14–17 minutes
1. लेफ्टिनेंट जनरल एन एस राजा सुब्रमणि भारत के नए प्रमुख रक्षा अध्यक्ष नियुक्त
सरकार ने लेफ्टिनेंट जनरल एन एस राजा सुब्रमणि को अगला प्रमुख रक्षा अध्यक्ष (सी.डी.एस) नियुक्त किया है। वे जनरल अनिल चौहान का स्थान लेंगे, जिनका कार्यकाल 30 मई को समाप्त हो रहा है। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि पदभार ग्रहण करने की तिथि से वे सैन्य मामलों के विभाग के सचिव के रूप में भी कार्य करेंगे। लेफ्टिनेंट जनरल सुब्रमणि भारतीय सेना के एक अत्यंत अनुभवी और प्रतिष्ठित अधिकारी हैं। वे वर्तमान में सितंबर 2025 से राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय में सैन्य सलाहकार के रूप में कार्यरत हैं। इससे पहले वे सेना के उप प्रमुख और केंद्रीय कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ के रूप में कार्य कर चुके हैं। लेफ्टिनेंट जनरल सुब्रमणि पश्चिमी और उत्तरी मोर्चों पर प्रमुख परिचालन इकाइयों की कमान भी संभाल चुके हैं।
2. वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन नौसेना प्रमुख नियुक्त
सरकार ने वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन को नौसेना प्रमुख नियुक्त किया है। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि वाइस एडमिरल स्वामीनाथन वर्तमान में पश्चिमी नौसेना कमान के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ के पद पर कार्यरत हैं। उन्हें भारतीय नौसेना में लगभग चार दशकों की विशिष्ट सेवा का अनुभव है। वे एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी का स्थान लेंगे, जो 31 मई को सेवानिवृत्त हो रहे हैं।
3. पश्चिम बंगाल: शुभेंदु अधिकारी ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ, राज्य में पहली बार भाजपा सरकार का गठन
पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी विधायक दल के नेता शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इसके साथ ही राज्य में पहली बार भाजपा सरकार का गठन हुआ। राज्यपाल आर.एन. रवि ने कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित भव्य समारोह में श्री अधिकारी को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। राज्यपाल ने मुख्यमंत्री के साथ पांच मंत्रिमंडल मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इनमें दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया, निसीथ प्रमाणिक और क्षुदिराम टुडू शामिल हैं। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने 207 सीट जीतीं, जबकि राज्य में 15 वर्षों तक शासन करने वाली तृणमूल कांग्रेस सिर्फ 80 सीटें हासिल कर सकी।
4. एक्टर विजय तमिलनाडु के 9वें मुख्यमंत्री बने
तमिलगा वेट्री कझगम (TVK) के अध्यक्ष सी. जोसेफ विजय ने रविवार (10 मई, 2026) को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले ली। राज्य की दो प्रमुख द्रविड़ पार्टियों डीएमके और एआईएडीएमके के लगभग छह दशकों से चले आ रहे बारी-बारी के शासन का अंत हो गया है। विजय ने रविवार (10 मई, 2026) को सुबह 10 बजे चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में शपथ ली। उनके साथ नौ अन्य मंत्री भी शपथ ली, जिनमें टीवीके के कुछ वरिष्ठ नेता भी शामिल हैं। विजय एक गठबंधन सरकार का नेतृत्व करेंगे, जिसमें कांग्रेस एक सहयोगी के रूप में शामिल होगी। इससे पहले राज्यपाल ने विजय को यह भी निर्देश दिया था कि वे 13 मई या उससे पहले विधानसभा में विश्वास मत हासिल करें। पिछले कुछ दिनों से बनी हुई बेहद तनावपूर्ण राजनीतिक अनिश्चितता शनिवार (9 मई) शाम को तब समाप्त हो गई, जब वीसीके और आईयूएमएल ने अपना समर्थन दे दिया, जिससे टीवीके की कुल संख्या 120 तक पहुंच गई।
5. हंगरी: मध्य-दक्षिणपंथी नेता पीटर मैग्यार ने नए प्रधानमंत्री के रूप में ली शपथ
मध्य-दक्षिणपंथी नेता पीटर मैग्यार ने हंगरी के नए प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली। उन्होंने 12 अप्रैल को हुए चुनाव में राष्ट्रवादी नेता विक्टर ओर्बन पर निर्णायक जीत हासिल की थी। इस जीत के साथ ही श्री ओर्बन का 16 वर्षों का शासन समाप्त हो गया और मैग्यार की तीज़ा पार्टी को संवैधानिक बहुमत प्राप्त हुआ।
6. प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और अटल पेंशन योजना ने 11 वर्ष पूरे किए
प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और अटल पेंशन योजना ने 11 वर्ष पूरे कर लिए हैं। वित्त मंत्रालय ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा की इन योजनाओं का उद्देश्य सभी को विशेष रूप से समाज के वंचित और कमजोर वर्गों को किफायती वित्तीय सुरक्षा प्रदान करना है। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत 27 करोड़ से अधिक नामांकन, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना में 58 करोड़ और अटल पेंशन योजना में 9 करोड़ नामांकन हो चुके हैं। इन योजनाओं की शुरुआत 9 मई 2015 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने की थी। इनका उद्देश्य गरीबों, मजदूरों, किसानों और मध्यम वर्गीय परिवारों को बेहद कम प्रीमियम पर बीमा सुरक्षा उपलब्ध कराना था।
7. सीबीएसई और एम्स ने की प्रोजेक्ट ‘मेट’ के दूसरे चरण की शुरुआत
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) और अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ने दिल्ली में प्रोजेक्ट मेट के दूसरे चरण की शुरुआत की। यह पहल किशोर विद्यार्थियों के मानसिक, भावनात्मक और सामाजिक स्वास्थ्य को मजबूत बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई है। कार्यक्रम के अंतर्गत स्कूलों में स्वास्थ्य संबंधी मॉड्यूल, सहकर्मी सहायता गतिविधियां और अभिभावक सहभागिता कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। दूसरे चरण में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के 60 से अधिक सीबीएसई स्कूल शामिल हुए हैं।
8. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने एन. रंगासामी को पुडुचेरी का मुख्यमंत्री नियुक्त किया
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने एन. रंगासामी को पुद्दुचेरी का मुख्यमंत्री नियुक्त किया है। उप-राज्यपाल कैलाश नाथन ने रंगासामी को केन्द्रशासित प्रदेश में नए सरकार के गठन के लिए आमंत्रित किया। वे 13 मई को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। वे पांचवी बार पुद्दुचेरी के मुख्यमंत्री होंगे। ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस-के नेतृत्व में एन.डी.ए. ने 9 अप्रैल को हुए चुनाव में बहुमत हासिल किया है। चुनाव परिणाम चार मई को घोषित किए गए थे।
9. नई दिल्ली में संपन्न हुआ हिंद महासागर संवाद
हिंद महासागर संवाद (आईओडी-10) नई दिल्ली में संपन्न हो गया। दो दिन के इस आयोजन का विषय था- परिवर्तनशील विश्व में हिंद महासागर क्षेत्र। विदेश मंत्रालय ने एक वक्तव्य में कहा कि संवाद में इंडियन ओशन रिम एसोसिएशन (आई.ओ.आर.ए.) सदस्य देशों के वरिष्ठ अधिकारियों, नीति निर्माताओं, विद्वानों और विशेषज्ञों ने हिंद महासागर क्षेत्र में महत्वपूर्ण क्षेत्रीय घटनाक्रमों और उभरती चुनौतियों पर विचार-विमर्श करने के लिए भाग लिया। विदेश मंत्रालय ने भारतीय विश्व मामलों की परिषद और हिंद महासागर रिम एसोसिएशन सचिवालय के सहयोग से इस संवाद का आयोजन किया। पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सरबानंदा सोनोवाल, मॉरीशस के क्षेत्रीय एकीकरण और अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मंत्री धनंजय रामफुल और यमन के राज्य मंत्री वलीद मोहम्मद अल कादिमी ने संवाद में विचार व्यक्त किए।
10. राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार 2025 के परिणाम घोषित
सरकार ने राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार 2025 के विजेताओं की घोषणा कर दी है। देशभर से चुनी गई 42 पंचायतों को ये पुरस्कार दिए जाएंगे। पंचायती राज मंत्रालय ने बताया कि पुरस्कार वितरण समारोह 3 जून को नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा। मंत्रालय के अनुसार, कर्नाटक ने सबसे अधिक पुरस्कार प्राप्त किए हैं, जहां छह पंचायतों को चुना गया है। इसके बाद आंध्र प्रदेश और ओडिशा का स्थान रहा, जहां प्रत्येक को पांच-पांच पुरस्कार मिले हैं। ये पुरस्कार दो श्रेणियों, दीन दयाल उपाध्याय पंचायत सतत विकास पुरस्कार और नानाजी देशमुख सर्वोत्तम पंचायत सतत विकास पुरस्कार के अंतर्गत दिए जा रहे हैं। दीन दयाल उपाध्याय पुरस्कार सतत विकास लक्ष्यों से जुड़े विभिन्न विषयों, जैसे गरीबी मुक्त आजीविका, स्वास्थ्य, जल पर्याप्तता, स्वच्छता, महिला-हितैषी शासन और सामाजिक न्याय, में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली ग्राम पंचायतों को मान्यता देता है। इस श्रेणी में 17 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की कुल 34 ग्राम पंचायतों को चुना गया है। वहीं, नानाजी देशमुख सर्वोत्तम पंचायत सतत विकास पुरस्कार जिला, ब्लॉक और ग्राम स्तर पर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली पंचायतों को दिए जाएंगे। इस श्रेणी में आठ पंचायतों का चयन किया गया है, जिनमें तीन जिला पंचायतें, दो ब्लॉक पंचायतें और तीन ग्राम पंचायतें शामिल हैं। मंत्रालय ने बताया कि विजेता पंचायतों को श्रेणी और स्तर के आधार पर 50 लाख रुपये से लेकर 5 करोड़ रुपये तक का वित्तीय प्रोत्साहन प्राप्त होगा। ये पुरस्कार राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान की पंचायत प्रोत्साहन योजना के तहत दिए जा रहे हैं। पंचायती राज मंत्रालय द्वारा प्रतिवर्ष यह पुरस्कार दिए जाते हैं। इनका उद्देश्य पंचायतों को स्थानीय शासन, सेवा वितरण में सुधार करने और सामुदायिक नेतृत्व वाली पहलों के माध्यम से सतत विकास की दिशा में प्रगति करने के लिए प्रोत्साहित करना है।
11. भारत ने एम.आई.आर.वी. प्रणाली से लैस उन्नत अग्नि मिसाइल का किया सफल परीक्षण
भारत ने ओडिसा के डॉक्टर ए.पी.जे. अब्दुल कलाम द्वीप से मल्टीपल इंडिपेंडेंटली टार्गेटेड री-एंट्री व्हीकल (एम.आई.आर.वी.) प्रणाली से लैस उन्नत अग्नि मिसाइल का सफल परीक्षण किया। एम.आई.आर.वी. ऐसी तकनीक है जिससे एक ही मिसाइल कई लक्ष्यों को निशाना बना सकती है। रक्षा मंत्रालय ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि इस मिसाइल का परीक्षण कई पेलोड के साथ किया गया, जिसका निशाना हिंद महासागर के भौगोलिक क्षेत्र में फैले विभिन्न लक्ष्यों पर था। भारत ने इस सफल परीक्षण से एक बार फिर एक ही मिसाइल प्रणाली का उपयोग करके कई महत्वपूर्ण लक्ष्यों को निशाना बनाने की क्षमता का प्रदर्शन किया। इस मिसाइल को डीआरडीओ की प्रयोगशालाओं ने देश भर के उद्योगों के सहयोग से विकसित किया है। इस परीक्षण के दौरान डीआरडीओ के वरिष्ठ वैज्ञानिक और भारतीय सेना के जवान उपस्थित थे।
12. भारतीय तटरक्षक बल ने नवीनतम पोत आईसीजीएस अचल को सेवा में शामिल किया
भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजीएस) ने गोवा शिपयार्ड लिमिटेड में नई पीढ़ी के अदम्या श्रेणी के फास्ट पेट्रोल वेसल श्रृंखला के नवीनतम पोत आईसीजीएस अचल को सेवा में शामिल किया। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि यह पोत राष्ट्रीय समुद्री हितों की रक्षा सुनिश्चित करने के प्रति भारतीय तटरक्षक बल की अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक है। मंत्रालय ने कहा कि यह पोत तटीय और अपतटीय निगरानी, अवरोधन गतिविधि, खोज और बचाव, तस्करी रोधी अभियान और समुद्री प्रदूषण से निपटने के अभियान में सहयोग करेगा। रक्षा मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव और महानिदेशक (अधिग्रहण), ए. अंबरासु ने औपचारिक रूप से पोत को सेवा में शामिल किया। मंत्रालय ने बताया कि गोवा शिपयार्ड लिमिटेड द्वारा स्वदेशी रूप से डिजाइन और निर्मित यह पोत भारत की पोत निर्माण क्षमताओं में उल्लेखनीय उपलब्धि है। 50 प्रतिशत से अधिक स्वदेशी घटकों से सुसज्जित यह जहाज रक्षा निर्माण क्षेत्र में देश की बढ़ती आत्मनिर्भरता को दर्शाता है।
13. विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने ट्रिनिडाड और टोबैगो में नेल्सन द्वीप का दौरा किया
विदेश मंत्री डॉक्टर एस. जयशंकर ने ट्रिनिडाड और टोबैगो में, प्रधानमंत्री कमला प्रसाद बिसेसर के साथ नेल्सन द्वीप का दौरा किया। नेल्सन द्वीप वह स्थान है, जहां भारत से गिरमिटिया श्रमिक पहली बार ट्रिनिदाद और टोबैगो पहुंचे थे। विदेश मंत्री जयशंकर ने नेल्सन द्वीप में क्विक इम्पैक्ट प्रोजेक्ट का भी जायजा लिया। विदेश मंत्री ने सोशल मीडियो पोस्ट में कहा कि भारत के सहयोग से निर्मित की जा रही यह परियोजना दोनों देशों की साझा विरासत को संरक्षित करेगी।
14. डीआरडीओ ने स्क्रैमजेट कम्बस्टर का सफल परीक्षण किया
रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (डीआरडीओ) ने हैदराबाद में स्क्रैमजेट कम्बस्टर का सफल परीक्षण किया है। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि परीक्षण में 1,200 सेकंड से अधिक का रन-टाइम प्राप्त हुआ। यह रन-टाइम इस वर्ष जनवरी में किए गए 700 सेकंड के परीक्षण से अधिक है। इस सफल परीक्षण से भारत उन्नत एयरोस्पेस क्षमता और लगातार उभरती युद्ध प्रौद्योगिकियों में अग्रणी स्थान पर आ गया है। इस परीक्षण से भारत के हाइपरसोनिक क्रूज मिसाइल विकास कार्यक्रम को मजबूती मिलेगी। मंत्रालय ने कहा कि कम्बस्टर को डीआरडीओ की रक्षा अनुसंधान और विकास प्रयोगशाला ने उद्योग भागीदारों के सहयोग से विकसित किया है। मंत्रालय ने कहा कि कम्बस्टर में स्वदेशी रूप से विकसित तरल हाइड्रोकार्बन ईंधन, उन्नत थर्मल बैरियर कोटिंग और आधुनिक विनिर्माण तकनीकों का उपयोग किया गया है।
15. हंतावायरस से प्रभावित क्रूज जहाज से यात्रियों को निकालने के लिए स्पेन पहुंचे डब्ल्यूएचओ प्रमुख
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के प्रमुख टेड्रोस अदनोम घेब्रेयसस हंतावायरस से प्रभावित ‘एमवी होंडियस’ क्रूज जहाज से140 से अधिक यात्रियों और चालक दल को सुरक्षित निकालने के लिए स्पेन के टेनेरिफ़ पहुंच गए हैं। श्री टेड्रोस ने पुष्टि की है कि वे हंतावायरस से प्रभावित क्रूज यात्रियों और चालक दल के सदस्यों की सुरक्षित वापसी के लिए स्पेन के अधिकारियों के साथ द्वीप की यात्रा करेंगे। डच ध्वज वाला क्रूज जहाज, एमवी होंडियस के टेनेरिफ पहुंचने की उम्मीद है। श्री टेड्रोस ने कहा कि जहाज पर सवार किसी भी व्यक्ति में फिलहाल वायरस के लक्षण नहीं दिख रहे हैं। हालांकि, यात्रियों को आइसोलेशन में रखा जाएगा। हंता वायरस का नाम दक्षिण कोरिया की एक नदी के नाम पर रखा गया है. यह किसी एक बीमारी को नहीं, बल्कि वायरसों के एक पूरे परिवार को दर्शाते हैं. विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्लूएचओ) के मुताबिक़, इन वायरसों की 20 से ज़्यादा अलग-अलग प्रजातियाँ हैं. इनमें से लगभग सभी का संबंध रोडेंट्स- यानी कुतरने वाले जानवर से होने वाले संक्रमण से है, जो आमतौर पर चूहों और गिलहरियों के सूखे मल-मूत्र से होता है. इसका एक किस्म ‘एंडीज़ वायरस‘ के नाम से जाना जाता है और माना जाता है कि यह इंसानों से इंसानों में फैलता है, हालाँकि ऐसा बहुत कम होता है.
16. मध्य प्रदेश: ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 2026 के अंतर्गत कृषि कार्य समूह अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन शुरु
ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 2026 के अंतर्गत कृषि कार्य समूह का पांच दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन मध्य प्रदेश के इंदौर में शुरू हो रहा है। ब्राजील, रूस, चीन, दक्षिण अफ्रीका, सऊदी अरब, ईरान, इंडोनेशिया और मलेशिया सहित 21 देशों के कृषि मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी, वैज्ञानिक और नीति निर्माता इस सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के अनुसार, इन देशों में विश्व के करीब 68 प्रतिशत किसान रहते हैं। यह सम्मेलन दो चरण में आयोजित होगा। पहला चरण मई 9 से शुरू होकर 11 जून तक चलेगा। इस दौरान वरिष्ठ अधिकारी खाद्य सुरक्षा, स्मार्ट खेती, जलवायु परिवर्तन और किसान कल्याण जैसे प्रमुख विषयों पर चर्चा करेंगे।
17. महाराणा प्रताप: स्वाभिमान, वीरता और मातृभूमि के लिए समर्पित एक अमर योद्धा
राजस्थान की वीर भूमि ने भारत को अनेक ऐसे योद्धा दिए, जिन्होंने अपने साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति से इतिहास में अमिट छाप छोड़ी। इन्हीं महान योद्धाओं में सबसे प्रमुख नाम महाराणा प्रताप का है। महाराणा प्रताप का जन्म 9 मई 1540 को कुंभलगढ़ किला में हुआ था। उनके पिता महाराणा उदय सिंह द्वितीय और माता जयवंता बाई थीं। बचपन से ही प्रताप साहसी, स्वाभिमानी और युद्धकला में निपुण थे। साल 1572 में महाराणा उदय सिंह के निधन के बाद महाराणा प्रताप मेवाड़ के शासक बने। उस समय अधिकांश राजपूत राजा मुगल सम्राट अकबर का प्रभुत्व स्वीकार कर चुके थे, लेकिन महाराणा प्रताप ने ऐसा करने से साफ इनकार कर दिया। 18 जून 1576 को हल्दीघाटी का युद्ध हुआ, जिसमें महाराणा प्रताप और मुगल सेना आमने-सामने थीं। मुगल सेना की कमान मान सिंह के हाथों में थी। संसाधनों और संख्या में कमजोर होने के बावजूद महाराणा प्रताप और उनके सैनिकों ने अद्भुत साहस का परिचय दिया। युद्ध के दौरान उनके प्रिय घोड़े चेतक ने घायल होने के बावजूद उन्हें सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया। हल्दीघाटी का युद्ध भले ही निर्णायक जीत में नहीं बदला, लेकिन इसने महाराणा प्रताप की वीरता और स्वतंत्रता के प्रति उनके संकल्प को अमर बना दिया। 19 जनवरी 1597 को महाराणा प्रताप का निधन हो गया। कहा जाता है कि शिकार के दौरान लगी चोटों के कारण उनकी मृत्यु हुई।
VISIT TO YOUR WHATSAAP CHANNEL :https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F
VISIT TO YOUR YOUTUBE CHANNEL :https://youtube.com/@guruggkwala?si=TZD9ZVm9QJLjB9ed
VISIT TO YOUR TELEGRAM :https://t.me/guruggkwala1
THANKS TO SUPPORT GURUGGKWALA
