12–14 minutes
1. पीएम मोदी पर शिवराज चौहान की किताब ‘अपनापन’ का 26 मई को होगा विमोचन
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आधारित किताब ‘अपनापन’ लिखी है। इस पुस्तक का विमोचन 26 मई को दिल्ली में किया जाएगा। कृषि मंत्री ने एक्स पर एक वीडियो साझा करते हुए लिखा कि तीन दशकों से अधिक के सार्वजनिक जीवन में पीएम मोदी के साथ विभिन्न भूमिकाओं और दायित्वों में काम करते हुए उन्हें उनके व्यक्तित्व, नेतृत्व, सेवा, संगठन, सुशासन और राष्ट्र-समर्पण को करीब से समझने का अवसर मिला। इन्हीं अनुभवों, भावनाओं और जीवन मूल्यों को उन्होंने अपनी पुस्तक ‘अपनापन’ में संजोने का प्रयास किया है।
2. संयुक्त सैन्य क्षमता मजबूत करने के लिए सेना और नौसेना में समझौता
देश की सुरक्षा को और मजबूत बनाने की दिशा में भारतीय सेना और भारतीय नौसेना ने ‘मेमोरेंडम ऑफ एसोसिएशन ऑन अफिलिएशन’ को मंजूरी दी है। गुरुवार 14 मई को दोनों सेनाओं के बीच ‘संबद्धता समझौता ज्ञापन’ पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते का उद्देश्य थलसेना और नौसेना के बीच बेहतर तालमेल, आपसी समझ और संयुक्त कार्यप्रणाली को बढ़ावा देना है। बदलते युद्ध स्वरूप को देखते हुए इसे भविष्य की सैन्य तैयारियों के लिए अहम कदम माना जा रहा है। सैन्य बलों के अनुसार यह समझौता भारतीय सशस्त्र बलों के बीच संयुक्तता, एकीकरण और बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। इसका उद्देश्य भविष्य की चुनौतियों के अनुरूप आधुनिक, एकीकृत और बहु-आयामी सैन्य क्षमता विकसित करना है। यह कदम देश की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
3. पश्चिम बंगाल ने महिला कल्याण हेतु ‘अन्नपूर्णा भंडार’ योजना शुरू की
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने नई बनी BJP सरकार की पहली कैबिनेट बैठक के दौरान पश्चिम बंगाल में “अन्नपूर्णा भंडार” योजना शुरू करने की घोषणा की है। इस योजना के तहत,पात्र महिलाओं को डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से हर महीने ₹3,000 मिलेंगे, इसके 1 जून, 2026 से लागू होने की उम्मीद है। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं की आर्थिक स्वतंत्रता को मजबूत करना है, खासकर कम और मध्यम आय वाले परिवारों के लिए। यह नई योजना पिछली सरकार द्वारा शुरू की गई ‘लक्ष्मी भंडार योजना’ की जगह लेगी, जिसमें सामान्य वर्ग की महिलाओं को ₹1,500 और SC/ST लाभार्थियों को ₹1,700 दिए जाते थे। कैबिनेट ने राज्य द्वारा संचालित बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा को भी मंजूरी दी और आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, PM विश्वकर्मा और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना सहित केंद्र की कई कल्याणकारी योजनाओं को राज्य में लागू करने की घोषणा की। अन्य निर्णयों में ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ योजना को लागू करना, ‘उज्ज्वला योजना 3.0’ का विस्तार करना और बांग्लादेश सीमा पर बाड़ लगाने के लिए BSF को ज़मीन हस्तांतरित करना शामिल है।
4. केरलम के नए मुख्यमंत्री होगे वीडी सतीशन
आखिरकार लंबे समय तक ऊहापोह के बाद कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने केरलम के मुख्यमंत्री के चेहरे का ऐलान कर दिया है। पार्टी ने इस पद के लिए वीडी सतीशन का नाम फाइनल किया है। वो प्रदेश के 13वें मुख्यमंत्री होंगे। पेशे से वकील सतीशन ने 2001 में परावुर से विधानसभा चुनाव जीतकर राजनीति में कदम रखा। इसके बाद उन्होंने कांग्रेस के तेज़ और प्रभावशाली वक्ताओं में अपनी पहचान बनाई।
5. मल्टीपल मायलोमा के इलाज के लिए भारत-सिंगापुर सहयोग
प्रौद्योगिकी विकास बोर्ड (टीडीबी) ने भारत की उन्नत जैव प्रौद्योगिकी और सेल थेरेपी प्रणाली को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए हेलिक्स सेल थेरेप्यूटिक्स प्राइवेट लिमिटेड के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता किया है। यह परियोजना मल्टीपल मायलोमा जैसी गंभीर रक्त कैंसर बीमारी के इलाज के लिए उन्नत दोहरे लक्ष्यीकरण वाली सीएआर-टी सेल थेरेपी विकसित करने पर केंद्रित है। यह परियोजना विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (डीएसटी) के तहत भारत-सिंगापुर सहयोगात्मक ढांचे में सिंगापुर की कंपनी बायोसेल इनोवेशन्स के साथ साझेदारी में लागू की जाएगी। मल्टीपल मायलोमा एक गंभीर और वर्तमान में लाइलाज रक्त कैंसर माना जाता है। मौजूदा सीएआर-टी थेरेपी में बीसीएमए को लक्षित कर मरीजों के उपचार में सकारात्मक परिणाम मिले हैं। नई परियोजना का उद्देश्य बीसीएमए और सीडी19 दोनों मार्करों को एक साथ लक्षित कर उपचार की प्रभावशीलता और रोगमुक्ति की अवधि को बेहतर बनाना है। परियोजना के तहत हेलिक्स सेल थेरेप्यूटिक्स प्रथम चरण के नैदानिक परीक्षण के माध्यम से अगली पीढ़ी की दोहरे लक्ष्यीकरण वाली सीएआर-टी कोशिकाओं का विकास, निर्माण और मूल्यांकन करेगी। यह थेरेपी विशेष रूप से उन मरीजों के लिए विकसित की जा रही है, जिन्होंने पहले कई उपचार कराए हैं और जिनके पास सीमित चिकित्सीय विकल्प बचे हैं।
6. प्रतिभा पारकर को मिली बड़ी जिम्मेदारी, पनामा में संभालेंगी भारत की राजदूत पद की कमान
आईएफएस बैच 2000 की अधिकारी प्रतिभा पारकर को गुरुवार को पनामा रिपब्लिक में भारत की अगली राजदूत नियुक्त किया गया है। विदेश मंत्रालय की ओर से साझा जानकारी के अनुसार, फिलहाल वह विदेश मंत्रालय में संयुक्त सचिव की जिम्मेदारी संभाल रही हैं और जल्द ही नई जिम्मेदारी संभालने की उम्मीद है। प्रतिभा ने अपने डिप्लोमैटिक करियर की शुरुआत रूस में भारतीय दूतावास में विदेश सेवा से की थी। इससे पहले 27 मई 2020 को उन्हें अंगोला में भारत का राजदूत बनाया गया था। इंडोनेशिया में पहली सचिव के तौर पर उन्होंने जिम्मेदारी संभाली। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन में काउंसलर के तौर पर भी उन्होंने जिम्मेदारी संभाली। साल 2006 से 2008 के बीच, उन्होंने म्यांमार डेस्क के लिए डिप्लोमैटिक संबंधों की जिम्मेदारी संभाली।
7. भारत को अप्रैल 2028 तक कॉमन क्राइटेरिया डेवलपमेंट बोर्ड के अध्यक्ष के रूप में नामित किया गया
भारत को कॉमन क्राइटेरिया डेवलपमेंट बोर्ड (सीसीडीबी) का अध्यक्ष बनाया गया है। अप्रैल 2026 से अप्रैल 2028 तक के लिए यह एक बड़ी ज़िम्मेदारी है जो अंतरराष्ट्रीय इंटरनेशनल सूचना प्रोद्योगिकी सुरक्षा मानक निर्धारण में देश की बढ़ती भूमिका को दर्शाती है। इस उच्च पद का निर्णय 14 से 16 अप्रैल 2026 के बीच टोक्यो, जापान में हुई कॉमन क्राइटेरिया रिकॉग्निशन अरेंजमेंट (सीसीआरए) की पहली तिमाही की बैठक के दौरान किया गया। कॉमन क्राइटेरिया रिकॉग्निशन अरेंजमेंट (सीसीआरए) एक मूलभूत अंतरराष्ट्रीय समझौता है जो सीमा पार आईटी सुरक्षा प्रमाणपत्रों को आपसी मान्यता देता है। उच्च स्तरीय नीति कमेटियों के अलावा, सीसीआरए खास वर्किंग समूहों और प्रशासनिक प्रोटोकॉल के ज़रिए कार्य करता है, जिन्हें कॉमन क्राइटेरिया पोर्टल की सत्यनिष्ठा बनाए रखने के लिए डिज़ाइन किया गया है, जो दुनियाभर में प्रमाणित सुरक्षा आईटी उत्पादों के लिए “सत्य का एकल स्रोत” के तौर पर कार्य करता है।
8. लातविया की प्रधानमंत्री एव्हिका सिलिना ने इस्तीफे की घोषणा की
लातविया की प्रधानमंत्री एव्हिका सिलिना ने अपने इस्तीफे की घोषणा करते हुए इसे मौजूदा स्थिति में सही फैसला बताया। नई कैबिनेट के गठन तक सरकार अपना काम करती रहेगी।
9. गाजियाबाद में एनडीआरएफ को मिला ‘प्रेसिडेंट्स कलर’,
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में आयोजित समारोह में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) को ‘प्रेसिडेंट्स कलर’ प्रदान किए जाने के कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित किया। अमित शाह ने पिछले 20 वर्षों में साहस, समर्पण और परिश्रम से देश का विश्वास अर्जित करने पर एनडीआरएफ के सभी जवानों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि एनडीआरएफ ने 1.5 लाख से अधिक लोगों की जान बचाई है और 9 लाख से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया है।
10. दिल्ली धमाके में एनआईए का खुलासा, और भी खतरनाक थे आतंकियों के इरादे, साजिश को दिया ‘ऑपरेशन हेवनली हिंद’ कोडनेम
दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास 10 नवंबर 2025 की शाम को हुए कार बम धमाके में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। एनआईए जांच में सामने आया है कि उमर उन नबी और अन्य डॉक्टर आतंकी संगठन ‘अंसार गजवत-उल-हिंद’ (एजीयूएच) से जुड़े थे। उनका मकसद दिल्ली में धमाका करना नहीं था, बल्कि भारत में बड़े स्तर पर जिहादी नेटवर्क खड़ा करना और लोकतांत्रिक व्यवस्था को चुनौती देना था। उन्होंने इसको ‘ऑपरेशन हेवनली हिंद’ कोडनेम दिया था। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने गुरुवार को दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट स्थित विशेष अदालत में 10 आरोपियों के खिलाफ 7,500 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की। मुख्य आरोपी उमर उन नबी की धमाके में ही मौत हो गई थी। उसके अलावा 9 अन्य आरोपियों के नाम चार्जशीट में शामिल किए गए हैं। एजेंसी ने दावा किया कि दिल्ली में हुए धमाके में ‘ट्राईएसीटोन ट्राईपरऑक्साइड’ (टीएटीपी) विस्फोटक इस्तेमाल किया गया था। आरोपियों ने बाजार में आसानी से मिलने वाले रसायनों से टीएटीपी जैसे विस्फोटक तैयार किए।
11. आकाश अंबानी जियो प्लेटफॉर्म्स के मैनेजिंग डायरेक्टर अपॉइंट हुए
13 मई को रिलायंस इंडस्ट्रीज के डिजिटल आर्म ‘जियो प्लेटफॉर्म्स’ ने आकाश अंबानी के कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर (MD) अपॉइंट होने की जानकारी दी। जियो प्लेटफॉर्म एक डिजिटल सर्विस प्लेटफॉर्म है। ये रिलायंस इंडस्ट्रीज की सहायक कंपनी है। आकाश अंबानी का कार्यकाल 9 अप्रैल 2026 से प्रभावी हो चुका है और वे 5 साल तक इस पद पर रहेंगे। जियो प्लेटफॉर्म्स, AI-बेस्ड सर्विस जैसे JioPC और मशीन लर्निंग प्लेटफॉर्म JioBrain के साथ टेक्नोलॉजी पर भी काम कर रही है। आकाश अंबानी अक्टूबर 2014 से रिलायंस जियो इन्फोकॉम (RJIL) के बोर्ड का हिस्सा हैं और वे ग्रुप की डिजिटल और टेलीकॉम स्ट्रैटेजी से जुड़े रहे हैं। जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड (JPL) में रिलायंस जियो इन्फोकॉम (टेलीकॉम), माई जियो, जियो सिनेमा, जियो सावन और अन्य डिजिटल एप्स शामिल हैं। रिलायंस इंडस्ट्रीज के पास जियो प्लेटफॉर्म्स की 66.43% हिस्सेदारी है।
12. सऊदी वैज्ञानिकों ने बिजली-मुक्त शीतलन तकनीक विकसित की
सऊदी अरब में किंग अब्दुल्ला यूनिवर्सिटी ऑफ़ साइंस एंड टेक्नोलॉजी के शोधकर्ताओं ने NESCOD (बिना बिजली और ज़रूरत के हिसाब से सस्टेनेबल कूलिंग) पेश किया है, जो एक नई पैसिव कूलिंग टेक्नोलॉजी है। यह इनोवेटिव सिस्टम, ज़्यादा बिजली खाने वाले एयर कंडीशनर पर निर्भर हुए बिना, कूलिंग समाधानों की बढ़ती वैश्विक ज़रूरत को पूरा करता है। तकनीकी रूप से, NESCOD एंडोथर्मिक विघटन के थर्मोडायनामिक गुणों का लाभ उठाकर, उन समुदायों के लिए एक पर्यावरण-अनुकूल विकल्प प्रदान करता है जो बिजली ग्रिड से दूर हैं या बहुत गर्म इलाकों में रहते हैं। यह सौर ऊर्जा को पकड़ता है और बाद में कूलिंग के लिए उसका उपयोग करने हेतु उसे संग्रहीत करता है; यह पर्यावरण इंजीनियरिंग के क्षेत्र में एक बड़ा कदम है। यह गर्मी सोखने के लिए एक एंडोथर्मिक केमिकल प्रोसेस, अमोनियम नाइट्रेट को पानी में घोलना, का इस्तेमाल करती है, जिससे बिना किसी कंप्रेसर या लगातार बिजली के तापमान में काफ़ी कमी आती है। यह टेक्नोलॉजी तापमान को काफ़ी हद तक कम कर सकती है; रिपोर्ट किए गए नतीजों के मुताबिक, 20 मिनट के अंदर तापमान 25 डिग्री C से घटकर 3.6 डिग्री C तक पहुँच गया। NESCOD सिस्टम दो-चरणों वाले थर्मोडायनामिक चक्र के माध्यम से संचालित होता है: विघटन कूलिंग और सौर-संचालित विलेय पुनर्जनन। कूलिंग/विघटन चक्र में, एक विशिष्ट नमक, अमोनियम नाइट्रेट, को पानी में घोला जाता है। यह रासायनिक प्रतिक्रिया एंडोथर्मिक होती है, जिसका अर्थ है कि यह नमक के आयनिक बंधों को तोड़ने के लिए आसपास के वातावरण से ऊष्मा को अवशोषित करती है, जिससे तरल का तापमान तेज़ी से कम हो जाता है।
13. 11वें सांडा विश्व कप में भारत की वुशु खिलाड़ी अपर्णा दहिया ने स्वर्ण पदक जीता
भारत की वुशु खिलाड़ी अपर्णा दहिया ने मकाऊ में आयोजित 11वें सांडा विश्व कप में महिलाओं के 52 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। अपर्णा ने फाइनल में मौजूदा विश्व चैंपियन वियतनाम की थी फुओंग न्गा न्गो को सीधे सेटों में हराया। 12 मई को शुरू हुए इस टूर्नामेंट में भारत का यह पहला स्वर्ण पदक था। इससे पहले, अपर्णा सितंबर 2025 में ब्राजील में आयोजित विश्व वुशु चैंपियनशिप के फाइनल में इसी प्रतिद्वंदी से हार गई थीं। प्रतिस्पर्धी वुशु को ताओलू और सांडा में दो प्रमुख वर्गो में बांटा गया है।ताओलू जिम्नास्टिक और मार्शल आर्ट का मिश्रण है, और इसमें प्रतियोगियों को उनके मूवमेंट के आधार पर अंक दिए जाते हैं, जबकि सांडा एक आधुनिक बिना हथियार वाली स्पर्धा है, जिसमें मुख्य रूप से मुक्का मारना, लात मारना, फेंकना, कुश्ती और बचाव के तकनीक का इस्तेमाल होता है।
14. अंतरराष्ट्रीय परिवार दिवस
परिवार की सार्वभौमिक महत्ता को दृष्टिगत रखते हुए United Nations ने वर्ष 1993 में एक दूरदर्शी और महत्वपूर्ण पहल की। संयुक्त राष्ट्र महासभा ने प्रतिवर्ष 15 मई को ‘अंतरराष्ट्रीय परिवार दिवस’ के रूप में मनाने की घोषणा की, ताकि वैश्विक स्तर पर परिवार संस्था के महत्व को रेखांकित किया जा सके। इस दिवस का उद्देश्य मात्र औपचारिक उत्सव तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विश्व समुदाय को परिवारों की वर्तमान स्थिति, उनके समक्ष उपस्थित बहुआयामी चुनौतियों तथा उनके सामाजिक-आर्थिक योगदान के प्रति जागरूक करने का सशक्त माध्यम है।
VISIT TO YOUR WHATSAAP CHANNEL :https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F
VISIT TO YOUR YOUTUBE CHANNEL :https://youtube.com/@guruggkwala?si=TZD9ZVm9QJLjB9ed
VISIT TO YOUR TELEGRAM :https://t.me/guruggkwala1
THANKS TO SUPPORT GURUGGKWALA
