15–18 minutes
1. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सेवा तीर्थ, कर्तव्य भवन-1 और 2 का औपचारिक उद्घाटन किया
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रीय राजधानी में स्थित सेवा तीर्थ और कर्तव्य भवन-1 तथा 2 का औपचारिक उद्घाटन किया। सेवा तीर्थ में प्रधानमंत्री कार्यालय, राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय और मंत्रिमंडल सचिवालय स्थित हैं, जो पहले अलग-अलग स्थानों पर थे। नए भवन परिसरों में आधुनिक और भविष्य के लिए तैयार सुविधाओं के भीतर प्रशासनिक कार्यों को समेकित किया गया है। कर्तव्य भवन-1 और 2 में वित्त मंत्रालय, रक्षा मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, शिक्षा मंत्रालय और सूचना और प्रसारण मंत्रालय सहित कई महत्वपूर्ण मंत्रालय स्थित हैं। दोनों भवन परिसरों में डिजिटल रूप से एकीकृत कार्यालय, सुव्यवस्थित सार्वजनिक संपर्क क्षेत्र और केंद्रीकृत स्वागत सुविधाएं मौजूद हैं। ये सुविधाएं सहयोग, दक्षता, सुचारू संचालन, नागरिकों की बेहतर भागीदारी और कर्मचारियों के कल्याण को बढ़ावा देंगी। भवन परिसरों में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था भी शामिल है, जैसे स्मार्ट एक्सेस कंट्रोल सिस्टम, निगरानी नेटवर्क और उन्नत आपातकालीन प्रतिक्रिया अवसंरचना, जो अधिकारियों और आगंतुकों के लिए एक सुरक्षित और सुलभ वातावरण सुनिश्चित करती है। सेवा तीर्थ का मतलब है ‘सेवा का स्थान’। पहले इसका नाम ‘एग्जीक्यूटिव एन्क्लेव’ रखा गया था, लेकिन 2 दिसंबर 2025 को इसका नाम बदलकर सेवा तीर्थ रखा गया।
2. प्रधानमंत्री मोदी ने सेवा तीर्थ से पहले निर्णयों में दुर्घटना राहत, महिलाओं, कृषि और स्टार्टअप सहित चार प्रमुख योजनाओं को स्वीकृति दी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दिल्ली में सेवा तीर्थ परिसर का उद्घाटन किया। यह उनका नया कार्यालय होगा।सेवा तीर्थ प्रणाली अपनाने के बाद लिए गए अपने पहले निर्णयों में, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रधानमंत्री राहत योजना को मंजूरी दी है। इस निर्णय में लखपति दीदियों के लक्ष्य को दोगुना करके छह करोड़ रुपए, कृषि बुनियादी ढांचा कोष को दोगुना करके दो लाख करोड़ रुपए और स्टार्टअप इंडिया फंड ऑफ फंड्स 2.0 को दस हजार करोड़ रुपए की निधि की मंजूरी दी गई है। श्री मोदी ने किसानों, महिलाओं, युवाओं और संकटग्रस्त नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण निर्णयों से संबंधित महत्वपूर्ण फाइलों पर हस्ताक्षर किए। सेवा तीर्थ प्रणाली में श्री मोदी द्वारा लिए गए पहले निर्णय सेवा की भावना को दर्शाते हैं तथा समाज के हर वर्ग को इसमें सम्मलित करते हैं। प्रधानमंत्री राहत योजना के अंतर्गत दुर्घटना पीडि़त डेढ़ लाख रुपए तक नि:शुल्क उपचार प्राप्त कर सकेंगे। यह इस बात को सुनिश्चित करता है कि तत्काल चिकित्सीय मदद के अभाव में कोई जान नहीं जानी चाहिए। सरकार तीन करोड़ लखपति दीदी बनाने के महत्वपूर्ण आंकड़े को पार कर चुकी है। यह मार्च 2027 की मूल समय सीमा के एक वर्ष से बहुत पहले हासिल कर लिया गया है। प्रधानमंत्री ने मार्च 2029 तक छह करोड़ लखपति दीदियों का नया महत्वकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया है।
3. संयुक्त राष्ट्र महासभा ने एआई पर 40 सदस्यीय वैश्विक वैज्ञानिक पैनल को दी मंजूरी
संयुक्त राष्ट्र महासभा ने एआई के प्रभावों और जोखिमों का आकलन करने के लिए 40 सदस्यीय वैश्विक वैज्ञानिक पैनल की स्थापना के पक्ष में भारी बहुमत से मतदान किया, हालांकि अमरीका ने इसका कड़ा विरोध किया था। पैनल के संस्थापक संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतरस ने इसके गठन को एआई की वैश्विक वैज्ञानिक समझ की दिशा में एक मूलभूत कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह एआई के क्षेत्र में ज्ञान की कमियों को दूर करने और इसके वास्तविक आर्थिक और सामाजिक परिणामों का मूल्यांकन करने के लिए समर्पित स्वतंत्र वैश्विक वैज्ञानिक निकाय होगा। एक सौ 93 सदस्यीय महासभा ने एक सौ 17-2 के मत से इस प्रस्ताव को मंजूरी दी। अमरीका और पैराग्वे ने प्रस्ताव के विरुद्ध मतदान किया, जबकि यूरोप और एशिया में अमरीका के सहयोगी देशों ने रूस, चीन और कई विकासशील देशों के साथ मिलकर इसके पक्ष में मतदान किया।
4. प्रधानमंत्री मोदी ने बांग्लादेश नेशनल पार्टी के प्रमुख तारिक रहमान को संसदीय चुनावों में जीत पर बधाई दी
बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी-बीएनपी ने बांग्लादेश के आम चुनाव में दो-तिहाई बहुमत हासिल कर लिया है। बांग्लादेश के संसदीय चुनाव 2026 में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के अध्यक्ष तारिक रहमान ने ढाका-17 सीट से जीत हासिल की है। BNP ने 299 सीटों में से 209 हासिल कर बहुमत के लिए जरूरी 150 के आंकड़े को पार किया। देश में करीब 20 साल बाद BNP की सरकार बनेगी। 2008 से 2024 तक शेख हसीना की आवामी लीग सत्ता में थी। पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के बेटे और BNP अध्यक्ष तारिक रहमान बांग्लादेश के प्रधानमंत्री बने सकते हैं। तारिक रहमान पिछले साल दिसंबर में 17 साल से अधिक समय तक स्वैच्छिक निर्वासन में रहने के बाद बांग्लादेश लौटे थे। तारिक रहमान 60 वर्ष के हैं और एक प्रमुख राजनीतिक परिवार से आते हैं। उनके माता-पिता दोनों ही पूर्व प्रधानमंत्री रह चुके हैं। उनकी मां, खालिदा जिया, देश की पहली महिला प्रधानमंत्री थीं और अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की प्रमुख राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी मानी जाती थीं।
5. प्रधानमंत्री मोदी ने बारबाडोस की प्रधानमंत्री मिया अमोर मोटली को ऐतिहासिक जीत पर बधाई दी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बारबाडोस की प्रधानमंत्री मिया अमोर मोटली को लगातार तीसरी बार ऐतिहासिक जीत पर बधाई दी है। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि भारत बारबाडोस के साथ अपनी दीर्घकालिक मित्रता को महत्व देता है। उन्होंने कहा कि यह मित्रता सहयोग के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार मजबूत हो रही है। 2024 में भारत-कैरीकॉम शिखर सम्मेलन के दौरान सुश्री मोटली से हुई अपनी मुलाकात का स्मरण करते हुए श्री मोदी ने कहा कि भारत बारबाडोस के साथ मिलकर काम करने को तत्पर है।
6. भारतीय सेना पहली बार आयोजित करेगी इंटरनेशनल मिलिट्री एडवेंचर चैलेंज कप 2026
भारतीय सेना पहली बार इंटरनेशनल मिलिट्री एडवेंचर चैलेंज कप-आईएमएसीसी 2026 का आयोजित कर रही है। यह प्रतियोगिता 18 से 23 फरवरी 2026 तक पूर्वी हिमालय की तलहटी में खेली जाएगी। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि भारत और मित्र देशों की सैन्य टीमें एक सप्ताह तक चलने वाली इस प्रतियोगिताओं में भाग लेंगी। आईएमएसीसी 2026 में सात मित्र देशों – भूटान, ब्राजील, कजाकिस्तान, किर्गिस्तान, नेपाल, श्रीलंका और सऊदी अरब – की टीमों के साथ-साथ भारतीय सेना, भारतीय वायु सेना, भारतीय तटरक्षक बल और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस-आईटीबीपी की टीमें भी भाग लेंगी। इस प्रतियोगिता को सैनिकों के शारीरिक फिटनेस, मानसिक दृढ़ता, टीम वर्क, नेतृत्व और दबाव में निर्णय लेने की क्षमता का परीक्षण करने के लिए डिज़ाइन किया गया है।
7. सूर्य घर योजना के दो साल पूरे
‘पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना’ के शुक्रवार को दो साल पूरे हो गए हैं।13 फरवरी, 2024 को पीएम मोदी द्वारा शुभारंभ की गई इस अभूतपूर्व पहल का उद्देश्य छत पर सौर पैनल लगाने की सुविधा देकर घरों को मुफ़्त बिजली प्रदान करना है। दिसंबर 2025 तक पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत 26 लाख से अधिक परिवार लाभान्वित हुए। पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना (पीएमएसजी:एमबीवाई) एक मांग आधारित योजना है जिसके अंतर्गत देश के सभी आवासीय उपभोक्ता जिनके पास स्थानीय डिस्कॉम का ग्रिड से जुड़ा बिजली कनेक्शन है, योजना के राष्ट्रीय पोर्टल पर आवेदन करके रूफटॉप सोलर (आरटीएस) सिस्टम लगाने के लिए योजना का लाभ उठा सकते हैं। फरवरी 2024 में योजना के शुभारंभ के बाद से देश भर में कुल 20,85,514 आरटीएस सिस्टम स्थापित किए गए हैं जिससे 26,14,446 परिवारों को लाभ हुआ है और दिसंबर 2025 तक केंद्रीय वित्तीय सहायता (सीएफए) के रूप में 14,771.82 करोड़ रुपये वितरित किए गए हैं।
8. पुनीत अग्रवाल बने थाईलैंड में भारत के नए राजदूत
पुनीत अग्रवाल को थाईलैंड में भारत के राजदूत के रूप में नियुक्त किया गया है। भारत के विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी। 1997 बैच के आईएफएस अधिकारी वर्तमान समय में मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
9. इंडिया-एआई इम्पैक्ट शिखर सम्मेलन में 20 देशों के नेता होंगे शामिल
भारत में 16 से 20 फरवरी तक आयोजित होने वाले इंडिया-एआई इम्पैक्ट शिखर सम्मेलन मेंबीस देशों के नेता भाग लेंगे। इनमें फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज़ इनासियो लूला दा सिल्वा, स्पेन के राष्ट्रपति पेड्रो सांचेज़ पेरेज़-कास्टेजोन, स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाय पार्मेलिन,नीदरलैंड्स के प्रधानमंत्री डिक शूफ़,संयुक्त अरब अमीरात के अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान, मॉरीशस के प्रधानमंत्री डॉ. नवीनचंद्र रामगुलाम, श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमार दिसानायके, सेशेल्स के उपराष्ट्रपति सेबेस्टियन पिल्ले और भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे शामिल हैं। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि बोलीविया, क्रोएशिया, एस्टोनिया, फिनलैंड, ग्रीस, गुयाना, कजाकिस्तान, लिकटेंस्टीन, सर्बिया और स्लोवाकिया के नेता भी शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। 45 से अधिक देशों के मंत्रिस्तरीय प्रतिनिधिमंडल शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे। संयुक्त राष्ट्र महासचिव और कई अंतरराष्ट्रीय संगठनों के वरिष्ठ अधिकारी भी विचार-विमर्श में भाग लेंगे।
10. ट्रम्प ने 2009 का अहम जलवायु फैसला रद्द किया
अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने वर्ष 2009 में किये गए एक महत्वपूर्ण जलवायु संबंधी फैसले को रद्द करने की घोषणा की है। यही फैसला अब तक अमरीका में जलवायु नियमों की कानूनी बुनियाद माना जाता था। इसी के आधार पर मोटर वाहनों से निकलने वाली ग्रीनहाउस गैसों पर नियम बनाए गए थे और इलेक्ट्रिक वाहनों को बढावा देने की नीतियां लागू की गई थीं। इसी आधार पर वाहनों, बिजली संयंत्रों, तेल और गैस संचालन तथा अन्य क्षेत्रों से होने वाले उत्सर्जन पर सीमाएं तय की गई थीं। व्हाइट हाउस ने कहा कि इस फैसले से नियामक लागत में एक ट्रिलियन डॉलर से अधिक की कटौती होगी और वाहन निर्माताओं का खर्च प्रति वाहन लगभग दो हजार चार सौ डॉलर कम हो जाएगा। इसे अमरीका के इतिहास का सबसे बड़ा विनियमन-मुक्तिकरण बताया गया है। ट्रंप ने कहा कि ओबामा के कार्यकाल की इस नीति ने ऑटो उद्योग को नुकसान पहुंचाया और उपभोक्ता कीमतों में वृद्धि की। साल 2009 में की गई इस ‘ग्रीनहाउस गैस एंडेंजर्मेंट फाइंडिंग’ में कहा गया था कि कार्बन डाइऑक्साइड, मीथेन और चार अन्य ग्रीन हाउस गैसें लोगों के स्वास्थ्य और कल्याण के लिए खतरा हैं।
11. दुबई के डू ने सिंगापुर-भारत-खाड़ी पनडुब्बी केबल परियोजना में भागीदारी की
दुबई के दूरसंचार ऑपरेटर डू ने सिंगापुर-भारत-खाड़ी पनडुब्बी केबल प्रणाली में शामिल होते हुए साइप्रस स्थित डेटावेव नेटवर्क्स के साथ साझेदारी की घोषणा की है, जिसके अंतर्गत संयुक्त अरब अमीरात में अगली पीढ़ी का केबल बिछाया जाएगा। इस कदम का उद्देश्य भारत और खाड़ी क्षेत्र के बीच डिजिटल कनेक्टिविटी को मजबूत करना है। समुद्र के नीचे स्थित यह फाइबर ऑप्टिक नेटवर्क छह प्रमुख स्थानों को जोड़ेगा, जिनके लैंडिंग पॉइंट संयुक्त अरब अमीरात के काल्बा, ओमान के मस्कट, भारत के मुंबई और चेन्नई, मलेशिया के केदाह और सिंगापुर में होंगे। इस परियोजना का उद्देश्य वैश्विक डेटा यातायात के लिए मार्गों की विविधता को बढ़ाना और लाल सागर कॉरिडोर पर निर्भरता को कम करना है। यह परियोजना डेटा और डिजिटल अवसंरचना के वैश्विक केंद्र के रूप में संयुक्त अरब अमीरात की स्थिति को मजबूत करती है।
12. आईएएफ ने हिंद महासागर क्षेत्र में रॉयल थाई वायु सेना – आरटीएएफ के साथ प्रत्यक्ष अभ्यास किया
भारतीय वायु सेना- आईएएफ ने इस माह की 9 से 12 तारीख तक हिंद महासागर क्षेत्र में रॉयल थाई वायु सेना – आरटीएएफ के साथ प्रत्यक्ष अभ्यास किया। इस अभ्यास से दोनों देशों के बीच सैन्य सहयोग मजबूत हुआ और आपसी समझ बढ़ी। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय सहयोग एक हवाई युद्ध प्रशिक्षण अभ्यास के रूप में संपन्न हुआ। इस अभ्यास में भारतीय वायु सेना के एसयू-30 एमकेआई बहु-भूमिका वाले लड़ाकू विमानों और रॉयल थाई एयर फोर्स- आरटीएएफ के एसएएबी ग्रिपेन जेट विमानों ने भाग लिया। यह अभ्यास भारतीय वायु सेना के वायु चेतावनी और नियंत्रण प्रणाली विमानों और आरटीएएफ के ग्राउंड कंट्रोल इंटरसेप्शन यूनिट की उन्नत निगरानी और कमान क्षमताओं के तहत आयोजित किया गया। इस अभ्यास में आईएएफ की सहभागी सेनाओं ने अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के हवाई अड्डों से संचालन किया। वहीं, थाई ग्रिपेन विमानों ने थाईलैंड के हवाई अड्डों से संचालन किया।
13. मिस्र में 2 हजार साल पुराने तमिल-ब्राह्मी शिलालेख मिले
11 फरवरी में राजाओं की घाटी की शाही कब्रों में अंदर 2 हजार साल पुराने तमिल-ब्राह्मी शिलालेखों की पहचान हुई।स्विट्जरलैंड के लॉजेन यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर स्ट्रैच नेपेरिस के फ्रेंच स्कूल ऑफ एशियन स्टडीज के प्रोफेसर चार्लोट श्मिट के साथ छह रॉक-कट कब्रों पर तमिल-ब्राह्मी और प्राकृत में लगभग 30 शिलालेखों को डॉक्युमेंट किया है। स्विस प्रोफेसर इंगो स्ट्रॉच ने 11 फरवरी को तमिल एपिग्राफी पर चार दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन के उद्घाटन में ये लेख प्रस्तुत किए। इस रिसर्च से पता चलता है प्राचीन तमिल व्यापारियों ने पर्यटन के लिए मिस्र के अंदरूनी इलाकों में यात्रा की थी।
14. दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे में पहली महिला टीटीई नियुक्त
13 फरवरी को दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे (DHR) में सरिता योल्मो पहली महिला TTE नियुक्त हुई। DHR ने ट्रेन शुरू होने के 145 साल बाद किसी महिला को अपनी पहली महिला ट्रेन टिकट कलेक्टर नियुक्त किया है। DHR एशिया की सबसे पुरानी ट्रेन है, जो दो फुट के नैरो-गेज सिस्टम पर बनी है। पश्चिम बंगाल में न्यू जलपाईगुड़ी से दार्जिलिंग तक 88 किमी में ये ट्रेन चलती है। इस सफर में ट्रेन 6,870 फीट की ऊंचाई पर चढ़ती है। दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे का हेडक्वाटर गुवाहाटी में है। न्यू जलपाईगुड़ी और दार्जिलिंग की समुद्र तल से एवरेज ऊंचाई 330 फीट और 7,200 फीट है। DHR 1881 में स्थापित की गई थी और दिसंबर 1999 में इसे यूनेस्को विश्व धरोहर में शामिल किया गया था।
15. NASA का क्रू-12 मिशन लॉन्च
नासा नेक्रू-12 मिशन 13 फरवरी को सुबह 5:51 बजे इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (ISS) के लिए लॉन्च कर दिया है। NASA क्रू-12 मिशन पहले 12 फरवरी को लॉन्च किया जाना था, लेकिन खराब मौसम की वजह से इसे टाल दिया गया था। क्रू-12 मिशन को SpaceX Dragon स्पेसक्राफ्ट के जरिए लॉन्च किया गया, जिसे Falcon 9 रॉकेट लेकर गया। सफल लॉन्च होने पर क्रू-12 शनिवार दोपहर लगभग 3:15 बजे तक स्पेस स्टेशन पर पहुंच जाएगा। क्रू-12 में अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री जेसिका मेयर और जैक हैथवे के साथ फ्रांसीसी अंतरिक्ष यात्री सोफी एडेनोट और रूसी अंतरिक्ष यात्री एंड्री फेडयेव शामिल हैं। क्रू-12, क्रू-11 की जगह लेगा। जनवरी में क्रू-11 मेडिकल इमरजेंसी की वजह से वापस लौटा था। ये स्पेस स्टेशन के इतिहास में पहली बार था जब कोई क्रू समय से पहले धरती पर लौटा। ISS एक साइंटिफिक लेबोरेटरी है, जो पृथ्वी से 400 किलोमीटर ऊपर अंतरिक्ष में पृथ्वी की कक्षा में चक्कर लगाता है। मौजूदा ISS को 2030 में डी-ऑर्बिट किया जाएगा और प्रशांत महासागर में दुर्घटनाग्रस्त कर दिया जाएगा।
16. विश्व रेडियो दिवस
रेडियो एक ऐसा संचार माध्यम है जो न चेहरों की पहचान करता है, न भौगोलिक सीमाओं को मानता है।फिर भी हर दिल की धड़कन से जुड़ जाता है। अदृश्य होते हुए भी अत्यंत प्रभावशाली इस माध्यम के सम्मान में प्रतिवर्ष 13 फ़रवरी को पूरी दुनिया विश्व रेडियो दिवस मनाती है। यह दिवस केवल एक तकनीक का उत्सव नहीं, बल्कि संवाद की शक्ति, लोकतांत्रिक चेतना और सांस्कृतिक विविधता की विजय-घोषणा है। यूनेस्को (UNESCO) ने वर्ष 2011 में 13 फ़रवरी को विश्व रेडियो दिवस के रूप में घोषित किया, जिसे 2012 से वैश्विक स्तर पर मनाया जाने लगा। इस तिथि का चयन ऐतिहासिक महत्व रखता है, क्योंकि 13 फ़रवरी 1946 को ही संयुक्त राष्ट्र रेडियो (UN Radio) की स्थापना हुई थी जो, अंतरराष्ट्रीय संवाद, शांति और सूचना प्रसार की दिशा में एक युगांतकारी पहल थी। विश्व रेडियो दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आकाशवाणी और यूनेस्को द्वारा संयुक्त रूप से राष्ट्रीय स्तर के एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम का शुभारंभ राज्य के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया। इस वर्ष विश्व रेडियो दिवस की थीम “रेडियो और आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस” है।
17. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री कन्हू चरण लेंका का निधन
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री कन्हू चरण लेंका का भुवनेश्वर में निधन हो गया। वे 86 वर्ष के थे और कुछ समय से बीमार चल रहे थे। दिवंगत नेता ने पी.वी. नरसिम्हा राव के नेतृत्व वाली सरकार में कृषि और बाद में रेल राज्य मंत्री के रूप में कार्य किया। उन्होंने 1988 से 1994 तक राज्यसभा में ओडिशा का प्रतिनिधित्व किया। वे चौद्वार निर्वाचन क्षेत्र से चार बार ओडिशा विधानसभा के लिए चुने गए। उन्होंनेओडिशा सरकार में मंत्री पद भी संभाले और ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया।
THNKS TO SUPPORT GURUGGKWALA
