8–11 minutes
1. भारत के पहले पानी के नीचे संग्रहालय और कृत्रिम मूंगा चट्टान को महाराष्ट्र के सिंधुर्गुर्ग जिले के वेंगुर्ला में निवेटी रॉक्स के पास आईएनएस गुलदार के आसपास विकसित किया जाएगा
भारत के पहले पानी के नीचे संग्रहालय और कृत्रिम मूंगा चट्टान को महाराष्ट्र के सिंधुर्गुर्ग जिले के वेंगुर्ला में निवेटी रॉक्स के पास सेवामुक्त युद्धपोत आईएनएस गुलदार के आसपास विकसित किया जाएगा। केंद्र सरकार द्वारा समर्थित इस परियोजना का उद्देश्य स्कूबा डाइविंग और भविष्य के पनडुब्बी पर्यटन और समुद्री संरक्षण को बढ़ावा देना है। पर्यटन मंत्रालय ने परियोजना के लिए करीब 47 करोड़ रुपये को मंजूरी दी है। 1,120 टन वजनी इस जहाज को जनवरी 2024 में सेवामुक्त कर दिया गया था। इसे केंद्र सरकार ने आधिकारिक तौर पर महाराष्ट्र पर्यटन विकास निगम को जलमग्न संग्रहालय में बदलने के लिए सौंप दिया है। जहाज की पर्यावरणीय सफाई पूरी हो चुकी है और जल्द ही इसे कोरल रीफ निर्माण शुरू करने के लिए निर्दिष्ट स्थल पर डुबो दिया जाएगा।
2. वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने स्विट्जरलैंड में स्विस फेडरल काउंसिलर गी परमेलिन के साथ मशीनरी, इलेक्ट्रिकल और धातु (एमईएम) उद्योग पर एक उत्पादक व्यापार गोलमेज सम्मेलन की सह-अध्यक्षता की
वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने स्विट्जरलैंड में स्विस फेडरल काउंसिलर गी परमेलिन के साथ मशीनरी, इलेक्ट्रिकल और धातु (एमईएम) उद्योग पर एक उत्पादक व्यापार गोलमेज सम्मेलन की सह-अध्यक्षता की। श्री गोयल ने कहा कि उन्होंने नवाचार को बढ़ावा देने, साझेदारी को सुविधाजनक बनाने और संयुक्त कार्यबल प्रशिक्षण पर चर्चा की। भारत के व्यापार और आर्थिक भागीदारी समझौते (टीईपीए) और यूरोपीय मुक्त व्यापार संघ (ईएफटीए) के संचालन के बाद नए निवेश अवसरों को खोलने पर भी ध्यान केंद्रित किया गया है। श्री गोयल ने औद्योगिक सहयोग को मजबूत करने, नवाचार, विकास और कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए एसोचैम और स्विसमेम के बीच एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर भी किए।
3. होलंबी कलां में 11.4 एकड़ में बनेगा देश का पहला ई-कचरा ईको पार्क
सतत विकास और स्वच्छ शहरी जीवन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, दिल्ली सरकार ने भारत का पहला इलेक्ट्रॉनिक कचरा (ई-वेस्ट) ईको पार्क स्थापित करने की घोषणा की है। यह अत्याधुनिक सुविधा उत्तर दिल्ली के होलम्बी कलां क्षेत्र में बनाई जाएगी और इसे सर्कुलर इकोनॉमी (परिप्रचलन अर्थव्यवस्था) की दिशा में एक राष्ट्रीय मॉडल के रूप में विकसित किया जाएगा। यह भारत भर में प्रस्तावित चार ई-वेस्ट पार्कों में से एक है और इसे डिज़ाइन-बिल्ड-फाइनेंस-ऑपरेट-ट्रांसफर (DBFOT) मॉडल के तहत पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) ढांचे में तैयार किया जाएगा। यह सुविधा प्रत्येक वर्ष 51,000 टन ई-कचरे को संसाधित करने की क्षमता रखेगी, जो ई-वेस्ट प्रबंधन नियम 2022 में सूचीबद्ध 106 श्रेणियों के कचरे को कवर करेगा। इसमें पुराने कंप्यूटर, मोबाइल फोन, घरेलू उपकरणों से लेकर औद्योगिक गैजेट्स तक शामिल होंगे।
4. लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई को उप सेना प्रमुख (रणनीति) नियुक्त किया गया
भारतीय सेना के शीर्ष नेतृत्व में एक महत्वपूर्ण बदलाव के तहत लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई को सेना उपप्रमुख (रणनीति) – Deputy Chief of Army Staff (Strategy) के पद पर नियुक्त किया गया है। यह पदभार उन्हें सेना की संचालन और खुफिया निदेशालयों की निगरानी का उत्तरदायित्व सौंपता है – जो भारतीय सेना की सबसे रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण शाखाओं में से हैं। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, ले. जनरल घई वर्तमान में ‘महानिदेशक सैन्य संचालन’ (DGMO) के पद पर कार्यरत हैं, और वे इस नई नियुक्ति के साथ दोनों पदों की जिम्मेदारी एक साथ निभाएंगे। उन्होंने 25 अक्टूबर 2024 को DGMO का कार्यभार संभाला था।
5. श्रीलंका में मनाया जा रहा है पोसोन पोया पर्व
श्रीलंका में पोसोन पोया पर्व मनाया जा रहा है। लगभग दो हजार वर्ष पूर्व श्रीलंका में बौद्ध धर्म के आगमन के उपलक्ष्य में यह पर्व मनाया जाता है। जून महीने की पूर्णिमा को मनाया जाने वाला यह उत्सव सम्राट अशोक के पुत्र अरहत महिंदा के मिहिंताले में राजा देवनमपियातिसा को पहला उपदेश दिये जाने की स्मृति ताजा करता है। उत्सव के लिए मिहिंताले पहाड़ी और अनुराधापुरा तथा अन्य पवित्र स्थलों पर धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं।
6. फ्रांस और ब्राजील ने महासागरों से जुड़ी जलवायु संबंधी कार्रवाई को बढ़ावा देने के लिए अंतरराष्ट्रीय पहल की
तीसरे संयुक्त राष्ट्र महासागर सम्मेलन के पहले दिन, फ्रांस और ब्राजील ने महासागरों से जुड़ी जलवायु संबंधी कार्रवाई को बढ़ावा देने के लिए अंतरराष्ट्रीय पहल की है। समुद्री सुरक्षा के लिए सामूहिक संकल्प सभी देशों से संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन सम्मेलन से पहले जलवायु संबंधी योजनाओं में महासागरों को विशेष स्थान देने की अपील करता है। सम्मेलन इस वर्ष नवंबर में ब्राजील में होगा। ब्राजील और फ्रांस के साथ आठ देश ऑस्ट्रेलिया, फिजी, केन्या, मैक्सिको, पलाऊ और सेशेल्स – पहले ही इस पहल में शामिल हो चुके हैं। ये देश पेरिस समझौते के अंतर्गत अपनी जलवायु योजनाओं में महासागर को शामिल करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
7. जन मन सर्वेक्षण के पहले दिन ही देश भर से पांच लाख से अधिक लोगों की प्रतिक्रियाएं मिलीं
नरेन्द्र मोदी सरकार के 11 साल पूरे होने के अवसर पर नरेन्द्र मोदी ऐप या नमो ऐप पर शुरू किए गए जन मन सर्वेक्षण के पहले दिन ही देश भर से पांच लाख से अधिक लोगों की प्रतिक्रियाएं प्राप्त हुई हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशवासियों से पिछले 11 वर्षों में भारत की विकास यात्रा के सर्वेक्षण में शामिल होने का आग्रह किया था। यह सर्वेक्षण लोगों को सरकार के साथ अपनी प्रतिक्रिया और राय सीधे साझा करने के लिए मंच प्रदान करता है। यह सर्वेक्षण सुनिश्चित करता है कि लोगों की आवाज़ सुनी जाए और भविष्य की नीतियों को बनाने में विचार किया जाए।
8. कैटरीना कैफ बनीं मालदीव टूरिज्म की ग्लोबल ब्रांड एंबेसडर
मालदीव मार्केटिंग एंड पब्लिक रिलेशंस कॉरपोरेशन (MMPRC/Visit Maldives) ने बॉलीवुड एक्ट्रेस और एंटरप्रेन्योर कैटरीना कैफ को ‘सनी साइड ऑफ लाइफ’ के लिए अपना नया ग्लोबल ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया है। यह पार्टनरशिप Visit Maldives की स्पेशल समर सेल कैंपेन के तहत की गई है। इसके जरिए मालदीव दुनिया भर के पर्यटकों को मालदीव की और खींचना चाहता है. कैटरीना कैफ न केवल बॉलीवुड की एक सफल अभिनेत्री हैं, बल्कि एक अंतरराष्ट्रीय पहचान प्राप्त करने वाली एंटरप्रेन्योर भी हैं। वे फोर्ब्स ‘आइकॉन ऑफ एक्सीलेंस’ सम्मान प्राप्त कर चुकी हैं और फिल्म, फैशन व व्यवसाय जगत में एक प्रभावशाली चेहरा मानी जाती हैं।
9. प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के नौ वर्ष पूरे
जून 2016 में शुरू किया गया प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (PMSMA) भारत सरकार के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की एक प्रमुख पहल है। निःशुल्क, गुणवत्तापूर्ण और सुनिश्चित प्रसवपूर्व देखभाल (ANC) सेवाएँ प्रदान करने के लिए डिज़ाइन किया गया PMSMA महिलाओं को उनकी दूसरी और तीसरी तिमाही पर ध्यान केंद्रित करता है और पूरे देश में हर महीने की 9 तारीख को आयोजित किया जाता है। जून 2025 तक, इस कार्यक्रम के अंतर्गत 6.19 करोड़ से अधिक गर्भवती महिलाओं की जांच की जा चुकी है, जो एक महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्वास्थ्य उपलब्धि है। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान का मुख्य उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित प्रसव और नवजात शिशु की रक्षा सुनिश्चित करना है। यह अभियान हर महीने की 9 तारीख को देशभर में आयोजित होता है और इसका केंद्रबिंदु दूसरी और तीसरी तिमाही की गर्भवती महिलाएं होती हैं। गर्भवती महिलाओं के लिए प्रसवपूर्व देखभाल और उचित पोषण सुविधाएं सुनिश्चित करने के सरकार के संयुक्त प्रयासों की वजह से भारत के मातृ मृत्यु अनुपात (एमएमआर) में काफी सुधार हुआ है, जो 2014-16 में प्रति लाख जीवित जन्मों पर 130 से घटकर 2021-23 में प्रति लाख जीवित जन्मों पर 80 हो गया है, यानि इसमें 50 अंकों की उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है।
10. थॉमस कुक ने भुगतान नेटवर्क के विस्तार के लिए मुथूट फॉरेक्स के साथ साझेदारी की
थॉमस कुक (इंडिया) लिमिटेड ने मुथूट फॉरेक्स (मुथूट ग्रुप का हिस्सा) के साथ साझेदारी की है ताकि उसके ट्रैवल और स्टूडेंट फॉरेक्स कार्ड्स को पूरे भारत में उपलब्ध कराया जा सके। मुथूट की 7,000 से अधिक शाखाओं (जिनमें से 43 विशेष फॉरेक्स शाखाएं हैं) के नेटवर्क के ज़रिए ये सेवाएं अब मेट्रो, मिनी-मेट्रो, टियर 2 से टियर 4 शहरों तक पहुंचेंगी। साझेदारी के तहत दो मुख्य उत्पाद:
1. बॉर्डरलेस ट्रैवल कार्ड (Borderless Travel Card):
अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए डिज़ाइन किया गया।
2. स्टडी बडी कार्ड (Study Buddy Card):
विदेश में पढ़ने जा रहे भारतीय छात्रों के लिए विशेष रूप से तैयार किया गया।
11. निकोलस पूरन ने 29 साल की उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया
वेस्टइंडीज के विस्फोटक बाएं हाथ के बल्लेबाज और पूर्व व्हाइट-बॉल कप्तान निकोलस पूरन ने 10 जून 2025 को महज 29 वर्ष की उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी। पूरन ने अपने सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश में कहा कि यह निर्णय उन्होंने “काफी विचार और आत्ममंथन” के बाद लिया है, लेकिन कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया। पूरन ने हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ T20I श्रृंखला से खुद को अलग कर लिया था। इसके अलावा, उन्होंने आईपीएल 2025 में लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए शानदार प्रदर्शन किया था।
12. विश्व प्रत्यायन दिवस 2025
भारत की गुणवत्ता मानक संस्थाओं की शीर्ष संस्था, भारतीय गुणवत्ता परिषद (QCI) ने विश्व प्रत्यायन दिवस 2025 को नई दिल्ली स्थित इंडिया हैबिटैट सेंटर में एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम के साथ मनाया। इस वर्ष का विषय था – “प्रत्यायन: सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (MSMEs) को सशक्त बनाना”, जिसका उद्देश्य गुणवत्तापरक नवाचार, समावेशी विकास और वैश्विक प्रतिस्पर्धा में भारत की प्रतिबद्धता को दोहराना था। यह दिवस हर वर्ष 9 जून को मनाया जाता है।
JOIN TELEGRAM : https://t.me/guruggkwala