थ्य में सुधार लाने का एक बड़ा प्रयास है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना को गुजरात बायोटेक्नोलॉजी रिसर्च सेंटर (GBRC) द्वारा क्रियान्वित किया जाएगा। इसके तहत गुजरात के 17 जिलों से 2,000 आदिवासी व्यक्तियों के जीनोम का सीक्वेंसिंग किया जाएगा, जिससे एक व्यापक जेनेटिक डेटा बेस तैयार होगा। इस परियोजना के माध्यम से सिकल सेल एनीमिया, थैलेसीमिया और कैंसर जैसी वंशानुगत बीमारियों का जल्दी पता लगाने और बेहतर इलाज में मदद मिलेगी। साथ ही, यह प्राकृतिक रोग प्रतिरोधक क्षमता (इम्युनिटी) के संकेतों की पहचान करने में सहायक होगा जिससे हर व्यक्ति की स्वास्थ्य प्रोफाइल के अनुसार व्यक्तिगत इलाज संभव हो सकेगा।

4. असम के डिब्रूगढ़ में मिला हाइड्रोकार्बन, मुख्यमंत्री सरमा ने बताया ‘गौरवपूर्ण क्षण’

असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने राज्य के लिए ऊर्जा सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि की घोषणा की है। ऑयल इंडिया लिमिटेड ने नमरूप के बोरहाट-1 कुएं में हाइड्रोकार्बन की उपलब्धता की खोज की है। इस कुएं में असम सरकार की महत्वपूर्ण हिस्सेदारी है, जो इस खोज को और भी ऐतिहासिक बनाती है। इस उपलब्धि के साथ असम देश का पहला ऐसा राज्य बन गया है, जिसकी सरकार प्रत्यक्ष रूप से तेल उत्पादक बनी है। यह खोज न केवल राज्य के तेल अन्वेषण प्रयासों को सफल बनाती है, बल्कि असम को राजस्व और रॉयल्टी से सशक्त करती है।

5. थ्येनचिन में हुई एससीओ विदेश मंत्रियों की अहम बैठक

चीनी विदेश मंत्री वांग यी ने उत्तर चीन के थ्येनचिन शहर में शंघाई सहयोग संगठन के सदस्य देशों के विदेश मंत्रियों की परिषद की बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि एससीओ की स्थापना के बाद 24 वर्षों में सदस्य देशों के नेताओं के रणनीतिक मार्गदर्शन में उसके विकास का रुझान स्थिर और अच्छा बना रहा है, सहयोग क्षेत्रों का विस्तार निरंतर होता जा रहा है, अंतर्राष्ट्रीय प्रतिष्ठा निरंतर बढ़ रही है, रणनीतिक मूल्य अधिक उजागर हो रहा है, जो सदस्य देशों के लिए क्षेत्रीय स्थिरता और समान विकास पूरा करने की विश्वसनीय निर्भरता बन गई है। वांग ने घोषणा की कि एससीओ शिखर सम्मेलन 31 अगस्त से 1 सितंबर तक थ्येनचिन में आयोजित होगा। 20 से अधिक देशों के नेता और 10 अंतर्राष्ट्रीय संगठनों के प्रमुख संबंधित गतिविधियों में भाग लेंगे।

6. UIDAI ने 24 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों में myAadhaar पोर्टल पर ‘परिवार के सदस्य की मृत्यु की सूचना’ सेवा की शुरू

यूआईडीएआई ने हाल ही में myAadhaar पोर्टल पर एक नई सेवा – “परिवार के सदस्य की मृत्यु की सूचना”-शुरू की है, जो वर्तमान में 24 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों में उपलब्ध है। इस पोर्टल के माध्यम से कोई भी व्यक्ति अपने परिवार के मृत सदस्य की मृत्यु रिपोर्ट कर सकता है। इसके लिए उसे स्वयं को प्रमाणित करना होगा और मृत व्यक्ति का आधार नंबर, मृत्यु पंजीकरण संख्या और अन्य विवरण दर्ज करने होंगे। सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद, मृत व्यक्ति का आधार नंबर निष्क्रिय करने की कार्रवाई की जाती है। शेष राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों को इस पोर्टल से जोड़ने का कार्य प्रगति पर है। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) देशवासियों और अनिवासी भारतीयों (एनआईरआई) को एक विशिष्ट 12 अंकों की डिजिटल पहचान यानी आधार संख्या प्रदान करता है, जो कभी किसी अन्य व्यक्ति को पुनः आवंटित नहीं की जाती। किसी व्यक्ति की मृत्यु के बाद उसके आधार नंबर का निष्क्रिय किया जाना अत्यावश्यक हो जाता है ताकि उसकी पहचान का गलत उपयोग और धोखाधड़ी रोकी जा सके।

7. अमरीकी ऑटोमोटिव कंपनी ‘टेस्ला’ ने मॉडल ‘Y’ के लॉन्च के साथ भारतीय बाजार में प्रवेश किया

अमरीकी बहुराष्ट्रीय ऑटोमोटिव कंपनी ‘टेस्ला’ ने अपने मॉडल ‘Yइलेक्ट्रिक वाहन के लॉन्च के साथ भारतीय बाजार में प्रवेश कर लिया है। कंपनी ने मुंबई में अपना पहला शोरूम खोला। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उद्घाटन समारोह में भाग लिया और टेस्ला को महाराष्ट्र में अनुसंधान एवं विकास तथा विनिर्माण संयंत्र स्थापित करने को आमंत्रित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुंबई भारत की वित्तीय, वाणिज्यिक और मनोरंजन की राजधानी होने के साथ उद्यम केंद्र भी है।

8. लंदन में हुई नीलामी में महात्मा गांधी का एक दुर्लभ तैलचित्र दो लाख डॉलर से अधिक में बिका है

लंदन में हुई नीलामी में महात्मा गांधी का एक दुर्लभ तैलचित्र दो लाख डॉलर से अधिक में बिका है। ब्रिटिश कलाकार क्लेयर लीटन द्वारा वर्ष 1931 में बनाया गया यह चित्र महात्मा गांधी का एकमात्र तैलचित्र माना जाता है। यह चित्र राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की लंदन यात्रा के दौरान बनाया गया था। महात्‍मा गांधी भारत के संवैधानिक सुधारों और स्वशासन पर चर्चा करने के लिए दूसरे गोलमेज सम्मेलन में भाग लेने के लिए लंदन गए थे।

9. CBSE ने सभी स्कूलों में ‘ऑयल बोर्ड’ लगाने का निर्देश दिया

देश में बढ़ते मोटापे को देखते हुए केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने एक बड़ा कदम उठाया है। मंगलवार को सीबीएसई के निदेशक ने सभी स्कूल प्रमुखों को पत्र लिखकर निर्देश दिया कि वे अपने स्कूलों मेंऑयल बोर्ड’ लगाएं और छात्रों के बीच स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा दें। यह कदम 14 मई 2025 को जारी ‘शुगर बोर्ड’ से संबंधित सर्कुलर का ही विस्तार है। CBSE ने यह फैसला राष्ट्रीय पारिवारिक स्वास्थ्य सर्वेक्षण (NFHS-5), 2019-21 और लांसेट ग्लोबल बर्डन ऑफ डिजीज (GBD) स्टडी 2021 के चौंकाने वाले आंकड़ों के आधार पर लिया है। NFHS-5 के मुताबिक, शहरी भारत में हर पांच में से एक वयस्क मोटापे का शिकार है। वहीं GBD की रिपोर्ट, जो 2025 में प्रकाशित हुई, जो बताती है कि भारत में 2021 में 18 करोड़ वयस्क मोटापे के शिकार थे और यह आंकड़ा 2050 तक बढ़कर 44.9 करोड़ तक पहुंच सकता है। इस अनुमान के अनुसार भारत दुनिया में मोटापे का दूसरा सबसे बड़ा भार उठाने वाला देश बन जाएगा। इससे पहले जून 2025 में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने भी सभी स्कूलों, दफ्तरों और संस्थानों में खाने-पीने की लोकप्रिय चीजों जैसे पिज्जा, बर्गर, समोसा, वड़ा पाव, और कचौरी में मौजूद तेल और चीनी की मात्रा को दिखाने वाले बोर्ड लगाने का प्रस्ताव दिया था।

10. संजय कौल बने गिफ्ट सिटी के नए सीईओ

संजय कौल, जो 2001 बैच के केरल कैडर के आईएएस अधिकारी हैं, को गुजरात के गांधीनगर स्थित GIFT सिटी कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (MD एवं CEO) के रूप में नियुक्त किया गया है। यह घोषणा 15 जुलाई 2025 को एक सरकारी आदेश के माध्यम से की गई। वे तीन वर्षों की अवधि के लिए प्रतिनियुक्ति पर यह जिम्मेदारी संभालेंगे, या जब तक आगे के आदेश जारी न हों।

11. मधुमक्खियों के लिए चीन ने बनाया अब तक का सबसे हल्का मस्तिष्क-नियंत्रित उपकरण

चीन के वैज्ञानिकों ने ऐसा ब्रेन कंट्रोलर (मस्तिष्क-नियंत्रक उपकरण) विकसित किया है, जो मधुमक्खियों की उड़ान को नियंत्रित कर सकता है। यह दुनिया का अब तक का सबसे हल्का ऐसा उपकरण है। बीजिंग इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी की टीम द्वारा विकसित यह डिवाइस मधुमक्खियों को ‘साइबोर्ग’ यानी अर्ध-यांत्रिक जीव में बदल देती है, जिन्हें सैन्य अभियानों या आपातकालीन राहत कार्यों में इस्तेमाल किया जा सकता है। यह आविष्कार ऐसे कामों में कीड़ों के उपयोग की नई संभावनाएं खोलता है, जिन्हें मनुष्य या मशीनें आसानी से नहीं कर सकते। यह डिवाइस केवल 74 मिलीग्राम वजनी है — अब तक का सबसे हल्का। इसे मधुमक्खी की पीठ पर बांधा जाता है और इसमें तीन बारीक सुइयाँ होती हैं जो उसके मस्तिष्क में प्रवेश करती हैं। डिवाइस मधुमक्खी को बाएं, दाएं, आगे या पीछे उड़ने के निर्देश देने के लिए इलेक्ट्रॉनिक संकेत भेजता है। परीक्षणों में मधुमक्खियों ने 10 में से 9 बार सही दिशा में उड़ान भरी।

12. कर्नाटक बैंक ने राघवेंद्र एस. भट को अंतरिम प्रबंध निदेशक और सीईओ नियुक्त किया

कर्नाटक बैंक ने राघवेंद्र श्रीनिवास भट को अंतरिम प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (MD & CEO) नियुक्त किया है। यह नियुक्ति 16 जुलाई 2025 से प्रभावी होगी और वे तीन माह तक या स्थायी सीईओ की नियुक्ति तक इस पद पर बने रहेंगे। यह निर्णय हाल ही में हुई नेतृत्व संकट के बाद लिया गया है, जब पूर्व एमडी और सीईओ ने इस्तीफा दे दिया था।

13. हेमंत सरमा ने असम में भारत का पहला एक्वा टेक पार्क लॉन्च किया

मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने गुवाहाटी के पास सोनापुर में भारत के पहले एक्वा टेक पार्क का उद्घाटन किया। यह पार्क मछलीपालकों को एक्वापोनिक्स, बायोफ्लॉक और सजावटी मछली पालन जैसी आधुनिक तकनीकों की जानकारी देगा। इस पहल का उद्देश्य राज्य में मछली उत्पादन को बढ़ाना और किसानों की आय में इज़ाफा करना है। यह पार्क NGO कोलोंग कोपिली द्वारा NABARD, ICAR-CIFA, सेल्को फाउंडेशन और मत्स्य विभाग के सहयोग से स्थापित किया गया है। पार्क में ऐसे तकनीकी तरीके दिखाए गए हैं जिनसे कम पानी में तेजी से और स्वस्थ तरीके से मछली का उत्पादन संभव हो सके। इसमें एक्वापोनिक्स शामिल है, जिसमें मछली और पौधों को एक साथ पाला जाता है, और बायोफ्लॉक प्रणाली, जो मछलियों की सेहत और वृद्धि में मदद करती है।

14. आर दोराईस्वामी 2028 तक एलआईसी के एमडी और सीईओ नियुक्त

भारत सरकार ने आर. दोराईस्वामी को भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) का नया प्रबंध निदेशक (MD) और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति 15 जुलाई 2025 से प्रभावी होगी और उनका कार्यकाल 28 अगस्त 2028 तक रहेगा, जब वे 62 वर्ष की सेवानिवृत्ति आयु प्राप्त करेंगे। यह नियुक्ति महत्वपूर्ण है क्योंकि एलआईसी भारत की सबसे बड़ी बीमा कंपनी है और देश के वित्तीय क्षेत्र में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है।

15. केरल के पश्चिमी घाट में तितली की नई प्रजाति मिली

भारतीय वैज्ञानिकों की एक टीम ने केरल के वेस्टर्न घाट (पश्चिमी घाट) में तितली की एक नई प्रजाति की खोज की है, जिसका नाम Zographetus mathewi रखा गया है। यह तितली निचली ऊँचाई वाले वनों में पाई गई है और केवल इस क्षेत्र में ही पाई जाती है, जो भारत की समृद्ध वन्यजीव विविधता में एक और दुर्लभ योगदान है। यह खोज वेस्टर्न घाट जैसी वैश्विक जैव विविधता हॉटस्पॉट की रक्षा और अध्ययन के महत्व को उजागर करती है। इस तितली की खोज त्रावणकोर नेचर हिस्ट्री सोसाइटी, इंस्टीट्यूट ऑफ ट्रॉपिकल रिसर्च, इकोलॉजी एंड कंजर्वेशन और जूलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया के विशेषज्ञों ने की। शुरुआत में वैज्ञानिकों ने इसे Zographetus ogygia नामक पहले से ज्ञात प्रजाति समझा, लेकिन इसके पंखों के पैटर्न और जननांग संरचनाओं का सूक्ष्म अध्ययन करने के बाद इसे एक नई प्रजाति के रूप में पुष्टि की गई। यह विस्तृत शोध Entomon नामक वैज्ञानिक पत्रिका में प्रकाशित हुआ है।

16. भारतीय महिला हॉकी टीम की फॉरवर्ड खिलाडी दीपिका ने पोलिग्राफ मैजिक स्किल अवार्ड 2024-25 जीता

भारतीय महिला हॉकी टीम की फॉरवर्ड खिलाडी दीपिका ने एफ.आई.एच. हॉकी प्रो लीग में विश्व की शीर्ष टीम नीदरलैंड्स पर शानदार फील्ड गोल के लिए वर्ष 2024-25 का पोलिग्राफ मैजिक स्किल पुरस्कार जीता है। यह पुरस्कार हॉकी में व्यक्तिगत कौशल के लिए दिया जाता है, जिसे वैश्विक प्रशंसक वोट द्वारा तय किया जाता है। दीपिका ने फरवरी में प्रो लीग के भुवनेश्वर चरण के दौरान नीदरलैंड्स के साथ मैच के 35वें मिनट में, बाईं छोर से लगातार ड्रिबल कर विपक्षी टीम की रक्षा पंक्ति को भेदते हुए, कुशलता से मुश्किल कोण से गोल कर अपनी टीम को 2-2 से बराबरी पर ला दिया। बाद में भारत ने यह मैच शूटआउट में जीता। दीपिका के अलावा स्पेन की पेट्रीसिया अल्वारेज़ को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ गोल के लिए और ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम को इंग्लैंड के खिलाफ एक के बाद एक पांच तेज़ पास देते हुए सुव्यवस्थित तरीके से गोल करने के लिए इस पुरस्कार के लिए नामांकित किया गया था। पुरुष वर्ग में, बेल्जियम के विक्टर वेगनेज़ ने स्पेन के साथ मैच में उत्कृष्ट मिडफील्ड खेल के जरिए शानदार गोल दागने पर पुरस्कार हासिल किया।

17. वेस्‍टइंडीज के ऑलराउंडर क्रिकेट खिलाड़ी आंद्रे रसेल ने अंतरराष्‍ट्रीय क्रिकेट से सन्‍यास की घोषणा की

वेस्‍टइंडीज के ऑलराउंडर क्रिकेट खिलाड़ी आंद्रे रसेल ने अंतरराष्‍ट्रीय क्रिकेट से सन्‍यास लेने की घोषणा की है। रसेल अभी ऑस्‍ट्रेलिया के साथ 20 और 22 जुलाई को होने वाले टी-20 क्रिकेट मैचों में हिस्‍सा लेंगे। रसेल को ऑस्‍ट्रेलिया के साथ पांच टी-ट्वेंटी क्रिकेट मैचों की श्रृंखला के पहले दो मैचों के लिए वेस्‍टइंडीज के टीम में शामिल किया गया है। रसेल करीब दस वर्षों से वेस्‍टइंडीज के लिए क्रिकेट खेल रहे हैं और उन्‍हें ताबड़तोड बल्‍लेबाजी के लिए जाना जाता है।

18. विश्व एथलेटिक्स कॉन्टिनेंटल टूर प्रतियोगिता में लम्‍बी कूद स्पर्धा में भारत की एन्सी सोजन ने तीसरा स्थान हासिल किया

इटली में विश्व एथलेटिक्स कॉन्टिनेंटल टूर प्रतियोगिता में लम्‍बी कूद स्पर्धा में भारत की एन्सी सोजन ने तीसरा स्थान हासिल किया है। प्रतियोगिता का स्वर्ण ऑस्ट्रेलिया की डेल्टा अमिडज़ोव्स्की ने और रजत दक्षिण अफ्रीका की डेनियल नोल्टे ने जीता।

19. आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सराहना दिवस

हर साल 16 जुलाई को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस प्रशंसा दिवस मनाया जाता है। विज्ञान, तकनीक और स्वास्थ्य सेवा में हुई खोजों के साथ, AI एक और भी विकसित भविष्य की संभावनाएँ प्रदान करता है।

JOIN TELEGRAM : https://t.me/guruggkwala

THNKS TO SUPPORT GURUGGKWALA

Leave a Comment

Shopping Cart
Scroll to Top