1 May 2026 Current Affairs -GurugGkwala

14–17 minutes


1. गृह मंत्री अमित शाह 2 मई को मोबाइल आधारित आपदा संचार प्रणाली का करेंगे शुभारंभ

गृह मंत्री अमित शाह 2 मई को संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की उपस्थिति में मोबाइल आधारित आपदा संचार प्रणाली का शुभारंभ करेंगे। यह प्रणाली दूरसंचार विभाग द्वारा राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) के सहयोग से विकसित की गई है ताकि नागरिकों को समय पर महत्वपूर्ण जानकारी पहुंचाई जा सके। एनडीएमए ने टेलीमैटिक्स विकास केंद्र द्वारा विकसित एकीकृत अलर्ट सिस्टम को सफलतापूर्वक चालू कर दिया है। यह प्रणाली अंतर्राष्ट्रीय दूरसंचार संघ द्वारा अनुशंसित कॉमन अलर्टिंग प्रोटोकॉल पर आधारित है। इस प्रणाली का उपयोग आपदा प्रबंधन अधिकारियों द्वारा बड़े पैमाने पर किया गया है, जिससे प्राकृतिक आपदाओं, मौसम संबंधी चेतावनियों और चक्रवाती घटनाओं के दौरान 19 से अधिक भारतीय भाषाओं में अब तक 134 बिलियन से अधिक एसएमएस अलर्ट प्रसारित किए जा सके हैं।

2. भारत-इटली रक्षा संबंधों को नई दिशा, सैन्य सहयोग योजना पर सहमति

भारत और इटली के बीच गुरुवार को नई दिल्ली में रक्षा मंत्रियों की द्विपक्षीय वार्ता हुई, जिसमें रक्षा सहयोग को और मजबूत बनाने पर जोर दिया गया। इस बैठक में भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ तीनों सेनाओं के प्रमुख और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इटली के रक्षा मंत्री गुइडो क्रोसेटो के साथ यह वार्ता नई दिल्ली स्थित मानेकशॉ केंद्र में आयोजित की गई। दोनों देशों ने शांति, स्थिरता और आपसी सम्मान जैसे साझा मूल्यों के आधार पर अपनी रणनीतिक साझेदारी को और सुदृढ़ करने की प्रतिबद्धता जताई। दोनों देशों के बीच वर्ष 2026-27 के लिए द्विपक्षीय सैन्य सहयोग योजना का आदान-प्रदान किया गया। इस योजना के तहत संयुक्त सैन्य अभ्यास, प्रशिक्षण और अन्य गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे दोनों सेनाओं के बीच तालमेल और दक्षता में वृद्धि होगी। यह बैठक 2023 में रोम में हुई उच्चस्तरीय वार्ता के बाद दोनों देशों के बीच बढ़ती नजदीकियों का अगला कदम है। रक्षा विशेषज्ञों के अनुसार, भारत और इटली आधुनिक रक्षा तकनीक, संयुक्त उत्पादन और अनुसंधान के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।

3. भारतीय तटरक्षक बल और फिनकैंटिएरी के बीच सहयोग पर चर्चा, उन्नत समुद्री तकनीक पर फोकस

भारतीय तटरक्षक बल ने 30 अप्रैल 2026 को नई दिल्ली स्थित मुख्यालय में इटली की प्रमुख शिपबिल्डिंग कंपनी फिनकैंटिएरी के वरिष्ठ प्रतिनिधियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। इस दौरान भविष्य की परियोजनाओं के लिए भारतीय शिपयार्ड्स के साथ सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की गई। बैठक में उन्नत डिजाइन विशेषताओं पर विशेष ध्यान दिया गया, जिनमें खराब समुद्री परिस्थितियों के लिए मजबूत हल, बेहतर बॉलार्ड पुल, एकीकृत अग्निशमन प्रणाली और हाइब्रिड/इलेक्ट्रिक प्रोपल्शन शामिल हैं। इसके साथ ही मॉड्यूलर जहाज डिजाइन पर भी चर्चा हुई, जिससे बहु-भूमिका वाले और तेजी से अनुकूलन योग्य प्लेटफॉर्म विकसित किए जा सकें।

4. कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीईडीए) ने पीलीभीत में बासमती और जैविक प्रशिक्षण केंद्र के लिए 70 वर्ष के पट्टे समझौते पर हस्ताक्षर किए

भारत में बासमती चावल पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीईडीए), कृषि विभाग और उत्तर प्रदेश सरकार के बीच 70 वर्ष के पट्टे समझौते पर हस्ताक्षर के माध्यम से पीलीभीत के टांडा बिजैसी में बासमती और जैविक प्रशिक्षण केंद्र-सह-प्रदर्शन फार्म की स्थापना के लिए भूमि हस्तांतरण को औपचारिक रूप दिया गया है। प्रस्तावित बासमती एवं जैविक प्रशिक्षण केंद्र-सह-प्रदर्शन फार्म लगभग सात एकड़ क्षेत्र में विकसित किया जाएगा। इस केंद्र में सभागार, बासमती एवं जैविक खेती पर संग्रहालय और गैलरी, सम्मेलन कक्ष, प्रयोगशाला और जैविक खेती के लिए आवश्यक सामग्री के भंडारण की सुविधा उपलब्ध होगी। आशा है कि यह सुविधा बासमती एवं जैविक किसानों के प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण में सहायक होगी और कृषि विशेषज्ञों एवं छात्रों के लिए एक संसाधन केंद्र के रूप में भी कार्य करेगी। एक बार स्थापित हो जाने के पश्‍चात यह केंद्र देश का पहला बासमती जैविक प्रशिक्षण और प्रदर्शन फार्म होगा, जिसमें पारंपरिक और जैविक दोनों प्रकार की बासमती की खेती शामिल होगी। अपने स्‍थल स्थिति के कारण इस केंद्र से उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के किसानों और हितधारकों को लाभ मिलने की आशा है।

5. जयपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बना राजस्थान का पहला ‘वॉटर-पॉजिटिव’ एयरपोर्ट

जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने ‘वॉटर-पॉजिटिव’ का दर्जा हासिल कर लिया है, जिससे यह राजस्थान का पहला और देश के कुछ चुनिंदा एयरपोर्ट्स में से एक बन गया है, जिसने यह उपलब्धि हासिल की है। यह प्रमाणन वैश्विक कंसल्टिंग कंपनी ब्यूरो वेरिटास ने एयरपोर्ट की जल प्रबंधन और पर्यावरणीय व्यवस्था का आकलन करने के बाद दिया है। ‘वॉटर-पॉजिटिव’ एयरपोर्ट का मतलब है कि यह जितना पानी इस्तेमाल करता है, उससे ज्यादा पानी बचाता और दोबारा उपयोग करता है। अप्रैल 2025 से मार्च 2026 के दौरान इस एयरपोर्ट ने 1,03,387 किलो लीटर पानी इस्तेमाल किया, जबकि 1,37,085 किलो लीटर पानी को रीसाइक्लिंग और रिचार्ज के जरिए वापस जोड़ा। 776 एकड़ में फैला यह एयरपोर्ट ‘डिजिटल-फर्स्ट’ तरीके से काम करता है। इस एयरपोर्ट को पहले ‘जीरो वेस्ट टू लैंडफिल (जेडडब्ल्यूएल)’ सर्टिफिकेट भी मिल चुका है, जो सीआईआई-आईटीसी सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर सस्टेनेबल डेवलपमेंट द्वारा दिया गया है। साथ ही मई 2025 में एयरपोर्ट्स काउंसिल इंटरनेशनल द्वारा एसीआई लेवल-3 मान्यता भी प्रदान की गई थी।

6. ECI ने मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए क्यूआर-आधारित फोटो पहचान पत्र प्रणाली शुरू की

भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने मतगणना केंद्रों में अनाधिकृत प्रवेश को पूरी तरह रोकने के लिए एक नई और आधुनिक क्यूआर कोड-आधारित फोटो पहचान पत्र मॉड्यूल शुरू करने की घोषणा की है। यह प्रणाली ईसीआईएनईटी प्लेटफॉर्म पर कार्य करेगी और मतगणना प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित तथा दक्ष बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। आयोग द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, यह नई व्यवस्था 4 मई 2026 को होने वाली मतगणना से लागू होगी। इसमें असम, केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी की विधानसभा चुनावों के साथ ही 5 राज्यों के 7 विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव शामिल हैं। बाद में इसे लोकसभा और राज्य विधानसभाओं के सभी भविष्य के आम चुनावों और उपचुनावों में विस्तारित किया जाएगा। यह पहल पिछले एक वर्ष में चुनाव आयोग द्वारा की गई 30 से अधिक सुधारात्मक पहलों की कड़ी में शामिल है। इससे पहले ब्लॉक स्तर के अधिकारियों (बीएलओ) के लिए भी मानकीकृत क्यूआर कोड-आधारित फोटो पहचान पत्र शुरू किए जा चुके हैं। नई प्रणाली मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा के स्तर को और ऊंचा उठाएगी।

7. दुनिया के सबसे बड़े वास्‍तविक समय भुगतान मंच के रूप में उभरा यूपीआई

एकीकृत भुगतान प्रणाली (यूपीआई) दुनिया के सबसे बड़े वास्‍तविक समय भुगतान मंच के रूप में उभरा है। यह भारत की डिजिटल अर्थव्यवस्था का आधार है। इसके शुभारंभ के एक दशक बाद, यूपीआई वैश्विक तत्काल भुगतान लेनदेन के लगभग आधे हिस्से को संचालित करता है। 11 अप्रैल, 2016 को शुरू किया गया यूपीआई आज भारत की डिजिटल अर्थव्यवस्था का आधार है। यूपीआई को अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष ने लेनदेन की मात्रा के आधार पर दुनिया की सबसे बड़ी वास्‍तविक समय की भुगतान प्रणाली के रूप में मान्यता दी है। यूपीआई से वर्तमान में प्रतिदिन लगभग 66 करोड़ लेनदेन किए जा रहे हैं। इनका दैनिक मूल्य लगभग 86 हजार करोड़ रुपये है। अगस्त 2025 में पहली बार मासिक लेनदेन 2 हजार करोड़ रूपये से अधिक हो गई थी। यूपीआई ने मार्च 2026 में 2 हजार 264 करोड़ रूपये के लेनदेन के साथ अब तक का उच्चतम स्तर हासिल किया। यूपीआई लेनदेन वित्त वर्ष 2016-17 में सात हजार करोड़ रुपये से बढ़कर वित्त वर्ष 2025-26 में लगभग 314 लाख करोड़ रुपये हो गया है। इसमें लगभग चार हजार गुना से अधिक की वृद्धि हुई है।

8. डी.पी.आई.आई.टी. ने चैंबर इंडिया के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए

उद्योग और आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग-डी.पी.आई.आई.टी. ने भारत के स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने और नवाचार-आधारित विकास को बढ़ावा देने के लिए चैंबर इंडिया के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने बताया कि इस साझेदारी का उद्देश्य स्टार्टअप्स, कॉर्पोरेट्स, निवेशकों और वैश्विक हितधारकों के बीच जुड़ाव को बढ़ाना, साथ ही अंतर्राष्ट्रीय संपर्क और सीमा पार सहयोग को सुगम बनाना है। मंत्रालय ने कहा कि यह सहयोग राष्ट्रीय कार्यक्रमों के अनुरूप पहलों के माध्यम से स्टार्टअप को समर्थन और कौशल विकास, स्वास्थ्य, कृषि और उभरती प्रौद्योगिकियों जैसे प्रमुख क्षेत्रों में उद्यमिता को बढ़ावा देगा।

9. मिज़ोरम के मुख्यमंत्री लालदुहोमा ने एक ऐतिहासिक घटनाक्रम में राज्य को शांति का गढ़ घोषित किया

मिज़ोरम के मुख्यमंत्री लालदुहोमा ने एक ऐतिहासिक घटनाक्रम में राज्य को शांति का गढ़ घोषित किया है। राज्‍य में अंतिम बचे जातीय उग्रवादी समूह, लालमिंगथांगा सनाते के नेतृत्व वाले हमार पीपुल्स कन्वेंशन – डेमोक्रेटिक गुट ने औपचारिक रूप से अपने हथियार डाल दिए। हालांकि कई वर्षों तक निष्क्रिय रहने के बावजूद, सनाते गुट को राज्य का अंतिम सक्रिय उग्रवादी समूह माना जाता था, जो समय-समय पर छिटपुट आपराधिक गतिविधियों में लिप्त था। मुख्यमंत्री लालदुहोमा ने आत्मसमर्पण करने वाले उग्रवादियों की सराहना करते हुए कहा कि सच्चे साहसी ही समाज के हित के लिए हथियार डालने का साहस रखते हैं।

10. इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक ने स्वयं सहायता समूह बचत खाता शुरू किया

सरकारी स्वामित्व वाली India Post Payments Bank (IPPB) ने ग्रामीण भारत में वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सेल्फ हेल्प ग्रुप (SHG) सेविंग्स अकाउंट लॉन्च किया है। यह विशेष खाता महिला-नेतृत्व वाले स्वयं सहायता समूहों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जिससे वे औपचारिक बैंकिंग प्रणाली से अधिक मजबूती से जुड़ सकें। देश में स्वयं सहायता समूह ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे हैं और इनका जुड़ाव राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन तथा राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक जैसे कार्यक्रमों से है। IPPB अपने विस्तृत डाक नेटवर्क और ग्रामीण डाक सेवकों की मदद से इन समूहों तक बैंकिंग सेवाएं पहुंचाने का लक्ष्य रखता है। यह SHG सेविंग्स अकाउंट पूरी तरह से जीरो बैलेंस और जीरो चार्ज आधारित है, जिससे इसे हर वर्ग के लिए सुलभ बनाया गया है। इसमें न्यूनतम बैलेंस या प्रारंभिक जमा की कोई बाध्यता नहीं है और खाते में अधिकतम 2 लाख रुपये तक जमा किए जा सकते हैं। इसके अलावा, जमा राशि पर तिमाही आधार पर ब्याज दिया जाएगा और नकद जमा व निकासी पर कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। खाते की अन्य सुविधाओं में हर महीने एक मुफ्त स्टेटमेंट, खाता बंद करने पर कोई शुल्क नहीं और QR कार्ड जारी करने पर भी कोई चार्ज नहीं शामिल है। डिजिटल ऑनबोर्डिंग के साथ-साथ यह सेवा पोस्ट ऑफिस, पोस्टमैन और ग्रामीण डाक सेवकों के माध्यम से भी उपलब्ध कराई जाएगी। आईपीपीबी का शुभारंभ 1 सितंबर, 2018 को किया गया था।

11. फीफा वर्ल्ड कप ने कुल प्राइज मनी बढ़ाई

29 अप्रैल को फीफा वर्ल्ड कप के लिए कुल प्राइज मनी को बढ़ा दिया गया है। इसके साथ ही सभी प्लेयर्स को मिलने वाली गारंटीड मनी को भी बढ़ा दिया गया है। प्राइज मनी को 727 मिलियन डॉलर (करीब 6800 करोड़ रुपए) से बढ़ाकर 871 मिलियन डॉलर (8250 करोड़ रुपए) कर दी गई है। इसके साथ ही हर टीम को मिलने वाली गारंटीड रकम भी बढ़ाकर 12.5 मिलियन डॉलर (करीब 118 करोड़) कर दी गई है। 2022 में प्राइज पूल 440 मिलियन डॉलर (करीब 3600 करोड़) था, जो अब बढ़कर लगभग दोगुना हो गया है। 2002 में विजेता टीम को करीब 70 करोड़ रुपए मिलते थे, जो 2006 में 150 करोड़, 2010 में 250 करोड़ हुए और अब 2026 में विजेता को करीब 420 करोड़ रुपए मिलने का अनुमान है। 2026 के फीफा वर्ल्ड कप में 48 टीमें हिस्सा लेंगी और 104 मैचों के साथ अब तक का सबसे बड़ा टूर्नामेंट होगा। फीफा वर्ल्ड कप की मेजबानी अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको मिलकर करेंगे। फीफा कप हर 4 साल में होता है। 2022 में कतर ने होस्ट किया था। 1930 में फीफा का पहला टूर्नामेंट उरुग्वे ने मोंटेवीडियो में आयोजित किया था।

12. अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस

अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस हर साल 1 मई को दुनिया भर में मनाया जाता है। यह दिन उन मेहनतकश लोगों को समर्पित है, जिनकी कड़ी मेहनत से समाज और अर्थव्यवस्था की नींव मजबूत होती है। मजदूर दिवस सिर्फ एक औपचारिक उत्सव नहीं, बल्कि यह श्रमिकों के अधिकारों, उनके संघर्षों और उनकी उपलब्धियों का प्रतीक भी है। अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस की शुरुआत 19वीं सदी के उत्तरार्ध में हुई। उस समय औद्योगिक क्रांति के कारण फैक्ट्रियों में काम करने वाले मजदूरों को बेहद कठिन परिस्थितियों में काम करना पड़ता था। 12 से 16 घंटे तक काम करना आम बात थी और मजदूरों के पास कोई अधिकार नहीं थे। इसी अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने के लिए 1886 में अमेरिका के शिकागो शहर मेंमजदूरों ने 8 घंटे के कार्यदिवस की मांग को लेकर आंदोलन किया। इस आंदोलन के दौरान 4 मई 1886 को ‘हेमार्केट घटना’ हुई, जिसमें कई मजदूरों की जान गई। इस घटना ने पूरी दुनिया का ध्यान श्रमिकों की स्थिति की ओर आकर्षित किया। इसके बाद1889 में पेरिस में आयोजित एक अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन में 1 मई को मजदूर दिवस के रूप में मनाने का फैसला किया गया। तब से यह दिन वैश्विक स्तर पर श्रमिकों के अधिकारों के समर्थन में मनाया जाने लगा। भारत में पहली बार मजदूर दिवस 1 मई 1923 को चेन्नई (तत्कालीन मद्रास) में मनाया गया था। इसका आयोजन लेबर किसान पार्टी ऑफ हिंदुस्तान के नेता सिंगारवेलु चेट्टियार ने किया था।

13. आयुष्मान भारत दिवस

आयुष्मान भारत दिवस हर साल 30 अप्रैल को मनाया जाता है। यह दिन भारत की प्रमुख स्वास्थ्य सेवा पहल—प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PM-JAY)—की सफलता का जश्न मनाने के लिए मनाया जाता है। यह योजना वर्ष 2018 में शुरू की गई थी, और इस योजना ने लाखों भारतीयों के लिए किफायती स्वास्थ्य सेवा तक पहुँच को पूरी तरह बदल दिया है। इसके तहत प्रति परिवार प्रति वर्ष ₹5 लाख तक का कैशलेस कवरेज मिलता है, और यह 10.74 करोड़ से अधिक परिवारों—यानी लगभग 50 करोड़ लोगों—को सहायता प्रदान करती है। यह दिन भारत की ‘सार्वभौमिक स्वास्थ्य कवरेज’ के प्रति प्रतिबद्धता को भी रेखांकित करता है, और यह सुनिश्चित करता है कि कोई भी नागरिक गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा देखभाल से वंचित न रहे। आयुष्मान भारत योजना दुनिया के सबसे बड़े सरकारी वित्तपोषित स्वास्थ्य सेवा कार्यक्रमों में से एक है। इसे माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 23 सितंबर, 2018 को रांची, झारखंड में लॉन्च किया था। यह योजना ‘यूनिवर्सल हेल्थ कवरेज’ (UHC) के विज़न के तहत काम करती है, और यह विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) जैसे संगठनों द्वारा निर्धारित वैश्विक लक्ष्यों के भी अनुरूप है। इसका मुख्य उद्देश्य सरल, लेकिन बेहद सशक्त है—’सभी के लिए स्वास्थ्य सेवा’ (Healthcare for All); और यह सुनिश्चित करना है कि देश के सबसे गरीब नागरिकों को भी, बिना किसी आर्थिक बोझ के, गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध हो सके।

14. भारतीय गोल्फर विजय कुमार का निधन हुआ

29 अप्रैल को भारतीय गोल्फ के मशहूर खिलाड़ी विजय कुमार का निधन हो गया। वे 57 साल के थे। विजय ने 2002 इंडियन ओपन जीता था। विजय कुमार भारतीय गोल्फ के सबसे सफल खिलाड़ियों में शुमार थे। विजय 1995 से 2000 तक चार बार साल के सर्वेश्रष्ठ खिलाड़ी चुने गए थे और उन्हें ‘ऑर्डर ऑफ मेरिट’ का खिताब मिला था। विजय ने 1988 में पेशेवर गोल्फर के रूप में करियर की शुरुआत की थी। विजय ने 1999 मेंस्काटलैंड के सेंट एंड्रयूज में अल्फ्रेड डनहिल कप में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया था। भारत में सिर्फ 9 गोल्फर हैं, जिनमें से एक खिताब विजय के नाम है। विजय ने प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया (पीजीटीआई) और पहले भारतीय सर्किट पर कई खिताब जीते। विजय ने आर्थिक तंगी के चलते गोल्फ क्लब में कैडी का काम शुरू किया था। कैडी यानी गोल्फरों का बैग उठाकर उनके पीछे-पीछे चलने वाले लोग और धीरे-धीरे उन्होंने प्रोफेशनल गोल्फ खेलना शुरू किया।

VISIT TO YOUR WHATSAAP CHANNEL :https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F

VISIT TO YOUR YOUTUBE CHANNEL :https://youtube.com/@guruggkwala?si=TZD9ZVm9QJLjB9ed

VISIT TO YOUR TELEGRAM :https://t.me/guruggkwala1

THANKS TO SUPPORT GURUGGKWALA

Leave a Comment

Shopping Cart
Scroll to Top