14–17 minutes
1. पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय, भारत में पाई जाने वाली प्रत्येक बड़ी बिल्ली प्रजाति को समर्पित पांच विषयगत कार्यक्रमों का देश भर में आयोजन करेगा
केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय बड़ी बिल्लियों के संरक्षण में भारत के नेतृत्व को विशिष्ट रूप से स्पष्ट करने और अंतर्राष्ट्रीय बिग कैट एलायंस (आईबीसीए) के उद्देश्यों को बढ़ावा की दिशा में देश भर में कई विषयगत कार्यक्रमों का आयोजन करेगा। इन कार्यक्रमों में भारत की पांच जंगली बड़ी बिल्ली प्रजातियों– बाघ, एशियाई शेर, तेंदुए, हिम तेंदुए और चीते– पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा और भारत सरकार एवं राज्य सरकारों द्वारा संरक्षण में हासिल की गई उपलब्धियों, चुनौतियों और सहयोगात्मक कार्यों को प्रदर्शित किया जाएगा।
निम्नलिखित स्थलों पर विषयगत कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा:
1. एशियाई शेर संरक्षण कार्यक्रम– गिर, गुजरात
2. चीता संरक्षण कार्यक्रम- भोपाल, मध्य प्रदेश
3. तेंदुआ संरक्षण एवं अंतर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस पर आयोजित कार्यक्रम– भुवनेश्वर, ओडिशा
4. हिम तेंदुआ संरक्षण कार्यक्रम– गंगटोक, सिक्किम
5. बाघ संरक्षण कार्यक्रम- चंद्रपुर, महाराष्ट्र
एशियाई शेर केवल भारत में ही जीवित है और यह दुनिया के सबसे सफल प्रजाति संरक्षण कार्यक्रमों में से एक का प्रतिनिधित्व करता है।
2. सरकार ने केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो के निदेशक प्रवीण सूद का कार्यकाल एक वर्ष के लिए बढ़ाया
सरकार ने केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो के निदेशक प्रवीण सूद का कार्यकाल एक वर्ष के लिए बढ़ा दिया है। कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग द्वारा जारी एक आधिकारिक आदेश के अनुसार, मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने ब्यूरो के निदेशक के रूप में श्री सूद के कार्यकाल को इस महीने की 24 तारीख के बाद भी बढ़ाने की मंजूरी दे दी है।
3. एन. रंगासामी ने पुद्दुचेरी के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली
अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस नेता एन. रंगासामी ने रिकॉर्ड पांचवीं बार पुद्दुचेरी के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। लोक निवास में आयोजित एक समारोह में पुद्दुचेरी के उपराज्यपाल के. कैलाशनाथन ने श्री रंगासामी को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के मल्लाडी कृष्ण राव और भाजपा के ए. नमस्सिवयम ने भी समारोह में मंत्री पद की शपथ ली। एन. रंगास्वामी चार बार (2001-2006, 2006-2008, 2011-2016 और 2021 से अब तक) पुडुचेरी के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। 2001 से 2006 और फिर 2006 से 2008 तक रंगासामी कांग्रेस से मुख्यमंत्री रहे। 2011 में कांग्रेस से अलग होकर नई पार्टी ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस (AINRC) बनाई। रंगासामी 2011 में AINRC से विधानसभा चुनाव जीते और तीसरी बार मुख्यमंत्री बने। भारतीय संविधान के अनुच्छेद 239A के तहत पुडुचेरी को ‘आंशिक राज्य’ का दर्जा प्राप्त है। बता दें कि पुडुचेरी विधानसभा चुनाव 2026 में एनडीए गठबंधन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 17 सीटें हासिल की हैं। 30 सीटों वाले पुडुचेरी में लगातार दूसरी बार एनडीए गठबंधन की सरकार बनी है। ऑल इंडिया एन.आर. कांग्रेस 12 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनी है। दूसरी ओर, कांग्रेस-डीएमके गठबंधन को छह सीटें मिलीं। इसमें कांग्रेस ने एक और द्रविड़ मुनेत्र कज़गम ने 5 सीटें जीतीं।
4. कैबिनेट ने कोयला और लिग्नाइट गैसीकरण परियोजनाओं के लिए संवर्द्धन योजना को मंजूरी दी
केन्द्रीय मंत्रिमंडल ने 37,500 करोड रुपये की लागत से कोयला और लिग्नाइट गैसीकरण परियोजनाओं के लिये संवर्द्धन योजना मंजूर की है। यह योजना भारत के कोयला और लिग्नाइट गैसीकरण कार्यक्रम को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस योजना का उद्देश्य लगभग 7.50 करोड टन कोयले और लिग्नाइट के गैसीकरण के लिए सिन्गैस और संबंधित उत्पादन के लिए नई कोयला और लिग्नाइट गैसीकरण परियोजनाओं को प्रोत्साहित करना है। योजना के तहत अनुमानित निवेश तीन लाख करोड रुपये का होगा। संयंत्र और मशीनरी की लागत के अधिकतम 20% के बराबर वित्तीय प्रोत्साहन उपलब्ध कराया जाएगा तथा चयन पारदर्शी और प्रतिस्पर्धी बोली प्रक्रिया के माध्यम से होगा। इस योजना से केवल खनन से प्रतिवर्ष 6,300 करोड रुपये का राजस्व सृजित होगा।
5. नागपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के विस्तार को मंजूरी
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 13 मई को नागपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के विस्तार को मंजूरी दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने नागपुर के डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के आधुनिकीकरण को मंजूरी दी है। ये प्रोजेक्ट PPP मॉडल, यानी पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप मॉडल के तहत पूरा होगा। ये प्रोजेक्ट MIHAN, यानी Multi-modal International Cargo Hub and Airport at Nagpur का हिस्सा है। मिहान इंडिया लिमिटेड, यानी MIL एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया और महाराष्ट्र एयरपोर्ट डेवलपमेंट कंपनी का एक जॉइंट वेंचर है। MIL में एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया का 49% और महाराष्ट्र एयरपोर्ट डेवलपमेंट कंपनी का 51% हिस्सा है। योजना का लक्ष्य हर साल 3 करोड़ यात्रियों को संभालने की क्षमता तैयार करना है। इसके अलावा एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) की जमीन की लीज अवधि भी 6 अगस्त 2039 से आगे बढ़ाई जाएगी। नागपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के विस्तार का उद्देश्य रीजनल हवाई कनेक्टिविटी को बढ़ावा देना है।
6. निवेशक जागरूकता बढ़ाने के लिए आईईपीएफए और प्रसार भारती के बीच समझौता
कॉरपोरेट मामलों के मंत्रालय के अधीन निवेशक शिक्षा और संरक्षण कोष प्राधिकरण (आईईपीएफए) ने निवेशकों के बीच जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सार्वजनिक सेवा प्रसारक प्रसार भारती के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस पहल के तहत दूरदर्शन के राष्ट्रीय और क्षेत्रीय चैनलों पर सूचनात्मक स्क्रॉल संदेश प्रसारित किए जाएंगे, ताकि देशभर में निवेशक शिक्षा और वित्तीय साक्षरता को मजबूत किया जा सके। इस पहल के तहत दूरदर्शन चैनलों पर ऐसे संदेश प्रसारित किए जाएंगे, जिनमें बिना दावे के लाभांश और आईईपीएफए को हस्तांतरित शेयरों की वापसी प्रक्रिया से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी शामिल होगी। इसका उद्देश्य दूरदराज और कम सुविधा प्राप्त क्षेत्रों तक भी जानकारी पहुंचाना है। आईईपीएफए इस अभियान के माध्यम से निवेशकों को समय पर और सटीक जानकारी उपलब्ध कराना चाहता है, ताकि वे खोज सुविधाओं का उपयोग कर सकें और फॉर्म आईईपीएफ-5 के जरिए अपने दावे दाखिल कर सकें। इसके साथ ही यह अभियान धोखाधड़ी से बचाव और सुरक्षित निवेश प्रथाओं के प्रति जागरूकता फैलाने पर भी केंद्रित रहेगा।
7. भारत वैश्विक जहाज निर्माण हब बनने की ओर, थूथुकुडी परियोजना पर ऐतिहासिक समझौता
भारत के समुद्री क्षेत्र को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए तमिलनाडु के थूथुकुडी में भारत के पहले मेगा ग्रीनफील्ड शिपयार्ड के विकास के लिए त्रिपक्षीय समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। यह समझौता भारत सरकार के अधीन वीओ चिदंबरनार पोर्ट अथॉरिटी (वीओसीपीए), तमिलनाडु सरकार के उपक्रम एसआईपीसीओटी द्वारा संयुक्त रूप से प्रवर्तित विशेष प्रयोजन वाहन नेशनल शिपबिल्डिंग एंड हेवी इंडस्ट्रीज पार्क, तमिलनाडु लिमिटेड (एनएसएचआईपी-टीएन) और दक्षिण कोरिया की एचडी केएसओई के बीच हुआ है। यह समझौता दक्षिण कोरिया गणराज्य के राष्ट्रपति ली जे म्युंग की भारत यात्रा के दौरान 20 अप्रैल 2026 को केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सरबानंदा सोनोवाल की उपस्थिति में संपन्न हुआ। यह पहल भारत-आरओके व्यापक समुद्री ढांचे ‘वीओवाईएजीईएस’ (शेयर्ड विजन फॉर ऑपरेशन ऑफ यार्ड असिस्टेड ग्रोथ विद एफिशिएंसी एंड स्केल) के तहत की गई है, जिसका उद्देश्य जहाज निर्माण, जहाजरानी और समुद्री लॉजिस्टिक क्षेत्र में सहयोग बढ़ाना है। प्रस्तावित थूथुकुडी ग्रीनफील्ड शिपयार्ड की अनुमानित वार्षिक क्षमता 25 लाख ग्रॉस टन (जीटी) होगी। यह परियोजना संयुक्त विकास, वित्तपोषण, निर्माण और संचालन के आधार पर विकसित की जाएगी।
8. पूर्व न्यायाधीश बीरेन वैष्णव ने गुजरात के लोकायुक्त पद की ली शपथ
गुजरात उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश न्यायमूर्ति बीरेन अनिरुद्ध वैष्णव ने बुधवार को गांधीनगर स्थित लोक भवन में आयोजित समारोह में गुजरात के लोकायुक्त के रूप में शपथ ली। उन्हें आचार्य देवव्रत ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह में भूपेंद्र पटेल, शंकर चौधरी, हर्ष संघवी, राज्य मंत्रिमंडल के सदस्य और कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बीरेन वैष्णव ने अप्रैल 2016 से मई 2025 तक गुजरात उच्च न्यायालय में न्यायाधीश के रूप में सेवाएं दीं। उन्हें 6 अप्रैल 2016 को अतिरिक्त न्यायाधीश बनाया गया था, जबकि मार्च 2018 में स्थायी न्यायाधीश के रूप में नियुक्ति मिली थी। केंद्र सरकार ने फरवरी और अप्रैल 2025 में उन्हें कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नियुक्त करने संबंधी अधिसूचनाएं जारी की थीं।
9. भारत-ओमान व्यापार आर्थिक समझौता 1 जून से लागू
केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने 12 मई को नई दिल्ली में ओमान के प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक की। इस बैठक में भारत-ओमान व्यापार आर्थिक समझौता, यानी CEPA लागू करने पर बात हुई। CEPA का पूरा नाम Comprehensive Economic Partnership Agreement है। CEPA समझौते के बाद 98% से ज्यादा भारतीय उत्पादों पर आयात कस्टम ड्यूटी, यानी सीमा शुल्क खत्म हो जाएगा। CEPA 1 जून, 2026 से लागू होगा। भारत और ओमान ने दिसंबर 2025 में CEPA पर सहमति जताई थी। इस एग्रीमेंट से भारत में कपड़ा, इंजीनियरिंग सामान, फार्मास्यूटिकल्स और ऑटोमोबाइल्स जैसे सेक्टर्स को फायदा मिलेगा। 2024-25 में भारत और ओमान के बीच द्विपक्षीय व्यापार लगभग 10.6 बिलियन अमेरिकी डॉलर, यानी 1,01,406 करोड़ रुपए से ज्यादा था। पेट्रोलियम, निर्माण, इंजीनियरिंग, स्वास्थ्य और संचार के क्षेत्र में भारत के लगभग 6,000 जॉइन्ट वेंचर ओमान में ऑपरेट किए जाते हैं। वार्ता में वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल, ओमान के वाणिज्य मंत्री अनवर बिन हिलाल अल जाबरी और विदेश व्यापार एवं अंतर्राष्ट्रीय सहयोग सलाहकार एचई पंकज खिमजी शामिल हुए।
10. त्रिनिदाद और टोबैगो UPI अपनाने वाला पहला कैरेबियाई देश बना
त्रिनिदाद और टोबैगो भारत के यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) को अपनाने वाला पहला कैरिबियन देश बन गया, जिससे BHIM ऐप के ज़रिए बिना किसी रुकावट के डिजिटल पेमेंट करना संभव हो गया। इस कदम से त्रिनिदाद और टोबैगो भारत के UPI प्लेटफॉर्म को अपनाने वाला पहला कैरिबियाई देश बन गया है। जुलाई, 2025 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यात्रा के दौरान घोषित इस साझेदारी के साथ, इसने इस सिस्टम को अपनाया है; इससे पर्यटकों के लिए तुरंत लेन-देन करना आसान हो जाएगा और डिजिटल सहयोग भी मज़बूत होगा। इस कदम से त्रिनिदाद और टोबैगो का वित्तीय ढाँचा आधुनिक बनेगा, जिसका मकसद तेज़ और सुरक्षित पेमेंट सुनिश्चित करना है। UPI के अलावा, दोनों देश India Stack के अन्य समाधानों जैसे DigiLocker (दस्तावेज़ों को सुरक्षित रखने की सुविधा), e-Sign (डिजिटल हस्ताक्षर), और Government e-Marketplace (GeM) को लागू करने में भी सहयोग करने पर सहमत हुए हैं। इस सहयोग का मकसद वित्तीय समावेशन, पर्यटन और डिजिटल शासन को बढ़ावा देना है। त्रिनिदाद और टोबैगो ने अपने सरकारी ज़मीन पंजीकरण सिस्टम को डिजिटल बनाने के लिए भी भारत से मदद मांगी है। 2026 की शुरुआत तक, भारत का यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) आधिकारिक तौर पर आठ प्रमुख देशों- UAE, सिंगापुर, भूटान, नेपाल, श्रीलंका, फ्रांस, मॉरीशस और कतर, में लाइव हो चुका है और स्वीकार किया जाता है।
11. मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा ने एरी रेशम प्रसंस्करण इकाई का उद्घाटन किया
मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा ने री-भोई जिले केभोइरिम्बोंग में एरी रेशम प्रसंस्करण इकाई का उद्घाटन किया। इसका उद्देश्य राज्य के पारंपरिक रेशम उद्योग को मजबूत करना और बुनकरों के लिए बेहतर बाजार पहुंच बनाना है। एरी रेशम, जिसे लोकप्रिय रूप से रायंडिया के नाम से जाना जाता है, को 2025 में भौगोलिक संकेत (जीआई) का दर्जा प्राप्त हुआ, क्योंकि इसकी उत्पादन प्रक्रिया अहिंसक है, जिसमें रेशम के कीड़ों को नुकसान नहीं पहुंचाया जाता है। इस रेशम को अहिंसा रेशम के नाम से भी जाना जाता है।
12. मध्य प्रदेश के भोपाल में देश का पहला कार्बन-सोखने वाला ‘एल्गी ट्री’ लॉन्च हुआ
मध्य प्रदेश के भोपाल स्थित स्वामी विवेकानंद पार्क में भारत का पहला ऐसा शहर बन गया है, जिसने “एल्गी ट्री” पेश किया है। यह एक एडवांस्ड कार्बन-सोखने वाला सिस्टम है, जिसे 25 बड़े पेड़ों जितना कार्बन डाइऑक्साइड सोखने और साथ ही पर्यावरण में ऑक्सीजन छोड़ने के लिए डिज़ाइन किया गया है।मशरूम वर्ल्ड ग्रुप द्वारा विकसित “एल्गी ट्री” (Algae Tree), एक माइक्रोएल्गी-आधारित तंत्र के ज़रिए काम करता है। यह तंत्र आस-पास के वातावरण से कार्बन डाइऑक्साइड को सोख लेता है और उसे ऑक्सीजन में बदल देता है। कंपनी ने बताया कि इस प्रोजेक्ट को पूरा होने में लगभग दो साल लगे और इसमें 50 से ज़्यादा शोधकर्ताओं, इंजीनियरों और विशेषज्ञों की मेहनत शामिल थी। इस प्रोडक्ट को बनाने वाली कंपनी का दावा है कि 15 मीटर के दायरे में PM2.5 के स्तर को 45–55% तक कम कर सकता है और एक यूनिट हर साल लगभग 1.5 टन कार्बन डाइऑक्साइड सोख सकती है। नई दिल्ली ने अपने गंभीर वायु प्रदूषण से निपटने की दिशा में एक अहम कदम उठाया है। इसके तहत, व्यस्त एयरोसिटी हाईवे कॉरिडोर पर भारत का पहला माइक्रोएल्गी-आधारित “PureAir Tower” या “Liquid Tree” लगाया गया है।
13. तेलंगाना के वारंगल में PM MITRA पार्क का उद्घाटन हुआ
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने 10 मई, 2026 को तेलंगाना के वारंगल में पीएम मित्र (PM MITRA – प्रधानमंत्री मेगा एकीकृत वस्त्र क्षेत्र और परिधान) पार्क का उद्घाटन किया, जो भारत की औद्योगिक और कपड़ा विकास यात्रा में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर है। 1695.54 करोड़ रुपये की लागत से विकसित, यह देश का पहला चालू पीएम मित्र पार्क है और यह भारत सरकार के ‘5F’ विज़न को साकार करता है – Farm (खेत) से Fibre (रेशा) तक, Fibre से Factory (कारखाना) तक, Factory से Fashion (फैशन) तक और Fashion से Foreign (विदेश) तक। रणनीतिक रूप से प्रस्तावित नागपुर-विजयवाड़ा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे (NH-163G) के पास और NH-163 के निकट स्थित, यह पार्क प्रमुख रेलवे नेटवर्क और बंदरगाहों से बेहतरीन मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी प्रदान करता है, जिससे वैश्विक व्यापार के लिए निर्बाध लॉजिस्टिक्स सुनिश्चित होता है। 1,327 एकड़ में फैला यह पार्क कपड़ा मूल्य शृंखला (textile value chain) में बड़े पैमाने पर अवसर पैदा करने के लिए तैयार है, जिससे 24,400 से अधिक नौकरियों के सृजन की उम्मीद है और हज़ारों नौकरियाँ पहले ही सृजित हो चुकी हैं। PM MITRA पार्क योजना को 21 अक्टूबर, 2021 को कपड़ा मंत्रालय की एक अधिसूचना के माध्यम से आधिकारिक तौर पर शुरू किया गया था।
14. सीएम देवेन्द्र फडणवीस ने नासिक-त्र्यंबकेश्वर सिंहस्थ कुंभ मेले के लोगो का अनावरण किया
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार के साथ बुधवार को नासिक-त्र्यंबकेश्वर सिंहस्थ कुंभ मेले के लोगो का अनावरण किया। इस लोगो में त्रिशूल दर्शाया गया है, जो नासिक के प्रसिद्ध त्र्यंबकेश्वर मंदिर का प्रतीक है, और गोदावरी नदी को शिवलिंग के रूप में चित्रित किया गया है। इस अवसर पर श्री फडणवीस ने कहा कि यह लोगो भारत की सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और राष्ट्रीय एकता का सशक्त संदेश देता है।
15. लेखक राधाकृष्णन पिल्लई का निधन
12 मई को लेखक डॉ राधाकृष्णन पिल्लई का निधन हो गया। वे 50 साल के थे। डॉ पिल्लई एक प्रतिष्ठित लेखक थे। डॉ पिल्लई ने अपने करियर में कुल 24 किताबें लिखीं। डॉ राधाकृष्णन ने कौटिल्य के अर्थशास्त्र पर PhD की थी। डॉ राधाकृष्णन ने संस्कृत में पोस्ट ग्रेजुएशन किया, जबकि वे एक कॉमर्स स्टूडेंट थे। डॉ राधाकृष्णन 2014 से चाणक्य आनविक्षिकी प्राइवेट लिमिटेड में मुख्य मेंटर रहे। डॉ राधाकृष्णन 2016 से मुंबई विश्वविद्यालय के चाणक्य इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ लीडरशिप स्टडीज के डायरेक्टर भी रहे। डॉ पिल्लई की बेस्ट सेलर किताबों में कॉर्पोरेट चाणक्य (2010), चाणक्य इन यू (2015), चाणक्य इन डेली लाइफ (2016), चाणक्य एंड द आर्ट ऑफ वॉर (2019), और चाणक्य के 100 सर्वश्रेष्ठ सूत्र शामिल हैं।
VISIT TO YOUR WHATSAAP CHANNEL :https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F
VISIT TO YOUR YOUTUBE CHANNEL :https://youtube.com/@guruggkwala?si=TZD9ZVm9QJLjB9ed
VISIT TO YOUR TELEGRAM :https://t.me/guruggkwala1
THANKS TO SUPPORT GURUGGKWALA
