15 July 2025 Current Affairs -GurugGkwala

8–11 minutes

1. राष्ट्रपति मुर्मु ने की बड़े प्रशासनिक फेरबदल की घोषणा, हरियाणा-गोवा, लद्दाख को मिले नए राज्यपाल और एलजी

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोमवार को हरियाणा -गोवा के लिए नए राज्यपाल ओर केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के लिए नए उपराज्यपाल की घोषणा की है। राष्ट्रपति भवन द्वारा जारी बयान के मुताबिक प्रोफेसर असीम घोष को हरियाणा का राज्यपाल बनाया गया है, जबकि पूर्व केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री पुसापति अशोक गजपति राजू को गोवा का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। वहीं जम्मू-कश्मीर के पूर्व उपमुख्यमंत्री कविंदर गुप्ता को लद्दाख का नया उपराज्यपाल नियुक्त किया गया है। इन सभी नियुक्तियों की तिथि उनके संबंधित पदों का कार्यभार ग्रहण करने के दिन से प्रभावी होगी। वहीं राष्ट्रपति ने लद्दाख के वर्तमान उपराज्यपाल ब्रिगेडियर बी.डी. मिश्रा (सेवानिवृत्त) का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है, जिसके बाद कविंदर गुप्ता इस पद की जिम्मेदारी संभालेंगे। कविंदर गुप्ता भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं। वे महबूबा मुफ्ती की अगुवाई वाली पीडीपी-भाजपा गठबंधन सरकार में जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री भी रह चुके हैं। गोवा के नए राज्यपाल पुसापति अशोक गजपति राजू वरिष्ठ राजनेता हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पहले कार्यकाल में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री रह चुके हैं। 26 जून 1951 को चेन्नई में जन्मे गजपति राजू आन्द्रा सरकार में चार बार मंत्री रहे। हरियाणा के नए राज्यपाल प्रोफेसर असीम घोष शिक्षाविद और राजनीतिज्ञ दोनों हैं। वे राजनीति विज्ञान के प्रोफेसर रहे हैं और 1991 में भाजपा में शामिल हुए थे।

2. वीजा को पीछे छोड़ दुनिया का शीर्ष रियल टाइम पेमेंट सिस्टम बना UPI

नीति आयोग के पूर्व सीईओ अमिताभ कांत ने यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) को दुनिया का सबसे बड़ा रियल-टाइम पेमेंट सिस्टम बनने पर खुशी जताई है। उन्होंने बताया कि UPI प्रतिदिन 65 करोड़ से ज्यादा ट्रांजैक्शन दर्ज कर रहा है और इसने वीजा जैसे वैश्विक भुगतान प्लेटफॉर्म को भी पीछे छोड़ दिया है। आरबीआई की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक वित्त वर्ष 2024-25 में UPI ने कुल 185.8 अरब (185.8 बिलियन) ट्रांजैक्शन किए, जो पिछले साल की तुलना में 41% अधिक है। ट्रांजैक्शन का मूल्य भी 200 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 261 लाख करोड़ रुपये हो गया। अब भारत का UPI सिस्टम दुनिया के सभी रियल-टाइम भुगतान प्रणालियों में 48.5% हिस्सेदारी के साथ सबसे आगे है। वहीं, भारत में कुल डिजिटल भुगतान वित्त वर्ष 2025 में 35% बढ़कर 221.9 अरब ट्रांजैक्शन तक पहुंच गया, जबकि 2024 में यह आंकड़ा 164.4 अरब था। ट्रांजैक्शन वैल्यू में भी 17.97% की बढ़ोतरी हुई और यह बढ़कर 2,862 लाख करोड़ रुपये हो गया। रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि क्रेडिट कार्ड से लेनदेन 2024 के 3.5 अरब से बढ़कर 2025 में 4.7 अरब हो गया है, जबकि डेबिट कार्ड से भुगतान में 29.5% की गिरावट आई और यह घटकर 1.6 अरब रह गया है। अब भारत में कुल गैर-नकद खुदरा भुगतान में डिजिटल पेमेंट की हिस्सेदारी 99.9% पहुंच चुकी है, जो एक साल पहले 99.8% थी। UPI की सफलता को देखते हुए आरबीआई ने 2028-29 तक इसे 20 देशों तक विस्तार देने का लक्ष्य रखा है। फिलहाल भारतीय UPI ऐप्स का उपयोग भूटान, फ्रांस, मॉरीशस, नेपाल, सिंगापुर, श्रीलंका और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में क्यूआर कोड के माध्यम से किया जा सकता है।

3. सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कर्नाटक के शिवमोगा जिले में देश के दूसरे सबसे लंबे सिगंडूर केबल पुल का उद्घाटन किया

सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कर्नाटक के शिवमोगा जिले में देश के दूसरे सबसे लंबे सिगंडूर केबल पुल का उद्घाटन किया। सागर और मारकुटिका के बीच बना यह पुल 2 किलोमीटर 440 मीटर लंबा और 16 मीटर चौड़ा है। 470 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्मित यह पुल सागरा शहर से सिगंडूर की दूरी कम कर देगा। सिगंडूर में प्रसिद्ध चौश्वरी मंदिर स्थित है। यह पुल एक्सट्राडोज़्ड बैलेंस्ड कैंटिलीवर तकनीक से डिजाइन किया गया है और गुजरात के द्वारका पुल के बाद भारत का दूसरा सबसे लंबा केबल-स्टेड पुल है।

4. डॉ. अभिजात शेठ राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग के अध्यक्ष नियुक्त

भारत सरकार की कैबिनेट नियुक्ति समिति ने प्रसिद्ध कार्डियोथोरेसिक सर्जन डॉ. अभिजात शेठ को राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। वह डॉ. सुरेश गंगाधर का स्थान लेंगे, जिन्होंने खराब स्वास्थ्य के कारण अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। डॉ. सुरेश गंगाधर ने पिछले अक्टूबर में अपने खराब स्वास्थ्य के कारण भारत सरकार को अपना इस्तीफा सौंप दिया था, लेकिन सरकार ने उन्हें उपयुक्त उत्तराधिकारी मिलने तक पद पर बने रहने को कहा था। डॉ. अभिजात शेठ को पदभार ग्रहण करने की तिथि से चार वर्ष की अवधि या 70 वर्ष की आयु प्राप्त करने तक, जो भी पहले हो, के लिए नियुक्त किया गया है।

5. साउथ ईस्‍टर्न कोलफील्‍ड्स लिमिटेड में कोल इंडिया की पहली पूर्णतः महिला-संचालित डिस्पेंसरी का उद्घाटन

महिला सशक्तिकरण की दिशा में सशक्त कदम उठाते हुए, साउथ ईस्‍टर्न कोलफील्‍ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) मुख्यालय बिलासपुर में महिला संचालित वसंत विहार डिस्पेंसरी का औपचारिक उद्घाटन किया गया। कोल इंडिया की यह पहली डिस्पेंसरी है, जो पूर्णतः महिलाओं द्वारा संचालित है। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक श्री हरीश दुहान ने डिस्पेंसरी का उद्घाटन किया। यह पहल कोयला क्षेत्र में महिला नेतृत्व को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। वसंत विहार डिस्पेंसरी अब पूर्णतः 14 सदस्यीय महिला टीम द्वारा संचालित होगी, जिसमें डॉक्टर, नर्स, फार्मासिस्ट और सहायक कर्मचारी शामिल हैं। इस डिस्पेंसरी में ओपीडी सेवा, आकस्मिक और आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं, ड्रेसिंग एवं इंजेक्शन कक्ष, ईसीजी सुविधा, पैथोलॉजी परीक्षणों के लिए रक्त संग्रह केंद्र और ओपीडी फार्मेसी जैसी सुविधाएं हैं।

6. तीरंदाजी विश्व कप 2025 मैड्रिड: ज्योति की अगुवाई में भारत ने जीते तीन पदक

भारतीय तीरंदाज ने 8-13 जुलाई 2025 तक मैड्रिड, स्पेन में आयोजित तीरंदाजी विश्व कप 2025 चरण-4 में तीन पदक – एक रजत, दो कांस्य जीते। ज्योति सुरेखा वेन्नम ने 2025 तीरंदाजी विश्व कप के मैड्रिड चरण में भारतीयों द्वारा जीते गए सभी तीन पदकों में शामिल थीं। भारतीय टीम पदक तालिका में 8वें स्थान पर रही, जिसमें दक्षिण कोरियाई तीरंदाज 9 पदकों – 3 स्वर्ण, 2 रजत और 4 कांस्य के साथ शीर्ष पर रहे। सभी पदक कम्पाउंड स्पर्धा में जीते गए और भारतीय रिकर्व तीरंदाज मैड्रिड में एक भी पदक जीतने में असफल रही। ज्योति सुरेखा वेन्नम,महिला कंपाउंड व्यक्तिगत स्पर्धा के फाइनल में ब्रिटेन की एला गिब्सन से हार कर रजत पदक से संतोष करना पड़ा। ज्योति सुरेखा वेन्नम, परनीत कौर और पृथिका प्रदीप, महिला कंपाउंड टीम स्पर्धा के फाइनल में चीनी ताइपे की टीम से हार गईं और उन्हे रजत पदक मिला। ज्योति सुरेखा वेन्नम और ऋषभ यादव को टीम कंपाउंड स्पर्धा में। 2025 तीरंदाजी विश्व कप में, चार चरण आयोजित किए गए, और इसका फाइनल अक्टूबर 2025 में नानजिंग, चीन में होगा। 2025 तीरंदाजी कप के चार चरणों में, भारतीय तीरंदाजों ने कुल 14 पदक जीते – तीन स्वर्ण, चार रजत और सात कांस्य पदक।

7. चेल्सी फुटबॉल क्लब ने इतिहास रचते हुए पहली बार फीफा क्‍लब विश्‍व कप जीता

चेल्सी फुटबॉल क्लब ने इतिहास रचते हुए पहली बार फीफा क्‍लब विश्‍व कप अपने नाम किया। न्यू जर्सी में हुए एक रोमांचक मुकाबले में चेल्‍सी ने पेरिस सेंट-जर्मेन को 3-0 से हरा दिया। कोल पामर ने आठ मिनट में दो गोल करके अपनी टीम को बढत दिलाई। इसके बाद हाफटाइम से पहले जोआओ पेड्रो ने तीसरा गोल दागा। चेल्सी ने टूर्नामेंट में सर्वाधिक 17 गोल किये।

8. दिग्गज अभिनेत्री बी. सरोजा देवी का बेंगलुरु में निधन

अभिनय सरस्वती के नाम से मशहूर दिग्गज अभिनेत्री बी. सरोजा देवी का 87 वर्ष की आयु में बेंगलुरु में निधन हो गया। वह 87 वर्ष की थीं। पद्मभूषण से अलंकृत सरोजा देवी ने अपने सात दशक लंबे फिल्मी करियर में 200 से भी ज्यादा फिल्मों में काम किया। वह सिर्फ एक अभिनेत्री नहीं थीं, बल्कि एक प्रेरणा थीं, जिन्होंने चार भाषाओं- तमिल , कन्नड़ , तेलुगु और हिंदी फिल्मों में अभिनय कर एक मिसाल कायम की। चार भाषाओं में उनकी लोकप्रियता के चलते 1962 में उन्हें ‘चतुर्भाषा तारे’ के रूप में सम्मानित किया गया। उनकी पहली बड़ी सफलता 1955 की कन्नड़ फिल्म ‘महाकवि कालिदास’ रही। इसमें उन्होंने सहायक भूमिका निभाई थी, उस वक्त उनकी उम्र महज 17 साल थी। हिंदी फिल्मों में भी उन्होंने दिलीप कुमार, राजेंद्र कुमार और शम्मी कपूर जैसे बड़े सितारों के साथ काम किया। ससुराल (1960), ओपेरा हाउस (1961), परीक्षा , हांगकांग (1962) और प्यार किया तो डरना क्या (1963) जैसी कई फिल्मों में सरोजा देवी ने अभिनय किया। उन्हें 1969 में पद्मश्री और 1992 में पद्मभूषण से सम्मानित किया गया। इसके अलावा, उन्हें तमिलनाडु का कलाईममणि पुरस्कार और बैंगलोर विश्वविद्यालय से डॉक्टरेट की मानद उपाधि मिली।

9. नाइजीरिया के पूर्व राष्ट्रपति मुहम्मदू बुहारी का 82 वर्ष की उम्र में निधन

नाइजीरिया के पूर्व राष्ट्रपति मुहम्मदू बुहारी का रविवार को 82 वर्ष की उम्र में लंदन में इलाज के दौरान निधन हो गया। उनके निधन पर भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित दुनिया भर के नेताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया है। वहीं नाइजीरिया के वर्तमान राष्ट्रपति बोला अहमद टीनुबू ने पूर्व राष्ट्रपति के निधन पर गहरा दुख जताया है। मुहम्मदू बुहारी का जन्म 17 दिसंबर 1942 को हुआ था। उन्होंने नाइजीरिया की सेना में एक लंबा समय बिताया और बाद में राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाई। वे 1983 से 1985 तक एक सैन्य शासक के रूप में सत्ता में रहे और फिर वर्ष 2015 में लोकतांत्रिक रूप से निर्वाचित राष्ट्रपति बने। वे नाइजीरिया के इतिहास में पहले ऐसे विपक्षी उम्मीदवार थे जिन्होंने किसी सत्ताधारी राष्ट्रपति को हराकर चुनाव जीता 2019 में वे दोबारा राष्ट्रपति चुने गए और 29 मई 2023 को बोला टीनुबू को सत्ता सौंपकर दो कार्यकाल पूरे किए।

JOIN TELEGRAM : https://t.me/guruggkwala

THNKS TO SUPPORT GURUGGKWALA

Shopping Cart
Scroll to Top