11–13 minutes
1. प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारे का उद्घाटन किया
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारे का उद्घाटन किया, जो उत्तराखंड और व्यापक क्षेत्र के विकास में एक ऐतिहासिक क्षण है। ये दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड को जोड़ता है और इसके शुरू होने से दिल्ली-देहरादून के बीच की दूरी 6 घंटे से घटकर करीब ढाई घंटे रह जाएगी। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे कॉरिडोर 213 किमी लंबा, 6 लेन का है। ये एक्सेस कंट्रोल्ड कॉरिडोर 12,000 करोड़ रुपए की लागत से बना है। इसके साथ ही पीएम ने एशिया के सबसे लंबे 12 किमी एलिवेटेड वाइल्ड लाइफ कॉरिडोर का निरीक्षण भी किया, जो देहरादून से सहारनपुर के बीच बनाया गया है। इस मौके पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राज्य मंत्री नितिन गडकरी और उत्तराखंड सीएम पुष्कर धामी भी मौजूद रहे। कॉरिडोर ये इकोफ्रेंडली टेक्नोलॉजी से बनाया गया है। वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए अंडरपास और साउंड बैरियर लगाए गए हैं। इस कोरिडोर से उत्तराखंड में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और मौजूदा राजमार्गों पर भीड़ कम होगी। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे प्रोजेक्ट फरवरी 2021 में लॉन्च किया गया था।
2. ‘e-SafeHER’– ग्रामीण भारत में 10-लाख साइबर सखियों को सशक्त बनाने के लिए साइबर सुरक्षा जागरूकता प्रशिक्षण कार्यक्रम
भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (एमईआईटीवाई) के तहत एक वैज्ञानिक संस्था, प्रगत संगणन विकास केन्द्र (सी-डैक), हैदराबाद तथा रिलायंस फाउंडेशन ने ‘e-SafeHER‘ के शुभारंभ की घोषणा की। यह एक साइबर सुरक्षा जागरूकता प्रशिक्षण कार्यक्रम है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण भारत की दस लाख महिलाओं को डिजिटल इकोसिस्टम में सुरक्षित और आत्मविश्वास के साथ भाग लेने में सक्षम बनाना है। द यह पहल इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (एमईआईटीवाई) के सूचना सुरक्षा शिक्षा एवं जागरूकता (आईएसईए) कार्यक्रम के अंतर्गत प्रगत संगणन विकास केन्द्र (सी-डैक), हैदराबाद के माध्यम से संचालित है, जो सामग्री और प्रशिक्षण संसाधनों के प्रसार को सक्षम बनाता है। रिलायंस फाउंडेशन भारत भर के ग्रामीण समुदायों में, विशेष रूप से महिलाओं के स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से, इसके प्रसार को बढ़ावा देगा। यह पहल महिलाओं के लिए डिजिटल समावेशन को सशक्त बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है। ‘e-SafeHER’ का उद्देश्य अंतिम छोर तक साइबर सुरक्षा जागरूकता को मजबूत करना है, खासकर ग्रामीण भारत की उन महिलाओं के बीच जो वित्तीय लेन-देन, आजीविका और आवश्यक सेवाओं तक पहुंच के लिए तेजी से डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग कर रही हैं।
3. सरकार ने स्टार्टअप के लिए पूंजी जुटाने हेतु ₹10,000 करोड़ की राशि के साथ स्टार्टअप इंडिया फंड ऑफ फंड्स 2.0 की अधिसूचना जारी की
सरकार ने कुल ₹10,000 करोड़ की राशि के साथ स्टार्टअप इंडिया फंड ऑफ फंड्स 2.0 (स्टार्टअप इंडिया एफओएफ 2.0) की अधिसूचना जारी की है, जिसका उद्देश्य देश के स्टार्टअप इकोसिस्टम के लिए उद्यम और विकास पूंजी जुटाना है। स्टार्टअप इंडिया एफओएफ 2.0; स्टार्टअप्स के लिए फंड ऑफ फंड्स (एफएफएस 1.0) के मजबूत प्रदर्शन पर आधारित है, जो 2016 में स्टार्टअप इंडिया कार्य योजना के तहत शुरू किया गया था ताकि वित्तपोषण की कमी को पूरा किया जा सके और स्टार्टअप्स के लिए घरेलू पूंजी को उत्प्रेरित किया जा सके। स्टार्टअप इंडिया एफओएफ 2.0 के पास 16वीं और 17वीं वित्त आयोग की अवधि के दौरान पात्र वैकल्पिक निवेश कोष (एआईएफ) की प्रतिबद्धताओं के लिए कुल 10,000 करोड़ रुपये की धनराशि होगी। वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने बताया कि लघु उद्योग विकास बैंक (एसआईडीबीआई) अधिसूचना की तिथि से कार्यान्वयन एजेंसी के रूप में योजना का संचालन शुरू करेगा।
4. ओडिशा में पारंपरिक उत्साह के साथ मनाई जा रही है पाना संक्रांति
ओडिशा में पारंपरिक उत्साह के साथ पाना संक्रांति मनाई जा रही है। इसे महा बिशुबा संक्रांति के रूप में भी जाना जाता है। यह त्योहार नववर्ष की शुरुआत का प्रतीक है। इसे हिंदू पंचांग, पंजिका के प्रकाशन के साथ मनाया जाता है। राज्य भर के मंदिरों, नदियों और जलाशयों में आज श्रद्धालु दर्शन-पूजन और स्नान कर रहे हैं। इस अवसर पर बेल, गुड़ और अन्य सामग्रियों से युक्त विशेष पेय, पाना बनाया जाता है। इस अवसर पर ओडिशा में कई स्थानों, विशेष रूप से पुरी में, विशेष अनुष्ठान और पारंपरिक कुश्ती प्रदर्शन भी आयोजित किए जा रहे हैं। ये पर्व ओडिशा की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाता है।
5. नीतीश कुमार ने बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने राजभवन जाकर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन को अपना इस्तीफा औपचारिक रूप से सौंपा। राज्यपाल ने उनका इस्तीफा स्वीकार करते हुए उन्हें नई सरकार के गठन तक कार्यवाहक मुख्यमंत्री के रूप में बने रहने का निर्देश दिया। बिहार के उपमुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के नेता सम्राट चौधरी राज्य के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करेंगे।
6. केंद्रीय संचार मंत्री श्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने प्रधानमंत्री संग्रहालय में भारत की विरासत प्रदर्शित करने वाली डाक टिकट प्रदर्शनी का अनावरण किया
डाक विभाग, प्रधानमंत्री संग्रहालय के सहयोग से,14 से 17 अप्रैल 2026 तक “एक भारत, श्रेष्ठ भारत: डाक टिकटों के माध्यम से भारत की एकता और लोकतंत्र का उत्सव” शीर्षक से एक डाक टिकट प्रदर्शनी का आयोजन कर रहा है। प्रदर्शनी का उद्घाटन केंद्रीय संचार एवं उत्तर पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री श्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने किया। डाक विभाग और संग्रहालय के बीच भारत की सांस्कृतिक और डाक विरासत को प्रदर्शनियों, जागरूकता कार्यक्रमों और संयुक्त ब्रांड के डाक टिकट उत्पादों के माध्यम से बढ़ावा देने में सहयोग को मजबूत करने के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। यह साझेदारी संग्रहालय में एक समर्पित इंडिया पोस्ट काउंटर स्थापित करने की संभावना पर भी विचार करेगी। यह आयोजन सांस्कृतिक संस्थानों और डाक विरासत के बीच समन्वय को सुदृढ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। श्री सिंधिया ने कहा कि इस अवसर पर संविधान, डॉ. भीमराव आंबेडकर और प्रधानमंत्री संग्रहालय के स्थापना दिवस पर एक विशेष डाक टिकट भी जारी किया गया है।
7. कनाडा: उप-चुनाव में जीत हासिल कर प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने बहुमत वाली सरकार बनाई
कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने उप-चुनाव में जीत हासिल कर बहुमत वाली सरकार बना ली है। अब लिबरल पार्टी को किसी भी कानून को पारित करने के लिए अन्य पार्टियों पर निर्भर नहीं होना पड़ेगा। कंजर्वेटिव पार्टी और अन्य विपक्ष दलों के सांसदों के दल बदल करने से भी लिबरल पार्टी को बहुमत हासिल करने में मदद मिली है। इसके परिणामस्वरूप कार्नी की सरकार 2029 तक सत्ता में रह सकती है।
8. बेनिन में रोमुआल्ड वाडाग्नी की प्रचंड जीत, राष्ट्रपति चुनाव में हासिल किए 94% से अधिक वोट
बेनिन के वित्त मंत्री रोमुआल्ड वाडाग्नी ने रविवार को हुए राष्ट्रपति चुनाव में 94 प्रतिशत से अधिक मत प्राप्त करके जीत हासिल की है। राष्ट्रीय चुनाव आयोग के प्रमुख साका लाफिया ने कल रात इसकी घोषणा की। बेनिन की संवैधानिक अदालत अंतिम परिणामों की पुष्टि करेगी। विपक्ष के एकमात्र उम्मीदवार पॉल हौंकपे को लगभग छह प्रतिशत मत प्राप्त हुए।
9. इज़राइल ने रोमन गोफमैन को मोसाद का प्रमुख नियुक्त किया
इज़राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने मेजर जनरल रोमन गोफमैन को मोसाद का अगला प्रमुख नियुक्त किया है। 13 अप्रैल, 2026 को इस नियुक्ति की पुष्टि ऐसे महत्वपूर्ण समय पर हुई है, जब इज़राइल जटिल क्षेत्रीय सुरक्षा चुनौतियों का सामना कर रहा है। वह 2 जुलाई, 2026 को आधिकारिक तौर पर कार्यभार संभालेंगे और डेविड बार्निया का स्थान लेंगे, जिनका कार्यकाल जून में समाप्त हो रहा है।
10. अमरावती प्रोजेक्ट: विश्व बैंक ने जारी किए 340 मिलियन डॉलर
अमरावती के विकास कार्यों को अंतरराष्ट्रीय वित्तीय संस्थानों से बड़ी आर्थिक सहायता मिल रही है। विश्व बैंक ने अब तक अमरावती कैपिटल फेज-1 के लिए 340 मिलियन अमेरिकी डॉलर जारी कर दिए हैं। वहीं, अप्रैल के अंत तक अतिरिक्त 130 से 150 मिलियन डॉलर मिलने की संभावना जताई जा रही है। यह फंडिंग विश्व बैंक और एशियन डेवलपमेंट बैंक (ADB) की संयुक्त योजना का हिस्सा है, जिसके तहत कुल 1,600 मिलियन डॉलर (800-800 मिलियन डॉलर प्रत्येक संस्था से) का निवेश किया जाना है। इस योजना का उद्देश्य अमरावती को एक आधुनिक, निवेश-आकर्षक और रोजगार सृजन करने वाला शहर बनाना है। इसके लिए शासन व्यवस्था को मजबूत करने और शहरी ढांचे के विकास पर काम किया जा रहा है। इसके अंतर्गत सड़क नेटवर्क, आवास परियोजनाएं, जल आपूर्ति, सीवेज और ड्रेनेज सिस्टम जैसे बुनियादी ढांचे का विकास तेजी से किया जा रहा है।
11. बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर की जयंती
हर साल 14 अप्रैल को भारत ‘अंबेडकर जयंती’ मनाता है, जो भीमराव अंबेडकर की जन्म-जयंती का प्रतीक है। वे एक दूरदर्शी नेता, समाज सुधारक और भारतीय संविधान के मुख्य निर्माता थे। डॉ. अंबेडकर का जन्म 14 अप्रैल, 1891 को मध्य प्रदेश के महू में हुआ था। अपने शुरुआती जीवन में उन्हें गंभीर भेदभाव का सामना करना पड़ा। इन कठिनाइयों के बावजूद, उन्होंने कोलंबिया विश्वविद्यालय और लंदन विश्वविद्यालय जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से उच्च शिक्षा प्राप्त की। समय के साथ, उनके अनुयायियों ने उनके योगदान को सम्मानित करने के लिए उनकी जयंती मनाना शुरू कर दिया। आज अंबेडकर जयंती न केवल पूरे भारत में, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी मनाई जाती है, जो उनके वैश्विक प्रभाव को दर्शाता है। उनके प्रमुख योगदान इस प्रकार हैं:
- वे भारतीय संविधान की प्रारूप समिति के अध्यक्ष थे।
- वे स्वतंत्र भारत के पहले कानून मंत्री भी थे।
- वे दलित अधिकारों और सामाजिक सुधारों के प्रबल समर्थक थे।
- उन्होंने शिक्षा, श्रमिक अधिकारों और लैंगिक समानता की भी वकालत की।
12. सावन बरवाल ने रॉटरडैम मैराथन 2026 में 48 साल पुराना भारतीय मैराथन रिकॉर्ड तोड़ा
भारत के सावन बरवाल ने देश के सबसे लंबे समय से चले आ रहे मैराथन राष्ट्रीय रिकॉर्ड को तोड़ दिया है और उस 48 साल पुराने रिकॉर्ड को समाप्त कर दिया है, जिसे पहले शिवनाथ सिंह ने बनाया था। यह ऐतिहासिक उपलब्धि 12 अप्रैल, 2026 को प्रतिष्ठित NN मैराथन रॉटरडैम में हासिल हुई। इस उपलब्धि ने भारत की एथलेटिक्स यात्रा में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ दिया है। रॉटरडैम मैराथन में 28 साल के भारतीय धावक सावन बरवाल ने 2:11:58 का समय निकालकर 48 साल पुराना राष्ट्रीय मैराथन रिकॉर्ड तोड़ दिया। पिछला रिकॉर्ड (2:12:00), जो 1978 से शिवनाथ सिंह के नाम था, भारतीय एथलेटिक्स का सबसे पुराना राष्ट्रीय रिकॉर्ड था।
13. मिशेल स्टार्क और दीप्ति शर्मा 2025 के लिए विज़डेन के ‘दुनिया के अग्रणी क्रिकेटर’ चुने गए
क्रिकेट की दुनिया में वैश्विक पहचान के तौर पर,मिशेल स्टार्क और दीप्ति शर्मा को प्रतिष्ठित ‘विस्डेन क्रिकेटर्स अल्मनैक अवार्ड’ द्वारा ‘दुनिया के अग्रणी क्रिकेटर’ के रूप में नामित किया गया है। यह पुरस्कार वर्ष 2025 के दौरान उनके असाधारण प्रदर्शन का सम्मान करता है, और इसके विजेताओं की घोषणा विस्डेन के 163वें संस्करण के जारी होने से ठीक पहले की गई है। 36 साल के स्टार्क ने इस साल 11 टेस्ट मैचों में 17.32 की औसत से 55 विकेट लिए। इसमें वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़ सिर्फ़ नौ रन देकर छह विकेट लेने का उनका करियर बेस्ट प्रदर्शन भी शामिल रहा। 28 साल की दीप्ति शर्मा भारत की प्लेयर ऑफ़ द टूर्नामेंट रहीं। भारत ने नवी मुंबई में खेले गए फ़ाइनल में साउथ अफ़्रीका को 52 रन से हराकर पहली बार 50 ओवर का विश्व कप जीता। पूरे टूर्नामेंट में उन्होंने 30.71 की औसत से 215 रन बनाए और 20.40 की औसत से 22 विकेट भी लिए। फ़ाइनल में उन्होंने 58 रन की अहम पारी खेली और 5 विकेट लेकर मैच अपने नाम किया। भारत के पुरुष क्रिकेटरों को भी इस बार Almanack में बड़ी पहचान मिली है। शुभमन गिल, रवींद्र जाडेजा, ऋषभ पंत और मोहम्मद सिराज को Wisden के ‘साल के 5 सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर‘ में शामिल किया गया। पांचवे प्लेयर हसीब हमीद हैं।
VISIT TO YOUR WHATSAAP CHANNEL :https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F
VISIT TO YOUR YOUTUBE CHANNEL :https://youtube.com/@guruggkwala?si=TZD9ZVm9QJLjB9ed
VISIT TO YOUR TELEGRAM :https://t.me/guruggkwala1
THANKS TO SUPPORT GURUGGKWALA
