14 July 2025 Current Affairs -GurugGkwala

12–17 minutes

1. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने चार लोगों को किया राज्यसभा के लिए नामित

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने प्रख्यात वकील उज्ज्वल देवराव निकम, सामाजिक कार्यकर्ता सदानंदन मास्टर, पूर्व विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला और इतिहासकार एवं शिक्षाविद मीनाक्षी जैन को राज्यसभा के लिए मनोनीत किया है। यह नियुक्तियां नामित सदस्यों की सेवानिवृत्ति के कारण रिक्त हुए स्थानों को भरने के लिए की गई हैं। निकम को अजमल कसाब के खिलाफ केस लड़ने के लिए जाना जाता है। उन्होंने 26/11 मुंबई आतंकी वारदात के एकमात्र जिंदा पकड़े गए कसाब के लिए सजा ए मौत के लेकर जबरदस्त पैरवी की थी। गृह मंत्रालय की ओर से जारी अधिसूचना (एस.ओ. 3196(ई) के अनुसार, 12 जुलाई 2025 को इसका ऐलान किया गया। गौरतलब है कि संविधान के अनुच्छेद 80 के तहत, राष्ट्रपति को कला, साहित्य, विज्ञान, सामाजिक सेवा और अन्य क्षेत्रों में विशेष योगदान देने वाले व्यक्तियों को राज्यसभा में नामित करने का अधिकार है। ये नियुक्तियां संसद के उच्च सदन में विविध दृष्टिकोण और विशेषज्ञता को शामिल करने के लिए महत्वपूर्ण मानी जाती हैं। नामित सदस्यों की भूमिका विधायी चर्चाओं में महत्वपूर्ण योगदान देने और राष्ट्रीय हित के मुद्दों पर विचार-विमर्श को समृद्ध करने की होती है।

2. भारत पांडुलिपि विरासत पर पहले वैश्विक सम्मेलन की मेजबानी करेगा

भारत 11 से 13 सितंबर 2025 तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में अपनी पहली वैश्विक पांडुलिपि विरासत पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन की मेज़बानी करेगा। संस्कृति मंत्रालय द्वारा घोषित यह ऐतिहासिक आयोजन भारत की प्राचीन पांडुलिपि-ज्ञान परंपरा को संरक्षित, प्रचारित और वैश्विक मंच पर साझा करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। इसकी घोषणा गुरु पूर्णिमा के अवसर पर की गई, जो भारत की गुरु-शिष्य परंपरा और ज्ञान-संस्कृति के प्रति सम्मान को दर्शाता है। “पांडुलिपि विरासत के माध्यम से भारत की ज्ञान परंपरा की पुनर्प्राप्ति” शीर्षक वाले इस तीन दिवसीय सम्मेलन में भारत और विदेशों से 500 से अधिक प्रतिनिधि, जिनमें 75 प्रतिष्ठित विद्वान और सांस्कृतिक विशेषज्ञ शामिल होंगे, भाग लेंगे। यह आयोजन हाइब्रिड प्रारूप में होगा, जिससे विश्वभर के प्रतिभागी ऑनलाइन या प्रत्यक्ष रूप से जुड़ सकें।

3. अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा के लिए ऑपरेशन शिवा शुरू

भारतीय सेना ने जम्मू-कश्मीर में श्री अमरनाथ यात्रा की सुरक्षित और सुचारू रूप से संचालन सुनिश्चित करने के लिए “ऑपरेशन शिवा 2025” की शुरुआत की है। इस अभियान की घोषणा शुक्रवार को की गई, जिसमें बड़ी संख्या में सैनिकों की तैनाती, आधुनिक निगरानी उपकरणों और आपदा प्रतिक्रिया उपायों को शामिल किया गया है। इस वर्ष पाकिस्तान समर्थित आतंकवादी समूहों से बढ़ते खतरे के कारण यह सुरक्षा अभियान अत्यंत महत्वपूर्ण हो गया है। ऑपरेशन शिवा 2025 के तहत, सेना ने यात्रा के उत्तर और दक्षिण मार्गों पर 8,500 से अधिक जवानों को तैनात किया है। यह प्रयास नागरिक प्रशासन और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPFs) के साथ समन्वय में किया गया है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखने के लिए एक बहु-स्तरीय आतंकवाद विरोधी सुरक्षा तंत्र और उन्नत निगरानी प्रणाली स्थापित की गई है।

4. आर्थुंकल पुलिस स्टेशन भारत का पहला आईएसओ-प्रमाणित स्टेशन बना

केरल के अलेप्पी (अलप्पुझा) जिले का आर्थुंकल पुलिस स्टेशन देश का पहला पुलिस थाना बन गया है जिसे IS/ISO 9001:2015 क्वालिटी मैनेजमेंट सिस्टम (QMS) प्रमाणन प्राप्त हुआ है। यह प्रमाण पत्र भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) द्वारा 10 जुलाई 2025 को औपचारिक रूप से प्रदान किया गया। यह सम्मान पुलिसिंग और सार्वजनिक सुरक्षा में उत्कृष्ट सेवा गुणवत्ता के लिए दिया गया है। BIS के डिप्टी डायरेक्टर जनरल (स्टैंडर्डाइजेशन) श्री प्रवीण खन्ना ने यह प्रमाण पत्र केरल के राज्य पुलिस प्रमुख श्री रावदा आज़ाद चंद्रशेखर को सौंपा।

5. वर्षा देशपांडे ने 2025 का संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या पुरस्कार जीता

महाराष्ट्र के सतारा की अधिवक्ता वरषा देशपांडे को 2025 का संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या पुरस्कार प्रदान किया गया है। यह सम्मान उन्हें लिंग समानता को बढ़ावा देने और लिंग-चयनात्मक गर्भपात को रोकने के लिए किए गए आजीवन कार्यों के लिए दिया गया। यह पुरस्कार विश्व जनसंख्या दिवस (11 जुलाई 2025) को न्यूयॉर्क में आयोजित एक विशेष समारोह में प्रदान किया गया। वरषा देशपांडे, दलित महिला विकास मंडल की सचिव हैं, जिसे उन्होंने 1990 में स्थापित किया था। पिछले तीन दशकों से वे लिंग आधारित भ्रूण हत्या के खिलाफ संघर्ष कर रही हैं और विशेष रूप से हाशिये पर मौजूद महिलाओं और लड़कियों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए काम कर रही हैं।

6. यूनेस्को ने तीन अफ्रीकी स्थलों को संकटग्रस्त विश्व धरोहरों की सूची से हटाया

विश्व धरोहर समिति ने तीन अफ्रीकी धरोहर स्थलोंमेडागास्कर, मिस्र और लीबिया – को संकटग्रस्त स्थलों की यूनेस्को की सूची से हटा दिया है तथा इन स्थलों पर खतरों को कम करने और उनकी सांस्कृतिक एवं पारिस्थितिक अखंडता को बहाल करने के सफल प्रयासों की सराहना की है।संयुक्त राष्ट्र शैक्षिक, वैज्ञानिक और सांस्कृतिक संगठन (यूनेस्को) ने एक बयान में कहा कि यह निर्णय पेरिस में जारी विश्व धरोहर समिति (डब्ल्यूएचसी) के 47वें सत्र के दौरान नौ जुलाई को लिया गया। संकटग्रस्त सूची से हटाए गए स्थलों में मेडागास्कर में अत्सिनानाना के वर्षावन, मिस्र में अबू मेना और लीबिया में घदामेस का ‘ओल्ड टाउन’ शामिल हैं। अत्सिनाना के वर्षावनों को 2010 में “खतरे में विश्व धरोहर” सूची में शामिल किया गया था, क्योंकि वहां अवैध कटाई, वनों की अंधाधुंध कटाई और लुप्तप्राय प्रजातियों जैसे लेमूर के नुकसान की घटनाएं बढ़ रही थीं। ये जंगल उन पौधों और जानवरों का घर हैं जो दुनिया में और कहीं नहीं पाए जाते।मिस्र में स्थित अबू मेना, जो एक प्राचीन ईसाई तीर्थ स्थल है, को 2001 में इस सूची में डाला गया था क्योंकि सिंचाई के कारण आई बाढ़ ने इसकी नींव को नुकसान पहुंचाया और कई हिस्से ढह गए।लीबिया का पुराना शहर घदामेस 2016 में युद्ध, जंगल की आग और बाढ़ की वजह से गंभीर क्षति के चलते इस सूची में डाला गया था।

7. कंबोडिया के खमेर रूज स्थलों को यूनेस्को विरासत सूची में शामिल किया गया

यूनेस्को ने 11 जुलाई 2025 को कंबोडिया के तीन ऐतिहासिक स्थलों को विश्व विरासत सूची में शामिल किया, जो खमेर रूज शासन की क्रूरता से जुड़े हैं। यह निर्णय पेरिस में आयोजित विश्व धरोहर समिति के 47वें सत्र के दौरान लिया गया, जो इस तानाशाही शासन के उदय की 50वीं वर्षगांठ पर हुआ। इस कदम का उद्देश्य इन स्थलों को त्रासदी की याद के रूप में संरक्षित करना और शांति व शिक्षा को बढ़ावा देना है। यूनेस्को की सूची में शामिल किए गए तीन स्थल हैं:
टोल स्लेंग नरसंहार संग्रहालय (S-21), फ्नॉम पेन्ह: एक पुराना स्कूल जिसे जेल में बदला गया था, जहां 15,000 से अधिक लोगों को प्रताड़ित किया गया।
M-13 जेल, कंपोंग चनांग प्रांत: खमेर रूज द्वारा संचालित एक प्रारंभिक गुप्त जेल।
चोइउंग एक ‘किलिंग फील्ड्स’: फ्नॉम पेन्ह से 15 किमी दूर स्थित यह क्षेत्र सामूहिक हत्याओं और दफन स्थलों के लिए कुख्यात है।

8. रेल विभाग ने रेलगाडि़यों की सभी बोगियों में सीसीटीवी कैमरा लगाने का फैसला किया

रेल विभाग ने रेलगाडि़यों की सभी बोगियों में यात्रियों की सुरक्षा में वृद्धि करने के लिए सीसीटीवी कैमरा लगाने का फैसला किया है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्‍णव और राज्‍य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने रेल इंजनों और बोगियों में सीसीटीवी कैमरा लगाने की प्रगति की समीक्षा की है। कोच में कैमरा लगाने से यात्रियों की सुरक्षा व्‍यवस्‍था में सुधार होगा। इनसे उपद्रवियों को पहचानने में मदद मिलेगी। यात्रियों की निजता को ध्‍यान में रखते हुए ये कैमरे बोगियों के द्वारों के पास लगाए जाएंगे। श्री वैष्‍णव ने सभी 74 हजार बोगियों और 15 हजार रेल इंजनों में सीसीटीवी कैमरा लगाने को मंजूरी दी है। प्रत्‍येक कोच में चार डोम टाइप सीसीटीवी कैमरा और रेल इंजनों में छह सीसीटीवी कैमरा लगाये जाएंगे। केंद्रीय मंत्री ने उच्‍च कोटि के उपकरण लगाने पर जोर दिया। उन्‍होंने अधिकारियों से एआई का उपयोग करने की भी अपील की।

9. दक्षिण प्रशांत सागर में स्थित न्यू कैलेडोनिया होगा फ्रांस का नया राज्य

दक्षिण प्रशांत सागर में स्थित न्यू कैलेडोनिया फ्रांस का नया राज्य होगा। इस संबंध में पेरिस में हुए समझौते के अनुसार न्यू कैलेडोनिया के नागरिकों को फ्रांस की नागरिकता भी दी जाएगी। समझौते के अनुसार, न्यू कैलेडोनिया के साथ निकेल प्रसंस्करण समझौते का नवीकरण भी किया जाएगा। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों ने इसे एक ऐतिहासिक समझौता बताया है,हालांकि अभी इसे न्यू कैलेडोनिया में मंज़ूरी मिलनी बाक़ी है। न्यू कैलेडोनिया 1850 में फ्रांस का उपनिवेश था और द्वितीय विश्वयुद्ध के बाद यह प्रशांत क्षेत्र में फ्रांस का हिस्से की तरह था जहां के नागरिकों को फ्रांस की नागरिकता दी गई थी।

10. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मेघालय में लिविंग रूट ब्रिज का दौरा किया

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शनिवार को मेघालय के ईस्ट खासी हिल्स जिले के सीज गांव में स्थित प्रसिद्ध ‘लिविंग रूट ब्रिज’ का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने वहां की पारंपरिक पारिस्थितिक जीवनशैली की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि सौ वर्षों से भी अधिक समय से इस क्षेत्र के लोग प्रकृति का सम्मान करते हुए ऐसे पुलों का निर्माण कर रहे हैं जो जीवित वृक्षों की जड़ों से बनाए जाते हैं और पर्यावरण को कोई नुकसान नहीं पहुंचाते। खासी और जयंतिया जनजातियों के लोग पीढ़ियों से इन लीविंग रूट ब्रिज को बना रहे हैं। ये पुल इंसान, प्रकृति और नवाचार के अनोखे मेल को दिखाते हैं। ऐसे पुल मेघालय के दक्षिणी इलाकों में बांग्लादेश की सीमा के पास ज्यादा देखने को मिलते हैं। मेघालय सरकार ने 2018 में इन पुलों को यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल करने के लिए एक प्रस्ताव भेजा था। यह प्रस्ताव ‘सांस्कृतिक परिदृश्य’ श्रेणी में भेजा गया था।

11. भारत में नमक की अधिक खपत बनी ‘साइलेंट एपिडेमिक’

भारत में लोग औसतन जितना नमक खा रहे हैं, वह विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की तय सीमा से कहीं ज्यादा है। इसी चिंता को ध्यान में रखते हुए भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद- नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ एपिडेमियोलॉजी (ICMR-NIE) ने “कम्युनिटी-लीड सॉल्ट रिडक्शन” नाम से एक विशेष पहल की शुरुआत की है। फिलहाल यह पहल अभी पंजाब और तेलांगना में शुरू की गई है, जिसका उद्देश्य नमक की खपत को कम करना है। WHO के अनुसार, प्रति व्यक्ति प्रतिदिन 5 ग्राम से कम नमक खाना चाहिए। लेकिन भारत में औसतन शहरी क्षेत्रों में 9.2 ग्राम और ग्रामीण क्षेत्रों में 5.6 ग्राम प्रतिदिन नमक का सेवन हो रहा है। नमक का अधिक सेवन हाई ब्लड प्रेशर, स्ट्रोक, हार्ट अटैक और किडनी रोगों का बड़ा कारण बन रहा है। इस समस्या को गंभीर मानते हुए ICMR-NIE ने एक तीन साल का प्रोजेक्ट शुरू किया है, जिसमें हेल्थ वेलनेस सेंटर्स (HWCs) पर प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मियों के माध्यम से सलाह और मार्गदर्शन दिया जाएगा। इस परियोजना का नेतृत्व कर रहे डॉ. शरण मुरली के अनुसार, “कम सोडियम वाले नमक का उपयोग करने से औसतन 7/4 mmHg तक ब्लड प्रेशर घटाया जा सकता है, जो एक छोटा लेकिन प्रभावी कदम है।”

12. अभिजीत किशोर फिर चुने गए सीओएआई के चेयरपर्सन

सेल्युलर ऑपरेटर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (COAI) ने वर्ष 2025–26 के लिए अपनी नई नेतृत्व टीम की घोषणा की है। वोडाफोन आइडिया लिमिटेड के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर अभिजीत किशोर को दोबारा अध्यक्ष नियुक्त किया गया है, जबकि भारती एयरटेल के चीफ रेग्युलेटरी ऑफिसर राहुल वत्स को उपाध्यक्ष बनाया गया है। यह घोषणा 9 जुलाई 2025 को नई दिल्ली में आयोजित COAI की वार्षिक आम बैठक में की गई।

13. RBI ने नियम तोड़ने पर एचडीएफसी बैंक और श्रीराम फाइनेंस पर जुर्माना लगाया

भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) ने एचडीएफसी बैंक और श्रीराम फाइनेंस पर नियामकीय नियमों के उल्लंघन के लिए जुर्माना लगाया है। 11 जुलाई 2025 को आरबीआई ने एचडीएफसी बैंक पर ₹4.88 लाख और श्रीराम फाइनेंस पर ₹2.70 लाख का जुर्माना लगाया। इन दंडों का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सभी वित्तीय संस्थान निर्धारित दिशानिर्देशों का पालन करें और पारदर्शिता बनाए रखें।

14. पोलैंड की इगा स्वियातेक ने पहली बार विंबलडन का महिला सिंगल्स खिताब जीता, इटली के जैनिक सिनर ने पुरुष सिंगल्स खिताब जीता

विश्व की चौथे नंबर की टेनिस खिलाड़ी पोलैंड की इगा स्वियातेक ने पहली बार विंबलडन का महिला सिंगल्स खिताब जीत लिया है। लंदन में एकतरफा मुकाबले में उन्होंने 13वीं वरीयता प्राप्त अमांडा अनिसिमोवा को 6-0, 6-0 से हरा दिया। यह स्वियातेक का छठा ग्रेंड स्लेम ख़िताब है। उधर, ब्रिटेन के जूलियन कैश और लॉयड ग्लासपूल की जोड़ी ने पुरुष युगल स्पर्धा का खिताब जीत लिया है। वर्ष 1936 के बाद यह पहला मौका है जब किसी ब्रिटिश जोड़ी ने पुरुष डबल्स का विंबलडन ख़िताब जीता है। पुरुष एकल मुक़ाबले में, विश्व नंबर एक खिलाड़ी जैनिक सिनर ने ऑल इंग्लैंड क्लब पर इतिहास रचते हुए पहली बार विंबलडन ट्रॉफी अपने नाम की। सिनर ने ग्रासकोर्ट पर लगातार दो वर्ष से खिताब जीतने वाले स्पेन के कार्लोस अल्‍कराज को तीन घंटे चले फाइनल मुकाबले में 4-6, 6-4, 6-4, 6-4 से हराकर खिताब जीता।

15. हरिकृष्णन भारत के 87वें ग्रैंड मास्टर बने

चेन्नई के 23 वर्षीय शतरंज खिलाड़ी हरिकृष्णन ए. रा. ने 11 जुलाई 2025 को फ्रांस में आयोजित ला प्लेग्ने इंटरनेशनल चेस फेस्टिवल में अपना अंतिम ग्रैंडमास्टर (GM) नॉर्म पूरा कर भारत के 87वें ग्रैंडमास्टर बनने का गौरव प्राप्त किया। यह उपलब्धि उन्होंने इंटरनेशनल मास्टर (IM) बनने के सात साल बाद हासिल की।

16. इटली और नीदरलैंड ने ICC T20 World Cup 2026 के लिए क्वालीफाई किया

भारत और श्रीलंका द्वारा सह-आयोजित आईसीसी पुरुष T20 विश्व कप 2026 के लिए इटली और नीदरलैंड्स ने यूरोप क्वालिफायर्स के अंतिम दिन अपने स्थान पक्के किए। जहां नीदरलैंड्स ने अपना मुकाबला जीतकर क्वालिफाई किया, वहीं नेट रन रेट के आधार पर इटली ने पहली बार इस टूर्नामेंट में जगह बनाई। अब तक 15 टीमें ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए क्वालिफाई कर चुकी हैं। एशिया-EAP क्वालिफायर से तीन और टीमें जुड़ेंगी, जबकि अफ्रीका क्वालिफायर से दो और टीमों का चयन होगा। इस तरह कुल 20 टीमें इस मेगा टूर्नामेंट में भाग लेंगी।भारत और श्रीलंका द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित T20 विश्व कप 2026 अब तक के सबसे बड़े संस्करणों में से एक माना जा रहा है। इस बार टूर्नामेंट में कई नई टीमों की भागीदारी देखने को मिलेगी, जिनमें इटली जैसी टीम पहली बार वैश्विक मंच पर पदार्पण करेगी।

17. अनुभवी तेलुगू अभिनेता कोटा श्रीनिवास राव का निधन

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने अनुभवी तेलुगू अभिनेता कोटा श्रीनिवास राव के निधन पर दुख: व्‍यक्‍त किया है। वयोवृद्ध तेलुगू अभिनेता का हैदराबाद में उनके निवास पर देहांत हो गया। वे 83 वर्ष के थे। विजयवाड़ा से भाजपा के पूर्व विधायक और वरिष्ठ अभिनेता कोटा पिछले कुछ महीनों से उम्र संबंधी समस्याओं के कारण अस्वस्थ थे। चार दशकों से ज़्यादा के करियर में, कोटा ने 750 से ज़्यादा फ़िल्मों में अभिनय किया और हास्य, खलनायक और चरित्र कलाकार की भूमिकाओं में अपनी अमिट छाप छोड़ी। तेलंगाना की बोलचाल की भाषा में उनकी अनोखी संवाद अदायगी ने उन्हें घर-घर में मशहूर बना दिया। कोटा को 2015 में भारत सरकार द्वारा पद्मश्री से सम्मानित किया गया था, और उन्हें राज्य सरकारों और फिल्म संघों से भी कई पुरस्कार मिले।

JOIN TELEGRAM : https://t.me/guruggkwala

THNKS TO SUPPORT GURUGGKWALA

Shopping Cart
Scroll to Top