14–18 minutes
1. भारतीय मूल की दक्षिण अफ्रीकी न्यायविद नवनीतम नवी पिल्लै को शांति का नोबल पुरस्कार दिया जाएगा

नोबेल समिति ने 2026 का नोबेल शांति पुरस्कार दक्षिण अफ्रीका की न्यायविद नवान्थेम ‘नवी’ पिल्लै को देने की घोषणा की है। उन्हें अंतरराष्ट्रीय कानून को मजबूत करने और युद्ध अपराधों, मानवता के खिलाफ अपराधों तथा नरसंहार के मामलों में दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के प्रयासों के लिए सम्मानित किया गया है। नवी पिल्लै का जन्म दक्षिण अफ्रीका के डरबन में रंगभेद के दौर में भारतीय तमिल मूल के एक परिवार में हुआ था। उन्होंने वकालत के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई और रंगभेद, नस्लीय भेदभाव, अलगाव तथा सामाजिक बहिष्कार के खिलाफ काम किया। अपने शुरुआती करियर में उन्होंने नेल्सन मंडेला और रंगभेद का विरोध करने वाले अन्य लोगों का बचाव किया। बाद में उन्होंने कई महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय मुकदमों में न्यायाधीश के रूप में सेवाएं दीं। नवी पिल्लै दक्षिण अफ्रीका के उच्च न्यायालय, रवांडा के लिए अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायाधिकरण और अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय में न्यायाधीश रह चुकी हैं। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र के मानवाधिकार उच्चायुक्त के रूप में भी काम किया। हाल तक वह अधिकृत फिलिस्तीनी क्षेत्र पर संयुक्त राष्ट्र के स्वतंत्र अंतरराष्ट्रीय जांच आयोग की अध्यक्ष थीं। वर्तमान में वह अंतरराष्ट्रीय न्यायालय में उस मामले की न्यायाधीश हैं, जिसमें म्यांमार पर नरसंहार का आरोप लगाया गया है।
2. जेवर एयरपोर्ट का नाम होगा ‘नरेंद्र मोदी जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट’

उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने जेवर में निर्माणाधीन नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का नाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर रखने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में एयरपोर्ट का नाम ‘नरेंद्र मोदी जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट’ करने के प्रस्ताव पर मुहर लगाई गई। बैठक में कुल 39 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर प्रदेश कैबिनेट ने उनके योगदान का अभिनंदन करते हुए यह प्रस्ताव पारित किया है। जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को उत्तर प्रदेश के प्रमुख बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में शामिल किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 28 मार्च 2026 को एयरपोर्ट के पहले चरण का उद्घाटन किया था। परियोजना के पहले चरण में करीब 11,000 करोड़ रुपए की लागत से 3,300 एकड़ क्षेत्र में टर्मिनल और रनवे विकसित किए गए हैं। इसकी शुरुआती यात्री क्षमता सालाना लगभग 1.2 करोड़ बताई गई है। परियोजना के सभी चार चरण पूरे होने के बाद इसे एशिया के सबसे बड़े हवाई अड्डों में शामिल करने की योजना है।
3. भदोही को फिर मिलेगी संत रविदास के नाम से पहचान, यूपी कैबिनेट ने दी मंजूरी

भदोही जिले को एक बार फिर संत शिरोमणि गुरु रविदास के नाम से पहचान मिलेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई कैबिनेट बैठक में जिले का नाम ‘संत रविदास नगर भदोही’ करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। समाजवादी पार्टी की सरकार में जिले के नाम से संत रविदास का नाम हटाकर केवल भदोही कर दिया गया था। अब योगी सरकार ने संत रविदास का नाम दोबारा जोड़ने के साथ भदोही की ऐतिहासिक पहचान भी बरकरार रखने का निर्णय लिया है। भदोही के नामकरण का राजनीतिक इतिहास रहा है। वर्ष 1997 में मायावती सरकार ने जिले का नाम संत रविदास नगर किया था। वर्ष 2014 में अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली सपा सरकार ने जिले का नाम बदलकर केवल भदोही कर दिया था। अब योगी सरकार ने संत रविदास का नाम फिर शामिल करने का निर्णय लिया है।
4. ‘पंढरपुर वारी’ डॉक्यूमेंट्री को एशियन एकेडमी क्रिएटिव अवॉर्ड्स 2026 में भारत की राष्ट्रीय विजेता चुना गया

‘पंढरपुर वारी – इन द फुटस्टेप्स ऑफ द सेंट्स’ डॉक्यूमेंट्री को एशियन एकेडमी क्रिएटिव अवॉर्ड्स 2026 में सर्वश्रेष्ठ ब्रांडेड कार्यक्रम श्रेणी में भारत का राष्ट्रीय विजेता चुना गया है। महाराष्ट्र के सूचना और जनसंपर्क विभाग ने वार्नर ब्रदर्स डिस्कवरी के सहयोग से 22 मिनट की इस अंग्रेजी डॉक्यूमेंट्री का निर्माण किया है। इसमें सदियों पुरानी पंढरपुर तीर्थयात्रा की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को दिखाया गया है। डॉक्यूमेंट्री में संत ज्ञानेश्वर और संत तुकाराम के भक्ति, समानता और भाईचारे के संदेशों को भी दर्शाया गया है। इसका प्रसारण डिस्कवरी के अंतरराष्ट्रीय चैनलों पर किया गया है।
5. भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार को इस्राइल के सर्वोच्च नागरिक वीरता सम्मान से नवाज़ा जाएगा

भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार को इस्राइल के सर्वोच्च नागरिक वीरता सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। इस्राइल के राष्ट्रपति इसाक हर्ज़ोग ने घोषणा की है कि कैप्टन मच्छार के स्वस्थ होने के बाद उन्हें नागरिक वीरता के लिए राष्ट्रपति पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। संयुक्त अरब अमीरात के अधिकारियों के अनुसार, विमान के सह-पायलट ने कैप्टन मच्छार पर हमला किया और 170 से अधिक यात्रियों को ले जा रहे विमान का नियंत्रण अपने हाथ में लेने की कोशिश की। घायल होने के बावजूद भारतीय पायलट ने कॉकपिट का दरवाजा खोलने में सफलता हासिल की, जिससे यात्रियों को हमलावर पर काबू पाने में मदद मिली। इस घटना के दौरान सह-पायलट को काबू करने में मदद करने वाले इस्राइल के छह नागरिकों को भी उनके साहसिक कार्य के लिए इस पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।
केरलम में भारतीय डाक विभाग, बहादुरी का परिचय देने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मिथ मच्छार के सम्मान में एक विशेष समारोह आयोजित करेगा और विशेष आवरण जारी करेगा।
6. सर्वोच्च न्यायालय ने सड़क दुर्घटना दावों में पारदर्शिता के लिए चार डिजिटल प्लेटफॉर्म जोड़ने का निर्देश दिया

सर्वोच्च न्यायालय ने केंद्र, राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को निर्देश दिया है कि वे मोटर दुर्घटना दावों से जुड़े चार डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म को चार हफ़्ते के अंदर आपस में जोड़ें, ताकि फ़र्ज़ी इंश्योरेंस क्लेम पर रोक लगाई जा सके और मुआवज़े के निपटारे में तेज़ी लाई जा सके। इन प्लेटफ़ॉर्म में ई-डीएआर, वाहन, सारथी और इंश्योरेंस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो शामिल हैं। इनके जुड़ने से दुर्घटना की रिपोर्ट, गाड़ी और इंश्योरेंस के रिकॉर्ड और पहले के क्लेम का इतिहास आसानी से शेयर किया जा सकेगा। इसमें हिट-एंड-रन के मामले और पीएम-राहत स्कीम भी शामिल होंगी। कोर्ट ने सभी राज्यों को निर्देश दिया कि वे बिना देरी किए ई-डीएआर पोर्टल पर ज़रूरी डेटा अपलोड करें, क्योंकि अभी तक कुछ ही राज्यों ने ऐसा करना शुरू किया है।
7. अमरीकी सरकार ने आठ प्रमुख प्रौद्योगिकी और आउटसोर्सिंग कंपनियों के लिए रोजगार आधारित ग्रीन कार्ड प्रक्रिया पर रोक लगाई

अमरीका में राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप के प्रशासन ने आठ प्रमुख प्रौद्योगिकी और आउटसोर्सिंग कंपनियों के लिए रोजगार आधारित ग्रीन कार्ड प्रक्रिया पर रोक लगाने की घोषणा की है। इनमें भारतीय कंपनियां इन्फोसिस, टीसीएस, विप्रो और एचसीएल के अलावा कॉग्निजेंट, कैपजेमिनी, माइक्रोसॉफ्ट और एडोबी शामिल हैं। अमरीका के श्रम मंत्री कीथ सोंडरलिंग ने कहा कि इन कंपनियों के खिलाफ चल रही संघीय जांच के बाद यह कदम उठाया गया है। पीईआरएम नाम की यह प्रक्रिया उन नियोक्ताओं के लिए महत्वपूर्ण है, जो विदेशी कर्मचारियों के लिए ग्रीन कार्ड हासिल करना चाहते हैं। उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने आरोप लगाया कि ये कंपनियां विदेशी कर्मचारियों को कम वेतन पर नियुक्त कर अमरीकी कर्मचारियों की जगह लेने के लिए इस व्यवस्था का इस्तेमाल कर रही हैं।
8. केंद्रीय मंत्री श्री प्रल्हाद जोशी ने चेन्नई में ‘विंडर्जी इंडिया 2026’ का उद्घाटन किया

केंद्रीय नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा, शिक्षा और उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री श्री प्रल्हाद जोशी ने 8 अक्टूबर, 2026 को चेन्नई में ‘विंडर्जी इंडिया 2026’ के 8वें संस्करण का उद्घाटन किया। यह आयोजन 7 से 9 अक्टूबर, 2026 तक आयोजित हो रहे प्रमुख वैश्विक पवन ऊर्जा सम्मेलन की शुरुआत का प्रतीक है। तमिलनाडु के ऊर्जा संसाधन एवं विधि मंत्री श्री थिरु सी.टी.आर निर्मल कुमार इस उद्घाटन समारोह में उपस्थित थे। ‘विंडर्जी इंडिया 2026’ वैश्विक पवन ऊर्जा इकोसिस्टम को एक साझा मंच पर लाया है, जिसमें 20 से अधिक देशों का प्रतिनिधित्व करने वाले लगभग 400 प्रदर्शक, 500 प्रतिनिधि और डेनमार्क, जर्मनी और स्पेन के समर्पित कंट्री पवेलियन (देश-विशिष्ट मंडप) शामिल हैं।
9. लद्दाख ने भारत की पहली हाई-एल्टीट्यूड स्नो लेपर्ड वाइल्डलाइफ़ सफ़ारी शुरू की

केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में हिम तेंदुओं के साथ हिमालयी भूरे भालू, भेड़ियों और अन्य वन्यजीवों को उनके प्राकृतिक आवास में देखने के इच्छुक पर्यटकों के लिए देश की पहली हाई-एल्टीट्यूड स्नो लेपर्ड वाइल्डलाइफ सफारी शुरू हो गई है। लद्दाख 477 हिम तेंदुओं का घर है। देश में हिम तेंदुओं की संख्या 718 के करीब है। देश, विदेश के पर्यटक लद्दाख में हिम तेंदुओं को उनके प्राकृतिक आवास में देखने के लिए आते हैं। 7 अक्टूबर, 2026 को लेह के चोगलमसर प्रोटेक्टेड फ़ॉरेस्ट में वाइल्डलाइफ़ वीक 2026 के दौरान, उप-राज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने छह सफ़ारी गाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह कार्यक्रम “कनेक्टिंग हैबिटैट्स, थ्राइविंग वाइल्डलाइफ़” (आवासों को जोड़ना, फलते-फूलते वन्यजीव) थीम पर आधारित था। इस योजना की घोषणा 5 अगस्त को की गई थी और दो महीने के भीतर ही इसे लागू कर दिया गया।
10. भारत-केन्या के नौसैनिक संबंधों में नया अध्याय, पहली स्टाफ वार्ता में सहयोग बढ़ाने पर सहमति

भारत और केन्या ने पहली बार नौसेना स्टाफ वार्ता (नेवी स्टाफ टॉक्स) आयोजित की। केन्या के शहर मोम्बासा में हुई इस बैठक में दोनों देशों ने समुद्री सुरक्षा, प्रशिक्षण और पेशेवर आदान-प्रदान के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की। भारतीय नौसेना ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। 5 से 7 अक्टूबर तक चली इस वार्ता की संयुक्त अध्यक्षता भारतीय नौसेना के कमोडोर कार्तिक श्रीमल (विदेश सहयोग) और केन्याई नौसेना के उप कमांडर ब्रिगेडियर संकाले किसवा ने की। दोनों पक्षों ने नौसैनिक संबंधों को मजबूत करने और समुद्री साझेदारी को आगे बढ़ाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इस सप्ताह की शुरुआत में भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने कमोडोर कार्तिक श्रीमल के नेतृत्व में केन्या नौसेना मुख्यालय का दौरा किया और केन्या नौसेना के कमांडर मेजर जनरल पॉल ओटिएनो से शिष्टाचार मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल में नैरोबी स्थित भारतीय उच्चायोग के रक्षा सलाहकार (डिफेंस अटैची) कैप्टन अर्जित पांडेय और अन्य अधिकारी भी शामिल थे। केन्या के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, इस बैठक ने दोनों देशों की नौसेनाओं के बीच साझा हितों वाले क्षेत्रों की समीक्षा करने और सहयोग बढ़ाने के नए अवसर तलाशने का मौका दिया।
11. चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ और सैन्य कार्य विभाग के सचिव लेफ्टिनेंट जनरल एन एस राजा सुब्रमणि ने प्रोजेक्ट सीबर्ड का उद्घाटन किया

चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ और सैन्य कार्य विभाग के सचिव जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने 8 अक्टूबर, 2026 को कारवार नौसेना बेस में प्रोजेक्ट सीबर्ड फेज IIA के अंतर्गत भारतीय नौसेना के वरिष्ठ नौसैनिकों और रक्षा नागरिकों के लिए आवासीय परिसर के साथ-साथ महत्वपूर्ण सहायक उपयोगिता और सुविधा अवसंरचना का उद्घाटन किया। इस अवसर पर वाइस एडमिरल विवेक दहिया, महानिदेशक सीबर्ड, और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। ये अवसंरचना विकास परियोजना सीबर्ड के चल रहे चरण IIA का हिस्सा हैं, जिसका उद्देश्य कारवार में जहाजों और पनडुब्बियों की तैनाती को बढ़ावा देना है। इस परियोजना में दोहरे उपयोग वाले नौसेना वायु स्टेशन, एक पूर्ण विकसित नौसेना डॉकयार्ड और पोतों और विमानों के लिए रसद सुविधाओं का निर्माण शामिल है। प्रोजेक्ट सीबर्ड भारत की सबसे बड़ी नौसैनिक बुनियादी ढांचा (naval infrastructure) परियोजना है, जिसके तहत कर्नाटक के कारवार (पश्चिमी तट) पर एक विशाल और अत्याधुनिक नौसैनिक अड्डे (INS कदंबा) का निर्माण किया जा रहा है।
12. भारतीय नौसेना अपने स्वदेशी पनडुब्बी रोधी युद्धपोत ‘मंगरोल’ को बेड़े में शामिल करेगी

कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड (सीएसएल), कोच्चि द्वारा निर्मित तीसरा पनडुब्बी रोधी युद्धपोत शैलो वॉटर क्राफ्ट (एएसडब्ल्यू-एसडब्ल्यूसी) ‘मंगरोल‘ 12 अक्टूबर 2026 को नौसेना डॉकयार्ड, मुंबई में भारतीय नौसेना में शामिल किया जाएगा। इस समारोह की अध्यक्षता पश्चिमी नौसेना कमान के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ, वाइस एडमिरल संजय वात्स्यायन करेंगे।गुजरात के जूनागढ़ जिले के एक तटीय शहर और प्रमुख मछली पकड़ने के बंदरगाह ‘मंगरोल’ के नाम पर नामांकित यह पोत, पूर्ववर्ती आईएनएस मंगरोल (एम 85) की विरासत को आगे बढ़ाता है, जो एक सुरंगरोधी पोत था और जिसने 07 अप्रैल 2004 तक भारतीय नौसेना में अपनी सेवाएं दी थीं। तटीय और उथले पानी में पानी के भीतर के खतरों का पता लगाने और उनका मुकाबला करने के लिए डिज़ाइन किया गया ‘मंगरोल’ आधुनिक हथियारों और सेंसरों से लैस है, जिनमें ‘अभय’ हल-माउंटेड सोनार, हल्के वजन के टॉरपीडो, एक स्वदेशी पनडुब्बी रोधी रॉकेट लॉन्चर और ‘मारीच’ उन्नत टॉरपीडो डिकॉय सिस्टम शामिल हैं। वाटरजेट प्रोपल्शन (जल-नौदन प्रणाली) वाले तीन डीजल इंजनों से चलने वाला यह पोत उथले पानी में ऑपरेशन के दौरान आसानी से और तेज़ी से मुड़ने की क्षमता रखता है। यह पानी के नीचे निगरानी रखने, कम तीव्रता वाले समुद्री ऑपरेशन और माइन वॉरफेयर (सुरंग युद्ध) से जुड़े काम करने में भी सक्षम है।
13. एशियाई पैरा खेल 2026 के भारतीय ध्वजवाहकों की घोषणा

7 अक्टूबर को एशियाई पैरा खेलों के लिए भारतीय दल के आधिकारिक ध्वजवाहकों का नाम घोषित किया गया। इन खेलों का आयोजन आइची-नागोया, जापान में किया जाएगा। इसमें टोक्यो पैरालंपिक गोल्ड मेडलिस्ट विजेता प्रमोद भगत और भाविना पटेल को ध्वजवाहक चुना गया। प्रमोद भगत पैरा-बैडमिंटन में भारत के टॉप खिलाड़ी और विश्व चैंपियन हैं। भाविना पटेल टोक्यो पैरालंपिक की सिल्वर मेडलिस्ट टेबल टेनिस खिलाड़ी हैं। ये दोनों खिलाड़ी उद्घाटन समारोह में भारतीय एथलीटों के दल की अगुवाई करेंगे। इन खेलों के लिए उद्घाटन समारोह का आयोजन 18 अक्टूबर को किया जाएगा। इन खेलों का आयोजन 18 से 24 अक्टूबर 2026 तक होगा। 8 अक्टूबर 2026 को भारतीय पैरालंपिक समिति द्वारा पैरा खेल में भाग लेने जा रहे भारतीय दल को नई दिल्ली में विदाई दी गई। इस बार भारत एशियाई पैरा खेलों में एथलीटों का अपना अब तक का सबसे बड़ा दल भेज रहा है।
14. पाकिस्तान हॉकी टीम नहीं लेगी एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 में हिस्सा, बांग्लादेश को मिली जगह

पाकिस्तान हॉकी टीम ने आधिकारिक तौर पर पंजाब में होने वाली पुरुषों की एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 से अपना नाम वापस ले लिया है। जालंधर और मोहाली में 27 अक्टूबर से शुरू होने वाले इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान की जगह अब बांग्लादेश खेलेगा।पाकिस्तान के सीमा पार यात्रा न करने के फैसले का मतलब है कि एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता और मेजबान भारत का मुकाबला 27 अक्टूबर को टूर्नामेंट के पहले दिन बांग्लादेश से होगा। एशियाई हॉकी महासंघ ने शुक्रवार को इस प्रतिष्ठित महाद्वीपीय टूर्नामेंट का पूरा मैच शेड्यूल जारी किया। यह टूर्नामेंट 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक पंजाब के दो मशहूर हॉकी स्टेडियमों – जालंधर में ओलंपियन सुरजीत सिंह हॉकी स्टेडियम और मोहाली में ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम – में खेला जाएगा। मौजूदा चैंपियन भारत और बांग्लादेश के अलावा टूर्नामेंट में भाग लेने वाली अन्य चार टीमें मलेशिया, जापान, साउथ कोरिया और चीन हैं।
15. झांसी में 10 अक्टूबर से शुरू होगी हॉकी इंडिया सीनियर पुरुष नेशनल चैंपियनशिप 2026

उत्तर प्रदेश के झांसी में 16वीं हॉकी इंडिया सीनियर पुरुष नेशनल चैंपियनशिप 2026 का आगाज 10 अक्टूबर से होगा। तीन डिवीजन में कुल 29 टीमें इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी। टूर्नामेंट 21 अक्टूबर तक चलेगा और डिवीजन ‘A’ का फाइनल आखिरी दिन खेला जाएगा। 2025 के संस्करण में हॉकी पंजाब ने डिवीजन ‘A’ के फाइनल में हॉकी मध्य प्रदेश को 4-1 से हराकर खिताब जीता था। उत्तर प्रदेश हॉकी ने तीसरे स्थान के मुकाबले में मणिपुर हॉकी को 5-1 से हराकर ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया था।
16. विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस

प्रत्येक वर्ष 10 अक्टूबर को मनाया जाने वाला विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने, सामाजिक कलंक दूर करने और सुलभ उपचार सेवाओं को प्रोत्साहित करने का अवसर है। इसका संदेश स्पष्ट है कि मानसिक स्वास्थ्य को स्वास्थ्य व्यवस्था और सार्वजनिक नीतियों में समान प्राथमिकता मिलनी चाहिए। विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस की शुरुआत वर्ष 1992 में वर्ल्ड फेडरेशन फॉर मेंटल हेल्थ की पहल पर हुई थी। इसका उद्देश्य मानसिक स्वास्थ्य को वैश्विक सार्वजनिक स्वास्थ्य की प्राथमिकताओं में शामिल करना और इस विषय पर जागरूकता बढ़ाना है।
VISIT TO YOUR WHATSAAP CHANNEL :https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F
VISIT TO YOUR YOUTUBE CHANNEL :https://www.youtube.com/@guruggkwala
VISIT TO YOUR TELEGRAM :https://guruggkwala.com/9-september-2026-current-affairs-guruggkwala/
THANKS TO SUPPORT GURUGGKWALA
