1 October 2025 Current Affairs -GurugGkwala

13–17 minutes


1. भारत को अंतरराष्ट्रीय नागरिक उड्डयन संगठन की काउंसिल में दोबारा चुना गया

भारत को अंतरराष्ट्रीय नागरिक उड्डयन संगठन (ICAO) की काउंसिल के पार्ट-II में दोबारा चुना गया है। यह चुनाव 27 सितंबर 2025 को मॉन्ट्रियल में आयोजित 42वें आईसीएओ असेंबली सत्र के दौरान हुआ। गौरतलब है कि पार्ट-II में वे देश शामिल होते हैं जो अंतरराष्ट्रीय वायु नेविगेशन की सुविधाएं प्रदान करने में अहम योगदान देते हैं। इस बार भारत को साल 2022 की तुलना में अधिक वोट मिले, जो सदस्य देशों के बीच उसकी नेतृत्व क्षमता और वैश्विक विमानन क्षेत्र में योगदान पर बढ़ते विश्वास को दर्शाता है। भारत आईसीएओ का संस्थापक सदस्य है और 1944 से लगातार 81 वर्षों से काउंसिल में अपनी उपस्थिति बनाए हुए है। भारत आईसीएओ के सुरक्षित, टिकाऊ, लैंगिक-समावेशी और संतुलित अंतरराष्ट्रीय नागरिक उड्डयन के मिशन को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। आईसीएओ असेंबली हर तीन साल में होती है और इसमें शिकागो कन्वेंशन के 193 हस्ताक्षरकर्ता देश शामिल होते हैं। इन 193 सदस्य देशों द्वारा चुनी गई 36-सदस्यीय काउंसिल तीन साल की अवधि के लिए आईसीएओ की गवर्निंग बॉडी के रूप में काम करती है।

2. भारत पहली बार चेन्नई में विश्व सीफूड कांग्रेस 2026 की करेगा मेज़बानी

भारत प्रतिष्ठित विश्व सीफूड कांग्रेस (WSC) 2026 की मेज़बानी 9-11 फरवरी, 2026 को चेन्नई में करेगा, जो देश में पहली बार यह द्विवार्षिक आयोजन होगा। विश्व सीफ़ूड कांग्रेस 2023, पुर्तगाल के पेनिचे में हुई। यह कांग्रेस, समुद्री खाद्य व्यापार, सुरक्षा, नवाचार और स्थिरता पर चर्चा का एक प्रमुख मंच है, जिसका आयोजन इससे पहले कनाडा, नीदरलैंड, ऑस्ट्रेलिया, आयरलैंड, मोरक्को, संयुक्त राज्य अमेरिका, यूनाइटेड किंगडम, आइसलैंड, मलेशिया और पुर्तगाल जैसे देशों में किया जा चुका है। आगामी संस्करण का आयोजन भारत सरकार के मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय के अंतर्गत मत्स्य पालन विभाग और संयुक्त राष्ट्र द्वारा मान्यता प्राप्त गैर-सरकारी संगठन, इंटरनेशनल एसोसिएशन ऑफ फिश इंस्पेक्टर्स (IAFI) द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है। इस कार्यक्रम की मेज़बानी पीडीए वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा की जाएगी, जबकि राष्ट्रीय मत्स्य विकास बोर्ड (NFDB), हैदराबाद संयुक्त आयोजक के रूप में कार्य करेगा। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर), नई दिल्ली, इस कांग्रेस का तकनीकी साझेदार है। खाद्य एवं कृषि संगठन (एफएओ), संयुक्त राष्ट्र औद्योगिक विकास संगठन (यूएनआईडीओ) और वर्ल्डफिश ने भी अंतर्राष्ट्रीय सहयोग प्रदान किया है।

3. लेफ्टिनेंट जनरल वीरेंद्र वत्स ने एनसीसी के महानिदेशक का पदभार ग्रहण किया

लेफ्टिनेंट जनरल वीरेंद्र वत्स ने राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के महानिदेशक का पदभार ग्रहण किया। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि लेफ्टिनेंट जनरल वत्स दिसंबर 1988 में भारतीय सेना की 19 कुमाऊँ रेजिमेंट में शामिल हुए थे और उन्होंने वेलिंगटन स्थित रक्षा सेवा स्टाफ कॉलेज में कमांडेंट के रूप में कार्य किया। वह लेफ्टिनेंट जनरल गुरबीरपाल सिंह का स्थान लेंगे।

4. प्रवीर रंजन बने CISF के नए महानिदेशक

केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) को नया प्रमुख मिल गया है। 1993 बैच के AGMUT कैडर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी प्रवीर रंजन ने मंगलवार को CISF के 32वें महानिदेशक (DG) का पदभार संभाला। CISF मुख्यालय में आयोजित समारोह में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया और उन्होंने बल के वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत भी की।

5. भारत का पहला ‘मैरिटाइम सिमुलेशन सेंटर’ चेन्नई में शुरू

केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री, श्री सर्बानंद सोनोवाल ने चेन्नई के निकट थेनपट्टिनम स्थित मेर्स्क के उत्कृष्टता केंद्र, एएमईटी नॉलेज पार्क में भारत के अपनी तरह के पहले समुद्री सिमुलेशन केंद्र का उद्घाटन किया। उद्घाटन समारोह में शिपिंग महानिदेशक, श्री श्याम जगन्नाथन, आईएएस, श्री पीटर विन्थर-श्मिट, व्यापार एवं नवाचार प्रमुख, डेनमार्क महावाणिज्य दूतावास, बैंगलोर, ए.पी. मोलर-मेर्स्क के वरिष्ठ प्रतिनिधि और सैकड़ों नवोदित नाविक भी उपस्थित थे। यह अत्याधुनिक सुविधा एक मानद विश्वविद्यालय, समुद्री शिक्षा एवं प्रशिक्षण अकादमी (एएमईटी) और ए.पी. मोलर-मेर्स्क के बीच एक रणनीतिक साझेदारी के माध्यम से स्थापित की गई है। इस सुविधा की स्थापना 13.5 करोड़ रुपये के निवेश से की गई है, जिसमें ए.पी. मोलर फाउंडेशन का सहयोग भी शामिल है, जिसने इस परियोजना में लगभग 6.5 करोड़ रुपये (750,000 अमेरिकी डॉलर) का योगदान दिया है, जिससे एएमईटी और मेर्सक के बीच 25 से अधिक वर्षों के सहयोग को और मजबूती मिली है। मैरीटाइम सिमुलेशन सेंटर में अत्याधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया गया है, जिसमें डेक और इंजन संचालन के लिए पूर्ण मिशन सिमुलेटर, इलेक्ट्रॉनिक चार्ट डिस्प्ले और सूचना प्रणाली (ईसीडीआईएस), और उन्नत संवर्धित वास्तविकता/आभासी वास्तविकता (एआर/वीआर) प्रयोगशालाएँ शामिल हैं।

6. दिल्ली के अस्पताल में देश का पहला केंद्रीय ऊतक बैंक स्थापित किया गया

दिल्ली सरकार में स्वास्थ्य मंत्री पंकज सिंह ने मंगलवार को कैशलेस दिल्ली डेंटल काउंसिल कार्यालय और भारत के पहले ‘केंद्रीय ऊतक बैंक’ का उद्घाटन किया। मौलाना आजाद दंत चिकित्सा विज्ञान संस्थान (एमएआईडीएस) में शुरू किये गए दोनों केंद्रों ने देश में स्वास्थ्य सेवा और दंत चिकित्सा शिक्षा में नये मानक स्थापित किए हैं। दिल्ली डेंटल काउंसिल (डीडीसी), जो राष्ट्रीय राजधानी में दंत चिकित्सकों के पंजीकरण और नैतिकता की देखरेख करती है, कैशलेस ‘‘वी-ऑफिस’’ प्रणाली शुरू करने वाली भारत की पहली राज्य डेंटल काउंसिल बन गई है। यह बैंक मरीजों को प्रतिरोपण के लिए ऊतक उपलब्ध कराएगा, जिससे बाजार से ऐसी सामग्री खरीदने की आवश्यकता समाप्त हो जाएगी। यह ऊतक बैंक पुनर्निर्माण सर्जरी के लिए हड्डी और त्वचा के प्रत्यारोपण प्रदान करेगा, जिससे ये मरीजों के लिए अधिक किफायती और सुलभ हो जाएँगे। वी-ऑफिस दंत चिकित्सकों के पंजीकरण और नवीनीकरण के लिए एक पूरी तरह से डिजिटल, कैशलेस प्रणाली पेश करता है, जिससे यह भारत में ऐसी सेवा प्रदान करने वाला पहला राज्य दंत परिषद बन जाता है।

7. भारत में जन्मी पहली मादा चीता मुखी हुई वयस्क

भारत में जन्मी मादा चीता मुखी वयस्कता तक पहुँचने वाली भारत में जन्मी पहली शावक बन गई। 30 सितंबर, 2025 को मुखी 915 दिन की हो गई, जो इस कार्यक्रम के जन्म से वयस्कता तक के पहले सफल संक्रमण का प्रतीक है। मध्य प्रदेश के कुनो राष्ट्रीय उद्यान में नामीबियाई चीता ज्वाला के गर्भ से जन्मे मुखी के जीवित बचे रहने को शावकों की उच्च मृत्यु दर और आवास अनुकूलन की चुनौतियों को लेकर चिंताओं के बीच एक महत्त्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। मुखी, ज्वाला के 29 मार्च, 2023 को जन्मे चार शावकों में से एक थी। दुर्भाग्य से, उसके तीन भाई-बहनों की अत्यधिक गर्मी के कारण मृत्यु हो गई, जो भारत के वन्यजीव संरक्षण प्रयासों के लिए एक आवर्ती खतरा है। हालाँकि, मुखी न केवल जीवित रही, बल्कि फली-फूली – स्थानीय परिस्थितियों के अनुकूल ढलते हुए और वयस्कता तक पहुँचते हुए। प्रोजेक्ट चीता 17 सितंबर, 2022 को शुरू किया गया था, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नामीबिया से आठ चीतों को कुनो राष्ट्रीय उद्यान में छोड़ा था। यह एक बड़े मांसाहारी जानवर का दुनिया का पहला अंतरमहाद्वीपीय स्थानांतरण था, जिसका उद्देश्य देश में चीतों के विलुप्त होने के 70 साल से भी ज़्यादा समय बाद उन्हें भारत में फिर से लाना था। फरवरी, 2023 में, दक्षिण अफ्रीका से 12 और चीते आए, जिससे आयातित चीतों की कुल संख्या 20 हो गई।

8. राइट्स लिमिटेड और एतिहाद रेल में सहयोग समझौता

भारत की अग्रणी परिवहन अवसंरचना परामर्शदात्री एवं इंजीनियरिंग फर्म, राइट्स लिमिटेड ने संयुक्त अरब अमीरात और अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में गतिशीलता क्षेत्र में व्यावसायिक सहयोग को मज़बूत करने के लिए एतिहाद रेल के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते को अबू धाबी में 30 सितंबर से 2 अक्टूबर, 2025 तक चलने वाले वैश्विक रेल परिवहन अवसंरचना प्रदर्शनी एवं सम्मेलन में औपचारिक रूप दिया गया। इस साझेदारी के तहत, राइट्स, एतिहाद रेल की सहायक कंपनी, नेशनल इंफ्रास्ट्रक्चर कंस्ट्रक्शन कंपनी (एनआईसीसी) एलएलसी के साथ मिलकर इस क्षेत्र और उसके बाहर व्यावसायिक अवसरों का पता लगाएगी।

9. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राष्ट्रपति अंगरक्षक को हीरक जयंती रजत बिगुल और ध्‍वज प्रदान किया

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक समारोह में राष्ट्रपति अंगरक्षक (पीबीजी) को हीरक जयंती रजत बिगुल और ध्‍वज प्रदान किया। यह सम्मान 1950 में पीबीजी के रूप में नामित होने के बाद से 75 वर्षों की गौरवशाली सेवा के सम्मान में दिया गया। उन्होंने पीबीजी को उनकी पेशेवर उत्कृष्टता और उत्कृष्ट सैन्य परंपराओं के लिए बधाई दी। इस अवसर पर 2022 में सेवानिवृत्त कमांडेंट चार्जर अश्व ‘विराट’ भी उपस्थित था। राष्ट्रपति अंगरक्षक दल ने सेवानिवृत्ति के बाद विराट को गोद ले रखा है, जो अंगरक्षक दल और उनके घोड़ों के बीच स्नेह बंधन का अनूठा प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने 26 जनवरी 2022 को गणतंत्र दिवस परेड में इस घोड़े की पीठ थपथपाई थी।

10. भारत की जीडीपी वृद्धि दर 2025 और 2026 में 6.5 प्रतिशत रहने का अनुमान : एडीबी

एशियन डेवलपमेंट बैंक (ए़डीबी) ने मंगलवार अनुमान जारी कर कहा कि 2025 (वित्त वर्ष 26) और 2026 (वित्त वर्ष 27) में भारत की वृद्धि दर 6.5 प्रतिशत पर रह सकती है। इस वर्ष और अगले वर्ष के लिए एडीबी की ओर से एशिया और प्रशांत क्षेत्र की विकासशील अर्थव्यवस्थाओं के लिए विकास दर को 0.1 प्रतिशत से लेकर 0.2 प्रतिशत से कम कर दिया गया है। इसकी वजह टैरिफ के कारण वैश्विक अर्थव्यवस्था में उतार-चढ़ाव आना है।

11. HQ Integrated Defence Staff ने मनाया अपना 25वां स्थापना दिवस

1 अक्टूबर को मुख्यालय इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ़ (HQ IDS) ने अपना स्थापना दिवस मनाया। इसके साथ ही संस्था ने अपनी सेवा के 25वें वर्ष में प्रवेश किया। 1 अक्टूबर 2001 को स्थापित HQ IDS को सशस्त्र बलों में संयुक्तता और एकीकरण को बढ़ावा देने के लिए एक स्थायी संस्था के रूप में कल्पित किया गया था। आज यह थल, जल और वायु सेनाओं के बीच तालमेल का प्रमुख केंद्र बन चुका है और साइबर व अंतरिक्ष जैसे नए क्षेत्रों में भी अग्रणी भूमिका निभा रहा है। पिछले वर्षों में HQ IDS ने नई संयुक्त सैन्य संरचनाओं के निर्माण में सहयोग दिया है और थिएटर-स्तरीय तंत्र विकसित करने की दिशा में अहम योगदान दिया है। मानवीय सहायता और आपदा राहत (HADR) को प्राथमिकता देते हुए HQ IDS ने राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन में सहयोग किया। 2025 में शुरू किए गए ‘Combined Operational Review and Evaluation (CORE) program’ ने प्रशिक्षण और शिक्षा को और प्रभावी बनाया।

12. RBI ने रेपो रेट में कोई कटौती नहीं की, FY26 GDP ग्रोथ अनुमान बढ़ाकर 6.8% किया

आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा की ओर से बुधवार को मौद्रिक नीति कमेटी (MPC) बैठक के फैसलों का ऐलान किया। केंद्रीय बैंक ने रेपो रेटो को 5.50 प्रतिशत पर स्थिर रखा है। साथ ही, मौद्रिक नीति के रुख को ‘न्यूट्रल’ रखा है। रेपो रेट के अलावा, केंद्रीय बैंक ने स्टैंडिग डिपॉजिट फैसिलिटी (SDF) 5.25 प्रतिशत पर बरकरार रखा है, जबकि मार्जिनल स्टैंडिंग फैसिलिटी (MSF) को 5.75 प्रतिशत पर स्थिर रखा है। इससे पहले अगस्त की एमपीसी बैठक में भी आरबीआई ने रेपो रेट में कोई बदलाव नहीं किया था। 2025 की शुरुआत से अब तक केंद्रीय बैंक रेपो रेट को एक प्रतिशत कम कर चुका है, जिसमें फरवरी में 0.25 प्रतिशत, अप्रैल में 0.25 प्रतिशत और जून में 0.50 प्रतिशत की कटौती शामिल है।

13. कांगो गणराज्य के पूर्व राष्ट्रपति जोसेफ कबीला को मृत्युदंड

कांगो गणराज्य के पूर्व राष्ट्रपति जोसेफ कबीला को युद्ध अपराध और राजद्रोह के आरोप में उनकी अनुपस्थिति में मृत्युदंड की सजा सुनाई गई। उन पर विद्रोही समूह एम-23 का समर्थन करने का आरोप है जिसने देश के पूर्वी हिस्‍से में तबाही मचाई थी। पूर्व राष्ट्रपति ने आरोपों से इनकार करते हुए मामले को मनमाना बताया और कहा कि अदालतों का इस्तेमाल उत्पीड़न के लिए किया जा रहा है। उनका वर्तमान ठिकाना अज्ञात है।

14. योगेश खातुनिया ने नई दिल्ली में आयोजित विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में पुरुषों की डिस्कस थ्रो एफ-56 स्‍पर्धा में रजत पदक जीता

योगेश खातुनिया ने नई दिल्ली में आयोजित विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में पुरुषों की डिस्कस थ्रो एफ-56 स्‍पर्धा में रजत पदक जीता। दो बार के पैरालंपिक रजत पदक और अर्जुन पुरस्कार विजेता योगेश ने फ़ाइनल में अपने दूसरे प्रयास में 42 दशमलव चार-नौ मीटर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। ब्राज़ील के क्लॉडनी बतिस्ता ने 45 दशमलव छह-सात मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता। वहीं, ग्रीस के कॉन्स्टेंटिनोस त्ज़ोनिस ने कांस्य पदक हासिल किया।

15. विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 : कोलंबिया की 16 वर्षीय एंजी निकोल मेजिया ने बनाया विश्व रिकॉर्ड

जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम, नई दिल्ली में चल रही विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में कोलंबिया की 16 वर्षीय एंजी निकोल मेजिया मोरालेस ने अपने पहले ही मैच में सभी को चौंका दिया। उन्होंने महिलाओं की टी38 100 मीटर स्पर्धा में 12.34 सेकंड का समय निकालकर नया चैंपियनशिप रिकॉर्ड बनाया और स्वर्ण पदक अपने नाम किया। एंजी की यह पहली विश्व चैंपियनशिप रेस थी, लेकिन उनकी दौड़ देखने के बाद ऐसा लग रहा था जैसे वह वर्षों से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा कर रही हों। उनके प्रदर्शन को देखकर न केवल दर्शक बल्कि प्रतियोगी भी हैरान रह गए।

16. विश्व स्तर पर अंतर्राष्ट्रीय अनुवाद दिवस

30 सितंबर को अंतर्राष्ट्रीय अनुवाद दिवस मनाया गया। यह दिन भाषा विशेषज्ञों के कार्यों को मान्यता देने का एक अवसर है। यह राष्ट्रों को एक साथ लाने, संवाद, समझ और सहयोग को आसान बनाने, विकास में योगदान देने और विश्व शांति तथा सुरक्षा को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वर्ष 2017 में, संयुक्त राष्ट्र महासभा ने राष्ट्रों को जोड़ने और शांति, समझ और विकास को प्रोत्साहन देने में भाषा विशेषज्ञों की भूमिका पर एक प्रस्ताव पारित किया। इसके अंतर्गत 30 सितंबर को अंतर्राष्ट्रीय अनुवाद दिवस के रूप में घोषित किया गया।

17. वरिष्ठ भाजपा नेता विजय कुमार मल्होत्रा ​​का निधन

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता विजय कुमार मल्होत्रा का मंगलवार सुबह दिल्ली के एम्स अस्पताल में 93 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। दिसंबर 1931 में लाहौर में जन्मे विजय कुमार मल्होत्रा दिल्ली से पांच बार सांसद और दो बार विधायक रह चुके थे। वे 1972 से 1975 तक दिल्ली जनसंघ के अध्यक्ष रहे और इसके बाद दो बार भाजपा दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष (1977-80 और 1980-84) के पद पर भी रहे।

JOIN TELEGRAM : https://t.me/guruggkwala

THNKS TO SUPPORT GURUGGKWALA

Leave a Comment

Shopping Cart
Scroll to Top